﻿
मुंशीजी का दिन शुरू हो गया है। पीली, मटमैली धूप के चकत्ते बीमार शरीर पर फैले कोढ़ के दाग की तरह छत पर इधर-उधर पसर गए हैं। रिटायर होने के बावजूद मुंशीजी बहुत सारी आदतें नहीं छोड़ पाए हैं, जिनमें से एक अलस्सुबह धूप की उजास में बैठकर अखबार पढ़ना है। उन दिनों जब मुंशीजी को भोर में उठकर ट्यूशन पढ़ाने तीन मील पैदल जाना पड़ता था, तब भी वे इसी तरह अपने दिन की शुरुआत करते थे और आज जब पूरा दिन खाली-खाली-सा बीतता है, तब भी दिन की शुरुआत इसी तरह होती है। फर्क सिर्फ इतना आया कि उन दिनों भाग-दौड़ में सिर्फ हेडलाइन्स देख पाते थे, पूरी खबरें तो सबेरे के तीनों ट्यूशन खत्म करने के बाद खाना खाते समय या स्कूल जाते समय रास्ते में पढ़ पाते थे। आजकल तो पूरा अखबार एक बैठक में चाट जाते हैं। यहाँ तक कि फिल्मी पन्ने से लेकर बाजार भाव तक कुछ भी नहीं बचता। अखबार पढ़ते समय वे लगातार बीड़ियाँ फूँकते रहते हैं और जब तक अखबार खत्म होता है, तब तक खत्म होनेवाली एक बंडल बीड़ियाँ अपना असर दिखाने लगती हैं और उन्हें पाखाने की तलब महसूस होने लगती है।
हालाँकि आज का दिन अन्य दिनों की अपेक्षा कुछ विशिष्ट था लेकिन शुरू इसी तरह हुआ। महीने में एक दिन उन्हें पेंशन लेने सरकारी खजाने तक जाना पड़ता है। यही एक दिन ऐसा होता है जब उन्हें बहुत सारी चीजें सार्थक लगने लगती हैं। उस दिन वे झाड़-पोंछकर उस कोट को एक बार फिर से पहनते हैं जिसे वे शुरू से ही खास मौकों पर पहनते आए हैं। उनकी घटना-विहीन जिंदगी में ये खास मौके कभी-कभी ही आते थे। जब कभी डिप्टी साहब का मुआयना होता या वे जिले के किसी अफसर को सलाम करने मुख्यालय जाते या बच्चों को बहका-फुसला कर तारा के साथ कभी-कभार सिनेमा देखने चले जाते-तभी इस कोट को पहनने की नौबत आती, वरना उस कस्बाई स्कूलों में जहाँ वे पढ़ाते रहे हैं, बिना इसे पहने उनका काम ज्यादा सहजता से चल जाता रहा है। रिटायर होने और तारा की मृत्यु के बाद तो इस कोट का इस्तेमाल और भी कम हो गया है। रिटायरमेंट के बाद शुरू-शुरू में जरूर उन्हें इस बात का शौक था कि शाम को अपने एकमात्र कोट को पहनकर वे पार्क की तरफ निकल जाएँ, देर तक टहलें, पेंशन-याफ्ता बाबुओं से दुनिया-भर की बातों पर बहसें करें और फिर लाइब्रेरी से होते हुए देर रात बीते घर लौटें। लेकिन अब तो उन्होंने बाहर निकलना भी काफी कम कर दिया है। एक तो गठिया बीच-बीच में उभर आता है, दूसरे बाहर निकलते ही तरह-तरह की बातें सुननी पड़ती हैं, खासतौर से राजकुमारी के बारे में, इसलिए वे भरसक घर से कम ही निकलते हैं।
जाड़े की सुबह होने की वजह से धूप के धब्बे सुखद लग रहे थे। लेकिन उठना तो था ही क्योंकि अभी आधे-एक घंटे तो उन्हें नहाने-धोने में ही लग जाएँगे। तब तक बगल के बड़े बाबू की लड़की ट्यूशन पढ़ने आ जाएगी। पढ़ाते-पढ़ाते नौ बज जाएँगे ओर उन्हें भाग-दौड़ में कपड़ा पहनने से लेकर खाना खाने तक का काम करना पड़ेगा क्योंकि खजाने में जल्दी पहुँचकर बाबुओं की चिरौरी नहीं शुरू की तो पूरा दिन खराब और फिर दूसरे दिन इसी कार्यक्रम को दोहराना पड़ेगा। अपनी बेजान टाँगों में गर्माहट लाने के लिए उन्होंने उसे हथेलियों से रगड़ा, आगे-पीछे चलाया और फिर काँखते हुए उठ खड़े हुए।
मुंशीजी सीढ़ियाँ उतरकर गली में आए तो करीब नौ बज रहा था। जाड़े की सुबह धीरे-धीरे गर्मा रही थी। गली में अभी भी कुछ अंगीठियाँ अपने-अपने दरवाजों के सामने पड़ी सुलग रही थीं। गनीमत थी कि इस समय अँगीठियाँ काफी कम थीं, इसलिए धुआँ भी काफी कम हो गया था वरना सुबह इधर से निकलना, मुंशीजी के लिए यातना से कम नहीं होता। रिटायर होने के पहले मुंशीजी छोटे-छोटे देहाती या कस्बाई स्कूलों में रहे थे जहाँ और चाहे जितनी असुविधाएँ रही हों, कम-से-कम, हवा तो साफ मिलती थी। मुंशीजी का मन विरक्ति से भर गया। उनकी कितनी साध थी कि रिटायर होने के बाद अपने गाँव चलकर रहा जाए। रिटायरमेंट करीब आने पर जिद्द करके मुंशीजी ने गाढ़े वक्त के लिए बचाया हुआ प्राविडेंट फंड का आधा पैसा निकालकर गाँव में पैतृक मकान के पास अपने लिए एक अलग मकान बनाने पर लगा दिया था। तारा ने बहुत समझाया कि मौका पड़ने पर भाई-भौजाई कोई साथ नहीं देगा। लेकिन वे नहीं माने। आज न तारा है और न ही मुंशीजी को भाइयों-भौजाइयों ने गाँव में फटकने दिया। मुंशीजी ने धुएँ की कड़ुआहट से बचने के लिए आँखें बंद कर लीं। पता नहीं वह धुएँ का तीखापन था या तारा की याद, उनकी आँखों में पानी छलछला आया। वे न तो फौजदारी कर सकते हैं और न ही उनके पास मुकदमेंबाजी के लिए पर्याप्त धैर्य और पैसा ही है, इसलिए उन्हें इसी मकान में रहना है। मकान के बारे में सोचना उनके लिए हमेशा कष्टदायक होता है, लिहाजा उन्होंने अपने सर को झटका दिया और आस-पास बिखरे कूड़े और पाखाने के ढेर से बचकर गली पार करने लगे।
गली के मोड़ पर मुहल्ले के कुछ लड़के स्कूल जाने की तैयारी में खड़े सिटी बस का इंतजार कर रहे थे। उन्हें देखते ही मुंशीजी के दिल की धड़कन बढ़ गई। अभी तक लड़कों ने उन्हें नहीं देखा था। वे आपस में ही चुहलबाजियाँ कर रहे थे और हँस रहे थे। मुंशीजी को लगा कि वे उन्हीं पर हँस रहे हैं और उनकी चाल और धीमी हो गई। वे गली की दीवार से सटकर चलने लगे ताकि कुछ देर और लड़कों के लिए अदृश्य बने रहें। इतना तो वे बचपन में परभू से भी से भी नहीं डरते थे। परभू का घर ठीक स्कूल जाने के रास्ते में पड़ता था। जब तक गाँव का स्कूल छूटा नहीं, मुंशीजी के लिए स्कूल की तैयारी परभू की उपस्थिति से जुड़ी रही। कितना मनाते थे कि आज परभू से मुलाकात न हो लेकिन परभू तो जैसे रोज उन्हीं की ताक में बैठा रहता था। उन्हें देखते ही उसके चेहरे पर कुटिल मुस्कान दौड़ जाती थी। कितना छेड़ता था उन्हें, रोज वे रुआँसे हो जाते, कभी-कभी तो रोने लगते। अक्सर माँ के कमरे में छिप जाते लेकिन स्कूल जाने के वक्त पिता ढूँढ़ ही निकालते। गाँव का स्कूल छूटने पर ही उससे मुक्ति मिली थी। बरसों बाद चटखारे ले-लेकर उन्होंने तारा को अपने छेड़े जाने की कथा सुनाई थी। कभी-कभी तारा भी शरारतन परभू की नकल में उन्हें लड़की कहकर चिढ़ाती थी लेकिन पहले की तरह न तो उनकी कनपटी लाल होती थी और न ही आवाज रुँधती थी। वे सहज भाव से हँस देते थे।
लड़के बहुत करीब आ गए थे। उनमें से कुछ की नजर मुंशीजी पर पड़ी। उनकी आँखों में शरारत तैर गई। निर्विकार तटस्थता का भाव चेहरे पर ओढ़े मुंशीजी ने उनके बगल से गुजर जाना चाहा। उनके बगल में पहुँचते ही एक लड़के ने अपनी बाईं आँख दबाई और अस्फुट स्वर में कुछ कहा। सारे लड़के हो-हो करके हँसने लगे। मुंशीजी के कानों में केवल ‘राज’ शब्द पड़ा। उनकी चाल तेज हो गई। गर्दन झुकाकर वहाँ से निकल जाना क्या इतना आसान था? अक्सर यही होता है। लगता है, जलती झाड़ियों में से होकर निकल रहे हैं। लाख बचाने पर भी अंदर-बाहर कुछ-न-कुछ जल जरूर जाता है। काफी दूर आकर मुंशीजी ने दम लिया। तेज चलने के कारण उनकी साँस फूलने लगी थी। लड़के पीछे छूट गए थे और अपमान व पीड़ा का दंश लिए मुंशीजी धीरे-धीरे घिसटने लगे।
शुरू-शुरू में यह अपमान ज्यादा सालता था लेकिन अब तो मुंशीजी इसके आदी होते जा रहे हैं। पहले जब कभी बाहर से इस तरह अपमानित होकर मुंशीजी लौटते; घर आकर राजकुमारी की बेतरह धुनाई करते। मारते-मारते जब थक जाते तो छत पर एक कोने मुँह लपेटे पड़े रहते। उस समय तारा की याद आती। अगर कहीं तारा जीवित होती तो इतना मार पाते राजकुमारी को? कितना चाहती थी इसे - लड़कों से भी ज्यादा। तारा जिंदा होती तो यह नौबत ही क्यों आती। बिन माँ की लौंडिया को भटकने में कितना वक्त लगता है, फिर अब तो राजकुमारी की बात सोचकर मुंशीजी खुद शरमाने लगे हैं। उसकी इस स्थिति के लिए मुंशीजी क्या कम जिम्मेदार हैं। शादी की उम्र निकलती ही जा रही है, अभी तक मुंशीजी कोई जुगाड़ नहीं बैठा पाए। गाँव के घर को ठीक कराने के लिए निकाले गए रुपयों के बाद प्राविडेंट-फंड में नौ हजार रुपए बचे थे। सोचा था, इतने में राजकुमारी के हाथ पीले कर देंगे। बीच में तारा बीमार पड़ गई। बदहवास मुंशीजी ने उसके इलाज के लिए बेतहाशा कर्जे लिए। वे किसी भी कीमत पर तारा को बचाना चाहते थे। उन्हें पता था कि अगर तारा ने भी साथ छोड़ दिया तो रिटायरमेंट के बाद बाकी बची जिंदगी को गुजारना किस कदर यातना-पूर्ण होगा। उनके सारे प्रयत्नों के बावजूद तारा बचाई नहीं जा सकी। सारे खर्चे चुकाने के बाद प्राविडेंट-फंड में महज साढ़े पाँच हजार और बचे थे। इस पूँजी को लेकर वे बाजार में राजकुमारी के लिए लड़का ढूँढ़ने निकले। शुरू में कुछ मिले भी लेकिन किसी का डील-डौल, रूप-रंग मुंशीजी को पसंद नहीं आया, कोई दुहाजू था तो किसी की माँग मुंशीजी के सामर्थ्य के बाहर निकली। जब तक मुंशीजी की समझ में यह बात आई कि पाँच-छह हजार रुपए लेकर सौदा तय करते समय वे अपनी पसंद-नापसंद की बात नहीं सोच सकते, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अब तो राजकुमारी की आँखों के नीचे वर्षों के इंतजार से पड़े काले धब्बे स्पष्ट झलकने लगे थे। अभाव और उपेक्षा से टूटा हुआ शरीर जवानी के शुरूवाले दिनों की चमक ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रख सका था और अट्ठाईस साल की उम्र में ही राजकुमारी बुढ़िया लगने लगी थी। अब तो तीन-चार बच्चों के बाप दुहाजू लड़के भी राजकुमारी को देखकर खामोश रह जाते और मुंशीजी के बहुत आजिजी से चिरौरी करने पर लेन-देने की उस सीमा तक पहुँच जाते जिसे छूना मुंशीजी के सामर्थ्य के बाहर होता। पिछले कुछ दिनों से मुंशीजी चुपचाप बैठ गए हैं। बार-बार का अपमान अब बर्दाश्त नहीं होता। फर्क सिर्फ इतना आया है कि जिंदगी-भर के अविश्वासी मुंशीजी ने नियमित पूजा-पाठ शुरू कर दिया है। रोज सबेरे थोड़ी देर पूजा पर बैठने का नियम बना लिया है। मंत्र-वंत्र तो कुछ आता नहीं - जिंदगी में कभी याद किया नहीं तो आए कैसे - बस चुपचाप आसन पर बैठकर आँखें मूँदे रहते हैं। शुरू-शुरू में पहले कुछ शांति मिलती थी पर अब तो घबराहट होने लगी है। खाली दिमाग में कैसे-कैसे विचार आते हैं। कभी राजकुमारी के बारे में, कभी विनोद के बारे में। अक्सर घबराहट में आँखें खुल जाती हैं और उस दिन उनकी पूजा जल्दी खत्म हो जाती है। लेकिन इसके बावजूद वे पूजा पर बैठते जरूर हैं। केवल पेंशन पानेवाले दिन इसमें नागा पड़ता है।
सोचते-सोचते न जाने कब कटरा पार कर मुंशीजी कचहरी के करीब पहुँच गए। अभी सिर्फ सवा दस बजा था। साढ़े दस बजे के पहले दफ्तर में कोई काम नहीं होगा, इसलिए नीम के पेड़ की छाया में खड़े होकर मुंशीजी सुस्ताने लगे। आस-पास चारों तरफ देखने पर भी कोई परिचित चेहरा नहीं दिखा। पहले हमेशा यहाँ तक पहुँचने पर दो-चार पेंशनयाफ्ता परिचित चेहरे दिखाई दे जाते थे। हो सकता है आज घड़ी कुछ तेज हो इसलिए मुंशीजी कुछ पहले आ गए हों। उन्होंने अपनी कलाई घड़ी को देखा। कितनी साध से जिद करके तारा ने यह घड़ी उनके लिए खरीदी थी। नई-नई नौकरी में मुंशीजी को हमेशा देर हो जाती। हेडमास्टर बहुत खूँखार था, रोज डाँटता। तारा ने काफी मेहनत से छोटी-छोटी जरूरतें काट-काट कर रुपए बचाए थे। मुंशीजी ने सोचा था कि तारा के लिए कोट बनवा देंगे। बेचारी हर साल जाड़ों में कितनी तकलीफें झेलती थी, लेकिन तारा की जिद के आगे उनकी एक न चली। नौकरी की शुरूआत में खरीदी गई घड़ी चालीस साल से उनके साथ थी। अब वे लापरवाह हो गए हैं। पहले घड़ी की सफाई वगैरह का बड़ा ध्यान रखते थे। अब तो कभी-कभी, कई-कई दिनों तक चाभी भी नहीं देते। घटना-विहीन जिंदगी में अब वक्त बहुत मायने भी तो नहीं रखता। सामने से त्रिवेणी चला आ रहा था। मुंशीजी ने छुटकारे की साँस ली। अतीत की अँधेरी सुरंग में भटकना कितना कष्टप्रद हो गया है।
त्रिवेणी ने आते ही मुंशीजी के पैर छुए। मुंशीजी को सुख मिला। त्रिवेणी मुंशीजी का शिष्य रह चुका था। बस्ती जिले के किसी तहसील मुख्यालय पर स्थित स्कूल में मुंशीजी ने उसे पढ़ाया था। नायब तहसीलदार का बेटा था, त्रिवेणी। उसके बाप के जरिए मिलनेवाली छोटी-मोटी सुविधाओं ने उसे अभावग्रस्त अध्यापकों के बीच काफी लोकप्रिय बना दिया था। मुंशीजी को तो वह कुछ खास ही प्रिय था। वे उसके घर ट्यूशन पढ़ाने जाते थे। हर महीने नायब साहब उन्हें पूरे दस रुपए गिनकर देते थे। उस समय के लिहाज से दस रुपए बहुत ज्यादा थे। बाद में पैसे का कोई महत्व नहीं रहा, मुंशीजी घर के आदमी हो गए। तारा के मायके वगैरह जाने पर अकसर वहीं खाना भी खा लेते और नायब साहब से गप्पें लड़ाते वहीं सो जाते। रिटायरमेंट के बाद त्रिवेणी से यकायक मुलाकात हो गई। इसी तरह खजाने के खुलने के इंतजार में मुंशीजी खड़े थे कि किसी ने आकर पैर छुए। पहचानने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। बस्ती छोड़ने के बाद भी त्रिवेणी से मुलाकात होती रही थी। नायब साहब बाद में तहसीलदार हो गए थे। तबादलों के दौर में कई बार मुंशीजी और वे टकराए थे। बाद में कई साल बाद त्रिवेणी से मुलाकात होने पर उन्हें पता चला कि वे अब नही रहे और त्रिवेणी अब वहीं ठेकेदारी कर रहा था। पी.डब्ल्यू.डी. का दफ्तर कचहरी से एकदम सटा हुआ था। मुंशीजी की पेंशनवाले दिन अक्सर त्रिवेणी से वहीं मुलाकात हो जाती थी।
त्रिवेणी हमेशा वही सवाल पूछता है। राजकुमारी कैसी है - शादी का क्या चल रहा है - विनोद की नौकरी का क्या हुआ - पप्पू इस बार तो पास कर लेगा न - मुंशीजी हमेशा वही उत्तर देते हैं। उन्हें कभी भी ऊब नहीं महसूस होती! और कोई पूछता तो शायद होती लेकिन त्रिवेणी के स्वर का अपनत्व उन्हें हमेशा अच्छा लगता है। इस भरे-पूरे शहर में एक ही तो आदमी है जो इतने लगाव से उनसे ऐसे सवाल करता है। वरना लोग कितने औपचारिक हो गए हैं। आवाज में बिना किसी उतार-चढ़ाव के कितने बड़े-बड़े सवाल कर जाते हैं। पहले जब मुंशीजी रोज टहलने निकलते थे तो दिन-रात साथ टहलने वाले पेंशनर्स की तटस्थ निर्वैयक्तिकता मुंशीजी को भीतर तक छील देती थी।
मुंशीजी गंभीरता से त्रिवेणी के सवालों का जवाब देते रहे हैं। राजकुमारी की शादी तो पिछले कई सालों से पक्की है। लड़के को छुट्टी नहीं मिलती इसलिए टलती जा रही है, इस बार साफ लिख दिया है कि करनी हो तो जाड़ों तक करो, नहीं तो हमें अपनी लड़की घर बैठाकर बूढ़ी नहीं करनी है। मुंशीजी जानते हैं कि, त्रिवेणी को पता है कि वे झूठ बोल रहे हैं फिर भी वे हर बार की तरह पूरी गंभीरता से झूठ बोलते हैं। मुंशीजी बड़े गौर से त्रिवेणी की आँखों में झाँकते हैं। त्रिवेणी की आँखों में कहीं भी वैसा भाव नहीं है जैसा अकसर राजकुमारी की बात चलने पर उनके कई परिचितों और मुहल्लेवालों की आँखों में आ जाता है। यहाँ तक कि पचपन साल के पड़ोसी बड़े बाबू की आँखों में भी राजकुमारी का जिक्र चलने पर कैसी वहशी चमक आ जाती है। थू - मुंशीजी के मुँह का स्वाद कड़ुआ हो जाता है। साला बड़ा बाबू। मुंशीजी उसका अपने घर में आना इसलिए बरदाश्त करते हैं, क्योंकि बड़े बाबू की लड़की मुंशीजी के यहाँ ट्यूशन पढ़ने आती है और मुंशीजी को तीस रुपए हर महीने बड़े बाबू से मिलते हैं। एक बार विनोद का कुछ सिलसिला जम जाए, फिर इस बड़े बाबू से भी मुंशीजी निपट लेंगे।
विनोद के बारे में मुंशीजी और चाहे सबसे झूठ बोलें लेकिन त्रिवेणी से कभी झूठ नहीं बोलते। विनोद ने पिछले दिनों कई जगह अप्लाई किया था। कहीं कोई टिप्पस नहीं भिड़ा। मुंशीजी उत्सुकता से त्रिवेणी को सारे विवरण बता रहे हैं। त्रिवेणी को यह बताने के पीछे खास कारण है। कई बार त्रिवेणी ने हल्का-फुल्का आश्वासन दिया था कि अपने दफ्तर के बड़े साहब से कहकर विनोद को कहीं-न-कहीं लगवा देगा। उसके दफ्तर में ही कितनी कैजुअल जगहें निकलती रहती हैं। हर बार मुंशीजी इसी उम्मीद से उसे पूरा विवरण सुनाते थे कि वह अपनी तरफ से कोई-न-कोई पक्का आश्वासन देगा। उनका आत्मसम्मान इस बात को गवारा नहीं कर सकता कि अपने पुराने शिष्य से आजिजी और गिड़गिड़ाहट के साथ अपने लड़के की नौकरी की बात करें। निश्चित था कि त्रिवेणी केवल अति व्यस्तता के कारण ही उनकी मदद नहीं कर पा रहा था, नहीं तो वे अपने शिष्य को अच्छी तरह पहचानते थे। लेकिन ऐसे कब तक चलेगा? कभी-न-कभी तो मुँह खोलकर कहना ही पड़ेगा, आज ही क्यों न कह डालें। अपने स्वर को खँखारकर सहज बनाने की कोशिश करते हैं। तरह-तरह से वाक्य-विन्यास करने की कोशिश करते हैं। बोलने के अंदाज से बेफिक्री जाहिर करने की कोशिश करते हैं। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद जब उनका स्वर फूटता है तो लगता है कि उनकी आवाज भर्रा गई है। हो सकता है कि यह उनका भ्रम रहा हो लेकिन यही भ्रम त्रिवेणी को भी हुआ, इसलिए जब चौंककर त्रिवेणी ने उनकी तरफ देखा तो उससे निगाह मिलाने की ताब मुंशीजी में नहीं थी।
तय हुआ कि शाम को मुंशीजी विनोद को लेकर त्रिवेणी के घर जाएँगे और वहाँ से दोनों लोग बड़े साहब के बँगले जाएँगे। त्रिवेणी चला गया। मुंशीजी को पूरा बदन हल्का लगने लगा था। हालाँकि यह पहला मौका नहीं था। कई बार विनोद को लेकर वे बड़े साहबों के बँगलों पर गए थे लेकिन त्रिवेणी के आश्वासन ने न जाने क्यों उन्हें पूरी तरह से आश्वस्त कर दिया था। इसके पहले त्रिवेणी जैसा ईमानदार मददगार मिला भी कब था ? इसके पहले लगभग हर बार सबेरे साथ घूमनेवाला कोई-न-कोई रिटायर्ड बाबू होता था जो बड़ी-बड़ी डीगें हाँककर मुंशीजी को किसी ऐसे बड़े साहब के बँगले पर ले जाता था जो उस बाबू के साथ कहीं-न-कहीं छोटे साहब के तौर पर रह चुका होता था। काफी देर बाहर बैठने या खड़ा रहने के बाद जब मुलाकात होती तो लगभग एक जैसी कहानी हर जगह दुहराई जाती। हर जगह बड़ा साहब बताता कि किस तरह जब वह छोटा साहब था उसने अपने बड़े साहब को पानी भरवा दिया था। रिटायर्ड बाबू उसे पुरानी गौरव-गाथा की एक-एक कड़ी याद दिलाता जाता था। पुरानी चापलूस मुस्कान एक बार फिर उसके चेहरे पर चिपक जाती। अपनी ईमानदारी, सख्ती और तेज-तर्रारी पर रिटार्यड बाबू की सहमति की मोहर लगावते-लगावते, बड़ा साहब बड़े अनुग्रह के साथ चाय पिलाता और चलते-चलते जब मतलब की बात आती तब तक बड़े साहब के कहीं-न-कहीं जाने का वक्त हो जाता और जल्दी ही कुछ-न-कुछ होने का आश्वासन पाकर मुंशीजी थके मन से बाहर निकल आते।
इसी बीच दो-तीन पेंशनर और आ गए थे। मुंशीजी खुले मन से सबसे बातें करते रहे। रोज की पस्तहिम्मती और चिड़चिड़ापन न जाने कहाँ चला गया है। अकसर साथ रहनेवाले सुरिन्दर बाबू चश्मे के कोने से देखते हैं। मुंशीजी बीच-बीच में हँसते भी हैं। मुंशीजी सचमुच आज बहुत खुश हैं। बात करते-करते न जाने कहाँ खो जाते हैं। अब नहीं करेंगे एक भी ट्यूशन, कितनी बार का सोचा हुआ वाक्य फिर दिमाग में कौंधता है। बस एक बार विनोद की नौकरी लग जाए। जिंदगी में बहुत काम किया मुंशीजी ने, अब कुछ दिन तो आराम कर लें। कितने सारे काम हैं जो मुंशीजी ने विनोद की नौकरी पर छोड़ रखे हैं। इस बार राजकुमारी की शादी जरूर कर देंगे चाहे दुहाजू, तिहाजू कैसा भी लड़का मिले। पप्पू हाईस्कूल पास कर ले तो उसका पालीटेकनिक में दाखिला करा देंगे। कहीं-न-कहीं लग जाएगा। फिर रह जाएगी सिर्फ विनोद की शादी। मुंशीजी बड़े मगन होकर एक-एक सपना सँजोते हैं। सुरिन्दर बाबू लगातार चश्मे के कोने से झाँकते हैं। मुंशीजी आस पास की बातचीत में हिस्सा ले रहे हैं और बीच-बीच में बिना वजह मुस्कुराने लगते हैं। जाहिर था कि शारीरिक रूप से उपस्थित होते हुए भी दिमागी तौर पर मुंशीजी अनुपस्थित थे, रह-रहकर वे चौंक उठते और पकड़े जाने पर हास्यास्पद बनने के भय से वापस अपने परिवेश में लौटने का प्रयत्न करते लेकिन सहसा भविष्य के सुखद हो जाने के अहसास में डूबे हुए होने के कारण वे फिर धीरे-धीरे अनुपस्थित होने लगते। केवल सुरिन्दर बाबू ही उन्हें पकड़ पा रहे थे।
वक्त हो गया था। धीरे-धीरे सभी लोग खजाने की तरफ बढ़ चले। फिर शुरू हुआ औपचारिकताओं का लंबा और उबाऊ सिलसिला। यहाँ दस्तखत करो - उस फॉर्म को भरो - फलाने बाबू से मिलो। मुंशीजी यहाँ जल्दी थक जाते हैं। घर से पैदल यहाँ तक आने में भी उतनी थकान नहीं महसूस होती, जितनी यहाँ खड़े-खड़े या एक बाबू के यहाँ से दूसरे बाबू के यहाँ तक दौड़ने में आ जाती है। बीच-बीच में मुंशीजी थककर बरामदे में बैठ जाते हैं। ज्यादा देर बैठ भी नहीं सकते। उठ-उठकर अंदर जाना पड़ता है। जरा भी गफलत हुई और कागज कहीं चूका तो फिर आज का बंटाढार। कल फिर आना पड़ेगा। दूसरे दिन आने का खयाल ही मुंशीजी को बार-बार चैतन्य कर देता है। वे जाकर क्लर्क के सामने खड़े हो जाते हैं कि अब मान-अपमान कोई मायने नहीं रखता। पसीने में डूबे, मशीन की तरह कलम घसीटते बाबू की झिड़कियाँ कोई असर नहीं डालतीं। उन्हीं की तरह तमाम लोग खड़े हैं। दो बजे के करीब पैसा मिलता है। मुंशीजी इत्मीनान से धीरे-धीरे गिनते हैं - चौरानबे-पंचानबे-छियान्वे-सत्तानबे। पूरे सत्तानबे हैं। पेंशन के रुपयों में से दो रुपए निकालकर क्लर्क को देते समय हमेशा मुंशीजी को खलता है। आज भी खला लेकिन कोई चारा नहीं। न दें तो न जाने कितने दिन दौड़ना पड़े। एक बार मुंशीजी ने भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर रुपए नहीं दिए और विजेता का-सा संतोष लिए घर चले आए थे। सोचा था, बाद मे बाबू को गिनती करते समय कहाँ पता चलेगा कि किसने अपना हिस्सा नहीं दिया। लेकिन अगले ही महीने जब बाबू ने तरह-तरह के आब्जेक्शन लगाकर मुंशीजी को चार दिनों तक दौड़ाया तो मुंशीजी रुआँसे हो उठे थे। बाद में दोनों महीनों का हिस्सा देना पड़ा था। कभी-कभी बाबू अपने हिस्से के दो रुपए काटकर मुंशीजी के हाथ में पेंशन देता है, तब इतना बुरा नहीं लगता। एक बार रुपए हाथ में आ जाने पर उसमें से दो रुपए निकालकर देना ज्यादा खलता है।
मुंशीजी जेब में पैसे रखकर जल्दी से निकल भागना चाहते हैं। अकसर पैसे मिलने के बाद पेंशनयाफ्ता बुड्ढे किसी-न-किसी चाय की दुकान पर बैठ जाते हैं। चाय-पकौड़ी के साथ गप्पें लड़ाते हैं। न चाहते हुए भी दो-तीन रुपए खर्च हो ही जाते हैं। मुंशीजी के लिए दो-तीन रुपए मायने रखते हैं। कनखियों से चारों तरफ देखते हैं। एक दुकान पर धीरे-धीरे लोग इकट्ठे हो रहे हैं। वे लंबा चक्कर काटकर तेज कदमों से बाहर का रास्ता पकड़ते हैं। एक बार कचहरी से निकल आने पर फिर वापस मुड़कर नहीं देखते।
बाहर निकलने के बाद मुंशीजी अपना शरीर सीधा करते हैं। पूरा शरीर दुख रहा है। हर महीने यही होता है। मौका मिलने पर त्रिवेणी का आश्वासन फिर दिमाग में खलल पैदा करने लगता है। ऐसा नहीं था कि खजाने में मुंशीजी के दिमाग से बात उतर गई हो लेकिन उसका तनाव जरूर कम हो गया था। वक्ती उत्तेजना खत्म हो जाने के बाद वे जरूर कुछ तटस्थता से उसके आश्वासन को जाँच सकते थे। ऐसा नहीं था कि ऐसा आश्वसन पहली बार मिला हो। पहले भी कई बार वे ऐसे सुखद तनाव से गुजरे थे लेकिन त्रिवेणी सच्चे मन से उनका भला चाहता है। त्रिवेणी कहीं-न-कहीं विनोद को लगवा देगा। त्रिवेणी भला आदमी है। त्रिवेणी को उसके बड़े साहब बहुत मानते हैं। वे आश्वस्त हो गए।
नौकरी उनके घर की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए ही नहीं बल्कि विनोद के लिए भी कितनी जरूरी थी, इसे वे अच्छी तरह जानते हैं। लड़का आत्मनिर्वासन की स्थिति में पहुँच गया है। अब तो उसे देखकर मुंशीजी को डर लगता है। चार साल पहले उसने बी.ए. पास किया था। एम.ए. कराना मुंशीजी की सामर्थ्य के बाहर था। लिहाजा पढ़ाई छुड़वा दी। सोचा था कि छोटी-मोटी नौकरी में लग जाए तो प्राइवेट एम.ए. भी कर लेगा। तबसे नौकरी की तलाश का जो सिलसिला चला, वह अब तक जारी है। उसके इंटर करने के दो साल पहले मुंशीजी रिटायर हो चुके थे। तारा भी उसी साल मरी थी। कई बार सोचा कि प्राविडेंट-फंड से कुछ रुपया निकालकर विनोद को एम.ए. करा दें। लेकिन हिम्मत नहीं पड़ी। सामने राजकुमारी थी, पप्पू था और खुद उनकी जिंदगी का न जाने कितना बड़ा हिस्सा था। एक बार नौकरी करने की बात तय होते ही विनोद और उन्होंने दरख्वास्तों और मुलाकतों का लंबा सिलसिला शुरू कर दिया था। लेकिन हर बार एक ही जैसा अनुभव हुआ था।
नौकरी की तलाश ने अपमान और कुंठा के जो दंश चुभोए थे, उनसे मुंशीजी उतना नहीं टूटे थे जितना विनोद टूटा था। मुंशीजी स्पष्ट देख रहे थे कि साल-दर-साल किस तरह उसके चेहरे पर बेबसी और हीनता की परत चढ़ती चली जा रही थी। अब तो उससे बात करते मुंशीजी घबराते हैं कि कहीं वह रो ही न पड़े। पिछले कुछ दिनों से उससे बात करने का मौका भी कहाँ मिलता है? उनके उठकर तैयार होते-होते वह बाहर निकल जाता है। अगर किसी दिन नहीं निकल पाता है तब भी उनसे बात करने का अवसर न आए, इसका प्रयास बराबर करता रहता है। अक्सर वह रात में इतनी देर से लौटता है कि मुंशीजी या तो सो जाते हैं या सोने का नाटक किए पड़े रहते हैं। शुरू में, कुछ दिनों मुंशीजी ने जागकर उसका इंतजार किया लेकिन उसने और देर करनी शुरू कर दी। मुंशीजी समझ गए थे, इसलिए अब उसके आने पर अगर जगे भी रहते हैं तो नहीं बोलते। चुपचाप सोने का नाटक किए पड़े रहते हैं। राजकुमारी जीने के दरवाजे को खुला छोड़ देती है। दरवाजे की आवाज से ही पता चलता है कि वह आ गया है। रसोई में अगर बरतन खटकते हैं तो मुंशीजी जान जाते हैं कि खाना खा रहा है। अक्सर रसोई में कोई आहट नहीं होती, मतलब वह बाहर खाना खा आया है और चुपचाप सो जाएगा। शुरू-शुरू में मुंशीजी ने उसके दोस्तों से पता लगाने की कोशिश की थी कि दिन-भर वह कहाँ रहता है - क्या करता है, लेकिन बाद में झल्लाकर पूछताछ बंद कर दी थी। उसके दोस्तों को भी कुछ निश्चित नहीं पता था। दरअसल उसके पुराने दोस्तों से अब उसके खास ताल्लुकात भी नहीं रह गए थे। कोई नौकरी कर रहा था तो कोई आगे पढ़ने में मशगूल था। विनोद सबसे अलग-थलग पड़ गया था।
विनोद राजकुमारी से छह साल छोटा था। इस साल बाईसवाँ पूरा करेगा। देखने में कैसा तो लगने लगा है! मुंशीजी के कलेजे में हूक उठती है। बचपन में कितना गोल-मटोल था। राजकुमारी से पहले दो लड़के हुए थे। दोनों गुजर गए। राजकुमारी के जन्म के छह साल बाद विनोद पैदा हुआ था। तारा अपनी जान से ज्यादा बेटे की सहेज करती थी। पति-पत्नी ने अपनी कितनी जरूरतें काट-काट कर बेटे की देखभाल की थी। मुंशीजी को अब भी याद है कि किस तरह वे और तारा उसके भविष्य को लेकर घंटों बहसें करते और कभी-कभी तो लड़ भी पड़ते। उनकी आँखें नम हो जाती हैं। पाँच साल बाद अप्रत्याशित रूप से पप्पू हुआ था लेकिन तब भी विनोद को मिलने वाले दुलार में कोई कमी नहीं आई। दरअसल पप्पू को सबसे छोटा होने के बावजूद तारा ने विनोद से कम प्यार दिया। जाने क्यों, उसके मन में यह बात बैठी थी कि विनोद ही उनके घर की दरिद्रता दूर करेगा। तारा को क्या पता था कि उसके मरने के कुछ ही दिनों बाद स्वस्थ, सुदर्शन विनोद पिचके गालों, बेतरतीब बढ़ी दाढ़ी-मूछों और धँसी आँखोंवाले युवक के रूप में तब्दील होकर उनके घर की आर्थिक दरिद्रता दूर करते-करते आत्मविश्वास के स्तर पर खुद इतना दरिद्र हो जाएगा कि अपने बाप से आँखें मिलाकर बात करने भर का साहस भी नहीं बचा पाएगा।
आज त्रिवेणी के आश्वासन का सुरूर खत्म होते ही मुंशीजी का मन फिर भारी हो गया है। शरीर से ज्यादा वे मन से थक गए हैं। वे पोस्ट ऑफिस में घुस जाते हैं और बरामदे की सीढ़ियों पर बैठ जाते हैं। जाड़े में अपराह्न की धूप अच्छी लगती है। सामने से कचहरी से लौटनेवालों की अथाह भीड़ जा रही है। सिटी बसें, टेम्पो, इक्के, रिक्शे, गाड़ियाँ - मुंशीजी खाली आँखों से भाग-दौड़ देख रहे हैं। भीड़ के बीच में नितांत अकेले होने की अनुभूति मुंशीजी के लिए नई नहीं है। जिंदगी में कभी किसी को दोस्त नहीं बना सके मुंशीजी। तारा को छोड़कर कोई ऐसा नहीं मिला जिससे खुलकर मुंशीजी ने सुख-दुख की बातें की हों। तारा के बाद तो और भी अकेले हो गए हैं। जब तक तारा थी, बेटी-बेटों से कुछ देर बातें हो जाती थीं, अब तो वह भी नहीं रहा। बच्चे बड़े हो गए थे और मुंशीजी के साथ उनका संवाद एकदम खत्म हो गया था। महज जरूरी बातें होती थीं और अब तो सिर्फ राजकुमारी उनके और पप्पू-विनोद के बीच सेतु का काम करती थी। न जाने कब तक मुंशीजी उसी तरह चुपचाप बैठे रहे। सीढ़ी के उस कोने से जहाँ मुंशीजी बैठे थे, धूप तेजी से फिसलती जा रही थी। मुंशीजी को हल्की-सी ठंडक लगी। वे उठ खड़े हुए। सामनेवाली सड़क का रेला अभी भी अंतहीन था। वे भी चुपचाप उसी में शरीक हो गए।
पेंशनवाले दिन मुंशीजी हल्की-फुल्की खरीददारी करते हैं। ज्यादातर सामान तो वे शंकर के यहाँ से लेते हैं जो उन्हीं की तरह मुहल्ले के बहुत सारे लोगों की विवशता है। सामान महँगा जरूर देता है लेकिन उधार तो दे देता है। उधार वसूलते समय जलील जरूर करता है लेकिन महीने के किसी दिन कुछ जरूरत पड़ जाने पर मना भी नहीं करता। थोड़ी बहुत खरीददारी करने मुंशीजी कटरा की तरफ निकल आते हैं। उन्हें पता नहीं है कि क्या-क्या खरीदना है। चुपचाप एक-एक दुकान देखते हैं। कुछ चीजों के दाम पूछते हैं। दाम सुनकर चुपचाप सिर हिलाते हैं और आगे बढ़ जाते हैं। हर महीने की तरह दामों में कुछ-न-कुछ बढ़ोत्तरी हुई थी। हर महीने की तरह वे बाजार भाव और पेंशन के बीच संतुलन बैठाने की कोशिश करते हैं। हर महीने की तरह उनका समीकरण गड़बड़ा जाता है।
चलते-चलते वे मन में हिसाब करते जाते हैं। जेब में पंचानबे रुपए हैं। शंकर को डेढ़ सौ से कम क्या देना पड़ेगा। अभी तीन ट्यूशनों से एक सौ बीस रुपए और मिलेंगे। कुल हो जाएँगे दो सौ पंद्रह रुपए। गनीमत है कि मकान मालिक को सिर्फ दस रुपए देने पड़ते हैं। कुल किराया है चालीस रुपए। बाकी तीस रुपयों के एवज में वे उसकी लड़की को एक घंटा रोज पढ़ाते हैं। शंकर का हिसाब चुकाने के बाद लगभग पैंतालिस-पचास बचेगा। दूधवाले को तीस रुपए देने के बाद बचे पंद्रह और अखबारवाले का हिसाब चुकता कर देने के बाद छह रुपए बच जाएँगे। पप्पू दो साल से हाई स्कूल का प्राइवेट इम्तहान देर रहा है, इसलिए उसकी पढ़ाई वगैरह पर हर महीने खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती। विनोद कभी भी अपने लिए एक पैसा नहीं लेता। हालाँकि उसने कभी नहीं बताया लेकिन मुंशीजी जानते हैं कि यह ट्यूशन करता है और अपने जेब खर्च के लिए मुंशीजी को परेशान नहीं करता। महीने-भर के लिए चाय, चीनी, तेल, साबुन, सब्जी वगैरह के लिए कम-से-कम चालीस रुपए और चाहिए। जाड़ा हालाँकि अभी पूरी तरह से आक्रामक नहीं हुआ है लेकिन जल्दी ही काफी तेजी पकड़ लेगा। मुंशीजी पिछले कई सालों की तरह इस बार भी नई रजाई बनवाने का फैसला करते हैं। नौकरी के दिनों की बनवाई तीन रजाइयाँ घर में थीं। जब तक पप्पू छोटा था राजकुमारी के साथ एक रजाई में उसका सोना अटपटा नहीं लगता था लेकिन अब दोनों को एक ही रजाई में सोते देखकर मुंशीजी को घबराहट होने लगती है। इस बार जरूर बनवा लेंगे। मन-ही-मन वे हिसाब लगाते हैं। पचास-साठ में काम लायक रजाई बन सकती है। अगर दूध लेना दो महीने बंद कर दें तो रजाई बन जाएगी। लेकिन दूध बंद करवा पाना क्या इतना आसान है? मुंशीजी चाय के पुराने शौकीन रहे हैं। जिंदगी में इसके अलावा और कोई शौक भी तो नहीं किया उन्होंने। फिर बच्चों को सुबह चाय के सिवा और देते भी क्या हैं? इसे भी बंद कर देने से कैसे चलेगा। हर बार की तरह अखबार दूसरा निशाना बनता है। लेकिन नौ रुपए बचाकर होगा भी क्या? अखबार वे कई बार बंद कर चुके हैं। पड़ोस के बड़े बाबू से माँगकर पढ़ने का नाटक भी कई बार शुरू हुआ पर कभी भी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका। अपने पैसे से खरीदकर अखबार पढ़ना मुंशीजी के दरिद्र मन को कहीं न कहीं सहलाता है। उनकी गली में केवल वे और बड़े बाबू ही अखबार लेते हैं और अंग्रेजी का अखबार तो सिर्फ वे ही। अपना खरीदा हुआ अंग्रेजी का अखबार उन्हें दूसरों से विशिष्ट होने का अहसास कराता है। दूध और अखबार को छोड़कर वे दूसरी मदों में कटौती करने की बात सोचते हैं। कोई ख्रर्च ऐसा नहीं है जिसमें कटौती करना संभव हो। पेंशन और बाजार-भाव का समीकरण काफी जटिल था और भाषा के अध्यापक मुंशीजी तो शुरू से ही गणित में कमजोर रहे हैं। वे एक दुकान से दूसरी दुकान में भटक रहे हैं। अंततः एक दुकान में पकड़ में आ ही जाते हैं। बार-बार कई चीजों का दाम पूछने पर दुकानदार जिस तरह बेरुखी से उत्तर देता है, उससे मुंशीजी आहत होते हैं। आखिर समझता क्या है? वे चाय का पैकेट, लाइफबाय साबुन और बिस्कुट का एक छोटा पैकेट ले लेते हैं। नौ रुपए कुछ पैसे देकर मुंशीजी दुकान से बाहर निकलते हैं। अब किसी दूसरी दुकान में घुसकर दाम पूछने की उनकी हिम्मत नहीं होती। वे चुपचाप घर की तरफ घिसटने लगते हैं।
मुंशीजी शुरू से ही खराब खरीददार रहे हैं। बाजार में ज्यादा मोल-तोल नहीं कर सकते। अक्सर ठगाकर घर लौटते और खीझी हुई तारा के व्यंग्य का सामना करते। बाजार में आकर वे अक्सर एक तरह की हड़बड़ी के शिकार हो जाते हैं। अब तो वे कुछ मोल-भाव कर भी लेते हैं, पहले तो दुकान में घुसते ही उन्हें खरीदकर भागने की जल्दी मची रहती थी। उनकी इसी आदत से चिढ़कर तारा ने उनके साथ बाजार न आने की कसम न जाने कितनी बार खाई थी। इधर पुरानी आदत काफी हद तक छूट गई थी। फिर भी अकसर ऐसा होता है कि कई दुकानों से सौदेबाजी करके आते हुए मुंशीजी, किसी एक दुकान पर अपनी पुरानी हड़बड़ी के शिकार होकर, कोई-न-कोई ऐसी चीज ले लेते हैं जो दुकान के बाहर निकलते ही उन्हें अनावश्यक लगने लगती है।
इस बार भी ऐसा ही हुआ। बाहर सड़क पर पहुँचते ही बिस्कुट का पैकेट सालने लगा। क्या जरूरत थी इसकी? मेहमान के नाम पर अब आता ही कौन है जिसे वे बिस्कुट खिलाते और फिर अड़ोसी-पड़ोसी जो आते हैं, उन्हें तो काफी दिनों से मुंशीजी सिर्फ चाय पिलाते आ रहे हैं, वह भी तब जब घर में दूध, चाय और चीनी में से कोई चीज अनुपस्थित न हो। दुकानदार ने जिस ढंग से उन्हें लिया था, उससे लौटकर बिस्कुट का पैकेट वापस करने की संभावना भी नहीं बची थी।
मुंशीजी ने खर्च किए नौ रुपए सत्तर पैसों को निकालकर फिर से पेंशन और बाजार भाव का समीकरण दुरुस्त करना शुरू कर दिया। बार-बार वे हिसाब भूल जाते और फिर नए सिरे से शुरू करते। वे जानते थे कि बार-बार हिसाब लगाने से भी उनसे यह समीकरण दुरुस्त नहीं होगा लेकिन फिर भी वे घर आने तक हिसाब में उलझे रहे। उन्हें इसमें कुछ मजा मिलने लगा था। पहले जब वे पूरी तरह शंकर के चंगुल में नहीं फँसे थे और एक तरह से उससे बचने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब वे पेंशनवाले दिन अपनी जरूरतों की पूरी लिस्ट बनाकर चलते थे। कुछ चीजें उसी दिन लौटते समय खरीद लेते और कुछ अगले दिनों में ट्यूशन के पैसे मिलने पर खरीदते। लेकिन यह ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका। हर बार बाजार में पहुँचने पर पिछले महीने के मुकाबले भाव बढ़े मिलते। मुँह बाए मुंशीजी एक-एक चीज के दाम बार-बार पूछते और व्यस्त भाव से लापरवाही दिखाते हुए लिस्ट फिर से पढ़ते। हर बार ऊपर से नीचे दो-एक चीजें कट जातीं। पेंशन और बाजार भाव के इस समीकरण में उलझकर मुंशीजी बेहद थक जाते। धीरे-धीरे शंकर से दूर रहने की उनकी जिद कमजोर पड़ती गई और बाजार से नकद सामान खरीदने का उनका आग्रह क्षीण होता गया। अब तो वे कभी-कभी ऐसी ही कोई अप्रत्याशित खरीददारी कर लेते हैं, नहीं तो चुपचाप जेब में पैसे डाले, एक दुकान से दूसरी दुकान भटकते घर पहुँच जाते हैं। जब तक उन्होंने शंकर के सामने पूरी तरह से आत्म-समर्पण नहीं किया था, बाजार की दुकानों में चीजों के दाम पूछने का एक और मकसद भी था। बाजार में दाम पूछते रहने से उन्हें शंकर द्वारा की जा रही लूट का भी पता चलता था। बाजार और शंकर की दुकान के भाव के अंतर से मुंशीजी का मन हमेशा गुस्से से भर जाता। हर बार वे तय करते कि शंकर की दुकान पर जाकर उसे खूब खरी-खोटी सुनाएँगे या भुगतान करते समय उसके पैसे काट लेंगे। लेकिन हर बार शंकर के सामने वे अपने को कमजोर महसूस करते। उसके सामने पहुँचते ही दयनीय हो उठते। पूरे मोहल्ले के सामने उसने कैसा जलील किया था वर्मा बाबू को‌? उनका थैला फेंककर बोला था कि लेना हो तो लो वरना भाड़ में जाओ। सड़क पर अपने कुर्ते की बाँहें चढ़ाते हुए शंकर के लड़के ने कैसी गंदी-गंदी गालियाँ दी थीं और असहाय वर्मा बाबू मोहल्लेवालों की तरफ टुकुर-टुकुर ताकते रहे। कोई नहीं आया मदद को। मुंशीजी हर बार चुपचाप शंकर की दुकान से सामान लाते हैं और पैसे मिलने के दूसरे-तीसरे दिन ही हिसाब चुकता करने का प्रयत्न भी करते हैं। इसलिए अब बाजार में दाम पूछने पर उसे वहीं भूलने की कोशिश करते हैं। उन्हें पता है कि शंकर की दुकान से तुलना करने में कोई फायदा नहीं।
मुंशीजी जब अपनी गली के मुहाने पर पहुँचे, करीब तीन बज रहा था। दो-एक घरों के दरवाजों पर पंजाबिनें खड़ी होकर बातें कर रही थीं। एकाध लड़के नाली पर बैठे टट्टी कर रहे थे। जाड़े की रात धीरे-धीरे उतर रही थी। कूड़े और पाखाने से अपने को बचाते हुए मुंशीजी अपने दरवाजे पर पहुँचे तो थककर चूर हो चुके थे। चुपचाप चारपाई पर लेटने की इच्छा हो रही थी। रात को विनोद को लेकर त्रिवेणी के यहाँ भी तो जाना था। बिना आराम किए अब मुंशीजी कहीं नहीं जा सकते। उन्होंने हलके से दरवाजे पर दस्तक दी। लगता है, राजकुमारी सो रही है। उन्होंने थोड़ी तेजी से दरवाजा खटखटाया। कोई आहट नहीं हुई। मुंशीजी का थका मन क्षुब्ध हो गया। उन्होंने पूरी ताकत से दरवाजा पीटना शुरू किया। अचानक उन्हें लगा कि औरतें बातचीत छोड़कर उनकी तरफ देख रही हैं और उनकी आँखों और होंठों से रहस्यमयी मुस्कान तैरने लगी है। उनका बूढ़ा हाथ हवा में लटक गया। ज्यादा देर वे इस असहज स्थिति में नहीं रहे। राजकुमारी ने आकर दरवाजा खोल दिया था और वे चुपचाप भीतर चले गए।
राजकुमारी काफी अस्त-व्यस्त हालत में थी। ऐसा लगता था कि उसने जल्दी-जल्दी में कपड़े पहने हैं। उसकी आँखों में अजीब-सा तनाव था और उसके चेहरे पर घबराहट साफ लिखी थी। मुंशीजी का मन वितृष्णा से भर गया। उनकी अनुपस्थिति में यह लड़की न जाने क्या-क्या करती है। अब तो पहले की तरह इसे पीट भी नहीं पाते। केवल संदेह और शर्म की आग में जलते रहते हैं। उसे उपेक्षित करके वे चुपचाप अपने कमरे की तरफ बढ़ चले। लेकिन चुपचाप सो जाना क्या इतना आसान था? बारी-बारी से वे किसी-न-किसी बहाने दोनों कमरों में गए। गुसलखाने, पाखाने, रसोई और छत से घूमकर नीचे आए। राजकुमारी रसोई के एक कोने में सिर झुकाए खड़ी थी। वे जानते थे कि वे क्या तलाश रहे हैं यह राजकुमारी समझती है। कई बार संदेह होने पर उन्होंने ऐसा किया था। पहले की ही तरह इस बार भी कोई नहीं था। वे चुपचाप अपने कमरे में चले गए। पहले की तरह राजकुमारी पर हाथ उठाने का साहस उनमें नहीं था। घर के दो कमरों में यह बड़ा कमरा था जिसमें वे और विनोद सोते हैं। किसी के आने पर मुंशीजी उसे यहीं बैठाते हैं। दूसरे कमरे में राजकुमारी और पप्पू सोते हैं।
धीरे-धीरे मुंशीजी ने अपना कोट उतारकर खूँटी पर टाँग दिया। कमीज उतारने की हिम्मत उनमें नहीं बची थी। धोती और कमीज पहने ही वे लेट गए। जाड़े की दोपहर में मुंशीजी को नींद नहीं आती हालाँकि वे लेटते रोज हैं। रोज खाना खाकर वे चुपचाप लेट जाते हैं और शाम को ट्यूशन का वक्त होने तक लेटे रहते हैं। इसके अलावा और करें भी क्या? करने के लिए कुछ होता भी तो नहीं। आज थके हुए मुंशीजी को झपकी आने लगी थी। वे न सोने का पूरा प्रयत्न कर रहे थे। आज जल्दी ट्यूशन पर जाएँगे, फिर अभी विनोद को ढूँढ़ना भी तो होगा। पता नहीं कहाँ हो, कितना समय लगे। हर हालत में सात बजे तक त्रिवेणी के घर पहुँच जाना है। जाड़े में सात बजते-बजते वैसे भी कितनी रात हो जाती है, लेकिन इन सबके बावजूद न जाने कब मुंशीजी धीरे-धीरे गहरी नींद के आगोश में डूब गए।
﻿
किस्सा कोताह यह कि एक दिन राजकुमारी शरमाने लगी। शरमाने की क्रिया तो पहले भी कई बार संपादित हुई थी, लेकिन इस बार का शरमाना पहले के शरमाने से काफी भिन्न था। हुआ कुछ इस तरह कि खाली वक्त में बच्चों की किताबें पढ़नेवाली राजकुमारी के हाथ में ‘केवल वयस्कों के लिए’ वाला ठप्पा लगाए दिलकश इलाहाबादी का उपन्यास लग गया। उसे पढ़ने के बाद से राजकुमारी ने जो शरमाना शुरू किया तो अभी तक शरमाती चली जा रही थी जबकि उपन्यास खत्म हुए कई घंटे हो चुके थे। इस बीच वह गुसलखाने और छत से लेकर दुछत्ती तक, जहाँ कहीं एकांत मिला, वहाँ-वहाँ छिपती फिरी। हालाँकि घर में मुंशीजी थे पर इस समय घर में उनका होना-न-होना बराबर था। वे आराम से खर्राटे भर रहे थे। करीब साढ़े तीन बजे वे पेंशन लेकर लौटे थे और तब से सो रहे थे। विनोद और पप्पू घर में थे नहीं। हर तरफ एकांत था। उसने कमरा बंद कर लिया और एक बार फिर से किताब पढ़ना शुरू किया। पहली पंक्ति से ही उसके शरीर में सनसनाहट दौड़ने लगी। पूरी कनपटी लाल हो गई। ऐसा लग रहा था जैसे उसकी नसों में लावा दौड़ रहा हो। नसें तड़कने लगी हों। हे भगवान, कैसी-कैसी गंदी किताबें लोग पढ़ते हैं।... उसने घबराकर इधर-उधर देखा और फिर पढ़ने में मशगूल हो गई। किताब पतली-सी थी इसलिए खत्म होने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। किताब खत्म करते-करते वह बुरी तरह हाँफने लगी थी। पूरा बदन गनगना रहा था। उसके सारे कपड़े अस्त-व्यस्त हो गए थे और वह फर्श पर अधनंगी पड़ी लंबी-लंबी साँसें ले रही थी। न जाने कब तक वह औंधी पड़ी रही। फिर उठकर बैठ गई। एक बार फिर किताब उसके हाथ में थी लेकिन इस बार वह ज्यादा नहीं पढ़ सकी। उसने किताब फेंक दी। उसने धीरे-धीरे अपने कपड़े उतार दिए। कमरे में कोई आदमकद शीशा नहीं था। घर में नहीं था तो कमरे में कहाँ से होता। एक छोटा-सा पुराना शीशा था जिसका काँच दरक चुका था। उसने उसके सहारे अपने बदन का मुआयना करना शुरू कर दिया।
बदन का मुआयना पहले की तरह सुखद नहीं था। राजकुमारी जानती थी कि उसका शरीर धीरे-धीरे ढल रहा है। दरअसल इसे जानने के लिए आईने के सामने खड़ा होना भी जरूरी नहीं था। इसे तो गली से शंकर की दुकान तक आते-आते न जाने कितनी बार उसने महसूस किया था। पहले स्कूल जाते समय रास्ते में लड़कों की कतार बिछी रहती थी। मामूली कपड़ों में भी राजकुमारी अपने सौंदर्य से पूरी तरह वाकिफ, गर्दन ऊपर उठाए शान से गुजर जाती थी। लड़कों की सीटियाँ, फिकरे और आवाजें उसे अव्यक्त खुशी से भर देती थीं। ऊपर से ओढ़ी हुई तटस्थता के आवरण को चीरकर अकसर एक मुस्कान उसके होंठों पर खेल जाती। उसकी इस मुस्कान से लड़कों को और प्रेरणा मिलती। यह सिलसिला तब तक चला जब तक मुंशीजी ने उसका स्कूल छुड़ा नहीं दिया। इस सिलसिले में कई बार कुछ अंतरंग प्रसंग जुड़े। कई बार ऐसा हुआ कि लड़कों की भीड़ में अचानक किसी लड़के से राजकुमारी की आँखें बार-बार देर तक टकराने लगतीं। एकाध बार खतो-किताबत का सिलसिला भी शुरू हुआ लेकिन इससे आगे बढ़ने की इजाजत राजकुमारी के निम्न मध्यवर्गीय संस्कारों ने नहीं दी। कई बार छत और गली के अँधेरे कोनों से अचानक छटपटा कर वह निकल भागी थी।
उस समय की राजकुमारी के बदन और आज की राजकुमारी के बदन में कितना फर्क आ गया है। राजकुमारी का मन अव्यक्त पीड़ा से भर उठता है। एक जमाना था, जब राजकुमारी माल थी, चक्कू थी, राजा बनारस थी। एक-एक फिकरा कितनी हसरत से याद आता है। उसके घर से गली में निकलने पर एक हलचल-सी मच जाती थी। आज वह सिर्फ अट्ठाईस साल की बुढ़िया है। जब कभी विनोद को बनिया उधार देने से इनकार कर देता, तब मुंशीजी उसे भेजते हैं। अब उसके बाहर निकलने पर कोई खास हलचल नहीं होती। कोई उसे राह चलते पुरानी कशिश से नहीं पुकारता। अब तो शंकर का लड़का भी उसे देखकर पुरानी सिधाई से सामान नहीं देता। थोड़ी देर तक बड़बड़ाता है, तब सामान तौलता है। एकांत पाकर अपने बाप की अनुपस्थिति में पहले लड़का सौदा देते समय राजकुमारी की उँगलियाँ छू लेता था या कभी-कभी उसकी कलाई पकड़ लेता था लेकिन अब तो उसकी यह दिलचस्पी भी खत्म हो गई है। पहले दुकान पर जाते समय वह मनाती जाती थी कि शंकर से उसकी मुलाकात न हो, उसका लड़का दुकान पर मौजूद हो। लड़का उसे देखकर खुश हो जाता था और अपने बाप की डाँट का खतरा मोल लेकर भी वह राजकुमारी को उधार देता था। राजकुमारी इसके एवज में उसे कुछ हद तक बर्दाश्त करती थी। उसके भद्दे मजाकों पर खीसें निपोर देती या उँगलियाँ या कलाई पकड़ने पर उसे हौले से झटक देती लेकिन इससे अधिक आगे उसने उसे नहीं बढ़ने दिया। कई बार उसने दबे स्वर में सिनेमा जाने या पार्क घूमने का प्रस्ताव राजकुमारी के सामने रखा जिसे सुनकर हर बार राजकुमारी रोमांचित हो उठी थी लेकिन कभी भी उसके संस्कारों ने उसे इतना आगे बढ़ने की इजाजत नहीं दी थी। अब तो उसकी भी दिलचस्पी राजकुमारी में खत्म हो गई थी। अब अगर कभी वह राजकुमारी के सामने कोई प्रस्ताव रखे तो शायद राजकुमारी उसे स्वीकार कर लेगी। लेकिन अब वह कोई प्रस्ताव क्यों रखेगा?
अट्ठाईस साल की बुढ़िया राजकुमारी से अब शरीर का बोझ बर्दाश्त नहीं होता। उसका मन करता है कि चीखे-चिल्लाए - अपने बदन के कपड़े तार-तार कर डाले। उसकी नसें तड़क रही हैं, एक अजनबी आग है जो पूरे शरीर को जला कर भस्म कर डालना चाहती है। राजकुमारी लाख चाहे लेकिन इस आग से बचना संभव नहीं है। इस आग से वह बचना भी नहीं चाहती। उसका मन करता है कि कोई उस पर बाज की तरह झपटे और दबोज कर उसकी हड्डी-हड्डी चटखा दे। उसके बदन का पोर-पोर अतृप्त है। उसके शरीर का रोआँ-रोआँ विद्रोह करना चाहता है। सारी दुनिया से विद्रोह-मुंशीजी से विद्रोह क्योंकि राजकुमारी की दुनिया का बड़ा हिस्सा मुंशीजी तक ही सीमित है। माँ के मरने के बाद उसकी दुनिया का तीन-चौथाई हिस्सा मुंशीजी से संबद्ध है। अगर वह मुंशीजी से विद्रोह कर दे तो! लेकिन नहीं, शायद ऐसा वह नहीं कर सकती। उसके बदन की आग में एक-एक नस चटख रही है। हलक में जैसे काँटे उग आए हैं। राजकुमारी के लिए थूक घोंटना भी मुश्किल हो रहा है। अपने निढाल पड़े जिस्म को किसी तरह उसने उठाया और एक तरह से घसीटते हुए उसे कोने में घड़े तक ले गई। घड़े के पास कोई गिलास नहीं था, पूरे कमरे में नहीं था। चौके में जाने की हिम्मत उसमें नहीं थी। घड़े के पास एक जूठा कटोरा पड़ा था। उसने उसी में पानी उड़ेला और नाक बंद करते हुए दो-एक घूँट पी लिया। फिर उसी तरह लड़खड़ाती हुई वापस फर्श पर बिछी चटाई तक आई और वहीं धड़ाम से गिर गई। चटाई पर औंधी पड़ी-पड़ी न जाने कब तक वह गहरी-गहरी साँसें लेती रही थी।
राजकुमारी की यह अर्द्धमूर्छित तंद्रा मुंशीजी की आवाज से टूटी। लगता था, मुंशीजी काफी देर से बुला रहे थे। मुंशीजी की आवाज की नर्मी उसे कुछ अपरिचित-सी लगी। बहुत दिनों बाद मुंशीजी उसे इतनी कोमल आवाज में पुकार रहे थे। राजकुमारी हड़बड़ाकर उठी थी। कहीं बीमार तो नहीं हैं! राजकुमारी दुनिया में अगर सबसे ज्यादा नफरत किसी से करती थी तो वह मुंशीजी थे। सबसे ज्यादा प्यार भी वह मुंशीजी को ही करती थी। बचपन में माँ से ज्यादा प्यार वह मुंशीजी से पाती रही थी। छोटी थी तो कमरे का जंगला पकड़े मुंशीजी के ट्यूशन या स्कूल के घर लौटने का इंतजार करती थी। उनके कंधों पर बैठकर गाँवों और कस्बों के न जाने कितने मेलों-ठेलों, हाट-बाजार गई थी। थोड़ी बड़ी हुई तो उन्ही के साथ उँगली पकड़कर नायब साहब के घर जाने लगी थी। वहीं पहली बार उसने त्रिवेणी को देखा था। मुंशीजी जब कभी त्रिवेणी को कोई काम सौंप कर नायब साहब से बात करने अंदर चले जाते, शरारती त्रिवेणी उसका हाथ पकड़े, पिछवाड़े आम के बगीचे में भाग जाता। बचपन की कितनी स्मृतियाँ त्रिवेणी से जुडी हैं। माँ के मरने के बाद मुंशीजी में न जाने कितना फर्क आ गया था कि राजकुमारी उनके सामने जाने से कतराने लगी है। कैसे तो घूर कर देखते हैं। अक्सर बाहर से लौटते हैं तो किसी-न-किसी बहाने उसे पीटते जरूर हैं। राजकुमारी जानती है कि जिस वजह से उसकी पिटाई हो रही है, वह असली कारण नहीं है। कारण कुछ दूसरा है जिसे बताने का साहस मुंशीजी में नहीं है और न ही राजकुमारी पूछ ही सकती है लेकिन उनकी आँखों में राजकुमारी बहुत कुछ पढ़ लेती है।
मुंशीजी के हाथों पिटते समय राजकुमारी को वे दुनिया के सबसे क्रूर और गंदे इनसान लगते थे। लेकिन उसे पीटने के बाद छत पर चादर में मुँह लपेटे, रोने की कोशिशों को रोकते हुए मुंशीजी के हिलते बदन को देखकर राजकुमारी का मन बार-बार करता है कि एक बार फिर वह छोटी-सी बच्ची बन जाए और उनकी गोद में मचल-मचल कर उनके आँसू पोंछ डाले। लेकिन क्या अब यह संभव था, राजकुमारी बड़ी हो गई थी और मुंशीजी उससे काफी दूर जा चुके थे।
इधर कुछ दिनों से मुंशीजी ने उसे पीटना बंद कर दिया था लेकिन आजकल उन्हें झेल पाना राजकुमारी के लिए ज्यादा मुश्किल हो गया है। बाहर से आने पर वे कैसी निगाहों से उसे घूरते हैं। उनकी नजरों में छिपी घृणा, संदेह या तिरस्कार को बर्दाश्त करने से तो कहीं बेहतर था, उनके हाथों पिटना और फिर कुछ देर बाद, दर्द के खात्मे के साथ भूल जाना। लेकिन अब तो मुंशीजी भी अंदर-ही-अंदर घुटते रहते हैं और राजकुमारी भी छटपटाती रहती है।
राजकुमारी उनकी निगाहों को अच्छी तरह पहचानती है। हर बार उसका मन करता है कि चीख-चीख कर मुंशीजी के संदेह की चादर तार-तार कर डाले लेकिन कभी भी मुंशीजी शब्दों के माध्यम से अपना शक व्यक्त नहीं करते। अबोले शक का जवाब राजकुमारी दे तो कैसे दे। आज भी यही हुआ था। राजकुमारी इस कमरे में लगभग नग्न अपने बदन के महासमर में लिप्त थी, ठीक उसी समय दरवाजे पर दस्तक शुरू हुई। पहले धीमे, फिर तेज, फिर दरवाजा लगभग पीटा जाने लगा और फिर एकाएक खामोशी छा गई। राजकुमारी ने जल्दी-जल्दी अपने कपड़े दुरुस्त करते हुए दरवाजा खोला तो घृणा की चिनगारियाँ आँखों में लिए मुंशीजी सामने खड़े थे। उन्होंने केवल एक क्षण के लिए उसे देखा और वितृष्णा और उपेक्षा से आगे बढ़ गए। उस एक क्षण में जाने कितनी तपिश थी कि राजकुमारी अपमान और शर्म की दाहक पीड़ा से झुलस उठी। मुंशीजी चुपचाप अपने कमरे में चले गए लेकिन मुक्ति इतनी आसान नहीं थी। इसके थोड़ी देर बाद मुंशीजी अपने कमरे से निकले और किसी-न-किसी बहाने पूरे घर में झाँक आए। पाखाना, गुसलखाना, छत, कुछ भी नहीं बचा। इससे ज्यादा यातनाजनक राजकुमारी के लिए कुछ भी नहीं था। रसोई के कोने में खड़ी-खड़ी वह मुंशीजी से निगाहें छिपाती रही।
मुंशीजी के कदमों की आहट कई बार रसोई के दरवाजे तक आई, थमी और लौट गई। राजकुमारी के मनाने में अगर दम रहा होता तो धरती कई बार फटी होती और वह कई बार उसमें समाई होती। थोड़ी देर बाद मुंशीजी के कदमों की आहट उनके कमरे की ओर चली गई। न जाने कितनी देर तक राजकुमारी चुपचाप बुत बनी खड़ी रही। ऐसा पहली बार तो हुआ नहीं था लेकिन हर बार का अनुभव पहले से ज्यादा त्रासद होता था। काफी देर बाद जब अपराध-बोध की चिप्पी चेहरे पर चिपकाए राजकुमारी धीरे-धीरे कदमों से अपने कमरे में गई तो मुंशीजी सो गए थे और राजकुमारी ने एक बार फिर दिलकश इलाहाबादी का उपन्यास हाथ में उठा लिया।
मुंशीजी की आवाज काफी दूर से, किसी अंधी सुरंग से टकरा कर लौटती हुई-सी लग रही थी। राजकुमारी को लगा वे काफी देर से पुकार रहे थे। राजकुमारी हड़बड़ा कर उठी लेकिन दोपहरवाली गलती उसने फिर से नहीं दोहराई। अपने अस्त-व्यस्त कपड़ों को करीने से ठीक किया और चेहरे पर लापरवाही का भाव ओढ़ते हुए उसने दरवाजा खोला और बाहर निकल आई। बाहर निकलते ही मुंशीजी की आवाज सर्द कोड़े की तरह उसके कानों से टकराई। काफी देर से पुकारते रहने के कारण उनकी आवाज कुछ रूखी जरूर हो गई थी लेकिन फिर भी यह एक अपचिरित आवाज थी। राजकुमारी के दिल की धड़कन बढ़ गई। वैसे भी दिन के इस हिस्से में सोना मुंशी जी के लिए नई बात थी। लेटते जरूर हैं लेकिन सोते नहीं हैं। कहीं कोई बात तो नहीं हुई? उनकी आवाज के अजनबी अंदाज ने राजकुमारी को बेचैन कर दिया। झपटती हुई वह मुंशीजी के कमरे की तरफ बढ़ी लेकिन कमरे के दरवाजे तक पहुँचकर वह ठिठक गई। पिछले कुछ सालों में वह मुंशीजी से कितनी दूर चली गई थी। किसी भी तरह के भावनात्मक उद्वेग का प्रदर्शन अब संभव नहीं था।
शायद यही स्थिति मुंशीजी के लिए भी थी। अपनी आवाज की छलकती खुशी को सप्रयास दबाते हुए जो तटस्थ वाक्य उन्होंने कहा, उसका कुल मतलब यह था कि आज त्रिवेणी ने पक्का वादा कर लिया है। विनोद को लेकर बड़े साहब के पास जाना है। कहीं-न-कहीं नौकरी जरूर मिल जाएगी। दूसरे वाक्य में उन्होंने दस बरस पहले के मुंशीजी बनने की कोशिश की। जैसे पहले स्कूल से लौटते ही राजकुमारी को चिढ़ाते हुए हँसते और फस्ट क्लास चाय बनाने को कहते, उसी तरह आज भी उन्होंने, उसी अंदाज में फरमाइश करने की कोशिश की। लेकिन आज उनके चिढ़ाने और हँसने में न जाने क्या था कि राजकुमारी पूरी तरह से हिल गई। मुंशीजी उससे निगाह मिलाने से कतरा रहे थे। पता नहीं, दोपहर की अपनी हरकत पर शर्म महसूस कर रहे थे या दिन में सोने का असर था या विनोद को नौकरी मिलने की निश्चित संभावना। उनकी आवाज असहज लग रही थी। राजकुमारी के लिए भी वहाँ खड़ा रह पाना काफी मुश्किल हो रहा था। धीरे-धीरे सिर झुकाए वह बाहर निकल आई और रसोई में जाकर चुपचाप चाय बनाने लगी।
चाय बनाकर जब वह मुंशीजी के कमरे में पहुँची, तब तक वह हाथ-मुँह धोकर तैयार हो चुके थे और हाथ से अपने कोट की सलवटें ठीक कर रहे थे। विनोद बदस्तूर घर से गायब था और मुंशीजी को उसे ढूँढ़ने जाना था। बाहर हल्का-हल्का अँधेरा छाने लगा था। मुंशीजी ने अंदाजा लगाया, साढ़े-पाँच से कम क्या होगा। आज ट्यूशन पर जाने का वक्त भी नहीं रह गया था। चाय पीते-पीते उन्होंने विनोद के उन सारे दोस्तों के नाम-पते याद करने की कोशिश की जहाँ उसके हो सकने की संभावना हो सकती थी। राजकुमारी से भी पूछा लेकिन राजकुमारी की सूचनाएँ काफी पुरानी थीं। विनोद के मौजूदा दोस्तों के बारे में उसे ज्यादा कुछ नहीं मालूम था। बगल की बिन्नी से पूछने पर कुछ मालूम हो सकता था लेकिन बिन्नी के बारे में राजकुमारी मुंशीजी से क्या कहती? लिहाजा मुंशीजी बिना किसी निश्चित सूचना के ही विनोद की तलाश में घर से बाहर निकल पड़े।
राजकुमारी एक बार फिर घर में अकेली रह गई। अकेलापन उसके लिए हमेशा से तकलीफदेह रहा है। अकेलेपन से वह बचपन से ही घबराती रही है, लेकिन अब तो अकेलेपन के साथ रहने की आदत पड़ गई है। फिर भी वह आज घबराकर छत पर निकल आई।
धूप खत्म हो चुकी थी और दिसंबर की शुरुआत की हवा में मजे की ठंडक थी। राजकुमारी एक सूती चादर ओढ़े हुए थी। ठंडी हवा बीच-बीच में उसे कँपा दे रही थी, फिर भी नीचे कमरे के एकांत में जाने का उसका मन नहीं कर रहा था। ऊपर अनमने भाव से वह टहलती रही। दोपहर का प्रभाव अब जिस्म पर दूसरी तरह से महसूस हो रहा था। पूरा बदन टूट रहा था। उसने दो-तीन बार अँगड़ाइयाँ लीं, बदन को चादर में कसकर लपेटा और एकाएक ठिठक कर खड़ी हो गई। सामने की छत पर सुरेंद्र खड़ा था और ढिठाई से उसे घूर रहा था।
सुरेंद्र पप्पू का दोस्त था और उसके साथ पढ़ता था। इधर कुछ दिनों से राजकुमारी उसमें एक अजीब-सा परिवर्तन देख रही थी। पहले वह पप्पू से मिलने जब भी आता तो सीधे धड़धड़ाता हुआ उसके कमरे में घुस आता। चूँकि राजकुमारी और पप्पू का कमरा एक ही था अतः उसे अब भी उसी के कमरे में आना पड़ता है लेकिन अब वह कमरे में घुसने के पहले खँखारता है या उसे कमरे में अकेला देखकर दरवाजे पर ठिठककर खड़ा हो जाता है। पहले की तरह सहज भाव से आकर उसके पास बैठता नहीं। पप्पू की उपस्थिति में अगर बैठना पड़े भी तो उससे सीधे निगाह मिलाने में कतराता है। हवा में इधर-उधर देखकर बातें करता है। जब कभी राजकुमारी की आँखें उसकी आँखों से मिलती है, वह उसकी आँखों का भाव देखकर गनगना उठती है। यह भाव उसने या तो शंकर बनिए के लड़के की आँखों में देखा है या सुरेंद्र के पिता बड़े बाबू की आँखों में। न जाने कैसे इतनी कम उम्र में सुरेंद्र की आँखों में ऐसा भाव आ जाता है।
सामने छत पर सुरेंद्र खड़ा पूरी ढिठाई से उसे घूर रहा था। राजकुमारी ने दूसरी तरफ देखना शुरू कर दिया लेकिन ज्यादा देर तक वह सुरेंद्र की उपेक्षा नहीं कर पाई। दूसरी तरफ देखते हुए उसने कनखियों से सुरेंद्र की तरफ देखा। सुरेंद्र समझ गया था कि उसने उसे देख लिया है और उसे घूरते देखकर भी वह छत से हट नहीं रही है बल्कि बीच-बीच में कनखियों से उसकी तरफ देख रही है। उसका साहस और बढ़ गया। उसने बाकायदा अपने हाथ दोनों छतों के बीचवाली विभाजक दीवार पर टिका लिए और हल्के-हल्के लहजे में सीटी बजाने लगा। उसके लिए यह पहला मौका था जब राजकुमारी से वह इतनी धृष्टता से पेश आ रहा था इसलिए जबरदस्ती पैदा की गई लापरवाही के बावजूद घबराहट में उसकी सीटी की आवाज बीच-बीच में टूट जा रही थी। अभी कुछ दिनों पहले तक वह पप्पू के साथ राजकुमारी से मिलता तो अपनी बड़ी बहनवाला भाव उसके मन में होता। राजकुमारी के लिए जिस्मानी आकर्षणवाला भाव उसके मन में अचानक ही पैदा हो गया था। दरअसल उसके और पप्पू के गोल के लड़कों के लिए सेक्स से परिचय अभी नया-नया हुआ था। इन लड़कों ने अपनी हाल ही में हस्त-मैथुन की सीढ़ियाँ लाँघनी शुरू की थीं और गली में खड़े होकर लड़कियों को घूरने या फिकरेबाजी करने के लिए उन्होंने धीरे-धीरे पुराने लड़कों की जगह लेना शुरू किया था। उनके लिए गली के विभिन्न घरों की छोटी बच्चियों से लेकर अधेड़ औरतें तक अचानक ‘माल’ बन गई थीं। शारीरिक परिवर्तन के इसी अंधड़ में एक दिन सुरेंद्र को राजकुमारी भी माल लगने लगी थी।
काफी देर तक राजकुमारी उपेक्षा का भाव प्रदर्शित करते हुए इधर-उधर देखती रही। बीच-बीच में वह कनखियों से सुरेंद्र की तरफ देख लेती थी। उसे इस लुका-छिपी में आनंद आने लगा था। काफी दिनों बाद कोई उसे इस कशिश से देख रहा था। हालाँकि सुरेंद्र को वर्षों से वह पप्पू के साथ देखती आई थी और उसे किसी अन्य रूप में स्वीकारना उसके लिए आसानी से संभव नहीं हो पा रहा था लेकिन फिर भी सुरेंद्र अपने पिता बड़े बाबू या शंकर से तो निश्चित रूप से बेहतर था। बड़े बाबू का दुर्गंध का भभूका छोड़ता पीले और बेढंगे दाँतोंवाला चेहरा वह कई बार अपने चेहरे से परे ढकेल चुकी है। याद आते ही उसका मन घिन से भर उठा। शंकर के साथ कभी मामला इतना आगे तो नहीं बढ़ा है लेकिन उसने जब कभी कलाई पकड़ने की कोशिश की है, राजकुमारी का मन जुगुप्सा से भर उठा है। सुरेंद्र निश्चित रूप से उन दोनों से बेहतर था।
परिवर्तन की शुरुआत में तो सुरेंद्र की आँखों का भाव पढ़कर राजकुमारी को काफी मनोरंजक लगता था। कल तक हाफपैंट पहनकर दीदी-दीदी करनेवाले छोकरे को जवान मानकर गंभीरता से लेने का प्रयास करने मात्र से ही उसे हँसी आ जाती। यह तो बिल्कुल ऐसे ही था जैसे कोई किशोर अपने को बड़ा साबित करने के लिए बड़ी-बड़ी डींगे हाँकने लगे। शुरू-शुरू में सुरेंद्र के घूरने पर उसे ऐसा ही लगता था। कभी-कभी वह उसे चिढ़ाने के लिए उससे आँखें मिलाकर मुस्करा देती। उस समय सुरेंद्र का चेहरा एकदम फक पड़ जाता और घबराहट में वह काफी देर तक उससे आँखें नहीं मिला पाता था। बाद में स्थिति कुछ बदली थी। राजकुमारी को धीरे-धीरे लगने लगा था कि सुरेंद्र अब निरा बच्चा नहीं रह गया है। उसने उसे कुछ गंभीरता से लेना शुरू किया था। फिर भी सुरेंद्र की अभी तक इतनी हिम्मत नहीं हुई थी कि वह उसे इस तरह घूरे। आज पहली बार सुरेंद्र यह हिम्मत कर रहा था और उसे इसका अहसास था, इसलिए बीच-बीच में उसकी सीटी की आवाज टूट जा रही थी और अँधेरे के बावजूद अगर कभी उसे लगता कि राजकुमारी की निगाहें उसकी निगाहों से टकरा गई हैं तो वह घबरा कर इधर-उधर देखने लगता। आज वह पूरी तरह से तैयार होकर आया था इसलिए पहले की तरह जल्दियाकर भागने के लिए तैयार नहीं था।
दिलकश के उपन्यास की खुमारी राजकुमारी पर अभी तक ताजी थी। वह धीरे-धीरे अपने बदन के दबाव में ज्यादा खुलती जा रही थी। जल्दी ही वह स्थिति आ गई जब राजकुमारी ने दूसरी तरफ देखने के बहाने से मुक्ति पा ली और सीधे सुरेंद्र की तरफ देखने लगी। अँधेरा था इसलिए उनकी निगाहें सीधे एक-दूसरे से टकरा नहीं रही थीं। फिर भी इस बात का पता दोनों को चल गया था कि कि वे एक-दूसरे की तरफ ही देख रहे हैं। अचानक सुरेंद्र का बायाँ हाथ उठा और उसने कुछ इशारा किया। अँधेरे में राजकुमारी को लगा सुरेंद्र उसे बुला रहा है। उसका पूरा शरीर गनगना उठा। कमोबेश दोनों की यही स्थिति थी।
लाख कोशिश के बावजूद राजकुमारी अपनी जगह से हिल नहीं पाई। अपनी जगह पर जड़वत खडी उसने देखा कि हल्के-हल्के, काँपते बदन, सूखे हलक और लड़खड़ाते कदमों से उसकी तरफ कोई बढ़ा चला आ रहा था। यह सुरेंद्र था। निष्पंद और अवाक राजकुमारी किसी अनाहूत क्षण की प्रतीक्षा में खड़ी थी। आज पहली बार राजकुमारी को पता चला कि जिस्म का जादू कितना सम्मोहक और तिलिस्मी होता है। सुरेंद्र के कमजोर आलिंगन और बचकाने चुंबनों में केवल जिस्म की माँग थी, न प्यार था और न कोई कोमलता। दरअसल इनकी दरकार न तो उस समय राजकुमारी को थी और न ही सुरेंद्र को। इस समय राजकुमारी हवा के घोड़े पर सवार होकर उड़ जाना चाहती थी, दूर - बहुत दूर। उसके लिए केवल उसके शरीर का अस्तित्व ही सार्थक था, बाकी सब कुछ - मुंशीजी, निम्न मध्यम-वर्गीय मूल्य, समय आदि - निरर्थक हो गए थे। पिछले दस सालों से अपने विरुद्ध संघर्ष करके जिस अनुभव से उसने स्वयं को काट रखा था, आज वही अनुभव अपनी पूरी सम्मोहकता के साथ उसके समक्ष खड़ा था। वह एक-एक क्षण किसी कृपण की तरह भोगना चाहती थी, अनुभव का हर खंड जीना चाहती थी। न जाने कहाँ का वेग उसके शरीर को उद्वेलित कर रहा था कि सुरेंद्र के लिए उसका साथ देना अधिक देर तक संभव नहीं रह सका। राजकुमारी का पोर-पोर प्यासा था और सुरेंद्र का कैशोर्य उसकी प्यास बुझाने में सर्वथा असमर्थ। जल्द ही छटपटाकर उसने उठ बैठने की कोशिश की लेकिन अब राजकुमारी ने उसे जकड़ लिया था। थोड़ी देर में ही सुरेंद्र की साँस टूटने लगी और वह हाँफने लगा। राजकुमारी के मन में आया कि उसके मुँह में अपने नाखून गड़ाकर उसका मुँह नोच ले। उसने सुरेंद्र के अपने ऊपर से परे ढकेल दिया और खुद सीढ़ियों की तरफ भागी लेकिन सीढ़ियों तक पहुँचते-पहुँचते उसकी चाल पस्त हो गई।
अपने कमरे तक राजकुमारी किस तरह घिसटती हुई पहुँची इसे वही जानती है। फर्श पर चटाई बिछी हुई थी। राजकुमारी उसी पर निढाल गिर पड़ी। तृप्ति और अतृप्ति के मध्य झूलते हुए उसे खुद समझ में नहीं आ रहा था कि उसे कैसा लग रहा था। अच्छा या बुरा - उसे कुछ पता नहीं। एक अजीब-सा तूफान था जिसके बगूलों के बीच थपेड़े खाते हुए उड़ना अच्छा लगा था लेकिन अब ऐसा लग रहा था कि मानो तूफान ने उसे आसमान पर उड़ाते-उड़ाते एकदम से जमीन पर लाकर पटक दिया हो। उसका जिस्म बुरी तरह से दर्द कर रहा था। लेकिन इस दर्द में सुख था। आज के अनुभव के बारे में राजकुमारी कोई फैसला नहीं कर सकती लेकिन उसे पता है कि जो कुछ हुआ, उस पर उसका कोई वश नहीं था। इसे तो होना ही था। राजकुमारी के जिस्म की माँग पिछले दस-बारह सालों से कुचली जा रही थी। आज पहली बार उसे लगा कि शरीर की माँग कितनी सम्मोहक और सुखद होती है। आज तक इस माँग की अवज्ञा करके वह स्वयं को किस कदर छलती चली आ रही थी।
बचपन से राजकुमारी की आदत सपने देखने की रही है। दिन में, रात में, सोते, जागते वह कभी भी सपने देखना शुरू कर सकती थी। माँ के मरने के बाद तो यह आदत और भी बढ़ गई थी। शायद यह अकेलापन था जिससे जूझते-जूझते वह ज्यादा आत्मकेंद्रित होने लगी और अपनी गढ़ी हुई दुनिया में खोने में उसे ज्यादा मजा आने लगा। उसने बचपन से एक सपना बार-बार देखा है। रेशम की गुड़िया-सी सजी-धजी राजकुमारी सफेद घोड़े पर सवार, रूई के फाहों जैसे बादलों पर तैरती चली जा रही है। अधमुँदी आँखों और अलसाए बदन के साथ उड़ते हुए उसे हर बार लगता है कि कहीं से कोई उसे पुकार रहा है। न जाने कौन है जो बादलों के पार से इतनी कशिश के साथ उसका नाम लेकर बुला रहा है। अचानक दूर बादलों के बीच से धीरे-धीरे कुछ उभरता है। पहले एक बलिष्ठ, सजे-धजे घोड़े की आकृति और फिर उस पर बैठे एक अनाम, अनजान पुरुष की आकृति। राजकुमारी को बचपन से इसी राजकुमार की प्रतीक्षा थी। वह बेसब्री से तेज-तेज हाथ-पाँव फेंकते हुए राजकुमार की तरफ बढ़ने की कोशिश करती है। पर दोनों के बीच की दूरी है कि कम होने का नाम नहीं लेती। जैसे ही राजकुमारी घोड़े के करीब पहुँचती है, एकाएक घोड़ा पीछे मुड़कर तेजी से उससे दूर भागने लगता है। राजकुमारी चीखती है, चिल्लाती है, दोनों हाथ उठा-उठा कर रोकने का प्रयास करती है लेकिन नहीं, घोड़ा धीरे-धीरे अदृश्य होता जाता है। राजकुमारी उठकर उसके पीछे दौड़ने की कोशिश करती है लेकिन फाहों जैसे बादल बर्फ में तब्दील हो जाते हैं और राजकुमारी उसमें धँसती जाती है - कमर तक धँस जाती है। कुछ देर बाद उसके हाथ ऊपर रह जाते हैं जो घोड़े के अदृश्य होने की दिशा में हिल-हिल कर उसे रोकने का असफल प्रयास करते रह जाते हैं।
हर बार जगने पर राजकुमारी को इस सपने से घबराहट होती है लेकिन अक्सर सोते-जागते उसे सायास या अनायास यह सपना दिखाई दे जाता है। उसने कई बार कोशिश की है कि अपने सपने के राजकुमार का चेहरा देख ले लेकिन हर बार उसका चेहरा बादलों और धुंध के बीच गड्ड-मड्ड हो जाता है । शुरू-शुरू में यह चेहरा त्रिवेणी जैसा लगता। बहुत दिनों तक लगता रहा। बाद में जैसे-जैसे त्रिवेणी की स्मृति धुँधलाती गई, चेहरे का आकार भी अस्पष्ट होता गया। कई बार ऐसा हुआ कि राजकुमार का चेहरा शंकर के चेहरे से मेल खाने लगा। ऐसा जब भी हुआ, पसीने से भीगी राजकुमारी के बर्फ में डूबे हाथों ने भागते हुए अश्वारोही का आवाहन करने से इनकार कर दिया। हर ऐसे अनुभव के बाद, जब कभी राजकुमारी घबराकर उठी है, उसे स्थिर होने में काफी समय लगा है।
आज भी राजकुमारी अर्द्धनिमीलित अवस्था में पुराने सपनों में डूब गई। आज उसे गौर से देखा तो उसे लगा कि राजकुमार का चेहरा किसी कम उम्र किशोर की तरह था। उसने बार-बार सुरेंद्र के चेहरे को याद करने की कोशिश की लेकिन सुरेंद्र का चेहरा धुँधला-सा उभरता और उसकी पकड़ से फिसलता चला जाता।
दरअसल सोते समय देखे गए सपनों के अलावा उठते-बैठते घर में काम करते-करते भी राजकुमारी एक सपना देखती रहती थी। यह सपना भी राजकुमार से ही संबंधित था। माँ के मरने के बाद से ही राजकुमारी को किसी ऐसे राजकुमार का इंतजार रहने लगा था जो उसे अकेलेपन की यातना से मुक्ति दिलाकर कहीं दूर ले जाता। खाली समय में, वह पड़ोस से माँगे गए घटिया उपन्यास पढ़ती और इन उपन्यासों से उसे और भी मानसिक खुराक मिलती। वह अपनी कल्पना के राजकुमार के खयालों में डूबे-डूबे खुद ही मुस्कुराती, नाराज होती, सिसकियाँ भरती और कभी-कभी खुद से संवाद करने लगती। कई बार ऐसा हुआ है कि उसे बुदबुदाते देखकर मुंशीजी चौंक गए हैं या पप्पू हँसने लगा है। हर बार शरमाकर राजकुमारी चुप हो जाती है और घबराकर जल्दी-जल्दी दूसरा काम करने लगती है। इस घबराहट में कभी उसका हाथ जलते तवे पर पड़ जाता, कभी गिलास से पानी छलक जाता और कभी उँगली में सुई चुभ जाती।
पहले जब कभी मुंशीजी बाहर राजकुमारी की शादी की बात चलाकर आते और घर में उत्साहित स्वर से बातें करना शुरू करते, इन सपनों की रफ्तार बढ़ जाती। सपनों में खोई राजकुमारी हर पल उस राजकुमार का इंतजार करने लगती। कभी-कभी मुंशीजी लड़के की तस्वीर घर ले आते, तब राजकुमार का चेहरा काफी स्पष्ट उभरता। राजकुमारी चोरी-छिपे तस्वीर देखती और रात में अपने सपने के राजकुमार के फ्रेम में इसे मढ़ लेती। हर बार शादी की बात बीच में ही टूट जाती। राजकुमारी इस हादसे की इतना ज्यादा अभ्यस्त हो गई थी कि उसे यह जानने के लिए कि उसकी शादी की बात टूट गई है, किसी के मुँह से कुछ सुनने की जरूरत नहीं पड़ती। मुंशीजी के घर में घुसने, कोट उतारने, बात करने या खाना खाने के अंदाज से ही उसे पता चल जाता कि एक बार फिर उसके शादी की बात टूट गई है और अभी न जाने कब तक के लिए उसकी नियति इस नर्क से जुड़ी हुई है, जिसे घर कहते हैं। तब उसके सपनों में खोने की रफ्तार ज्यादा बढ़ जाती है और उसके सपनों के राजकुमार का चेहरा पहले की ही तरह धुँधला और अस्पष्ट हो जाता है।
काफी देर बाद जब वह अपने स्वनिर्मित संसार से वापस लौटी तो जाड़े की रात अपने पूरे भयावह विस्तार के साथ उतर चुकी थी। वह हड़बड़ाकर उठी। समय का अंदाज नहीं लग रहा था। घर की इकलौती घड़ी मुंशीजी के साथ चली गई थी। राजकुमारी का आज पूरा दिन ऐसे ही चला गया था। अभी उसे दिन के बर्तन माँजने थे, शाम का खाना बनाना था। मजे की सर्दी पड़ रही थी। इस सर्द मौसम में ठंडे पानी से बर्तन माँजने का खयाल ही काफी कष्टदायक था। थोड़ी देर और आलस से पड़े-पड़े बदन की टूटन को महसूस करने की कोशिश वह करती रही। लेकिन उसे उठना ही था और वह उठी।
नल के नीचे जूठे बर्तनों का ढेर देखकर वह कोफ्त से भर उठी। बेमन से उसने ठंडे पानी के धार के नीचे अपनी हथेली डाली और खींच लिया। उसका हाथ सुन्न हो गया था। थोड़ी देर तक वह अपनी हथेलियाँ रगड़ती रही। थोड़ी गर्माहट आते ही उसने पूरा हाथ नल के नीचे डाल दिया। दो थालियाँ धोते-धोते उसकी हिम्मत जवाब दे गई। उसने मन-ही-मन तय किया कि आज सिर्फ खिचड़ी बनाएगी। इस फैसले से उसके मन में अतिरिक्त उत्साह का संचार हुआ। खिचड़ी के लिए उसे सिर्फ एक पतीली साफ करने की जरूरत पड़ेगी। दो थालियाँ हो गईं, एक और साफ करेगी, खुद मुंशीजी की जूठी थाली में खा लेगी। बचपन में उसमें और विनोद में कितना झगड़ा होता था, मुंशीजी की जूठी थाली में खाना खाने के सवाल को लेकर। अक्सर माँ फैसला करती। अब यह सब चीजें बेमानी लगती हैं। अब तो पहले की तरह मुंशीजी, विनोद या पप्पू की फरमाइशें भी नहीं रहीं। जो कुछ राजकुमारी बना देती है, सभी सिर झुकाए उसे खा लेते हैं। केवल पप्पू ही कभी-कभी कुछ प्रतिक्रिया व्यक्त करता है। लेकिन उसकी प्रतिक्रिया भी अब केवल झुँझलाकर आधी खाई थाली सरका देने-भर रह गई है। मुँह से कुछ नहीं कहता। राजकुमारी कितना तरसती है कि पहले की तरह मुंशीजी सब्जी या दाल में नमक ज्यादा होने पर चुहल करें, विनोद या पप्पू मनपसंद खाना न बनाने पर उससे झगड़ें और राजकुमारी जब तक दूसरे दिन उसका मनपसंद खाना न बना दे तब तक गुस्सा उसकी नाक पर भिनकता रहे। राजकुमारी ने माँ से सीखा था कि किस तरह तमाम आर्थिक तंगियों के मध्य लजीज खाना बनाया जाए। बचपन में वह माँ से कितनी ईर्ष्या करती थी, जो मशीन की तरह तेजी से, बिना किसी विशेष सामग्री के मजेदार खाना बनाती थी। उसे लगता कि वह कभी ऐसा खाना नहीं बना सकेगी, लेकिन उसने धीरे-धीरे माँ से सब कुछ सीख लिया। माँ के मरने के बाद, उसका प्रयास यही रहा कि किसी को भी माँ की कमी महसूस न हो सके। शुरू में ऐसा हुआ भी लेकिन बाद में न जाने क्या हुआ कि घर के सारे सदस्य अलग-अलग द्वीपों की तरह एक-दूसरे से दूर होते गए। अब जिस संवादहीनता की स्थिति में वे पहुँच गए थे, उसमें यह संभव नहीं रह गया था कि खाना खाने जैसे अनौपचारिक मौके पर भी उनके बीच किसी तरह की गर्माहट शेष रह सके।
केवल खिचड़ी पकाने के फैसले से राजकुमारी की कोफ्त कुछ कम हुई। उसने पतीली साफ की और बाकी जूठे बर्तन नल के एक तरफ सरका दिए। ठंड से सिहरते हुए जल्दी-जल्दी अपने हाथ साफ किए और साफ बरतनों को उठाकर रसोई में आ गई। जल्दबाजी में अँगीठी सुलगाना तो वह भूल ही गई थी। उसे एक बार फिर अपने पर झुँझलाहट हुई। उसने जल्दी-जल्दी अँगीठी चौके के बाहर निकाली, सबेरेवाली राख नल के किनारे पड़े जूठे बर्तनों के पास उड़ेली और खाली अँगीठी उठाकर आँगन के किनारे आ गई, जहाँ कोयले का ढेर पड़ा हुआ था। अँगीठी में कोयला भरते-भरते उसने समय का अंदाजा लगाने की कोशिश की। जाड़े की अँधेरिया रात अपने बारे में किसी तरह का अंदाज लगाने से रोक रही थी। बहरहाल आस-पास के घरों से आ रही आवाजों से इतना अहसास तो उसे हो ही चला था कि काफी देर हो गई है और मुंशीजी किसी भी क्षण आ सकते हैं। वह जानती है कि थके-माँदे लौटने पर खाना तैयार न देखकर मुंशीजी कुछ कहेंगे नहीं, चुपचाप मुँह ढँककर लेट जाएँगे लेकिन उनका कुछ न कहना ही राजकुमारी के लिए ज्यादा यातनादायक सिद्ध होगा। कोयला भरते हुए उसके हाथों की रफ्तार और ज्यादा बढ़ गई। कोयला भरकर, उसने कुछ लकड़ियाँ सुलगाकर अँगीठी में डालीं और सुलगने के लिए अँगीठी उठाकर बाहर गलियारे में रख आई।
वापस रसोई में आकर उसने चावल थाली में निकाला और बीनना शुरू कर दिया। अभी उसने चावल बीनना खत्म किया ही था कि बाहर दरवाजे पर दस्तक सुनाई पड़ी। हे भगवान, मुंशीजी आ गए क्या! उसने घबराहट में थाली जमीन पर रख दी और बाहर को भागी। दरवाजा खोलते ही वह यंत्रवत खड़ी रह गई। सामने त्रिवेणी खड़ा था। उसकी ओर त्रिवेणी की नजरें परिचित अंदाज से मिलीं और झुक गईं। नजरें बचाते-बचाते जो कुछ त्रिवेणी ने कहा, उसका आशय था कि वह मुंशीजी और विनोद के साथ आया है। विनोद गली के नुक्कड़ पर किसी से बात कर रहा है और मुंशीजी थोड़ा पहले ही रिक्शे से यह कहकर उतर गए थे कि बस आते ही हैं। त्रिवेणी के कथन का न जाने कितना अंश राजकुमारी समझ पाई, वह चुपचाप दरवाजे पर सटकर एक किनारे खड़ी हो गई। त्रिवेणी पहले भी आ चुका था। अंदर आकर, वह सीधा मुंशीजी के कमरे की तरफ बढ़ गया।
पता नहीं कितनी देर तक राजकुमारी दरवाजा पकड़े खड़ी रही। विनोद के कदमों की आहट ने उसकी तंद्रा भंग की। विनोद दरवाजा पार कर अंदर आ रहा था, उसे चुपचाप वहाँ खड़ा देख, ठिठककर रुकने लगा लेकिन राजकुमारी बिना उसे कुछ बोलने का मौका दिए, बाहर गली में निकल आई। अँगीठी में आँच अभी ऊपर तक नहीं आ पाई थी। चुपचाप उसने कोयले कुरेदने शुरू कर दिए। कोयले कुरेदने से जल्दी कुछ होनेवाला नहीं था, लिहाजा वह अंदर गई और पंखा उठा लाई। पंखा झलने से कुछ फर्क पड़ा और ऊपरी सतह के नीचे लाल-लाल चिनगारियाँ दिखाई देने लगीं। उसे पता था कि मुंशीजी आते ही त्रिवेणी के लिए चाय बनाने को कहेंगे। घर में न दूध है और न चीनी। गनीमत है कि विनोद मौजूद है, नहीं तो उधार चीनी लाने शंकर और दूध लाने ग्वाले के घर तक उसे ही जाना पड़ता। ग्वाले के घर तक तो वह जा सकती है किन्तु शंकर की दुकान तक जाने के खयाल से ही उसे वितृष्णा होने लगती है।
गली के मोड़ पर मुंशीजी दिखाई दिए। उनके हाथ में एक कुल्हड़ था। शायद उसमें दही था। तो क्या त्रिवेणी यहीं खाना खाएगा, राजकुमारी की घबराहट बढ़ गई। उसने घबराकर अँगीठी के लोहे का हैंडल नंगे हाथों से पकड़ा और लगभग दौड़ते हुए आँगन में घुस गई। आँगन के मध्य तक पहुँचते-पहुँचते उसके हाथ जलने लगे और उसे अँगीठी जमीन पर रखनी पड़ी। जमीन पर अँगीठी रखकर उसने आँचल से उसे पकड़कर उठाया और रसोई में लेकर चली गई। तब तक मुंशीजी भी अंदर आ गए थे। वे सीधे रसोई में ही चले गए। उनके एक हाथ में दही था और दूसरे हाथ में कुछ मूलियाँ और एक नींबू था। राजकुमारी ने चुपचाप सारी चीजें उनके हाथ से ले लीं। अब तक उसे पक्का यकीन हो चुका था कि त्रिवेणी यहीं खाना खाएगा। इसलिए मुंशीजी के कथन को उसने महज औपचारिक सूचना के तौर पर लिया। हाँ, एक झूठ जरूर उसके मुँह से अनजाने में निकल गया। उसने मुंशीजी को बता दिया कि उसने सबके लिए खिचड़ी बना दी है, केवल सलाद भर काटकर वह खाना लगा देगी। मुंशीजी चले गए।
राजकुमारी ने फटाफट दाल साफ की और अँगीठी पर खिचड़ी चढ़ा दी। आँच कुछ कम थी, उसने फिर पंखा लेकर झलना शुरू कर दिया। खिचड़ी बनने में समय ही कितना लगता है। जब तक खिचड़ी बनेगी, वह सलाद काट लेगी। अंदर से त्रिवेणी के जोर से हँसने की आवाज आई, साथ में मुंशीजी की हल्की आवाज भी थी। अंदर त्रिवेणी और मुंशीजी कुछ उत्तेजित आवाज में बातें कर रहे थे। राजकुमारी नें कान लगाकर सुनने की कोशिश की। केवल एक शब्द नौकरी उसके कान में बार-बार पड़ा। तो क्या विनोद को नौकरी मिल गई! राजकुमारी का मन छलछला उठा। अव्यक्त खुशी से उसका बदन पुलकित हो गया। चुपचाप रसोई में से निकलकर वह बरामदे में खंभे से चिपककर खड़ी हो गई। अंदर कमरे में बैठे हुए तीन व्यक्तियों में से केवल विनोद ही उसे दिखाई पड़ रहा था। त्रिवेणी बार-बार विनोद को मिठाई खिलाने के लिए कह रहा था। मुंशीजी भी उत्साहित स्वर में उसका समर्थन कर रहे थे लेकिन न जाने क्या बात थी कि विनोद बुझे मन से बैठा-बैठा सुबह का अखबार उलट रहा था। शायद मुंशीजी के सामने अपनी खुशी जाहिर करने से शरमा रहा हो। राजकुमारी का मन हुआ कि भागकर ऊपर छत पर चली जाए और बिन्नी को बता दे लेकिन उसने अपने ऊपर नियंत्रण किया और रसोई में चली आई। विनोद की नौकरी पक्की होने पर ही मुंशीजी त्रिवेणी को खाना खाने के लिए घर ले आए हैं।
राजकुमारी ने अपने हाथ तेज कर दिए। खिचड़ी करीब-करीब बन चुकी थी। उसने मूली काट डाली। बाहर का एक मेहमान बैठा है और उसने सिर्फ खिचड़ी बनाई है - राजकुमारी को शर्म महसूस होने लगी। कम-से-कम सलाद तो ठीक होती। उसने टमाटर की तलाश में पूरी रसोई छान डाली। एक भी टमाटर नहीं मिला। एक ही उपाय था कि कोई शंकर की दुकान तक जाए और ले आए। उस समय कोई और दुकान तो खुली नहीं होगी। शंकर की दुकान और घर एक ही होने से किसी भी वक्त कोई सामान लिया जा सकता था। राजकुमारी बाहर निकलकर बरामदे में आ गई। विनोद कमरे में सिर झुकाए बैठा दिखाई दे रहा था। उसने उसे हाथ से इशारा किया लेकिन विनोद चुपचाप अखबार के पन्ने में नजरें डाले बैठा रहा। विनोद का ध्यान आकर्षित करने के लिए उसने कई तरह के उपाय किए लेकिन उसके खाँसने, खँखराने या हल्की आवाजों का विनोद पर कोई असर नहीं पड़ा। पता नहीं, कौन सी बात थी जिसके चलते अखबार से सर उठाना उसके लिए नामुमकिन हो गया था। झुँझलाकर राजकुमारी वापस रसोई में आ गई। खिचड़ी पक चुकी थी, उसने उसे उतारकर जमीन पर रख दिया। शंकर के घर उसे ही जाना पड़ेगा। रसोई का पल्ला भेड़कर वह घर के बाहर आई। शंकर का घर ज्यादा दूर नहीं था। लेकिन बाहर की सर्दी और शंकर के घर जाने के ख्याल से उत्पन्न हुई जुगुप्सा ने राजकुमारी की चाल काफी धीमी कर दी। उसने सर्द हवा के थपेड़ों से बचने के लिए अपनी महीन सूती साड़ी कसकर चेहरे पर लपेट ली किन्तु बला की सर्दी थी और राजकुमारी बीच-बीच में सिहर उठती थी।
शंकर से मुंशीजी के परिवार का पुराना रिश्ता था। जब से वे लोग इस मुहल्ले में आए हैं, राजकुमारी को याद नहीं पड़ता कि कोई महीना ऐसा गुजरा है जिसके अंत में शंकर के यहाँ से उधार लेने की नौबत न आई हो। कितनी बार मुंशीजी ने उससे छुटकारा पाने की कोशिश की है लेकिन हर बार हार गए हैं। माँ थी तो इसी बात पर मुंशीजी से लड़ती थी लेकिन उसे भी पता था कि बिना शंकर की मदद से उसकी गृहस्थी की गाड़ी हर महीने चल नही पायेगी । लिहाजा शुरू से ही जोड़-तोड़ करने के बावजूद महीने के आखिरी में वह भी समर्पण कर ही देती थी। माँ के मरने के बाद धीरे-धीरे विनोद और पप्पू का रिश्ता घर से खत्म होता गया, लिहाजा उधार लेने शंकर की दुकान तक या तो मुंशीजी जाते या फिर राजकुमारी को जाना पड़ता। अक्सर जब कई महीने का हिसाब बिन चुका रहा जाता और शंकर उधार देने से इनकार करने लगता था मुंशीजी राजकुमारी को ही भेजते। शुरू के सालों में शंकर के लड़के की राजकुमारी में काफी दिलचस्पी थी। अक्सर उसके स्कूल जाने के समय वह गली के मोड़ पर खड़ा रहता, कभी-कभी उसके स्कूल तक पीछा करता। शंकर की अनुपस्थिति में वह दुकान पर बैठता था। अगर कभी ऐसे मौके पर राजकुमारी दुकान पर आ जाती तो उसकी बांछें खिल जातीं। उसकी एक सीमा तक छेड़छाड़ राजकुमारी को भी अच्छी लगती। उसके आँख मारने, उँगलियाँ छू लेने या कलाई पकड़ लेने पर राजकुमारी हल्के से हँस देती और दुकान के बाहर भाग आती। दुकान और घर एक ही इमारत में होने के कारण शंकर के लड़के का साहस इससे ज्यादा बढ़ने का होता भी नहीं। बाहर पार्क या सिनेमाहाल में मिलने के उसके प्रस्ताव को चाहते हुए भी स्वीकार करने का साहस राजकुमारी नहीं जुटा सकी थी। बाद में धीरे-धीरे उसकी दिलचस्पी राजकुमारी में से खत्म हो गई थी। मोहल्ले में और न जाने कितनी लड़कियाँ राजकुमारी की जगह लेने को तैयार हो गई थीं और चूँकि मोहल्ले के अधिकांश घर भी शंकर के कर्ज से डूबे थे लिहाजा उसने दूसरी लड़कियों में दिलचस्पी लेनी शुरू कर दी थी।
शंकर अपनी दुकान में तख्ते पर रजाई ओढ़े बैठा था। दरअसल उसके घर का बाहरवाला कमरा ही उसकी दुकान थी जिसमें वह रोजमर्रा के जरूरत की हर चीज रखता था। दुकान का एक पल्ला खुला था और अंदर एक मद्धिम-सी लालटेन जल रही थी। राजकुमारी खुले पल्ले से अंदर घुसी। शंकर शायद ऊँघ रहा था। उसने दो-एक बार आँखें मिचमिचाई और चैतन्य होकर राजकुमारी को देखने लगा। उसकी आँखों में राजकुमारी को देखते ही चमक आ गई। उसकी यही चमक राजकुमारी के मन में भय और घृणा उत्पन्न करती थी। घर के अंदर से कोई आवाज नहीं आ रही थी। लगता था, सभी या तो कहीं बाहर गए हुए हैं या फिर सो गए हैं। राजकुमारी की घबराहट बढ़ गई। उसने बड़ी मुश्किल से टमाटर की टोकरी की तरफ इशारा किया और उसके मुँह से एक पाव निकला। टमाटर तौलते समय भी शंकर की आँखों में वही चमक थी। उसका ध्यान टमाटर तौलने पर कम था और राजकुमारी के बदन के उतार-चढ़ाव पर ज्यादा। उसने कमोबेश जैसा हुआ टमाटर तौलकर तराजू का पलड़ा राजकुमारी की तरफ बढ़ाया। राजकुमारी झोला लाना भूल गई थी। उसने हड़बड़ाकर अपनी साड़ी का पल्लू आगे कर दिया। शंकर ने बाएँ हाथ से तराजू के टमाटर उसके पल्लू में गिराए और उसका दाहिना हाथ अचानक राजकुमारी की छाती पर पहुँच गया। राजकुमारी एकदम से चिहुँककर पीछे हटी। उसके पल्लू से टमाटर गिरते-गिरते बचे। शंकर ने एकदम से रजाई पीछे फेंकी और उसके ऊपर झपटने की कोशिश की लेकिन तब तक राजकुमारी सँभल चुकी थी। शंकर की पकड़ में आने के पहले ही वह खुले पल्ले से बाहर निकल भागी। बाहर सड़क पर भी लगभग बीस गज उसने दौड़कर तय किया। चारों तरफ सन्नाटा था, इसलिए किसी ने देखा नहीं लेकिन फिर भी कोई देख न ले, इस भय से राजकुमारी के पाँव जकड़ गए। उसने रुककर अपने अस्त-व्यस्त कपड़े ठीक किए, अपनी तेज चलती साँस को काबू में करने की कोशिश की और लंबे-लंबे डग भरते हुए रास्ता तय कर लिया।
मुंशीजी, लगता है उसी को तलाश रहे थे क्योंकि जब वह पहुँची तो वे रसोई में झाँककर वापस आ रहे थे। उसे आता देखकर, ठिठक कर खड़े हो गए। उनके चेहरे पर दोपहरवाला भाव क्षण-भर को आया लेकिन इस बीच राजकुमारी ने टमाटर हाथ में ले लिए थे। टमाटर उसके हाथों में देखकर उनका चेहरा कोमल हो गया और वे अंदर चले गए। राजकुमारी ने खिचड़ी को छूकर देखा, ठंडी हो गई थी। अँगीठी अभी बुझी नहीं थी, उसने फिर से खिचड़ी उस पर चढ़ा दी। इसी बीच उसने मूली और टमाटर धोकर सलाद काट डाला। शंकरवाला प्रसंग हालाँकि ताजा था लेकिन उसके प्रभाव से वह काफी हद तक मुक्त हो गई थी। इतनी बार उसे इस तरह का अनुभव हुआ है कि ज्यादा देर तक अब उसके दिमाग पर तनाव नहीं रहता। खिचड़ी उतारकर उसने थालियों में परोसा, कटोरियों में दही निकाली और थालियों के एक किनारे सलाद लगा दी। फिर वह उठकर बाहर गई और विनोद को बुला लाई। हालाँकि विनोद अभी भी अनमना था लेकिन इस बार राजकुमारी धृष्टता पर उतारू हो गई और विनोद को उसकी तरफ देखकर उठना ही पड़ा। विनोद पहले पानी ले गया। कमरे में एक मेज पड़ी थी जिसे कुछ दिनों तक वह पढ़ने के लिए इस्तेमाल करता था, बाद में वह सामान और गंदे कपड़े वगैरह रखने का स्टैंड बन गई थी। मुंशीजी ने तब तक सब सामान उतारकर कोने में पड़ी चारपाई पर डाल दिया। विनोद ने उसी पर थालियाँ लगा दीं और तीनों लोग अपनी-अपनी कुर्सियाँ खींच कर खाने लगे।
राजकुमारी बाहर खंभे की ओट में खड़ी हो गई। इस बार सामने त्रिवेणी दिखाई दे रहा था। मुंशीजी ने खिचड़ी बनने की कुछ सफाई देनी चाही लेकिन त्रिवेणी के कुछ औपचारिक शब्दों से उनका बोलना बंद कर दिया। राजकुमारी चुपचाप त्रिवेणी का खाना देखती रही। त्रिवेणी उसका बालसखा था। तहसीलदार साहब की कोठी के पिछवाड़े, आम के बगीचे में, उसके साथ बिताए क्षण उसे अभी तक याद हैं। वर्षों बाद त्रिवेणी ने जब फिर से मुंशीजी के घर आना शुरू किया तो झिझक की एक अनचाही दीवार दोनों के बीच आ गई थी। दोनों की नजरें एक-दूसरे से मिलतीं और झुक जातीं। पता नहीं क्या था कि चाहते हुए भी वे एक-दूसरे से बात नहीं कर पाते। जिस दिन त्रिवेणी घर आता, राजकुमारी के सपनों के राजकुमार की शक्ल कुछ-कुछ उससे मिलने लगती। त्रिवेणी ने उसे कभी नहीं बताया लेकिन उसे पता है कि त्रिवेणी की शादी हो चुकी है और उसके बच्चे भी हैं। इसके बावजूद त्रिवेणी उसके सपनों में सबसे ज्यादा टिकनेवाला राजकुमार रहा है और रहेगा। मुंशीजी खाना खत्म करके उठ गए थे और हाथ धोने बाहर की तरफ आ रहे थे। राजकुमारी तेजी से अंदर रसोई की तरफ सरक गई।
तीनों ने बाहर आँगन में बारी-बारी से हाथ धोए। विनोद थालियाँ उठाकर बाहर रख गया। थोड़ी देर तक और वे कमरे में बैठे और उसके बाद त्रिवेणी उठकर बाहर जाने लगा। शायद मुंशीजी ने कहा था, विनोद त्रिवेणी को छोड़ने के लिए उसके साथ-साथ बाहर निकल आया। मुंशीजी वापस कमरे में आकर चारपाई पर लेट गए। शायद बुरी तरह से थक गए थे। सबेरे से ही दौड़ रहे थे। राजकुमारी ने झाँककर अंदर देखा, वे एक हाथ आँखों पर रखे रोशनी से बचने का प्रयास करते हुए लेटे थे।
राजकुमारी ने पतीली में झाँककर देखा। थोड़ी-सी खिचड़ी और बची थी। उसने उसे ढँककर एक तरफ रख दिया। पप्पू आएगा तो खा लेगा। खुद टमाटर के बचे-खुचे टुकड़ों में से एकाध खाकर उठ गई। अच्छा हुआ किसी ने कुछ माँगा नहीं। वैसे मुंशीजी और विनोद तो माँगते नहीं। त्रिवेणी भी कुछ माँग न बैठे शायद इसीलिए मुंशीजी जल्दी-जल्दी खाकर उठ गए थे और त्रिवेणी के खाना खत्म करने की प्रतीक्षा किए बिना बाहर हाथ धोने निकल आए थे।
खत्म हुआ दिन राजकुमारी के लिए कितना मायने रखता था। विनोद को नौकरी मिलने की बात पूरे परिवार के लिए महत्वपूर्ण थी और जिस्म का अनुभव उसके अपने लिए। विनोद को नौकरी में ऐसी बहुत-सी संभावनाएँ थीं, जिनके बारे में पूरी रात सोचा जा सकता था पर राजकुमारी तन और मन दोनों से बुरी तरह थक चुकी थी इसलिए अब कुछ भी न सोचकर चुपचाप लेटना चाहती थी। लेकिन पप्पू अभी नहीं आया था इसलिए सोना निरर्थक था क्योंकि उसके लिए फिर से दरवाजा खोलने के लिए जगना पड़ता और सोते में से जगने से उसे बड़ी चिढ़ होती थी। इसलिए वह सिर्फ लेटना चाहती थी। लेटे-लेटे वह पप्पू का इंतजार करने लगी। उसने शाम के अपने अनुभव को महसूस करने की कोशिश की। सब कुछ बड़ा धुँधला-सा लग रहा था। ऐसा लग ही नहीं रहा था कि अभी कुछ ही घंटे पहले वह इतने बड़े अनुभव से होकर गुजरी है। उसने करवट बदली। पप्पू को न जाने क्या हो गया है। लड़का सुबह से न जाने कहाँ मारा-मारा फिरता है। दोपहर में सिर्फ खाना खाने आया था। राजकुमारी का मन पप्पू के लिए उदास हो गया। उसे लगा कि घर के अलग-थलग द्वीपों से बँट जाने से अगर सबसे ज्यादा किसी का नुकसान हुआ है तो पप्पू का। राजकुमारी ने सब कुछ भूल जाने की कोशिश की। इस घर में दुख से छुटकारा पाने का सबसे अच्छा उपाय था, सब कुछ भूल जाना। दिन-भर की थकी राजकुमारी के लिए भूलना इतना मुश्किल भी नहीं था। धीरे-धीरे पप्पू, विनोद, मुंशीजी, त्रिवेणी, सुरेंद्र सबकी आकृतियाँ एक-दूसरे में गड्ड-मड्ड होकर धुँधली पड़ने लगीं और नींद के खिलाफ संघर्ष करती हुई राजकुमारी ऊँघने लगी।
﻿
मुंशीजी का दिन शुरू हो गया है। पीली, मटमैली धूप के चकत्ते बीमार शरीर पर फैले कोढ़ के दाग की तरह छत पर इधर-उधर पसर गए हैं। रिटायर होने के बावजूद मुंशीजी बहुत सारी आदतें नहीं छोड़ पाए हैं, जिनमें से एक अलस्सुबह धूप की उजास में बैठकर अखबार पढ़ना है। उन दिनों जब मुंशीजी को भोर में उठकर ट्यूशन पढ़ाने तीन मील पैदल जाना पड़ता था, तब भी वे इसी तरह अपने दिन की शुरुआत करते थे और आज जब पूरा दिन खाली-खाली-सा बीतता है, तब भी दिन की शुरुआत इसी तरह होती है। फर्क सिर्फ इतना आया कि उन दिनों भाग-दौड़ में सिर्फ हेडलाइन्स देख पाते थे, पूरी खबरें तो सबेरे के तीनों ट्यूशन खत्म करने के बाद खाना खाते समय या स्कूल जाते समय रास्ते में पढ़ पाते थे। आजकल तो पूरा अखबार एक बैठक में चाट जाते हैं। यहाँ तक कि फिल्मी पन्ने से लेकर बाजार भाव तक कुछ भी नहीं बचता। अखबार पढ़ते समय वे लगातार बीड़ियाँ फूँकते रहते हैं और जब तक अखबार खत्म होता है, तब तक खत्म होनेवाली एक बंडल बीड़ियाँ अपना असर दिखाने लगती हैं और उन्हें पाखाने की तलब महसूस होने लगती है।
हालाँकि आज का दिन अन्य दिनों की अपेक्षा कुछ विशिष्ट था लेकिन शुरू इसी तरह हुआ। महीने में एक दिन उन्हें पेंशन लेने सरकारी खजाने तक जाना पड़ता है। यही एक दिन ऐसा होता है जब उन्हें बहुत सारी चीजें सार्थक लगने लगती हैं। उस दिन वे झाड़-पोंछकर उस कोट को एक बार फिर से पहनते हैं जिसे वे शुरू से ही खास मौकों पर पहनते आए हैं। उनकी घटना-विहीन जिंदगी में ये खास मौके कभी-कभी ही आते थे। जब कभी डिप्टी साहब का मुआयना होता या वे जिले के किसी अफसर को सलाम करने मुख्यालय जाते या बच्चों को बहका-फुसला कर तारा के साथ कभी-कभार सिनेमा देखने चले जाते-तभी इस कोट को पहनने की नौबत आती, वरना उस कस्बाई स्कूलों में जहाँ वे पढ़ाते रहे हैं, बिना इसे पहने उनका काम ज्यादा सहजता से चल जाता रहा है। रिटायर होने और तारा की मृत्यु के बाद तो इस कोट का इस्तेमाल और भी कम हो गया है। रिटायरमेंट के बाद शुरू-शुरू में जरूर उन्हें इस बात का शौक था कि शाम को अपने एकमात्र कोट को पहनकर वे पार्क की तरफ निकल जाएँ, देर तक टहलें, पेंशन-याफ्ता बाबुओं से दुनिया-भर की बातों पर बहसें करें और फिर लाइब्रेरी से होते हुए देर रात बीते घर लौटें। लेकिन अब तो उन्होंने बाहर निकलना भी काफी कम कर दिया है। एक तो गठिया बीच-बीच में उभर आता है, दूसरे बाहर निकलते ही तरह-तरह की बातें सुननी पड़ती हैं, खासतौर से राजकुमारी के बारे में, इसलिए वे भरसक घर से कम ही निकलते हैं।
जाड़े की सुबह होने की वजह से धूप के धब्बे सुखद लग रहे थे। लेकिन उठना तो था ही क्योंकि अभी आधे-एक घंटे तो उन्हें नहाने-धोने में ही लग जाएँगे। तब तक बगल के बड़े बाबू की लड़की ट्यूशन पढ़ने आ जाएगी। पढ़ाते-पढ़ाते नौ बज जाएँगे ओर उन्हें भाग-दौड़ में कपड़ा पहनने से लेकर खाना खाने तक का काम करना पड़ेगा क्योंकि खजाने में जल्दी पहुँचकर बाबुओं की चिरौरी नहीं शुरू की तो पूरा दिन खराब और फिर दूसरे दिन इसी कार्यक्रम को दोहराना पड़ेगा। अपनी बेजान टाँगों में गर्माहट लाने के लिए उन्होंने उसे हथेलियों से रगड़ा, आगे-पीछे चलाया और फिर काँखते हुए उठ खड़े हुए।
मुंशीजी सीढ़ियाँ उतरकर गली में आए तो करीब नौ बज रहा था। जाड़े की सुबह धीरे-धीरे गर्मा रही थी। गली में अभी भी कुछ अंगीठियाँ अपने-अपने दरवाजों के सामने पड़ी सुलग रही थीं। गनीमत थी कि इस समय अँगीठियाँ काफी कम थीं, इसलिए धुआँ भी काफी कम हो गया था वरना सुबह इधर से निकलना, मुंशीजी के लिए यातना से कम नहीं होता। रिटायर होने के पहले मुंशीजी छोटे-छोटे देहाती या कस्बाई स्कूलों में रहे थे जहाँ और चाहे जितनी असुविधाएँ रही हों, कम-से-कम, हवा तो साफ मिलती थी। मुंशीजी का मन विरक्ति से भर गया। उनकी कितनी साध थी कि रिटायर होने के बाद अपने गाँव चलकर रहा जाए। रिटायरमेंट करीब आने पर जिद्द करके मुंशीजी ने गाढ़े वक्त के लिए बचाया हुआ प्राविडेंट फंड का आधा पैसा निकालकर गाँव में पैतृक मकान के पास अपने लिए एक अलग मकान बनाने पर लगा दिया था। तारा ने बहुत समझाया कि मौका पड़ने पर भाई-भौजाई कोई साथ नहीं देगा। लेकिन वे नहीं माने। आज न तारा है और न ही मुंशीजी को भाइयों-भौजाइयों ने गाँव में फटकने दिया। मुंशीजी ने धुएँ की कड़ुआहट से बचने के लिए आँखें बंद कर लीं। पता नहीं वह धुएँ का तीखापन था या तारा की याद, उनकी आँखों में पानी छलछला आया। वे न तो फौजदारी कर सकते हैं और न ही उनके पास मुकदमेंबाजी के लिए पर्याप्त धैर्य और पैसा ही है, इसलिए उन्हें इसी मकान में रहना है। मकान के बारे में सोचना उनके लिए हमेशा कष्टदायक होता है, लिहाजा उन्होंने अपने सर को झटका दिया और आस-पास बिखरे कूड़े और पाखाने के ढेर से बचकर गली पार करने लगे।
गली के मोड़ पर मुहल्ले के कुछ लड़के स्कूल जाने की तैयारी में खड़े सिटी बस का इंतजार कर रहे थे। उन्हें देखते ही मुंशीजी के दिल की धड़कन बढ़ गई। अभी तक लड़कों ने उन्हें नहीं देखा था। वे आपस में ही चुहलबाजियाँ कर रहे थे और हँस रहे थे। मुंशीजी को लगा कि वे उन्हीं पर हँस रहे हैं और उनकी चाल और धीमी हो गई। वे गली की दीवार से सटकर चलने लगे ताकि कुछ देर और लड़कों के लिए अदृश्य बने रहें। इतना तो वे बचपन में परभू से भी से भी नहीं डरते थे। परभू का घर ठीक स्कूल जाने के रास्ते में पड़ता था। जब तक गाँव का स्कूल छूटा नहीं, मुंशीजी के लिए स्कूल की तैयारी परभू की उपस्थिति से जुड़ी रही। कितना मनाते थे कि आज परभू से मुलाकात न हो लेकिन परभू तो जैसे रोज उन्हीं की ताक में बैठा रहता था। उन्हें देखते ही उसके चेहरे पर कुटिल मुस्कान दौड़ जाती थी। कितना छेड़ता था उन्हें, रोज वे रुआँसे हो जाते, कभी-कभी तो रोने लगते। अक्सर माँ के कमरे में छिप जाते लेकिन स्कूल जाने के वक्त पिता ढूँढ़ ही निकालते। गाँव का स्कूल छूटने पर ही उससे मुक्ति मिली थी। बरसों बाद चटखारे ले-लेकर उन्होंने तारा को अपने छेड़े जाने की कथा सुनाई थी। कभी-कभी तारा भी शरारतन परभू की नकल में उन्हें लड़की कहकर चिढ़ाती थी लेकिन पहले की तरह न तो उनकी कनपटी लाल होती थी और न ही आवाज रुँधती थी। वे सहज भाव से हँस देते थे।
लड़के बहुत करीब आ गए थे। उनमें से कुछ की नजर मुंशीजी पर पड़ी। उनकी आँखों में शरारत तैर गई। निर्विकार तटस्थता का भाव चेहरे पर ओढ़े मुंशीजी ने उनके बगल से गुजर जाना चाहा। उनके बगल में पहुँचते ही एक लड़के ने अपनी बाईं आँख दबाई और अस्फुट स्वर में कुछ कहा। सारे लड़के हो-हो करके हँसने लगे। मुंशीजी के कानों में केवल ‘राज’ शब्द पड़ा। उनकी चाल तेज हो गई। गर्दन झुकाकर वहाँ से निकल जाना क्या इतना आसान था? अक्सर यही होता है। लगता है, जलती झाड़ियों में से होकर निकल रहे हैं। लाख बचाने पर भी अंदर-बाहर कुछ-न-कुछ जल जरूर जाता है। काफी दूर आकर मुंशीजी ने दम लिया। तेज चलने के कारण उनकी साँस फूलने लगी थी। लड़के पीछे छूट गए थे और अपमान व पीड़ा का दंश लिए मुंशीजी धीरे-धीरे घिसटने लगे।
शुरू-शुरू में यह अपमान ज्यादा सालता था लेकिन अब तो मुंशीजी इसके आदी होते जा रहे हैं। पहले जब कभी बाहर से इस तरह अपमानित होकर मुंशीजी लौटते; घर आकर राजकुमारी की बेतरह धुनाई करते। मारते-मारते जब थक जाते तो छत पर एक कोने मुँह लपेटे पड़े रहते। उस समय तारा की याद आती। अगर कहीं तारा जीवित होती तो इतना मार पाते राजकुमारी को? कितना चाहती थी इसे - लड़कों से भी ज्यादा। तारा जिंदा होती तो यह नौबत ही क्यों आती। बिन माँ की लौंडिया को भटकने में कितना वक्त लगता है, फिर अब तो राजकुमारी की बात सोचकर मुंशीजी खुद शरमाने लगे हैं। उसकी इस स्थिति के लिए मुंशीजी क्या कम जिम्मेदार हैं। शादी की उम्र निकलती ही जा रही है, अभी तक मुंशीजी कोई जुगाड़ नहीं बैठा पाए। गाँव के घर को ठीक कराने के लिए निकाले गए रुपयों के बाद प्राविडेंट-फंड में नौ हजार रुपए बचे थे। सोचा था, इतने में राजकुमारी के हाथ पीले कर देंगे। बीच में तारा बीमार पड़ गई। बदहवास मुंशीजी ने उसके इलाज के लिए बेतहाशा कर्जे लिए। वे किसी भी कीमत पर तारा को बचाना चाहते थे। उन्हें पता था कि अगर तारा ने भी साथ छोड़ दिया तो रिटायरमेंट के बाद बाकी बची जिंदगी को गुजारना किस कदर यातना-पूर्ण होगा। उनके सारे प्रयत्नों के बावजूद तारा बचाई नहीं जा सकी। सारे खर्चे चुकाने के बाद प्राविडेंट-फंड में महज साढ़े पाँच हजार और बचे थे। इस पूँजी को लेकर वे बाजार में राजकुमारी के लिए लड़का ढूँढ़ने निकले। शुरू में कुछ मिले भी लेकिन किसी का डील-डौल, रूप-रंग मुंशीजी को पसंद नहीं आया, कोई दुहाजू था तो किसी की माँग मुंशीजी के सामर्थ्य के बाहर निकली। जब तक मुंशीजी की समझ में यह बात आई कि पाँच-छह हजार रुपए लेकर सौदा तय करते समय वे अपनी पसंद-नापसंद की बात नहीं सोच सकते, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अब तो राजकुमारी की आँखों के नीचे वर्षों के इंतजार से पड़े काले धब्बे स्पष्ट झलकने लगे थे। अभाव और उपेक्षा से टूटा हुआ शरीर जवानी के शुरूवाले दिनों की चमक ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रख सका था और अट्ठाईस साल की उम्र में ही राजकुमारी बुढ़िया लगने लगी थी। अब तो तीन-चार बच्चों के बाप दुहाजू लड़के भी राजकुमारी को देखकर खामोश रह जाते और मुंशीजी के बहुत आजिजी से चिरौरी करने पर लेन-देने की उस सीमा तक पहुँच जाते जिसे छूना मुंशीजी के सामर्थ्य के बाहर होता। पिछले कुछ दिनों से मुंशीजी चुपचाप बैठ गए हैं। बार-बार का अपमान अब बर्दाश्त नहीं होता। फर्क सिर्फ इतना आया है कि जिंदगी-भर के अविश्वासी मुंशीजी ने नियमित पूजा-पाठ शुरू कर दिया है। रोज सबेरे थोड़ी देर पूजा पर बैठने का नियम बना लिया है। मंत्र-वंत्र तो कुछ आता नहीं - जिंदगी में कभी याद किया नहीं तो आए कैसे - बस चुपचाप आसन पर बैठकर आँखें मूँदे रहते हैं। शुरू-शुरू में पहले कुछ शांति मिलती थी पर अब तो घबराहट होने लगी है। खाली दिमाग में कैसे-कैसे विचार आते हैं। कभी राजकुमारी के बारे में, कभी विनोद के बारे में। अक्सर घबराहट में आँखें खुल जाती हैं और उस दिन उनकी पूजा जल्दी खत्म हो जाती है। लेकिन इसके बावजूद वे पूजा पर बैठते जरूर हैं। केवल पेंशन पानेवाले दिन इसमें नागा पड़ता है।
सोचते-सोचते न जाने कब कटरा पार कर मुंशीजी कचहरी के करीब पहुँच गए। अभी सिर्फ सवा दस बजा था। साढ़े दस बजे के पहले दफ्तर में कोई काम नहीं होगा, इसलिए नीम के पेड़ की छाया में खड़े होकर मुंशीजी सुस्ताने लगे। आस-पास चारों तरफ देखने पर भी कोई परिचित चेहरा नहीं दिखा। पहले हमेशा यहाँ तक पहुँचने पर दो-चार पेंशनयाफ्ता परिचित चेहरे दिखाई दे जाते थे। हो सकता है आज घड़ी कुछ तेज हो इसलिए मुंशीजी कुछ पहले आ गए हों। उन्होंने अपनी कलाई घड़ी को देखा। कितनी साध से जिद करके तारा ने यह घड़ी उनके लिए खरीदी थी। नई-नई नौकरी में मुंशीजी को हमेशा देर हो जाती। हेडमास्टर बहुत खूँखार था, रोज डाँटता। तारा ने काफी मेहनत से छोटी-छोटी जरूरतें काट-काट कर रुपए बचाए थे। मुंशीजी ने सोचा था कि तारा के लिए कोट बनवा देंगे। बेचारी हर साल जाड़ों में कितनी तकलीफें झेलती थी, लेकिन तारा की जिद के आगे उनकी एक न चली। नौकरी की शुरूआत में खरीदी गई घड़ी चालीस साल से उनके साथ थी। अब वे लापरवाह हो गए हैं। पहले घड़ी की सफाई वगैरह का बड़ा ध्यान रखते थे। अब तो कभी-कभी, कई-कई दिनों तक चाभी भी नहीं देते। घटना-विहीन जिंदगी में अब वक्त बहुत मायने भी तो नहीं रखता। सामने से त्रिवेणी चला आ रहा था। मुंशीजी ने छुटकारे की साँस ली। अतीत की अँधेरी सुरंग में भटकना कितना कष्टप्रद हो गया है।
त्रिवेणी ने आते ही मुंशीजी के पैर छुए। मुंशीजी को सुख मिला। त्रिवेणी मुंशीजी का शिष्य रह चुका था। बस्ती जिले के किसी तहसील मुख्यालय पर स्थित स्कूल में मुंशीजी ने उसे पढ़ाया था। नायब तहसीलदार का बेटा था, त्रिवेणी। उसके बाप के जरिए मिलनेवाली छोटी-मोटी सुविधाओं ने उसे अभावग्रस्त अध्यापकों के बीच काफी लोकप्रिय बना दिया था। मुंशीजी को तो वह कुछ खास ही प्रिय था। वे उसके घर ट्यूशन पढ़ाने जाते थे। हर महीने नायब साहब उन्हें पूरे दस रुपए गिनकर देते थे। उस समय के लिहाज से दस रुपए बहुत ज्यादा थे। बाद में पैसे का कोई महत्व नहीं रहा, मुंशीजी घर के आदमी हो गए। तारा के मायके वगैरह जाने पर अकसर वहीं खाना भी खा लेते और नायब साहब से गप्पें लड़ाते वहीं सो जाते। रिटायरमेंट के बाद त्रिवेणी से यकायक मुलाकात हो गई। इसी तरह खजाने के खुलने के इंतजार में मुंशीजी खड़े थे कि किसी ने आकर पैर छुए। पहचानने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। बस्ती छोड़ने के बाद भी त्रिवेणी से मुलाकात होती रही थी। नायब साहब बाद में तहसीलदार हो गए थे। तबादलों के दौर में कई बार मुंशीजी और वे टकराए थे। बाद में कई साल बाद त्रिवेणी से मुलाकात होने पर उन्हें पता चला कि वे अब नही रहे और त्रिवेणी अब वहीं ठेकेदारी कर रहा था। पी.डब्ल्यू.डी. का दफ्तर कचहरी से एकदम सटा हुआ था। मुंशीजी की पेंशनवाले दिन अक्सर त्रिवेणी से वहीं मुलाकात हो जाती थी।
त्रिवेणी हमेशा वही सवाल पूछता है। राजकुमारी कैसी है - शादी का क्या चल रहा है - विनोद की नौकरी का क्या हुआ - पप्पू इस बार तो पास कर लेगा न - मुंशीजी हमेशा वही उत्तर देते हैं। उन्हें कभी भी ऊब नहीं महसूस होती! और कोई पूछता तो शायद होती लेकिन त्रिवेणी के स्वर का अपनत्व उन्हें हमेशा अच्छा लगता है। इस भरे-पूरे शहर में एक ही तो आदमी है जो इतने लगाव से उनसे ऐसे सवाल करता है। वरना लोग कितने औपचारिक हो गए हैं। आवाज में बिना किसी उतार-चढ़ाव के कितने बड़े-बड़े सवाल कर जाते हैं। पहले जब मुंशीजी रोज टहलने निकलते थे तो दिन-रात साथ टहलने वाले पेंशनर्स की तटस्थ निर्वैयक्तिकता मुंशीजी को भीतर तक छील देती थी।
मुंशीजी गंभीरता से त्रिवेणी के सवालों का जवाब देते रहे हैं। राजकुमारी की शादी तो पिछले कई सालों से पक्की है। लड़के को छुट्टी नहीं मिलती इसलिए टलती जा रही है, इस बार साफ लिख दिया है कि करनी हो तो जाड़ों तक करो, नहीं तो हमें अपनी लड़की घर बैठाकर बूढ़ी नहीं करनी है। मुंशीजी जानते हैं कि, त्रिवेणी को पता है कि वे झूठ बोल रहे हैं फिर भी वे हर बार की तरह पूरी गंभीरता से झूठ बोलते हैं। मुंशीजी बड़े गौर से त्रिवेणी की आँखों में झाँकते हैं। त्रिवेणी की आँखों में कहीं भी वैसा भाव नहीं है जैसा अकसर राजकुमारी की बात चलने पर उनके कई परिचितों और मुहल्लेवालों की आँखों में आ जाता है। यहाँ तक कि पचपन साल के पड़ोसी बड़े बाबू की आँखों में भी राजकुमारी का जिक्र चलने पर कैसी वहशी चमक आ जाती है। थू - मुंशीजी के मुँह का स्वाद कड़ुआ हो जाता है। साला बड़ा बाबू। मुंशीजी उसका अपने घर में आना इसलिए बरदाश्त करते हैं, क्योंकि बड़े बाबू की लड़की मुंशीजी के यहाँ ट्यूशन पढ़ने आती है और मुंशीजी को तीस रुपए हर महीने बड़े बाबू से मिलते हैं। एक बार विनोद का कुछ सिलसिला जम जाए, फिर इस बड़े बाबू से भी मुंशीजी निपट लेंगे।
विनोद के बारे में मुंशीजी और चाहे सबसे झूठ बोलें लेकिन त्रिवेणी से कभी झूठ नहीं बोलते। विनोद ने पिछले दिनों कई जगह अप्लाई किया था। कहीं कोई टिप्पस नहीं भिड़ा। मुंशीजी उत्सुकता से त्रिवेणी को सारे विवरण बता रहे हैं। त्रिवेणी को यह बताने के पीछे खास कारण है। कई बार त्रिवेणी ने हल्का-फुल्का आश्वासन दिया था कि अपने दफ्तर के बड़े साहब से कहकर विनोद को कहीं-न-कहीं लगवा देगा। उसके दफ्तर में ही कितनी कैजुअल जगहें निकलती रहती हैं। हर बार मुंशीजी इसी उम्मीद से उसे पूरा विवरण सुनाते थे कि वह अपनी तरफ से कोई-न-कोई पक्का आश्वासन देगा। उनका आत्मसम्मान इस बात को गवारा नहीं कर सकता कि अपने पुराने शिष्य से आजिजी और गिड़गिड़ाहट के साथ अपने लड़के की नौकरी की बात करें। निश्चित था कि त्रिवेणी केवल अति व्यस्तता के कारण ही उनकी मदद नहीं कर पा रहा था, नहीं तो वे अपने शिष्य को अच्छी तरह पहचानते थे। लेकिन ऐसे कब तक चलेगा? कभी-न-कभी तो मुँह खोलकर कहना ही पड़ेगा, आज ही क्यों न कह डालें। अपने स्वर को खँखारकर सहज बनाने की कोशिश करते हैं। तरह-तरह से वाक्य-विन्यास करने की कोशिश करते हैं। बोलने के अंदाज से बेफिक्री जाहिर करने की कोशिश करते हैं। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद जब उनका स्वर फूटता है तो लगता है कि उनकी आवाज भर्रा गई है। हो सकता है कि यह उनका भ्रम रहा हो लेकिन यही भ्रम त्रिवेणी को भी हुआ, इसलिए जब चौंककर त्रिवेणी ने उनकी तरफ देखा तो उससे निगाह मिलाने की ताब मुंशीजी में नहीं थी।
तय हुआ कि शाम को मुंशीजी विनोद को लेकर त्रिवेणी के घर जाएँगे और वहाँ से दोनों लोग बड़े साहब के बँगले जाएँगे। त्रिवेणी चला गया। मुंशीजी को पूरा बदन हल्का लगने लगा था। हालाँकि यह पहला मौका नहीं था। कई बार विनोद को लेकर वे बड़े साहबों के बँगलों पर गए थे लेकिन त्रिवेणी के आश्वासन ने न जाने क्यों उन्हें पूरी तरह से आश्वस्त कर दिया था। इसके पहले त्रिवेणी जैसा ईमानदार मददगार मिला भी कब था ? इसके पहले लगभग हर बार सबेरे साथ घूमनेवाला कोई-न-कोई रिटायर्ड बाबू होता था जो बड़ी-बड़ी डीगें हाँककर मुंशीजी को किसी ऐसे बड़े साहब के बँगले पर ले जाता था जो उस बाबू के साथ कहीं-न-कहीं छोटे साहब के तौर पर रह चुका होता था। काफी देर बाहर बैठने या खड़ा रहने के बाद जब मुलाकात होती तो लगभग एक जैसी कहानी हर जगह दुहराई जाती। हर जगह बड़ा साहब बताता कि किस तरह जब वह छोटा साहब था उसने अपने बड़े साहब को पानी भरवा दिया था। रिटायर्ड बाबू उसे पुरानी गौरव-गाथा की एक-एक कड़ी याद दिलाता जाता था। पुरानी चापलूस मुस्कान एक बार फिर उसके चेहरे पर चिपक जाती। अपनी ईमानदारी, सख्ती और तेज-तर्रारी पर रिटार्यड बाबू की सहमति की मोहर लगावते-लगावते, बड़ा साहब बड़े अनुग्रह के साथ चाय पिलाता और चलते-चलते जब मतलब की बात आती तब तक बड़े साहब के कहीं-न-कहीं जाने का वक्त हो जाता और जल्दी ही कुछ-न-कुछ होने का आश्वासन पाकर मुंशीजी थके मन से बाहर निकल आते।
इसी बीच दो-तीन पेंशनर और आ गए थे। मुंशीजी खुले मन से सबसे बातें करते रहे। रोज की पस्तहिम्मती और चिड़चिड़ापन न जाने कहाँ चला गया है। अकसर साथ रहनेवाले सुरिन्दर बाबू चश्मे के कोने से देखते हैं। मुंशीजी बीच-बीच में हँसते भी हैं। मुंशीजी सचमुच आज बहुत खुश हैं। बात करते-करते न जाने कहाँ खो जाते हैं। अब नहीं करेंगे एक भी ट्यूशन, कितनी बार का सोचा हुआ वाक्य फिर दिमाग में कौंधता है। बस एक बार विनोद की नौकरी लग जाए। जिंदगी में बहुत काम किया मुंशीजी ने, अब कुछ दिन तो आराम कर लें। कितने सारे काम हैं जो मुंशीजी ने विनोद की नौकरी पर छोड़ रखे हैं। इस बार राजकुमारी की शादी जरूर कर देंगे चाहे दुहाजू, तिहाजू कैसा भी लड़का मिले। पप्पू हाईस्कूल पास कर ले तो उसका पालीटेकनिक में दाखिला करा देंगे। कहीं-न-कहीं लग जाएगा। फिर रह जाएगी सिर्फ विनोद की शादी। मुंशीजी बड़े मगन होकर एक-एक सपना सँजोते हैं। सुरिन्दर बाबू लगातार चश्मे के कोने से झाँकते हैं। मुंशीजी आस पास की बातचीत में हिस्सा ले रहे हैं और बीच-बीच में बिना वजह मुस्कुराने लगते हैं। जाहिर था कि शारीरिक रूप से उपस्थित होते हुए भी दिमागी तौर पर मुंशीजी अनुपस्थित थे, रह-रहकर वे चौंक उठते और पकड़े जाने पर हास्यास्पद बनने के भय से वापस अपने परिवेश में लौटने का प्रयत्न करते लेकिन सहसा भविष्य के सुखद हो जाने के अहसास में डूबे हुए होने के कारण वे फिर धीरे-धीरे अनुपस्थित होने लगते। केवल सुरिन्दर बाबू ही उन्हें पकड़ पा रहे थे।
वक्त हो गया था। धीरे-धीरे सभी लोग खजाने की तरफ बढ़ चले। फिर शुरू हुआ औपचारिकताओं का लंबा और उबाऊ सिलसिला। यहाँ दस्तखत करो - उस फॉर्म को भरो - फलाने बाबू से मिलो। मुंशीजी यहाँ जल्दी थक जाते हैं। घर से पैदल यहाँ तक आने में भी उतनी थकान नहीं महसूस होती, जितनी यहाँ खड़े-खड़े या एक बाबू के यहाँ से दूसरे बाबू के यहाँ तक दौड़ने में आ जाती है। बीच-बीच में मुंशीजी थककर बरामदे में बैठ जाते हैं। ज्यादा देर बैठ भी नहीं सकते। उठ-उठकर अंदर जाना पड़ता है। जरा भी गफलत हुई और कागज कहीं चूका तो फिर आज का बंटाढार। कल फिर आना पड़ेगा। दूसरे दिन आने का खयाल ही मुंशीजी को बार-बार चैतन्य कर देता है। वे जाकर क्लर्क के सामने खड़े हो जाते हैं कि अब मान-अपमान कोई मायने नहीं रखता। पसीने में डूबे, मशीन की तरह कलम घसीटते बाबू की झिड़कियाँ कोई असर नहीं डालतीं। उन्हीं की तरह तमाम लोग खड़े हैं। दो बजे के करीब पैसा मिलता है। मुंशीजी इत्मीनान से धीरे-धीरे गिनते हैं - चौरानबे-पंचानबे-छियान्वे-सत्तानबे। पूरे सत्तानबे हैं। पेंशन के रुपयों में से दो रुपए निकालकर क्लर्क को देते समय हमेशा मुंशीजी को खलता है। आज भी खला लेकिन कोई चारा नहीं। न दें तो न जाने कितने दिन दौड़ना पड़े। एक बार मुंशीजी ने भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर रुपए नहीं दिए और विजेता का-सा संतोष लिए घर चले आए थे। सोचा था, बाद मे बाबू को गिनती करते समय कहाँ पता चलेगा कि किसने अपना हिस्सा नहीं दिया। लेकिन अगले ही महीने जब बाबू ने तरह-तरह के आब्जेक्शन लगाकर मुंशीजी को चार दिनों तक दौड़ाया तो मुंशीजी रुआँसे हो उठे थे। बाद में दोनों महीनों का हिस्सा देना पड़ा था। कभी-कभी बाबू अपने हिस्से के दो रुपए काटकर मुंशीजी के हाथ में पेंशन देता है, तब इतना बुरा नहीं लगता। एक बार रुपए हाथ में आ जाने पर उसमें से दो रुपए निकालकर देना ज्यादा खलता है।
मुंशीजी जेब में पैसे रखकर जल्दी से निकल भागना चाहते हैं। अकसर पैसे मिलने के बाद पेंशनयाफ्ता बुड्ढे किसी-न-किसी चाय की दुकान पर बैठ जाते हैं। चाय-पकौड़ी के साथ गप्पें लड़ाते हैं। न चाहते हुए भी दो-तीन रुपए खर्च हो ही जाते हैं। मुंशीजी के लिए दो-तीन रुपए मायने रखते हैं। कनखियों से चारों तरफ देखते हैं। एक दुकान पर धीरे-धीरे लोग इकट्ठे हो रहे हैं। वे लंबा चक्कर काटकर तेज कदमों से बाहर का रास्ता पकड़ते हैं। एक बार कचहरी से निकल आने पर फिर वापस मुड़कर नहीं देखते।
बाहर निकलने के बाद मुंशीजी अपना शरीर सीधा करते हैं। पूरा शरीर दुख रहा है। हर महीने यही होता है। मौका मिलने पर त्रिवेणी का आश्वासन फिर दिमाग में खलल पैदा करने लगता है। ऐसा नहीं था कि खजाने में मुंशीजी के दिमाग से बात उतर गई हो लेकिन उसका तनाव जरूर कम हो गया था। वक्ती उत्तेजना खत्म हो जाने के बाद वे जरूर कुछ तटस्थता से उसके आश्वासन को जाँच सकते थे। ऐसा नहीं था कि ऐसा आश्वसन पहली बार मिला हो। पहले भी कई बार वे ऐसे सुखद तनाव से गुजरे थे लेकिन त्रिवेणी सच्चे मन से उनका भला चाहता है। त्रिवेणी कहीं-न-कहीं विनोद को लगवा देगा। त्रिवेणी भला आदमी है। त्रिवेणी को उसके बड़े साहब बहुत मानते हैं। वे आश्वस्त हो गए।
नौकरी उनके घर की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए ही नहीं बल्कि विनोद के लिए भी कितनी जरूरी थी, इसे वे अच्छी तरह जानते हैं। लड़का आत्मनिर्वासन की स्थिति में पहुँच गया है। अब तो उसे देखकर मुंशीजी को डर लगता है। चार साल पहले उसने बी.ए. पास किया था। एम.ए. कराना मुंशीजी की सामर्थ्य के बाहर था। लिहाजा पढ़ाई छुड़वा दी। सोचा था कि छोटी-मोटी नौकरी में लग जाए तो प्राइवेट एम.ए. भी कर लेगा। तबसे नौकरी की तलाश का जो सिलसिला चला, वह अब तक जारी है। उसके इंटर करने के दो साल पहले मुंशीजी रिटायर हो चुके थे। तारा भी उसी साल मरी थी। कई बार सोचा कि प्राविडेंट-फंड से कुछ रुपया निकालकर विनोद को एम.ए. करा दें। लेकिन हिम्मत नहीं पड़ी। सामने राजकुमारी थी, पप्पू था और खुद उनकी जिंदगी का न जाने कितना बड़ा हिस्सा था। एक बार नौकरी करने की बात तय होते ही विनोद और उन्होंने दरख्वास्तों और मुलाकतों का लंबा सिलसिला शुरू कर दिया था। लेकिन हर बार एक ही जैसा अनुभव हुआ था।
नौकरी की तलाश ने अपमान और कुंठा के जो दंश चुभोए थे, उनसे मुंशीजी उतना नहीं टूटे थे जितना विनोद टूटा था। मुंशीजी स्पष्ट देख रहे थे कि साल-दर-साल किस तरह उसके चेहरे पर बेबसी और हीनता की परत चढ़ती चली जा रही थी। अब तो उससे बात करते मुंशीजी घबराते हैं कि कहीं वह रो ही न पड़े। पिछले कुछ दिनों से उससे बात करने का मौका भी कहाँ मिलता है? उनके उठकर तैयार होते-होते वह बाहर निकल जाता है। अगर किसी दिन नहीं निकल पाता है तब भी उनसे बात करने का अवसर न आए, इसका प्रयास बराबर करता रहता है। अक्सर वह रात में इतनी देर से लौटता है कि मुंशीजी या तो सो जाते हैं या सोने का नाटक किए पड़े रहते हैं। शुरू में, कुछ दिनों मुंशीजी ने जागकर उसका इंतजार किया लेकिन उसने और देर करनी शुरू कर दी। मुंशीजी समझ गए थे, इसलिए अब उसके आने पर अगर जगे भी रहते हैं तो नहीं बोलते। चुपचाप सोने का नाटक किए पड़े रहते हैं। राजकुमारी जीने के दरवाजे को खुला छोड़ देती है। दरवाजे की आवाज से ही पता चलता है कि वह आ गया है। रसोई में अगर बरतन खटकते हैं तो मुंशीजी जान जाते हैं कि खाना खा रहा है। अक्सर रसोई में कोई आहट नहीं होती, मतलब वह बाहर खाना खा आया है और चुपचाप सो जाएगा। शुरू-शुरू में मुंशीजी ने उसके दोस्तों से पता लगाने की कोशिश की थी कि दिन-भर वह कहाँ रहता है - क्या करता है, लेकिन बाद में झल्लाकर पूछताछ बंद कर दी थी। उसके दोस्तों को भी कुछ निश्चित नहीं पता था। दरअसल उसके पुराने दोस्तों से अब उसके खास ताल्लुकात भी नहीं रह गए थे। कोई नौकरी कर रहा था तो कोई आगे पढ़ने में मशगूल था। विनोद सबसे अलग-थलग पड़ गया था।
विनोद राजकुमारी से छह साल छोटा था। इस साल बाईसवाँ पूरा करेगा। देखने में कैसा तो लगने लगा है! मुंशीजी के कलेजे में हूक उठती है। बचपन में कितना गोल-मटोल था। राजकुमारी से पहले दो लड़के हुए थे। दोनों गुजर गए। राजकुमारी के जन्म के छह साल बाद विनोद पैदा हुआ था। तारा अपनी जान से ज्यादा बेटे की सहेज करती थी। पति-पत्नी ने अपनी कितनी जरूरतें काट-काट कर बेटे की देखभाल की थी। मुंशीजी को अब भी याद है कि किस तरह वे और तारा उसके भविष्य को लेकर घंटों बहसें करते और कभी-कभी तो लड़ भी पड़ते। उनकी आँखें नम हो जाती हैं। पाँच साल बाद अप्रत्याशित रूप से पप्पू हुआ था लेकिन तब भी विनोद को मिलने वाले दुलार में कोई कमी नहीं आई। दरअसल पप्पू को सबसे छोटा होने के बावजूद तारा ने विनोद से कम प्यार दिया। जाने क्यों, उसके मन में यह बात बैठी थी कि विनोद ही उनके घर की दरिद्रता दूर करेगा। तारा को क्या पता था कि उसके मरने के कुछ ही दिनों बाद स्वस्थ, सुदर्शन विनोद पिचके गालों, बेतरतीब बढ़ी दाढ़ी-मूछों और धँसी आँखोंवाले युवक के रूप में तब्दील होकर उनके घर की आर्थिक दरिद्रता दूर करते-करते आत्मविश्वास के स्तर पर खुद इतना दरिद्र हो जाएगा कि अपने बाप से आँखें मिलाकर बात करने भर का साहस भी नहीं बचा पाएगा।
आज त्रिवेणी के आश्वासन का सुरूर खत्म होते ही मुंशीजी का मन फिर भारी हो गया है। शरीर से ज्यादा वे मन से थक गए हैं। वे पोस्ट ऑफिस में घुस जाते हैं और बरामदे की सीढ़ियों पर बैठ जाते हैं। जाड़े में अपराह्न की धूप अच्छी लगती है। सामने से कचहरी से लौटनेवालों की अथाह भीड़ जा रही है। सिटी बसें, टेम्पो, इक्के, रिक्शे, गाड़ियाँ - मुंशीजी खाली आँखों से भाग-दौड़ देख रहे हैं। भीड़ के बीच में नितांत अकेले होने की अनुभूति मुंशीजी के लिए नई नहीं है। जिंदगी में कभी किसी को दोस्त नहीं बना सके मुंशीजी। तारा को छोड़कर कोई ऐसा नहीं मिला जिससे खुलकर मुंशीजी ने सुख-दुख की बातें की हों। तारा के बाद तो और भी अकेले हो गए हैं। जब तक तारा थी, बेटी-बेटों से कुछ देर बातें हो जाती थीं, अब तो वह भी नहीं रहा। बच्चे बड़े हो गए थे और मुंशीजी के साथ उनका संवाद एकदम खत्म हो गया था। महज जरूरी बातें होती थीं और अब तो सिर्फ राजकुमारी उनके और पप्पू-विनोद के बीच सेतु का काम करती थी। न जाने कब तक मुंशीजी उसी तरह चुपचाप बैठे रहे। सीढ़ी के उस कोने से जहाँ मुंशीजी बैठे थे, धूप तेजी से फिसलती जा रही थी। मुंशीजी को हल्की-सी ठंडक लगी। वे उठ खड़े हुए। सामनेवाली सड़क का रेला अभी भी अंतहीन था। वे भी चुपचाप उसी में शरीक हो गए।
पेंशनवाले दिन मुंशीजी हल्की-फुल्की खरीददारी करते हैं। ज्यादातर सामान तो वे शंकर के यहाँ से लेते हैं जो उन्हीं की तरह मुहल्ले के बहुत सारे लोगों की विवशता है। सामान महँगा जरूर देता है लेकिन उधार तो दे देता है। उधार वसूलते समय जलील जरूर करता है लेकिन महीने के किसी दिन कुछ जरूरत पड़ जाने पर मना भी नहीं करता। थोड़ी बहुत खरीददारी करने मुंशीजी कटरा की तरफ निकल आते हैं। उन्हें पता नहीं है कि क्या-क्या खरीदना है। चुपचाप एक-एक दुकान देखते हैं। कुछ चीजों के दाम पूछते हैं। दाम सुनकर चुपचाप सिर हिलाते हैं और आगे बढ़ जाते हैं। हर महीने की तरह दामों में कुछ-न-कुछ बढ़ोत्तरी हुई थी। हर महीने की तरह वे बाजार भाव और पेंशन के बीच संतुलन बैठाने की कोशिश करते हैं। हर महीने की तरह उनका समीकरण गड़बड़ा जाता है।
चलते-चलते वे मन में हिसाब करते जाते हैं। जेब में पंचानबे रुपए हैं। शंकर को डेढ़ सौ से कम क्या देना पड़ेगा। अभी तीन ट्यूशनों से एक सौ बीस रुपए और मिलेंगे। कुल हो जाएँगे दो सौ पंद्रह रुपए। गनीमत है कि मकान मालिक को सिर्फ दस रुपए देने पड़ते हैं। कुल किराया है चालीस रुपए। बाकी तीस रुपयों के एवज में वे उसकी लड़की को एक घंटा रोज पढ़ाते हैं। शंकर का हिसाब चुकाने के बाद लगभग पैंतालिस-पचास बचेगा। दूधवाले को तीस रुपए देने के बाद बचे पंद्रह और अखबारवाले का हिसाब चुकता कर देने के बाद छह रुपए बच जाएँगे। पप्पू दो साल से हाई स्कूल का प्राइवेट इम्तहान देर रहा है, इसलिए उसकी पढ़ाई वगैरह पर हर महीने खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती। विनोद कभी भी अपने लिए एक पैसा नहीं लेता। हालाँकि उसने कभी नहीं बताया लेकिन मुंशीजी जानते हैं कि यह ट्यूशन करता है और अपने जेब खर्च के लिए मुंशीजी को परेशान नहीं करता। महीने-भर के लिए चाय, चीनी, तेल, साबुन, सब्जी वगैरह के लिए कम-से-कम चालीस रुपए और चाहिए। जाड़ा हालाँकि अभी पूरी तरह से आक्रामक नहीं हुआ है लेकिन जल्दी ही काफी तेजी पकड़ लेगा। मुंशीजी पिछले कई सालों की तरह इस बार भी नई रजाई बनवाने का फैसला करते हैं। नौकरी के दिनों की बनवाई तीन रजाइयाँ घर में थीं। जब तक पप्पू छोटा था राजकुमारी के साथ एक रजाई में उसका सोना अटपटा नहीं लगता था लेकिन अब दोनों को एक ही रजाई में सोते देखकर मुंशीजी को घबराहट होने लगती है। इस बार जरूर बनवा लेंगे। मन-ही-मन वे हिसाब लगाते हैं। पचास-साठ में काम लायक रजाई बन सकती है। अगर दूध लेना दो महीने बंद कर दें तो रजाई बन जाएगी। लेकिन दूध बंद करवा पाना क्या इतना आसान है? मुंशीजी चाय के पुराने शौकीन रहे हैं। जिंदगी में इसके अलावा और कोई शौक भी तो नहीं किया उन्होंने। फिर बच्चों को सुबह चाय के सिवा और देते भी क्या हैं? इसे भी बंद कर देने से कैसे चलेगा। हर बार की तरह अखबार दूसरा निशाना बनता है। लेकिन नौ रुपए बचाकर होगा भी क्या? अखबार वे कई बार बंद कर चुके हैं। पड़ोस के बड़े बाबू से माँगकर पढ़ने का नाटक भी कई बार शुरू हुआ पर कभी भी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका। अपने पैसे से खरीदकर अखबार पढ़ना मुंशीजी के दरिद्र मन को कहीं न कहीं सहलाता है। उनकी गली में केवल वे और बड़े बाबू ही अखबार लेते हैं और अंग्रेजी का अखबार तो सिर्फ वे ही। अपना खरीदा हुआ अंग्रेजी का अखबार उन्हें दूसरों से विशिष्ट होने का अहसास कराता है। दूध और अखबार को छोड़कर वे दूसरी मदों में कटौती करने की बात सोचते हैं। कोई ख्रर्च ऐसा नहीं है जिसमें कटौती करना संभव हो। पेंशन और बाजार-भाव का समीकरण काफी जटिल था और भाषा के अध्यापक मुंशीजी तो शुरू से ही गणित में कमजोर रहे हैं। वे एक दुकान से दूसरी दुकान में भटक रहे हैं। अंततः एक दुकान में पकड़ में आ ही जाते हैं। बार-बार कई चीजों का दाम पूछने पर दुकानदार जिस तरह बेरुखी से उत्तर देता है, उससे मुंशीजी आहत होते हैं। आखिर समझता क्या है? वे चाय का पैकेट, लाइफबाय साबुन और बिस्कुट का एक छोटा पैकेट ले लेते हैं। नौ रुपए कुछ पैसे देकर मुंशीजी दुकान से बाहर निकलते हैं। अब किसी दूसरी दुकान में घुसकर दाम पूछने की उनकी हिम्मत नहीं होती। वे चुपचाप घर की तरफ घिसटने लगते हैं।
मुंशीजी शुरू से ही खराब खरीददार रहे हैं। बाजार में ज्यादा मोल-तोल नहीं कर सकते। अक्सर ठगाकर घर लौटते और खीझी हुई तारा के व्यंग्य का सामना करते। बाजार में आकर वे अक्सर एक तरह की हड़बड़ी के शिकार हो जाते हैं। अब तो वे कुछ मोल-भाव कर भी लेते हैं, पहले तो दुकान में घुसते ही उन्हें खरीदकर भागने की जल्दी मची रहती थी। उनकी इसी आदत से चिढ़कर तारा ने उनके साथ बाजार न आने की कसम न जाने कितनी बार खाई थी। इधर पुरानी आदत काफी हद तक छूट गई थी। फिर भी अकसर ऐसा होता है कि कई दुकानों से सौदेबाजी करके आते हुए मुंशीजी, किसी एक दुकान पर अपनी पुरानी हड़बड़ी के शिकार होकर, कोई-न-कोई ऐसी चीज ले लेते हैं जो दुकान के बाहर निकलते ही उन्हें अनावश्यक लगने लगती है।
इस बार भी ऐसा ही हुआ। बाहर सड़क पर पहुँचते ही बिस्कुट का पैकेट सालने लगा। क्या जरूरत थी इसकी? मेहमान के नाम पर अब आता ही कौन है जिसे वे बिस्कुट खिलाते और फिर अड़ोसी-पड़ोसी जो आते हैं, उन्हें तो काफी दिनों से मुंशीजी सिर्फ चाय पिलाते आ रहे हैं, वह भी तब जब घर में दूध, चाय और चीनी में से कोई चीज अनुपस्थित न हो। दुकानदार ने जिस ढंग से उन्हें लिया था, उससे लौटकर बिस्कुट का पैकेट वापस करने की संभावना भी नहीं बची थी।
मुंशीजी ने खर्च किए नौ रुपए सत्तर पैसों को निकालकर फिर से पेंशन और बाजार भाव का समीकरण दुरुस्त करना शुरू कर दिया। बार-बार वे हिसाब भूल जाते और फिर नए सिरे से शुरू करते। वे जानते थे कि बार-बार हिसाब लगाने से भी उनसे यह समीकरण दुरुस्त नहीं होगा लेकिन फिर भी वे घर आने तक हिसाब में उलझे रहे। उन्हें इसमें कुछ मजा मिलने लगा था। पहले जब वे पूरी तरह शंकर के चंगुल में नहीं फँसे थे और एक तरह से उससे बचने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब वे पेंशनवाले दिन अपनी जरूरतों की पूरी लिस्ट बनाकर चलते थे। कुछ चीजें उसी दिन लौटते समय खरीद लेते और कुछ अगले दिनों में ट्यूशन के पैसे मिलने पर खरीदते। लेकिन यह ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका। हर बार बाजार में पहुँचने पर पिछले महीने के मुकाबले भाव बढ़े मिलते। मुँह बाए मुंशीजी एक-एक चीज के दाम बार-बार पूछते और व्यस्त भाव से लापरवाही दिखाते हुए लिस्ट फिर से पढ़ते। हर बार ऊपर से नीचे दो-एक चीजें कट जातीं। पेंशन और बाजार भाव के इस समीकरण में उलझकर मुंशीजी बेहद थक जाते। धीरे-धीरे शंकर से दूर रहने की उनकी जिद कमजोर पड़ती गई और बाजार से नकद सामान खरीदने का उनका आग्रह क्षीण होता गया। अब तो वे कभी-कभी ऐसी ही कोई अप्रत्याशित खरीददारी कर लेते हैं, नहीं तो चुपचाप जेब में पैसे डाले, एक दुकान से दूसरी दुकान भटकते घर पहुँच जाते हैं। जब तक उन्होंने शंकर के सामने पूरी तरह से आत्म-समर्पण नहीं किया था, बाजार की दुकानों में चीजों के दाम पूछने का एक और मकसद भी था। बाजार में दाम पूछते रहने से उन्हें शंकर द्वारा की जा रही लूट का भी पता चलता था। बाजार और शंकर की दुकान के भाव के अंतर से मुंशीजी का मन हमेशा गुस्से से भर जाता। हर बार वे तय करते कि शंकर की दुकान पर जाकर उसे खूब खरी-खोटी सुनाएँगे या भुगतान करते समय उसके पैसे काट लेंगे। लेकिन हर बार शंकर के सामने वे अपने को कमजोर महसूस करते। उसके सामने पहुँचते ही दयनीय हो उठते। पूरे मोहल्ले के सामने उसने कैसा जलील किया था वर्मा बाबू को‌? उनका थैला फेंककर बोला था कि लेना हो तो लो वरना भाड़ में जाओ। सड़क पर अपने कुर्ते की बाँहें चढ़ाते हुए शंकर के लड़के ने कैसी गंदी-गंदी गालियाँ दी थीं और असहाय वर्मा बाबू मोहल्लेवालों की तरफ टुकुर-टुकुर ताकते रहे। कोई नहीं आया मदद को। मुंशीजी हर बार चुपचाप शंकर की दुकान से सामान लाते हैं और पैसे मिलने के दूसरे-तीसरे दिन ही हिसाब चुकता करने का प्रयत्न भी करते हैं। इसलिए अब बाजार में दाम पूछने पर उसे वहीं भूलने की कोशिश करते हैं। उन्हें पता है कि शंकर की दुकान से तुलना करने में कोई फायदा नहीं।
मुंशीजी जब अपनी गली के मुहाने पर पहुँचे, करीब तीन बज रहा था। दो-एक घरों के दरवाजों पर पंजाबिनें खड़ी होकर बातें कर रही थीं। एकाध लड़के नाली पर बैठे टट्टी कर रहे थे। जाड़े की रात धीरे-धीरे उतर रही थी। कूड़े और पाखाने से अपने को बचाते हुए मुंशीजी अपने दरवाजे पर पहुँचे तो थककर चूर हो चुके थे। चुपचाप चारपाई पर लेटने की इच्छा हो रही थी। रात को विनोद को लेकर त्रिवेणी के यहाँ भी तो जाना था। बिना आराम किए अब मुंशीजी कहीं नहीं जा सकते। उन्होंने हलके से दरवाजे पर दस्तक दी। लगता है, राजकुमारी सो रही है। उन्होंने थोड़ी तेजी से दरवाजा खटखटाया। कोई आहट नहीं हुई। मुंशीजी का थका मन क्षुब्ध हो गया। उन्होंने पूरी ताकत से दरवाजा पीटना शुरू किया। अचानक उन्हें लगा कि औरतें बातचीत छोड़कर उनकी तरफ देख रही हैं और उनकी आँखों और होंठों से रहस्यमयी मुस्कान तैरने लगी है। उनका बूढ़ा हाथ हवा में लटक गया। ज्यादा देर वे इस असहज स्थिति में नहीं रहे। राजकुमारी ने आकर दरवाजा खोल दिया था और वे चुपचाप भीतर चले गए।
राजकुमारी काफी अस्त-व्यस्त हालत में थी। ऐसा लगता था कि उसने जल्दी-जल्दी में कपड़े पहने हैं। उसकी आँखों में अजीब-सा तनाव था और उसके चेहरे पर घबराहट साफ लिखी थी। मुंशीजी का मन वितृष्णा से भर गया। उनकी अनुपस्थिति में यह लड़की न जाने क्या-क्या करती है। अब तो पहले की तरह इसे पीट भी नहीं पाते। केवल संदेह और शर्म की आग में जलते रहते हैं। उसे उपेक्षित करके वे चुपचाप अपने कमरे की तरफ बढ़ चले। लेकिन चुपचाप सो जाना क्या इतना आसान था? बारी-बारी से वे किसी-न-किसी बहाने दोनों कमरों में गए। गुसलखाने, पाखाने, रसोई और छत से घूमकर नीचे आए। राजकुमारी रसोई के एक कोने में सिर झुकाए खड़ी थी। वे जानते थे कि वे क्या तलाश रहे हैं यह राजकुमारी समझती है। कई बार संदेह होने पर उन्होंने ऐसा किया था। पहले की ही तरह इस बार भी कोई नहीं था। वे चुपचाप अपने कमरे में चले गए। पहले की तरह राजकुमारी पर हाथ उठाने का साहस उनमें नहीं था। घर के दो कमरों में यह बड़ा कमरा था जिसमें वे और विनोद सोते हैं। किसी के आने पर मुंशीजी उसे यहीं बैठाते हैं। दूसरे कमरे में राजकुमारी और पप्पू सोते हैं।
धीरे-धीरे मुंशीजी ने अपना कोट उतारकर खूँटी पर टाँग दिया। कमीज उतारने की हिम्मत उनमें नहीं बची थी। धोती और कमीज पहने ही वे लेट गए। जाड़े की दोपहर में मुंशीजी को नींद नहीं आती हालाँकि वे लेटते रोज हैं। रोज खाना खाकर वे चुपचाप लेट जाते हैं और शाम को ट्यूशन का वक्त होने तक लेटे रहते हैं। इसके अलावा और करें भी क्या? करने के लिए कुछ होता भी तो नहीं। आज थके हुए मुंशीजी को झपकी आने लगी थी। वे न सोने का पूरा प्रयत्न कर रहे थे। आज जल्दी ट्यूशन पर जाएँगे, फिर अभी विनोद को ढूँढ़ना भी तो होगा। पता नहीं कहाँ हो, कितना समय लगे। हर हालत में सात बजे तक त्रिवेणी के घर पहुँच जाना है। जाड़े में सात बजते-बजते वैसे भी कितनी रात हो जाती है, लेकिन इन सबके बावजूद न जाने कब मुंशीजी धीरे-धीरे गहरी नींद के आगोश में डूब गए।
﻿
उसने धीरे से दरवाजा खोला। दरवाजा अंदर से बंद नहीं था, केवल उढ़का हुआ था। हल्के से हाथ के दबाव से खुल गया। जरा भी चरमराहट न हो, इसकी बहुत कोशिश करने पर भी आवाज हो ही गई। थोड़ी देर तक दरवाजे पर ही खड़े होकर उसने अंदर की आहट लेने की कोशिश की। अंदर पूरी तरह खामोशी छाई हुई थी। मुंशीजी और विनोद के कमरे की बिजली बुझी हुई थी और उसके और राजकुमारी के कमरे में बल्ब जल रहा था। उसे पता है कि सभी लोग अपने बिस्तरों में दुबके जग रहे होंगे लेकिन कोई कुछ नहीं बोलेगा। ज्यादा-से-ज्यादा मुंशीजी हल्के के खँखारेंगे और फिर खामोश हो जाएँगे। राजकुमारी ने चौके में उसके लिए खाना ढककर रख दिया होगा। वह रोज की तरह चुपचाप जाएगा और जो कुछ ठंडा-गरम होगा, खाकर, पानी पीकर, रसोई की बत्ती बुझाकर, कमरा बंद करते हुए अपने बिस्तर पर लेट जाएगा। जाड़े में उसका कोई अलग बिस्तर नहीं होता है। एक ही रजाई होने के कारण उसे राजकुमारी के बिस्तर पर ही सोना पड़ता है।
पप्पू ने आँगन का दरवाजा धीरे से बंद किया और रसोई में आ गया। रात में लौटने पर अकसर उसे भूख नहीं लगती और ठंडा होने के कारण बेस्वाद हो गया खाना खाने का कत्तई मन नहीं करता लेकिन आज दिन में वह खाना खाने नहीं आया था इसलिए उसे तेज भूख लगी थी। जल्दी-जल्दी उसने ढकी हुई थाली अपनी तरफ खींची, ढक्कन हटाकर उसमें रखी खिचड़ी देखी, गुस्से से थाली सामने से हटा दी लेकिन फिर उसे खींचकर बड़े-बड़े कौर निगलने लगा। सबको पता है कि उसे खिचड़ी पसंद नहीं है, फिर भी अकसर खिचड़ी बन जाती है। माँ होती तो वह बिना खाए ही उठ जाता। उसे पता था कि माँ उसे मनाएगी, फिर कभी खिचड़ी न बनाने की कसमें खाएगी और बिना उसे कुछ खिलाए उसे सोने नहीं देगी लेकिन आज बिना खाए उठ जाने पर तो अलग-अलग द्वीपों की तरह पड़े घर के तीनों सदस्यों को शायद पता भी न चलेगा कि वह भूखे पेट सोने चला गया है। जल्दी-जल्दी उसने खिचड़ी निगली और थाली एक तरफ सरकाकर गिलास में पानी लेकर बाहर आँगन में निकल आया। आँगन में उसने हाथ धोया और गिलास वहीं जमीन पर रख, चौके का दरवाजा बंद करके, अपने कमरे में चला गया।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद करके वह लाइट आफ करने के लिए बढ़ा। आवाज से राजकुमारी हल्के से कुनमुनाई और फिर उसने दूसरी तरफ करवट बदल ली। रजाई का आधे से ज्यादा हिस्सा राजकुमारी के बदन से होता हुआ चारपाई के दूसरी तरफ जमीन पर लटक रहा था। राजकुमारी की पीठ उघड़ी हुई थी। पप्पू की निगाह एक क्षण के लिए उसकी पीठ पर टिकी, फिर उसने घबराकर निगाहें जमीन पर गड़ा दीं। कुछ वर्जित देखने या सोचने का पुराना अपराध बोध एक बार फिर उसके मन पर बोझ की तरह सवार हो गया। पिछले कुछ दिनों से राजकुमारी को लेकर उसके मन में न जाने कैसी गंदी-गंदी बातें आती रहती हैं। एकांत में भी ऐसे विचार मन में आते ही वह घबरा उठता है। हड़बड़ाकर इधर-उधर देखता है कि कहीं कोई देख तो नहीं रहा है। अब तो सीधे राजकुमारी की आँखों में आँखें डालकर बात करते हुए भी उसे डर लगता है कि कहीं राजकुमारी उसके मन की बात न पढ़ ले।
इधर कुछ महीनों में पप्पू को बड़े रोमांचक शारीरिक अनुभवों से होकर गुजरना पड़ा है। एकाएक अहसास होने लगा है कि वह बड़ा हो रहा है। जिस्म के विभिन्न हिस्सों पर उग रहे बालों और आवाज में आए भारीपन को उसने अचानक महसूस करना शुरू किया है। गली में अपने से बड़े या हमउम्र लड़कों की खुसुर-पुसुर से पहले की तरह वह शरमाता नहीं, बल्कि धीरे-धीरे खुद भी शरीक होने लगा है। पहले गली के बड़े लड़के उसे देखकर आपस में इशारे करते या शरारतन मुस्कुराते तो वह शरमा जाता और कभी-कभी तो रुआँसा हो उठता लेकिन अब वह स्वयं इन लड़कों का हिस्सा बन गया था और उनके साथ मिलकर, गली के दूसरे कमसिन लड़कों से छेड़खानी करने में लगा रहता था।
शरीर के इन नए अनुभवों ने बहुत सारे रिश्तों को भी गड्ड-मड्ड कर दिया था। मुहल्ले की तमाम लड़कियाँ, औरतें अचानक उसके लिए पहले से भिन्न हो गई थीं। जिन औरतों के पास बैठकर वह घंटो बातचीत कर सकता था, उन्हीं के पास से सड़क अथवा गली में गुजरते हुए उसके हलक में काँटे उगने लगे हैं। उनकी आँखों में आँखें डालकर बातें करते ही वह हकलाने लगता है। ज्यादा करीब आने पर पूरा बदन कसाव से भर उठता है। जिस्म के तिलिस्म का बाँध इतने तेज बहाव के साथ टूटा कि पप्पू निरुपाय लकड़ी के कुंदे के तरह उसमें बह गया। इसी बहाव में तमाम रिश्तों की परिभाषाएँ भी बह गई। पप्पू के लिए राजकुमारी का साथ भी उतना सहज नहीं रह गया जितना कुछ दिनों पहले था। राजकुमारी और उसके रिश्तों में हुई गड़बड़ी ने उसे कुंठा और वर्जना की ऐसी भूलभुलैया में डाल दिया था, जिसमें न तो उससे तैरते बन रहा था और न डूबते।
बहुत दिनों से पप्पू राजकुमारी के साथ जाड़ों में उसकी रजाई में सोता आया है। पहले माँ भी उसी रजाई में सोती थी। माँ के मरने के बाद केवल वह और राजकुमारी उस रजाई में सोते हैं। माँ थी तब तीनों जमीन पर गद्दा बिछाकर सोते थे क्योंकि एक चारपाई पर तीनों नहीं समाते थे। कभी-कभी वह मुंशीजी या विनोद के साथ सो जाता था। सालों राजकुमारी के साथ सोने के बावजूद ऐसा तनाव वह पिछले दो जाड़ों से ही महसूस कर रहा है। हर रात वह कुंठा और तनाव के ऐसे अजीब दौर से गुजरता है, जिसमें उसके व्यक्तित्व की चूल-चूल हिल जाती है। रोज वह रात को फैसला करता है कि दूसरे दिन से विनोद के साथ सोएगा लेकिन किसी दिन रात होने तक वह विनोद से इस बारे में कोई बात नहीं कर पाता और रात होते ही चुपचाप राजकुमारी के कमरे में घुस जाता है। कई बार उसका मन विद्रोह से भर गया है कि मुंशीजी उसे अभी तक बच्चा क्यों समझते हैं। उसके मन में कई बार यह बात आई कि वह कोई हरकत कर दे जिससे मुंशीजी उसे बच्चे की जगह आदमी समझने लगें। मसलन बजाय छिपाकर, वह एक बार मुंशीजी के सामने ही उनके रेजर से अपनी दाढ़ी बनाने लगे, या... या... उसका मन क्षोभ से भर उठा। इससे भी कोई फायदा नहीं होगा। विनोद ने तो कई बार उसे गली के अँधेरे कोने से झेंपते हुए निकलते देखा है और एक बार तो मुंशीजी ने भी उसे रात में आँगन की नाली पर झुके पकड़ा है। फिर क्यों वे उसे अभी बच्चा समझते हैं।
कई बार उसने ऐसा किया है कि चुपचाप कमरे में घुसकर, सोई हुई राजकुमारी की चारपाई पर न जाकर, अपनी ही चारपाई पर जाकर चादर ओढ़कर ठिठुरते हुए लेट गया है। ताज्जुब की बात है कि इस तरह बजाय ठंड में सिकुड़कर जगते रहने के वह ज्यादा जल्दी सो गया है। लेकिन हर बार रात के किसी-न-किसी समय राजकुमारी अपनी चारपाई से रजाई समेत उसकी चारपाई पर आ गई है और उसके साथ लेट गई है। राजकुमारी के साथ लेटते ही वह फिर उसी निषिद्ध दुनिया में डूबने-उतराने लगता है।
आज भी उसने सोचा कि अपनी चारपाई पर सोए लेकिन इससे कोई बहुत फायदा तो था नहीं इसलिए वह सीधे राजकुमारी की चारपाई पर चला गया और उसके स्पर्श से अपने को भरसक बचाते हुए लगभग पाटी पर सिमट गया। दिन-भर की थकान ने जल्दी ही उसे सोने-जागने की बीचवाली स्थिति में पहुँचा दिया।
पप्पू का एक और दिन खत्म हुआ। वह दिन भी उसके और तमाम दिनों की तरह था जिसके बीतने या न बीतने का पप्पू या किसी और के लिए अर्थ नहीं था।
कल रात बड़ी देर तक पप्पू जागता रहा था। अनिल दादा के साथ बनाई गई स्कीम ने उसके मन को आजकल काफी उर्वर बना दिया है। उस स्कीम में अपने को भिन्न-भिन्न भूमिकाओं में फिटकर, वह न जाने क्या-क्या सोचता रहता है। कल रात भी काफी देर तक उसी स्कीम के बारे में सपने देखता हुआ आधा सोने आधा जागने की अवस्था में पड़ा रहा था। इसीलिए आज उठने में देर हुई। ठीक तरह से न सोने से बदन टूट रहा था। बाहर बरामदे में कुछ खटपट हुई। पप्पू हड़बड़ाकर चारपाई पर उठ बैठा। लगता है मुंशीजी उठ गए हैं और बरामदे में बैठकर शेव कर रहे हैं। पप्पू को दिक्कत महसूस होने लगी। रोज वह ऐसे समय तक उठ जाता है जब मुंशीजी अभी ऊपर से नीचे उतरते होते हैं, तब तक पप्पू निपट-वुपटकर घर से बाहर निकल जाता है। घर वह वापस ऐसे समय आता है जब मुंशीजी ट्यूशन के लिए या किसी और काम के लिए बाहर निकल चुके होते हैं। उनकी अनुपस्थिति में ही खाना खाकर, वह उनके वापस लौटने के पहले फिर बाहर निकल जाता है। आजकल तो खासतौर से वह उनके सामने पड़ने से डरता है। पिछले हफ्ते उन्होंने एक्जामिनेशन फीस जमा करने के लिए रुपए दिए थे और पिछले साल की ही तरह पप्पू ने उन रुपयों को सिनेमा देखने और खाने-पीने में खर्च कर दिया था और अब वह रोज यही सोच-सोच कर डरता रहता था कि कहीं मुंशीजी उससे रसीद न माँग लें। हालाँकि अब तो करीब एक हफ्ता हो रहा था और पप्पू बड़े आराम से रसीद के खो जाने का बहाना बना सकता है लेकिन उसे पता है कि मुंशीजी चाहे कहें भले कुछ नहीं, उनकी आँखों में तैरता अविश्वास बहुत कुछ कह देगा और पप्पू इन्हीं आँखों से बचना चाहता है।
बहरहाल अब तो कुछ नहीं हो सकता। मुंशीजी बाहर बरामदे में बैठे दाढ़ी बना रहे थे। राजकुमारी रसोई में थी। पप्पू चुपचाप चारपाई पर बैठा था। राजकुमारी ने उसे चाय का गिलास वहीं ला दिया। बिना मुँह धोए वह चाय नहीं पीता लेकिन आज वह धीरे-धीरे चाय सुड़कने लगा। बिना मुँह धोए चाय का स्वाद अजीब कड़ुआ-सा लग रहा था। उसने आधी से ज्यादा चाय गिलास में छोड़कर गिलास जमीन पर रख दिया। राजकुमारी किसी काम से कमरे में आ रही थी, पप्पू को लगा मुंशीजी आ रहे हैं, वह घबराकर उठ खड़ा हुआ और राजकुमारी के अंदर घुसने के पहले ही गिलास उठाकर बाहर निकल गया। बाहर मुंशीजी निर्विकार भाव से अपनी एक बार छीली दाढ़ी पर दोबारा साबुन लगा रहे थे। पप्पू ने चाय का गिलास आँगन में नल के पास रख दिया। टट्टी के पास रखे टूटे डालडे का डिब्बा उठाकर नल से पानी भरा और टट्टी में घुस गया। इस पूरे समय वह अपनी आँखें झुकाए रहा जिससे मुंशीजी से नजरें न मिल जाएँ।
टट्टी में पप्पू बहुत देर तक बैठा रहा लेकिन कितनी देर तक बैठता। बिन्नी अगर ट्यूशन पढ़ने आ जाती तो शायद कुछ बचत होती लेकिन बिन्नी भी आज देर कर रही थी। लगता है, विनोद भैया अभी ऊपर गए हैं। वह भी ऊपर होगी। पप्पू को बिन्नी का जिस्म याद आने लगा। कई महीने पहले एक बार पप्पू कुछ पहले घर आ गया था। राजकुमारी चौके में काम कर रही थी। वह ठंडी हवा में बैठने के खयाल से ऊपर चला गया। जाने क्या था ऊपर कि वह पूरी तरह से सन्न हो गया। छत पर बड़े बाबू के हिस्से में एक कोने से कुछ फुसफुसाहटों और हल्के-हल्के हँसने की आवाजें आ रही थीं। पप्पू जड़ बना एक जगह खड़ा होकर सुनने की कोशिश करने लगा। अँधेरे में कुछ साफ नहीं दिखाई दे रहा था लेकिन उसे इतना तो साफ समझ में आ ही गया कि वहाँ विनोद और बिन्नी थे। न दिखाई पड़ने के बावजूद उसका शरीर लकड़ी की तरह कड़ा हो गया था और वह चुपचाप जीनों से नीचे उतरकर पाखाने में घुस गया था। उस दृश्य की कल्पना मात्र से ही एक बार फिर उसका शरीर अकड़ गया। वहाँ ज्यादा देर बैठने पर मुंशीजी टूटे शीशे को बाएँ हाथ में लेकर दाहिने हाथ से अभी भी चेहरे पर बचे-खुचे बालों को खरोंचने की कोशिश कर रहे थे। कुछ ही साल पहले तक पप्पू इसी बात पर हँसता था। मुंशीजी महीने में दो से ज्यादा ब्लेड इस्तेमाल नहीं करते। नया ब्लेड आने पर शुरू के दो-तीन दिन तो उनकी दाढ़ी ठीक बन जाती, बाद में जैसे-जैसे ब्लेड पुराना पड़ता जाता वे चार-चार पाँच-पाँच बार पानी में ब्रश भिगो-भिगोकर चेहरे पर फिराते और सेफ्टी रेजर चलाते। लगता है, ब्लेड अब बहुत पुराना हो गया है और मुंशीजी के लाख कोशिश करने पर भी ठुड्डी के आसपास के बाल निकल नहीं पा रहे हैं। उन्हें भिन्न-भिन्न अदाओं में दाढ़ी बनाते देखकर पप्पू कितना हँसा करता था। चाय का गिलास हाथ में लेकर मुंशीजी हँसने का असफल प्रयास करते और डाँटकर उसे पढ़ने बैठने को कहते। अब भी मुंशीजी को दाढ़ी बनाते देखकर पप्पू की आँखों में कभी-कभी चमक आ जाती है लेकिन जितनी तेजी से चमक पैदा होती है, उससे कहीं ज्यादा तेजी से बुझ जाती है। आज उसने कनखियों से मुंशीजी की ओर देखा और इस डर से कि कहीं मुंशीजी से आँखें न मिल जाएँ, वह नजरें झुकाए-झुकाए आँगन के एक कोने से मिट्टी उठाकर नल के नीचे बैठकर हाथ मटियाने लगा।
एकाएक किसी शीशे के बर्तन के फूटने की आवाज हुई, पप्पू ने चौंककर देखा। नल के पास उसने जो चाय का गिलास रख दिया था, वही राजकुमारी के पैर से टकराकर टूट गया था । अपराध-बोध से उसका सर फिर झुक गया। हालाँकि वह जानता है कि मुंशीजी पहले की तरह अब न तो उठकर ताबड़तोड़ उसकी धुनाई करेंगे और न ही देर तक गुस्से में बड़बड़ाते ही रहेंगे। फिर भी चारों तरफ फैला हुआ सन्नाटा और भी बोझिल हो गया।
‘क्या टूटा...!’ अस्फुट-से मुंशीजी बुदबुदाए। किसी ने उत्तर नहीं दिया। राजकुमारी झाड़ू ले आई थी। वह बैठकर किरचें बीनने लगी। पप्पू अनावश्यक रूप से नल के बहते पानी के नीचे हथेलियाँ उलटता-पुलटता रहा, फिर एकदम से उठकर बाहर निकल गया।
जाड़े की धूप आँगन तक तो आ गई लेकिन अभी तक गली की हद में नहीं पहुँची थी इसलिए गली अभी ठिठुर रही थी। पप्पू ने सिर्फ पाजामा-कमीज पहन रखा था। उसे ठंडक लगने लगी थी। उसने हथेलियाँ रगड़ते हुए तेज चाल से गली पार की और सड़क पर आ गया। सड़क के कुछ हिस्सों पर धूप छोटे-छोटे टुकड़ों में नाच रही थी। धूप के एक वृत्त में खड़े होकर उसने गर्माहट ली। पिछले हफ्ते मुंशीजी ने उसे इम्तहान की फीस जमा करने के लिए चालीस रुपए दिए थे। उनमें से तीन-चार रुपए अभी भी उसकी जेब में थे, यानी अभी दो-तीन दिन तक आराम से बैठकर वह चाय, पकौड़ी खा सकता था। पिछले साल इतना ही पैसा लगभग एक महीने चला था। इस साल कम चला क्योंकि कई दिन पप्पू को अनिल दादा और उसके दोस्तों को भी खिलाना पड़ा। कल अनिल दादा को पूरी एक पैकेट सिगरेट खरीदकर भी उसने दी थी।
सामने सीताराम की दुकान पर उसका छोकरा धीरे-धीरे भट्ठी की आग सुलगाने के लिए पंखी झेल रहा था। वहाँ जाना ठीक नहीं था क्योंकि सीताराम की दुकान पर विनोद का अड्डा था और थोड़ी देर बाद ही उसके पहुँच जाने की पूरी संभावना थी। इसलिए पप्पू शंकर की दुकान की ओर बढ़ा। उधर बाईं तरफ थोड़ी दूर पर आड़ में एक दुकान थी, जहाँ फिलहाल न विनोद द्वारा देखे जाने का भय था और न मुंशीजी द्वारा।
विनोद तो खैर देख भी लेगा तो कुछ नहीं कहेगा लेकिन अगर मुंशीजी देख लेंगे तो जरूर भाँप जाएँगे। उन्हें यह पता है कि पप्पू के पास दुकान पर चाय-वाय के लिए पैसे दो-तीन तरह से ही आ सकते हैं - या तो वह चोरी करे या स्कूल की फीस न जमा करे या किताब-कॉपी बेच दे। चोरी का तो अब कोई सवाल नहीं क्योंकि बहुत दिनों से मुंशीजी की जेब में कुछ नहीं रहता। पहले जरूर पप्पू माँ या मुंशीजी की आँखें बचाकर किसी कील या खूँटी पर टँगी मुंशीजी की कमीज से पैसा चुरा लिया करता था और उसके लिए पकड़े जाने पर बुरी तरह पीटा जाता था। माँ या मुंशीजी द्वारा बहुत सख्त निगरानी रखने जाने पर कई-कई दिनों तक उसके हाथ में एक भी पैसा न लगता, तब वह स्कूल की फीस बचाकर सिनेमा देखता या होटलबाजी करता। नाम कट जाने पर स्कूल जाने के लिए निश्चित समय पर घर से निकलता और दिन-भर मटरगश्ती करने के बाद निश्चित समय पर घर वापस आ जाता। दो-एक महीने बाद भेद खुलने पर बेतहाशा धुनाई होती। रात को माँ एक-एक अंग सेंकती और रोती और सुबह विनोद जाकर उसका नाम फिर से लिखवा आता। बाद में उसका स्कूल छूट गया और पप्पू को खर्च करने के लिए पैसा मिलना धीरे-धीरे और मुश्किल हो गया। अब या तो वह अपने से काफी बड़े उम्र के लड़कों पर पैसों के लिए निर्भर करता है, जिसके कारण अक्सर गली के लड़के उसे चिढ़ा-चिढ़ाकर रुआँसा बना देते हैं या फिर इम्तहान की फीस जमा करने जैसा कोई इक्का-दुक्का मौका मिल जाता है जब उसकी जेब में कुछ पैसे होते हैं और वह उनसे एकाध सिनेमा देखने और दो-तीन दिन किसी चाय की दुकान पर बैठने का शौक पूरा करता है। पिछले साल इम्तहान की फीस जमा करना चाहता था लेकिन जिस दिन वह स्कूल फीस लेकर गया, उस दिन किसी मास्टर के मरने से स्कूल बंद हो गया। पप्पू जेब के पैसों की गर्मी से सिनेमा चला गया। ढाई रुपए खर्च हो गए। इतनी हिम्मत थी नहीं कि मुंशीजी से माँगता। कई दिन घात लगाने के बाद भी मुंशीजी या विनोद की जेबों में से कुछ नहीं मिला। जेब में पैसे लिए-लिए वह कितने दिन तक घूमता, लिहाजा धीरे-धीरे सारे पैसे खर्च हो गए। बोर्ड का रिजल्ट निकलने पर उसके बताए काल्पनिक रोल नंबर की तलाश में मुंशीजी का बेचैन हाथ कितनी बार अखबार पर ऊपर-नीचे घूमता रहा और फिर थककर हवा में झूल गया। उन्होंने पहले की तरह न उसे कोसा और न डाँटा, चुपचाप मेरिट लिस्ट में छपे लड़कों का नाम पढ़ने लगे लेकिन उनकी आँखों में कुछ था जिसे देखकर पप्पू ने मन-ही-मन प्रतिज्ञा की थी कि अगले साल खूब जमकर पढ़ेगा और अपनी नालायकी की छाप मुंशीजी के मन से मिटाकर रहेगा। लेकिन यह साल भी पिछले साल की तरह बीत गया और इस बार जब इम्तहान की फीस जमा करने का वक्त आया तब उसके मन में कोई दुविधा नहीं थी। इस बार जेब में पैसे लेकर वह स्कूल की तरफ गया ही नहीं, सीधे सिनेमा हाल की तरफ मुड़ गया। वैसे भी इम्तहान देकर क्या करेगा, पास तो होना नहीं है। यह उसका हाईस्कूल का तीसरा साल है एक बार रेगुलर के रूप में बैठकर वह फेल हो चुका है और दूसरी बार प्राइवेट कैंडीडेट की इम्तहान फीस न जमा करके इम्तहान से मुक्ति पा चुका है। इसलिए इस बार इम्तहान में फिर न बैठने का उसे कोई दुख नहीं होता।
वह शंकर की दुकान तक पहुँच गया था। वहाँ बाएँ हाथ मुड़ना था। एक उचाट-सी निगाह उसने शंकर की दुकान की तरफ डाली। अभी कोई ग्राहक नहीं पहुँचा था। शंकर भी दुकान पर नहीं था।
जिंदगी में अगर किसी से पप्पू सबसे ज्यादा नफरत करता है तो वह है, शंकर। शंकर की दुकान के सामने से गुजरते ही उसे अपने अंदर आग का अहसास होने लगता है। वह और भी छोटा था, उसके मन में वहाँ से गुजरते समय इच्छा जगती थी कि शंकर की दुकान पर इस तरह से पत्थर फेंकर भागे कि पत्थर सीधा उसकी खोपड़ी पर जाकर टन्न से लगे। हालाँकि कभी वह अपनी इच्छा पूरी नहीं कर सका लेकिन उसके मन में बार-बार यह इच्छा उठती जरूर थी। आज भी उठी। उसनें नफरत से दुकान के अंदर देखा। अंदर शंकर का सबसे छोटा लड़का गणेश बैठा था। गणेश पप्पू के ही साथ पढ़ता था। पप्पू उसे हमेशा गोबर गणेश कहकर अपने मन में खुश होता था। कई बार खेल में पप्पू उससे जबरदस्ती उलझ जाता और एकाध बार उसने उसकी पिटाई भी की थी। हर बार गणेश को गाली देते या पीटते समय पप्पू को एक क्रूर सुख का अनुभव होता था। पप्पू की आँख गणेश से मिल गई तो उसे लगा कि गणेश ने उसे रुकने का इशारा किया है। जरूर बच्चू को हिंदी की किताब चाहिए होगी। पप्पू ने खुद उसे उस दिन हिंदी की किताब सेकेंड हैंड में बेचते देखा था। अब उसकी हिम्मत फिर से शंकर से पैसा माँगनी की तो पड़ नहीं रही होगी। शंकर जैसा कंजूस दोबारा पैसा देगा भी नहीं और स्कूल में मास्टर साहब रोज किताब के लिए छड़ी लगाते होंगे। और देखो बेटा पिक्चर, किताब बेचकर! पप्पू ने उपेक्षा से मुँह बिचकाया और आगे बढ़ गया।
पप्पू को एक-न-एक दिन इस शंकर के बच्चे से बदला जरूर लेना है। उसे आजकल अनिल दादा की संगत इसलिए भी और ज्यादा पसंद आ रही है क्योंकि अनिल दादा इधर फिल्मी स्टाइल की कोई रोमांचक कारगुजारी करना चाहता था। पप्पू ने ही उसे बताया था कि अगर शंकर की दुकान को लूटा जाए तो कम-से-कम दस हजार रुपए मिलेंगे। उतनी छोटी दुकान पर दस हजार रुपए मिलने की बात अनिल दादा के गले आसानी से उतरी नहीं लेकिन उसने बाद में मान लिया क्योंकि पप्पू ने खुद शंकर को कई बार सौ-सौ के नोटों की गड्डियों को गिनते हुए देखा है। पप्पू के अलावा और भी कई लड़कों ने देखा है। ये सभी वही लड़के हैं, जिनके माँ-बाप अक्सर शंकर के हाथों जलील होते रहते हैं। आजकल अनिल दादा पप्पू और दूसरे लड़कों के साथ शंकर को लूटने की स्कीम पर बहस करता रहता है। दो-तीन छुरों का इंतजाम हो गया है। बस एक पिस्तौल की और जरूरत है। काले कपड़ों के टुकड़ों को जोड़कर पार्क में ही वनभैरव शैली की नकाबें बनाई गई हैं। आज अनिल दादा अपने साथ कुछ और होशियार किस्म के लोगों को लेकर आनेवाला था और उनके साथ बैठकर योजना को अंतिम रूप देना था।
पिछले कई महीनों से अनिल दादा के साथ मिलकर वह योजना बना रहा है। दरअसल अनिल दादा ने एक फिल्म देखी थी जिसमें चार नकाबपोश लड़के मिलकर एक बैंक लूटते हैं। तब से वह इसी स्कीम पर काम कर रहा है। उसने पप्पू को भी कई बार यह फिल्म दिखाई थी। पप्पू इस समय अनिल दादा का काफी नजदीकी हो गया है। अनिल दादा मोहल्ले भर का दादा है। पप्पू की उम्र के लड़के या तो उससे डरते हैं या उसके साथ के लिए लालायित रहते हैं। छोटे-मोटे दुकानदार भी उससे जल्दी नहीं उलझते। पिछले कई सालों से वह हाईस्कूल का इम्तहान दे रहा है। स्कूल छूटने के बाद पप्पू अनिल दादा के करीब आ गया है। पप्पू ने ही उसे शंकर की दुकान लूटने का आइडिया दिया था, तब से वह उसके और करीब आ गया है।
आजकल वे लोग पार्क के एक किनारे पर बैठते हैं। आपस में फुसफुसाकर बातें करते हैं। अँधेरा होने पर बस्ती के बाहर सड़क पर टहलने निकल जाते हैं। और देर तक टहलते हुए किसी पुलिया पर बैठकर योजनाएँ बनाते हैं। योजनाएँ बनाते-बनाते अक्सर पप्पू का मन रोमांच से भर उठता है। आजकल उठते-बैठते, सोते-जागते वह अपने को आँखों पर वनभैरव की तरह पट्टियों का नकाब बाँधे, हाथ में पिस्तौल लिए महसूस करता है। एकाएक अपने को चारों तरफ से हथियारबंद खूँखार नौजवानों से घिरा देखकर थुलथुल शंकर कैसे घबराएगा, किस तरह से रोनी सूरत बनाए अपनी जिंदगी-भर की कमाई लुटते देखेगा, कैसे हाथ जोड़ जोड़ कर अपनी जान माल की भीख माँगेगा‌‌‌, सोच-सोचकर पप्पू को हँसी आती है। शंकर तो उसे नहीं पहचान पाएगा लेकिन अगर गणेश उसी समय आ गया तो जरूर पहचान लेगा। पहचान ले। वह तो चाहता है कि शंकर जान जाए कि उसे किसने लूटा है और क्यों लूटा है।
शंकर की दुकान पीछे छूट गई और वह चाय की दुकान तक पहुँच गया। उसने सौ ग्राम जलेबी खाई, फिर पानी पीकर गिलास में उँगलियाँ डुबोकर धोईं। उसका मन वहाँ बैठने को नहीं कर रहा है। वह जल्द से जल्द अनिल दादा तक पहुँचना चाहता था लेकिन अनिल दादा अभी पार्क में नहीं आया होगा। उसने गर्म चाय ली और धीरे-धीरे पीने लगा। कुछ देर तक वहाँ बैठने के बाद जब उसे लगा कि शायद अनिल दादा पार्क में अब आ गया हो, वह उठा, दुकानदार को पैसे दिए और पार्क की तरफ चल दिया।
पप्पू आज शायद रोज के मुकाबले पहले पार्क पहुँच गया था। अभी तक पार्क लगभग खाली था। खासतौर से वह कोना, जहाँ अनिल दादा अपनी टीम के साथ बैठता था, पूरी तरह खाली था। दिसंबर की गुनगुनी धूप ने पार्क को हर तरह से घेर लिया था। वहाँ बैठने में जो सुख था उसने न चाहते हुए भी पप्पू को अपनी तरफ खींच लिया। पप्पू पार्क के अपने कोने में जाकर बैठ गया। उसके और उसके साथियों के लिए यह कोना अपना इसलिए था क्योंकि वे लगभग रोज ही वहीं बैठते थे और उनकी बदमाशियों की वजह से मोहल्ले का कोई बुजुर्ग या कोई महिला वहाँ बैठने की हिम्मत नहीं करते थे। पप्पू ऊबा-सा वहाँ बैठा-बैठा जम्हाइयाँ लेता रहा। धूप की गर्माहट और ऊब ने ऐसा माहौल पैदा किया कि वह लेट गया और धीरे-धीरे ऊँघने लगा।
एक कुत्ता आकर उसके पास बैठ गया और उसका पैर चाटने लगा। उसने लेटे-लेटे उसे एक लात जमाई तो कुत्ता उठकर दूसरी तरफ, एक मूँगफलीवाले के पास चला गया। पार्क में उसके अलावा दो-तीन खोमचेवाले भी थे जो ग्राहकों के अभाव में रेलिंग के सहारे बैठकर बतिया रहे थे, कुछ आवारा गायें और बकरियाँ और मोहल्ले के ही एक रिटायर्ड रेवले गार्ड थे जो सामने अखबार फैलाए, जाने कितनी देर से बैठे-बैठे ऊँघ रहे थे। पप्पू जहाँ बैठा है, वहाँ काफी सख्त घास थी और कुछ दूरी पर नर्म हरी घास का टुकड़ा दिखाई दे रहा था। पप्पू का मन हुआ कि जाकर वहाँ बैठ जाए लेकिन आलस में उसी जगह बैठा रहा और न सिर्फ बैठा रहा बल्कि थोड़ी देर में वहीं लेट गया और आँखों पर हाथ रखे धीरे-धीरे सो गया।
पप्पू की नींद खुली तब तक कई लड़के उसके इर्द-गिर्द आकर बैठ चुके थे। कुछ लड़के रोज की तरह अपनी क्लासों से भागकर आए थे, कुछ पप्पू की तरह थे जो फीस उड़ा गए थे और नाम कट जाने की वजह से बजाय स्कूल जाने के पार्क में बैठने लगे थे। जब तक उनके माँ-बाप को इस बात का पता नहीं चलेगा और अच्छी खासी कुटम्मस के साथ फिर से फीस जमा करके उनका नाम नहीं लिखवाया जाएगा, तब तक वे यहाँ आते ही रहेंगे। वे किसी फिल्मी हीरोइन के रोमांस के बारे में आधिकारिक ढंग से बातें कर रहे थे। पप्पू बिना किसी उत्सुकता से उनकी बातें सुनता रहा। अनिल दादा अभी तक नहीं आया था। आजकल पप्पू को सिर्फ उसी की बातों में मजा आता है।
थोड़ी देर में अनिल दादा आ गया। उसके साथ एक और दुबला-पतला मरियल सा लड़का था जिसने मैली सी पैंट और गंदी, फटे कालरवाली कमीज पहन रखी थी। पप्पू को निराशा हुई। उसे उम्मीद थी कि आज अनिल दादा अपने साथ पूरे गैंग को लाएगा, जिसकी वह अक्सर डींग हाँकता रहता है। आया भी तो सिर्फ एक आदमी के साथ और वह भी कितना मरियल। लगता है, जैसे किसी साइकिल के पंक्चर जोड़ने की दुकान का मिस्त्री हो। पप्पू का ख्याल सही निकला। बाद में जब अनिल दादा ने पप्पू को आँख का इशारा किया और वे उठकर बाकी लड़कों से अलग बैठ गए तब पप्पू को पता चला कि वह सचमुच कटरे में साइकिल, रिक्शों के पंक्चर जोड़ने की दुकान चलाता है।
अनिल दादा और मिस्त्री फुसफुसाकर बात करने लगे। पप्पू को मिस्त्री की क्षमता पर विश्वास तो नहीं हो रहा था लेकिन जब अनिल दादा ने उसके कई किस्से सुनाए तो उसे विश्वास हो गया कि वह सचमुच कुछ दादा किस्म का आदमी है। अनिल दादा ने मिस्त्री को आँखों के इशारे से शंकर का घर दिखाया। मिस्त्री ने बड़े अनुभवी ढंग से चारों तरफ का मुलाहिजा किया। उसने इस ढंग से कुछ सवालात किए, जिससे यह साबित होता था कि उसे इस तरह की वारदातों में शरीक होने का काफी अनुभव है। पप्पू कुछ-कुछ अविश्वास से और अनिल दादा पूरे विश्वास से उसके जवाब देते रहे। उन्होंने पूरी स्कीम फिर से एक बार दोहराई। हालाँकि यह स्कीम सैकड़ों बार दोहराई जा चुकी थी लेकिन पप्पू पूरी उत्तेजना के साथ एक-एक तफ्सील सुनता रहा और अपने सुझाव देता रहा।
मिस्त्री अनुभवी आदमी की तरह हथियारों की बात करने लगा। हालाँकि अनिल दादा ने भी कई बार कहा था कि उसके पास एक रामपुरी चाकू और एक पिस्तौल है लेकिन उसने कभी दिखाया नहीं था। पप्पू एक बार पिस्तौल देखना चाहता था। मिस्त्री ने आश्वासन दिया कि उसे पिस्तौल जरूर दिखाएगा। वह लूट में खुद पिस्तौल लेकर शरीक होना चाहता था, लेकिन चूँकि पिस्तौलें सिर्फ दो थीं इसलिए तय हुआ कि पिस्तौल सिर्फ अनिल दादा और मिस्त्री के पास रहेगी और पप्पू को रामपुरी चाकू दिया जाएगा। दूसरे लड़के भी चाकू रखेंगे। दूसरे लड़कों की लिस्ट पहले की तरह फिर से बनाई गई। मिस्त्री ने अपने साथ एक लड़का लाने की बात की। पहली लिस्ट में शामिल लड़कों में से कुछ के बारे में पप्पू का ख्याल था कि वे कायर हैं और कुछ को अनिल दादा डरपोक समझता था। लिहाजा पहले कई बार की तरह एक बार फिर कुछ लड़कों के नाम काटे गए, कुछ के जोड़े गए।
मिस्त्री को जल्दी थी, वह बार-बार शिकायत कर रहा था कि अनिल दादा उसे धंधे के टाइम उठा लाया था। कई बार उसने उठने की कोशिश की लेकिन हर बार कोई-न-कोई बात निकल आती और वह फिर रुक जाता। अंत में वह उठ खड़ा हुआ। जाते-जाते पप्पू ने बड़ी आजिजी के साथ उससे पिस्तौल दिखाने का वादा करा लिया। तय हुआ कि शाम को अनिल दादा पप्पू को लेकर उसके घर जाएगा, वहीं वह पप्पू को पिस्तौल दिखाएगा। पप्पू पिस्तौल देखने के विचार से ही रोमांचित हो गया। चलते-चलते मिस्त्री अनिल को पप्पू से थोड़ा हटकर एक किनारे ले गया। वे फुसफुसाकर कर कुछ बातें करने लगे। बीच-बीच में पप्पू की तरफ देखकर उनकी आँखों में शरारत-भरी चमक तैरने लगती। वे जिस तरह बीच-बीच में मुस्कुराते और एक-दूसरे की तरफ देखकर आँखें मटकाते उससे पप्पू को उनके बीच हो रही बातों का काफी हद तक अंदाज लग रह था। उसने घबराकर चारों तरफ देखा। काफी लड़के आपस में बातचीत में मशगूल थे। किसी का ध्यान इस समय उसकी तरफ नहीं था। अगर किसी ने देख सुन लिया तो मोहल्ले-भर के लड़कों में बात फैल जाएगी। वैसे ही लड़के उसके और अनिल दादा के संबंधों को लेकर उसे कितना चिढ़ाते हैं। पहले तो वह रुआँसा हो जाता था, बाद में अनिल दादा ने दो-एक लड़कों की पिटाई कर दी। तब से चिढ़ाना कुछ कम हो गया है, फिर भी उसे अकेले पाकर इक्का-दुक्का लड़के एक-दूसरे की तरफ देखकर शरारतन आँखें मार देते हैं या धीरे से आपस में कुछ द्विअर्थी वाक्य बोलते हैं, जिससे पप्पू का चेहरा काला पड़ जाता है और वह न सुनने का बहाना बनाए, वहाँ से चुपचाप खिसक जाता है।
मिस्त्री चला गया। अनिल दादा पप्पू के पास आकर बैठ गया। पप्पू का मन क्षोभ से भरा हुआ था। वह दूसरी तरफ देखता रहा। उसने दादा से कई बार साफ-साफ कह दिया है कि वह उसके साथ तो तैयार है लेकिन उसके दोस्तों के साथ नहीं लेकिन उसके बावजूद, पप्पू को अनिल दादा बीच-बीच में अपने दोस्तों के पास ले जाता रहा है। दो-एक बार पप्पू ने साफ-साफ मना कर दिया था लेकिन अनिल दादा ने अपने उसके संबंधों की बात मुंशीजी को बताने की धमकी देकर उसका प्रतिरोध तोड़ दिया था। अनिल दादा ने पप्पू से बात करने की कोशिश की। लेकिन पप्पू उसकी बात को न सुनने का बहाना किए हुए, दूसरी तरफ देखता रहा। अनिल दादा झल्लाकर उठा और थोड़ी दूर पर बैठे हुए दूसरे लड़कों के साथ बैठ गया। पप्पू अकेला रह गया।
धूप अब काफी तेज हो गई थी। पप्पू ने अंदाज लगाया, ग्यारह से कम क्या बजे होंगे। उसे काफी तेज भूख लग आई थी। उसने उठकर घर जाने का इरादा किया लेकिन आलस में बैठा रहा। क्या करेगा घर जाकर? उसके खाने या न खाने का किसी पर क्या असर पड़ेगा? मुंशीजी खाकर निकल गए होंगे। विनोद नहा रहा होगा या हो सकता है, यह भी खा-पीकर निकल गया हो। राजकुमारी उसके लिए एक थाली में खाना निकालकर खुद खा लेगी। उसका खाना पड़ा रहेगा। जिस दिन वह दिन में नहीं खाने जाता, उस दिन शाम को बर्तन माँजते समय राजकुमारी उसका खाना गली में फेंक आती है, जहाँ आवारा कुत्ते उसे खा जाते हैं। न कोई उससे दिन में खाना न खाने की वजह पूछता है, न वह किसी से बताता है। जब उसके खाने, न खाने का किसी पर कोई फर्क नहीं पड़ना तो वह क्यों जाए घर? अभी भी उसकी जेब में कुछ पैसे थे। वह किसी चाय की दुकान पर बंद-मक्खन खाकर चाय पिएगा। पहले भी कई बार ऐसा हुआ है कि किसी छुट्टी के दिन मटरगश्ती करने में बहुत देर हो जाती थी लेकिन घर पहुँचने पर हमेशा माँ इंतजार करती मिली थी। पहुँचते ही उसकी पिटाई करती, फिर नहलाकर अपने साथ खाने बैठाती। मुंशीजी घर में मौजूद होते तो वे भी खाना खाने के पहले या बाद में उसे दो-एक हाथ लगाते। राजकुमारी भी, अभी हाल तक उसके खाना न खाने पर कितना खोद-विनोद करती। पप्पू के रूखे ढंग से जवाब देने पर मुंशीजी से शिकायत करने की धमकी देती। अब तो वह भी कुछ नहीं कहती। कई दिन तो लगातार दोनों वक्त का खाना फेंकना पड़ा है लेकिन इस बात का पता सिर्फ राजकुमारी और पप्पू को रहा है, न विनोद को पता चला और न मुंशीजी को।
पप्पू चुपचाप बैठा रहा। थोड़ी देर में अनिल दादा उठकर फिर उसके पास आ गया। उसने उसे खुश करने के लिए टोस्ट-मक्खन खिलाने की बात कही। पप्पू को मालूम था कि अंत में उसे अनिल दादा की ही बात माननी पड़ेगी। उसे खूब जोरों से भूख भी लगी थी। अतः वह उठ गया। पार्क के अंदर एक रेलिंग के सहारे अनिल दादा की साइकिल खड़ी थी। अनिल दादा ने साइकिल का ताला खोला और पप्पू को साइकिल थमा दी। पार्क के बाहर निकलने पर वह आगे डंडे पर बैठ गया और पप्पू साइकिल चलाने लगा। मोहल्ले की किसी चाय की दुकान पर बैठना मुश्किल था क्योंकि किसी भी समय मुंशीजी या विनोद उसे देख सकते थे इसलिए उसने साइकिल पालीटेक्नीक की तरफ मोड़ ली। थोड़ी चढ़ाई थी इसलिए पप्पू जल्दी ही हाँफने लगा। अनिल दादा ने उसे उतारकर आगे बैठा लिया और खुद चलाने लगा।
चढ़ाई खत्म होते ही अनिल दादा ने उसे चिढ़ाया, ‘इतनी जल्दी हाँफने लगे, बच्चू? इसी बूते पर शंकर के यहाँ चढ़ोगे?’
पप्पू झेंप गया। उसने कोई जवाब नहीं दिया। दरअसल वह इधर ही इतनी जल्दी हाँफने लगा है। पहले जब नया-नया उसने साइकिल चलाना सीखा था तो कितने शौक से वह तीन-तीन लोगों को बैठाकर साइकिल चलाता था। विनोद कॉलेज से लौटता कि वह सबकी आँख बचाकर, उसकी साइकिल लेकर निकल जाता। मोहल्ले-भर के लड़कों को बैठाकर घुमाता रहता। माँ के लाख मना करने पर भी सड़क पर अपने से बड़े लड़कों को बैठाकर साइकिल चलाता रहता। उसे बैठाकर कोई और साइकिल चलाए, यह उसे अपमान लगता था।
‘कितनी बार कहा है कि सुबह उठकर डंड-बैठक किया करो, सो तो होगा नहीं, बस शंकर की दुकान लूटने की धुन लगी है।’ अनिल दादा का चिढ़ाना जारी है।
झेंपा हुआ पप्पू कैसे बताए कि अपने उस दरबानुमा घर में वह कहाँ डंड-बैठक करे। अनिल दादा के बहुत चिढ़ाने पर उसने कई बार शुरू भी किया लेकिन हास्यास्पद बन जाने के डर से उसे जल्दी ही छोड़ना पड़ा। एक बार तो बड़े नियमित रूप से वह एकदम सवेरे उठकर छत पर तीन-चार दिन गया लेकिन तीसरे या चौथे दिन ही जब वह पंद्रह बैठक मारकर, तीसरा डंड निकाल रहा था, उसे लगा कि सामने की छत पर कोई हँस रहा है। न जाने बिन्नी कब वहाँ आकर खड़ी हो गई थी और उसकी तरफ देखकर हँस रही थी। शर्म से पप्पू वहीं दीवार की आड़ लेकर बैठ गया। जब उसे विश्वास हो गया कि बिन्नी चली गई है तब वह तेजी से झुका-झुका ही सीढ़ियों की तरफ भाग निकला। लगता है, बिन्नी ने यह बात विनोद को भी बता दी थी क्योंकि दूसरे दिन जब पप्पू देर से उठकर कमरे के बाहर आया तो बरामदे में बैठा अखबार पढ़ रहा विनोद उसे देखकर धीरे से मुस्कुराया और फिर अखबार पढ़ने लगा उसके बाद पप्पू का ‘शरीर बनाओ अभियान’ ठप्प पड़ गया।
रास्ते में अनिल ने बताया कि मिस्त्री ने जाते समय उन्हें मैटिनी-शो दिखाने का वादा किया है। वह उन्हें सिनेमा हाल पर ही मिलेगा। सिनेमा खत्म होने पर उसके घर जाएँगे और वहाँ वह पप्पू को पिस्तौल दिखाएगा। पप्पू उसका मतलब तो समझ गया, लेकिन चुप रहा। पालीटेक्नीक के पास एक चाय की दुकान पर साइकिल रोककर वे उतर पड़े और बाहर पड़े एक बेंच के पास साइकिल खड़ी कर उसी बेंच पर बैठ गए।
अभी मुश्किल से बारह बज रहे थे। उन्हें तीन घंटे बिताने थे। वे आराम से दुकान पर बैठे रहे। अनिल अखबार उलटता-पुलटता रहा और पप्पू धीरे-धीरे चाय पीता रहा। उसे बड़े जोरों की भूख लगी हुई थी। अनिल उसे टोस्ट मक्खन खिलाने को कहकर लाया था लेकिन उसने सिर्फ दो समोसे मँगाए, जिसमें से दोनों ने एक-एक खाए। लगता है, उसकी जेब में ज्यादा पैसे नहीं हैं। एक समोसा खाने से पप्पू की भूख और बढ़ गई थी। एक बार उसने सोचा कि अपने जेब के पैसों से कुछ मँगा ले लेकिन फिर खामोश रह गया। कहीं रास्ते में अनिल से पीछा छुड़ाकर कुछ खा लेगा। चाय खत्म हुई तो अनिल ने पैसे दिए और वे उठ खड़े हुए। अभी बहुत समय था। वे पैदल ही वापस मुहल्ले की तरफ बढ़े। रास्ते में अनिल ने शंकरवाली स्कीम के बारे में बातचीत करने की कोशिश की लेकिन भूख से कुलबुलाते पप्पू को उसमें ज्यादा रस नहीं आ रहा था। वह लगातार अनिल से छुटकारा पाकर किसी चाय की दुकान तक जाने की सोच रहा था। पार्क तक पहुँचते-पहुँचते उसे एक उपाय सूझ ही गया। उसने अनिल से कहा :
‘तुम बैठो, मैं अभी घर से खाना खाकर आता हूँ।’
‘तुमने अभी तक खाना नहीं खाया?’
‘अभी कहाँ, सवेरे से तो तुम्हारे चक्कर में हूँ।’
‘तभी...’
अनिल कुछ कहना चाहता था लेकिन पप्पू ने उसे मौका नहीं दिया। वह उसे पार्क के फाटक पर छोड़कर एकदम से मुड़ गया।
पप्पू ने अपनी गली के पास पहुँचकर, पीछे देखा। अनिल पार्क के एक कोने में बैठे लड़कों के पास बैठ चुका था। उसकी पीठ पप्पू की तरफ थी। पप्पू तेजी से अपनी गली को पीछे छोड़ता हुआ शंकर की दुकान की तरफ बढ़ गया। वहाँ से वह उसी रफ्तार में बाईं तरफ मुड़कर सवेरेवाली चाय की दुकान में पहुँच गया। उसने जल्दी-जल्दी बंद-मक्खन खाया, सौ ग्राम पकौड़ियाँ खाई, चाय पी और उठ खड़ा हुआ।
जब वह वापस पार्क में पहुँचा तो अनिल को ताज्जुब हुआ।
‘अरे! तुम इतनी जल्दी खाना खा आए?’
पप्पू ने कोई जवाब नहीं दिया। सिर्फ सर हिलाकर उस मंडली में शरीक हो गया जिसमें कई लड़के घेरा बनाकर किसी विषय पर बड़े जोर-शोर से बातें कर रहे थे। अनिल और एक-दूसरे लड़के में बहस हो रही थी। अनिल तरह-तरह की दलीलें देकर वह साबित करने की कोशिश कर रहा था कि शरीर बनाने के लिए डंड-बैठक सबसे अच्छा उपाय है जब कि दूसरा लड़का जिम्नेजियम जाकर अंग्रेजी कसरतें करने का पक्षधर था। बाकी लड़के उत्सुकता से बहस सुन रहे थे और बीच-बीच में दोनों को उकसाने के लिए कोई-न-कोई ऐसा वाक्य बोल देते थे जिससे वे और ज्यादा उत्तेजित होकर बोलने लगते। पप्पू के पहुँचने पर एक क्षण को विराम आया लेकिन फिर उसी जोश-खरोश से बहस शुरू हो गई।
पप्पू को शरीर बनाने से संबंधित बहस को लेकर घबराहट होती है। अक्सर इस तरह की बहसों से मोहल्ले के लड़कों में से ही उदाहरण चुने जाते हैं और फिर पप्पू की खिंचाई होती है। आजकल मोहल्ले के लड़कों में आपसी बातचीत का यह सबसे अहम मुद्दा है क्योंकि मोहल्ले में हाल ही में एक ‘शाखा’ लगने लगी है और शरीर बनाने की एक नई धुन शुरू हुई है। अधभरे पेटवाले लड़के ‘शाखा’ के बौद्धिक सुन-सुनकर घर आकर डंड-बैठक करते हैं और स्कूल में खाली घंटों में बाँह की कमीज ऊपर चढ़ाकर हाथ की मछलियाँ दिखाते हैं।
पप्पू इस तरह की बहस को लेकर बचने की कोशिश करता है। आज भी बहस का विषय जानते ही वह सायास उपेक्षा करके दूसरी तरफ देखने लगा। वह दिखा रहा था कि जैसे वह कुछ सुन ही नहीं रहा है। लेकिन थोड़ी ही देर में उसके कान की लवें लाल होने लगीं। बहस में उदाहरणों का नंबर आने लगा था। जल्दी ही खराब शरीरवाले लड़कों का जिक्र आने पर उसका भी नाम आ गया। श्रोताओं ने मुस्कुराकर उसकी तरफ देखा। पप्पू उपेक्षा से दूसरी तरफ देखता रहा। अनिल उसकी कमजोरी जानता था इसलिए उसने जल्दी से बात बदल दी लेकिन उससे बहस करनेवाले लड़के को पता था कि पप्पू अनिल की कमजोरी है। वह बहस में हार रहा था इसलिए अनिल को मजाक का पात्र बनाने के लिए वह बार-बार पप्पू का नाम ले आ रहा था। बाकी लड़कों को भी मजा आ रहा था। वे लगातार पप्पू की आँखों पर कटाक्ष कर रहे थे जो उनके लिहाज से कसरत न करने से गड्ढे में धँस गई थीं और उनमें बहनेवाले गँदले कीचड़ को रोकने का एक ही उपाय था कि वह कसरत करे। पप्पू खिसियानी हँसी हँसकर बहस से अपने को असंपृक्त करने की चेष्टा कर रहा था और अनिल दादा उसे दूसरी तरफ मोड़ने की कोशिश कर रहा था।
पप्पू को अपनी आँखों की वजह से कई बार शर्म का सामना करना पड़ा है। शुरू से ही उसकी आँखें अजीब पनियायी-पनियाई सी रहती थीं। दर्जा चार का पढ़ा पाठ उसे अकसर याद आ जाता जिसके मुताबिक चाचा नेहरू बच्चों की आँखों में देश का भविष्य देखते थे। कैलेंडरों और पत्रिकाओं की तस्वीरों में उसने चाचा नेहरू को बच्चों की आँखों में मुस्कुराते हुए झाँकते देखा है। बच्चों की आँखों के सपने का अक्स स्पष्ट तो नहीं दिखाई देता था लेकिन इतना जरूर स्पष्ट था कि सपना काफी अच्छा होता होगा, तभी तो चाचा नेहरू हमेशा मुस्कुराते रहते हैं। तस्वीरोंवाले बच्चों की आँखें कितनी नीली, साफ और चमकदार होती हैं। उन बच्चों को देखते हुए पप्पू हमेशा हीन भावना से ग्रस्त हो जाता है। अच्छा हुआ, कभी चाचा नेहरू से मुलाकात नहीं हुई, नहीं तो अगर कहीं वे उसकी आँखों में झाँक लेते तो उसकी पनियाई, निस्तेज आँखों में उन्हें न जाने क्या दिखाई देता? किसी सपने-वपने की तो बात ही दीगर है - इन गँदली आँखों में सारे सपने मिट जाते-उल्टे वे मुस्कराना भी भूल जाते। एक बार ड्राइंग मास्टर और संस्कृत के पंडितजी ने उसे कितना जलील किया था। तिमाही इम्तहान की संस्कृत की कॉपियाँ क्लास में दिखाई गई थीं। क्लास में अनुपस्थित रहने के कारण पप्पू अपने नंबर नहीं देख पाया था। दूसरे दिन वह इंटरवल में टीचर्स-रूम में गया। पंडितजी एक कोने में कुर्सी खींचकर ड्राइंग मास्टर से बातें कर रहे थे। वह चुपचाप जाकर उन दोनों के पास खड़ा हो गया। उसके सर पर आ खड़े होने से पंडितजी को कुछ असुविधा महसूस हुई तो उन्होंने अनिच्छा से उसकी तरफ देखा। उसका मंतव्य जानकर वे झुँझलाहट से उठे और अपनी आलमारी खोलकर कॉपियों का बंडल निकाल लाए और उसे थमा दिया। उसने चुपचाप कॉपियों के बंडल से अपनी कॉपी ढूँढ़ी और बाकी बंडल एक तरफ रख दिया। बमुश्किल वह पास हुआ था। उसकी पीली आँखें और ज्यादा उदास लगने लगी थीं। वह चुपचाप अपनी कॉपी के पन्ने उलटता रहा और मन-ही-मन अलग-अलग प्रश्नों पर मिले अंकों को जोड़कर कॉपी के कवर पर मिले प्राप्तांकों से मिलान करता रहा। अचानक उसे लगा कि पंडितजी बात छोड़कर, एकटक उसी की तरफ देखने लगे हैं।
‘तुम्हारी आँखें इतनी निस्तेज क्यों हैं जी? लगता है पीलिया के मरीज हो।’
‘पीलिया-वीलिया कुछ नहीं है। आजकल के लड़के आपके जमाने के तो हैं नहीं। इसी उम्र में न जाने कौन-कौन-सी कुटेव पाल लेते हैं।’
ड्राइंग मास्टर ने हल्के से पंडितजी को आँख मारी तो पप्पू पूरी तरह से रुआँसा हो उठा। उसने बड़ी मुश्किल से अपनी कॉपी बंडल के ऊपर रखी। उसे फिर से रस्सी से बाँधा और पंडितजी के सामनेवाली मेज पर रख दिया। पंडितजी ने शायद उसका मन रखने के लिए कहा, ‘अरे नहीं, ये तो सीधा-साधा लड़का है। इसमें इसकी गलती भी क्या है। आजकल के लड़कों को घी, दूध तो खाने को मिलेगा नहीं, आँखें पीली नहीं होंगी तो क्या उनसे तेज बरसेगा?’
‘आप भी पंडितजी....’
इसके बाद पूरा वाक्य सुनने के लिए पप्पू नहीं रुका। पीछे से आती हुई ड्राइंग मास्टर और संस्कृत के पंडित जी की हँसी उसकी पीठ से टकराकर उसके मन में शर्म और पीड़ा के दंश चुभाती रही।
पप्पू को ड्राइंग मास्टर से नफरत है। एक बार तिमाही के नंबर बताने के लिए उसे उन्होंने अपने घर बुलाया। घर पर कैसा गंदा काम उसके साथ करना चाहते थे। पप्पू रोने लगा और प्रिसिंपल साहब से शिकायत करने की धमकी दी, तब कहीं उसे छुटकारा मिला। तब से, ड्राइंग मास्टर कोई भी मौका मिलते ही उसे जलील करने से नहीं चूकते। उसने कई बार सोचा कि क्लास के लड़कों को ड्राइंग मास्टर की बदमाशी बता दे लेकिन हमेशा यह सोचकर चुप लगा जाता कि लड़के उसी को चिढ़ाएँगे।
बाद में जब उसके अनिल दादा से ताल्लुकात बन गए थे; तब उसने एक दिन उसे बताया था। एक बार जब फिर ड्राइंग मास्टर ने उसे अपने घर बुलाया तो पप्पू अनिल को साथ लेकर गया। अनिल की दादागीरी से स्कूल के लड़के ही नहीं, अध्यापक तक वाकिफ थे। उसने ड्राइंग मास्टर को उनके घर पर माँ-बहन की खूब गालियाँ दी थीं, तब से फिर उन्होने पप्पू को परेशान नहीं किया।
बहस में बार-बार पप्पू का नाम लेने से अनिल चिढ़ गया। उसने दो-तीन गालियाँ हवा को दीं। साथ बैठे लड़के समझ गए और उन्होंने फौरन बात का विषय बदल दिया।
पप्पू ने थोड़ा आश्वस्त महसूस करते हुए अपने को घास पर फैला दिया। धूप अब तेज हो गई थी और सीधी उसकी आँखों पर पड़ रही थी। धूप से बचने के लिए उसने एक हाथ आँख पर रख लिया।
लेटे-लेटे बगल में हो रही उत्तेजित बहस के स्वर धीरे-धीरे अस्पष्ट होने लगे। वह ऊँघते-ऊँघते झपकियाँ लेने लगा।
जब अनिल ने झिंझोड़कर उसे उठाया तो धूप उस हिस्से से सरककर थोड़ी दूर जा बैठी थी। पप्पू समझ गया कि सिनेमा का वक्त हो गया था। वह चुपचाप उठकर अनिल के साथ पार्क से बाहर निकल गया।
जब वे सिनेमा हाल पर पहुँचे तो मिस्त्री टिकटें खरीदकर उनका इंतजार कर रहा था। सिनेमा शुरू होने में थोड़ा वक्त था लेकिन वे अंदर जाकर बैठ गए। बाहर पप्पू और अनिल दोनों को घर के किसी आदमी द्वारा देखे जाने का खतरा था। हाल में सबसे अगली सीट से सिर्फ एक सीट पहले उन्हें जगह मिली। इतना आगे बैठने से पप्पू की आँखें दर्द करने लगती हैं, लेकिन मजबूरी थी क्योंकि मिस्त्री दिखा रहा था। अगर वह कुछ कहता है तो वे दोनों उसका मजाक उड़ाएँगे और हो सकता है कि पीछे का टिकट खरीदने के लिए उसी से कुछ पैसा माँगने लगें।
हाल की बत्ती गुल होते ही मिस्त्री और अनिल ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। अनिल को झेलने की तो आदत थी लेकिन मिस्त्री की हरकतों से उसे जुगुप्सा होने लगी। बिना अगल-बगल का ध्यान किए, वह उसके गाल पर हाथ फेर रहा था और बीच-बीच में चिकोटी काट लेता था। उन दोनों ने पप्पू को बीच में बैठा रखा था, इसलिए वह उठकर कहीं जा भी नहीं सकता था। जब केवल अनिल होता था तो उसकी हरकतों से बेखबर पप्पू सिनेमा में दिलचस्पी लेने की कोशिश करता लेकिन मिस्त्री तो कुछ ज्यादा ही फूहड़ था। उसे अगल-बगल के लोगों की जरा भी परवाह नहीं थी। उसने पप्पू का बायाँ हाथ लगभग खींचते हुए अपनी जाँघों के बीच रख लिया। पप्पू ने छुड़ाने के लिए कई बार जोर लगाया लेकिन मिस्त्री अपने दाहिने हाथ से उसे दबाए रहा। पप्पू ने हार मानकर अपना हाथ वहीं छोड़ दिया और चुपचाप फिल्म देखने लगा। शायद उन दोनों में ऐसा समझौता हो चुका था, इसलिए अनिल ने थोड़ी ही देर में अपने को फिल्म में डुबो दिया और पप्पू को मिस्त्री के लिए छोड़ दिया। पप्पू ने भी अपना ध्यान उधर से हटाकर पूरी तरह से फिल्म में लगा दिया। लेकिन एकाएक उसे अपने हाथ में चिपचिपाहट महसूस हुई। उसने घिन्नाकर अपना हाथ पीछे खींच लिया। मिस्त्री ने भी फिर से उसका हाथ नहीं खींचा। तीनों चुपचाप फिल्म देखते रहे।
इंटरवल की रोशनी होते ही अनिल और मिस्त्री एक-दूसरे की तरफ देखकर मुस्कुराए। पप्पू शर्म में डूबा परदे की तरफ देखता रहा और फिर झटके से उठकर बाहर निकल गया। बाहर वह निरुद्देश्य सड़क पर आने-जानेवालों को देखता रहा। उसके पीछे-पीछे वे दोनों भी बाहर निकल आए। पप्पू एक खंभे की आड़ में था इसलिए वे उसे नहीं देख पाए। पप्पू भीड़ के पीछे होता हुआ पेशाबघर में घुस गया। हाल के अंदर वह तभी घुसा जब पूरी तरह अँधेरा हो गया था। इधर-उधर टकराते हुए वह अपनी सीट पर पहुँच गया।
पिक्चर खत्म होने पर अनिल और मिस्त्री ने अपनी साइकिलें निकालीं और पप्पू के साथ भीड़ में धीरे-धीरे पैदल ही चलने लगे। भीड़ खत्म होते ही मिस्त्री ने पप्पू को अपनी साइकिल के आगे बैठा लिया और तीनों एक तरफ चल दिए। पप्पू जानता था कि वे कहाँ जा रहे हैं। अँधेरा हो जाने पर अनिल हमेशा उसे नार्मल स्कूल के मैदान में ले जाता था। आज भी वे वहीं जा रहे थे। नार्मल स्कूल के मैदान में पहुँचकर उन्होंने साइकिलें एक किनारे खड़ी कीं। अनिल साइकिलों के पास रुक गया और मिस्त्री पप्पू को लेकर मैदान की दूसरी तरफ चला गया। थोड़ी देर में मिस्त्री साइकिलों के पास लौट आया और अनिल पप्पू की तरफ चला गया। थोड़ी देर में दोनों लौट आए।
साइकिलों पर सवार होकर वे मिस्त्री के घर की ओर चले। उसका घर गली में था। उन दोनों को गली में बाहर खड़ा करके मिस्त्री अंदर चला गया और थोड़ी ही देर में बाहर निकलकर उसने उन्हें इशारा किया। वे उसके पीछे-पीछे गली के अँधेरे कोने की तरफ बढ़ गए। पप्पू और अनिल दोनों उससे सटकर खड़े हो गए। मिस्त्री ने बड़े रहस्यमय ढंग से कमीज उठाकर पैंट में खुँसी कोई चीज निकाली और अनिल की तरफ बढ़ा दी। अँधेरे में पप्पू देख नहीं पाया लेकिन रोमांच और कौतूहल से उसने हाथ बढ़ाकर उस चीज को थाम लिया। लोहे की, लगभग एक फुट लंबी और बेढंगी-सी चीज थी जिसे हाथ में लेने पर पप्पू को निराशा ही हुई। फिल्मों में देखी हुई पिस्तौलों जैसी चीज देखने की उसकी इच्छा को इस भोंडी चीज को हाथ में लेने पर काफी धक्का लगा लेकिन उसने अपनी निराशा को एकदम से जाहिर नहीं किया। पिस्तौल अब उसके हाथ से अनिल ने ले ली थी। मिस्त्री उसे खोलने, गोली भरने और चलाने के बारे में बता रहा था। उसके बताने के ढंग से पप्पू थोड़ा आश्वस्त हुआ। उसे लगा मिस्त्री कोई खिलौना नहीं, बल्कि सचमुच की पिस्तौल दिखा रहा है। उसने एक बार फिर अनिल के हाथ से पिस्तौल ले ली और उत्सुकता के साथ उसके एक-एक पुर्जे को समझने लगा। उसे लगा कि अब शंकर के यहाँ डकैती कोई रोक नहीं सकता।
दो-तीन लोग उधर ही आ रहे थे। मिस्त्री ने झपटकर पप्पू के हाथ से पिस्तौल छीन ली और जल्दी से कमीज उठाकर अपने पैंट में खोंस ली। तीनों एक-दूसरे से थोड़ी दूरी बनाए हुए, मिस्त्री के घर तक आए। वहाँ पप्पू को अलग छोड़कर अनिल और मिस्त्री आपस में कुछ फुसफुसाते रहे और फिर मिस्त्री उन दोनों को छोड़कर अपने घर में घुस गया।
‘चलो!’ अनिल साइकिल पर चढ़कर, गली के बाहर की तरफ बढ़ चला। पप्पू जरा सा दौड़कर कैरियर पर बैठ गया। साइकिल हल्के से डगमगाई, फिर संतुलित होकर गली के बाहर निकल आई।
बाहर रात काफी गहरा गई थी। सड़कें करीब-करीब सूनी हो गई थीं। जाड़े में तो वैसे ही जल्दी वीरानी छा जाती है और फिर इस समय तो करीब-करीब आठ बज रहे थे। सर्दी अपने पूरे चढ़ाव पर थी। सवेरे वह बिना स्वेटर पहने निकल पड़ा था और तब से एक बार भी घर नहीं गया था। अभी तक सिनेमा हाल और गली के अंदर की गर्मी ने उसे स्वेटर की कमी को महसूस नहीं होने दिया था लेकिन अब, जब उनकी साइकिल भीड़भाड़ से निकलकर सूनी सड़क पर आ गई थी, उसके दाँत सर्दी के मारे आपस में बजने लगे थे। गनीमत थी कि वह पीछे कैरियर पर बैठा था इसलिए हवा सीधे उससे नहीं टकरा रही थी, फिर भी अनिल के जिस्म की आड़ से बचकर आनेवाली हवा इस कदर तीखी थी कि कैरियर पर बैठा-बैठा वह दोहरा-तिहारा होता जा रहा था। हाथों की कोहनियाँ सीने से बाँधे, हर पल उसे यही लग रहा था कि जरा सी साइकिल लड़खड़ाते ही उसका संतुलन बिगड़ जाएगा और वह गिर पड़ेगी लेकिन किसी तरह अपने को गिरने से बचाए रखकर, उसने सफर पूरा किया।
शायद अनिल को भी ठंडक लग रही थी। वह बार-बार अपनी हथेलियाँ हैंडिल से हटाकर पैंट से रगड़ने लगता था। हर बार साइकिल का संतुलन बिगड़ता और ऐसा लगता कि अब गिरे, तब गिरे। सर्द और जमे हुए कोहरे को चीरते हुए वे लोग अपने मुहल्ले के पार्क तक पहुँचे। पार्क पूरी तरह सूना था, केवल सीताराम की दुकान पर रोशनी दिखाई दे रही थी। अनिल ने पप्पू को पार्क में चलने का हल्के से इशारा किया लेकिन पप्पू ने एकदम इनकार में सर हिला दिया। अनिल का भी शायद ज्यादा मन नहीं था या शायद सर्दी का असर था, उसने ज्यादा आग्रह नहीं किया। दोनों ने हाथ के इशारों से एक-दूसरे से विदा ली और अनिल साइकिल पर चढ़कर चला गया।
पप्पू जहाँ खड़ा था, वहाँ अँधेरा था। अभी घर जाने से कोई फायदा नहीं था। अभी मुंशीजी जग रहे होंगे। वह ठंड में ठिठुरता वहीं खड़ा सोचता रहा कि क्या करे कि तभी उसे एक रिक्शे पर विनोद, मुंशीजी और त्रिवेणी आते दिखाई दिए। उनका रिक्शा थोड़ी देर के लिए एक लैंप-पोस्ट के नीचे के उजाले की परिधि में आ गया था। पप्पू और भी ज्यादा अँधेरे में दुबक गया। वे तीनों इस कदर अपने में खोए हुए थे कि उन्होंने पास से गुजरते हुए भी पप्पू को नहीं देखा। त्रिवेणी के जाने का मतलब था कि पप्पू और काफी देर तक घर नहीं जा सकता। वह सड़क पर इधर-उधर निरुद्देश्य भटकने लगा।
