﻿
अपूर्व के मित्र मजाक करते, ''तुमने एम. एस-सी. पास कर लिया, लेकिन तुम्हारे सिर पर इतनी लम्बी चोटी है। क्या चोटी के द्वारा दिमाग में बिजली की तरंगें आती जाती रहती हैं?''
अपूर्व उत्तर देता, ''एम. एस-सी. की किताबों में चोटी के विरुध्द तो कुछ लिखा नहीं मिलता। फिर बिजली की तरंगों के संचार के इतिहास का तो अभी आरम्भ ही नहीं हुआ है। विश्वास न हो तो एम. एस-सी. पढ़ने वालों से पूछकर देख लो।''
मित्र कहते, ''तुम्हारे साथ तर्क करना बेकार है।''
अपूर्व हंसकर कहता, ''यह बात सच है, फिर भी तुम्हें अकल नहीं आती।''
अपूर्व सिर पर चोटी रखे, कॉलेज में छात्रवृत्ति और मेडल प्राप्त करके परीक्षाएं भी पास करता रहा और घर में एकादशी आदि व्रत और संध्या-पूजा आदि नित्य-कर्म भी करता रहा। खेल के मैदानों में फुटबाल, किक्रेट, हॉकी आदि खेलने में उसको जितना उत्साह था प्रात:काल मां के साथ गंगा स्नान करने में भी उससे कुछ कम नहीं था। उसकी संध्या-पूजा देखकर भौजाइयां भी मजाक करतीं, बबुआ जी पढ़ाई-लिखाई तो समाप्त हुई, अब चिमटा, कमंडल लेकर संन्यासी हो जाओ। तुम तो विधवा ब्राह्मणी से भी आगे बढ़े जा रहे हो।''
अपूर्व हंसकर कहता, ''आगे बढ़ जाना आसान नहीं है भाभी! माता जी के पास कोई बेटी नहीं है। उनकी उम्र भी काफी हो चुकी है। अगर बीमार पड़ जाएंगी तो पवित्र भोजन बनाकर तो खिला सकूंगा। रही चिमटा, कमंडल की बात, सो वह तो कहीं गया नहीं?''
अपूर्व मां के पास जाकर कहता, ''मां! यह तुम्हारा अन्याय है। भाई जो चाहें करें लेकिन भाभियां तो मुर्गा नहीं खातीं। क्या तुम हमेशा अपने हाथ से ही भोजन बनाकर खाओगी?''
मां कहती, ''एक जून एक मुट्ठी चावल उबाल लेने में मुझे कोई तकलीफ नहीं होती। और जब हाथ-पांव काम नहीं करेंगे तब तक मेरी बहू घर में आ जाएगी।''
अपूर्व कहता, ''तो फिर एक ब्राह्मण पंडित के घर से बहू, मंगवा क्यों नहीं देतीं? उसे खिलाने की सामर्थ्य मुझमें नहीं है-लेकिन तुम्हारा कष्ट देखकर सोचता हूं कि चलो भाइयों के सिर पर भार बनकर रह लूंगा।''
मां कहती, ''ऐसी बात मत कह रे अपूर्व, एक बहू क्या, तू चाहे तो घर भर को बिठाकर खिला सकता है।''
''कहती क्या हो मां? तुम सोचती हो कि भारतवर्ष में तुम्हारे पुत्र जैसा और कोई है ही नहीं?''
और यह कहकर वह तेजी से चला जाता।
अपूर्व के विवाह के लिए लोग बड़े भाई विनोद को आकर परेशान करते। विनोद ने जाकर मां से कहा, ''मां, कौन-सी निष्ठावान जप-तपवाली लड़की है, उसके साथ अपने बेटे का ब्याह करके किस्सा खत्म करो। नहीं तो मुझे घर छोड़कर भाग जाना पड़ेगा। बड़ा होने के कारण लोग समझते हैं कि घर का बड़ा-बूढ़ा मैं ही हूं।''
पुत्र के इन वाक्यों से करुणामयी अधीर हो उठी। लेकिन बिना विचलित हुए मधुर स्वर में बोली, ''लोग ठीक ही समझते हैं बेटा। उनके बाद तुम ही तो घर के मालिक हो। लेकिन अपूर्व के संबंध में किसी को वचन मत देना। मुझे रूप और धन की आवश्यकता नहीं है। मैं स्वयं देख-सुनकर तय करूंगी।''
''अच्छी बात है मां। लेकिन जो कुछ करो, दया करके जल्दी कर डालो,'' कहकर विनोद रूठकर चला गया।
स्नान घाट पर एक अत्यंत सुलक्षणा कन्या पर कई दिन से करुणामयी की नजर पड़ रही थी। वह अपनी मां के साथ गंगा-स्नान करने आती थी। उन्हीं की जाति की है, गुप्त रूप से वह पता लगा चुकी थीं। उनकी इच्छा थी कि अगर तय हो जाए तो आगामी बैसाख में ही विवाह कर डालें।
तभी अपूर्व ने आकर एक अच्छी नौकरी की सूचना दी।
मां प्रसन्न होकर बोली, ''अभी उस दिन तो पास हुआ है। इसी बीच तुझे नौकरी किसने दे डाली?''
अपूर्व हंसकर बोला, ''जिसे जरूरत थी।'' यह कहकर उसने सारी घटना विस्तार से बताई कि उसके प्रिंसिपल साहब ने ही उसके लिए यह नौकरी ठीक की है। वोथा कम्पनी ने बर्मा के रंगून शहर में एक नया कार्यालय खोला है। वह किसी सुशिक्षित और ईमानदार बंगाली युवक को उस कार्यालय का सारा उत्तरदायित्व देकर भेजना चाहती है। रहने के लिए मकान और चार-सौ रुपए माहवार वेतन मिलेगा और छ: महीने के बाद वेतन में दौ सौ रुपए की वृध्दि कर दी जाएगी।''
बर्मा का नाम सुनते ही मां का मुंह सूख गया, बोली, ''पागल तो नहीं हो गया? तुझे वहां भेजूंगी? मुझे ऐसे रुपए की जरूरत नहीं है।''
अपूर्व भयभीत होकर बोला, ''तुम्हें न सही, मुझे तो है। तुम्हारी आज्ञा से भीख मांगकर भी जिंदगी बिता सकता हूं लेकिन जीवन भर ऐसा सुयोग फिर नहीं मिलेगा। तुम्हारे बेटे के न जाने से वोथा कम्पनी का काम रुकेगा नहीं। लेकिन प्रिंसिपल साहब मेरी ओर से वचन दे चुके हैं। उनकी लज्जा की सीमा न रहेगी। फिर घर की हालत तो तुमसे छिपी नहीं है मां।''
''लेकिन सुनती हूं वह म्लेच्छों का देश है।''
अपूर्व ने कहा, ''किसी ने झूठ-मूठ कह दिया है। तुम्हारा देश तो म्लेच्छों का देश नहीं है। फिर भी जो मनमानी करना चाहते हैं उन्हें कोई रोक नहीं सकता।''
''मैंने तो इसी बैसाख में तेरा विवाह करने का निश्चय किया है।''
अपूर्व बोला, ''एकदम निश्चय? अच्छी बात है। एक दो महीने बाद जब तुम बुलाओगी, मैं तुम्हारी आज्ञा का पालन करने आ जाऊंगा।''
करुणामयी बाहर से देखने में पुराने विचारों की अवश्य थी लेकिन बहुत ही बुध्दिमती थी। कुछ देर मौन रहकर बोली, ''जब जाना ही है तो अपने भाइयों की सहमति भी ले लेना।''
यह कुल गोकुल दीधी के सुप्रसिध्द बंद्योपाध्याय घराने में से है। वंश-परम्परा से ही वह लोग अत्यंत आचार परायण कहलाते हैं। बचपन से जो संस्कार उनके मन में जग गए थे-पति, पुत्रों ने जहां तक लांछित और अपमानित करना था किया, लेकिन अपूर्व के कारण वह सब कुछ सहन करती हुई इस घर में रह रही थी। आज वह भी उनकी आंखों से दूर अनजाने देश जा रहा है। इस बात को सोच-सोचकर उनके भय की सीमा नहीं रही। बोली, ''अपूर्व मैं जितने दिन जीवित रहूं, मुझे दु:ख मत देना बेटे,'' कहते-कहते उनकी आंखों से दो बूंद आंसू टपक पड़े।
अपूर्व की आंखें भी गीली हो उठीं। बोला, ''मां, आज तुम इस लोक में हो लेकिन एक दिन जब स्वर्गवास की पुकार आएगी, उस दिन तुम्हें अपने अपूर्व को छोड़कर वहां जाना होगा। मेरे जाने के बाद तुम यहां बैठकर मेरे लिए आंसू मत बहाती रहना'', इतना कहकर वह दूसरी ओर चला गया।
उस दिन सांझ के समय, करुणामयी अपनी नियमित संध्या-पूजा आदि कार्यों में मन नहीं लगा सकीं। अपने बड़े बेटे के कमरे के दरवाजे पर चली गईं। विनोद कचहरी से लौटकर जलपान करने के बाद क्लब जाने की तैयारी कर रहा था। मां को देखकर एकदम चौंक पड़ा।
करुणामयी ने कहा, ''एक बात पूछने आई हूं, विनू!''
''कौन-सी बात मां?''
यहां आने से पहले मां अपनी आंखों के आंसू अच्छी तरह पोंछकर आई थी, लेकिन उनका रुंधा गला छिपा न रह सका। सारी घटना और अपूर्व के मासिक वेतन के बारे में बताने के बाद उन्होंने चिंतित स्वर में पूछा, ''यही सोच रही हूं बेटा कि इन रुपयों के लोभ में उसे भेजूं या नहीं।''
विनोद धीरज खो बैठा। शुष्क स्वर में बोला, ''मां, तुम्हारे अपूर्व जैसा लड़का भारतवर्ष में और दूसरा नहीं है। इस बात को हम सभी मानते हैं। लेकिन इस धरती पर रहकर इस बात को माने बिना भी नहीं रह सकते कि पहले चार सौ रुपए, फिर छ: महीने में दो सौ रुपए और-वह इस लड़के से बहुत बड़ा है।''
मां दु:खी होकर बोली, ''लेकिन सुनती हूं कि वह तो एकदम म्लेच्छों का देश है।''
विनोद ने कहा, ''तुम्हारा जानना-सुनना ही तो सारे संसार का अन्तिम सत्य नहीं हो सकता।''
पुत्र के अंतिम वाक्य से मां अत्यंत दु:खी होकर बोली, ''बेटा! जब से समझदार हुई, इसी एक ही बात को सुन-सुनकर भी जब मुझे चेत नहीं हुआ तो इस उम्र में और शिक्षा मत दो। मैं यह जानने नहीं आई कि अपूर्व का मूल्य कितने रुपए है। मैं केवल यह जानने आई थी कि उसे इतनी दूर भेजना उचित होगा या नहीं।''
विनोद ने दाएं हाथ से मां के चरणस्पर्श करके कहा, ''मां, मैंने तुम्हें दु:खी करने के लिए यह नहीं कहा। यह सच है कि पिता जी के साथ ही हम लोगों का मेल बैठता था और उनसे हम लोगों ने सीखा है कि घर-गृहस्थी के लिए रुपया होना कितना आवश्यक है। इस हैट कोट को पहनकर विनू इतना बड़ा साहब नहीं बन गया कि छोटे भाई को खिलाने के डर से उचित-अनुचित का विचार न कर सके। लेकिन फिर भी कहता हूं कि उसे जाने दो। देश में जैसी हवा बह रही है इससे वह कुछ दिनों के लिए देश छोड़कर, कहीं दूसरी जगह जाकर काम में लग जाए तो इसमें उसका भी हित होगा और परिवार की रक्षा भी हो जाएगी। तुम तो जानती हो मां, उस स्वदेशी आंदोलन के समय कितना छोटा था। फिर भी उसी के प्रताप से पिता जी की नौकरी जाने की नौबत आ गई थी।''
करुणामयी बोली, ''नहीं, नहीं, अब अपूर्व वह सब नहीं कर सकता।''
विनोद बोला, ''मां, सभी देशों में कुछ लोग ऐसे होते हैं जिनकी जाति ही अलग होती है। अपूर्व उसी जाति का है। देश की मिट्टी ही इसके शरीर का मांस है, देश का जल ही इनकी धमनियों का रक्त है। देश के विषय में इनका विश्वास कभी मत करना मां, नहीं तो धोखा खाओगी। बल्कि अपने इस म्लेच्छ विनू को, अपने उस चोटीधारी, गीता पढ़े एम. एस-सी. पास अपूर्व से अधिक ही अपना समझना।''
पुत्र की इन बातों पर मां ने विश्वास तो नहीं किया लेकिन मन-ही-मन शंकित हो उठी। देश के पश्चिमी क्षितिज पर जो भयानक मेघ के लक्षण प्रकट हुए हैं, उसे वह जानती थी। याद आया कि उस समय तो अपूर्व के पिता जीवित थे, लेकिन अब नहीं हैं।
विनोद ने मां के मन की बात जान ली। लेकिन क्लब जाने की जल्दी में बोला, ''अच्छा मां, वह कल ही तो जा नहीं रहा। सब लोग बैठकर जो निश्चय करेंगे, कर लेंगे,'' कहकर तेजी से बाहर निकल गया।
अपने ब्र्राह्मणत्व की बड़ी सतर्कता से रक्षा करते हुए अपूर्व एक जलयान द्वारा रंगून के घाट पर पहुंच गया। वोथा कम्पनी के एक दरबान और एक मद्रासी कर्मचारी ने अपने इस नए मैनेजर का स्वागत किया। तीस रुपए महीने का एक कमरा ऑफिस के खर्चे से यथासम्भव सजा हुआ तैयार है, यह समाचार देने में उन लोगों ने देर नहीं की।
समुद्र-यात्रा की झंझटों के बाद वह खूब हाथ-पैर फैलाकर सोना चाहता था। ब्राह्मण साथ था। घर में अत्यंत असुविधा होते हुए भी इस भरोसे के आदमी को साथ भेजकर मां को बहुत कुछ तसल्ली मिल गई थी। केवल ब्राह्मण रसोइया ही नहीं बल्कि भोजन बनाने के लिए कुछ चावल, दाल, घी, तेल पिसा हुआ मसाला यहां तक कि आलू, परवल तक वह साथ देना नहीं भूली थीं।
गाड़ी आ जाने पर मद्रासी कर्मचारी तो चले गए लेकिन रास्ता दिखाने के लिए दरबान साथ चल दिया। दस मिनट में ही गाड़ी जब मकान के सामने पहुंचकर रुकी तो तीस रुपए किराए के मकान को देखकर अपूर्व हतबुध्दि-सा खड़ा रह गया।
मकान बहुत ही भद्दा है। छत नहीं है। सदर दरवाजा नहीं है। आंगन समझो या जो कुछ, इस आने-जाने के रास्ते के अलावा और कहीं तनिक भी स्थान नहीं है। एक संकरी काठ की सीढ़ी, रास्ते के छोर से आरम्भ होकर सीधी तीसरी मंजिल पर चली गई है। इस पर चढ़ने-उतरने में कहीं अचानक पैर फिसल जाए तो पहले पत्थर के बने राजपथ पर फिर अस्पताल में और फिर तीसरी स्थिति को न सोचना अच्छा है। नया आदमी है इसलिए हर कदम बड़ी सावधानी से रखते हुए दरबान के पीछे-पीछे चलने लगा। दरबान ने ऊपर चढ़ने के बाद दाईं ओर में दो मंजिले के एक दरवाजे को खोलकर बताया।
''साहब, यही आपके रहने का कमरा है।''
दाईं ओर इशारा करके अपूर्व ने पूछा, ''इसमें कौन रहता है?''
दरबान बोला, ''एक चीनी साहब हैं।''
अपूर्व ने पूछा, ''ऊपर तिमंजिले पर कौन रहता है?''
दरबान ने कहा, ''एक काले-काले साहब हैं।''
कमरें में कदम रखते ही अपूर्व का मन बहुत ही खिन्न हो उठा। लकड़ी के तख्ते लगाकर एक-दूसरे की बगल में छोटी-बड़ी तीन कोठरियां बनी हुई हैं। इस मकान की सारी चीजें लकड़ी की हैं। दीवारें, फर्श, छत और सीढ़ी-सभी लकड़ी की हैं। आग की याद आते ही संदेह होता है कि इतना बड़ा और सर्वांग सुंदर लाक्षागृह तो सम्भव है दुर्योधन भी अपने पांडव भाइयों के लिए न बनवा सका होगा। इसी मकान में इष्ट-मित्र, आत्मीय-स्वजनों, मां और भाभियों आदि को छोड़कर रहना पड़ेगा। अपने को संभालकर, थोड़ी देर इधर-उधर घूमकर हर चीज को देखकर तसल्ली हुई कि नल में अभी तक पानी है। स्नान और भोजन दोनों ही हो सकते हैं। अपूर्व ने रसोइए से कहा, ''महाराज, मां ने तो सभी चीजें साथ भेजी हैं। नहाकर कुछ बना लो। तब तक मैं दरबान के साथ सामान ठीक कर लूं।''
रसोई में कोयला मौजूद था। लेकिन चूल्हे में कालिख लगी थी। पता नहीं इसमें पहले कौन रहता था और क्या पकाया था? यह सोचकर उसे बड़ी घृणा हुई। महाराज से बोला, ''एक उठाने वाला दम चूल्हा होता तो बाहर वाले कमरे में बैठकर कुछ दाल-चावल बना लिया जाता, लेकिन कौन जाने, इस देश में मिलेगा या नहीं।''
दरबान बोला, ''पैसे दीजिए, अभी दस मिनट में ले आता हूं।''
वह रुपया लेकर चला गया।
तिवारी रसोई बनाने की व्यवस्था करने लगा और अपूर्व कमरा सजाने में लग गया। काठ के आले पर कपड़े सजाकर रख दिए। बिस्तर खोलकर चारपाई पर बिछा दिया। एक नया टेबल क्लाथ मेज पर बिछाकर उस पर लिखने का सामान और कुछ पुस्तकें रख दी। उत्तर की ओर खुली खिड़की के दोनों पल्लों को अच्छी तरह खोलकर उसके दोनों कोनों में कागज ठूंसकर सोने वाले कमरे को सुंदर बनाकर बिस्तर पर लेटकर सुख की सांस ली।
दरबान ने लोहे का चूल्हा ला दिया। तभी याद आया, मां ने सिर की सौगंध देकर पहुंचते ही तार करने को कहा था। इसलिए दरबान को साथ लेकर चटपट बाहर निकल गया। महाराज से कहता गया कि एक घंटे पहले ही लौट आऊंगा।
आज किसी ईसाई त्यौहार के उपलक्ष में छुट्टी थी। अपूर्व ने देखा, यह गली देशी-विदेशी साहब-मेमों का मुहल्ला है। यहां के प्रत्येक घर में विलायती उत्सव का कुछ-न-कुछ चिद्द अवश्य दिखाई दे रहा है। अपूर्व ने पूछा, ''दरबान जी! सुना है, यहा बंगाली भी तो बहुत हैं। वह किस मुहल्ले में रहते हैं?''
उसने बताया कि यहां मुहल्ले जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। जिसकी जहां इच्छा होती है, वहीं रहता है। लेकिन अफसर लोग इसी गली को पसंद करते हैं। अपूर्व भी अफसर था। कट्टर हिंदू होते हुए भी किसी धर्म के विरुध्द भावना नहीं थी। फिर भी स्वयं को ऊपर-नीचे, दाएं-बाएं, भीतर-बाहर, चारों ओर से ईसाई पड़ोसियों को करीब देख अत्यंत घृणा अनुभव करते हुए उसने पूछा, ''क्या किसी दूसरे स्थान पर घर नहीं मिल सकेगा?''
दरबान बोला, ''खोजने से मिल सकता है। लेकिन इतने किराए में ऐसा मकान मिलना कठिन है।''
अपूर्व जब तार घर पहुंचा तो तारबाबू खाना खाने चले गए थे। एक घंटे प्रतीक्षा करने के बाद जब आए तो घड़ी देखकर बोले, ''आज छुट्टी है। दो बजे ऑफिस बंद हो गया।''
अपूर्व ऊंची आवाज में बोला, ''यह अपराध आपका है। मैं एक घंटे से बैठा हूं।''
बाबू बोला, ''लेकिन मैं तो सिर्फ दस मिनट हुए यहां से गया हूं।''
अपूर्व ने उसके साथ झगड़ा किया। झूठा कहा, रिपोर्ट करने की धमकी दी। लेकिन फिर बेकार समझकर चुप हो गया। भूख, प्यास और क्रोध से जलता हुआ बड़े तारघर पहुंचा। वहां से अपने निर्विघ्न पहुंचने का समाचार जब मां को भेज दिया तब उसे संतोष हुआ।
दरबान ने विनय भरे स्वर में कहा, ''साहब, हमको भी बहुत दूर जाना है।''
अपूर्व ने उसे छुट्टी देने में कोई आपत्ति नहीं की। दरबान के चले जाने के बाद घूमते-घूमते, गलियों का हिसाब करते-करते, अंत में मकान के सामने पहुंच गया।
उसने देखा-तिवारी महाराज एक मोटी लाठी पटक रहे हैं और न जाने क्या अंट-शंट बकते-झकते जा रहे हैं।
साथ ही एक-दूसरे व्यक्ति तिमंजिले से हिंदी और अंग्रेजी में इसका उत्तर भी दे रहे हैं और घोड़े के चाबुक से बीच-बीच में सट-सट का शब्द भी कर रहे हैं। तिवारी से नीचे उतरने को कह रहे हैं और वह उनको ऊपर बुला रहा है। शिष्टाचार के इस आदान-प्रदान में जिस भाषा का प्रयोग हो रहा है उसे न कहना ही उचित है।
अपूर्व ने सीढ़ी पर से तेजी से ऊपर चढ़कर तिवारी का लाठीवाला हाथ जोर से पकड़कर कहा, ''क्या पागल हो गया है?'' इतना कहकर उसे ठेलता हुआ घर के अंदर ले गया। अंदर आकर वह क्रोध, क्षोभ और दु:ख से रोते हुए बोला, ''यह देखिए, उस हरामजादे ने क्या किया है।''
उस कांड को देखते ही अपूर्व की थकान, नींद, भूख और प्यास एकदम हवा हो गई। खिचड़ी के हांडी से अभी तक भाप तथा मसाले की भीनी-भीनी गंध निकल रही है, लेकिन उसके ऊपर, नीचे, आस-पास, चारों ओर पानी फैला हुआ है। दूसरे कमरे में जाकर देखा, उसका साफ-सुथरा बिछौना मैले काले पानी से सन गया है। कुर्सी पर पानी, टेबल पर पानी, यहां तक कि पुस्तकें भी पानी में भीग गई हैं।
अपूर्व ने पूछा, ''यह सब क्या हुआ?''
तिवारी ने दुर्घटना का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए बताया-
''अपूर्व के जाने के कुछ देर बाद ही साहब घर में आए। आज ईसाइयों का कोई त्यौहार है। पहले गाना-बजाना और फिर नृत्य आरम्भ हुआ और जल्दी ही दोनों के संयोग से यह शास्त्रीय संगीत इतना असहाय हो उठा कि तिवारी को आशंका होने लगी कि लकड़ी की छत साहब का इतना आनंद शायद सहन न कर पाएगी तभी रसोई के पास ऊपर से पानी गिरने लगा? भोजन नष्ट हो जाने के भय से तिवारी ने बाहर जाकर इसका विरोध किया। लेकिन साहब चाहे काला हो या गोरा-देशी आदमी की ऐसी अभद्रता नहीं सह सकता। वह उत्तेजित हो उठा और देखते-ही-देखते अंदर जाकर बाल्टी-पर-बाल्टी पानी ढरकाना आरम्भ कर दिया। इसके बाद जो कुछ हुआ वह अपूर्व ने अपनी आंखों से देख लिया।
कुछ देर मौन रहकर अपूर्व बोला, ''साहब के कमरे में क्या कोई और नहीं है।''
''शायद कोई हो। कोई उसे पियक्कड़ साले के साथ दांत किट-किटकर तो कर रहा था।'' अपूर्व समझ गया कि किसी ने उसे रोकने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। लेकिन हम लोगों के दुर्भाग्य को तिल भर भी कम नहीं कर सका।
अपूर्व चुप रहा। जो होना था हो चुका था। लेकिन अब शांति थी।
अपूर्व ने हंसने की कोशिश करके कहा, ''तिवारी, ईश्वर की इच्छा न होने पर इसी तरह मुंह का ग्रास निकल जाता है। आओ, समझ लें कि हम लोग आज भी जहाज में ही हैं। चिउड़ा-मिठाई अब कुछ बची है। रात बीत ही जाएगी।''
तिवारी ने सिर हिलाकर हुंकारी भरी और उस हांडी की ओर फिर एक बार हसरत भरी नजरों से देखकर चिउड़ा-मिठाई लेने के लिए उठ खड़ा हुआ। सौभाग्य से खाने-पीने के सामान का संदूक रसोईघर के कोने में रखा था। इसलिए ईसाई का पानी इसे अपवित्र नहीं कर पाया था।
फलाहार जुटाते हुए तिवारी ने रसोईघर से कहा, ''बाबू, यहां तो रहना हो नहीं सकेगा।''
अपूर्व अन्यमनस्क भाव से बोला, ''हां, लगता तो ऐसा ही है।''
तिवारी उसके परिवार का पुराना नौकर है। आते समय उसका हाथ पकड़कर मां ने जो बातें समझाकर बताई थीं, उन्हीं को याद कर उद्विग्न स्वर में बोला, ''नहीं बाबू, इस घर में अब एक दिन भी नहीं। क्रोध में आकर काम अच्छा नहीं हुआ। मैंने साहब को गालियां दी हैं।''
अपूर्व ने कहा, ''उसे गालियां न देकर मारना ठीक था।''
तिवारी में अब क्रोध के स्थान पर सद्बुध्दि पैदा हो रही थी। हम लोग बंगाली हैं।
अपूर्व मौन ही रहा। साहस पाकर तिवारी ने पूछा, ''ऑफिस के दरबान जी से कहकर कल सवेरे ही क्या इस घर को छोड़ा नहीं जा सकता? मेरा तो विचार है कि छोड़ देना ठीक होगा।''
अपूर्व ने कहा, ''अच्छी बात है, देखा जाएगा।'' दुर्जनों के प्रति उसे कोई शिकायत नहीं है। समय नष्ट न करके चुपचाप जगह छोड़ देना ही उसने उचित समझ लिया है। बोला, ''अच्छी बात है, ऐसा ही होगा। तुम भोजन आदि का प्रबंध करो।''
''अभी करता हूं बाबू!'' कहकर कुछ निश्चिंत होकर अपने काम में लग गया।
लेकिन उसी की बातों का सूत्र पकड़कर, ऊपर वाले फिरंगी का र्दुव्यवहार याद कर अचानक अपूर्व का समूचा बदन क्रोध से जलने लगा। मन में विचार आया कि हम लोगों ने चुपचाप, बिना कुछ सोचे-समझे इसे सहन कर लेना ही अपना कर्त्तव्य समझ लिया है। इसीलिए दूसरों को चोट पहुंचाने का अधिकार स्वयं ही दृढ़ तथा उग्र हो उठा है। इसीलिए तो आज मेरा नौकर भी मुझको तुरंत भागकर आत्महत्या करने का उपदेश देने का साहस कर रहा है। तिवारी बेचारा रसोईघर में फलाहार ठीक कर रहा था। वह जान भी न सका। उसकी लाठी लेकर अपूर्व बिना आहट किए धीरे-धीरे बाहर निकला और सीढ़ियों से ऊपर चढ़ गया।
दूसरी मंजिल पर साहब के बंद द्वार को खटखटाना आरम्भ किया। कुछ देर बाद एक भयभीत नारी कंठ ने अंग्रेजी में कहा, ''कौन है?''
''मैं नीचे रहता हूं और उस आदमी को देखना चाहता हूं।''
''क्यों?''
''उसे दिखाना है कि उसने मेरा कितना नुकसान किया है।''
''वह सो रहे हैं।''
अपूर्व ने कठोर स्वर में कहा, ''जगा दीजिए। यह सोने का समय नहीं है। रात को सोते समय मैं तंग करने नहीं आऊंगा। लेकिन इस समय उसके मुंह से उत्तर सुने बिना नहीं जाऊंगा।''
लेकिन न तो द्वार ही खुला और न ही कोई उत्तर ही आया। दो-एक मिनट प्रतीक्षा करने के बाद अपूर्व ने फिर चिल्लाकर कहा, ''मुझे जाना है, उसे बाहर भेजिए।''
इस बार वह विनम्र और मधुर नारी स्वर द्वार के समीप सुनाई दिया, ''मैं उनकी लड़की हूं। पिताजी की ओर से क्षमा मांगती हूं। उन्होंने जो कुछ किया है, सचेत अवस्था में नहीं किया। आप विश्वास रखिए, आपकी जो हानि हुई है कल हम उसे यथाशक्ति पूरी कर देंगे।''
लड़की के स्वर से अपूर्व कुछ नर्म पड़ गया। लेकिन उसका क्रोध कम नहीं हुआ। बोला, ''उन्होंने बर्बर की तरह मेरा बहुत नुकसान किया। उसे भी अधिक उत्पात किया है। मैं विदेशी आदमी हूं। लेकिन आशा करता हूं कि कल सुबह मुझसे स्वयं मिलकर इस झगड़े को समाप्त कर लेने की कोशिश करेंगे।''
लड़की ने कहा, ''अच्छी बात है।'' फिर कुछ देर चुप रहकर बोली, ''आपकी तरह हम लोग भी यहां बिल्कुल नए हैं। कल शाम को ही मालपीन से आए हैं।''
और कुछ न कहकर अपूर्व धीरे-धीरे उतर आया। देखा, तिवारी भोजन की व्यवस्था में ही लगा था।
थोड़ा-सा खा-पीकर अपूर्व सोने के कमरे में आकर भीगे तकिए को ही लगाकर सो गया। प्रवास के लिए घर से बाहर पांव रखने के समय से लेकर अब तक विपत्तियों की सीमा नहीं रही थी। सुख-शांति हीन, चिंता ग्रस्त मन में एक ही बात बार-बार उठ रही थी-उस ईसाई लड़की की बात! वह नहीं जानता कि देखने में वह कैसी है। क्या उम्र है, कैसा स्वभाव है। लेकिन इतना जरूर जान गया कि उसका उच्चारण अंग्रेजों जैसा नहीं है और जो भी हो, ईसाई के नाते स्वयं को राजा की जाति का समझकर पिता की भांति घमंडी नहीं है। अपने पिता के अन्याय तथा उत्पात के लिए उसने लज्जा अनुभव की है। उसकी भयभीत, विनम्र स्वर में क्षमा-याचना, उसे अपने कर्कश तथा तीव्र अभियोग की तुलना में असंगत-सी लगी। उसका स्वभाव उग्र नहीं है। कड़ी बात कहने में उसे हिचक होती है।
तभी बिहारी का मोटा कंठ स्वर उसके कानों तक पहुंचा। वह कह रहा था, ''नहीं मेम साहब यह आप ले जाइए। बाबू भोजन कर चुके। हम लोग यह सब छूते तक नहीं।''
अपूर्व उठ बैठा और उस ईसाई लड़की के शब्दों को कान लगाकर सुनने की कोशिश करने लगा। तिवारी बोला, ''कौन कहता है कि हमने भोजन नहीं किया? यह आप ले जाइए। बाबू सुनेंगे तो नाराज होंगे।''
अपूर्व ने धीरे-धीरे बाहर आकर पूछा, ''क्या बात है तिवारी?''
लड़की जल्दी से पीछे हट गई। शाम हो चली थी लेकिन कहीं भी रोशनी नहीं जली थी। लड़की का रंग अंग्रेजों जैसा सफेद नहीं है लेकिन खूब साफ है। उम्र उन्नीस-बीस या कुछ अधिक होगी। कुछ लंबी होने से दुबली जान पड़ती है। ऊपरी होंठ के नीचे सामने के दोनों दांतों को कुछ ऊंचा न समझा जाए तो चेहरे की बनावट अच्छी है। पैरों में चप्पल, शरीर पर भड़कीली-सी साड़ी, चाल-ढाल कुछ बंगाली और कुछ पारसी जान पड़ती है। एक डाली में कुछ नारंगी, नाशपाती, दो-चार अनार और अंगूर का एक गुच्छा सामने धरती पर रखे हैं।
अपूर्व ने पूछा, ''यह सब क्या है?''
लड़की ने अंग्रेजी में धीरे से उत्तर दिया - ''आज हमारा त्यौहार है। मां ने भेजा है। आज तो आपका खाना भी नहीं हुआ।''
अपूर्व ने कहा, ''अपनी मां को हम लोगों की ओर से धन्यवाद देना और कहना कि हमारा खाना हो गया है।''
लड़की चुप थी। अपूर्व ने पूछा, ''हमारा खाना नहीं हुआ, आपको यह कैसे पता लगा?''
लड़की ने लज्जित स्वर में कहा, ''इसीलिए तो झगड़ा हुआ था।''
अपूर्व बोला, ''नहीं। वास्तव में हमारा खाना हो चुका है।''
लड़की बोली, ''हो सकता है। लेकिन यह तो बाजार के फल हैं, इनमें कोई दोष नहीं है।''
अपूर्व समझ गया कि उसे किसी प्रकार शांत करने के लिए दोनों अपरिचित स्त्रियों के उद्वेग की सीमा नहीं है। कुछ देर पहले वह अपने स्वभाव का जो परिचय दे आया है, उससे न जाने क्या होगा? यह सोचकर उसे प्रसन्न करने के लिए ही तो यह भेंट लेकर आई है इसलिए मीठे स्वर में बोला, ''नहीं, कोई दोष नहीं है।'' फिर तिवारी से बोला, ''ले लो, इनमें कोई दोष नहीं है महाराज।''
तिवारी इससे प्रसन्न नहीं हुआ। बोला, ''रात में हम लोगों को जरूरत नहीं है। और मां ने मुझे यह सब करने के लिए बार-बार मना किया है। मेम साहब, आप इन्हें ले जाइए। हमें जरूरत नहीं है।''
मां ने मना किया है या कर सकती हैं, इसमें असम्भव कुछ भी नहीं था और वर्षों के विश्वसनीय तिवारी को इन सब झंझटों को सौंपकर उसका अभिभावक भी वह नियुक्त कर सकती हैं, यह भी सम्भव है। अभी संकुचित, लज्जित और अपरिचित लड़की, जो उसे प्रसन्न करने उसके द्वार पर आई है, उसे उपहार की सामान्य वस्तुओं को अस्पृश्य कहकर अपमानित करने को भी वह उचित न मान सका। तिवारी ने कहा, ''यह हम सब नहीं छुएंगे मेम साहब। इन्हें उठा ले जाइए। मैं इस स्थान को धो डालूं।''
लड़की कुछ देर चुपचाप खड़ी रही। फिर डाली उठाकर धीमे-धीमे चली गई।
अपूर्व ने धीमे और रूखे स्वर में कहा, ''न खाते, लेकिन लेकर चुपके से फेंक तो सकते थे।''
तिवारी बोला, ''नष्ट करने का क्या लाभ होता बाबू?''
''मूर्ख, गंवार कहीं का,'' इतना कहकर अपूर्व सोने चला गया। बिस्तर पर लेटकर पहले तिवारी के प्रति क्रोध से उसका सम्पूर्ण शरीर जलने लगा। लेकिन इस विषय में वह जितना ही सोचता था, लगता था कि शायद यह ठीक ही हुआ कि उसने स्पष्ट कहकर लौटा दिया। उसे अपने बड़े मामा की याद आ गई। उस निष्ठावान ब्राह्मण ने एक दिन भोजन करने से मना कर दिया था। करुणामयी ने पति से भाई का मन-मुटाव दूर करने के लिए एक चतुराई का सहारा लेना चाहा, लेकिन दरिद्र ब्राह्मण ने हंसकर कहा- ''नहीं बहन, यह सब नहीं हो सकता। जीजा जी क्रोधी व्यक्ति हैं। इस अपमान को वह सह न पाएंगे। हो सकता है, तुम्हें भी इसमें भागीदार बनना पड़े। मेरे स्वर्गीय गुरुदेव कहा करते थे, 'मुरारी, सत्य-पालन में दु:ख है। वंचना और प्रताणना के मीठे पथ से वह कभी नहीं आता।' मैं बिना भोजन किए चला जाऊंगा। यही उचित है बहन।''
इस घटना के कारण करुणामयी ने अनेक दु:ख सहे लेकिन भाई को कभी दोष नहीं दिया। इसी बात को याद कर अपूर्व के मन में बार-बार यह बात उठने लगी, ''उचित ही हुआ। तिवारी ने ठीक ही किया।''

अपूर्व की इच्छा थी कि सुबह बाजार घूम आए। लेकिन न जा सका। क्योंकि ऊपर वाला साहब कब क्षमा-याचना करने आएगा, इसका कुछ ठीक नहीं था। वह आएगा अवश्य, इसमें कोई संदेह नहीं था। आज जब उसका नशा टूटेगा तब उसकी पत्नी और बेटी, उसे किसी भी दशा में छोडेंग़ी नहीं। क्योंकि उनके द्वारा ऐसा संकेत वह कल ही पा चुका था। नींद टूटने के बाद से वह लड़की कई बार याद आई। नींद में भी उसकी भद्रता, सौजन्यता और उसका विनम्र कंठ स्वर कानों में एक परिचित सुर की भांति आते-जाते रहे। अपने शराबी पिता के दुराचार के कारण उस लड़की की लज्जा की सीमा नहीं थी। मूर्ख तिवारी के रूखे व्यवहार से अपूर्व भी लज्जा का अनुभव कर रहा था।
अचानक सिर के ऊपर पड़ोसियों के जाग उठने की आहट आई और प्रत्येक आहट से वह आशा करने लगा कि साहब उसके द्वार पर आकर खड़ा है। क्षमा तो वह करेगा ही, यह निश्चित है। लेकिन विगत दिन की वीभत्सता, क्या करने से सरल और सामान्य होकर विषाद का चिद्द मिटा देगी? यही उसकी चिंता का विषय था। आशा और उद्वेग के साथ प्रतीक्षा करते-करते जब नौ बज गए तो सुना, साहब नीचे उतर रहे हैं। उनके पीछे भी दो पैरों का शब्द सुनाई दिया। थोड़ी देर बाद ही उनके द्वार का लोहे का कड़ा जोर से बज उठा। तिवारी ने आकर कहा, ''बाबू, ऊपर वाला साहब कड़ा हिला रहा है।''
अपूर्व ने कहा, ''दरवाजा खोलकर उनको आने दो।''
तिवारी के दरवाजा खोलते ही अपूर्व ने अत्यंत गम्भीर आवाज सुनी, ''तुम्हारा साहब कहां है?''
उत्तर में तिवारी ने कहा, ठीक-ठाक सुनाई नहीं पड़ा।
स्वर से अपूर्व चौंक पड़ा, बाप रे! यह क्या सामान्य कंठ स्वर है?
सोचा, शायद साहब ने सवेरे उठते ही शराब पी ली है। इसलिए इस समय जाना उचित है या नहीं। सोचने से पहले ही फिर उधर से आदेश हुआ, ''बुलाओ जल्दी।''
अपूर्व धीरे-धीरे पास जाकर खड़ा हो गया। साहब ने एक पल उसे ऊपर से नीचे तक देखकर अंग्रेजी में पूछा, ''अंग्रेजी जानते हो?''
''जानता हूं।''
''मेरे सो जाने के बाद कल तुम ऊपर गए थे?''
''जी हां।''
''लाठी ठोंकी थी? अनाधिकार प्रवेश करने के लिए दरवाजा तोड़ने की कोशिश की थी?''
अपूर्व विस्मय के मारे स्तब्ध हो गया। साहब ने कहा-''संयोग से दरवाजा खुला होता तो तुम कमरे में घुसकर मेरी पत्नी या बेटी पर आक्रमण कर बैठते। इसीलिए मेरे जागते रहने पर नहीं गए?''
अपूर्व ने धीमे स्वर से कहा, ''आप तो सो रहे थे, कैसे पता चला?''
साहब ने कहा, ''मेरी लड़की ने मुझे बताया है। उसे तुमने गाली भी दी।''
इतना कहकर उसने बगल में खड़ी लड़की की ओर उंगली से इशारा किया, यह वही लड़की है। कल भी इसे अपूर्व अच्छी तरह नहीं देख पाया था। आज भी साहब के विशाल शरीर की आड़ में उसकी साड़ी की किनारी को छोड़ और कुछ भी नहीं देख पाया। सिर हिलाकर उसने पिता की हां-में-हां मिलाई या नहीं, यह भी समझ में नहीं आया। लेकिन इतना अवश्य समझ गया कि यह लोग भले आदमी नहीं हैं। सारे मामले को जान-बूझकर विकृत और उलटा करके सिध्द करने का प्रयत्न कर रहे हैं। इसलिए बहुत सतर्क रहने की जरूरत है।
साहब ने कहा, ''मैं जाग रहा होता तो तुम्हें लात मारकर धकेल देता। तुम्हारे मुंह में एक भी दांत साबुत न रहने देता। लेकिन यह अवसर अब खो चुका हूं। इसलिए पुलिस के हाथ से जो कुछ न्याय मिलेगा उतना ही लेकर संतुष्ट होना पड़ेगा। हम लोग जा रहे हैं। तुम इसके लिए तैयार रहना।''
अपूर्व ने सिर हिलाकर कहा, ''अच्छी बात है।''-लेकिन उसका मुंह उतर-सा गया।
साहब ने लड़की का हाथ पकड़कर कहा, ''चलो!'' और सीढ़ी से उतरते-उतरते बोला, ''मैंने तो पहले ही कहा था बाबू, कि जो होना था हो गया। अब उन्हें और छेड़ने की जरूरत नहीं है। वह साहब और मेम ठहरे।''
अपूर्व ने कहा, ''साहब-मेम ठहरे तो इससे क्या होता है?''
तिवारी ने कहा, ''यह लोग पुलिस में जो गए हैं।''
अपूर्व ने कहा, ''जाने से क्या होता है?''
तिवारी ने व्याकुल होकर कहा, ''बड़े बाबू को तार कर दूं? छोटे बाबू, उन्हें बुला ही लिया जाए।''
''क्या पागल हो गया है तिवारी जा उधर देख। खाना सारा जल गया होगा। साढ़े दस बजे मुझे ऑफिस जाना है,'' इतना कहकर वह अपने कमरे में चला गया। तिवारी रसोईघर में चला गया। लेकिन रसोई बनाने से लेकर बाबू के ऑफिस जाने तक का सभी कुछ उसके लिए अत्यंत अर्थहीन हो गया।
वह करुणामयी के हाथ का बना हुआ आदमी है इसलिए मन कितना ही दुश्चिन्ता ग्रस्त क्यों न हो, हाथ के काम में कहीं भूल-चूक नहीं होती। यथासमय भोजन करने बैठकर अपूर्व ने उसे उत्साहित करने के अभिप्राय से भोजन की कुछ बढ़ा-चढ़ाकर प्रशंसा की तथा दो-एक ग्रास मुंह में डालकर बोला, ''तिवारी, आज का भोजन तो मानो अमृत ही बनाया है। कई दिनों से अच्छी तरह भोजन नहीं किया था। कैसा डरपोक आदमी है तू? मां ने भी अच्छे आदमी को साथ भेजा है।''
तिवारी ने कहा, ''हूं।''
अपूर्व ने उसकी ओर देखकर हंसते हुए कहा, ''मुंह एकदम हांडी जैसा क्यों बना रखा है? उस हरामजादे फिरंगी की धमकी देखी? पुलिस में जा रहा है। अरे जाता क्यों नहीं? जाकर क्या करेगा, सुनें तो? तेरा कोई गवाह है?''
तिवारी ने कहा, ''मेम साहब को भी क्या गवाही की जरूरत है?''
अपूर्व ने कहा, ''उनके लिए क्या कोई दूसरे नियम-कानून हैं फिर वह मेम साहब कैसे? रंग तो मेरे पॉलिश किए हुए जूते की ही तरह है?''
तिवारी मौन रहा।
कुछ देर चुपचाप भोजन करने के बाद अपूर्व ने मुंह ऊपर उठाया। कहा, ''और वह लड़की भी कितनी दुष्ट है। कल इस तरह आई जैसे भीगी बिल्ली हो। और ऊपर जाते ही इतनी झूठ-मूठ बातें जोड़ दी।''
तिवारी बोला, ''ईसाई है न?''
''जानते हो तिवारी, जो असली साहब हैं वह इनसे घृणा करते हैं। एक मेज पर बैठकर कभी नहीं खिलाते। चाहे कितना ही हैट-कोट पहनें और गिरजे में जाएं।''
तिवारी ने ऐसा कभी नहीं सोचा था। छोटे बाबू का ऑफिस जाने का समय हो रहा है। अब घर में अकेले उसका समय कैसे कटेगा? साहब थाने गया है। हो सकता है, लौटकर दरवाजा तोड़ डाले। हो सकता है, पुलिस साथ लेकर आए। हो सकता है उसे बांधकर ले जाए। क्या होगा? कौन जाने।
अपूर्व भोजन करने के बाद कपड़े पहन रहा था। तिवारी ने कमरे का पर्दा हटाकर कहा, ''देखकर जाते तो अच्छा होता।''
''क्या देखकर जाता?''
''उनके लौटने की राह....।''
अपूर्व ने कहा, ''यह कैसे हो सकता है? आज मेरी नौकरी का पहला दिन है। लोग क्या सोचेंगे?''
तिवारी चुप रह गया।
अपूर्व ने कहा, ''तू दरवाजा बंद करके निश्चिंत बैठा रह, मैं जल्दी ही लौटूंगा। कोई दरवाजा नहीं तोड़ सकता।''
तिवारी ने कहा, ''अच्छा।'' लेकिन उसने एक लम्बी सांस दबा रखने की जो कोशिश की उसे अपूर्व ने देख लिया। बाहर जाते समय तिवारी ने भारी गले से कहा, ''पैदल मत जाना छोटे बाबू! किराए की गाड़ी ले लेना।''
''अच्छा,'' कहकर अपूर्व नीचे उतर गया। उसके चलने का ढंग ऐसा था, जैसे नई नौकरी के प्रति उसके मन में कोई हर्ष न हो।
वोथा कम्पनी के भागीदार पूर्वीय क्षेत्र के मैनेजर रोजेन साहब उस समय बर्मा में ही थे। रंगून कार्यालय उन्होंने ही स्थापित किया था। उन्होंने अपूर्व का बड़े आदर से स्वागत किया। उसके स्वरूप, बातचीत तथा यूनिवर्सिटी की डिग्री देखकर बहुत ही प्रसन्न हुए। सभी कर्मचारियों को बुलाकर परिचय कराया और दो-तीन महीने में व्यवसाय का सम्पूर्ण रहस्य सिखा देने का आश्वासन दिया। बातचीत, परिचय तथा नए उत्साह से उसकी मानसिक ग्लानि कुछ समय के लिए मिट गई। एक व्यक्ति ने उसे विशेष रूप से आकर्षित किया। वह था ऑफिस का एकाउन्टेन्ट। ब्राह्मण है। नाम है रामदास तलवलकर। आयु लगभग उसके जितनी ही या कुछ अधिक हो सकती है। दीर्घ आकृति, बलिष्ठ, गौरवर्ण है। पहनावे में पाजामा, लम्बा कोट, सिर पर पगड़ी, माथे पर लाल चंदन का टीका। बड़ी अच्छी अंग्रेजी में बातचीत करते हैं, लेकिन अपूर्व के साथ उन्होंने पहले से ही हिंदी में बोलना आरम्भ कर दिया। अपूर्व हिंदी अच्छी तरह नहीं जानता। लेकिन जब देखा कि वह हिंदी छोड़कर और किसी में उत्तर नहीं देता तो उसने भी हिंदी बोलना आरम्भ कर दिया। अपूर्व ने कहा, ''यह भाषा मैं नहीं जानता। बोलने में बहुत गलतियां होती हैं।''
रामदास बोला, ''गलतियां तो मुझसे भी होती हैं। क्योंकि यह मेरी भी मातृभाषा नहीं है।''
अपूर्व बोला, ''अगर पराई भाषा में ही बातचीत करनी है तो अंग्रेजी में क्या दोष है?''
रामदास बोला, ''अंग्रेजी में तो हम लोग और अधिक गलतियां करते हैं। आप अंग्रेजी में बोला करें। लेकिन अगर मैं हिंदी में उत्तर दूंगा, क्षमा कर दीजिएगा।''
अपूर्व बोला, ''मैं भी हिंदी में ही बोलने की चेष्टा करूंगा। लेकिन गलती होने पर आप भी मुझे क्षमा करोगे।''
इस बातचीत के बीच रोजेन साहब स्वयं मैनेजर के कमरे में आ गए। उम्र पचास के लगभग होगी। हालैंड के निवासी हैं। साधारण ढंग के कपडे। चेहरे पर घनी दाढ़ी-मूंछें। टूटी-फूटी अंग्रेजी बोलते हैं। पक्के व्यवसायी हैं। अब तक बर्मा के अनेक स्थानों में घूमकर तरह-तरह के लोगों से मिलकर, तथ्य संग्रह करके, काम काज के कार्यक्रम का उन्होंने खाका तैयार कर लिया है। उस कार्यक्रम के कागज अपूर्व की टेबल पर रखते हुए बोले, ''इसके विषय में आपकी क्या राय है?'' फिर तलवलकर से बोले, ''इसकी एक प्रति आपके कमरे में भी भेज दी है। लेकिन इसे अभी रहने दिया जाए। क्योंकि आज नए मैनेजर के सम्मान में ऑफिस बंद हो जाएगा। मैं जल्दी ही चला जाऊंगा। तब आप दोनों पर ही सारा कार्यक्रम रहेगा। मैं अंग्रेज नहीं हूं। यद्यपि यह राज्य हम लोगों का हो सकता था। फिर भी उन लोगों की तरह हम भारतीयों को नीच नहीं समझते। अपने समान ही समझते हैं। केवल फर्म की ही नहीं, आप लोगों की उन्नति भी आप लोगों के कर्त्तव्य-ज्ञान पर निर्भर है। अच्छा गुड्ड। ऑफिस दो बजे के बाद बंद जो जाना चाहिए। कहते हुए जिस तरह आए थे उसी तरह चले गए।
ठीक दो बजे दोनों साथ-साथ ऑफिस से निकले। तलवलकर शहर में नहीं रहता। लगभग दस मील पश्चिम में इनसिन नामक स्थान में डेरा है। डेरे में उसकी पत्नी तथा एक छोटी-सी बेटी रहती है वहां शहर का हो-हल्ला नहीं है। टे्रनों में आने-जाने से कोई असुविधा नहीं होती।
''हाल्दर बाबू, कल ऑफिस के बाद मेरे यहां चाय का निमंत्रण रहा,'' तलवलकर ने कहा।
अपूर्व बोला, ''मैं चाय नहीं पीता बाबू जी।''
''नहीं पीते? पहले मैं भी नहीं पीता था। लेकिन मेरी पत्नी नाराज होती है। अच्छा, न हो तो फल-फूल, शर्बत... हम लोग भी ब्राह्मण हैं।''
अपूर्व ने हंसते हुए कहा, ''ब्राह्मण तो अवश्य हैं, लेकिन अगर आप लोग मेरे हाथ का खाएं तो मैं भी आपकी पत्नी के हाथ का खा सकता हूं।''
रामदास ने कहा, ''मैं तो खा सकता हूं। लेकिन मेरी पत्नी की बात...अच्छा, आपका डेरा तो पास ही है। चलिए न, आपको पहुंचा आऊं। मेरी ट्रेन तो पांच बजे छूटेगी।''
अपूर्व घबरा गया। इस बीच वह सब कुछ भूल गया था। डेरे का नाम लेते ही क्षण भर में उसका सारा उपद्रव, सारा झगड़ा बिजली की रेखा की भांति चमककर उसके चेहरे को श्रीहीन कर गया। अब तक वहां क्या हुआ होगा, वह कुछ नहीं जानता। हो सकता है, बहुत कुछ हुआ तो। अकेले उसी को बीच में जाकर खड़ा होना पड़ेगा। एक परिचित व्यक्ति के साथ रहने से कितनी सुविधा और साहस रहता है। लेकिन परिचय के आरम्भ में ही....यह क्या सोचेगा?.... यह सोचकर अपूर्व को बड़ा संकोच हो उठा। बोला, ''देखिए....?''
अभी बात पूरी नहीं कर सका था कि उसके संकोच और लज्जा को अनुभव करके रामदास ने हंसते हुए कहा, ''एक ही रात में पूरी सुव्यवस्था की मैं आशा नहीं करता बाबू जी! मुझे भी एक दिन नया डेरा ठीक करना पड़ा था। फिर मेरी तो पत्नी भी थी। आपके साथ तो वह भी नहीं है। आप आज लज्जा का अनुभव कर रहे हैं। लेकिन उन्हें न लाने पर एक वर्ष बाद भी आपकी लज्जा दूर नहीं होगी। यह मैं कहे देता हूं। चलिए देखूं क्या कर सकता हूं। अव्यवस्था के बीच ही तो मित्र की आवश्यकता होती है।''
इस मित्रहीन देश में आज उसे मित्र की अत्यंत आवश्यकता है। दोनों टहलते-टहलते डेरे के सामने पहुंचे तो तलवलकर को घर में आमंत्रित किए बिना न रह सका। ऊपर चढ़ते समय देखा कि वही ईसाई लड़की नीचे उतर रही है। उसका पिता उसके साथ नहीं था। वह अकेली थी। दोनों एक ओर हटकर खड़े हो गए। लड़की धीरे-धीरे उतरकर सड़क पर चली गई।
रामदास ने पूछा, ''यह लोग तीसरी मंजिल पर रहते हैं क्या?''
''हां।''
''यह लोग भी बंगाली हैं?''
अपूर्व ने सिर हिलाकर कहा, ''नहीं, देसी ईसाई हैं। सम्भव है मद्रासी, गोआनीज या और कुछ होंगे, लेकिन बंगाली नहीं हैं।''
रामदास ने कहा, ''लेकिन साड़ी पहनने का ढंग तो ठीक आप लोगों जैसा ही है।''
अपूर्व ने हैरानी से पूछा, ''हम लोगों का ढंग आपको कैसे मालूम?''
रामदास ने कहा, ''मैंने बम्बई, पूना, शिमला में बहुत-सी बंगाली महिलाओं को देखा है। इतना सुंदर साड़ी पहनने का ढंग भारत की किसी जाति में नहीं है।''
''हो सकता है,'' कहकर अपूर्व डेरे के बंद दरवाजे को खटखटाने लगा।
थोड़ी देर बाद अंदर से सतर्क कंठ का उत्तर आया, ''कौन?''
''मैं हूं, मैं। दरवाजा खोलो। भय की कोई बात नहीं है,'' कहकर अपूर्व हंसने लगा। यह देखकर कि इस बीच कोई भयानक घटना नहीं हुई, तिवारी कमरे में सुरक्षित है। और यह अनुभव करके उसके ऊपर से जैसे एक बहुत बड़ा बोझ उतर गया।
कमरा देखकर रामदास बोला, ''आपका नौकर अच्छा है। सब कुछ अच्छी तरह सजाकर रखा है। यह सारा सामान मैंने ही खरीदा था। आपको और जिस चीज की जरूरत हो, बताइए, भेज दूंगा। रोजेन साहब की आज्ञा है।''
तिवारी ने मधुर स्वर में कहा, ''और सामान की जरूरत नहीं है बाबू जी, यहां से सकुशल हट जाएं तो प्राण बच जाएंगे।''
उसकी बात पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। लेकिन अपूर्व ने सुन लिया। उसने आड़ में ले जाकर पूछा, ''और कुछ हुआ था क्या?''
''नहीं।''
''तब फिर ऐसी बात क्यों कहता है?''
तिवारी ने कहा, ''शौक से थोडे ही कहता हूं। दोपहर भर साहब जैसी घुड़दौड़ करता रहा है, वैसी क्या कोई मनुष्य कर सकता है?''
अपूर्व मुस्कराकर बोला, ''तो तू चाहता है कि वह अपने कमरे में चलने-फिरने भी न पाए? लकड़ी की छत है! अधिक आवाज होती है।''
तिवारी ने रुष्ट होकर कहा, ''एक स्थान पर खड़े होकर घोड़े की तरह पैर पटकने को चलना कहा जाता है?''
अपूर्व बोला, ''इससे पता चलता है कि वह शराबी है। उसने जरूर शराब पी रखी होगी।''
तिवारी बोला, ''हो सकता है। मैं उसका मुंह सूंघकर देखने नहीं गया था।'' फिर अप्रसन्न भाव से रसोई घर में जाते हुए बोला, ''चाहे जो भी हो, इस घर में रहना नहीं होगा।''
ट्रेन का समय हो जाने पर रामदास ने विदा मांगी। पता नहीं तिवारी के अभियोग या उसके स्वामी के चेहरे से उसने कुछ अनुमान लगाया या नहीं, लेकिन जाते समय अचानक पूछ बैठा, ''बाबू जी, क्या आपको इस डेरे में असुविधा है?''
अपूर्व ने तनिक हंसकर कहा, ''नहीं।'' फिर रामदास को जिज्ञासु भाव से निहारते देखकर बोला, ''ऊपर जो साहब रहते हैं वह मेरे साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रहें।''
रामदास ने विस्मित होकर पूछा, ''वही लड़की तो नहीं?''
''जी हां, उसी के पिता,'' इतना कहकर अपूर्व ने कल सांझ और आज सवेरे की घटनाएं सुना दीं। रामदास कुछ देर मौन रहने के बाद बोला, ''मैं होता तो इतिहास दूसरा ही होता। बिना क्षमा मांगे वह इस दरवाजे से एक कदम भी नीचे न उतर पाता।''
अपूर्व ने कहा, ''अगर वह क्षमा न मांगता तो आप क्या करते?''
रामदास ने कहा, ''तो उतरने न देता।''
अपूर्व ने भले ही उसकी बातों पर विश्वास न किया हो, लेकिन साहस भरी बातों से उसे कुछ साहस अवश्य मिला। हंसते हुए बोला, ''चलिए अब नीचे चलें। आपकी ट्रेन का समय हो गया है।'' इतना कहकर मित्र का हाथ पकड़कर नीचे उतरने लगा। उसे यह देखकर आश्चर्य हुआ कि जिस तरह आते समय उस लड़की से भेंट हुई थी उसी तरह जाते समय भी हो गई। उसके हाथ में कागज का एक मुड़ा हुआ बंडल था। शायद कुछ खरीदकर लौट रही थी। उसे रास्ता देने के लिए अपूर्व एक ओर हटकर खड़ा हो गया। लेकिन सहसा घबराकर देखा-रामदास रास्ता न देकर उसे रोके खड़ा है। वह अंग्रेजी में बोला, ''क्षमा करना, मैं बाबू जी का मित्र हूं। इनके साथ अकारण किए गए र्दुव्यवहार के लिए आप लोगों को लज्जित होना चाहिए।''
लड़की ने आंख उठाकर क्रुध्द स्वर में कहा, ''इच्छा हो तो यह बातें आप मेरे पिता जी से कह सकते हैं।''
''आपके पिताजी घर पर हैं।''
''नहीं।''
''मेरे पास प्रतीक्षा करने के लिए समय नहीं है। मेरी ओर से उनसे कह दीजिएगा कि उनके उपद्रव से इनका रहना दूभर हो गया है।''
लड़की ने पूर्ववत् कड़वे स्वर में कहा, ''उनकी ओर से मैं ही उत्तर दिए देती हूं कि आप अगर चाहें तो किसी दूसरी जगह जा सकते हैं।''
रामदास थोड़ा हंसकर बोला, ''भारतीय ईसाईयों को मैं पहचानता हूं। उनके मुंह से इससे बड़े उत्तर की आशा मैं नहीं करता। लेकिन इससे उनको सुविधा नहीं होगी। क्योंकि इनके स्थान पर मैं आऊंगा, मेरा नाम रामदास तलवलकर है। मैं जात से ब्राह्मण हूं। तलवार शब्द का क्या अर्थ होता है अपने पिता को जान लेने के लिए कहिएगा। गुड इवनिंग। चलिए बाबू जी,'' इतना कहकर वह अपूर्व का हाथ पकड़कर एकदम रास्ते में आ गया।
लड़की के चेहरे को अपूर्व ने छिपी नजरों से देख लिया था। घटना के अंत में वह किस प्रकार कठोर हो उठी थी-यह सोचकर वह कुछ क्षण तक कोई बात ही नहीं कर सका। इसके बाद धीरे से बोला, ''यह क्या हुआ तलवलकर?''
तलवलकर ने उत्तर दिया, ''यही हुआ कि आपके जाते ही मुझे यहां आना पड़ेगा। केवल खबर मिल जानी चाहिए।''
अपूर्व ने कहा, ''अर्थात दोपहर को आपकी पत्नी अकेली रहेंगी?''
रामदास ने कहा, ''अकेली नहीं। मेरी दो वर्ष की लड़की भी है।''
''यानी आप मजाक कर रहे हैं।''
''नहीं, मैं सच कह रहा हूं। हंसी-मजाक की मेरी आदत ही नहीं है।''
अपूर्व ने एक बार अपने साथी की ओर देखा। फिर धीरे से कहा, ''तो फिर मैं यह डेरा नहीं छोड़ सकूंगा....।''
उसकी बात पूरी नहीं हो पाई थी कि रामदास ने सहसा उसके दोनों हाथों को अपने शक्तिशाली हाथों से पकड़कर जोर से झकझोरते हुए कहा, ''मैं यही चाहता हूं बाबू जी! उत्पात के भय से हम लोग बहुत भाग चुके हैं, लेकिन अब नहीं।''
सांझ होने में अभी देर थी। एक घंटे तक किसी ट्रेन का समय भी नहीं था। इसलिए स्टेशन के दूसरी ओर वाले प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ अधिक नहीं थी। अपूर्व टहलते हुए घूमने लगा। अचानक उसके मन में विचार आया कि कल से आज तक इस एक ही दिन में जीवन न जाने कैसे सहसा कई वर्ष पुराना हो गया है। यहां पर मां नहीं है, भाई नहीं है। भाभियां नहीं हैं। स्नेह की छाया भी कहीं नहीं है। कर्मशाला के असंख्य चक्र दाएं-बाएं, सिर के ऊपर, पैरों के नीचे, चारों ओर वेग से घूमते हुए चल रहे हैं। तनिक भी असमर्थ होने पर रक्षा पाने का कहीं कोई उपाय नहीं है।
उसकी आंखों की कोरें गीली हो उठीं। कुछ दूरी पर काठ की एक बेंच थी। उस पर बैठकर आंखें पोंछ रहा था कि सहसा पीछे से एक जोर का धक्का खाकर पेट के बल जमीन पर जा गिरा। किसी तरह उठकर खड़ा होते ही देखा पांच-छ: फिरंगी बदमाश लड़के हैं। किसी के मुंह में सिगरेट है तो किसी के मुंह में पाइप है और वह दांत निकालकर हंस रहे थे। शायद वही लड़का जिसने धक्का मारा था, बेंच के ऊपर लिखे अक्षरों को दिखाकर बोला, ''साले! यह साहब लोगों के वास्ते है, तुम्हारे लिए नहीं।''
लज्जा, क्रोध तथा अपमान से अपूर्व की गीली आंखें लाल हो उठीं, होंठ कांपने लगे।
''साला, दूधवाला, आंखें दिखाता है?'' सब एक साथ ऊंचे स्वर से हंस पड़े। एक ने उसके मुंह के सामने आकर अत्यंत अश्लील ढंग से सीटी बजाई।
अपूर्व पल भर बाद ही शायद सबके ऊपर झपट पड़ता लेकिन कुछ हिंदुस्तानी कर्मचारियों ने, जो कुछ दूर बैठे चिमनी साफ कर रह थे, बीच में पड़कर उसे प्लेटफार्म से बाहर कर दिया। एक फिरंगी लड़का भागता हुआ आया और भीड़ में पैर बढ़ाकर अपूर्व के सफेद सिल्क के कुर्त्तों पर जूते का दाग लगा गया। हिंदुस्तानियों के इस दल से वह अपने को मुक्त करने के लिए खींचातानी कर रहा था। एक ने उसे झकझोरते हुए कहा, ''अरे बंगाली बाबू! अगर साहब लोगों का शरीर छुएगा तो एक साल की जेल हो जाएगी। जाओ भागो।'' एक ने कहा, ''अरे बाबू है, धक्का मत दो।'' जो लोग कुछ नहीं जानते थे वह कारण पूछने लगे। जो लोग जानते थे, तरह-तरह की सलाह देने लगे। अपूर्व ऑफिस का पहनावा छोड़कर सामान्य बंगाली की पोशाक में स्टेशन गया था। इसलिए फिरंगियों ने उसे दूधवाला समझकर मारा था।
अपूर्व सीधा स्टेशन मास्टर के कमरे में गया। स्टेशन मास्टर अंग्रेज थे। मुंह उठाकर उन्होंने देखा। अपूर्व ने जूते का दाग दिखाकर घटना सुनाई, वह अवज्ञापूर्वक बोले, ''योरोपियन की बेंच पर बैठे क्यों?''
अपूर्व ने कहा, ''मुझे मालूम नहीं था।''
''मालूम कर लेना चाहिए था।''
''क्या इसीलिए उन्होंने एक भले आदमी पर हाथ उठाया?''
साहब ने दरवाजे की ओर हाथ बढ़ाकर कहा, ''गो-गो-गो, चपरासी इसको बाहर कर दो।'' कहकर वे अपने काम में लग गए।
अपूर्व न जाने किस तरह घर लौटा। दो घंटे पहले रामदास के साथ इस रास्ते से जाते समय उसके हृदय में जो दुर्भावना सबसे अधिक खटक रही थी, वह अकारण मध्यस्थता ही थी। उत्पात और अशांति की मात्रा उससे घटेगी नहीं, बल्कि बढ़ेगी ही। इसके अतिरिक्त उस ईसाई लड़की का कितना ही अपराध क्यों न हो, वह नारी है। इसलिए पुरुष के मुंह से ऐसे कठोर वचन निकालना उचित नहीं हुआ। इसके अतिरिक्त उस समय एकदम अकेली भी थी। जब उस लड़की की बात याद आई तो वह साहब की लड़की मालूम हुई, साधारण नारी-जाति की नहीं। जिन फिरंगी लड़कों ने कुछ पल पहले अकारण ही उसका अपमान किया, जिनकी कुशिक्षा, नीचता और बर्बरता की सीमा नहीं थी, उनकी ही बहन जान पड़ी। जिस साहब ने अत्यंत अविचार के साथ उसे कमरे से बाहर निकाल दिया था, मनुष्य का सामान्य अधिकार भी नहीं दिया था, उसकी परम आत्मीय ज्ञात हुई।
तिवारी ने आकर कहा, ''छोटे बाबू, भोजन ठंडा हो रहा है।''
''चलो आता हूं,'' अपूर्व ने कहा।
दस-पंद्रह मिनट बाद उसने फिर कहा, ''भोजन ठंडा हो रहा है।''
अपूर्व ने क्रोधित होकर कहा, ''क्यों बेकार तंग करता है तिवारी? मैं नहीं खाऊंगा। मुझे भूख नहीं है।''
उसकी आंखों में नींद नहीं आई। रात जितनी ही बढ़ने लगी, सारा बिछौना मानो कांटे की सेज हो उठा। एक मर्मान्तक वेदना उसके सम्पूर्ण अंग में चुभने लगी और उसी के बीच-बीच स्टेशन के उन हिंदुस्तानियों की याद आने लगी जिन्होंने संख्या में अधिक होते हुए भी उसकी लांछना को कम करने में बिल्कुल ही भाग नहीं लिया। बल्कि उसके अपमान की मात्रा बढ़ाने में ही सहायता की। देशवासियों के विरुध्द देशवासियों की इतनी लज्जा, इतनी ग्लानि संसार के और किसी देश में है? ऐसा क्यों हुआ? कैसे हुआ? इन्हीं बातों पर विचार करता रहा।

दो-तीन दिन शांतिपूर्वक बीत गए। ऊपर की मंजिल से साहब का अत्याचार जब किसी नए रूप में प्रकट नहीं हुआ तो अपूर्व ने समझ लिया कि उस ईसाई लड़की ने उस दिन की बातें अपने पिता को नहीं बताई। लड़की से भी सीढ़ियों में दो-एक बार भेंट हुई। वह मुंह मोड़कर उतर जाती है। उस दिन सवेरे छोटे बाबू को भात परोसकर तिवारी ने प्रसन्नता भरे स्वर में कहा, ''लगता है, साहब ने कोई नालिश-वालिश नहीं की।''
अपूर्व ने कहा, ''जो गरजता है बरसता नहीं है।''
तिवारी बोला, ''हम लोगों का डेरे में अधिक दिन रहना नहीं हो सकेगा। साले, सब कुछ खाते-पीते हैं। याद आते ही....।''
''चुप रह तिवारी,'' वह उस समय भोजन कर रहा था। बोला, ''इसी महीने के बाद छोड़ देंगे। लेकिन अच्छा मकान तो मिले।''
उसी दिन शाम को ऑफिस से लौटकर तिवारी की ओर देखकर अपूर्व स्तब्ध रह गया। इतनी ही देर में वह जैसे सूखकर आधा हो गया था। पूछा, ''क्या हुआ तिवारी?''
प्रत्युत्तर में उसने बादामी रंग के कुछ कागज अपूर्व को पकड़ा दिए। फौजदारी अदालत का सम्मन था। वादी जे. डी. जोसेफ थे और प्रतिवादी तीन नम्बर कमरे का अपूर्व नामक बंगाली और उसका नौकर था। दोपहर को कचहरी का चपरासी दे गया था।
चपरासी के साथ वही साहब आया था। परसों हाजिर होने की तारीख है। अपूर्व ने कागज पढ़कर कहा, ''कोर्ट में देखा जाएगा।''
यह कहकर वह कपड़े बदलने कमरे में चला गया।
तारीख वाले दिन तिवारी को साथ लेकर अपूर्व अदालत में हाजिर हुआ। इस विषय में रामदास से सहायता लेने में उसे लज्जा अनुभव हुई। केवल जरूरी काम का बहाना करके उसने एक दिन की छुट्टी ले ली थी।
डिप्टी कमिश्नर की अदालत में मुकदमा था। वादी जोसेफ-सच, झूठ जो मन में आया, कह गया। अपूर्व ने न तो कोई बात छिपाया और न कोई बात बढ़ाकर ही कही। बाकी की गवाह उसकी लड़की थी। अदालत के सामने उस लड़की का नाम और बयान सुनकर अपूर्व खिन्न रह गया। आप किसी स्वर्गीय राजकुमार भट्टाचार्य महाशय की सुपुत्री हैं। पहले यह लोग पारीसाल में थे। लेकिन अब बंगलौर में हैं। आपका नाम मेरी भारती है। इनकी मां किसी मिशनरी के साथ बंगलौर चली आई थीं वहीं जोसेफ साहब के रूप पर मोहित होकर उनसे विवाह कर लिया। भारती ने पैतृक भट्टाचार्य नाम को निरर्थक समझकर उसे त्याग दिया और जोसेफ नाम को ग्रहण कर लिया। तभी से वह मिस मेरी जोसेफ के नाम से प्रसिध्द हैं। न्यायाधीश के प्रश्न करने पर वह फल-फूल उपहार देने की बात से इनकार कर गई। लेकिन उसके कंठ स्वर में असत्य बोलने की घबराहट इतनी स्पष्ट हो गई कि केवल न्यायाधीश ही नहीं उसके चपरासी तक को धोखा नहीं दे सकी। फैसला उसी दिन हो गया। तिवारी छूट गया, लेकिन अपूर्व पर बीस रुपया जुर्माना हो गया। निरपराध होते हुए दंडित होने पर उसका मुंह सूख गया। रुपए देकर घर आकर देखा- दरवाजे के सामने रामदास खड़ा है। अपूर्व के मुंह से निकल पड़ा-''बीस रुपए जुर्माना हुआ रामदास। अपील की जाए?''
उत्तेजना से उसकी आवाज कांप उठी। रामदास ने उसके दाएं हाथ को थामकर हंसते हुए कहा, ''बीस रुपए जुर्माने के बदले दो हजार की हानि उठाना चाहते हैं?''
''होने दो। लेकिन यह तो जुर्माना है। दंड है। राजदंड है।''
रामदास हंसते हुए बोला, 'किसका दंड? जिसने झूठी गवाही दिलाई। लेकिन इसके ऊपर भी एक अदालत है। उसका न्यायाधीश अन्याय नहीं करता। वहां आप निर्दोष हैं।''
अपूर्व बोला, ''लेकिन लोग तो ऐसा नहीं समझेंगे रामदास! उनके सामने तो यह बदनामी हमेशा के लिए बनी रहेगी।''
रामदास ने कहा, ''चलो नदी किनारे टहल आएं।'' चलते हुए रास्ते में वह बोला, ''अपूर्व बाबू, विद्या में आपसे छोटा होते हुए भी उम्र में आपसे बड़ा हूं मैं। अगर कुछ कहूं तो खयाल न करना।''
अपूर्व मौन रहा।
रामदास ने कहा, ''वह इस मामले को जानता था। लोग जानते हैं कि 'हालदार' के साथ जोसेफ का मुकदमा चलने पर अंग्रेजी न्यायालय में क्या होता है। बीस रुपए की जुर्माने की बदनामी....।
''लेकिन यह तो बिना अपराध का दंड हुआ रामदास?''
''हां, बिना अपराध मैं भी दो वर्ष जेल में रह आया हूं।''
''दो वर्ष जेल में?''
''हां, दो वर्ष,'' फिर हंसकर बोला, 'अगर अपने कुर्त्तों को उतार दूं तो देखोगे कि बेंतों के दागों से कोई स्थान बचा नहीं है।''
''बेंत भी लग चुके हैं रामदास?''
रामदास हंसकर बोला, ''हां, ऐसा ही। बिना अपराध के भी मैं इतना निर्लज्ज हूं कि लोगों को मुंह दिखाता हूं और आप बीस रुपए जुर्माने की बदनामी नहीं सह सकते?''
अपूर्व उसका मुंह देखकर चुप हो गया। रामदास बोला, ''अच्छा, चलिए आपको पहुंचाकर घर जाऊं।''
''अभी ही चले जाओगे? अभी तो बहुत-सी बातें जाननी हैं।''
रामदास ने हंसकर कहा, ''सब आज ही जान लोगे? यह नहीं होगा। मुझे सम्भवत: बहुत दिनों तक बताना पड़ेगा।''
बहुत दिनों पर उसने इस तरह जोर दिया कि अपूर्व आश्चर्य से उसे देखता रह गया, लेकिन कुछ समझ नहीं पाया। रामदास गली के अंदर नहीं गया। बाहर से ही विदा लेकर स्टेशन चला गया।
अपूर्व ने द्वार पर धक्का दिया। तिवारी ने आकर दरवाजा खोल दिया। वह घर के कामों में लगा हुआ था, उसका चेहरा उतर गया था। वह बोला, ''उस समय जल्दबाजी में दो नोट फेंक गए थे आप?''
अपूर्व ने आश्चर्य से पूछा, 'कहां फेंक गया था जी?''
''यहीं तो....'' कहते हुए उसने दरवाजे के पास रखी मेज की ओर इशारा किया, ''आपके तकिए के नीचे रख दिए हैं। बाहर कहीं नहीं गिरे, यही सौभाग्य है।''
वह नोट कैसे गिर पड़े? यही सोचते हुए अपूर्व अपने कमरे में चला गया।

तिवारी ने रात को रोते हुए हाथ जोड़कर कहा, ''इस बूढे क़ी बात मानिए बाबू! चलिए, कल सवेरे ही हम लोग जहां भी हो भाग चलें।''
अपूर्व ने कहा, 'कल ही? सुनूं तो? क्या धर्मशाला में चले, चलें?''
तिवारी बोला, ''इससे तो वही अच्छा है। साहब मुकदमे में जीत गया है। अब किसी दिन हम दोनों को पीट भी जाएगा।''
अपूर्व सहन न कर सका। क्रोधित होकर बोला, ''मां ने क्या तुझे मेरे घाव पर नमक छिड़कने के लिए भेजा था? मुझे तेरी जरूरत नहीं, तू कल ही घर चला जा। मेरे भाग्य में जो बदा है वही होगा।''
तिवारी फिर कुछ नहीं बोला। चुपचाप सोने चला गया। उसकी बात अपूर्व को अपमानजनक जान पड़ी। इसलिए उसने ऐसा उत्तर दिया था। अगले दिन नए मकान की खोज होने लगी। तलवलकर को छोड़कर ऑफिस के लगभग सभी लोगों से उसने कह दिया था। इसके बाद तिवारी ने फिर कोई शिकायत नहीं की।
स्वाभाविक बात थी कि मुकदमा जीत जाने के बाद जोसेफ परिवार के विचित्र उपद्रव नए-नए रूप में प्रकट होंगे। लेकिन उपद्रव की बात कौन कहे, ऊपर कोई रहता नहीं, कभी-कभी यह संदेह होने लगा था।
﻿
उपद्रव रहित एक सप्ताह के बाद एक दिन ऑफिस से लौटने पर तिवारी ने प्रसन्न होकर कहा, ''आपने सुना छोटे बाबू?''
''क्या''
''साहब का पैर टूट गया। अस्पताल में हैं। देखें बचता है या नहीं।''
''तुझे कैसे पता लगा?''
तिवारी बोला, ''मकान मालिक का मुनीम हमारे जिले का है। वह आया था किराया लेने, उसी ने बताया है।''
''हो सकता है,'' कहकर अपूर्व कपड़े बदलने अपने कमरे में चला गया। 
तिवारी को पूर्ण विश्वास था कि म्लेच्छ होकर ब्राह्मण के सिर पर जिसने घोड़े की तरह पैर पटका है, उसका पैर न टूटेगा तो क्या होगा? अगले दिन अपूर्व ने तिवारी को बुलाकर कहा, 'एक मकान मिला है, जाकर देख आओ।''
तिवारी ने हंसकर कहा, ''अब दूसरे मकान की जरूरत नहीं पड़ेगी बाबू! मैंने सब ठीक कर लिया है। अगली पहली तारीख को जाने वाले चले जाएंगे।''
मकान बदलने में कम झंझट नहीं है, अपूर्व अच्छी तरह जानता था। लेकिन साहब की अनुपस्थिति में जो उपद्रव बंद हो गया है वह उनके लौट आने पर भी बंद रहेगा, उसे ऐसी आशा नहीं थी। ऑफिस जाने से पहले तिवारी ने छुट्टी मांगते हुए बताया कि आज दोपहर को वह बर्मियों के मंदिर में तमाशा देखने जाएगा। अपूर्व ने हंसकर पूछा, ''तुझें तमाशा देखने का कब से शौक हुआ है। तिवारी?''
''विदेश का सब कुछ देख लेना चाहिए बाबू!''
अपूर्व बोला, ''अवश्य, अवश्य। लंगडा साहब अस्पताल में है। इस समय बाहर जानें में कोई डर नहीं है। चले जाना, लेकिन जल्दी ही लौट आना।''
साहब की दुर्घटना के समाचार से वह इतना प्रसन्न था कि अपने यहां के जिस व्यक्ति से कल उसका परिचय हुआ था आज उसके प्रस्ताव को अस्वीकार नहीं कर सका। 
उसे जाने की अनुमति देकर अपूर्व ऑफिस चला गया। उसके एक घंटे बाद ही तिवारी को उसके गांव का वही व्यक्ति आकर बर्मियों का तमाशा दिखाने ले गया। 
तीसरे पहर घर लौटकर अपूर्व ने देखा, दरवाजे में ताला लगा है। तिवारी ने वह पुराना ताला बदलकर यह नया ताला क्यों लगाया, वह दो मिनट तक बाहर खड़ा सोचता रहा। तभी ऊपर से वही ईसाई लड़की बोली, ''मैं खोलती हूं।'' कहकर वह नीचे आई और बोली, ''मां कह रही थी कि अपना ताला लगाकर मैंने अच्छा नहीं किया। ऐसा न हो कि मैं विपत्ति में पड़ जाऊं।''
फिर द्वार खोलते हुए बोली, 'मां बहुत डरपोक है। बिगड़ रही थीं कि अगर आप विश्वास न करेंगे तो मुझको ही चोरी के अपराध में जेल जाना पड़ेगा। लेकिन मुझे तनिक भी डर नहीं लगा।''
अपूर्व बोला, ''लेकिन हुआ क्या?''
''कमरे में जाकर देखिए, क्या हुआ है?''
अपूर्व ने कमरें मे घुसकर देखा। दोनों ट्रंको के ताले टूटे पड़े हैं। पुस्तकें, कागज, बिस्तर, कपड़े आदि फर्श पर पड़े हैं। उसके मुंह से निकला, ''यह सब कैसे हुआ? किसने किया?''
भारती बोली, ''भले ही किसी ने भी किया हो, लेकिन मैंने नहीं किया।'' फिर उसने पूरी घटना सुनाई- ''दोपहर को तिवारी जब तमाशा देखने जा रहा था तो भारती की मां ने उसे देखा था। थोड़ी देर बाद नीचे के कमरे में खटखट सुनकर भारती को देखने के लिए कहा। उनकी छत के एक किनारे एक छेद है। उसी छेद से देखते ही भारती चिल्ला उठी। जो लोग बक्स तोड़ रहे थे वह जल्दी से भाग गए। तब वह नीचे आकर दरवाजे में ताला लगाकर पहरा देने लगी कि कहीं वह फिर न लौट आएं।''
अपूर्व पलंग पर बैठ गया। भारती ने कहा, ''इस कमरे में आपका भोजन का तो कोई सामान नहीं है? क्या मैं कमरे में आ सकती हूं?''
''आइए,'' अपूर्व ने कहा। फिर विमूढ़ की तरह उससे पूछा,''अब मुझे क्या करना चाहिए?
भारती ने कहा, ''सबसे पहले यह देखना चाहिए कि क्या-क्या चीजें चोरी गई हैं।''
अपूर्व ने कहा, ''अच्छा, देखिए न क्या-क्या चोरी गया है?''
भारती ने हंसकर कहा, ''न तो मैंने आपके ट्रंक की चीजों को पहले कभी देखा था और न चोरी ही की है। इसलिए क्या था और क्या नहीं, मैं कैसे जान सकती हूं?
अपूर्व लज्जित होकर बोला, ''आप ठीक कहती हैं। अच्छा तो फिर तिवारी को आ जाने दीजिए। वही सब कुछ जानता है,'' कहकर इधर-उधर बिखरी चीजों को करुणा भरी नजरों से देखने लगा।
उसका निरुपाय चेहरा देखकर भारती हंसती हुई बोली, ''वह जानता है और आप नहीं जानते। अच्छा मैं आपको सिखा देती हूं कि किस तरह जाना जाता है।'' इतना कहकर फर्श पर बैठ गई और ट्रंक को पास खींचती हुई बोली, ''अच्छा, पहले कपड़े-लत्ते संभाल लूं। यह क्या है? शायद मुर्शिदाबादी सिल्क का सूट है? ऐसे कितने सूट हैं?
''दो सूट।''
''मिल गए। यह एक और जोड़ा है। अच्छा, धोती एक, दो, तीन....चादर एक, दो, तीन.... ठीक मिल गया। शायद तीन ही जोड़ी थी?''
अपूर्व बोला, ''हां तीन ही जोड़ी थी?''
''यह फ्लालेन का सूट है। आप वहां शायद टेनिस खेलते थे। हां तो एक, दो, तीन... उस अलमारी में एक, और एक आप पहने हैं-तो फिर सूट पांच ही जोडे हैं?''
अपूर्व प्रसन्न होकर बोला, ''हां ठीक है। पांच ही जोड़े हैं।''
इतने में एक चमकीली वस्तु दिखाई पड़ी। उसे बाहर निकालकर बोली, ''यह चेन सोने की है। घड़ी कहां गई?'
अपूर्व प्रसन्न होकर बोला, ''खैर है कि बच गई। चेन शायद वह लोग देख नहीं सके। यह मेरे पिता जी की निशानी है।''
''लेकिन घड़ी?''
''यहां है,'' कहकर अपूर्व ने घड़ी दिखा दी।
भारती बोली, ''चेन और घड़ी मिल गई। अब अंगूठियां बताइए।''
अपूर्व बोला, ''मेरे पास एक भी नहीं है।''
''चलो, यह भी अच्छा हुआ। लेकिन सोने के बटन?''
अपूर्व बोला, ''टसर के पंजाबी कुर्ते में लगे थे।''
भारती ने अलमारी की ओर देखा। फिर हंसकर बोली, ''लगता है कुर्ते के साथ वह बटन भी चले गए।''
फिर पूछा, '' ट्रंक में रुपया था न?''
अपूर्व के 'हां' कहने पर भारती बोली, ''तो फिर वह भी चला गया।''
''कितना था?''
''यह मालूम नहीं।''
''यह तो मैं पहले ही समझ गई हूं। आपके पास मनी बैग है न? लाइए, मुझे दीजिए देखूं।''
अपूर्व ने मनी बैग भारती को दे दिया। वह हिसाब लगाकर बोली, ''दो सौ पचास रुपए आठ आने हैं। घर से कितने लेकर चले थे?''
अपूर्व बोला, ''छ: सौ रुपए।''
भारती लिखने लगी-जहाज का किराया, तांगे का भाड़ा, कुली की मजदूरी ...पहुंचकर घर के लिए तार भेजा था न? अच्छा, उसका भी रुपया और उसके बाद इधर दस दिनों का खर्च।''
अपूर्व बोला, ''वह तिवारी से बिना पूछे कैसे बता सकता हूं?''
भारती बोली, ''सब मालूम हो जाएगा। दो-एक रुपए का अंतर पड़ सकता है। अधिक नहीं।'' कागज पर अपने आप हिसाब लिखकर बोली, ''इसके अतिरिक्त और कोई खर्च तो नहीं है न?''
''नहीं।''
''तो फिर दो सौ अस्सी रुपए चोरी गए हैं।''
अपूर्व चकित होकर बोला, ''इतने रुपए?-रुकिए, बीस रुपए और कम कीजिए। जुर्माने का रुपया नहीं लिखा?
''नहीं, वह अन्याय था, झूठमूठ का जुर्माना। वह मैं कम नहीं करूंगी। 
अपूर्व चकित होकर बोला, ''जुर्माना तो झूठमूठ हो सकता है लेकिन जुर्माना देना तो सच है।''
भारती बोली, ''आपने दिया क्यों? उस रुपए को मैं कम नहीं करूंगी। पूरे दो सौ अस्सी रुपए चोरी गए हैं।''
''नहीं-दो सौ साठ।''
''नहीं, दो सौ अस्सी रुपए।''
अपूर्व ने विवाद नहीं किया। इस लड़की की प्रखर बुध्दि तथा अद्भुत तीक्ष्ण बुध्दि देखकर वह चकित रह गया।
अपूर्व ने पूछा, ''पुलिस में खबर देना क्या ठीक होगा?''
भारती बोली, ''क्यों नहीं? ठीक केवल इसलिए होगा कि उससे मेरी काफी खींचातानी होगी। वह आकर आपके रुपए दे जाएंगे-ऐसी तो आशा है नहीं।''
अपूर्व मौन रहा।
भारती बोली, ''चोरी तो हो गई। अब अगर वह लोग आएंगे तो अपमान भी आरम्भ हो जाएगा।''
''लेकिन कानून तो है?''
''कानून तो है। लेकिन मैं किसी भी दशा में यह नहीं करने दूंगी। कानून उस दिन भी था जिस दिन आप अकारण जुर्माना दे आए थे।''
अपूर्व बोला, ''लोग अगर झूठ बोलें और झूठे मामले को सिध्द करें तो इसमें कानून का क्या दोष है?''
भारती लज्जित-सी हो गई। बोली, ''लोग झूठ न बोलेंगे, झूठे मामले न चलाएंगे तभी जाकर कानून निर्दोष होगा-क्या आपका मत यही है? अगर ऐसा हो तो ठीक ही है। लेकिन संसार में ऐसा होता नहीं।'' इतना कहकर वह हंस पड़ी। लेकिन अपूर्व मौन रहा। भारती का यह चोरी छिपाने का आग्रह, इस समय उसे अच्छा नहीं लगा। किसी गुप्त षडयंत्र की आशंका से उसका अंत:करण देखते-ही-देखते कलुषित हो उठा। उस दिन उसका डरते हुए संकोच सहित फल-फूल देने के लिए आना....उसके बाद घटनाओं को विकृत तथा मिथ्या बनाकर कहना, न्यायालय में गवाही देना....पल में सारा इतिहास, बिजली की भांति चमक उठा। चेहरा गम्भीर और कंठ-स्वर भारी हो उठा। यह अभिनय है, छलना है।
उसके चेहरे के इस आकस्मिक परिवर्तन को भारती ने लक्ष्य किया लेकिन कारण न समझ सकी। बोली, ''मेरी बातों का आपने उत्तर नहीं दिया?''
अपूर्व ने कहा, ''और क्या उत्तर दूं? चोर को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। पुलिस को खबर देना ही ठीक होगा।''
भारती भयभीत होकर बोली, ''यह कैसी बात? न तो चोर ही पकड़ा जाएगा और न रुपए ही मिलेंगे। बीच में मुझे लेकर खींचा-तानी होगी। मैंने देखा है, ताला बंद किया है। सभी सजाकर रखा है। मैं विपत्ति में पड़ जाऊंगी।''
अपूर्व ने कहा, ''जो कुछ हुआ है, आप वही कह दीजिएगा।''
भारती ने व्याकुल होकर कहा, ''कहने से क्या होगा? अभी उस दिन आपके साथ इतना बड़ा अन्याय हो गया। एक-दूसरे से परिचय नहीं। बात-चीत नहीं। इसी बीच अचानक आपके लिए दिल में इतना दर्द क्यों है? पुलिस कैसे विश्वास करेगी?''
अपूर्व का मन और भी संदेह से भर उठा। बोला, ''आपकी आरम्भ से अंत तक की झूठी बातों पर तो पुलिस ने विश्वास कर लिया और सच्ची बातों का विश्वास नहीं करेगी? रुपया तो थोड़ा ही गया, लेकिन चोर को बिना दंड दिलाए न छोड़ूंगा।''
भारती बुध्दिहीन की तरह उसे देखती रही। फिर बोली, ''आप क्या कहते हैं अपूर्व बाबू? पिता जी अच्छे व्यक्ति नहीं हैं। उन्होंने आपके प्रति बहुत बड़ा अन्याय किया है। मैंने इसमें जो कुछ सहायता की है, उसे भी मैं जानती हूं। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि मैं आपके कमरे में घूसकर, ताला तोड़कर रुपए चुराऊंगी। ऐसी बात आप सोच सकते हैं, लेकिन मैं नहीं सोच सकती। ऐसी बदनामी होने पर मैं बचूंगी कैसे?''
कहते-कहते उसके होंठ फूलकर कांपने लगे। उन्हें जोर से दबाते-दबाते तूफान की तरह कमरे से निकलकर चली गई।
अगली सुबह, न जाने क्या सोचकर अपूर्व थाने की ओर चल दिया। पुलिस में रिपोर्ट करना व्यर्थ है, यह वह जानता था। रुपए नहीं मिलेंगे-यही नहीं, हो सकता है कि चोर पकडें भी न जाएं। लेकिन उस ईसाई लड़की पर उसके क्रोध और विद्वेष की सीमा नहीं थी। भारती ने स्वयं चोरी की है या चोरी करने में सहायता की है-इस विषय में तिवारी की तरह वह अभी तक निश्चिंत नहीं हो सका था। लेकिन उसकी दुष्टता तथा छल ने उसे बुरी तरह विचलित कर दिया था। उस लड़की की गतिविधि का रहस्य खोजने पर भी उसे नहीं मिला। उसने जो कुछ हानि की है उसके लिए उतना नहीं, लेकिन आरम्भ से उसका विचित्र आचरण जैसे निरंतर अपूर्व की बुध्दि का उपहास करता रहा है।
उसने अभी थाने में कदम भी नहीं रखा था कि पीछे से पुकार आई, ''अरे अपूर्व! तुम यहां कहां?''
अपूर्व ने घूमकर देखा-निमाई बाबू खड़े हैं। आप बंगाल पुलिस के बहुत बड़े अफसर हैं। अपूर्व के पिता ने इनकी नौकरी लगाई थी। निमाई बाबू उनको दादा कहकर पुकारते थे और इसी संबंध के कारण अपूर्व के घर के सभी लोग उन्हें चाचा कहते थे। स्वदेशी आंदोलन के समय गिरफ्तार होने के बाद अपूर्व को जो किसी प्रकार का कष्ट नहीं सहना पड़ा था, उसका बहुत कुछ श्रेय इन्हीं को था। अपूर्व ने प्रणाम करके, अपनी नौकरी की बात बताकर पूछा, ''लेकिन आप इस देश में कैसे?''
निमाई बाबू ने आशीर्वाद देते हुए कहा, ''बेटा, तुम तो अभी कल के हो। जब तुम्हें घर-द्वार छोड़कर इतनी दूर आना पड़ा है तो क्या मैं नहीं आ सकता? लेकिन मेरे पास समय नहीं है। तुम्हें तो ऑफिस जाने में अभी देर है। आओ, चलते-चलते ही दो बातें कर लूंगा। मां अच्छी है न? और भाई भी?''
''सब ठीक है'' कहकर अपूर्व ने पूछा, ''आप कहां जाएंगे?''
''जहाज घाट पर। चलो न मेरे साथ।''
''चलिए-आपको क्या कहीं और भी जाना है?''
निमाई बाबू हंसकर बोले, ''जाना हो भी सकता है। जिस महापुरुष को ले जाने के लिए घर छोड़कर इतनी दूर आना पड़ा है, उनकी इच्छा पर सब निर्भर है। उनका फोटोग्राफ है, लिखित विवरण है, लेकिन यहां की पुलिस में इतनी सामर्थ्य नहीं कि उन पर हाथ डाल सके। क्या मैं पकड़ पाऊंगा? यही सोच रहा हूं।''
अपूर्व ने उत्सुक होकर पूछा, ''यह महापुरुष कौन हैं चाचा जी? जब आप आए हैं तब तो अवश्य ही कोई खूनी आसामी है?''
निमाई बाबू बोले, ''यह तो नहीं बताऊंगा बेटा! क्या है और क्या नहीं है? यह बात ठीक-ठीक कोई भी नहीं जानता। इनके विरुध्द कोई निश्चित अभियोग भी नहीं है। फिर भी इनकी निरंतर निगरानी करते रहने में इतनी बड़ी सरकार मानो निष्प्राण हो गई है।''
अपूर्व ने पूछा, ''कोई आसामी है?''
निमाई बाबू बोले, ''भैया पोलिटिकल तो किसी समय तुम लोगों को भी कहते थे। लेकिन वह हैं राजद्रोही! राजा के शत्रु! हां, शत्रु कहलाने के योग्य तो अवश्य हैं। बलिहारी है उनकी प्रतिभा की जिन्होंने इस लड़के का नाम सव्यसाची रखा था। बंदूक, पिस्तौल चलाने में निशाना अचूक होता है। तैरकर पद्मा नदी को पारकर जाते हैं, कोई बाधा नहीं पड़ती। इस समय यह अनुमान किया गया है कि चटगांव के रास्ते से पहाड़ पार करके इन्होंने बर्मा में पदार्पण किया है। अब मांडले से नौका द्वारा या जहाज से रंगून आने वाले हैं या रेल द्वारा उनका शुभागमन हो चुका है। कोई पक्की खबर नहीं है। लेकिन वह रवाना हो चुके हैं, यह बात निश्चित है, उनके उद्देश्य के संबंध में कोई संदेह या तर्क नहीं है। शत्रु-मित्र सभी के मन में उनका सम्मान स्थिर सिध्दांत बना हुआ है। देश में आकर किस मार्ग से वह अपना कदम बढ़ाएंगे, हम नहीं जानते। लेकिन देखो बेटा, यह सब बातें किसी को बताना मत, नहीं तो इस बुढ़ापे में सत्ताईस साल की पेंशन रह जाएगी।''
अपूर्व उत्साहित होकर बोला, 'इतने दिनों यह कहां-क्या कर रहे थे। सव्यसाची नाम मैंने तो कभी पहले सुना नहीं।''
निमाई बाबू ने हंसते हुए कहा, ''अरे भैया, इतने बड़े आदमियों का काम क्या केवल एक नाम से चलता है? सम्भवत: अर्जुन की तरह इनके भी अनेक नाम प्रचलित हैं। उन दिनों शायद सुना भी होगा, अब पहचान नहीं रहे हो। इस बीच में क्या कर रहे थे, इसकी भी पूरी जानकारी नहीं है। राजशत्रु अपने काम ढोल पीट-पीटकर करना पसंद नहीं करते। फिर भी मैं इतना जानता हूं कि वह पूना में तीन महीने की और दूसरी बार सिंगापुर में तीन वर्ष की सजा भुगत चुके हैं। यह लड़का दस-बारह भाषाओं में इस प्रकार बोल सकता है कि किसी विदेशी के लिए यह जान लेना कठिन है कि वह कहां के रहने वाले हैं? सुना है, जर्मनी के किसी नगर में डॉक्टरी पढ़ी है। फ्रांस में इंजीनियरिंग पास किया है। इंग्लैंड की नहीं जानता। लेकिन जब वहां रह चुका है तो वह अवश्य ही कुछ-न-कुछ पास किया ही होगा। इन लोगों को न तो दया है, न माया है, न धर्म-कर्म है, न कहीं घर-द्वार है। बाप रे बाप! हम लोग भी उसी देश के वासी हैं। लेकिन इस लड़के ने कहां से आकर बंगभूमि में जन्म ले लिया, यह तो सोचने पर भी नहीं जान पड़ता।''
अपूर्व कुछ न बोला। कुछ देर मौन रहकर उसने पूछा, ''इनको क्या आप आज ही गिरफ्तार करेंगे?''
निमाई बाबू हंसकर बोले, ''पहले पाऊं तो।''
अपूर्व ने कहा, ''मान लीजिए, पा गए तो?''
''नहीं बेटा, इतना आसान काम नहीं है। मुझे पूरा विश्वास है कि अंतिम पल में वह किसी और रास्ते से खिसक गया होगा।''
''और अगर वह आ जाए तो?''
निमाई बाबू ने कुछ सोचकर कहा, ''उस पर बराबर नजर रखने का आदेश मिला है, दो दिन देखता हूं। पकड़ने की अपेक्षा जांच करना जरूरी है। सरकार का यही विचार है।''
अपूर्व इस बात पर विश्वास न कर सका। क्योंकि वह उसके लिए जो कुछ भी हों फिर भी हैं तो पुलिस के आदमी! उसने पूछा, ''उनकी उम्र क्या है?''
''लगभग तीस-बत्तीस की होगी।''
''देखने में कैसे हैं?''
''यही तो आश्चर्य है बेटा! अत्यंत साधारण मनुष्य है। इसीलिए तो पहचानना कठिन है। पकड़ना भी कठिन है। हम लोगों की रिपोर्ट में यही बात विशेष रूप से लिखी हुई है।''
अपूर्व बोला, ''लेकिन पकड़े जाने के भय से ही तो यह पैदल वन लांघकर आए हैं।''
निमाई बाबू बोले, ''हो सकता है, कोई विशेष उद्देश्य हो। हो सकता है इस रास्ते को भी जान लेना चाहता हो। कुछ भी नहीं कहा जा सकता अपूर्व! यह लोग जिस पथ के पथिक हैं उसमें साधारण मनुष्य के विचार के साथ इनके विचार मेल नहीं खाते। आज इसकी भूल है या हम लोगों की भूल है-इसकी परीक्षा होने वाली है। ऐसा भी सम्भव है कि हम लोगों की सारी दौड़-धूप व्यर्थ हो जाए।''
अपूर्व बोला, ''ऐसा ही हो तो अच्छा है। मैं अन्त:करण से यही प्रार्थना करता हूं चाचा जी!''
निमाई बाबू हंस पड़े। बोले, ''मूर्ख लड़के, कहीं पुलिस से ऐसी बात कही जाती है? तुमने अपने घर का क्या नम्बर बताया, तीस? हो सका तो कल आऊंगा। सामने की जेटी पर ही शायद यहां का स्टीमर खड़ा होता है। अच्छा, तुम्हारे ऑफिस का समय हो चुका है, नई नौकरी है। देर करना ठीक नहीं।'' यह कहकर वह दूसरी ओर घूम गए।
अपूर्व ने कहा, ''देर की क्यों, ऑफिस में गैरहाजिरी हो जाने पर मैं आपको छोडूंग़ा नहीं। मैं नहीं चाहता कि वह अब आपके हाथ पड़ जाएं, लेकिन यदि दुर्घटना हो भी जाए तो मैं एक बार उन्हें देख तो लूंगा, चलिए।''
इच्छा न होने पर भी निमाई बाबू ने विशेष आपत्ति नहीं की। केवल थोड़ा-सा सावधन करते हुए कहा, ''देखने का लोभ होता है, मैं इसे अस्वीकार नहीं करता, लेकिन ऐसे लोगों से किसी प्रकार परिचय बढ़ाना भी भयानक है-यह जान लो अपूर्व? अब तुम लड़के नहीं हो। पिता जीवित नहीं हैं। भविष्य को भी सोचना चाहिए।''
अपूर्व हंसकर बोला, ''परिचय का अवसर आप लोग किसी को देते कहां हैं चाचा जी! कोई अपराध नहीं, कोई अभियोग नहीं, फिर भी उनको जाल में फंसाने आप इतना दूर चले आए हैं।''
निमाई बाबू तनिक-सा मुस्करा पड़े। बोले, ''यह तो कर्त्तव्य है।''
जिस समय दोनों जेटी पर पहुंचे, इस बड़ी नदी का विशाल स्टीमर किनारे लगने की वाला था। पांच-सात पुलिस अधिकारी, सादी पोशाक में पहले से ही खड़े थे। निमाई बाबू के प्रति उन लोगों की आंखों का एक प्रकार का संकेत देखकर अपूर्व उन्हें पहचान गया। वह सभी भारतीय थे। भारत के कल्याण के लिए सुदूर बर्मा में एक विद्रोही का शिकार करने आए हैं। शिकार की वस्तु लगभग हाथ आ चुकी है। सफलता का आनंद तथा उत्तेजना की प्रच्छन्न दीप्ति उनके चेहरे पर प्राप्त हो रही है।
जहाज के खलासी उस समय जेटी पर रस्सी फेंक रहे थे। कितने ही लोग रेलिंग पकड़े देख रहे थे। डेक पर शोर-शराबे और दौड़-धूप की सीमा नहीं थी। सम्भव है, इन्हीं लोगों के बीच खड़ा एक व्यक्ति उत्सुक दृष्टि से किनारे की प्रतीक्षा कर रहा हो। लेकिन अपूर्व की दृष्टि में सम्पूर्ण दृश्य आंखों के आंसुओं से एकदम धुंधला और अस्पष्ट हो उठा। ऊपर-नीचे जल में, स्थल में इतने नर-नारी खड़े हैं, किसी को कोई शंका नहीं। किसी का कोई अपराध नहीं। केवल जिस व्यक्ति ने अपने युवा हृदय के समस्त सुख, समस्त स्वार्थ तथा सभी आशाओं का स्वेच्छा से विसर्जन कर दिया है, कारागार तथा मृत्यु की राह केवल उसी के लिए मुंह बाए खड़ी है।
जहाज जेटी पर आकर लग गया। काठ की सीढ़ी नीचे लगा दी गई, लेकिन अपूर्व नहीं हटा। वहीं निश्चल, पाषाण मूर्ति के समान खड़ा आप-ही-आप कहने लगा कि क्षण भर बाद तुम्हारे हाथ में हथकड़ी पड़ जाएगी। उत्सुक नर-नारी तुम्हारी लांछना तथा अपमान आंखें फाड़-फाड़कर देखेंगे। वह जान भी न पाएंगे कि उन्हीं लोगों के लिए तुमने सर्वस्व त्याग कर दिया है। इसलिए इन लोगों के बीच तुम्हारा रहना न हो सकेगा। उसकी आंखों से आंसू झर-झर गिरने लगे और जिसे उसने कभी देखा नहीं उसी को सम्बोधित करके मन-ही-मन कहने लगा-''तुम तो हम लोगों की भांति सीधे-सादे मनुष्य नहीं हो। तुमने देश के लिए अपना सर्वस्व त्याग दिया है। इसीलिए देश की नौकाएं तुम्हें पार नहीं कर सकती। तुम्हें तैरकर पद्मा नदी को पार करना पड़ता है। इसलिए देश का राज-पथ तुम्हारे लिए अवरुध्द है। तुम्हें दुर्गम वन-पर्वत लांघने पड़ते हैं। हे मुक्ति पथ के अग्रदूत! हे पराधीन देश के राजविद्रोही! तुमको शत कोटि नमस्कार।''-इतने मनुष्यों की भीड़, इतने लोगों का आना-जाना, इतने लोगों की नजरें, किसी पर भी उसका ध्यान नहीं था। कितना समय बीत गया, इसकी उसे खबर ही नहीं थी। अचानक निमाई बाबू की आवाज से चौंककर झटपट आंखें पोंछ हंसने की चेष्टा करने लगा। उसका करुणविह्नल भाव देखकर वह आश्यर्च में पड़ गए। बोले, ''जिस बात का भय था, वही हुआ, निकल गया।''
''कैसे निकल गया?''
निमाई बाबू बोले, 'अगर यही जानता तो वह कैसे निकल जाता? सुबह तीन सौ यात्री, बीस-पच्चीस फिरंगी साहब, उड़िया, मद्रासी, पंजाबी सौ-डेढ़ सौ के लगभग रहें होंगे। शेष बर्मी थे। पता नहीं किसकी पोशाक पहने और किसकी भाषा बोलते-बोलते बाहर निकल गया। समझ गए न भैया, हम तो पुलिस वाले हैं। पहचानने का उपाय नहीं है कि वह योरोपियन हैं या बंगाली। जगदीश बाबू संदेह में लगभग छ: बंगालियों को पकड़कर थाने में ले गए हैं। एक आदमी का चेहरा उनके चेहरे से मेल खा रहा है, ऐसा जान पड़ता है। लेकिन जान पड़ने से ही क्या होता है। वह नहीं है। क्या तुम चलोगे भैया? एक बार उस आदमी को देखोगे?''
अपूर्व की छाती धड़क उठी। बोला, 'अगर आप उसे मारना-पीटना चाहते हैं तो मैं नहीं जाना चाहता।''
निमाई बाबू ने हंसकर कहा, ''इतने आदमियों को तो हमने चुपचाप छोड़ दिया और यह बेचारे बंगाली हैं। स्वयं बंगाली होते हुए क्या मैं इन पर अत्याचार करूंगा? अरे भैया, पुलिस में सभी बुरे ही नहीं होते। मुंह बंद करके जितना दु:ख हमें सहना पड़ता है, अगर तुम जानते, तो अपने इस दरोगा चाचा से इतनी घृणा न कर पाते अपूर्व।'
अपूर्व बोला, ''आप अपना कर्त्तव्य पालन करने आए हैं। फिर आपसे घृणा क्यों करूंगा चाचा?'' कहकर उनके चरण छू लिए।
निमाई बाबू ने प्रसन्न होकर आशीर्वाद दिया और बोले, ''चलो, जरा जल्दी चलें। वह लोग भूख-प्यास से दु:खी हो रहे होंगे। थोड़ी-बहुत जांच करके छोड़ दिया जाएगा।''
थाने के सामने वाले बड़े कमरे में छ: बंगाली बैठे थे। जगदीश बाबू ने इसी बीच उनके टीन के बक्स और गठरियां आदि खोलकर जांच आरम्भ कर दी थी। जिस व्यक्ति पर उन्हें विशेष रूप से संदेह था उसे एक अलग कमरे में बंद कर रखा था। यह लोग नौकरी की खोज में रंगून आए थे। इनके काम-धाम और विवरण आदि लिखकर और उनके सामान की जांच हो चुकने के बाद पॉलिटिकल सस्पेक्ट सव्यसाची को निमाई बाबू के सामने उपस्थित किया गया। वह खांसते-खांसते सामने आया। उम्र तीस-बत्तीस से अधिक न रही होगी, लेकिन जैसा दुबला-पतला था वैसा ही कमजोर भी था। जरा-सी खांसी से हांफने लगता था। अंदर के न जाने किस असाध्य रोग से उसका सम्पूर्ण शरीर भी तेजी से क्षय रोग की ओर दौड़ रहा था। आश्चर्यजनक थी तो केवल उसके उस रुग्ण चेहरे में दो अद्भुत आंखों की दृष्टि। यह आंखें छोटी हैं या बड़ी। लम्बी हैं या गोल। दीप्त हैं या प्रभावहीन-इनका विवरण देने की चेष्टा ही व्यर्थ है। अत्यधिक गहरे जलाशय की भांति उनमें न जाने क्या है? भय लगता है। अपूर्व तो मुग्ध होकर उस ओर देख रहा था। अचानक निमाई बाबू ने उसकी वेश-भूषा की बहार और ठाटबाट पर अपूर्व की दृष्टि आकर्षित करके हंसते हुए कहा, ''बाबूजी का स्वास्थ्य तो चला गया है, लेकिन शौक में अभी कोई कमी नहीं आई है, यह तो मानना ही पड़ेगा। क्या कहते हो अपूर्व?''
इतनी देर बाद उसके पहनावे पर नजर डालकर, मुंह फेरकर अपूर्व ने हंसी छिपा ली। उसके सिर पर बड़े-बड़े बाल हैं, लेकिन गर्दन और कानों के पास बिल्कुल नहीं है। सिर में मांग कढ़ी हुई है। बालों में पड़े हुए नींबू के तेल की गंध से कमरा भर उठा है। शरीर पर सिल्क का कुर्ता है। छाती की जेब में से रूमाल का थोड़ा-सा हिस्सा दिखाई दे रहा है। चादर नहीं है। बदन पर विलायती मिल की काली मखमली किनारी की बारीक धोती है। पैरों में हरे रंग के पूरे मोजे हैं, जो घुटनों पर लाल फीते से बंधे हैं, पॉलिश किया हुआ पम्प शू है, पैरों में जिनके तलों को मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए लोहे के नाल जड़े हुए हैं। हाथ में हिरण के सींग की मूठवाली बेंत की छड़ी है। इन कई दिनों तक जहाज की भीड़भाड़ में सभी कपड़े गंदे हो गए हैं। 
उनका सिर से पैर तक बार-बार निरीक्षण करके अपूर्व ने कहा, ''चाचा जी इस आदमी को आप कोई भी बात पूछे बिना छोड़ दीजिए। जिसे आप खोज रहे हैं, वह आदमी यह नहीं है। इसकी जमानत मैं देने को तैयार हूं।''
निमाई बाबू ने हंसकर पूछा, ''तुम्हारा नाम क्या है जी?'
''मेरा नाम गिरीश महापात्र है।''
''एकदम महापात्र-तुम तो तेल की खान में काम करते थे? अब रंगून में ही रहोगे? तुम्हारे बक्स और बिस्तर की तलाशी तो हो चुकी है। देखूं तुम्हारे पर्स और जेब में क्या है?
उसके पर्स से एक रुपया और छ: आने निकले। जेब से लोहे का कंपास नापने के लिए लकड़ी का फुटरूल, कुछ बीड़ियां, एक दियासलाई और गांजे की चिलम निकली। 
निमाई बाबू ने पूछा, ''तुम गांजा पीते हो?''
उसने संकोच से उत्तर दिया, ''जी नहीं।''
''तब यह चीज जेब में क्यों है?''
''रास्ते में पड़ी थी। उठा ली। किसी के काम आ जाएगी।''
तभी जगदीश बाबू कमरे में आ गए। निमाई बाबू ने हंसकर कहा, ''देखो जगदीश, यह कितने परोपकारी व्यक्ति हैं। किसी के काम आ जाए, यह सोचकर इन्होंने गांजे की चिलम रास्ते से उठाकर रख ली है।'' यह कहकर उन्होंने उसके दाएं हाथ के अंगूठे को देखकर हंसते हुए कहा, ''गांजा पीने का चिद्द यह है भैया 'पीता हूं', कह देने से काम चल जाए। कितने दिन और जीना है। यही तो है तुम्हारा शरीर। बूढ़े की बात मानो, अब मत पीना।''
''जी नहीं, मैं तो पीता ही नहीं। मगर बनाने को कहते हैं तो बना देता हूं।''
जगदीश चिढ़कर बोला, ''दया के सागर हैं न। दूसरों को बना देते हैं, स्वयं नहीं पीते। झूठा कहीं का।''
अपूर्व ने कहा, ''समय हो गया। अब जा रहा हूं चाचा जी।''
निमाई बाबू ने उठकर कहा, ''अच्छा, तुम जा सकते हो महापात्र। क्यों जगदीश, जा सकता है न?''
सम्मति देते हुए जगदीश बोला, ''लेकिन मेरा विचार है, इस नगर में और कुछ दिनों तक निगरानी की आवश्यकता है। शाम की मेल ट्रेन पर नजर रखना। वह बर्मा में आ गया है, यह खबर सच है।''
अपूर्व थाने से बाहर आ गया। उसके साथ ही महापात्र भी अपने टूटे हुए टीन के बक्स को और चटाई में लिपटे गंदे बिछौने के बंडल को बगल में दबाकर उत्तर का रास्ता पकड़कर धीरे-धीरे चला गया। 

कैसी आश्चर्यजनक बात है कि सव्यसाची नहीं पकड़ा गया। डेरे पर लौटकर शेव बनाने से लेकर संध्या-पूजा, स्नान, भोजन, कपड़े पहनने, ऑफिस जाने आदि के नित्य के कामों में कोई बाधा नहीं हुई। लेकिन उनका मन किस संबंध में सोचने लगा था, उसका कोई पता नहीं। उसकी आंखें, कान और बुध्दि-अपने सभी सांसारिक कार्यों से दूर होकर किसी अनजान, अनदेखे राजद्रोही की चिंता में ही निमग्न हो गए।
अपूर्व को अनमना देखकर तलवलकर ने पूछा, ''आज घर से कोई चिट्ठी आई है क्या?''
अपूर्व ने कहा, ''नहीं तो।''
''घर में कुशल तो है न?''
''जितना जानता हूं-कुशल ही है।''
रामदास ने फिर कोई प्रश्न नहीं किया। टिफिन के समय दोनों एक साथ ही जलपान करते थे। रामदास की पत्नी ने एक दिन अपूर्व से अत्यंत आग्रह से अनुरोध किया था कि जितने दिनों तक आपकी मां या घर की कोई और आत्मीय स्त्री इस देश में आकर डेरे की उपयुक्त व्यवस्था नहीं करती-उतने दिनों तक इस छोटी बहिन के हाथ की बनाई हुई थोड़ी-सी मिठाई आपको रोजाना लेनी ही पड़ेगी। अपूर्व सहमत हो गया था। ऑफिस का एक ब्राह्मण चपरासी वह सब ला देता था। आज भी जब वह पास के एकांत कमरे में भोजन सामग्री सजाकर रख गया, तब भोजन करने के लिए बैठते ही अपूर्व ने प्रसंग छेड़ दिया, ''कल मेरे डेरे पर चोरी हो गई। सब कुछ जा सकता था। लेकिन ऊपर वाली मंजिल पर रहने वाली क्रिश्चियन लड़की की कृपा से रुपए-पैसे के अतिरिक्त और सब कुछ बच गया।'' फिर सब कुछ विस्तार से सुनाने के बाद, कहा, ''वास्तव में वह ऐसी कुशल लड़की है, ऐसा लगता नहीं था।''
रामदास ने पूछा, ''इसके बाद?''
अपूर्व ने कहा, ''तिवारी घर में था नहीं। बर्मी नाच देखने चला गया था। इसी बीच यह घटना हो गई। उसका विश्वास है कि यह काम उस लड़की के अतिरिक्त किसी और ने नहीं किया है। मेरा भी कुछ-कुछ ऐसा ही अनुमान है। चोरी भले ही न करे लेकिन सहायता अवश्य की है।''
''इसके बाद?''
''फिर सवेरे पुलिस में खबर देने गया। लेकिन वहां जाकर ऐसा तमाशा देखा कि इस बात की याद ही नहीं रही। आज सोच रहा हूं कि पुलिस से चोर-डाकुओं को पकड़वाना बेकार है। यही अच्छा है कि वह लोग विद्रोहियों को ही गिरफ्तार करते रहें,'' यह कहते ही उसे गिरीश महापात्र की याद आ गई। हंसी रुकने पर उसने विज्ञान और चिकित्सा शास्त्र के असाधारण ज्ञाता, विलायत के डॉक्टर उपाधि धारी, राज शत्रु महापात्र के स्वास्थ्य, शिक्षा, रुचि, उनका बल-वीर्य, इन्द्रधानुषी रंग का कुर्ता, हरे रंग के मोजे, लोहे के नाल लगे पम्प शू, नींबू के तेल से सुवासित केश और सर्वोपरि परोपकार्य गांजे की चिलम का आविष्कार करने की कथा विस्तारपूर्वक सुनाते-सुनाते अपनी उत्कट हंसी का वेग किसी प्रकार और एक बार रोककर अंत में कहा, ''तलवलकर महाचतुर पुलिस दल को आज की तरह मूर्ख बनते सम्भवत: किसी ने कभी नहीं देखा होगा।'
रामदास ने पूछा, ''क्या ये लोग आपकी बंगाल पुलिस के हैं?''
अपूर्व ने कहा, ''हां। इसके अतिरिक्त सबसे अधिक लज्जा की बात यह है कि इनके इंचार्ज मेरे पिताजी के मित्र हैं। बाबूजी ने ही एक दिन इनकी नौकरी लगवाई थी।''
''तब तो आपको किसी दिन इसका प्रायश्चित्त करना पड़ेगा।'' यह कहकर रामदास सहसा अप्रतिम-सा हो गया। अपूर्व उसका चेहरा देखते ही उसका तात्पर्य समझ गया। बोला, ''मैं उनको चाचा जी कहता हूं। वह हमारे आत्मीय हैं, शुभाकांक्षी हैं। लेकिन क्या इसीलिए वह मेरे लिए देश से बढ़कर हैं। बल्कि जिन्हें देश के रुपए खर्च करके, देश के आदमियों की सहायता से शिकार की तरह पकड़ने के लिए घूम रहे हैं, वह ही मेरे परम आत्मीय हैं।''
रामदास बोला, ''बाबूजी, यह कहने में भी विपत्ति है।''
अपूर्व बोला, ''भले ही तलवलकर! केवल अपने ही देश में नहीं, संसार के जिस किसी देश में, जिस किसी युग में, जिस किसी ने अपनी जन्म-भूमि को स्वतंत्र कराने की चेष्टा की है। उसको अपना कहने की सामर्थ्य और किसी में भले ही न हो, मुझ में है। बिना अपराध के ही फिरंगी लड़कों ने जब मुझे लात मारकर प्लेटफार्म से बाहर निकाल दिया और जब मैं इसका प्रतिवाद करने के लिए गया तब अंग्रेज स्टेशन मास्टर ने मुझे केवल देशी आदमी समझकर कुत्ते की तरह ऑफिस से निकलवा दिया। उनकी लांछना, इस काले चमड़े के नीचे कम जलन पैदा नहीं करती तलवलकर! जो लोग इन जघन्य अत्याचारों से हमारी माताओं, बहनों और भाइयों का उध्दार करना चाहते हैं, उनको अपना कहकर पुकारने में जो भी कष्ट पड़े, मैं सहर्ष झेलने को तैयार हूं।''
रामदास का सुंदर गोरा चेहरा पलभर के लिए लाल हो उठा। बोला 'यह दुर्घटना तो आपने मुझे बताई नहीं।'
अपूर्व बोला, ''कहना सरल नहीं है रामदास। वहां कम भारतीय नहीं थे, लेकिन मेरे अपमान का किसी पर प्रभाव नहीं पड़ा। लात की चोट से मेरी हड्डी-पसली टूटी, इसी कुशल समाचार से वह प्रसन्न हो गए। क्या बताऊं, याद आते ही दु:ख, लज्जा तथा घृणा से अपने आप मानों मिट्टी में गड़ जाता हूं।'
रामदास मौन हो रहा। लेकिन उसकी दोनों आंखें डबडबा आईं। तीन बज चुके थे, वह उठकर खड़ा हो गया। 
उस दिन छुट्टी होने से पहले बड़े साहब ने कहा, ''हमारे मामो के ऑफिसों में अव्यवस्था हो रही है। मांडले, शोएवी, मिक्थिला और प्रोम सभी ऑफिसों में गड़बड़ी है। मेरी इच्छा है कि तुम एक बार जाकर उन सबको देख आओ। मेरे न रहने पर सारा काम तुम्हीं को करना होगा। एक परिचय रहना चाहिए। इसलिए अगर कल-परसों...।''
अपूर्व बोला, ''मैं कल ही बाहर जा सकता हूं।''
दूसरे दिन वह मामो जाने के लिए ट्रेन में जा बैठा। साथ में एक अर्दली और ऑफिस का एक हिंदुस्तानी ब्राह्मण भी था। तिवारी डेरे पर ही रहा। लंगड़ा साहब अस्पताल में पड़ा है, इसलिए अब उतना भय नहीं है। तलवलकर ने तिवारी की पीठ ठोककर कहा, ''चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। कभी कोई घटना हो तो मुझे खबर देना।''
ट्रेन छूटने में लगभग पांच मिनट की देर होगी कि सहसा अपूर्व चौंककर बोल उठा, ''वही तो।''
तलवलकर गर्दन फेरते ही समझ गया कि वही गिरीश महापात्र है। वही ठाटबाट वाला बांहदार कुर्ता, हरे रंग के मोजे, वही पम्प शू और घड़ी। अंतर केवल इतना ही है कि इस बार वह बाघ अंकित रूमाल, छाती की जेब के बजाय गले में लिपटा हुआ है। महापात्र इसी ओर आ रहा था। निकट आते ही अपूर्व ने पुकारकर कहा, ''क्यों गिरीश, मुझे पहचान सकते हो? कहां जा रहे हो?''
''जी हां, पहचान रहा हूं। कहां के लिए प्रस्थान हो रहा है?''
''इस समय तो मामो जा रहा हूं। तुम कहां चल रहे हो?''
गिरीश ने कहा, ''जी, एनाज से दो मित्रों के आने की बात थी, लेकिन बाबूजी, मुझे लोग झूठ-मूठ तंग करते हैं। हां, यह अवश्य है कि लोग अफीम और गांजा छिपाकर ले आते हैं, लेकिन बाबू, मैं तो बहुत ही धर्मभीरु आदमी हूं। लेकिन कहावत है न-ललाट की लिखावट मेटी नहीं जा सकती।''
अपूर्व ने हंसते हुए कहा, ''मुझे भी ऐसा विश्वास है। लेकिन तुम गलत समझ रहे हो भाई। मैं पुलिस का आदमी नहीं हूं। अफीम-गांजे से मेरा कोई मतलब नहीं है। उस दिन तो मैं केवल तमाशा देखने गया था।''
तलवलकर बोला, ''बाबू! मैंने अवश्य ही कहीं देखा है।''
गिरीश ने कहा, ''इसमें कोई आश्चर्य नहीं है बाबू! नौकरी के लिए कितनी ही जगह मैं घूमता रहता हूं। अच्छा, अब जा रहा हूं बाबू, राम-राम।'' इतना कहकर वह आगे बढ़ गया।
अपूर्व ने कहा, ''इसी सव्यसाची के पीछे-पीछे चाचा जी अपने दल-बल के साथ इस देश से उस देश में घूम रहे हैं तलवलकर।'' यह कहकर वह हंस पड़ा। लेकिन तलवलकर ने इस हंसी में साथ नहीं दिया।
दूसरे पल सीटी बजाकर ट्रेन स्टार्ट हो गई। उसने हाथ बढ़ाकर मित्र से हाथ मिलाया लेकिन मुंह से एक शब्द भी नहीं निकला। 
अपूर्व फर्स्ट क्लास का यात्री था। उस कम्पार्टमेंट में और कोई यात्री नहीं था। संध्या हो चली तो उसने संध्या-पूजा के बाद भोजन किया। उसका ब्राह्मण अर्दली सवेरे जलपान रख गया था और बिछौना भी बिछा गया। भोजन करने की बाद हाथ-मुंह धो, तृप्त हो इत्मीनान से बिस्तर पर लेट गया। लेकिन उस रात तीन बार पुलिसवालों ने उसे जगाकर उसका नाम, काम और पता-ठिकाना पूछा।
एक बार अपूर्व बोला, ''मैं फर्स्ट क्लास का यात्री हूं। तुम रात के समय मेरी नींद खराब नहीं कर सकते।''
''यह नियम रेलवे कर्मचारियों के लिए है। मैं पुलिस कर्मचारी हूं। चाहूं तो तुम्हें खींचकर नीचे भी उतार सकता हूं।''
उसका भावुक मन भीतर-बाहर से आछन्न और अभिभूत होता चला जा रहा था। अचानक जोर का धक्का लगने से उसने चौंककर देखा। रामदास की बातें याद आ गईं। यहां आने के बाद से इस बर्मा देश की बहुत-सी व्यक्त-अव्यक्त कहानियों का उसने संग्रह कर रखा था। इस प्रसंग में उसने एक दिन कहा था, ''बाबूजी, केवल शोभा, सौंदर्य ही नहीं, प्रकृति माता की दी हुई इतनी बड़ी सम्पदा कम देशों में है। इसके वन और अरण्यों की सीमा नहीं। इसकी धरती में कभी न समाप्त होने वाली तेलों की खानें हैं। इसकी हीरों की महामूल्यवान खानों का मूल्य आंका नहीं जा सकता और विशाल वृक्षों की यह जो गगनचुम्बी पांतें हैं, इनकी तुलना संसार में कहां है! बहुत दिनों की बात है। यहां के बारे में जानकर एक दिन अंग्रेज बनिए की लालची दृष्टि अचानक इस पर आसक्त हो उठी। बंदूकें-तोपें आईं। लड़ाई छिड़ गई। युध्द में पराजित दुर्बल-शक्तिहीन राजा को निर्वासित कर दिया गया। उसकी रानियों के शरीर के जेवर बेचकर लड़ाई का जुर्माना वसूल किया गया। इसके बाद देश की, मानवता, सभ्यता और न्याय-धर्म के कल्याण के लिए अंग्रेज राजशक्ति इस विजित देश का शासन भार ग्रहण कर, उसका अनेक प्रकार से कल्याण करने के लिए तन-मन से जुट गई।
इसी प्रकार न जाने कितनी बातें उसके हृदय को आलोड़ित करती रहीं। अचानक ट्रेन की गति धीमी पड़ने पर उसे चेत हुआ। जल्दी से आंखें पोंछकर उसने देखा-स्टेशन आ गया था।

बचपन से ही स्त्रियों के प्रति अपूर्व के मन में श्रध्दा की अपेक्षा घृणा की भावना ही अधिक थी। भाभियां मजाक करतीं तो वह मन-ही-मन दु:खी होता। घनिष्ठता बढ़ाने आतीं तो दूर हट जाता। मां के अतिरिक्त और किसी के सेवा या देखभाल उसे अच्छी नहीं लगती थी। किसी लड़की के परीक्षा में पास होने के समाचार से उसे प्रसन्नता नहीं होती थी। यूरोप में स्त्रियां कमर कसकर राजनीतिक अधिकार पाने के लिए लड़ रही थीं। अखबारों में उनके समाचार पढ़कर उसका शरीर जलने लगता था। लेकिन उसका हृदय स्वभाव से ही भद्र और कोमल था। वैसे वह नर-नारी का भेद न मानकर प्राणीमात्र को अत्यंत प्रेम करता था। किसी को तनिक-सा भी कष्ट देने में उसे हिचक होती थी। इसीलिए भारती को अपराधी जानते हुए भी उसने दंडित नहीं होने दिया। पुरुषों में स्त्री के संबंध में जो कमजोरियां होती हैं वह उसे छू तक नहीं गई थी। इस ईसाई लड़की को दंड देना उसके स्वभाव के विरुध्द था। नारी जाति के प्रति अनुराग न रखते हुए भी उसका मन भारती को आसानी से बहुत दिनों तक दूर हटाकर रख सकेगा, यह भी सच नहीं था। फिर भी इस निर्भय, मिथ्यावादिनी युवती के प्रति उसके मन में राग-द्वेष की सीमा नहीं थी। 
उसे मामो आए पंद्रह दिन हो गए हैं। यहां से कल-परसों तक मिक्थिला जाने की बात है। ऑफिस से लौटकर बरामदे में बैठा मन-ही-मन सोचने लगा। नारी स्वाधीनता के संबंध में उसका मन अपनी सम्मति देना नहीं चाहता था। इसमें मंगल नहीं है। यह धारणा उसकी रुचि तथा संस्कार पर आधारित थी। शास्त्रीय अनुशासनों में भी इनके प्रति गम्भीर अन्याय है इस सत्य को भी उसका न्याय परायण मन किसी प्रकार स्वीकार नहीं करता था। लेकिन आज जिस कारण अचानक ही उसकी यह धारणा मिट गई, उसका विवरण इस प्रकार है-
जिस दो मंजिले मकान में उसने कमरे किराए पर लिए हैं उसकी निचली मंजिल में एक बर्मी परिवार रहता है। सवेरे ऑफिस जाने से पहले उनके परिवार में एक अनर्थकारी दुर्घटना हो गई। उनकी चार लड़कियां हैं- सभी विवाहिता हैं। किसी उत्सव के उपलक्ष में आज सभी उपस्थित हुए थे। भोज के समय सम्मान के विषय में पहले तो लड़कियों में, दामादों में तू-तू, मैं-मैं होने लगी और खून-खराबे तक बात पहुंच गई। अपूर्व खबर लेने गया तो सुना कि इनमें से एक तो मद्रास का चुलिया मुसलमान है। एक चटगांव का बंगाली पोर्तुगीज है। एक ऐंग्लो इंडियन और सबसे छोटा चौथा दामाद एक चीनी है। वह सब कई पीढ़ियों से इस शहर में रहकर चमड़े का व्यवसाय कर रहे हैं।
इस प्रकार पृथ्वीव्यापी सब जातियों का श्वसुर बनने का गौरव अन्य स्थानों में दुर्लभ होते हुए यहां सुलभ है। इन संबंधों का पिता ने विरोध किया था, लेकिन लड़कियों की स्वाधीनता ने उस पर ध्यान नहीं दिया। एक-एक दिन एक-एक करके लड़कियों का घर पर पता नहीं रहा। फिर एक-एक कर वह लौट आईं और उनके साथ आ गया विचित्र दामादों का यह दल। उनकी भाषा अलग, भाव-विचार अलग, कर्म और स्वभाव अलग। शिक्षा-संस्कार किसी के साथ किसी का मेल नहीं मिलता। यह तो हमारे देश की हिंदू-मुस्लिम समस्या की भांति धीरे-धीरे जटिल होती जा रही है। कैसे सुलझेगी?
अपूर्व का मन क्षोभ दु:ख और विरक्ति से दु:खी हो उठा और लड़कियों की इस सामाजिक स्वतंत्रता को बार-बार कोसने लगा। बर्मा नष्ट हो रहा है। यूरोप नष्टप्राय हो चुका है। इसी प्रकार की सभ्यता को अपने देश में लाने पर हम लोग भी समूल नष्ट हो जाएंगे। इस दुर्दिन में अगर हम संशय छोड़कर अपने पुरातन सिध्दातों का पालन न कर सके तो हमें विनाश से कोई नहीं बचा सकेगा। इसी प्रकार की अनेक विचारधाराओं में डूबा अंधेरे में अकेला बैठा रहा। लेकिन दुर्भाग्य? यह सीधी-सी बात उसके मन में एक बार भी नहीं आई कि जिस मुक्ति मंत्र को वह जीवन का एकमात्र व्रत मानकर तन-मन से ग्रहण करना चाहता है उसी की दूसरी मूर्ति को हाथों से ठेलकर मुक्ति के सच्चे देवता को ही सम्मान सहित दूर हटा रहा है। मुक्ति क्या ऐसी ही कोई छोटी-सी वस्तु है?
अर्दली बोला, ''आपके जाने की बात तो परसों के लिए थी न?''
''नहीं परसों नहीं कल-एक बत्ती दे जा,'' समाज में महिलाओं की स्वाधीनता का यह नया रूप देखकर उसका मन उद्विग्न हो उठा था। 
दूसरे दिन ठीक समय पर वह मिक्थिला के लिए चल पड़ा। लेकिन वहां पहुंचने पर मन नहीं लगा। देशी और विलायती पलटनों की छावनी है। अनेक बंगाली सपरिवार रहते हैं। अच्छा शहर है। नए लोगों के लिए घूमकर देखने की बहुत-सी चीजें हैं। लेकिन यह सब उसे अच्छा नहीं लगा। मन रंगून पहुंचने के लिए छटपटाने लगा। मामो में रहते हुए रिडायरेक्ट किया हुआ मां का एक पत्र उसे मिला था। उसके बाद रामदास के दो पत्र आए थे। उसने लिखा था कि जब तक तुम लौट नहीं आते, डेरा बदलने की कोई आवश्यकता नहीं है। वह स्वयं जाकर देख आया है। तिवारी अच्छी तरह रह रहे हैं।
स्टेशन पर एक लड़के को रेल के कर्मचारियों ने ट्रेन से उतार दिया था। उसके बदन पर मैले, फटे-पुराने हैट-कोट थे। साथ में एक टूटा ट्रंक था। टिकट खरीदने के पैसे से उसने शराब पी ली थी। उसका बस इतना ही अपराध था। लड़के को पुलिस ले जा रही है। यह देखकर अपूर्व ने उसका किराया चुका दिया तथा और चार-पांच रुपए उसे देकर वहां से हटा रहा था कि सहसा उसने हाथ जोड़कर कहा, ''महाराज, मेरा यह ट्रंक लेते जाइए। इसे बेचकर जो दाम मिले उसमें से अपना रुपया काट लीजिएगा और बाकी रुपया मुझे लौटा दीजिएगा।'' उसके कंठ स्वर से यह स्पष्ट हो गया कि उसने यह बात पूरे होश-हवास में कही है।
अपूर्व ने पूछा, ''कहां लौटाऊं?''
लड़के ने कहा, ''अपना पता दे दीजिए। मैं आपको चिट्ठी लिख दूंगा।''
अपूर्व बोला, ''अपना ट्रंक अपने पास रहने दो। मैं इसे नहीं बेच सकूंगा। मेरा नाम अपूर्व हालदार है। रंगून की वोथा कम्पनी में नौकर हूं। कभी भेज सको तो रुपया भेज देना।''
उसने कहा, ''अच्छा नमस्कार। मैं अवश्य भेज दूंगा। यह दया मैं जीवन भर नहीं भूलूंगा,'' यह कहकर एक बार फिर नमस्कार करके ट्रंक बगल में दबाकर वह चला गया। 
इस बार अपूर्व ने ध्यान से उसके चेहरे को देखा। आयु अधिक नहीं है लेकिन कितनी है ठीक-ठीक बताना कठिन है। सम्भव है, नशे के कारण दस वर्ष का अंतर पड़ गया हो। शरीर का रंग गोरा है। लेकिन धूप में जलकर तांबे के रंग जैसा हो गया है। सिर के रूखे-सूखे बाल माथे के नीचे तक झूल रहे हैं। आंखों की दृष्टि उछलती-सी है। नाक खंजर की तरह सीधी है। शरीर दुबला है। हाथ की अंगुलियां लम्बी और पतली हैं तथा समूचे बदन पर उपवास और अत्याचार के चिद्द अंकित हैं।
टिकट खरीदकर अपूर्व ट्रेन में जा बैठा और दूसरे दिन ग्यारह बजे रंगून पहुंच गया। जब तांगा डेरे पर पहुंचा तो देखा, तिवारी को जैसे कोई उत्कंठा ही नहीं। बरामदे का दरवाजा तक नहीं खुला। गाड़ी की आवाज सुनकर भी नीचे नहीं आया। 
उसने दरवाजे पर पहुंचकर पुकारा-''तिवारी-! ऐ तिवारी!''
थोड़ी देर बाद धीरे से, बड़ी सतर्कता से दरवाजा खुला। क्रोध से पागल अपूर्व कमरे में घूसते ही अवाक और हतबुध्दि हो गया। सामने भारती खड़ी थी। यह कैसी मूर्ति है उसकी? पैर में जूते नहीं हैं, काले रंग की साड़ी पहने है, बाल सूखे-सूखे बिखरे हैं। शांत चेहरे पर विषाद की आभा है। उस पर कभी क्रोध भी कर सकेगा, यह विचार अपूर्व मन में ला ही नहीं सका। भारती बोली, ''आ गए? अब तिवारी बच जाएगा।''
अपूर्व ने कहा, ''उसे क्या हुआ?''
भारती ने कहा, ''इधर बहुत से लोगों को चेचक की बीमारी हुई है। उसे भी हो गई। आप ऊपर चलिए, स्नान करके थोड़ी देर आराम करने के बाद नीचे आइएगा। तिवारी अभी सो रहा है, जागने पर बता दूंगी।''
अपूर्व आश्चर्य से बोला, ''ऊपर के कमरे में?''
भारती बोली, ''हां, अभी कमरा हमारे अधिकार में है। मैं चली गई। खूब साफ है। आपको कोई कष्ट नहीं होगा। चलिए।''
कमरे में फर्श पर संवारकर अपने हाथों से बिस्तर बिछाकर बोली, ''अब आप स्नान कर लीजिए।''
अपूर्व ने कहा, ''पहले सारी बातें मुझे बताइए।''
भारती बोली, ''स्नान करके संध्या-पूजा कर लें, तब।''
अपूर्व ने जिद नहीं की। कुछ देर बाद जब वह स्नान आदि समाप्त करके आया तो भारती ने हंसकर कहा, ''अपना यह गिलास लीजिए। खिड़की पर कागज में लिपटी चीनी रखी है। उसे लेकर मेरे साथ नल के पास आइए। किस तरह शर्बत बनाया जाता है, मैं सिखा देती हूं।''
अधिक कहने की आवश्यकता नहीं थी। प्यास से छाती फटी जा रही थी। शर्बत बनाकर उसने पी लिया। 
भारती बोली, ''अभी आपको एक कष्ट और दूंगी।''
अपूर्व बोला, ''कैसा कष्ट?''
भारती बोली, ''नीचे से मैंने कोयला लाकर रख दिया है। उड़िया लड़के को बुलाकर आपके चूल्हे को मंजवा दिया है। चावल है, दाल है, परवल, घी, तेल, नमक सब है। पीतल की बटलोई ला देती हूं। थोड़ा-सा पानी लेकर धो लें और चढ़ा दें। कठिन काम नहीं हैं, मैं सब बता दूंगी। आप केवल चढ़ाएंगे और उतारेंगे। आज यह कष्ट उठा लीजिए, कल दूसरी व्यवथा हो जाएगी।''
अपूर्व ने पल भर मौन रहकर पूछा, ''लेकिन आपके भोजन की व्यवस्था क्या होती है? कब अपने डेरे पर जाती हैं?
भारती ने कहा, ''डेरे पर भले ही न जाऊं, लेकिन हम लोगों को भोजन के लिए चिंता नहीं करनी पड़ेगी।''
अपूर्व ने घंटे भर में रसोई तैयार की। भारती कमरे की चौखट के बाहर खड़ी होकर बोली, ''यहां खड़े रहने से तो कोई दोष नहीं होता आपके खाने में?''
अपूर्व बोला, ''होता तो आप खड़ी न रहतीं।''
जीवन में पहली बार अपूर्व ने रसोई बनाई है। हजारों कमियां देखकर बीच-बीच में भारती का धीरज टूटने लगा। लेकिन जब कटोरे में डालते समय दाल इधर-उधर बिखर गई तब वह सहन न कर पाई। क्रोध से बोली, ''आप जैसे निकम्मे आदमियों को भगवान न जाने क्यों जन्म देते हैं? केवल हम लोगों को परेशान करने के लिए?''
खाने के बाद अपूर्व ने कहा, 'अच्छा, क्या मामला है, अब मुझे साफ-साफ बताइए। इधर और भी दस आदमियों को चेचक की बीमारी हुई है। तिवारी को हुई है। यहां तक तो समझ गया, पर जब इस मकान को छोड़कर आप सभी लोग चले गए तो इस बंधुहीन देश में और इससे भी अधिक बंधुहीन नगर में आप उसके लिए प्राण देने के लिए कैसे ठहर गईं? क्या जोसेफ ने कोई आपत्ति नहीं की?''
भारती बोली, 'बाबू जी तो अस्पताल में ही मर गए थे।''
''मर गए?'' अपूर्व सन्नाटे में बैठा रह गया, ''आपके काले कपड़े देखकर इसी प्रकार की किसी भयंकर दुर्घटना का मुझे अनुमान कर लेना चाहिए था।''
भारती बोली, ''इससे भी बड़ी दुर्घटना यह हुई कि मां अचानक स्वर्ग सिधार गईं....''
''मां भी मर गईं?'' अपूर्व स्तब्ध रह गया। अपनी मां की बात याद करके उसकी छाती में न जाने कैसी कंपकंपी होने लगी। भारती ने किसी तरह आंसू रोके। मुंह फेरने पर उसने देखा कि अपूर्व सजल आंखों से उसकी ओर देख रहा है। दो-तीन मिनट बीतने पर उसने धीरे से कहा, ''तिवारी बहुत ही अच्छा आदमी है। मेरी मां बहुत दिनों से बीमार थी। हम सभी जानते थे कि किसी भी क्षण उनकी मृत्यु हो सकती है। तिवारी ने हम लोगों की बहुत सेवा की। मेरे यहां से जाते समय बहुत रोया। लेकिन मैं इतना भाड़ा कैसे दे सकती थी?''
अपूर्व चुपचाप सुनता रहा।
भारती ने कहा, ''आपकी वह चोरी पकड़ी गई है। रुपया और बटन पुलिस में जमा हैं। आपको पता है?''
''कहां? नहीं तो।''
''तिवारी को उस दिन जो लोग तमाशा दिखाने ले गए थे, उन्हीं के दल का काम था। और भी न जाने कितने घरों में चोरी करने के बाद शायद चोरी का माल बांटने में झगड़ा हो जाने के कारण उनमें से एक ने सारी बातें खोलकर बता दीं। पुलिस के गवाहों में एक मैं भी हूं। यह पता लगाकर वह लोग एक दिन मेरे पास आए थे। तभी मैंने यहां आकर यह कांड देखा। मुकदमे की तारीख कब है, यह तो मैं ठीक से नहीं जानती। लेकिन सब कुछ वापस मिल जाएगा। यह सुन चुकी हूं।''
यह अंतिम बात अगर वह न भी कहती तो अच्छा होता। क्योंकि लज्जा के मारे अपूर्व का मुंह केवल लाल ही नहीं हो उठा, इस मामले में अपने उन प्रकट और अप्रकट इशारों की याद करके उसके शरीर में कांटे से चुभ उठे। 
भारती फिर कहने लगी, ''दरवाजा बंद था। हजारों बार पुकारने और चिल्लाने पर भी किसी ने उत्तर नहीं दिया। ऊपर की मंजिल की चाबी मेरे पास थी। दरवाजा खोलकर अंदर गई। मेरे फर्श में एक छेद हो गया है, ''यह कहकर उसने लज्जा से हंसी को छिपाकर कहा, ''उस छेद से आपके कमरे का सब कुछ दिखाई देता है। देखा, सभी दरवाजे बंद हैं। अंधेरे में कोई आदमी सिर से पैर तक कपड़ा ओढ़े सोया पड़ा है। तिवारी जैसा दिखाई दिया। उसी छेद पर मुंह रखकर चिल्ला-चिल्लाकर पुकारा, तिवारी मैं भारती हूं। तुमको क्या हुआ? दरवाजा खोल दो- फिर नीचे आकर इसी तरह चीख-पुकार मचाने लगी। बीस मिनट के बाद तिवारी किसी तरह घिसटकर आया और दरवाजा खोल दिया। उसका चेहरा देखकर फिर कुछ पूछने की आवश्यकता ही नहीं रही। इसके तीन-चार दिन पहले, सामने वाले मकान के कमरे से पुलिस वाले चेचक से बीमार दो तेलुगु कुलियों को पकड़कर अस्पताल ले गए थे। उनका रोना-पीटना, गिड़गिड़ाना तिवारी ने अपनी आंखों से देखा था। मेरे दोनों पांव पकड़कर भों-भों करके रोते हुए बोला, ''माई जी मुझे प्लेग अस्पताल में मत भेजना। भेजने से फिर मेरे प्राण नहीं बचेंगे।'' यह बात बिल्कुल झूठी भी नहीं है। वहां से किसी के जिंदा लौटकर आने की बात बहुत ही कम सुनाई देती है, इसी डर से वह रात-दिन दरवाजे-खिड़कियां बंद करके पड़ा रहता है। मुहल्ले में किसी भी आदमी को अगर पता चल गया तो फिर रक्षा नहीं है।''
अपूर्व बोला, ''और आप तभी से आप दिन-रात अकेली यहां रह रही हैं। इसकी सूचना क्यों नहीं भेजी? हमारे ऑफिस के तलवलकर बाबू को तो आप जानती हैं। उन्हें क्यों नहीं बुला लिया।''
भारती ने कहा, ''कौन जाता? आदमी कहां है? सोचा था, शायद हालचाल पूछने आएंगे लेकिन वह नहीं आए। और इसके अलावा बात फैल जाने की भी आशंका थी।''
''यह तो जरूर है,'' कहकर अपूर्व ने एक लम्बी सांस लेकर चुप रह गया। बहुत देर बाद बोला, ''आपका चेहरा कैसा हो गया?''
भारती हंसकर बोली, ''यानी पहले इससे सुंदर था?''
अपूर्व इस बात का कोई उत्तर नहीं दे सका। उसकी दोनों आंखों की मुग्ध दृष्टि श्रध्दा और कृतज्ञता से उस तरुणी पर टिक गई। बोला, ''मनुष्य जो काम नहीं करता, उसे आपने किया है। लेकिन अब आपकी छुट्टी है। तिवारी मेरा केवल नौकर ही नहीं है, मेरा मित्र भी है। उसकी गोद और पीठ पर चढ़-चढ़कर ही मैं बड़ा हुआ हूं। अब भोजन के लिए घर जाइए। क्या घर यहां से बहुत दूर है?'
भारती बोली, ''हम लोग तेल के कारखाने के पास, नदी के किनारे रहते हैं। मैं कल फिर आऊंगी।''
दोनों उतरकर नीचे आ गए। ताला खोलकर दोनों कमरे में घुसे। तिवारी जाग जाने पर भी बेसुध-सा पड़ा था। अपूर्व उसके बिस्तर के पास आकर बैठ गया और जो बर्तन आदि बिना मांजे-धोए पड़े थे उन्हें उठाकर भारती स्नानघर में चली गई। उसकी इच्छा थी कि जाने से पहले रोगी के संबंध में दो-चार जरूरी बातें बताकर इस भयानक रोग से अपने को सुरक्षित रखने की आवश्यकता की बात याद दिलाकर जाए। हाथ का काम समाप्त करके इन्हीं बातों को दोहराती हुई कमरे में लौटी तो उसने देखा कि चेतना शून्य तिवारी के विकृत मुंह की ओर टकटकी लगाए देखता हुआ अपूर्व पत्थर की मूर्ति की तरह बैठा है। उसका चेहरा एकदम सफेद हो गया है। चेचक की बीमारी उसने अपने जीवन में कभी देखी नहीं थी। भारती जब निकट आ गई तो उसकी दोनों आंखें छलछला उठीं। बच्चों की तरह व्याकुल स्वर में बोल उठा, ''मैं कुछ न कर सकूंगा भारती।''
''तब तो खबर देकर इसे अस्पताल भेज देना पड़ेगा।'' भारती के शब्दों में न श्लेष था, न व्यंग्य। लेकिन लज्जा से अपूर्व का सिर झुक गया। 
भारती बोली, ''दिन रहते ही कुछ कर देना ठीक रहेगा। आप कहें तो घर जाते समय कहीं से अस्पताल को टेलीफोन करती जाऊं। वह लोग गाड़ी लेकर आएंगे और इसे यहां से उठा ले जाएंगे।''
अपूर्व बोला, ''लेकिन आपने ही तो कहा है कि वहां जाने पर कोई भी नहीं बचता।'
''कोई भी नहीं बचता-यह मैंने कब कहा?''
''आपने कहा था, अधिकांश रोगी मर जाते हैं।''
''मर जाते हैं। इसीलिए होश रहते वहां कोई नहीं जाना चाहता।''
अपूर्व ने पूछा, ''क्या तिवारी को बिल्कुल होश नहीं है।''
भारती बोली, ''कुछ तो जरूर है।''
तभी तिवारी के कराह उठने पर अपूर्व चौंक पड़ा। भारती ने पास आकर स्नेह भरे स्वर में पूछा, ''क्या चाहिए तिवारी?''
तिवारी ने कुछ कहा पर अपूर्व उसे समझ नहीं सका। लेकिन भारती ने सावधानी से उसकी करवट बदलवाकर लोटे से थोड़ा जल उसके मुंह में डालकर कहा, ''तुम्हारे बाबू जी आ गए हैं तिवारी।''
प्रत्युत्तर में तिवारी ने न जाने क्या कहा और फिर उसकी मुंदी आंखों के कोने से आंसू लुढ़ककर बहने लगे। कुछ देर किसी ने कुछ नहीं कहा। समूचा कमरा जैसे दु:ख और शोक से बोझिल हो गया। कुछ देर बाद भारती ने कहा, ''अब इसे आप अस्पताल ही भेज दीजिए।''
अपूर्व सिर हिलाकर बोला, ''नहीं।''
''अच्छा, अब मैं जा रही हूं। हो सका तो कल आऊंगी।''
जाने से पहले भारती बोली, ''सब कुछ है, केवल मोमबत्ती खत्म हो गई है। मैं नीचे से एक बंडल खरीदकर दे जाती हूं।'' यह कहकर बाहर चली गई। कुछ देर बाद जब वह मोमबत्ती लेकर आई, तो अपूर्व अपने को संभाल चुका था। मोमबत्ती का बंडल देकर भारती ने कुछ कहना चाहा। लेकिन अपूर्व के मुंह फेर लेने पर उसने भी कुछ नहीं कहा। पर भारती ने जाने के लिए ज्यों ही दरवाजा खोला, अपूर्व एकदम बोल उठा, 'अगर तिवारी पानी चाहे?'' भारती ने कहा, ''पानी दे दीजिएगा।''
''और अगर करवट बदलकर सोना चाहे?''
''करवट बदलकर सुला दीजिएगा।''
''और मैं कहां सोऊंगा? उसके कंठ स्वर का क्रोध छिपा नहीं रहा, बोला, ''बिछौना तो ऊपर के कमरे में पड़ा है।''
पल भर मौन रहकर वह बोली, ''वह बिछौना जो आपकी चारपाई पर है आप उस पर सो सकते हैं।''
''और मेरे भोजन का क्या होगा?''
भारती चुप रही। लेकिन इस असंगत प्रश्न से छिपी हंसी के आवेग से उसकी आंखों की दोनों पलकें जैसे कांपने लगीं। कुछ देर बाद बहुत ही गम्भीर स्वर में बोली, ''आपके सोने और खाने-पीने का भार क्या मेरे ऊपर है?''
''मैं क्या कह रहा हूं?''
''इस समय तो आपने यही कहा है और वह भी गुस्से से।''
अपूर्व इसका उत्तर न दे सका। उसके उदास चेहरे को देखते हुए भारती ने कहा, ''आपको इस तरह कहना चाहिए था-कृपा करके आप इन सबकी व्यवस्था कर दीजिए।''
अपूर्व बोला, ''यह कहने में कोई कठिनाई तो है नहीं।''
''अच्छी बात है, यही कहिए न।''
''यही तो कह रहा हूं,'' कहकर अपूर्व मुंह फुलाकर दूसरी ओर देखने लगा। 
''आपने क्या कभी किसी रोगी की सेवा नहीं की?''
''नहीं।''
''विदेश में भी कभी नहीं आए?''
''नहीं, मां मुझे कभी कहीं जाने नहीं देती थीं।''
''तब उन्होंने इस बार कैसे भेज दिया?''
अपूर्व चुप रहा। मां उसे क्यों विदेश जाने पर सहमत हुई थीं यह बात किसी को बताने की इच्छा नहीं थी। 
भारती बोली, ''इतनी बड़ी नौकरी, आपको न भेजने से कैसे काम चलता। लेकिन वह साथ क्यों नहीं आईं?''
अपूर्व क्षुब्ध होकर बोला, 'मेरी मां को आपने देखा नहीं है, नहीं तो ऐसा न कहतीं। मुझे छोड़ने में उनकी आत्मा को अत्यंत दु:ख हुआ है। दूसरा कारण वह तो विधवा हैं। इस म्लेच्छ देश में कैसे आ सकती थीं?''
''म्लेच्छों पर आप लोगों के मन में इतनी घृणा है? लेकिन रोग तो केवल गरीबों के लिए नहीं बना है, आपको भी तो हो सकता था। तो क्या ऐसी दशा में मां न आतीं?''
अपूर्व का मुंह फीका पड़ गया। बोला, ''अगर इस तरह डराओगी तो मैं रात में अकेला कैसे रहूंगा।''
''न डराने पर भी आप अकेले नहीं रह सकेंगे। आप डरपोक आदमी हैं।'
अपूर्व चुपचाप बैठा सुनता रहा।
भारती बोली, ''अच्छा बताइए, मेरे हाथ का पानी पीकर तिवारी की जाति नष्ट हो गई। रोग अच्छा हो जाने पर यह क्या करेगा?''
अपूर्व कुछ सोचकर बोला, ''उसने सचेत अवस्था में ऐसा नहीं किया। मरणासन्न बीमारी की दशा में किया है। न पीता तो शायद मर जाता। ऐसी परिस्थिति में भी प्रायश्चित तो करना ही पड़ता है।''
भारती बोली, ''हूं। इसका खर्च शायद आपको ही देना पड़ेगा, नहीं तो आप उसके हाथ का भोजन कैसे करेंगे?''
अपूर्व बोला, ''मैं ही दूंगा। भगवान करे वह अच्छा हो जाए।''
भारती बोली, ''और मैं ही सेवा करके, उसे अच्छा कर दूं?''
अपूर्व कृतज्ञता से गद्गद होकर बोला, ''आपकी बड़ी दया होगी। तिवारी बच जाए। आपने ही तो उसे जीवन दान दिया है।''
 
﻿
भारती हंस पड़ी। बोली, ''यदि म्लेच्छ जीवनदान दे तो उसमें कोई दोष नहीं, लेकिन मुंह में जल देते ही प्रायश्चित्त होना चाहिए।'' फिर जरा हंसकर बोली, ''अच्छा, मैं जा रही हूं। अगर कल समय मिला तो एक बार देखने आऊंगी।'' यह कहकर जाते-जाते अचानक घूमकर बोली, ''और न आ सकूं तो तिवारी के अच्छा हो जाने पर उससे कह दीजिएगा कि अगर आप न आ जाते तो मैं न जाती। लेकिन म्लेच्छ का भी तो एक समाज है। आपके साथ एक ही कमरे में रात बिताने में वह लोग भी अच्छा नहीं मानते। कल सवेरे आपका चपरासी आएगा तो तलवलकर बाबू को खबर दे दीजिएगा। सब व्यवस्था करेंगे। अच्छा नमस्कार।'' 
अपूर्व ने कहा, ''करवट बदलवाने की जरूरत पड़ी तो कैसे बदलूंगा?''
''सावधन होकर बदलिएगा। मैं स्त्री होकर अगर कर सकती हूं तो आप क्यों नही कर सकते?''
अपूर्व चुप ही रहा। जाने के लिए भारती ने ज्यों ही दरवाजा खोला, अपूर्व ने भय से आकुल होकर कहा, ''और अगर यह बैठ जाए?.... अगर रोने लगे?''
इन प्रश्नों का उत्तर न देकर भारती दरवाजा बंद करके चली गई। जब तक उसके कदमों की आवाज सुनाई देती रही, अपूर्व शांत बैठा रहा। लेकिन खामोशी होते ही स्वयं को न संभाल सका। भय से दौड़ता हुआ बाहर आया। देखा, भारती तेजी से चली जा रही है। मिस भारती न कहकर उसने ऊंची आवाज में पुकारा, ''भारती?''
भारती मुड़कर देखते ही अपूर्व दोनों हाथ जोड़कर बोला, ''जरा इधर आइए।''
भारती लौट पड़ी। अंदर जाकर देखा, वहां अपूर्व नहीं है। तिवारी अकेला पड़ा है, वह बरामदे में भी नहीं था। कहीं दिखाई नहीं दे रहा था। चारों ओर नजरें दौड़ाकर देखा, स्नानघर का दरवाजा खुला है, दरवाजे के अंदर गर्दन बढ़ाकर देखा तो उसके भय की सीमा नहीं रही। अपूर्व फर्श पर पड़ा था। दोपहर को जो कुछ खाया था, उलट दिया था। आंखें बंद हैं और शरीर पसीना-पसीना हो रहा है। पास जाकर बोली, ''अपूर्व बाबू!''
अपूर्व ने आंखें खोलकर देखा लेकिन फिर तत्काल आंखें मूंद लीं। एक पल दुविधा के बाद भारती उसके पास आ बैठी और माथे पर हाथ रखकर बोली, ''उठकर बैठना होगा। सिर पर और मुंह में जल न देने पर तबीयत ठीक नहीं होगी। अपूर्व बाबू!''
अपूर्व उठ बैठा। भारती हाथ पकडकर उसे नल के पास ले गई, और नल खोल दिया। उसने हाथ-मुंह धो डाले। भारती उसे धीरे-धीरे कमरे में ले आई और चारपाई पर लिटाकर आंचल से उसके हाथों और पैरों का पानी पोंछ डाला। फिर पंखे से हवा करती हुई बोली, ''जरा सोने की कोशिश करो। आपके स्वस्थ न होने तक मैं यहीं रहूंगी।''
अपूर्व लज्जित होकर बोला, ''लेकिन आपका खाना?''
भारती बोली, ''आपने खाने का अवसर ही कहां दिया।''
पलभर चुप रहकर अपूर्व ने पूछा, ''अच्छा आपको मिस भारती कहकर न पुकारने पर आप क्या नाराज होंगी?''
''जरूर, लेकिन केवल भारती कहकर पुकारने पर नहीं होऊंगी।''
''लेकिन और लोगों के सामने?'
''भारती हंसकर बोली, ''और लोगों के सामने भी। लेकिन अब चुप होकर जरा सो जाइए। मुझे काफी काम करने हैं।''
अपूर्व बोला, ''सोते हुए डर लगता है। पीछे कहीं तुम चली न जाओ।''
''अगर जागते रहने पर भी चली जाऊं तो आप क्या कर लेंगे?''
अपूर्व चुप रह गया।
भारती बोली, 'हमारे म्लेच्छ समाज में क्या नेकनामी और बदनामी से बचकर नहीं चलना पड़ता?''
अपूर्व की बुध्दि ठिकाने नहीं थी। प्रत्युत्तर में उसने एक विचित्र प्रश्न कर डाला। बोला, ''मेरी मां यहां नहीं है। मेरे बीमार पड़ जाने पर आप क्या करेंगी? तब तो आपको ही रहना होगा।''
''मुझे रहना होगा? आपके मित्र तलवलकर बाबू को खबर देने से काम नहीं चलेगा?''
अपूर्व गर्दन हिलाकर बोला, ''नहीं। यह नहीं हो सकता। या तो मां या फिर आप। आप दोनों में से एक को न देख पाने पर मैं नहीं बचूंगा। कल अगर मुझे चेचक निकल जाए तो आप यह बात भूल मत जाना।''
उसके अनुरोध के अंतिम शब्द किस तरह सुनाई दिए कि भारती जैसे स्वयं को ही भूल गई। बिछौने के एक छोर पर बैठकर अपूर्व के शरीर पर एक हाथ रखकर रुंधे गले से बोली, ''नहीं....नहीं भूलूंगी....कभी नहीं भूलूंगी...इस बात को क्या कभी भूल सकती हूं।'' लेकिन इन शब्दों के मुंह से निकलते ही अपनी भूल समझकर एकदम उठ खड़ी हुई। जोर लगाकर जरा हंसकर बोली, ''लेकिन अच्छा हो जाने पर भी तो कम विपत्ति नहीं आएगी अपूर्व बाबू! धूमधाम से प्रायश्चित्त करना पड़ेगा। अच्छा अब सो जाइए। मुझे बहुत काम करने हैं।''
''कौन से काम? -खाना खाना है?''
भारती बोली, ''खाना तो दूर, अभी तक स्नान भी नहीं किया।''
''लेकिन सांझ के समय स्नान करने से बीमार न पड़ जाओगी?''
भारती बोली, ''असम्भव नहीं है। लेकिन स्नानघर में आपने जो गंदगी फैला दी है, उसे साफ करने पर स्नान किए बिना क्या रहा जा सकता है?''
अपूर्व लज्जित होकर बोला, ''वह सब मैं साफ कर दूंगा। आप मत कीजिए,'' कहकर वह उठने लगा।
भारती रूठकर बोली, ''अब बहादुरी दिखाने की जरूरत नहीं है। थोड़ा सोने की कोशिश करो। लेकिन ऐसे कोमल आदमी को मां ने विदेश कैसे भेज दिया, यही सोच रही हूं। उठिए मत, वह नहीं हैं।'' बनावटी क्रोध और शासन के स्वर में आज्ञा देकर वह चली गई।
निर्जीव की तरह अपूर्व कब सो गया, वह जान भी न सका। 
उसकी नींद टूटी, भारती के पहुंचने पर। आंखें मलकर उठने पर देखा, रात के बारह बज गए हैं। भारती सामने खड़ी है। अपूर्व की पहली नजर पड़ी उसके बालों की लम्बाई पर। सुगंधित साबुन की गंध से कमरे की हवा हठात् पुलकित हो उठी थी। काली पाड़ की साड़ी पहने है। बदन पर अंगिया न होने के कारण वहां का अधिकतर भाग दिखाई दे रहा है। भारती की यह मानो कोई नूतन मूर्ति है जिसे अपूर्व ने इससे पहले कभी नहीं देखा था। मुंह से एकाएक निकला, ''इतने भीगे बाल, सूखेंगे कैसे?''
''कैसे सूखेंगे, आप इनकी चिंता मत कीजिए। मेरे साथ आइए।''
''तिवारी कैसा है?''
''ठीक है। कम-से-कम आज की रात तो आपको सोचना न पड़ेगा!''
उसके साथ-साथ दूसरे कमरे में आकर देखा-एक छोटी-सी टोकरी में कुछ फल-फूल, एक थाली, एक गिलास रखा है। भारती ने दिखाकर कहा, ''इससे अधिक और कुछ नहीं किया जा सकता था। पानी से सब धो डालिए। थाली-गिलास सब। गिलास में जल लेकर उस कमरे में जाइए। मैंने आसन लगा दिया है।''
अपूर्व ने पूछा, ''आप यह सब कब ले आईं?''
भारती बोली, ''आप सो रहे थे। पास ही फलों की एक दुकान है। दूर नहीं जाना पड़ा। टोकरी तो आप लोगों की ही है।'' फिर जाते-जाते सावधन करती गई, ''चाकू धोते समय कहीं हाथ मत काट लेना।''
कुछ देर बाद अपूर्व आसन पर बैठा फल काट रहा था और पास ही बैठी भारती हंस रही थी। अपूर्व ने कहा, ''आप हंसिए, कोई हर्ज नहीं, लेकिन आपने मेरे भोजन के लिए जो व्यवस्था की है उसके लिए सहस्रों धन्यवाद! मां के अतिरिक्त और कोई ऐसा नहीं करता।''
उसकी बात को अनसुनी करके भारती ने कहा, ''हंसती हूं क्या अपनी इच्छा से? अपूर्व बाबू! तिवारी के स्वस्थ हो जाने पर मैं अवश्य ही मां को चिट्ठी लिखूंगी कि या तो वह आ जाएं या फिर अपने लड़के को वापस बुला लें। ऐसे मनुष्य को बाहर नहीं छोड़ना चाहिए।''
अपूर्व बोला, ''मां अपने लड़के को अच्छी तरह जानती है। लेकिन देखिए, अगर यहां मेरे बजाय मेरे भाइयों में से कोई होता तो आपकी इतनी बातें न चलतीं। वह लोग आपसे ही सारे काम करा लेते।''
भारती समझी नहीं।
अपूर्व बोला, ''भाई लोग सब कुछ खाते-पीते हैं। मुर्गी और डिनर बिना उनका पेट नहीं भरता।''
भारती आश्चर्य से बोली, ''यह क्या कह रहे हैं आप?''
अपूर्व बोला, ''सच कह रहा हूं। पिताजी भी तो आधे ईसाई थे। मां को उस हालत में क्या कम कष्ट भोगने पड़े थे।''
भारती उत्सुक होकर बोली, ''क्या यह सच है? लगता है, मां जी भयानक हिंदू हैं।''
अपूर्व बोला, ''भयानक क्यों? हिंदू घर की लड़की को जैसा होना चाहिए वैसी ही हैं।'' मां की बात कहते-कहते उसका स्वर करुण और स्निग्ध हो उठा। बोला, ''घर में दो बहुएं हैं, फिर भी मां को अपनी रसोई आप ही बनानी पड़ती है। लेकिन मां का स्वभाव ही ऐसा है। कभी किसी पर दबाव नहीं डालतीं। किसी से कोई शिकायत नहीं करतीं। कहती हैं-मैं भी तो अपने आचार-विचार त्याग कर अपने पति के मत को स्वीकार नहीं कर सकी। अगर यह लोग मेरे मत से सहमत न हो सकें तो शिकायत करना ठीक नहीं? मेरी बुध्दि और मेरे संस्कार मानकर बहुओं को चलना पड़ेगा, इसका कोई अर्थ भी है?''
भारती ने भक्ति और श्रध्दा से अवनत होकर कहा?, ''मां पुराने जमाने की महिला हैं। लेकिन उनमें धीरज बहुत है।''
अपूर्व ने उत्साहित होकर कहा, ''धीरज? मां के धीरज की क्या कोई सीमा है? आपने उनको देखा नहीं है। देखने पर एकदम ही आश्चर्यचकित रह जाएंगी।''
भारती प्रसन्न मौन मुख से टकटकी लगाए ताकती रही। अपूर्व बोला, ''यह मान लेना पड़ेगा कि समूचे जीवन में मेरी मां दु:ख ही भोगती रहीं। उनका सम्पूर्ण जीवन पति-पुत्रों के म्लेच्छाचार सहते ही बीता है। उनका एकमात्र भरोसा मैं हूं। बीमारी की हालत में केवल मेरे ही हाथ का पकाया भोजन मुंह में डालती हैं।''
भारती ने कहा, ''तब तो उनको कष्ट हो सकता है।''
अपूर्व ने कहा, ''शायद हो भी रहा हो। इसलिए तो उन्होंने मुझे पहले छोड़ना नहीं चाहा पर मैं हमेशा तो घर में बैठा नहीं रह सकता। उन्हें एकमात्र आशा है कि मेरी पत्नी रसोई बनाकर उन्हें खिलाया करेगी।''
भारती हंसकर बोली, ''उनकी इस आशा को आप पूरा करके क्यों नहीं आए?''
अपूर्व बोला, ''लड़की पसंद करके जब मां ने सब ठीक-ठाक कर लिया, तभी मुझे झटपट यहां चला आना पड़ा। मैं कह आया हूं कि मां जब चिट्ठी लिखेगी तो आकर आज्ञा का पालन करूंगा।''
भारती बोली, ''यही ठीक है।''
अपूर्व बोला, ''मैं चाहता हूं कि वह मां को कभी दु:ख न दे। मुझे क्या जरूरत है गान-वाद्य जानने वाली कॉलेज में पढ़ी हुई विदुषी लड़की की।''
भारती बोली, ''हां जरूरत ही क्या है?''
अपूर्व स्वयं भी किसी दिन इसका विरोधी था। भाभी का पक्ष लेकर झगड़ा करके क्रुध्द होकर मां से कहा था, ''किसी ब्राह्मण-पंडित के घर से जैसे बने एक लड़की पकड़ लाकर झमेला खत्म कर दो-'इस बात को आज बिल्कुल ही भूल गया। बोला, ''आप जो बात समझती हैं मेरे भाई और भाभियां उस बात को समझना नहीं चाहतीं। अपना धर्म मानकर चलना चाहिए। पूरा घर आदमियों से भरा होने पर भी मेरी मां अकेली है। इससे बढ़कर दुर्भाग्य और क्या हो सकता है उनका? इसीलिए मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि मेरे किसी आचरण से मां को दु:ख न हो।''
कहते-कहते उसका गला भारी हो गया और आंखों में आंसू छलछला उठे। 
तभी तिवारी कुछ बड़बड़ा उठा, भारती उठकर चली गई। आज अपूर्व का तन-मन भय और चिंता से अत्यंत विकल हो उठा था। मां को अपने पास देखने की अंधी आकुलता से उसके भीतर-ही-भीतर कुहरा घूमड़ने लगा था। यह बात अन्तर्यामी से छिपी नहीं रही। लेकिन भारती का हृदय अपमान की वेदना से तड़प उठा। 
थोड़ी देर बाद लौटकर उसने देखा-अपूर्व किसी तरह फल काटने का काम समाप्त करके चुपचाप बैठा है। बोली, ''बैठे हैं? खाया नहीं?''
''नहीं आपके लिए बैठा हूं।''
''क्यों?''
''आप नहीं खाएंगी?''
''नहीं। इच्छा होगी तो मेरे लिए अलग रखे हैं।''
अपूर्व ने फलों का थाल हाथ से कुछ आगे ठेलकर कहा, ''क्या ऐसा कभी हो सकता है? आपने सारे दिन नहीं खाया, और....''
उसकी बात पूरी नहीं हुई थी कि अत्यंत सूखे दबे स्वर में उत्तर मिला, ''आह! आप तो बहुत परेशान करते हैं, भूखे हैं तो खाइए। नहीं तो खिड़की से बाहर फेंक दीजिए।'' यह कहकर वह कमरे से चली गई।
उसके चेहरे को अपूर्व ने देख लिया। उस चेहरे को वह फिर कभी नहीं भूल सका। आने के दिन से लेकर अब तक अनेक बार भेंट हुई थी। झगड़े में, मेल-जोल में, शत्रुता में, मित्रता में, सम्पत्ति और विपत्ति में-कितनी ही बार तो इस लड़की को देखा है। लेकिन उस दिन के देखने और आज के देखने में कोई समता नहीं है।
भारती चली गई। फलों का थाल उसी तरह पड़ा रहा। अपूर्व उसी तरह काठ की तरह अवाक् और निस्पंद बैठा रहा। 
एकाध घंटे के बाद उसने कमरे में जाकर देखा, तिवारी के सिरहाने के पास चटाई बिछाए भारती अपनी बांह पर सिर टिकाए सो रही है।
वह जैसे आया था उसी तरह लौट गया और जाकर सो गया। 
नींद जब टूटी तो सवेरा हो चुका था। 
भारती ने आकर कहा, ''मैं अब जा रही हूं।''
अपूर्व हड़बड़ाकर उठ बैठा। लेकिन अभी वह अच्छी तरह होश में भी न आया था कि वह कमरे से निकलकर भाग पड़ी। 

तिवारी रोग मुक्त हो चुका है लेकिन अभी कमजोरी बाकी है। जो आदमी अपूर्व के साथ मामो गया था, वही रसोई बना रहा है। तिवारी को बचाने के लिए अपूर्व के ऑफिस के अधिकारियों ने अथक परिश्रम किया था। रामदास तो कई दिन घर भी नहीं जा सका था। शहर के एक बड़े डॉक्टर से इलाज कराया गया था। बर्मा देश तिवारी को कभी अच्छा नहीं लगा। अपूर्व ने उसे छुट्टी दे दी है। निश्चय हुआ कि कुछ और स्वस्थ हो जाने पर वह घर चला जाएगा। अगले सप्ताह में शायद यह सम्भव होगा। 
उस दिन की गई भारती फिर नहीं आई। तिवारी कभी सोचता-भारती बहुत चालाक लड़की है। अपूर्व के आने का समाचार पाकर भाग गई। कभी सोचता-अपूर्व ने यहां आने के बाद शायद उसका अपमान किया हो। अपूर्व स्वयं कुछ न बताता। उससे पूछते हुए तिवारी डरता कि उसकी पूछताछ से बातें खुल जाएंगी। उसके हाथ का छुआ जल उसने पिया है। उसका पकाया हुआ साबू-बार्ली खाया है। शायद जाति इतने भयंकर रूप से नष्ट हो गई है कि उसका कोई प्रायश्चित्त नहीं है। तिवारी ने निश्चय कर रखा था कि कलकत्ता पहुंचकर वह अपने गांव चला जाएगा। वहां गंगा-स्नान करके, किसी ब्राह्मणों को भोजन कराके, शरीर को काम-काज चलाने योग्य शुध्द कर लेगा। इधर-उधर की बातों में यहां की बातें अपूर्व की मां के कानों तक पहुंचा देने से क्या होगा, कुछ नहीं कहा जा सकता। हालदार परिवार की नौकरी जाएगी, साथ ही समाज में बदनामी भी हो जाएगी। 
लेकिन इस स्वार्थ और भय के अतिरिक्त तिवारी के हाथ में एक बात और भी थी। वह बात जितनी मधुर थी उतनी ही वेदनापूर्ण भी थी। अपूर्व के मामो चले जाने के बाद इस लड़की के साथ उसका घनिष्ट परिचय हुआ था। जिस दिन अचानक उसकी मां की मृत्यु हुई, उस समय तक तिवारी का खाना-पीना भी नहीं हुआ था। लड़की ने रोते हुए आकर उसका दरवाजा खटखटाया। दो दिन पहले ही जोसेफ मरा था। किवाड़ खोलते ही भारती कमरे में आकर उसके दोनों हाथ पकड़कर ऐसी रोई कि क्या कहें। तिवारी का पकाया हुआ भात हांडी में ही रह गया। सारे दिन चिट्ठी लेकर न मालूम कहां-कहां दौड़ना पड़ा। दूसरे दिन जाते समय उसकी आंखों के आंसू जैसे रुकना नहीं चाहते थे। इस बीच उसने भारती को कभी दीदी, कभी बहिन भी कहकर पुकारा था। चार-पांच दिन तक स्वयं ही रसोई बनाकर खिलाई थी। फिर उसके बीमार पड़ जाने पर भारती ने उसकी कितनी सेवा की थी, यह बात वह अच्छी तरह जानता था। कभी सोचता भी न था। याद आते ही जाति नष्ट होने की बात याद आ जाती थी। सुबह स्नान करके भीगे बालों की विशाल राशि पीठ पर लटकाए प्रतिदिन उसका समाचार जानने के लिए आया करती थी। रसोई घर में नहीं जाती थी। कोई चीज नहीं छूती थी। चौखट के बाहर फर्श पर बैठकर कहती, ''आज क्या-क्या पकाया तिवारी? देखूं तो।''
''दीदी, आसन बिछा दूं?''
''नहीं, फिर चौका धोना पड़ेगा।'
''क्या आसन भी छूने से बिगड़ता है?''
भारती कहती, ''तुम्हारे बाबू तो सोचते हैं कि मेरे रहने से समूचे मकान को छूत लग गई है। अपना मकान होता तो शायद जल छिड़ककर पवित्र कर लेते। यही बात है न तिवारी?''
तिवारी हंसकर कहता, ''तुम नहीं जान सकीं। इसलिए सभी को वैसा ही समझती हो। लेकिन अगर बाबू को एक बार भी अच्छी तरह जान जातीं तो तुम भी कहतीं कि ऐसा मनुष्य संसार में दूसरा कोई नहीं है।''
भारती कहती, ''नहीं है, यह तो मैं भी कहती हूं। तभी तो जिसने चोरी होने में रुकावट डाली उसी को चोर समझ बैठे।''
इस विषय में अपना अपराध याद करके तिवारी दु:खी हो उठता। बात दबाकर कहता, ''लेकिन तुमने भी तो काम कम नहीं किया। जानबूझ कर बाबू पर बीस रुपए जुर्माना कराया।''
भारती कहती, ''लेकिन उस दंड को तो मैंने स्वयं ही झेला था तिवारी तुम्हारे बाबू को तो देने नहीं पड़े।''
''नहीं देने पड़े? मैंने अपनी आंखों से देखा कि दो नोट देकर अदालत से बाहर आए।''
''और मैंने भी तो अपनी आंखों से देखा था तिवारी कि तुमने कमरे में घुसते ही दो नोट नीचे से उठाकर अपने बाबू को दिए थे।''
तिवारी के हाथ की कलछुल हाथ-की-हाथ में रह गई, ''ओह, यह सच है दीदी।''
''लेकिन सब्जी जली जा रही है तिवारी।''
तिवारी ने कहा, ''बाबू से मैं यह बात जरूर कहूंगा दीदी।''
भारती हंसकर बोली, ''तो क्या होगा? मैं तुम्हारे बाबू से डरती थोड़े ही हूं।''
लेकिन यह आश्चर्यजनक बात छोटे बाबू से कहने का अवसर तिवारी को नहीं मिला। कब और किस तरह मिलेगा, यह भी नहीं जान सका।
एक दिन बासी हल्दी से तरकारी बना रहा था कि भारती की झिड़की सुननी पड़ी। और जिस दिन स्नान किए बिना ही उसने रसोई तैयार की, भारती ने उसके हाथ का भोजन नहीं खाया।
तिवारी गुस्से से बोला, ''तुम लोगों में इतना विचार है। देखता हूं, तुम तो माता जी को भी पार करके आगे बढ़ रही हो?''
भारती ने कोई उत्तर नहीं दिया। हंसती हुई चली गई।
बर्मा में अब वह कभी नहीं लौटेगा। जाने से पहले भारती से भेंट होने की आशा भी नहीं है। दिन-प्रतिदिन एक ही प्रतीक्षा में चुपचाप बैठे रहने से उसकी छाती में भारी कसक उठती रहती है।
उस दिन ऑफिस से लौटकर अपूर्व ने अचानक पूछा, ''भारती का घर कहां है तिवारी?''
तिवारी बोला, ''मैंने क्या जाकर देखा है बाबू?''
''जाते समय तुम्हें बताया हो शायद?''
''मुझे बताने की भला क्या जरूरत थी।''
अपूर्व बोला, ''मुझे बताया तो था लेकिन ठीक से याद नहीं रहा। कल पता लगाना।''
तिवारी के मन में तूफान मचल उठा।
अपूर्व बोला, ''पुलिस उस चोरी का माल देना चाहती है लेकिन भारती के हस्ताक्षर आवश्यक हैं।''
तिवारी कुछ देर चुप रहकर बोला, 'उस दिन वह यही सूचना देने आई थी। लेकिन मेरी हालत देखकर फिर लौटकर न जा सकी।''
''यदि वह देखभाल न करती तो तू कब का मर चुका होता तिवारी! मुझसे भी भेंट न होती।''
तिवारी कुछ नहीं बोला।
अपूर्व ने फिर कहा, 'आकर मैंने देखा कि अंधेरी कोठरी में तू है और वह है, तीसरा कोई नहीं। कहां जाना होगा, कहां सोना होगा, इसका कुछ भी निश्चय नहीं। दो दिन पहले ही उसके माता-पिता की मृत्यु हुई थी। बड़े कड़क दिल की लड़की है तिवारी!''
तिवारी चुप न रह सका। बोला, ''वह कब चली गई?''
अपूर्व बोला, ''मेरे आने के दूसरे ही दिन। सवेरा होते-न-होते ही आवाज आई, 'अब मैं जा रहीं हूं,' कहकर एकदम चली गई।'
''नाराज होकर गई थी क्या?''
''नाराज होकर?'' अपूर्व ने जरा सोचकर कहा, ''नहीं जानता, शायद हो सकता है। उसे समझाया भी तो नहीं जा सकता, नहीं तो तेरा खयाल रहता था, एक बार समाचार जानने भी नहीं आई कि तू अच्छा हो गया है या नहीं।''
यह बात तिवारी को अच्छी नहीं लगी। बोला, ''हो सकता है। स्वयं अपने ही रोग-शोक के झमेले में पड़ गई हों।''
''अपने रोग-शोक में?'' अपूर्व चौंक पड़ा। उसके संबंध में कई दिन बहुत-सी बातें याद आई हैं, लेकिन ऐसी आशंका मन में पैदा नहीं हुई। अपूर्व को एकदम ध्यान आया कि उनके नए डेरे पर तो देखने सुनने वाला भी कोई नहीं है। हो सकता है अस्पताल वाले ले गए हों। हो सकता है अब तक जीवित भी न हो।
यह सब सोचकर वह मन-ही-मन व्याकुल हो उठा। एक कुर्सी पर बैठकर नेकटाई-वेस्ट कोट खोलते-खोलते उन दोनों में बातचीत शुरू हुई थी। उसके हाथ का काम वहीं रुक गया। मुंह से एक भी शब्द नहीं रहा। कुर्सी पर काठ की पुतली की तरह बैठा रहा। 
कुछ देर बाद तिवारी धीरे-धीरे बोला, ''छोटे बाबू, मकान मालिक का आदमी आया था। अगर तीसरी मंजिल का कमरा लेना हो तो इसी महीने बदल लेना चाहिए, वह कह गया है। मुझे चिंता हो रही है कि कोई फिर आ जाए।''
अपूर्व ने पूछा, ''और कौन आने वाला है?''
तिवारी बोला, ''आज मांजी का एक पोस्टकार्ड मुझे मिला है। दरबान से लिखवाकर भेजा है उन्होंने। मैं अच्छा हो गया इसके लिए बहुत प्रसन्नता प्रकट की हैं। दरबान का भाई अपने गांव छुट्टी लेकर जा रहा है। उसके हाथ पांच रुपए विश्वेश्वर की पूजा के लिए भेजे हैं।''
अपूर्व बोला, ''ठीक तो है। मां तुझे बेटे जैसा प्यार करती है तिवारी।''
तिवारी बोला, 'बेटे से भी अधिक। मैं तो चला ही जाऊंगा। मां तो चाहती हैं कि छुट्टी लेकर हम दोनों ही चलें। चारों ओर रोग-शोक....''
अपूर्व बोला, ''रोग-शोक-मरण कहां नहीं है? कलकत्ते में नहीं है? तूने शायद बहुत-सी बातें लिखकर उन्हें डरा दिया है।''
''जी नहीं, तिवारी बोला, ''काली बाबू पीछे पड़ गए हैं। सभी की इच्छा है कि वैसाख के आरम्भ में ही यह शुभ कार्य सम्पन्न हो जाए।''
काली बाबू की छोटी लड़की को माता जी ने पसंद किया है। इस बात का आभास उनके कई पत्रों में भी था। तिवारी की बात अपूर्व को अच्छी नहीं लगी। बोला, ''इतनी जल्दी किस लिए? अगर काली बाबू को बहुत अधिक जल्दी हो तो वह और कहीं प्रबंध कर सकते हैं।''
तिवारी जरा हंसकर बोला, ''जल्दी माता जी को है। शायद लोग उनको यह कहकर डराते हैं कि बर्मा में लड़के बिगड़ जाते हैं।''
अपूर्व को क्रोध आ गया। बोला, 'देख तिवारी, मुझे पंडिताई दिखाने की जरूरत नहीं है। मां को रोज-रोज चिट्ठियां क्यों लिखता रहता है? मैं बच्चा नहीं हूं।''
अकारण क्रोध से तिवारी पहले विस्मित हुआ। बीमारी के बाद से उसका दिमाग अच्छा नहीं था। रोष भरे स्वर में बोला, ''आते समय यह बात मां को कहकर न आ सके? ऐसा होने से मैं बच जाता। जात-धर्म नष्ट करने के लिए जहाज पर न चढ़ना पड़ता।'' 
अपूर्व ने उसके प्रश्न का कोई उत्तर नहीं दिया। खूंटी से कोट नेकटाई लेकर पहनता हुआ तेजी से कमरे से निकल गया। 
तिवारी गरम होकर बोला, ''कल रविवार को जहाज चटगांव जाता है। मैं उसी से घर चला जाऊंगा, कहे देता हूं।''
अपूर्व जाते-जाते बोला, ''न जाओ तो हजारों सौगंधें रहीं।''

अपूर्व के जाने का एकमात्र स्थान था तलवलकर का घर। लेकिन रास्ते में उसे याद आया कि आज शनिवार है। उसका पत्नी के साथ थियेटर जाने का प्रोग्राम है। तभी उसे अचानक भारती की याद आ गई। उसका आहत, अपराधी मन अपने ही प्रति बार-बार कहने लगा- वह अच्छी तरह ही है। उसे कुछ भी नहीं हुआ। नहीं तो इतनी बड़ी जीवन-मरण की समस्या में खबर भी न देती? तेल के कारखाने के आसपास ही कहीं उसका नया मकान है यह बात वह भूला नहीं था। उसे खोजकर ढूंढ़ निकालने की कल्पना से उसका मन नाच उठा।
लेकिन इसे महसूस करके मन के चोर के पकड़े जाने की लज्जा से भी वह नहीं बच सका। शायद वह मुझे नहीं चाहती। शायद वह मुझे देखकर उपेक्षा करे। यह सोचकर वह स्वयं को सैकड़ों तरह से समझाने लगा। पुलिसवाले उससे हस्ताक्षर लेना चाहते हैं। इसी काम से वह आया है। वह कैसी है, कहां है, यह सब कौतूहल उसे अकारण नहीं है। इस तरह इतने दिनों बाद जाने का वह कोई उलाहना भी नहीं दे पाएगी।
इस इलाके में अपूर्व पहले कभी नहीं आया था। काफी दूर चलने पर दाईं ओर नदी के किनारे रास्ता दिखाई दिया। एक आदमी से पूछा, ''इधर साहब-मेम लोग कहां रहते हैं?'' प्रत्युत्तर में उस आदमी ने आसपास के छोटे-बड़े बंगले दिखा दिए। उनकी सजावट देखकर अपूर्व समझ गया कि उसका प्रश्न गलत था। संशोधन करके पूछा, ''अनेक बंगाली भी तो यहां रहते हैं? कोई कारीगर, कोई मिस्त्री है।''
वह आदमी बोला, ''बहुत हैं। मैं भी एक मिस्त्री हूं। तुम किसको खोज रहे हो।?''
अपूर्व ने कहा, ''देखो मैं जिसे खोज रहा हूं.... अच्छा जो बंगाली ईसाई अथवा....''
वह आदमी आश्चर्य से बोला, ''क्या कह रहे हैं? बंगाली-फिर ईसाई कैसे? ईसाई हो जाने पर फिर कोई बंगाली रह जाता है क्या? ईसाई, ईसाई है। मुसलमान, मुसलमान है। यही तो....।''
अपूर्व बोला, 'अरे भाई, बंगाल का आदमी तो है। बंगला भाषा बोलता है।''
वह गर्म होकर बोला, ''भाषा बोलने से ही हो गया? जो जात देकर ईसाई बन गया, उसमें और क्या पदार्थ रह गया महाशय? कोई भी बंगाली उसके साथ आहार-व्यवहार करे तो देख लूं। न मालूम कहां से मास्टरी करने कुछ लड़कियां आ गई हैं। बच्चों को पढ़ाती हैं-बस, इसीलिए कोई भी क्या उनके साथ खा रहा है या बैठ रहा है?''
अपूर्व ने पूछा, ''वह कहां रहती हैं-आप जानते हैं?''
वह बोला, ''जानता क्यों नहीं। इस रास्ते से सीधे नदी के किनारे जाकर पूछिए कि नया स्कूल कहां है, छोटे-छोटे बच्चे भी बता देंगे।'' यह कहकर वह अपने काम पर चला गया। 
उसी रास्ते चलकर अपूर्व को लाल रंग का काठ का एक मकान दिखाई दिया। रात हो चुकी थी। सुनसान था। ऊपर की खुली खिड़की से बत्ती की रोशनी आ रही थी। किसी से पूछने के लिए वहीं खड़ा हो गया। उसे निश्चय हो गया कि भारती यहीं रहती है।
पंद्रह मिनट बाद दो-तीन आदमी बाहर निकले। उसे देखकर एक पूछा, ''कौन हैं? किसे चाहते हैं?''
अपूर्व ने लज्जित होकर पूछा, ''मिस जोसेफ नाम की कोई महिला यहां रहती है?''
वह बोला, ''अवश्य रहती है। आइए।''
अपूर्व की जाने की इच्छा न थी। उसे दुविधा में देख वह आदमी बोला, ''आप कब से खड़े थे? आइए न, हम आपको पहुंचा दें।'' यह कहकर वह आगे हो लिया।
''चलिए,'' कहकर वह उसके पीछे-पीछे मकान के निचले कमरे में पहुंच गया। कमरा काफी बड़ा था। छत से एक बहुत बड़ी बत्ती लटक रही थी। कुछ टेबल-कुर्सियां, एक ब्लैकबोर्ड और दीवारों पर चारों ओर तरह-तरह के आकार और रंगों के नक्शे टंगे हुए थे। यही नया स्कूल है। देखते ही अपूर्व पहचान गया।
वहां चार-पांच स्त्रियों-पुरुषों में किसी विषय पर बहस हो रही थी। सहसा एक अपरिचित पुरुष को आते देख सब चुप हो गए। अपूर्व ने एक बार उन लोगों की ओर देखा। फिर जिसके साथ आया था उसी के पीछे-पीछे चढ़ गया। भारती कमरे में ही थी। अपूर्व को देखते ही उसका चेहरा चमक उठा। कुर्सी पर बैठाकर बोली, ''इतने दिनों तक आपने मेरी खोज-खबर खूब ली?''
अपूर्व बोला, 'आपने भी तो हम लोगों की खोज-खबर नहीं ली।''लेकिन यह उत्तर उचित नहीं था, यह कहते ही वह समझ गया। 
भारती हंसकर बोली, ''तिवारी घर जाना चाहता है तो चला जाए। न जाने पर वह अच्छा भी न होगा।''
अपूर्व बोला, ''इसका मतलब यह है कि मेरा यह अभियोग गलत है कि आप हम लोगों की खोज-खबर नहीं रखतीं।''
भारती फिर हंसकर बोली, ''परसों बारह बजने से पहले ही कोर्ट जाकर रुपया और चीजें वापस ले आइएगा। भूल न जाइएगा।''
''लेकिन उस पर तो आपके हस्ताक्षर होने जरूरी हैं।''
''मैं जानती हूं।''
''आपके साथ तिवारी की भेंट नहीं हुई?''
''नहीं। लेकिन आप जाकर उस पर बेकार नाराज न हों।''
अपूर्व बोला, 'झूठा नहीं, सच्चा क्रोध करना उचित है। अपने प्राण बचाने वाले के प्रति मन में कृतज्ञता रहना उचित है।''
भारती बोली, ''वह तो है ही। नहीं तो वह मुझे जेल भेजने की भी कम-से-कम चेष्टा जरूर करता।''
अपूर्व इस संदेह को समझ गया। नीचा मुंह करके बोला, ''आप मुझ पर भयंकर रूप से नाराज हैं।''
भारती बोली, ''कभी नहीं। सारे दिन स्कूल में बच्चों को पढ़ाकर घर लौटकर फिर समिति की सेक्रेटरी की हैसियत से अनेक चिट्ठी-पत्री लिखने के बाद बिस्तर पर लेटते ही सो जाती हूं। नाराज होने के लिए मेरे पास समय ही नहीं है।''
अपूर्व बोला, ''ओह, नाराज होने तक का समय नहीं है।'
भारती ने कहा, ''कहां है? आप किसी दिन सवेरे से देखिए कि सच कहती हूं या झूठ।''
अपूर्व के मुंह से अनजाने ही एक लम्बी सांस निकल गई। बोली, ''मुझे देखने की क्या जरूरत है?'' फिर जरा रुककर बोला, ''स्कूल से आपको क्या वेतन मिलता है?''
भारती हंसी दबाकर बोली, ''आप भी खूब हैं? क्या वेतन की बात पूछने पर उसका अपमान नहीं होता?''
अपूर्व क्षुब्ध कंठा से बोला, ''मैंने अपमान करने के लिए नहीं कहा। जब नौकरी ही कर रही हैं....''
भारती ने कहा, ''न करके क्या भूखा मर जाने को कहते हैं?''
''ऐसी नौकरी से भूखा मरना ही अच्छा है। हमारे ऑफिस में एक जगह खाली है। वेतन एक सौ रुपए माहवार मिलेगा। शायद दो घंटे से अधिक काम नहीं करना पड़ेगा।''
''आप मुझे वह काम करने को कहते हैं?''
''क्या हर्ज है?''
भारती बोली, ''नहीं, मैं नही करूंगी। आप उसके मालिक हैं। काम में कभी भूल हुई तो लाठी लेकर द्वार पर आ खड़े होंगे।''
अपूर्व ने उत्तर नहीं दिया। मन-ही-मन समझ गया कि भारती ने केवल मजाक किया है। फिर बोला, ''मालूम हो रहा है कि आप लोगों का स्कूल शुरू हो गया। बच्चों ने पढ़ना शुरू कर दिया है।''
भारती बोली, ''ऐसा होता तो शोर कुछ कम रहता। लगता है कि उनके शिक्षक विषय का निर्वाचन कर रहे हैं।''
''आप नहीं जाएंगी?''
''जाना तो है। लेकिन आपको छोड़कर जाने की इच्छा नहीं हो रहीं।'' यह कहकर वह हंस पड़ी। लेकिन अपूर्व के कान तक लाल हो उठे। दीवार पर सजे कच्चे झाऊ के पत्तों पर अंकित कुछ अक्षरों पर नजर डालकर अपूर्व बोला, ''वहां पर वह क्या लिखा हुआ है?''
''आप पढ़ सकते हैं।''
अपूर्व बोला-''पथ के दावेदार''-''इसका क्या अर्थ है?''
''यह हम लोगों की संस्था का नाम है। इस विद्यालय का संचालक भी यही है। आप इसके सदस्य बनेंगे?''
''इसमें क्या करना होगा?''
भारती बोली, ''हम सब राही हैं। मनुष्यत्व के मार्ग से मनुष्य के चलने के सभी प्रकार के दावे स्वीकार करके, हम सभी बाधाओं को ठेलकर चलेंगे। हमारे बाद जो लोग आएंगे, वह बाधाओं से बचकर चल सकें, यही हमारी प्रतिज्ञा है। चलिए हमारे साथ?''
''हमारा राष्ट्र पराधीन है भारती! स्टेशन की एक बेंच पर बैठने तक का हमें अधिकार नहीं है। अपमानित होने पर दावा करने का उपाय नहीं।'' कहते-कहते उस दिन की लांछना, फिरंगी लड़कों के बूटों के आघात से लेकर स्टेशन मास्टर द्वारा निकाले जाने तक की सभी अपमानजनक बातों को याद करके उसकी आंखें लाल हो उठीं। बोला, ''हमारे बैठने से बेंच अपवित्र हो जाती है। हमारे रहने से मकान की हवा बिगड़ जाती है। जैसे हम मनुष्य ही नहीं हैं। अगर हम लोगों की यही साधना हो तो मैं आप लोगों के दल में हूं।''
''आप क्या मनुष्य की पीड़ा का कुछ पता पा सके हैं अपूर्व बाबू? क्या वास्तव में मनुष्य के छूने में, आपत्ति की कोई बात नहीं है? उसके शरीर की हवा लगने से दूसरे के मकान की हवा क्या गंदी नहीं हो जाती?''
अपूर्व ने दृढ़ स्वर में कहा, ''बिल्कुल नहीं। मनुष्य के चमड़े का रंग उसकी मनुष्यता का मापदंड नहीं। किसी विशेष देश में जन्म लेना उसका कोई अपराध नहीं है। क्षमा करना, आपके पिता ईसाई थे। इसलिए कोर्ट ने मुझ पर बीस रुपया जुर्माना किया। यह कहां का न्याय है? याद रखिए, इसी कारण एक दिन हमारा सर्वनाश होगा। अकारण मनुष्य को छोटा समझना, यह घृणा-द्वेष, यह अपराध भगवान कभी भी सहन नहीं करेंगे।''
भारती चुप बैठी रही। अपूर्व की बातें समाप्त होते ही उसने मुस्कराकर अपना मुंह दूसरी ओर घूमा लिया। अपूर्व इस तरह चौंक पड़ा, जैसे किसी ने उसके मुंह पर कसकर थप्पड़ मार दिया हो। भारती के किसी प्रश्न पर अब तक उसने ध्यान नहीं दिया था। लेकिन अब वह अग्नि शिखा की तरह उसके दिमाग में सनसनाते हुए चक्कर काटकर उसे एकदम ही वाक्यहीन कर गए।
कुछ क्षणों के बाद जब भारती ने नजर उठाई तो उसके होठों पर हंसी नहीं थी। बोली, 'आज शनिवार है। हमारा स्कूल बंद है। लेकिन समिति का काम होगा। चलिए न, नीचे चलकर आपका डॉक्टर साहब से परियच कराकर आपको 'पथ के दावेदार' का सदस्य बनवा दूं।''
''क्या वह अध्यक्ष हैं?''
''अध्यक्ष नहीं, वह हम लोगों की जड़ हैं। धरती के भीतर रहते हैं। उनका काम आंखों से दिखाई नहीं देता।''
''क्या इस सभा के सभी सदस्य ईसाई हैं?''
''नहीं। मेरे अतिरिक्त सभी हिंदू हैं।''
''लेकिन महिलाओं की आवाज भी तो सुन रहा हूं।''
''वह सब हिंदू हैं।''
अपूर्व बोला, ''सम्भवत: वह लोग जाति-भेद अर्थात् खान-पान और छूत-छात का विचार नहीं करते होंगे?''
भारती ने कहा, ''नहीं।'' फिर हंसती हुई बोली, ''लेकिन अगर कोई यह सब माने तो उसके मुंह में हम लोग कोई खाद्य पदार्थ जबर्दस्ती ठूंस भी नहीं देते। मनुष्य की व्यक्तिगत मान्यता का हम सम्मान करते हैं। आपको कोई भय नहीं है।''
''भय की बात क्या है?''-आपकी तरह शिक्षित महिलाएं भी संभव है आपके दल में हैं?''
''मेरी तरह?- हमारी जो अध्यक्षा हैं उनका नाम है सुमित्रा। वह अकेली ही पूरे विश्व का भ्रमण करके आई हैं। डॉक्टर के अतिरिक्त उन जैसी विदुषी सम्भवत: इस देश में और कोई नहीं है।''
''और जिन्हें आप डॉक्टर कह रही हैं वह?''
''डॉक्टर?'' श्रध्दा और भक्ति से भारती की दोनों आंखें छलक आईं, बोली, ''उनकी बात रहने दें, अपूर्व बाबू! परिचय देने लगूंगी तो उनको छोटा बना डालूंगी।''
अपूर्व चुप रहा। देश-प्रेम का पागलपन तो उनके रक्त में विद्यमान था ही। 'पथ के दावेदार' का विचित्र नाम उसे अपनी ओर आकर्षित करने लगा। उसके साथ घनिष्ठ रूप से मिलने के लोभ को रोक रखना कठिन हो गया। फिर भी एक प्रकार की विजातीय, धर्महीन, अस्वास्थ्यकर भाप नीचे से उठकर उसके मन को धीरे-धीरे ग्लानि से भरने लगी।
शोर बढ़ रहा था। भारती बोली, ''चलिए, नीचे चलें।''
अपूर्व बोला, ''चलिए।''
दोनों नीचे पहुंचे तो भारती ने उसे बेंत के एक सोफे पर बैठने को कहा और जगह की कमी के कारण स्वयं भी उसके पास बैठ गई।
ऐसा अद्भुत आचरण भारती ने इससे पहले कभी नहीं किया था। अपूर्व को लज्जा अनुभव होने लगी। लेकिन यहां इन मामलों में आक्षेप करने का किसी के पास अवसर नहीं था।
वहां पहुंचते ही अपूर्व को एक व्यक्ति एकटक देखता रह गया। वह कुछ लिख रहा था।
अपूर्व ने गिनकर देखा-छ: महिलाएं और आठ पुरुष मिलकर एक साथ किसी विषय पर बातचीत कर रहे थे। वह सभी लोग अपरिचित हैं, केवल एक आदमी को देखते ही अपूर्व पहचान गया। वेश-भूषा में कुछ परिवर्तन अवश्य हो गया था। लेकिन उसने इसी आदमी को कुछ दिन पहले मिक्थिला स्टेशन पर बिना टिकट होने के अपराध में पुलिस के हाथ पड़ने से बचाया था और जिसने जल्द-से-जल्द रुपये वापस करने का वचन दिया था। उस आदमी ने नजरें दौड़ाकर देखा। लेकिन शराब के नशे में जिसके सामने हाथ पसारकर सहायता ग्रहण की थी शराब के पिए हुए उसकी याद तक नहीं आ सकी। लेकिन इस बात के लिए नहीं, भारती के संबंध में सोचकर उसके हृदय में पीड़ा की कसक उठी कि वह ऐसे लोगों के बीच कैसे आ फंसी।
भारती ने सामने खड़ी महिला की ओर इशारा करके कहा, 'यह हमारी अध्यक्षा हैं सुमित्रा देवी।''
कहने की आवश्यकता नहीं थी। अपूर्व ने उसे पहले ही पहचान लिया था। उम्र तीस के लगभग होगी। लेकिन जान पड़ता है जैसे कहीं की राजरानी हैं। शरीर का रंग तपे सोने के समान है। दक्षिणी ढंग से सिर के बाल ढीले बांधे हुए हैं। कलाई में सोने की दो-चार चूड़ियां हैं। गले पर सोने के हार का कुछ भाग चमक रहा है। कानों में हरे पत्थर के झुमकों पर प्रकाश पड़ने से सांप की आंखों जैसे दिखाई देते हैं। यही तो चाहिए। माथा, ठोड़ी, नाक, आंख, होंठ- कहीं भी कोई कमी नहीं है। इतना आश्यर्चजनक सौंदर्य! ब्लैकबोर्ड पर वह एक हाथ रखे खड़ी थीं। साहबी पोशाक वाले सज्जन के प्रत्युत्तर में वह बोलने लगीं-यही तो। इसी को तो नारी का कंठ स्वर कहते हैं।''
सुमित्रा ने कहा, ''मनोहर बाबू, आप नौसिखिए वकील नहीं हैं। आपका तर्क असम्बध्द हो जाने पर मैं इसका विवेचन कर सकती हूं।''
मनोहर बाबू बोले, 'असम्बध्द तर्क करना मेरा व्यवसाय भी नहीं है।''
सुमित्रा हंसते हुए बोली, ''मुझे भी यही आशा है। बहुत अच्छा! आपके बयान को छोटा कर देने पर यह स्पष्ट हो जाता है कि आप नवतारा के पति के मित्र हैं। वह जबर्दस्ती उसे वापस ले जाना चाहते हैं। लेकिन उनकी पत्नी गृहस्थी चलाने की इच्छा न रखकर, देश का काम करना चाहती है। इसमें तो कोई अन्याय नहीं है।''
''लेकिन पति के प्रति भी तो पत्नी का कुछ कर्त्तव्य है?'' देश का काम करूंगी कह देने से इसका निर्वाह नहीं हो जाता।''
सुमित्रा बोली, ''मनोहर बाबू, नवतारा के पति का अपनी पत्नी के प्रति जो कर्त्तव्य था, क्या उसे उन्होंने कभी निभाया? यह सब जानते हैं। कर्त्तव्य का भार तो दोनों ओर समान ही रहता है।''
मनोहर बाबू क्रुध्द स्वर में बोले, ''लेकिन क्या इसीलिए स्त्री को कुलटा बन जाना चाहिए? ऐसी तो कोई युक्ति है नहीं। इस दल में शामिल होकर, सतीत्व को सुरक्षित रखकर, वह देश की सेवा कर सकेंगी। यह तो किसी प्रकार भी सम्भव नहीं है।''
सुमित्रा के चेहरे पर हल्की-सी लालिमा छा गई, लेकिन दूसरे पल ही सामान्य हो गईं। बोलीं, ''जोर देकर कुछ भी नहीं कहना चाहिए। लेकिन हम देख रहे हैं कि नवतारा में हृदय है, प्राण है, साहस है और सबसे बड़ा कर्म-ज्ञान है। देश-सेवा में हम इसी को पर्याप्त मानते हैं। लेकिन आप जिसे सतीत्व कहते हैं, उसकी रक्षा करने की उनको सुविधा मिल सकेगी या नहीं, यह वह ही जानती हैं।''
नवतारा के चेहरे पर नजर डालकर मनोहर बाबू ने व्यंग्य से कहा, ''अच्छा कर्म-ज्ञान है। सम्भवत: देश के काम में वह महिलाओं को यही शिक्षा देती फिरेंगी?''
सुमित्रा बोली, ''उसके उत्तरदायित्व पर हमें विश्वास है। व्यक्ति विशेष के चरित्र की आलोचना करना हमारे नियमों के विरुध्द है। जिस पति को वह प्रेम न कर सकी और इस महान कार्य के लिए उन्होंने जिसे छोड़ देना अन्याय नहीं समझा। अगर देश की महिलाओं को वह यही शिक्षा दे तो हमें कोई आपत्ति नहीं होगी।''
''हमारे सीता-सावित्री के देश में क्या आप स्त्रियों को यही शिक्षा देंगी?''
सुमित्रा बोली-''देना अनुचित नहीं है। महिलाओं के सामने अर्थहीन शब्द न कहकर अगर नवतारा कहे कि इस देश में एक दिन सीता को भी आत्म-सम्मान की रक्षा के लिए पति को त्यागकर पाताल में जाना पड़ा था और राज-कन्या सावित्री ने दरिद्र सत्यवान को विवाह से पहले इतना प्यार किया था कि उसकी अल्प आयु के बारे में जानते हुए भी हिचकी नहीं और मैं स्वयं भी उस दुष्ट पति को प्यार नहीं कर सकी और उसे छोड़कर चली आई हूं। इसलिए मेरी जैसी अवस्था में तुम लोग भी वही करो। इस शिक्षा से तो देश की भलाई ही होगी मनोहर बाबू।''
मनोहर बाबू के होंठ क्रोध से कांपने लगे। पहले तो उनके मुंह से बात ही नहीं निकली। फिर बोला, ''ऐसा होने पर देश नष्ट हो जाएगा। आप लोगों की जो इच्छा हो कीजिए, लेकिन दूसरों को ऐसी शिक्षा मत दीजिए। यूरोप की सभ्यता की हवा लगने से काफी क्षति हुई है। लेकिन महिलाओं में इस सभ्यता का प्रचार करके समूचे भारत वर्ष को रसातल में मत भेजिए।''
सुमित्रा के चेहरे पर विरक्ति तथा क्लान्ति एक साथ ही फूट पड़ी। बोलीं, ''देश को रसातल से बचाने का यदि कोई मार्ग है तो वही है। आपको योरोपियन सभ्यता के संबंध में यथेष्ट ज्ञान नहीं है। इसलिए इस विषय पर बहस करना समय की बर्बादी होगी। बहुत टाइम बर्बाद हो गया। हम लोगों को और भी बहुत से काम करने हैं।''
मनोहर बाबू ने यथासम्भव अपना क्रोध दबाकर कहा, ''मेरे पास भी अधिक समय नहीं है?-तो नवतारा नहीं जाएगी?''
''नहीं,'' नवतार ने सिर झुकाकर कहा।
मनोहर ने सुमित्रा से कहा, ''तब इसकी जिम्मेदारी आप पर ही है।'
नवतारा बोली, ''मेरी जिम्मेदारी स्वयं मुझ पर ही है। आपको चिंता करने की जरूरत नहीं।''
मनोहर ने वक्र दृष्टि से उसकी ओर देखकर सुमित्रा से पूछा, ''पति-गृह में विवाहित जीवन से अधिक गौरव की वस्तु नारी के लिए और भी कुछ है क्या?''
''दूसरों की बात जो भी हो, लेकिन नवतारा का पति के घर रहकर जीवन बिताना कोई गौरव का जीवन नहीं है।''
इस उत्तर पर मनोहर स्वयं को न रोक सके। क्रुध्द होकर पूछ बैठे- ''लेकिन घर से बाहर रहकर जो यह व्यभिचारपूर्ण जीवन बिताएगी, उसे आप सम्भवत: गौरवपूर्ण जीवन कहेंगी।''
इतने भीषण विद्रूप से भी किसी के चेहरे पर चंचलता दिखाई नहीं दी। सुमित्रा ने शांत स्वर में कहा, ''हम लोगों की समिति में संक्षेप में बातचीत करने का नियम है, यह न भूलिए।''
''और अगर मैं इस नियम को मान न सकूं तो?''
''तो हमें बाहर निकालना पड़ेगा।''
मनोहर बाबू पागल हो उठे। एकदम सीधे खड़े होकर बोले, ''अच्छा, मैं जाता हूं। गुडबाई।''- यह कहकर दरवाजे के पास पहुंचकर क्रोध से पागल होकर बोले, ''मैं तुम लोगों का सारा हाल जानता हूं। तुम लोग ब्रिटिश राज्य को समाप्त कर सकोगी, कभी सोचना मत। मैं एक ऐडवोकेट हूं। किस तरह तुम्हारे हाथों में हथकड़िया डाली जा सकती हैं, मैं अच्छी तरह जानता हूं।'' अच्छा....यह कहकर वह चले गए।
अचानक यह कौन-सा कांड हो गया। यद्यपि किसी ने भी उत्तेजना प्रदर्शित नहीं की तो भी सभी के चेहरे पर एक छाया-सी डोल गई। केवल एक व्यक्ति, जो कोने में बैठा लिख रहा था, उसने एक बार भी आंख उठाकर नहीं देखा। अपूर्व ने सोचा-या तो यह एकदम बहरा है या पत्थर की भांति निर्विकार है। मनोहर ने इस समिति के विरुध्द जो बात कही, वह अत्यंत संदेहपूर्ण है। इतनी बड़ी संख्या में इन आश्चर्यमयी नारियों ने कहां से आकर यह समिति स्थापित की है? इसका उद्देश्य क्या है? भारती को अचानक इसका पता कैसे लगा? और यह आदमी जो टिकट के बदले शराब खरीदकर पी लेने पर उसके सामने ही पकड़ा गया था-और सबसे बढ़कर वह नवतारा, जो पति को छोड़कर देश का काम करने आई है। सतीत्व की रक्षा की बात पर सोचने के लिए जिसके पास समय नहीं है-फिर भी यह सब लोग इतने बड़े अन्याय का समर्थन ही नहीं कर रहे, उसे प्रश्रय भी दे रहे हैं और जो इस दल की अध्यक्षा हैं, उन्होंने स्वयं स्त्री होते हुए भी खुली सभा में इतने पुरुषों के सामने सती धर्म के प्रति उसकी गहरी अवज्ञा निस्संकोच प्रकट करने में लज्जा नहीं की।
कुछ देर तक लोगों में खामोशी छाई रही। बाहर अंधेरा था। राजपथ सुनसान पड़ा था। एक प्रकार की उद्विग्न आशंका से अपूर्व का मन भारी हो गया। 
अचानक सुमित्रा बोल उठीं, ''अपूर्व बाबू!''
अपूर्व ने चकित होकर मुंह उठाकर देखा।
सुमित्रा ने कहा, ''आप हम लोगों को नहीं जानते, लेकिन भारती के द्वारा हम सभी आपसे परिचित हैं। सुना है, आप हमारी समिति के सदस्य बनना चाहते हैं। क्या यह सच है?''
अपूर्व ने गर्दन हिलाकर सम्मति प्रकट की। इनकार न कर सका। जो व्यक्ति एकाग्रचित्त से लिख रहा था, उसे लक्ष्य करके सुमित्रा ने कहा, ''अपूर्व बाबू का नाम लिख लीजिए।'' फिर हंसकर अपूर्व से कहा, ''हमारे यहां किसी प्रकार का चंदा नहीं लिया जाता। हमारी समिति की यही विशेषता है?''
प्रत्युत्तर में अपूर्व ने हंसने की चेष्टा की, लेकिन हंस न सका। एक मोटी जिल्द वाले रजिस्टर में उनका नाम लिख लिया गया है, यह देखकर वह चुप न रह सका। बोला, ''लेकिन उद्देश्य क्या है? मुझे क्या करना पड़ेगा? यह तो मैं कुछ नहीं जानता।''
''भारती ने आपको बताया नहीं?''
अपूर्व बोला, ''कुछ तो बताया है। लेकिन एक बात आपसे पूछना चाहता हूं- नवतारा के आचरण को क्या आप वास्तव में अनुचित नहीं समझतीं?''
सुमित्रा ने कहा, ''कम-से-कम मैं नहीं समझती। क्योंकि देश से बढ़कर मेरे लिए दूसरी कोई वस्तु नहीं है।''
अपूर्व श्रध्दा से भरे स्वर में बोला, ''देश को मैं हृदय से प्यार करता हूं और देश की सेवा करने का अधिकार स्त्री-पुरुष को समान है। लेकिन इनके कर्म-क्षेत्र भी तो एक नहीं हैं। पुरुष बाहर काम करेंगे तो स्त्री तो घर में पति-पुत्र की सेवा करके ही सार्थक होगी। उसके सत्य कल्याण से देश का जितना बड़ा काम होगा, पुरुषों के साथ घर से निकलकर खड़ी होने से उतना न हो सकेगा।''
सुमित्रा हंस पड़ी।
अपूर्व ने देखा, सभी ने उसकी ओर देखकर, होंठ भींचकर हंसी छिपा ली।
सुमित्रा ने कहा, ''अपूर्व बाबू, यह बात बहुत पुरानी हो चुकी है और कोई बात बहुत लोगों के वर्षों से कहने के कारण सच नहीं बन जाती यह छल है। जिन लोगों ने कभी देश का काम नहीं किया यह बात उनकी बात है। आप स्वयं जब काम में लग जाएंगे, तभी इस सत्य को समझ सकेंगे कि जिसे आप नारी का बाहर आना कह रहे हैं, वह जब होगा, तभी देश का काम होगा। नहीं तो पुरुषों की भीड़ में सूखी बालू की भांति सब झर पड़ेगा, टिक नहीं पाएगा।''
अपूर्व लज्जित-सा होकर बोला, ''लेकिन क्या इससे चरित्र कलुषित होने का भय नहीं होगा?''
सुमित्रा बोली, ''क्या घरों में रहकर भय कम रहता है? यह दोष बाहर आने का नहीं, विधाता का है-जिसने नारी का निर्माण किया। उसमें अनुराग और आकर्षण दिया। जरा सहानुभूतिपूर्वक संसार के अन्य देशों की ओर ध्यान से देखिए तो....।''
इस बात से अपूर्व को प्रसन्नता नहीं हुई। तीखे स्वर में बोला, ''अन्य देशों की बात अन्य देश ही सोचें। अपने देश की ही चिंता कर सकूं, यही बहुत है। क्षमा कीजिएगा, एक बात पर ध्यान दिए बिना मैं नहीं रह सकता। शायद विवाहित जीवन के प्रति आपकी आस्था नहीं। यहां तक कि सतीत्व और पतिव्रत धर्म का भी आपकी नजरों में कोई मूल्य नहीं है। इससे क्या देश का कल्याण होगा?''
सुमित्रा ने मीठे स्वर में कहा, ''अपूर्व बाबू्! आप क्रोध में आकर विचार कर रहे हैं। नहीं तो मेरा भाव वह नहीं है। लेकिन आपने आदि से अंत तक गलत ही समझा है, यह बात भी नहीं है। जिस समाज में केवल पुरुष द्वारा ही पत्नी ग्रहण करने का विध्न है, नारी होकर मैं उसे श्रध्दा नहीं कर सकती। आप सतीत्व के गौरव की बड़ाई कर रहे हैं। लेकिन जिस देश में ऐसी ही विवाह-व्यवस्था है, उसके देश में यह वस्तु बड़ी नहीं होती। सतीत्व केवल देह में निहित नहीं है, मन में होना जरूरी है। तन और मन-दोनों से प्यार न कर सकने पर तो उसे ऊंचे स्तर पर पहुंचाया नहीं जा सकता। क्या आप वास्तव में ऐसा ही समझते हैं कि मन्त्र पढ़कर विवाह कर देने से ही कोई स्त्री किसी भी पुरुष को प्यार कर सकती है?''
अपूर्व बोला, ''लेकिन युगों-युगों से ऐसा ही चल रहा है।''
सुमित्रा हंसकर बोली, ''अवश्य चल रहा है। पत्र में प्राणाधिकार पति कहकर सम्बोधित करने में भी तो कोई रुकावट नहीं होती। वास्तव में घर-गृहस्थी के काम में इससे अधिक की उसे जरूरत नहीं पड़ती। आपने तो यह कथा पढ़ी होगी-किसी मुनि के लड़के दूध के स्थान पर चावल का धोवन पीकर ही सुख से जीवन बिताते थे। लेकिन सुख जैसा भी क्यों न हो, जो नहीं है उसे वही कहकर तो गर्व नहीं किया जा सकता।''
यह आलोचना अपूर्व को बड़ी कटु लगी। लेकिन उत्तर न देकर बोला, ''क्या आप यह कहना चाहती हैं कि इससे अधिक किसी के भाग्य में कुछ नहीं होता?''
सुमित्रा बोली, ''नहीं, क्योंकि संसार में भाग्य नाम का एक भी शब्द नहीं है।''
अपूर्व बोला, ''भाग्य! लेकिन अगर आपकी बात सच भी हो तो भी मैं कहता हूं कि आने वाली पीढ़ियों के कल्याण के लिए हम लोगों की यह व्यवस्था उचित है।''
सुमित्रा बोली, ''नहीं अपूर्व बाबू! किसी का इससे कल्याण नहीं होगा। समाज और वंश के नाम पर किसी समय व्यक्ति की बलि चढ़ाई जाती थी, लेकिन उसका फल अच्छा नहीं हुआ। आज वह चेतना ठीक है। प्रेम और प्यार का सबसे अधिक प्रयोजन अगर भावी वंशजों के लिए न रहता तो ऐसे भयंकर स्नेह की व्यवस्था उसके बीच में स्थान न पाती। इस अर्थहीन विवाहित जीवन का मोह, नारी को त्यागना ही पड़ेगा। उसे समझना ही होगा कि इसमें लज्जा ही है गौरव नहीं।'' 
अपूर्व बोला, 'लेकिन विचार कर देखिए-आप लोगों की इन सब शिक्षाओं से हम लोगों के सुगठित समाज में अशांति और विप्लव ही बढ़ेगा।''
सुमित्रा बोली, ''भले ही बढ़े। अशांति और विप्लव का अर्थ विनाश नहीं होता अपूर्व बाबू! जो रुग्ण, जीर्ण और ग्रस्त है केवल वही सतर्कता से स्वयं को अलग रखना चाहता है। जिससे किसी भी ओर से उसके शरीर में धक्का न लगे। अगर समाज की ऐसी दशा हो गई हो तो एक प्रकार से एब कुछ समाप्त हो जाए तो क्या हानि है?''
अपूर्व ने इस बात का कोई उत्तर नहीं दिया। पलभर मौन रहकर सुमित्रा बोली, ''ऋषि पुत्र की उपमा देकर लगता है मैंने आपके मन को चोट पहुंचाई है। लेकिन जो चोट लगने ही वाली थी उससे मैं आपको बचा भी कैसे सकती थी?''
अंतिम बात को समझते हुए अपूर्व बोला, ''जगन्नाथ जी के मार्ग में खड़े होकर ईसाई मिशनरी के लोग यात्रियों को बहुत सताते हैं। इस पर भी उस लूले मास्टर जी को छोड़कर कोई प्रभु को नहीं पूजता। लूले से ही उन लोगों का काम चल जाता है। यही आश्चर्य की बात है।''
''संसार में आश्चर्य है। इसीलिए तो मनुष्य का बचना असम्भव नहीं हो जाता अपूर्व बाबू! पेड़ की पत्ती का रंग सभी हरा नहीं देखते, इसे वह जानते भी नहीं। फिर भी लोग उसे हरा ही कहते हैं। क्या यह कम आश्चर्य की बात है? सतीत्व का मूल्य जान लेने से क्या....?''
जो व्यक्ति इतनी देर से चुपचाप बैठा लिख रहा था, उठ खड़ा हुआ। अन्य लोग भी उठ खड़े हुए। 
अपूर्व ने देखा-गिरीश महापात्र।
भारती ने उसके कान में कहा, ''यह ही हमारे डॉक्टर साहब हैं। उठकर खड़े हो जाइए।''
मशीन के पुर्जों की तरह अपूर्व उठकर खड़ा हो गया। लेकिन क्रोधित मनोहर की अंतिम बातें याद आते ही उसके शरीर का रक्त जैसे ठंडा पड़ने लगा।
गिरीश ने उसके पास आकर कहा, ''सम्भवत: मुझे आप भूले नहीं होंगे। यह सभी लोग मुझे डॉक्टर कहते हैं'' कहकर वह हंस पड़े।
अपूर्व हंस न सका। लेकिन धीरे-धीरे बोला, ''मेरे चाचा जी के रजिस्टर में आपका कोई भयानक नाम लिखा हुआ है।''
गिरीश ने एकाएक उसके दोनों हाथ अपने हाथ में लेकर धीरे से कहा, ''सव्यसाची ही न?'' फिर हंसते हुए बोले, 'लेकिन अब रात हो गई है अपूर्व बाबू!'' चलिए आपको कुछ दूर तक पहुंचा आऊं। रास्ता कोई अच्छा नहीं है। पठान मजदूर जब शराब पी लेते हैं तब उन्हें बिल्कुल सुध-बुध नहीं रहती। चलिए, ''यह कहकर एक तरह से जबर्दस्ती ही उसे कमरे से बाहर ले
गया।''
उसे सुमित्रा को भी नमस्कार करने का अवसर नहीं मिला। न भारती से ही कोई बात कह सका। लेकिन जिस बात से उसके हृदय को धक्का लगा, वह था उसके चाचा का रजिस्टर, जिसमें उस विद्रोही का नाम लिखा था।  
 
﻿
थोड़ी दूर चलकर अपूर्व ने सौजन्यतापूर्वक कहा, ''आपका शरीर इतना अस्वस्थ और दुर्बल है कि इस हालत में और आगे चलने की जरूरत नहीं है। यही रास्ता तो सीधे जाकर बड़े रास्ते से मिल गया है। मैं चला जाऊंगा।''
तनिक मुस्कराकर डॉक्टर ने कहा, ''जाने से ही क्या चला जाया जा सकता है अपूर्व बाबू! सांझ को यह रास्ता सीधा था। लेकिन रात को पठान-हब्शी इसे टेढ़ा बना देते हैं। चले चलिए।''
''यह लोग क्या करते हैं, मारपीट?''
डॉक्टर बोले, ''अपनी शराब का खर्च दूसरे के कंधो पर लादने के लिए यह लोग ऐसा करते हैं। जैसे आपकी यह सोने की घड़ी है। इसके दूसरी जेब में जाते समय आपत्ति उठने की सम्भावना है। ठीक है न?''
अपूर्व घबराकार बोला, ''लेकिन यह तो मेरे पिताजी की है।''
डॉक्टर बोले, ''लेकिन यह बात तो वह लोग समझना ही नहीं चाहते। लेकिन आज उन्हें समझना ही होगा।''
''यानी?''
''यानी, आज इसके बदले किसी को शराब पीने की सुविधा न मिल सकेगी।''
अपूर्व ने शंकित स्वर में कहा, ''न हो, चलिए। किसी दूसरे रास्ते से घूमकर चला जाए।''
डॉक्टर खिलखिलाकर हंस पड़े। उनकी हंसी स्त्रियों की तरह स्निग्ध कौतुक भरी थी। बोले, ''घूमकर? इस आधी रात को? नहीं-नहीं, इसकी जरूरत नहीं है, चलिए।'' यह कहकर उस जीर्ण हाथ से अपूर्व का दायां हाथ थाम लिया। दबाव पड़ते ही अपूर्व के वर्षों के जिमनास्टिक और क्रिकेट-हॉकी खेलने से पुष्ट हाथ की हड्डियां मरमरा उठीं।
अपूर्व बोला, ''चलिए, समझ गया। चाचा जी ने उस दिन आपकी बात चलने पर कहा था कि हम लोगों के गुप्त रजिस्टरों में लिखा है कि कृपा करने पर वह पांच-सात-दस पुलिस वालों की जीवन लीला केवल थप्पड़ मारकर समाप्त कर सकते हैं चाचा जी की उस मुख भंगिमा पर हम लोग खूब हंसते रहे थे। लेकिन अब सोच रहा हूं कि हंसना उचित नहीं था। आप सम्भवत: ऐसा कभी कर सकते हैं।'' 
डॉक्टर के चेहरे के भाव बदल गए। बोले, ''चाचा जी की यह तो अतिशयोक्ति थी।''
सूनी गली को पार करके वह बड़ी सड़क के पास पहुंचे तो अपूर्व बोला, ''अब लगता है कि मैं बेखटके जा सकूंगा। धन्यवाद।''
डॉक्टर ने रास्ते पर दूर तक नजर डालकर धीरे से कहा, ''जा सकेंगे.... शायद....''
नमस्कार करके विदा होते समय अपूर्व अपने आंतरिक कौतुहल को किसी भी प्रकार रोक नहीं सका। बोला, ''अच्छा सव्य.....।''
''नहीं, नहीं, सव्य नहीं.... डॉक्टर कहो।''
अपूर्व लज्जित होकर बोला, ''अच्छा डॉक्टर साहब, हमारा यह सौभाग्य है कि रास्ते में कोई मिला नहीं। लेकिन मान लीजिए, अगर उनके दल में अधिक संख्या में लोग होते, तो भी क्या हम लोग संकट मुक्त थे।''
डॉक्टर बोल, ''उनके दल में दस-पांच आदमी ही तो रहते हैं।''
''दस हों या पांच, हमें भय नहीं था?''
डॉक्टर मुस्कराकर बोले, ''नहीं।''
मोड़ पर पहुंचकर अपूर्व ने पूछा, ''अच्छा, क्या सचमुच ही आपकी पिस्तौल का निशाना कभी खाली नहीं जाता?''
डॉक्टर हंसते हुए बोले, ''नहीं, लेकिन क्यों, बताइए तो? मेरे पास तो पिस्तौल है नहीं।''
अपूर्व बोला, ''बिना लिए ही निकल पड़े? आश्चर्य है। डॉक्टर साहब मेरा डेरा यहां से लगभग एक कोस होगा या नहीं?''
''अवश्य होगा।''
''अच्छा नमस्कार। मैंने आपको बहुत कष्ट दिया।'' वह फिर बोला, ''अच्छा यह भी हो सकता है कि वे लोग आज किसी दूसरे रास्ते पर खड़े हों।''
डॉक्टर बोले, ''कोई आश्चर्य तो है नहीं।''
''नहीं भी है। है भी। अच्छा नमस्कार। लेकिन मजा तो देखिए, जहां वास्तव में आवश्यकता है वहां पुलिस की परछाई तक नहीं। यही है उन लोगों का कर्त्तव्य बोध। क्या हम लोग इसलिए मर-मर कर टैक्स देते हैं। सब बंद कर देना चाहिए....क्या कहते हैं आप?''
''इसमें संदेह नहीं,'' कहकर डॉक्टर साहब हंस पड़े, बोले, 'चलिए बात-चीत करते-करते आपको कुछ दूर और पहुंचा दूं।''
अपूर्व लज्जा भरे स्वर में बोला, ''मैं बहुत डरपोक आदमी हूं डॉक्टर साहब। मुझमें तनिक भी साहस नहीं है। दूसरा कोई होता तो इतनी रात आपको कष्ट न देता।''
उसकी ऐसी विनम्र, अभिमान रहित सच्ची बात सुनकर डॉक्टर साहब अपनी हंसी के लिए स्वयं ही लज्जित हो गए। स्नेह से उसके कंधे पर हाथ रखकर बोले, ''साथ चलने के लिए ही तो मैं आया हूं अपूर्व बाबू! नहीं तो प्रेसीडेंट मेरे हाथ में इस चीज को नहीं सौंपतीं'' यह कहकर उन्होंने बाएं हाथ की काली मोटी लाठी दिखा दी। 
''क्या वह आपको आदेश दे सकती है?''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''अवश्य दे सकती हैं।''
''लेकिन किसी दूसरे को भी तो मेरे साथ भेज सकती थीं।''
''इसका अर्थ होता, सबको दल बनाकर भेजना। उससे तो यही व्यवस्था ठीक हुई अपूर्व बाबू!'' डॉक्टर ने कहा, ''वह हमारे दल की प्रेसीडेंट हैं। उनको सब कुछ समझकर काम करना पड़ता है। जहां छुरेबाजी होती है वहां हर किसी को नहीं भेजा जा सकता। अगर मैं न होता तो आज रात को रुकना पड़ता। वह आपको आने न देतीं।''
''लेकिन अब इसी रास्ते से आपको अकेले ही लौटना पड़ेगा।''
डॉक्टर बोले, ''पडेग़ा ही।''
अपूर्व और कुछ नहीं बोले। पंद्रह मिनट और चलकर पहले पुलिस स्टेशन को दाईं ओर छोड़कर बस्ती में कदम रखते ही अपूर्व ने कहा, ''डॉक्टर साहब, अब मेरा डेरा अधिक दूर नहीं है। आज रात यहीं ठहर जाएं तो क्या हानि है।''
डॉक्टर हंसते हुए बोले, ''हानि तो बहुत-सी बातों में नहीं होती अपूर्व बाबू! लेकिन बेकार काम करने की हम लोगों को मनाही है। इसका कोई प्रयोजन नहीं है, इसलिए मुझे लौट जाना पडेग़ा।''
''क्या आप लोगा बिना प्रयोजन कोई भी काम नहीं करते?''
''करने का निषेध है। अच्छा, अब मैं चलता हूं अपूर्व बाबू!''
एक बार मुड़कर पीछे के अंधेरे से भरे रास्ते को देखकर अपूर्व इस व्यक्ति के अकेले लौट जाने की कल्पना से सिहर उठा। बोला, ''डॉक्टर साहब लोगों की मर्यादा की रक्षा करने की भी क्या आप लोगों को मनाही है?''
डॉक्टर ने आश्चर्य से पूछा, ''अचानक यह प्रश्न क्यों?''
अपूर्व ने क्षुब्ध अभिमान के स्वर में कहा, ''इसके अतिरिक्त और क्या कहूं, बताइए? मैं डरपोक आदमी हूं। दलबध्द गुंडों के बीच से अकेला ही जा सकता। लेकिन मुझे निरापद पहुंचाकर उसी संकट के बीच से यदि आप अकेले लौटेंगे तो मैं मुंह दिखाने के योग्य नहीं रहूंगा।''
बड़े स्नेह से उसके दोनों हाथ पकड़कर डॉक्टर ने कहा, ''अच्छा चलिए, आज रात आपके डेरे पर ही चलकर अतिथि बनकर रहूं। लेकिन यह सब बखेड़ा क्यों मोल ले रहे हो भाई।''
अपूर्व इस बात को ठीक अर्थ नहीं समझ सका। लेकिन दो-चार कदम आगे बढ़ते ही, हाथ में न जाने किस प्रकार का खिंचाव अनुभव करके घूमकर बोला, ''आपका जूता शायद काट रहा है डॉक्टर साहब! आप लंगडा रहे हैं।''
डॉक्टर ने हंसते हुए कहा, ''यह कुछ नहीं है। लोगों के घरों के पास पहुंचते ही मेरे पैर अपने आप लंगड़ाने लगते हैं। गिरीश महापात्र का चलना याद है न?''
अपूर्व बोला, ''आपको चलना नहीं पड़ेगा, डॉक्टर साहब!
डॉक्टर मुस्कराकर बोले, ''लेकिन आपकी मर्यादा।''
''आपसे मर्यादा की क्या बात है। मैं तो आपकी चरण-धूलि के बराबर भी नहीं। आपके अतिरिक्त किसमें साहस है?''
इस रास्ते से अकेले चलने में इस व्यक्ति के लिए क्या कठिनाई है? पुलिसवाले जिसे सव्यसाची के नाम से जानते हैं उनकी राह दस-बारह गुंडे मिलकर भला कैसे रोक सकते हैं?''
डॉक्टर ने हंसी छिपाकर भले आदमी की तरह कहा, ''इससे तो यही उचित होगा कि हम दोनों ही फिर एक साथ लौट चलें। मुझे अकेला देखकर अगर कोई आक्रमण करने का साहस करे भी तो आपके साथ रहने से इसकी सम्भावना नहीं रहेंगी।''
अपूर्व बोला, ''फिर लौट चलूं?''
''हानि ही क्या है? अकेले जाने में मुझे जो शक है, वह तो न रहेगी।''
''मैं ठहरूंगा कहां?''
''मेरे यहां।''
ऑफिस से लौटने पर अपूर्व को आज भोजन भी नहीं मिला था। बड़े जोर की भूख लग रही थी। कुछ लज्जित होकर बोला, ''देखिए, अभी तक मैंने कुछ खाया भी नहीं है। आपके लिए....''
डॉक्टर ने हंसते हुए कहा, ''चलिए न, आज भाग्य की परीक्षा करके देख ली जाए। लेकिन एक बात है, तिवारी को बहुत चिंता होगी।''
तिवारी की चर्चा होते ही अपूर्व के मन में अचानक एक हिंस्र प्रतिशोध की भावना जाग उठी। क्रुध्द होकर बोला, ''मर जाए सोचते-सोचते। चलिए, लौट चलें।''
दोनों फिर सुनसान रास्ते से लौट पड़े।
लेकिन इस बार उसे डर की बातें ही याद नहीं आईं। पुलिस स्टेशन पार करके अचानक पूछ बैठा, 'डॉक्टर साहब, आप एनार्किस्ट हैं?''
''आपके चाचा जी क्या कहते हैं?''
''उनका कहना है कि आप एक भयानक एनार्किस्ट हैं।''
''मैं सव्यसाची हूं इस संबंध में आपको संदेह नहीं?''
''नहीं।''
''एनार्किस्ट से आप क्या अर्थ लगाते हैं?''
''राजद्रोही-अर्थात जो राजा का शत्रु हो।''
डॉक्टर बोले, ''हमारे राजा विलायत में रहते हैं। लोग कहते हैं, बहुत ही भले आदमी हैं। मैंने अपनी आंखों से उन्हें कभी नहीं देखा। उन्होंने भी मेरी कभी कोई हानि नहीं की। फिर उनके प्रति शत्रुता का भाव मेरे मन में क्यों होगा?''
अपूर्व बोला, ''जिन लोगों के मन में आता है उनमें भी वह किस प्रकार आता है, बताइए तो? उनका भी तो उन्होंने कभी अनिष्ट नहीं किया।''
डॉक्टर बोले, ''इसीलिए तो आप जो कुछ कह रहे हैं सत्य नहीं है।''
इसे अस्वीकार करने से अपूर्व चौंक पड़ा। अविश्वास करने का उनमें साहस नहीं था। कुछ सोचकर बोला, ''राजा भले ही न हो, राज कर्मचारियों के विरुध्द जो षडयंत्र है वह तो असत्य नहीं है डॉक्टर साहब!''
कर्मचारी राजा के नौकर हैं, वेतन पाते हैं, और आज्ञापालन करते हैं, एक जाता है तो दूसरा आ जाता है। लेकिन इस सहज को जटिल और विराट को सूक्ष्म करके जब देखने की चेष्टा करता है तभी व्यक्ति सबसे बड़ी भूल करता है। इसलिए उन लोगों पर आघात करने को एक शक्ति के मूल में आघात करना कहकर कुछ लोग आत्मवंचना करते हैं, इतनी बड़ी सांघातिक व्यर्थता दूसरी नहीं है।''
अपूर्व बोला, ''लेकिन यह व्यर्थ काम करने वाले लोग क्या भारत में नहीं हैं?''
''हो सकते हैं।''
''अच्छा डॉक्टर साहब, सब लोग कहां रहते हैं और क्या करते हैं?'' अपूर्व ने पूछा।
उसकी उत्सुकता और व्यग्रता देखकर डॉक्टर केवल मुस्करा दिए। 
अपूर्व बोला, ''हंस क्यों दिए?''
डॉक्टर बोले, ''आपके चाचा होते तो समझ जाते। आपको विश्वास है कि मैं एनार्किस्टों का नेता हूं। मेरे ही मुंह से उत्तर की आशा करना क्या उचित होगा। अपूर्व बाबू!''
अपनी बुध्दिहीनता पर अपूर्व अप्रतिभ होकर बोला, ''आशा करना पूरी तरह अनुचित हो जाता अगर आप मुझे आज अपने दल में भर्ती न कर लेते। सदस्यों का इतनी बात जान लेने का अधिकार है। इससे अधिक जानने की उसे जरूरत नहीं है।''
''अधिकार है'' कहकर डॉक्टर हंस पड़े, ''विद्रोही दल के खाते में जिसका नाम लिखा गया है उसके प्रश्न का यही उत्तर है; इससे अधिक जानने की जरूरत नहीं है।''
अपूर्व तीखे स्वर में बोला, 'दल के खाते में झटपट नाम लिख लेने से ही तो कुछ नहीं होता। उसका फलाफल भी तो समझाना पड़ता है।''
''लेकिन उन लोगों ने क्या ऐसा नहीं किया है?''
''कुछ भी नहीं। 'पथ के दावेदार,' दावे का इतना ठाट-बाट है, यह कौन जानता था और आप भी थे। नाम लिखने के पहले आपको भी तो जान लेना उचित था कि मेरा वास्तविक उद्देश्य क्या है?''
डॉक्टर तनिक लज्जित होकर बोले, ''महिलाओं ने ही यह सब आयोजन किया है। वह ही जानती हैं-किसे सदस्य बनाएं, किसे नहीं। वास्तव में मैं इन लोगों की सभा की कोई विशेष बात नहीं जानता अपूर्व बाबू!'
अपूर्व समझ गया कि यह भी परिहास ही है। उत्कंठा और आशंका से क्रुध्द होकर बोला, ''छिपा क्यों रहे हैं। डॉक्टर साहब! सुमित्रा को ही अध्यक्ष बनाइए और जिसे जो चाहे बना दीजिए। यह दल आपका है और आप ही इसके सब कुछ हैं, इसमें संदेह नहीं। पुलिस की आंखों में आप धूल झोंक सकेंगे, लेकिन मेरी आंखों को धोखा नहीं दे सकते, यह समझ लीजिए।''
डॉक्टर ने आंखें फाड़कर कहा, ''मेरे दल का अर्थ एनार्किस्टों का दल ही तो है। आप व्यर्थ ही शंकित हो उठे हैं अपूर्व बाबू! आदि से अंत तक आपने गलत समझा है। यह लोग जीवन-मरण के खेल में शामिल हैं। वह लोग आपके जैसे कायर आदमी को अपने दल में क्यों शामिल करेंगे? वह क्या पागल हैं?''
अपूर्व लज्जा से लाल हो उठा, लेकिन उसकी छाती पर का भारी बोझ हट गया। 
डॉक्टर ने कहा, 'पथ के दावेदार' नाम रखकर सुमित्रा ने इस दल की स्थापना की है। जीवन-यात्रा में, पथ पर चलने का मनुष्य को कितना बड़ा अधिकार है, संस्था के सदस्य अपना पूरा जीवन लगाकर यही बात हर मनुष्य को बता देना चाहते हैं। सुमित्रा के अनुरोध पर जितने दिन यहां रहूंगा इस दल को सुसंगठित करने का प्रयत्न करूंगा। इसके अतिरिक्त मेरा कुछ संबंध नहीं। यह है समाज सुधारक। लेकिन समाज-सुधार के लिए घूमने को न तो मेरे पास समय है न धैर्य। हो सकता है कुछ दिन यहां रहूं। हो सकता है कल ही चलता बनूं। फिर जीवन भर भेंट न हो। मेरे जीने या मरने का समाचार भी सम्भव है आप तक न पहुंचे।''
यह वचन शांत और धीमे थे। उच्छ्वास का आवेग उनमें नहीं था। सव्यसाची का जो विवरण उसने चाचा जी से सुना था वह अपूर्व को याद आ गया। लेकिन तभी याद आया-वह तो पत्थर है उसके लिए पीड़ा का अनुभव कैसा?
उसने पूछा, ''सुमित्रा कौन है? आपसे कैसे परिचय हुआ?''
डॉक्टर थोड़ा हंस दिए। उत्तर न मिलने पर अपूर्व स्वयं समझ गया कि पूछना ठीक नहीं हुआ?
कुछ पल मौन रहकर डॉक्टर बोले, ''आपकी कृपा से आज रास्ता निर्विघ्न है। लेकिन अकसर होता नहीं। लेकिन आप क्या सोच रहे हैं, सुनूं तो?''
अपूर्व बोला, ''सोचता तो बहुत कुछ हूं। लेकिन....उसे छोड़िए। अच्छा आपने कहा, 'मनुष्य का पथ पर निर्विघ्न चलने का अधिकार।' जिस प्रकार आज हम लोग पथ पर निर्विघ्न चल रहे हैं-ऐसा ही न?''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''हां, कुछ-कुछ ऐसा ही।''
अपूर्व ने कहा, ''जो स्त्री पति को छोड़कर पथ के दावेदारों के सदस्य बनने आई है, वह भी मैं अच्छी तरह नहीं समझ सका।''
''मैं भी ठीक प्रकार से समझ गया हूं-कह नहीं सकता। उन सब बातों को सुमित्रा ही अच्छी तरह जानती है?''
अपूर्व ने पूछा, ''उसके पति शायद नहीं हैं?''
डॉक्टर चुप हो रहे। अपूर्व को लज्जा से फिर याद आया कि वह कोई उत्तर नहीं देंगे। डॉक्टर के मुंह की ओर देखकर उसे लगा मानो इस आश्चर्यमय व्यक्ति के अशांत जीवन के एक गोपनीय भाग को अचानक उसने देख लिया है, उसने स्पष्ट देखा-उस भीषण रूप से सतर्क व्यक्ति की आंखों पर एक धुंधला-सा जाला छा गया था। 
अपूर्व ने और कुछ नहीं पूछा। चुपचाप चलने लगा। 
अचानक डॉक्टर ने हंसकर पूछा, ''देखिए अपूर्व बाबू, आपसे मैं सच कहता हूं, स्त्रियों की यह प्रणय जनित मान-अभिमान की बातें-मैं कुछ नहीं समझता। इनमें बेकार ही समय नष्ट होता है। इतना समय मेरे पास कहां है!''
अपूर्व के प्रश्न का यह उत्तर नहीं था। वह चुप ही रहा। 
डॉक्टर बोले, ''चुप क्यों हो? बातचीत क्यों नहीं करते?''
''क्या कहूं, बताइए।''
डॉक्टर बोले, ''देखिए अपूर्व बाबू, भारती बहुत अच्छी लड़की है। जैसी बुध्दिमती है वैसी ही कर्मठ और शिष्ट भी।''
यह बात भी बेकार थी। लेकिन अपूर्व ने यह भी नहीं पूछा कि आप उससे कितने दिनों से परिचित हैं और किस प्रकार? वह बोला, ''हां।''
लेकिन डॉक्टर शायद अपनी अंतिम बात का ही सूत्र पकड़कर बोले, ''आपके विषय में उन्होंने बताया था कि आप भयंकर हिंदू हैं-एकदम कट्टर। भारती ने कहा था कि उसने इतने कट्टर हिंदू की भी जात बिगाड़ दी हैं।''
अपूर्व बोला, ''हो सकता है।''
उसकी तर्क करने की इच्छा नहीं थी। रास्ता भी लगभग समाप्त हो चला था। गली के मोड़ पर डॉक्टर ने जैसे अपने सुस्त मन को एकाएक झकझोर कर जगा दिया। बोले, ''अपूर्व बाबू?''
स्वर की तेजी से सचेत होकर अपूर्व ने सतर्क होकर कहा, ''कहिए।''
डॉक्टर बोले, ''मेरे यहां रहने की कोई आवश्यकता नहीं। मेरे चले जाने पर अपना संकोच छोड़कर सुमित्रा की सहायता कीजिएगा। ऐसी स्त्री आप सारे संसार में भी न पा सकेंगे। इसका 'पथ का दावेदार' कहीं निरादर तथा अवहेलना से मर न जाए।''
''तो फिर आप छोड़कर क्यों जा रहे हैं?''
''यहां से चले जाना ही मंगलमय है। मेरी सहायता की आप लोगों को जरूरत नहीं। सब लोग मिलकर इसे संगठित कीजिए। इसी के द्वारा देश का सबसे बड़ा कल्याण होगा।''
''नवतारा की घटना पर तो मैं विश्वास नहीं कर सकता डॉक्टर साहब।'' 
''लेकिन सुमित्रा पर तो करेंगे? विश्वास के लिए इतना ऊंचा स्थान और कहीं नहीं मिलेगा। अपूर्व बाबू! मैंने पहले ही बता दिया है कि स्त्रियों की बातें मैं बिल्कुल समझ नहीं सकता। लेकिन जब सुमित्रा कहती है कि विघ्न-बाधा हीन स्वतंत्र जीवन-यात्रा का मानव को अधिकार है तब इस दावे की किसी भी युक्ति से अवहेलना नहीं की जा सकती। केवल मनोहर के ही नहीं, अनेक लोगों के निर्दिष्ट मार्ग पर चलने से नवतारा का जीवन निर्विघ्न हो जाता- यह मैं जानता हूं। और जिस पथ को उसने स्वयं चुना है वह भी निरापद नहीं है। लेकिन स्वयं विपत्ति में डूबे रहकर मैं भी भला किस बूते पर उस पर विचार करूं, बताइए तो? सुमित्रा कहती है, इस जीवन को निर्विघ्न बिता पाना ही क्या मनुष्य का चरम कल्याण है? मनुष्य के विचार और प्रवृत्ति ही उसके कर्त्तव्य को निर्धारित करते हैं। लेकिन दूसरों के द्वारा निर्धारित विचारों और प्रवृत्ति के द्वारा जब वह अपने स्वाधीन विचारों का मुंह बंद कर देता है तब उससे बढ़कर आत्महत्या तो मनुष्य के लिए कुछ हो ही नहीं सकती। इस बात का कोई भी उत्तर मैं खोजने पर भी नहीं पा सकता हूं अपूर्व बाबू!''
''लेकिन यदि सभी अपने ही विचारों के अनुसार...?''
डॉक्टर ने बीच में ही रोककर कहा, ''अर्थात अगर सभी अपने ही विचारों के अनुसार काम करना चाहें? उस दिशा में कैसा कांड होगा-यह बात आप एक बार सुमित्रा से पूछकर देखिए।''
अपने प्रश्न की त्रुटि समझकर अपूर्व उसे सुधारना चाहता था लेकिन समय नहीं मिला। डॉक्टर ने रोककर कहा, ''लेकिन अब कोई तर्क नहीं चलेगा अपूर्व बाबू! हम लोग अब पहुंच गए। इस विषय में फिर कभी बात की जाएगी।''
अपूर्व ने देखा, वही लाल रंग का विद्यालय-उसके दो तल्ले के भारती के कमरे में उस समय भी रोशनी दिखाई दे रही थी।
डॉक्टर ने पुकारा, ''भारती?''
खिड़की से झांककर भारती ने व्याकुल स्वर में पूछा, ''विजय से आपकी भेंट हुई डॉक्टर साहब? वह आपको बुलाने गया है।''
डॉक्टर ने हंसकर कहा, ''तुम लोगों को प्रेसीडेंट का आदेश ही तो है। लेकिन कोई भी आदेश इतनी रात गए किसी को भी उस रास्ते से भेज नहीं सकेगा। देख रही हो किसी को साथ लौटा लाया हूं।''
भारती ने ध्यान से देखकर अंधेरे में भी पहचान लिया, बोली, ''ठीक नहीं किया। लेकिन आप शीघ्र जाइए। नरहरि ने शराब पीकर अपनी हेम के सिर पर कुल्हाड़ी मार दी है। बचेगी या नहीं, इसमें संदेह है। सुमित्रा दीदी वहीं गई हैं।''
डॉक्टर बोले, ''अच्छा ही तो किया है। मरती हो तो मर जाए। लेकिन मेरे अतिथि....?''
भारती बोली, 'महिलाओं पर आपकी विशेष अनुकम्पा रहती है। लेकिन हेम के बजाय अगर नरहरि के साथ ऐसा हुआ होता तो आप अब तक दौड़े चले गए होते।''
''मान लो, दौड़ा चला जा रहा हूं। लेकिन मेरे अतिथि....?''
भारती दीपक लिए नीचे आ गई और द्वार खोलकर बोली, ''अब आप देर मत कीजिए।''
''लेकिन क्या इनको ईसाई आतिथ्य स्वीकार होगा? इनको छोड़कर कैसे जाऊं भारती? उसे तुम लोगों ने अस्पताल भेजने की व्यवस्था क्यों नहीं की?''
भारती नाराज होकर बोली, ''जो कुछ करना हो कीजिए। आपके पैर पड़ती हूं, देर न कीजिए। इनको मैं संभाल लूंगी। मुझे अभ्यास है। कृपया आप फौरन चले जाइए।''
अपूर्व कुछ कहना ही चाहता था लेकिन उससे पहले ही डॉक्टर तेजी से अंधेरे में विलीन हो गए। 

सीढ़ियां चढ़कर अपूर्व भारती के कमरे में पहुंचा और अच्छी तरह देखकर एक आराम कुर्सी बिछाकर लेट गया। 
कुछ देर बाद जब भारती ने ऊपर आकर तिपाई पर दीपक रखा तो अपूर्व को एकाएक लज्जा का अनुभव हुआ। यह कोई नई बात नहीं थी। इससे पहले भी उन दोनों ने एक कमरे में रात बिताई है, लेकिन आज यह लज्जा क्यों? वह मन-ही-मन इसका कारण खोजने लगा तो सहसा उसे तिवारी की याद आ गई। भारती ने उसे जगाने का प्रयास नहीं किया। लेकिन पुराने मकान के दरवाजे-खिडकियां बंद करने में जो खटपट की आवाज हुई, यह वास्तविक नींद के लिए अत्यंत विघ्नकारक थी। अपूर्व उठ बैठा। आंखें मलकर जंभाई लेते हुए बोला, ''ओह, इतनी रात को फिर लौट आना पड़ा।''
''जाते समय यह बात बताकर क्यों नहीं गए? सरकार जी से कहकर आपके लिए भोजन मंगवाकर रख लेती?''
''लौट आने की बात क्या मैं जानता था?''
भारती ने सहज स्वर में कहा, ''मुझसे ही भूल हुई। भोजन के बारे में उनसे उसी समय कह देना चाहिए था। इतनी रात गए यह बखेड़ा उठाने की नौबत न आती। इतनी देर तक आप लोग कहां बैठे रहे?''
''उन्हीं से पूछिए कि तीन कोस का मार्ग चलना, बैठकर समय बिताना कहलाता है या नहीं?''
भारती बोली, ''गोरख धंधे में पड़ गए थे, यही न। फिर चलना ही सार निकला,'' यह कहकर खड़े होने के बाद जरा हंसकर बोली, ''संध्या आदि अब भी करते हैं या नहीं? कपड़ा दे रही हूं। इन कपड़ों को उतार दीजिए।'' यह कहकर आंचल समेत चाबियों का गुच्छा हाथ में लेकर एक अलमारी खोलती हुई बोली, ''बेचारा तिवारी घबरा जाएगा। लगता है ऑफिस से लौटने पर एक बार भी डेरे पर जाने का समय नहीं मिला।''
अपूर्व क्रोध को दबाते हुए कहा, ''अवश्य ही आप ऐसी अनेक वस्तुएं देख लेती हैं, जिन्हें मैं नहीं देख पाता, स्वीकार करता हूं इसे। लेकिन कपड़ा निकालने की जरूरत नहीं है। संध्या आदि का झंझट कहीं नहीं गया। इस जन्म में जाएगा-ऐसा भी समझ में नहीं आता। लेकिन आपके दिए कपडे से इसके लिए सुविधा नहीं होगी। रहने दीजिए। कष्ट मत कीजिए।''
''पहले देखिए तो कि मैं क्या देती हूं।''
''मैं जानता हूं। टसर रेशम। लेकिन मुझे जरूरत नहीं। मत निकालिए।''
''संध्या नहीं करेंगे?''
''नहीं।''
''सोएंगे क्या पहनकर? कोट-पतलून पहनकर?''
''हां।''
''खाना भी नहीं खाइएगा?''
''नहीं।''
''सच?''
अपूर्व ने बिगड़कर कहा, ''आप क्या खेल कर रही हैं?''
भारती उसके चेहरे की ओर देखकर बोली, ''खेल तो आप ही कर रहे हैं, क्या आप में शक्ति है कि भोजन न करके, उपवास करके रह सकें?''
यह कहकर उसने अलमारी खोली। टसर की एक सुंदर साड़ी निकालकर बोली, ''एकदम पवित्र है। मैंने इसे कभी पहना नहीं है। उस छोटे कमरे में जाकर कपड़े बदल आइए। नीचे नल है। हाथ-मुंह धोकर संध्या-पूजा कर लीजिए।''
अचानक उसकी बातचीत का ढंग ऐसा बदल गया कि अपूर्व अवाक् रह गया। धीरे से बोला, ''लाइए कपड़ा। मैं नीचे जाऊं, लेकिन मैं किसी के हाथ का भात न खा सकूंगा। यह कहे देता हूं।''
भारती कोमल होकर बोली, ''सरकार जी अच्छे ब्राह्मण हैं। आचारहीन नहीं हैं। स्वयं रसोई बनाते हैं। सब खाते हैं उनके हाथ का। कोई भी आपत्ति नहीं करता। डॉक्टर साहब का खाना भी उन्हीं के यहां से आता है।''
अपूर्व का संदेह तब भी दूर नहीं हुआ। उदास मन से बोला, ''जिस-तिस के हाथ की वस्तु से मुझे घृणा होती है।''
भारती हंसकर बोली, ''जिस-तिस के हाथ की वस्तु खाने के लिए क्या मैं आपको दे सकती हूं? मैं उन्हीं से मंगवाऊंगी। तब तो आपको कोई आपत्ति नहीं होगी?'' -यह कहकर वह हंस पड़ी।
अपूर्व नीचे चला गया। लेकिन उसके चेहरे का भाव देखकर भारती को यह समझने में देर नहीं लगी कि होटल का खाना खाने में उसे संकोच हो रहा है।
अपूर्व रेशमी साड़ी लपेटकर काठ की बेंच पर बैठा संध्या कर रहा था। भारती बाहर जाती हुई बोली, ''सरकार जी को लेकर लौटने में मुझे देर नहीं लगेगी। तब तक आप नीचे ही रहिएगा।''
भारती को लौटने में देर हुई भी नहीं। अपूर्व संध्या-पूजा कर चुका था। भारती के साथ सरकार जी थे। उनके हाथ में भोजन का थाल था। धरती पर जल छिड़ककर फिर चौका ठीक करके थाल रख दिया।
उसके जाने पर भारती ने हाथ जोड़कर कहा, ''यह म्लेच्छ का अन्न नहीं है। सब खर्च डॉक्टर साहब ने किया है। आप संकोच छोड़कर भोजन कीजिए।''
अपूर्व इस परिहास को प्रसन्नता से सहन न कर सका। वह किसी का छुआ अन्न नहीं खाता। होटल के भोजन में उसकी रुचि नहीं है। लेकिन व्यय किसी म्लेच्छ ने किया या ब्राह्मण ने, इसके लिए बेकार का कट्टरपन उसमें नहीं है। उसके बड़े भाइयों ने उसकी शुध्दाचारिणी मां को अनेक दु:ख दिए हैं। भली हो या बुरी हो, उसे माता की आज्ञा का उल्लंघन करने में अत्यंत पीड़ा होती है। भारती यह नहीं जानती-ऐसी बात नहीं है। फिर भी इस व्यंग्य से उसका मन दु:खी हो उठा। लेकिन कोई उत्तर न देकर वह आसन पर आ बैठा और भोजन करने लगा। 
भारती कुछ दूर धरती पर बैठी रही। सहसा वह मन-ही-मन कुंठित हो उठा। ईसाई होने का कारण वह होटल के रसोईघर में नहीं गई थी। इतनी रात गए, सबका खाना-पीना हो चुकने के बाद जो कुछ बचा था, सरकार जी उसी को उठा लाए थे। उसे भारती ने देखा नहीं था।
कमरे में रोशनी पूरी न होते हुए भी उसे जो खाना दिखाई दिया उसे देखते ही स्तब्ध हो उठी। कितनी ही बार उसने अपने ऊपर वाले कमरे के फर्श के छेद से झांककर चोरी-छिपे इस व्यक्ति का भोजन करते देखा था। तिवारी की छोटी-से-छोटी गलती से ही इस चिड़चिड़े आदमी को भोजन बर्बाद होते भारती ने अनेक बार देखा था। वही व्यक्ति आज चुपचाप जब उस न खाने योग्य भोजन को खाने लगा तो वह चुप न रह सकी। व्याकुल होकर बोल उठी-''रहने दीजिए, रहने दीजिए-इसे खाने की आवश्यकता नहीं, आप इसे नहीं खा सकेंगे।''
अपूर्व विस्मित होकर बोला, ''खा न सकूंगा? क्यों....?''
''नहीं, नहीं खा सकते।''
''नहीं, खा सकूंगा? यह कहकर वह खाने ही जा रहा था कि भारती पास आकर बोली? आप तो खा सकेंगे लेकिन मैं खिला नहीं सकूंगी, खाकर बीमार पड़ने पर इस देश में मुझे ही तो भरना पड़ेगा। उठिए।''
अपूर्व ने उठकर पूछा, ''तो मैं क्या खाऊंगा?'' यह कहकर उसने भारती की ओर इस तरह देखा कि उसकी असहाय भूख की बात भारती से छिपी न रह सकी।
अपूर्व शांत आज्ञाकारी बालक के समान हाथ धोकर ऊपर की मंजिल पर चला गया। कुछ देर बाद ही सरकार जी और उनके होटल के सहयोगी आ गए। एक आदमी के हाथ में फरूही की डाली और दूध की कटोरी थी, दूसरे के हाथ में थोड़े से फल और जल का लोटा था। यह आयोजन देख, वह मन-ही-मन प्रसन्न हो उठा। प्रसन्न होकर उसने खाने में मन लगाए। दरवाजे के बाहर सीढ़ी के पास खड़ी भारती देखती रही।
अपूर्व बोला, ''कमरें में आ जाइए। काठ के फर्श का स्पर्श-दोष मानने से बर्मा में नहीं रहा जा सकता।''
भारती हंसकर बोली, ''यह क्या कह रहे हैं? आप तो बहुत उदार हो गए हैं।''
अपूर्व ने कहा, ''वास्तव में इसमें कोई दोष नहीं है। डॉक्टर साहब ने कहा, 'चलिए, लौट चलें,' मैं लौट आया। यहां शराबियों की वजह से खून-खराबी हो गई है, यह कौन जानता था।''
''जानते तो क्या करते?''
''मेरे लिए आपको इतना कष्ट उठाना पडेग़ा, यह जानता तो कभी न लौटता।''
भारती बोली, ''सम्भव है। लेकिन मैंने तो सोचा था कि आप स्वयं अपनी इच्छा से लौट आए हैं।''
अपूर्व का चेहरा लाल पड़ गया। मुंह का ग्रास निगलकर बोला, ''कभी नहीं, कभी नहीं। कल डॉक्टर बाबू से पूछकर देख लेना।''
''पूछताछ की क्या जरूरत है? आप क्या झूठ बोलेंगे?''
उत्तर सुनकर अपूर्व जल उठा। उसके लौटने पर भारती ने जो विचार प्रकट किया उसे याद करके बोला, ''झूठ बोलना मेरा स्वभाव नहीं है। आप विश्वास नहीं कर सकतीं?''
''मैं क्यों विश्वास करूंगी?''
''मैं यह नहीं जानता। जिसका जैसा स्वभाव होता है....'' कहकर मुंह नीचा करके भोजन करने लगा। 
''आप बेकार ही नाराज हो रहे हैं। डॉक्टर साहब के कहने से न आकर अपनी इघ्छा से ही आ जाने में क्या दोष है? वह जो आप स्वयं खोजते हुए मेरे पास आए उसमें भी क्या दोष था?''
''संध्या को हाल-चाल जानने के लिए आना और आधी रात को लौटकर आना, दोनों में अंतर है।''
भारती बोली, ''नहीं है। इसीलिए तो मैंने आपसे पूछा था कि अगर बताकर गए होते तो खाने-पीने की इतनी परेशानी न होती। सब कुछ ठीक-ठाक करके रखवा दिया होता।''
अपूर्व चुपचाप भोजन करने लगा। जब भोजन समाप्त हो गया तो अचानक मुंह ऊपर उठाकर देखा.... भारती स्निग्ध होकर और कौतुक भरी नजरों से चुपचाप उसकी ओर देख रही है। बोली, ''देखिए तो, खाने में कितना कष्ट हुआ।''
''आज आपको न जाने क्या हो गया है। सीधी-सी बात भी समझ नहीं पा रहीं।''
''और ऐसा भी तो हो सकता है कि बात सीधी-सादी न हो सकने के कारण समझ में न आ रही हो,'' कहकर भारती खिलखिलाकर हंस पड़ी।
अपूर्व भी हंस पड़ा। उसे संदेह हुआ कि इतनी देर से भारती शायद उसे झूठमूठ ही परेशान कर रही थी। 
जल समाप्त हो गया था। खाली गिलास देखकर भारती व्यग्र हो उठी ''यह जो....?''
''क्या और जल नहीं है?''
''है तो,'' कहकर भारती क्रुध्द होकर बोली, ''इतना नशा करने से मनुष्य को याद नहीं रहता। पीने के पानी का लोटा शिबू नीचे के नल पर ही छोड़ गया। अब आप हाथ धोकर पी लीजिए। लेकिन क्रोध मत कीजिए, यह कहे देती हूं।''
अपूर्व ने हंसते हुए कहा, ''इसमें क्रोध करने की क्या बात है?''
भोजन के समय पीने भर को जल न मिलने पर बड़ी अतृप्ति होती है। लगता है पेट नहीं भरा। लेकिन इसीलिए कुछ छोड़कर उठ जाने से भी तो काम नहीं चलता। अच्छा जाऊं, जल्दी से शिबू को बुला लाऊं।''
भोजन समाप्त हो चुका था। फिर भी जबर्दस्ती दो-चार कौर मुंह में ठूंसकर जब वह उठकर खड़ा हुआ तो उसे लज्जा महसूस होने लगी। बोला, ''मैं सच कह रहा हूं, मुझे किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। मैं हाथ धोने के बाद पानी पी लूंगा।''
भारती हंसकर बोली, ''मैं रोशनी दिखाती हूं। आप नीचे चलकर मुंह धो लीजिए। जल का लोटा सामने ही रखा है। भूल न जाइएगा।''
हाथ-मुंह धोकर अपूर्व जब ऊपर आया तो देखा कि उसकी जूठन हटाकर भारती ने जगह साफ कर दी है। एक ओर छोटी तिपाई पर तश्तरी में इलायची-सुपारी आदि रखी है। भारती के हाथ से तौलिया लेकर हाथ-मुंह पोंछकर, इलायची-सुपारी मुंह में डालकर वह आराम कुर्सी पर आ बैठा। बोला ''ओह इतनी देर के बाद शरीर में जैसे प्राण आ गए। कितनी जोर की भूख लगी थी।''
फिर दीपक के प्रकाश में भारती का चेहरा देखकर बोला, ''देख रहा हूं आपको भी सर्दी लग रही है।''
''नहीं तो.... कहां?''
''नहीं क्यों? गला भारी है, आंखें सूजी हुई हैं। ठंड बहुत है। अब तक इस ओर मेरा ध्यान नहीं गया था।''
भारती ने उत्तर नहीं दिया। 
अपूर्व बोला, ''ठंड का अपराध क्या है? इतनी रात गए दौड़-धूप जो करनी पड़ी है।''
कुछ रुककर फिर बोला, 'लौटकर मैंने आपको व्यर्थ ही कष्ट दिया, लेकिन कौन जानता था कि डॉक्टर साहब बुलाकर अंत में आफत आपके गले मढ़कर स्वयं खिसक जाएंगे। भुगतना तो आपको पड़ा।''
भारती बोली, ''यही हुआ। लेकिन जब भगवान ने बोझा खींचने का काम सौंपा है तो फिर नालिश किससे करने जाऊं?''
अपूर्व आश्यर्च से बोला, ''इसका क्या अर्थ है?''
भारती उसी तरह काम करते-करते बोली, ''अर्थ मैं नहीं जानती। लेकिन देख रही हूं कि जब से आपने बर्मा में पांव रखा है तब से मैं ही बोझ ढो रही हूं। पिताजी से झगड़ा आपने किया, दंड मैंने भोगा। घर पर पहरेदारी के लिए तिवारी को आपने छोड़ा, उसकी सेवा करते-करते मर मिटी मैं। भय लग रहा कि कहीं सारा जीवन आपका बोझ ही न ढोना पड़े।.... रात हो गई, सोइएगा कहां?''
''मैं क्या जानूं?''
भारती बोली, ''होटल में डॉक्टर साहब के कमरे में आपके लिए बिस्तर ठीक करने को कह आई हूं। शायद व्यवस्था हो गई हो।''
''वहां मुझे कौन ले जाएगा? मुझे तो पता नहीं।''
''मैं चलती हूं।''
''चलिए,'' कहकर अपूर्व उठ खड़ा हुआ। फिर कुछ संकोच के साथ बोला, ''लेकिन तकिया और बिछौने-चादर लेता जाऊंगा। दूसरे के बिछौने पर मैं सो नहीं पाऊंगा।''
यह कहकर बिछौना उठाने जा रहा था कि भारती ने रोक दिया। इतनी देर के बाद उसका गम्भीर चेहरा हंसी से खिल उठा। लेकिन उसे छिपाने के लिए मुंह फेरकर धीरे से बोली, ''यह भी तो दूसरे का ही बिछौना है अपूर्व बाबू! इस पर बैठने में आपको घृणा का अनुभव न होता हो तो भारी आश्चर्य है। लेकिन अगर ऐसी ही हो तो आपको होटल में सोने की जरूरत ही क्या है। आप यहीं सोइए।''
''लेकिन आप कहां सोएंगी? आपको कष्ट होगा।'' भारती बोली, ''नहीं,'' फिर उंगली से दिखाकर कहा, ''उस छोटे से कमरे में कुछ बिछाकर मैं अच्छी तरह सो सकूंगी। केवल काठ के फर्श पर हाथ को ही तकिया बनाकर तिवारी के पास कितनी ही रातें बितानी पड़ी थीं।''
एक महीने पहले की बात याद करके अपूर्व बोला, ''एक रात मैंने भी देखा था।''
भारती ने हंसते हुए कहा, ''यह बात आपको याद है? आज उसी तरह फिर देख लेना।''
''तब तो तिवारी बहुत बीमार था। लेकिन अब लोग क्या सोचेंगे?''
''सोचेंगे क्या? दूसरों के बारे में व्यर्थ की कुछ सोचने का छोटा मन यहां किसी का नहीं है।''
''लेकिन नीचे की बेंच पर भी तो मैं सो सकता हूं?''
भारती बोली, ''तब, जब मैं सोने दूं। इसकी आवश्यकता नहीं है। मैं आपके लिए अस्पृश्य हूं। इसलिए आपसे मुझे कोई हानि पहुंच सकती है, यह भय नहीं है।''
अपूर्व आवेग से बोला, ''मुझसे आपका कभी अकल्याण हो सकता है, यह भय मुझे भी नहीं है। लेकिन किसी को अस्पृश्य कहने से मुझे सबसे अधिक पीड़ा होती है। अस्पृश्य शब्द में घृणा का भाव है। लेकिन आपसे तो घृणा नहीं करता। हम लोगों की जाति अलग है, इसलिए आपका छुआ मैं खा नहीं सकता। लेकिन इसका कारण क्या घृणा है? यह झूठ है। इसके लिए आप मन-ही-मन मुझसे घृणा करती हैं। उस दिन भोर में ही मुझे अथाह सागर में डालकर जब आप चली आईं उस समय की आपकी मुखाकृति मुझे आज भी याद है। उसे मैं जीवन भर न भूल सकूंगा।''
''सब कुछ चाहे भूल जाएं लेकिन मेरा यह अपराध न भूलिएगा।''
''कभी नहीं।''
''मेरी उस मुखाकृति में क्या भावना थी? घृणा?''
''अवश्य ही।''
भारती हंस पड़ी। बोली, ''अर्थात मनुष्य का मन समझने की बुध्दि आपकी अत्यंत तीक्ष्ण है। है या नहीं? लेकिन अब जरूरत नहीं है। आप सो जाइए। मुझे तो रात को जगने का अभ्यास है। लेकिन आप और अधिक जागेंगे तो मुझे भुगतना होगा,'' कहकर वह पास की कोठरी में चली गई।
भारती चली गई लेकिन अपूर्व की आंखों में नींद की छाया तक न थी। कमरे के एक कोने में टंगी हुई बत्ती टिमटिमा रही थी। बाहर रात का अंधकार छाया हुआ था। उसका सम्पूर्ण शरीर मानो रोम-रोम में यह अनुभव करने लगा कि कमरे में इस बिस्तर पर, इस नीरव रात में इसी प्रकार चुपचाप सो रहने की तरह सुन्दर वस्तु तीनों लोक में नहीं है।
प्रात:काल उसकी नींद भारती के पुकारने पर टूटी। आंखें खोलते ही उसने देखा- वह उसके पैरों के पास खड़ी है।
''उठिए, क्या ऑफिस नहीं जाना है।''
''जाना तो है। देख रहा हूं, आप नहा भी चुकी हैं।''
''आपको भी सारे काम जल्दी निपटा लेने चाहिए। कल अतिथि-सत्कार में काफी त्रुटि हुई। लेकिन आज हमारी प्रेसीडेंट का आदेश है कि आपको अच्छी तरह खिलाए-पिलाए बिना किसी भी तरह से न जाने दिया जाए।''
अपूर्व ने पूछा, ''कल वाली स्त्री बच गई?''
''उसे अस्पताल भेज दिया गया। बचने की आशा तो है।''
उस स्त्री को अपूर्व ने कभी देखा नहीं था। फिर भी उसके कुशल-समाचार से उसने बड़ी राहत महसूस की। आज किसी का कोई भी अकल्याण मानो वह सह नहीं सकेगा। उसे ऐसा महसूस हुआ।
स्नान, संध्या-पूजा आदि समाप्त करके, कपड़े पहनकर तैयार होकर जब वह ऊपर पहुंचा तो लगभग नौ बज चुके थे। इसी बीच चौका ठीक करके सरकार जी भोजन रख गए। अपूर्व ने आसन पर बैठकर पूछा, ''आपकी प्रेसीडेंट से तो मेरी भेंट नहीं हुई। क्या उनके अतिथि-सत्कार की यही रीति है।''
''आपके जाने से पहले भेंट हो जाएगी। आपके साथ उनको शायद कुछ जरूरी काम भी है।''
''और डॉक्टर साहब-जो मुझे बुलाकर लाए हैं? शायद वह अभी बिछौने पर ही पड़े हैं।''
''बिछौने पर लेटने का उन्हें समय ही नहीं मिला। अभी-अभी अस्पताल से आए हैं। सोने, न सोने किसी का भी उनके निकट कोई मूल्य नहीं है।''
अपूर्व ने पूछा? ''इससे क्या वह बीमार नहीं पड़ते?''
''मैंने तो देखा नहीं। लगता है सुख-दु:ख दोनों ही उनसे हार मान कर भाग गए हैं। सामान्य मनुष्य के साथ उनकी तुलना नहीं की जा सकती।''
''उनके प्रति आप सब लोगों की अपार श्रध्दा है।''
''श्रध्दा है। श्रध्दा तो अनेक लोगों को अनेक चीजों पर होती है।'' कहते-कहते उसका कंठ स्वर अचानक भारी हो उठा। बोली, ''उनके जाते समय जी चाहता है कि रास्ते की धूल पर लेटी रहूं। वह छाती के ऊपर पैर रखकर चले जाएं। इच्छा होती है लेकिन आशा कभी पूरी नहीं होती अपूर्व बाबू!'' यह कहकर उसने मुंह फेरकर झटपट आंखों के दोनों कोने पोंछ डाले।
अपूर्व ने कुछ नहीं पूछा। चुपचाप भोजन करने लगा। उसे बार-बार याद आने लगा कि सुमित्रा और भारती के समान इतनी पढ़ी-लिखी और बुध्दिमती नारियों के हृदय में जिस व्यक्ति ने इतनी ऊंचाई पर सिंहासन बना लिया है। भगवान ने उसे किस धातु का बनाकर इस संसार में भेजा है। उसके द्वारा वह कौन-सा असाधारण कार्य सम्पन्न कराएंगे?
ऑफिस के कपड़े पहनकर तैयार होकर उसने कहा, ''चलिए, डॉक्टर साहब से भेंट कर आएं।''
''चलिए, उन्होंने आपको बुलाया भी है।''
सरकार जी के जीर्ण-शीर्ण होटल के एक बहुत ही भीतरी कमरे में डॉक्टर साहब रहते हैं। रोशनी नहीं है, हवा नहीं है। आस-पास गंदा पानी जमा हो जाने से बदबू फैल रही है। अत्यंत पुराने तख्तों पर पैर रखने से लगता है कि कहीं टूट कर न गिर पड़े। ऐसे ही एक गंदे तथा भद्दे कमरे में रास्ता दिखाती हुई भारती उसे ले गई तो उसके आश्चर्य की सीमा न रही। उस कमरे में पहुंचकर कुछ देर तक तो अपूर्व को कुछ दिखाई ही नहीं दिया।
डॉक्टर साहब ने स्वागत करते हुए कहा, ''आइए, अपूर्व बाबू!''
''ओह कैसा भयानक कमरा आपने ढूंढ़ निकाला है डॉक्टर साहब?''
''लेकिन कितना सस्ता है। दस आने महीना किराया है-बस।''
''अधिक है, बहुत अधिक है। दस पैसे ही उचित होता।''
डॉक्टर साहब बोले, ''हम दु:खी लोग किस तरह रहते हैं, आपको आंखों से देखना चाहिए। बहुतों के लिए तो यही राज महल है।''
''तब तो भगवान मुझे महल से वंचित ही रखें।''
''सुना है, कल रात आपको बहुत कष्ट उठाना पड़ा। क्षमा कीजिएगा।''
''क्षमा तभी करूंगा जब आप यह कमरा छोड़ देंगे, इससे पहले नहीं।''
डॉक्टर हंस पड़े। बोले, ''अच्छा ऐसा ही होगा।''
अब तक अपूर्व ने देखा नहीं था। उसे एक मोढ़े पर बैठी सुमित्रा को देखकर आश्चर्य हुआ। ''आप यहां हैं? मुझे क्षमा करें, आपको मैंने देखा ही नहीं था।''
''अपराध आपका नहीं, अंधकार का है अपूर्व बाबू!''
अपूर्व ने धीरे से कहा, ''डॉक्टर साहब, आज आपका पहनावा कैसा है? क्या कहीं बाहर जा रहे हैं?''
डॉक्टर के सिर पर पगड़ी, बदन पर लम्बा कोट, ढीला पाजामा, पैरों में रावलपिंडी का नागौरी जूता। सामने चमड़े के बंधे कई गट्ठर थे। बोले, ''मैं तो अब जा रहा हूं अपूर्व बाबू! यह सभी लोग.... रहेंगे। आपको देखभाल करनी होगी। इससे अधिक आपको कुछ कहना मुझे आवश्यक नहीं जान पड़ता।''
अपूर्व घबराकर बोला, ''अचानक कैसे जा रहे हैं? कहां जाना है?''
डॉक्टर ने शांत स्वाभाविक स्वर में कहा, ''हम लोगों के शब्दकोश में क्या 'अचानक' शब्द होता है अपूर्व बाबू? मामो के रास्ते में जाना है। उसके भी और उत्तर में। कुछ सच्ची जरी का माल है। सिपाही अच्छे दामों में खरीद लेते हैं।'' यह कहकर वह हंस पड़े।''
सुमित्रा बोल उठी, ''उन लोगों को पेशावर से एकदम हटाकर मामो लाया गया है। तुम जानते हो, उन लोगों पर कैसी बुरी निगरानी रहती है। तुमको बहुत से लोग पहचानते हैं। यह मत सोच लेना कि सबकी आंखों में धूल झोंक सकोगे। इधर कुछ दिनों तक न जाने से क्या काम नहीं चलेगा?''
अंतिम वाक्य कहते समय उसका स्वर कुछ विचित्र-सा सुनाई पड़ा।
डॉक्टर ने कहा, ''तुम तो जानती ही हो कि न जाने से काम नहीं चलेगा।''
सुमित्रा ने फिर कुछ नहीं कहा। लेकिन क्षण भर में अपूर्व सारी घटना समझ गया। उसके समूचे शरीर में आग-सी जलने लगी। किसी प्रकार पूछ बैठा, ''मान लीजिए, यदि उनमें से कोई पहचान ही ले, यदि पकड़ ले?''
डॉक्टर बोले, ''सम्भव है... पकड़ लेने पर फांसी दे देंगे। लेकिन अब दस बजे की ट्रेन छूटने में देर नहीं है अपूर्व बाबू! मैं जा रहा हूं।'' यह कहकर उन्होंने फीते से बंधे बहुत बड़े पुलिंदे को बड़ी आसानी से पीठ पर रखा और चमड़े का बैग हाथ में उठा लिया। 
अभी तक भारती ने एक शब्द भी नहीं कहा था। बिना कुछ बोले पैरों में गिरकर प्रणाम कर लिया। सुमित्रा ने भी प्रणाम किया। लेकिन पैरों के पास नहीं एकदम पैरों के ऊपर गिरकर।
डॉक्टर ने कमरे के बाहर आकर अपूर्व के हाथ को पिछली रात की तरह अपनी मुट्ठी में भींचकर कहा, ''मैं अब जा रहा हूं अपूर्व बाबू!-मैं ही सव्यसाची हूं।''
अपूर्व का चेहरा एकदम सूख गया। गले से एक शब्द भी नहीं निकला, लेकिन आंखों के पलकों के गिरते-गिरते उसके पैरों के पास स्त्रियों की तरह धरती पर गिरकर प्रणाम किया। डॉक्टर ने उसके सिर पर हाथ रखा और दूसरा हाथ भारती के सिर पर रखकर धीमे स्वर में क्या कहा सुनाई नहीं दिया। फिर वह तेजी से बाहर निकल गए। 

भारती और अपूर्व दोनों ने पीछे की ओर के बंद दरवाजे की ओर मुड़कर देखा, लेकिन किसी ने कुछ कहा नहीं। दोनों चुपचाप होटल से बाहर आने लगे तो भारती ने कहा, ''चलिए अपूर्व बाबू, हम लोग अपने कमरे में चलें।''
''लेकिन मेरा तो ऑफिस का समय....।''
''रविवार को भी ऑफिस?''
''रविवार?.... यह बात है?'' अपूर्व प्रसन्न होकर बोला, ''यह बात सवेरे याद आ जाती तो नहाने-खाने के लिए इतना घबराने की जरूरत ही न पड़ती। आपको इतनी बातें याद रहती हैं लेकिन इस बात को भूल गईं।''
''ऐसा ही हुआ है लेकिन कल रात को आपका निराहार रहना मैं नहीं भूली।''
अपूर्व बोला, ''देर करने के लिए अब समय नहीं है। बेचारा तिवारी परेशान हो रहा होगा।''
भारती बोली, ''नहीं हो रहा। आपके जागने से पहले ही उसे आपकी कुशलता की सूचना मिल चुकी है।''
''उसे क्या पता कि मैं यहा हूं?''
''पता है। मैंने आदमी भेज दिया था।''
यह सुनकर अपूर्व के मन पर से भारी बोझ उतर गया। तिवारी और जो कुछ भी क्यों न करे, लेकिन भारती के मुंह से निकली बात पर मर जाने की स्थिति में भी अविश्वास नहीं करेगा। प्रसन्न होकर अपूर्व बोला, ''आपकी नजर चारों ओर रहती है। घर पर भाभी को भी देखा है। मां को भी देखा है लेकिन हर ओर जिसकी दृष्टि रहे, ऐसा कोई नहीं देखा। सच कहता हूं, आप जिस घर की स्वामिनी होंगी उस घर के लोग आंखें मुंदकर दिन बिताएंगे। किसी को कभी कोई कष्ट नहीं उठाना पड़ेगा।''
भारती के चेहरे पर बिजली-सी दौड़ गई। अपूर्व ने इसे नहीं देखा। वह पीछे-पीछे आ रहा था। 
''इस पराए देश में आप न होती तो मेरी क्या दशा होती बताइए तो? सब कुछ चोरी हो जाता। शायद तिवारी कमरे में ही मर जाता। ब्राह्मण के लड़के को डोम-मेहतर खींचकर उठाते। मैं भी क्या रह पाता? नौकरी छोड़कर शायद चला जाना पड़ता। उसके बाद वही स्थिति। भाभियों की गर्जना और मां की आंखों के आंसू। आप ही तो सब कुछ हैं। सब कुछ बचा दिया आपने।''
''फिर भी आपने आते ही मेरे साथ झगड़ा मचा दिया था।''
अपूर्व लज्जित होकर बोला, ''सारा दोष तिवारी का ही है। लेकिन मां यह सुनकर आपको कितना आशीर्वाद देंगी, यह आप नहीं जानतीं?''
''कैसे जानूं? मां के आने पर उन्हीं के मुंह से तो सुन पाऊंगी।''
''मां आएंगी, इस बर्मा में? यह आप क्या कह रही हैं?''
भारती ने बल देकर कहा, ''क्यों नहीं आएंगी। कितनों ही की मां आए दिन आ रही हैं। यहां आने से क्या किसी की जाति चली जाती है?''
अपूर्व जाकर आराम कुर्सी पर बैठ गया। भारती बोली, ''भाभियां मां की अच्छी तरह सेवा नहीं करतीं। आपको बहुत दिनों तक विदेश में नौकरी करके रहना पड़े तो उनकी सेवा कौन करेगा?''
''मां कहती हैं, छोटी दुल्हन उनकी सेवा करेगी।''
भारती बोली, ''अगर वह भी सेवा न करे तो? आप रहेंगे विदेश में, बड़ी बहुओं की देखा-देखी यदि वह भी उनकी तरह मां की सेवा न करके उन्हें कष्ट देने लगे तो क्या कीजिएगा?''
अपूर्व भयभीत होकर बोला, ''ऐसा कभी नहीं हो सकता। कुलीन ब्राह्मण वंश से आकर किसी प्रकार भी वह मेरी मां को कष्ट नहीं देगी।
''कुलीन ब्राह्मण वंश.....'' भारती मुस्कराकर बोली, ''अब रहने दीजिए। अगर जरूरत पड़ी तो वह कहानी किसी दूसरे दिन आपको सुनाऊंगी। केवल मां की सेवा के लिए ही जिससे विवाह करके आप छोड़कर चले आएंगे, उसके प्रति क्या यह आपका अन्याय नहीं होगा?''
''अन्याय तो अवश्य होगा।''
''और इस अन्याय के बदले में आप स्वयं न्याय की अपेक्षा करेंगे?''
कुछ पल मौन रहकर अपूर्व बोला, ''लेकिन इसके अतिरिक्त मेरे पास और उपाय ही क्या है भारती?''
''उपाय नहीं भी और हो भी सकता है। लेकिन असम्भव बात की आशा आप बहुत बड़े कुलीन घर की बेटी से भी नहीं कर सकते। इसका परिणाम कभी शुभ नहीं होगा। आपकी निर्ममता के बदले में वह जितना ही अपना कर्त्तव्य-पालन करेगी आप उसके सामने उतने ही छोटे हो जाएंगे। पत्नी के सामने अश्रध्देय होने की अपेक्षा बड़ा दुर्भाग्य संसार में कुछ और नहीं है।''
इस बार अपूर्व निरुत्तर-सा हो गया। मित्र-मंडली में शास्त्र के अनुसार नारी को आधुनिकता के विरुध्द शास्त्र ग्रंथों से प्रमाण उध्दृत करके उन लोगों को स्तब्ध कर दिया है। लेकिन इस ईसाई लड़की के आगे उसका मुंह नहीं खुला। वह इतना ही कह सका, ''कोई नहीं।''
भारती हंसकर बोली, ''एकदम कोई नहीं, यह बात नहीं है। कुलीन घर की न होकर कहीं भी कोई हो सकती है जो आपके लिए अपने-आपको सम्पूर्ण रूप से समर्पित कर दे। लेकिन उसे आप खोज कहां पाएंगे?''
अपूर्व अपने आप में ही डूबा रहा। भारती की बात पर उसने ध्यान नहीं दिया। बोला, ''यही तो बात है।''
भारती ने पूछा, ''आप घर कब जाइएगा?''
''क्या पता, मां कब चिट्ठी भेजती है। बाबू जी के साथ मतभेद होने के कारण मां ने जीवन में कभी सुख नहीं पाया। उस मां को अकेली छोड़ आने के लिए मेरा मन कभी तैयार न होता।'' फिर भारती की ओर देखकर बोला, ''देखिए, बाहर से देखने में हम लोगों की अवस्था कितनी ही अच्छी क्यों न हो लेकिन भीतर से बहुत खराब है। भाभियां किसी भी दिन हम लोगों को अलग कर सकती हैं। वहां जाकर शायद फिर लौटकर न आ सकूं।''
भारती बोली, ''आपको आना ही पडेग़ा।''
''मां को छोड़कर कब तक अलग रहूंगा?''
''उन्हें सहमत करके साथ ले आइए। वह आएंगी।''
अपूर्व हंसकर बोला, ''कभी नहीं। मां को आप नहीं जानतीं। अच्छा मान लो, वह आ जाएं, तो उनकी देख-भाल कौन करेगा?''
''मैं करूंगी!''
''आप करेंगी? आपके घर में कदम रखते ही मां बर्तन उठाकर फेंक देंगी।''
भारती बोली, ''कितनी बार फेंक देंगी। मैं रोज कमरे में जाऊंगी।
दोनों हंस पड़े। भारती ने सहसा गम्भीर होकर कहा, ''आप भी तो बर्तन फेंकने वालों के दल के ही हैं। लेकिन फेंक देने से ही सारा बखेड़ा समाप्त हो जाता तो संसार की सारी समस्याएं सुलझ जातीं। विश्वास न हो तो तिवारी से पूछ लीजिएगा।''
अपूर्व बोला, ''यह तो सच है। वह बर्तन तो फेंक देगा लेकिन साथ ही उसकी आंखों से आंसू भी बहेंगे। आपके लिए उसके मन में अपार भक्ति है। थोड़ा-सा सिखाने-पढ़ाने से वह ईसाई भी बन सकता है।''
भारती बोली, ''संसार में कब क्या हो जाए, कुछ नहीं कहा जा सकता, न नौकर के संबंध में और न...'' यह कहकर उसने हंसी छिपाने के लिए मुंह नीचा किया तो अपूर्व का चेहरा लाल हो उठा। बोला, ''पर यह तो निश्चित है कि नौकर और मालिक की बुध्दि में कुछ अंतर रह सकता है।''
भारती बोली, ''अंतर तो है। इसीलिए मालिक के सहमत होने में देर हो सकती है।''
परिहास समझ अपूर्व प्रसन्न होकर बोला, ''क्या आप ऐसा सोच सकती हैं?''
''हां, सोच सकती हूं।''
अपूर्व बोला, ''लेकिन मैं तो प्राण जाने पर भी धर्म का त्याग नहीं कर सकता।''
भारती बोली, ''प्राण जाना क्या वस्तु है, आप यही तो नहीं जानते। तिवारी जानता है, लेकिन इस विषय पर बहस करने से अब क्या लाभ है? आपकी तरह अंधकार में डूबे व्यक्ति को प्रकाश में लाने की अपेक्षा अधिक आवश्यक काम अभी मुझे करने बाकी हैं। आप थोड़ी देर सो रहिए।''
अपूर्व बोला, ''मैं दिन में कभी नहीं सोता।''
भारती बोली, ''मुझे तो मुट्ठी भर अन्न पकाकर खाना पड़ता है। सो नहीं सकते तो मेरे साथ नीचे चलिए। मैं क्या रसोई पकाती हूं, किस तरह पकाती हूं, यही देखिए। जब एक दिन मेरे हाथ का खाना ही पड़ेगा तो अनजान रहना उचित नहीं।'' यह कहकर खिलखिलाकर हंस पड़ीं।
अपूर्व बोला, ''मैं मर जाने पर भी आपके हाथ का नहीं खाऊंगा।''
''मैं जीवित रहते खाने की बात कह रही हूं,'' कहकर हंसती हुई नीचे चली गई। 
अपूर्व चिल्लाकर बोला, ''तब मैं अपने डेरे पर चला जाता हूं, तिवारी परेशान होगा।''
लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। आलस्य आ जाने के कारण वह आराम करने लगा।

''उठिए, दिन बहुत बीत गया।''
अपूर्व आंखें मलकर उठ बैठा। देखकर बोला, ''तीन-चार घंटे हो गए, मुझे जगा क्यों नहीं दिया?''
''जाइए, हाथ-मुंह धो आइए। सरकार जी जलपान की थाली ले आए हैं।''
नीचे से हाथ-मुंह धोकर आने के बाद अपूर्व जलपान करके सुपारी-इलायची आदि मुंह में रखकर बोला, ''अब मुझे छुट्टी दीजिए। मैं अपने डेरे पर जाऊं।''
भारती बोली, ''यह नहीं होगा। तिवारी को मैंने सूचना पहुंचा दी है, वह घर पर स्वस्थ है। कोई चिंता नहीं। आज सुमित्रा देवी अस्वस्थ हैं, नवतारा अतुल बाबू को लेकर उस पार गई है। आप मेरे साथ चलिए। आपके लिए प्रेसीडेंट का यही आदेश है। यह धोती मैंने ला दी है। उसे आप पहन लीजिए।''
''कहां जाना होगा?''
''मजदूरों के घर। आज रविवार के दिन वहां काम करना है।''
''लेकिन वहां किसलिए?''
भारती ने हंसकर कहा, ''आप इस संस्था के माननीय सदस्य हैं। निश्चित स्थान पर न जाने से काम का ढंग नहीं समझ पाएंगे।''
''चलिए,'' अपूर्व तैयार हो गया। 
अलमारी से एक चीज निकालकर भारती ने छिपाकर उसकी जेब में रख दी। अपूर्व बोला, ''यह क्या है?''
''पिस्तौल है।''
''पिस्तौल क्यों?''
''आत्मरक्षा के लिए।''
''इसका लाइसेंस है?''
''नहीं।''
''अगर पुलिस पकड़ लेगी तो दोनों की ही आत्मरक्षा हो जाएगी। कितने साल की सजा मिलेगी, जानती हो?''
''नहीं, चलिए।''
अपूर्व बोला, ''दुर्गा श्रीहरि! चलिए।''
लम्बा रास्ता चलकर, एक कारखाने के सामने पहुंचा वह लोग फाटक के कटे दरवाजे से निकलकर अंदर चले गए। अंदर कारीगरों और मजदूरों के रहने के लिए टूटे-फूटे काठ और टीनों की लम्बी बस्ती थी।
भारती बोली, ''आज काम का दिन होता तो यहां मार-पीट खून-खराबा हो रहा होता।''
''यह तो छुट्टी के दिन की भीड़ से ही अनुभव कर रहा हूं।''
सामने एक मद्रासी महिला पर्दा खिसकाकर पाखाने जा रही थी। पर्दे की हालत देखकर अपूर्व लज्जा से लाल होकर बोला, ''पथ के दावे करने हों तो कहीं और चलिए। मैं यहां खड़ा नहीं रह सकता।''
प्रत्युत्तर में भारती हंस पड़ी।
कई घरों को पार करके दोनों एक बंगाली मिस्त्री के घर में प्रवेश किये। उस आदमी की उम्र काफी हो चली है। कारखाने में पीतल ढालने का काम करता है। शराब पीकर, काठ के फर्श पर लेटा मुंह बिगाड़कर किसी को गालियां दे रहा था। 
भारती बोली, ''माणिक किस पर नाराज हो रहे हो? सुशीला दो दिन से पढ़ने क्यों नहीं गई?''
माणिक किसी तरह उठकर बैठ गया। पहचानकर बोला, ''बहिन जी, आओ बैठो। सुशीला तुम्हारे स्कूल में कैसे जाए, बताओ। रसोई-पानी, बर्तन मांजने से लेकर लड़के को संभालने तक का काम। छाती फटी जा रही है बहिन जी। उस साले को अगर मार न डालूं तो मैं वैवर्त समाज से खारिज। बड़े साहब के पास ऐसी अर्जी भेजूंगा कि साले की नौकरी ही छूट जाएगी।''
भारती हंसकर बोली, ''वही करना। और अगर कहो तो सुमित्रा दीदी से कहकर तुम्हारी अर्जी लिखवा दूंगी। लेकिन कल तो फायर मैदान में हमारी मीटिंग है। याद है न?''
तभी दस-ग्यारह वर्ष की एक लड़की आई। उसने शराब फर्श पर रखकर कहा, ''घोड़ा मार्का शराब नहीं मिली, टोपी मार्का ले आई हूं। चार पैसे बाकी बचे हैं बाबूजी। रमिया ने शराब में धुत होकर मुझसे क्या कहा था, जानते हो?''
पिता ने रमिया का नाम लेकर एक भद्दी गाली दी।
भारती बोली, ''वहां तुम मत जाना सुशीला। तुम्हारी मां कहां है?''
मां? मां परसों रात को ही यदु चाचा के साथ चली गई। लाईन के बाहर किराये के एक मकान में रहती है....।''
लड़की और भी कुछ कहने जा रही थी कि बाप गरजकर बोला, ''रहने दूंगा? ब्याही औरत है, रखैल नहीं।'' कहकर उसने नई बोतल की टोपी तोड़ डाली। 
अचानक भारती की साड़ी का छोर खींचकर अपूर्व बोला, ''चलिए यहां से।'' इससे पहले उसने भारती को कभी छुआ तक नहीं था। 
''थोड़ी देर और ठहरिए।''
''नहीं बिल्कुल नहीं,'' वह उसे जबर्दस्ती बाहर ले आया। 
कमरे में माणिक बोतल खोलकर गर्व से बोला, ''खून करके अगर फांसी पर भी चढ़ना पड़े तो भी अच्छा है। मैं जेल या फांसी किसी से भी नहीं डरता।
अपूर्व अग्निपिंड की तरह दहक उठा, ''हरामजादा, पाजी, लुच्चा, बदमाश-नरककुंड बना रखा है। यहां आपको कदम रखने में घृणा नहीं हुई?''
भारती बोली, ''नहीं। इस नरककुंड का निर्माण इन लोगों ने नहीं किया।''
अपूर्व बोला, ''इन्होंने नहीं तो क्या मैंने किया है। लड़की की बात सुनी? उसकी मां तीर्थयात्रा करने गई है। निर्लज्ज, बेहया, शैतान! फिर कभी यहां आइएगा तो अच्छा न होगा।''
भारती हंसकर बोली, ''मैं म्लेच्छ हूं। मेरे यहां आने में क्या दोष है?''
अपूर्व क्रुध्द होकर बोला, ''दोष नहीं है? ईसाई के लिए क्या अपने समाज के प्रति कोई उत्तरदायित्व नहीं है?''
''मेरा कौन है जिसके प्रति उत्तरदायित्व दिखाऊं? किसके सिर में मेरे लिए पीड़ा होती है?''
''यह आपकी चालाकी है। घर लौट चलिए।''
''मुझे पांच जगह और जाना है। आपको अच्छा न लगता हो तो आप लौट जाइए।''
''यह कहने से ही क्या मैं आपको छोड़कर जा सकता हूं?''
''ऐसी बात है तो मेरे साथ चलिए। मुनष्य पर मनुष्य के अत्याचार आंखें खोलकर देखने चलिए। केवल छुआछूत फैलाकर, अपने आप साधु बनकर सोचते हैं कि पुण्य संचय करके एक दिन स्वर्ग जाएंगे, ऐसा सोचिएगा भी नहीं।''
 
﻿
कहते-कहते भारती की मुखाकृति कठोर और गले की आवाज तीखी हो उठी, ''इस लड़की की मां और यदु ने जो अपराध किया है वह क्या केवल इन लोगों को दंड देकर समाप्त हो जाएगा? डॉक्टर साहब को जब तक मैंने नहीं पहचाना था तब तक मैं भी इसी तरह सोचती थी। लेकिन आज मैं जानती हूं कि इस नरककुंड में जितना पानी है उसका भार आपको भी स्वर्ग के द्वार से खींचकर ले आएगा और इस नरककुंड में डुबो देगा। आप में इतनी सामर्थ्य नहीं है कि इस दुष्कृति का ऋण चुकाए बिना ही मुक्ति पा जाएं। हम लोग अपनी ही गरज से यहां आते हैं अपूर्व बाबू! यह उपलब्धि ही हम लोगों के पथ के दावे की सबसे बड़ी साधना है। चलिए।''
''चलिए,'' अपूर्व ने कहा। लेकिन वह भारती की बातों पर विश्वास नहीं कर सका।
सागौन का एक पेड़ दिखाकर भारती बोली, ''यहां सामने कई बंगाली रहते हैं। चलिए।''
''बंगालियों के अतिरिक्त और जातियों में भी आप लोग काम करती हैं?''
''हां, हमें तो सभी की आवश्यकता है। लेकिन प्रेसीडेंट के अतिरिक्त और कोई अन्य भाषाएं नहीं जानता। यह काम उन्हीं का है।''
''वह भारत की सभी भाषाएं जानती हैं?
''हां।''
''और डॉक्टर साहब?''
भारती हंस पड़ी, ''डॉक्टर साहब के संबंध में आपकी भी उत्सुकता रहती है। आपको इस बात पर विश्वास नहीं होता कि संसार में जो कुछ भी जान लेना सम्भव है वह सब कुछ जानते हैं। जो कुछ किया जा सकता है वह कर सकते हैं। उनके लिए अज्ञान या असाध्य कुछ भी नहीं है।''
दोनों ने एक मकान में प्रवेश किया। भारती ने पुकारा, ''पंचकौड़ी, आज तबीयत कैसी है?''
भीतर से आवाज आई, ''आज कुछ ठीक है।''
इतने में एक बूढ़ा सामने आ खड़ा हुआ। बोला, ''बेटी, लड़की को खूनी आंव रहता है। शायद बचेगी नहीं। लड़के को कल से फिर बुखार आ गया है। पास में एक पैसा भी नहीं कि एक-दो खुराक दवा ला सकूं। यह एक कटोरी साबूदाना या बार्ली ही पकाकर खिला सकूं।'' उसकी दोनों आंखें आंसुओं से भर गईं।
अपूर्व बोला, ''पैसा क्यों नहीं है?''
वह बोला, ''पुली की जंजीर गिर जाने से बाएं हाथ में चोट लग गई है। लगभग एक महीने से काम पर नहीं जा सका। पैसा कहां से आएगा बाबू जी?''
अपूर्व बोला, ''कारखाने वाले इसका कोई प्रबंध नहीं करते?''
''मजदूर के लिए प्रबंध? वह तो कह रहे हैं कि काम नहीं कर सकते तो मकान छोड़ दो। ठीक होकर आना। काम मिल जाएगा। ऐसी हालत में चला कहां जाऊं? छोटे साहब के हाथ-पांव जोड़कर एक हफ्ते और रह पाऊंगा। बीस वर्ष से काम कर रहा हूं महाशय। यह लोग ऐसे ही नमक हराम हैं।''
अपूर्व क्रोध से जल उठा। जी में आया कि मैनेजर मिल जाए तो उसकी गर्दन पकड़कर दिखा दूं कि अच्छे दिनों में जिसने लाखों रुपए कमाकर दिए हैं, आज बुरे दिनों में उसकी क्या हालत है?
अपूर्व के मकान के पास ही बैलगाड़ियों का एक अड्डा है। उसे वहां की एक घटना याद आ गई। एक जोड़ी बैल जीवनभर बोझ ढोते-ढोते जब अशक्त और बूढे हो गए हो उनके मालिक ने उन्हें कसाई के हाथ बेच दिया। उस रास्ते से वह जब भी गया है, इस घटना को याद करके उसकी आंखों में आंसू आ गए हैं। बैलों के लिए नहीं। लेकिन धन की लालसा में इस सीमा तक बर्बर और निष्ठुर बने मनुष्य के लिए, जो अपने-आपको निंरतर छोटा बनाता जा रहा है।
कमरे के एक कोने में सैकड़ों स्थान पर फटे-पुराने बिछौने पर एक लड़की और एक लड़का अधमरे से पड़े थे। उनके पास जाकर भारती ने उनकी नब्ज देखी। भय के कारण अपूर्व वहां नहीं जा सका। लेकिन दरिद्रता पीड़ित उन दोनों बच्चों की वेदना उसकी छाती में चोट कर गई।
कुछ देर के बाद भारती बोली, ''चलिए।''
पंचकौड़ी चुपचाप, उदास मुख लिए खड़ा था। भारती ने स्निग्ध स्वर में फिर कहा, ''डरो मत, दोनों अच्छे हो जाएंगे। मैं डॉक्टर और दवा, सबका प्रबंध कर देती हूं।''
उसकी बात पूरी हो ही रही थी कि अपूर्व जेब में हाथ डालकर रुपया निकालने लगा। भारती ने जल्दी से उस हाथ को पकड़कर रोक दिया। पंचकौड़ी की नजर दूसरी ओर थी। वह यह नहीं देख पाया। लेकिन अपूर्व इसका कारण नहीं समझ सका।
भारती ने अपनी अंगिया के जेब से चार आने निकालकर उसके हाथ में देकर कहा, ''बच्चों के लिए चार पैसे की मिश्री, चार पैसे का साबूदाना ले आना और बाकी दो आने का दाल-चावल लाकर तुम खा लेना। कल तुम्हारा प्रबंध कर दूंगी।'' यह कहकर अपूर्व को साथ लेकर कमरे से निकल आई।
रास्ते में अपूर्व ने पूछा, ''आपने मुझे पैसे देने से रोक दिया और स्वयं भी नहीं दिए। यह क्यों?''
''देकर तो आ रही हूं।''
''इसी को देना कहते हैं? उसके इस दुर्दिन में पाई-पैसे का हिसाब करके केवल चार आने देना उसका अपमान है।''
''आप कितना देने जा रहे थे?''
''कम-से-कम पांच रुपए।''
भारती जीभ काटकर बोली, ''बाप-रे-बाप! सब चौपट हो जाता। बाप तो शराब पीकर बेहोश पड़ा रहता और लड़की, लड़के दोनों की मृत्यु हो जाती।''
''शराब पी लेता?''
''नहीं पीता? हाथ में इतना रुपया आ जाने पर शराब न पी जाए-ऐसा मनुष्य संसार में कौन है?''
''आपकी सभी बातें विचित्र हैं। बीमार बच्चे की दवा के रुपए से शराब खरीदकर पी ले-यह क्या सत्य हो सकता है?''
''नहीं तो दाता का हाथ पकड़कर दु:खी व्यक्ति को देने से रोकूं, क्या मैं इतनी नीच हूं?''
''इनकी मां नहीं है?''
''नहीं।''
''कहीं कोई रिश्तेदार भी नहीं है।''
भारती बोली, ''होने पर भी कोई काम नहीं आता। दस-ग्यारह साल पहले पंचकौड़ी एक बार अपने गांव गया था। अपने किसी पड़ोसी की एक विधवा स्त्री को फुसलाकर यहां ले आया था। लड़का-लड़की उसी के हैं। दो वर्ष बीत रहे हैं गले में फांसी लगाकर इस संसार से मुक्त हो गई। यही पंचकौड़ी के परिवार का संक्षिप्त इतिहास है।''
अपूर्व ने गहरी सांस लेकर कहा, ''नरककुंड है।''
''इसमें तनिक भी संदेह नहीं, लेकिन कठिनाई तो यह है कि यह सभी हमारे भाई-बहिन हैं। रक्त का संबंध अस्वीकार कर देने से तो छुटकारा नहीं मिलेगा अपूर्व बाबू! ऊपर बैठकर जो सब कुछ देख रहे हैं वह कौड़ी-दाम जोड़-जोड़कर हिसाब करके ही छोड़ेंगे।''
अपूर्व ने गम्भीर होकर कहा, ''लगता है कि यह असम्भव नहीं है।''
पलभर पहले पंचकौड़ी के कमरे में खड़े-खड़े जो विचार पैदा हुए थे बिजली के वेग के समान मन में दौड़ गए। बोला, ''मैं भी मनुष्य हूं। मेरा भी कुछ-न-कुछ दायित्च है।''
भारती बोली, ''पहले-पहले तो मैं भी नहीं देख पाती थी। क्रोध में आकर झगड़ा कर बैठती थी। लेकिन अब देख पा रहीं हूं कि इन सब अज्ञानी, दु:खी, दुर्बल मन और पीड़ित भाई-बहनों की गर्दन पर पाप का बोझ कौन लादता जा रहा है।''
पास वाले कमरे में एक उड़िया मिस्त्री रहता है। उसक पास वाले कमरे से बीच-बीच में तेज हंसी और कोलाहल की आवाजें आ रही थी। यह सब पंचकौड़ी के कमरे से भी सुनाई दे रहा था। वह दोनों उस कमरे में पहुंचे। भारती को वह लोग पहचानते थे। सभी ने उसकी अभ्यर्थना की। एक दौड़कर एक स्टूल और बेंत का एक मोढ़ा ले आया। दोनों बैठ गए। फर्श पर बैठे छह-सात आदमी और आठ-दस औरतें एक साथ शराब पी रहे थे। टूटा हारमोनियम और तबला बीच में रखा था। तरह-तरह के रंग और आकार की खाली बोतलें चारों ओर लुढ़की पड़ी थीं। एक बूढ़ी-सी औरत नशें में धुत पड़ी सो रही थी। उसे एक प्रकार से नंगी ही कहा जा सकता था। साठ से लेकर बीस-पच्चीस वर्ष तक के नौ उम्र स्त्री-पुरुष बैठे थे। आज रविवार है। पुरुषों का छुट्टी का दिन था। प्याज-लहसुन की तरकारी और सस्ती जर्मन शराब की अवर्णनीय दुर्गंध एक साथ मिलकर अपूर्व की नाक तक पहुंचते ही उसका जी मिचलाने लगा। एक कम उम्र की औरत के हाथ में शराब का गिलास था। शायद थोड़े दिन पहले ही घर छोड़कर आई है। बाएं हाथ से नाक बंद करके गिलास को मुंह में उड़ेलकर बार-बार थूकने लगी। एक आदमी ने झटपट उसके मुंह में तरकारी ठूंस दी। एक बंगाली स्त्री को शराब पीते देख अपूर्व स्तम्भित-सा हो गया। लेकिन उसने कनखी से देखा कि इतने भयंकर वीभत्य दृश्य से भी भारती के चेहरे पर किसी प्रकार के विकार का चिद्द नहीं है। यह सब देखने-सुनने की जैसे वह अभ्यस्त हो गई हो। लेकिन पलभर के बाद घर के स्वामी के कहने पर जब ट्रमी ने गाना आरम्भ किया-''वह यमुना-वह यमुना-'' और पास ही बैठे एक आदमी ने हारमोनियम उठाकर झूठ-मूठ ही जी जान से बजाना आरम्भ किया तब शायद इतना बोझ भारती के लिए असह्य हो उठा। घबराकर बोली, ''मिस्त्री जी, कल हम लोगों की सभा है। शायद यह बात तुम भूले नहीं हो। वहां जाना तो चाहिए ही।''
''जरूर चाहिए बहिन जी,'' कहकर काला चांद ने गिलास में शराब डाल ली।
भारती ने कहा, ''बचपन में तुमने पढ़ा होगा कि तिनके जोड़-जोड़कर रस्सी तैयार करने पर हाथी भी बांध जा सकता है। एक न होने पर तुम लोग कभी कुछ न कर सकोगे। केवल तुम लोगों की भलाई के लिए सुमित्रा बहिन कितना परिश्रम कर रही हैं। बताओ तो।''
इस बात का सभी ने समर्थन किया। भारती ने कहा, ''तुम लोगों के बिना क्या इतना बड़ा कारखाना एक दिन भी चल सकता है? तुम लोग ही तो उसके वास्तविक स्वामी हो। इतनी सीधी-सादी बात कालाचंद, तुम लोग न समझना चाहो तो कैसे काम चलेगा।''
सबने कहा, ''यह बात बिल्कुल ठीक है। उन लोगों के न चलाने पर तो अंधेरा-ही-अंधेरा रह जाएगा।
भारती ने कहा, ''फिर भी तुम लोगों को कितना कष्ट है। सोचकर देखो। जब तब अपराध के बिना ही साहब लोग तुम लोगों पर लात-जूते मारकर बाहर निकाल देते हैं। इस पास के घर की हालत देख लो। काम करते समय पंचकौड़ी का हाथ टूट गया जिसके कारण उसे खाना नहीं मिल रहा। उसके लड़के-लड़की दवा न मिलने के कारण मौत के मुंह में जा रहे हैं। बड़ा साहब उसे मकान से भी निकाल देना चाहता है। यह जो लाखों-करोड़ों रुपयों को लाभ यह लोग कर रहे हैं, यह किसकी बदौलत हो रहा है? और तुम लोगों को मिलता क्या है? अभी उस दिन की घटना है-श्यामलाल को छोटे साहब ने धकेल दिया, वह आज तक अस्पताल में पड़ा हुआ है। इस बात को तुम लोग क्यों सहोगे? एक बार सब लोग एक होकर ऊंची आवाज में कह दो कि यह अत्याचार हम लोग अब नहीं सहेंगे। फिर देखूंगी कि वह लोग तुम लोगों से और कुछ नहीं चाहते काला चांद।''
एक शराबी इतनी देर तक अवाक्-सा होकर सुन रहा था। उसने कहा, ''भैया हम क्या नहीं कर सकते? हम सब ऐसा पेंच ढीला करके रख दे सकते हैं कि धाड़-धाड़-धड़ाम बस आधा कारखाना साफ को जाएगा।''
भारती ने भयभीत होकर कहा, ''नहीं, नहीं, दुलाल, ऐसा काम कभी मत करना। इससे तो तुम्हीं लोगों की हानि होगी। हो सकता है, कितने ही लोग मर जाएं। हो सकता है...नहीं, नहीं...यह बात सपने में भी मत सोचना दुलाल। इससे बढ़कर भयानक पाप दूसरा नहीं है।''
दुलाल मतवाली हंसी हंसकर बोला, ''नहीं, यह क्या मैं जानता नहीं। यह तो केवल बातचीत के सिलसिले में कह रहा हूं कि हम लोग क्या नहीं कर सकते।''
भारती बोली, ''तुम लोगों को सुमार्ग में, सच्चे मार्ग में खड़ा होना चाहिए, तभी तुम कुछ कर पाओगे। तुम लोगों को बहुत रुपया पावना है। वह कौड़ी-कौड़ी करके वसूल करना होगा।''
इसी बात को लेकर वह सब हल्ला-गुल्ला करने लगे। तब भारती बोली, ''सांझ हो रही है। अभी एक जगह और जाना है। अब हम लोग जा रहे हैं। लेकिन कल की बात मत भूल जाना।'' कहकर वह खड़ी हो गई।
काला चांद के इस अड्डे के सभी व्यवहार अपूर्व को अशोभन दिखाई दिए। लेकिन अंतिम समय में जिन बातों की चर्चा हुई उससे उसके विरक्ति की सीमा नहीं रही। बाहर आते ही उसने अत्यधिक अप्रसन्न होकर कहा, ''तुम यह सब बातें उन लोगों से क्यों कहने गई।''
''कौन सब बात?''
''वह नालायक हरामजादा तो शराबी है। दुलाल ने क्या कहा, तुमने सुना तो?'' मान लो यह बात साहब लोगों के कानों तक पहुंच जाए?
''उनके कानों तक कैसे पहुंचेगी?''
''अरे, यह लोग ही कह देंगे, यह लोग क्या युधिष्ठिर हैं? शराब के नशे में कब क्या कर डालें, इसका कोई ठिकाना नहीं है। तब तुम्हारे ऊपर ही सारा दोष आएगा। यह कहेंगे कि तुमने ही सिखाया है।''
''लेकिन यह तो झूठी बात होगी।''
अपूर्व ने व्याकुल होकर कहा, ''झूठी बात? अरे, अंग्रेजों के राज्य में झूठी बात के लिए क्या कभी किसी को जेल की सजा नहीं मिली? यह राज्य तो झूठ के आधार पर ही खड़ा है।''
''सम्भवत: मुझे भी जेल हो सकती है।''
''तुमने तो झट से कह दिया, जेल हो सकती है। नहीं, नहीं, यह सब कुछ नहीं होगा। और तुम यहां कभी आओगी भी नहीं।''
एक आदमी से मिलना था लेकिन उसके द्वार पर ताला लगा था। दोनों लौट पड़े। काला चांद के मकान में शराबियों का तर्क-वितर्क अभी तक चल रहा था। लोग यह कहकर झगड़ रहे थे कि ईसाई लड़कियां कारखानें में हड़ताल करा देना चाहती हैं। हड़ताल में उन्हें बड़ा कष्ट होगा। उन लोगों को लाइन के घरों में नहीं आने देना चाहिए। काला चांद मिस्त्री ने कहा वह मूर्ख नहीं है। वह उन लोगों की दौड़-धूप परख रहा है। एक सतर्क महिला ने सलाह दी कि बड़े साहब को पहले ही सावधान कर देना ठीक होगा।
वहां से भारती को जबर्दस्ती दूर ले जाकर अपूर्व तीखे स्वर में बोला, ''इन लोगों की भलाई करोगी? हरामजादे, पाजी, बदमाश। पासवाले कमरे में दो बच्चे मर रहे हैं, उनकी ओर आंख उठाकर कोई नहीं देखता। इससे बढ़कर नरक और कहां है?''
भारती बोली, ''आपको यह क्या हो गया है?''
''मुझे कुछ नहीं हुआ, लेकिन तुमने कुछ सुना है या नहीं?''
''यह तो पुरानी बातें हैं। रोजाना ही सुनती हूं।''
अपूर्व गरजकर बोला, ''ऐसी कृतघ्नता! इन्हीं को तुम अपने दल में लाना चाहती हो। यूनियन बनाना चाहती हो? इनकी भलाई चाहती हो?''
भारती हलकी-सी हंसी के साथ बोली, ''यह लोग भी तो हम लोगों में से ही हैं अपूर्व बाबू! इस छोटी-सी बात को भूलकर आप संकट में पड़ रहे हैं। और भलाई? भलाई तो डॉक्टर साहब की भी नहीं कि जा सकती अपूर्व बाबू!''
अपूर्व निरुत्तर हो गया।
दोनों चुपचाप फाटक पार करके घूमते हुए बड़ी सड़क पर पहुंच गए। बस्ती के छोर पर जहां से दलदल आरम्भ होती थी, वहीं तिमुहानी पर पहुंचकर भारती बोली, ''अगर आप घर जाना चाहें तो शहर जाने के लिए यह दाईं ओर का रास्ता है।''
अपूर्व ने खोए-खोए से स्वर में पूछा, ''आप क्या कहती हैं।''
भारती बोली, ''अब आपका दिमाग ठंडा हो गया है और यथोचित सम्बोधन की भाषा याद आ गई है।''
''क्या मतलब?''
''मतलब यह कि क्रोध के कारण अब तक आप और तुम का भेद नहीं था। वह फिर लौट आया है।''
अपूर्व लज्जित होकर बोला, ''आप नाराज तो नहीं हुईं?''
भारती हंसकर बोली, ''हुई भी हूं तो क्या हर्ज है? चलिए।''
''तो चलूं?''
''चलोगे नहीं तो क्या मैं अंधेरे रास्ते में अकेली जाऊंगी?''
अपूर्व चल दिया। उसके अंतर में एक ज्वाला-सी धाधक रही थी। उन शराबियों की बातों को वह किसी भी तरह से भूल नहीं पा रहा था। सहसा कड़े स्वर में बोला, ''यह सब तो सुमित्रा का काम है। आपको वहां नेतृत्व करने के लिए जाने की क्या जरूरत है? न जाने कौन कहां क्या कर डाले। और आपको लेकर खींचातानी आरम्भ हो जाए।
भारती बोली, ''हो जाने दीजिए।''
अपूर्व बोला, ''वाह रे....हो जाने दीजिए! असल बात यह है कि नेतागिरी करना आपका स्वभाव है। लेकिन और भी तो बहुत से स्थान हैं?''
''कोई दिखा दीजिए न?''
''मुझे गरज नहीं।''
भारती ने हाथ बढ़ाकर अपूर्व का दायां हाथ जोर से पकड़कर कहा, ''मेरा स्वभाव बदलेगा नहीं अपूर्व बाबू! लेकिन आप जैसे आदमी पर नेतृत्व कर पाऊं तो और सब छोड़ सकती हूं।''

अगले दिन सुमित्रा की अध्यक्षता में फायर मैदान में जो सभा हुई उसमें उपस्थिति कम थी। जिन लोगों ने भाषण देने का वचन दिया था उनमें से भी अधिक लोग नहीं आ सके। सभा की कार्यवाई देर से आरम्भ हुई रोशनी का प्रबंध न होने के कारण सांझ होने से पहले ही समाप्त कर दी गई। सुमित्रा के भाषण के अतिरिक्त सभा में और कुछ उल्लेखनीय नहीं हुआ। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि पथ के दावेदारों के इस प्रथम प्रयास को व्यर्थ कह दिया जाए। मजदूरों में इस बात को फैलने में जिस प्रकार देर नहीं हुई उसी प्रकार मिल और कारखाने के मालिकों के कानों तक भी उक्त बातों के पहुंचने में विलम्ब नहीं हुआ। चारों ओर यह बात फैल गई कि एक बंगाली महिला विश्व-भ्रमण करती हुई बर्मा में आई है। वह जितनी रूपमयी है उतनी ही शक्तिमयी भी है। किसी की मजाल नहीं जो उनके कामों में बाधा डाल सके। साहबों का कान पकड़कर वह किस प्रकार मजदूरों के लिए सब प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करा लेंगी और उनकी मजदूरी दो गुनी करा देंगी- इन बातों को उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है। जिन लोगों को इस सभा की खबर थी और जो लोग उस दिन उनका भाषण नहीं सुन पाए उन्होंने निश्यच किया कि वह अगामी शनिवार की सभा में अवश्य भाग लेंगे।
बीस-पच्चीस कोस के दायरें में जितने भी कारखाने थे उनमें यह खबर दावाग्नि की भांति फैल गई।
सुमित्रा को बहुतों ने अभी तक नहीं देखा है, लेकिन उसके रूप और शक्ति की ख्याति जब उन लोगों तक पहुंची तब अशिक्षित मजदूरों में भी सहसा एक जागृति-सी दिखाई देने लगी। यह निश्यच हो गया कि एक दिन का नागा करके शनिवार को फायर मैदान में एक-एक मजदूर उपस्थित होगा। उसकी वाणी और उपदेशों में यदि कोई पारस पत्थर हो जिससे गरीब मजदूरों का दु:खी जीवन रातोंरात एकाएक आतिशबाजी के तमाशों की तरह चमक उठे, तो फिर जिस तरह हो सके वह दुर्लभ वस्तु उन्हें प्राप्त कर लेनी चाहिए।
उस दिन भाषण कर्त्ताओं के अभाव में अपूर्व को भी दो-चार बातें कहनी पड़ी थीं। बोलने की आदत तो थी नहीं और जो कुछ कहा भी उसको ठीक तरह से न कह सका। इसके लिए वह मन-ही-मन लज्जित हुआ।
लेकिन आज अचानक खबर मिली कि उस दिन की सभा निष्फल नहीं हुई। बल्कि उसका फल यह हुआ कि अगली सभा में सभी कारखानों में काम बंद करके कारीगरों, मजदूरों के दलों ने उपस्थित होने का संकल्प कर लिया है-तब गर्व तथा आत्मप्रशंसा के आनंद से उसका हृदय रह-रहकर फूल उठने लगा। उस दिन वह अच्छी तरह भाषण न दे सका था। लेकिन प्रशंसा के साथ आगामी सभा में भाषण देने का निमंत्रण पाकर वह चंचल हो उठा।
दोपहर के भोजन पर उसने रामदास को यह बात बता दी। एक दिन अपूर्व के लिए रामदास ने भारती का अपमान किया था, उस दिन से भारती के संबंध में उससे बात करते हुए अपूर्व को संकोच होता था। इन दिनों अपूर्व उस गृहहीन लड़की से चुपके-चुपके जीवन में कितने बड़े काव्य, कितने बड़े सुख-दु:ख के इतिहास का निर्माण कर चुका था, इसकी उसे कोई सूचना नहीं दी थी। आज पुलक और रोमांच की अधिकता से अपूर्व ने सारी बातें बताईं। भारती, सुमित्रा, डॉक्टर साहब, नवतारा। यहां तक कि उस शराबी का भी उल्लेख कर दिया। अपने पथ के दावेदार के कार्यक्रमों और उपदेशों का वर्णन करते हुए उस दिन लाइन वाले कमरे के अभियान का विवरण भी दे दिया।
रामदास ने कोई प्रश्न नहीं किया। एक दिन देश के इस व्यक्ति को जेल जाना पड़ा है, बेंतों की मार खानी पड़ी है और न जाने क्या-क्या दु:ख भोगने पड़े हैं। केवल एक दिन के अतिरिक्त और किसी दिन रामदास ने कोई बात नहीं बताई। आज सुमित्रा के पत्र को रामदास के सामने रखकर स्वयं को पथ के दावेदारों का एक विशिष्ट सदस्य बताकर उसने देश के काम के लिए नियोजित अपने जीवन का वर्णन किया।
पत्र पढ़कर तलवलकर बोला, ''बाबूजी, यह सारी बातें आपने पहले मुझसे कभी नहीं कही?''
''कहने से क्या आप हमारा साथ देंगे?''
''कैसी बातें कर रहे हैं? मुझे तो आपने सहयोग के लिए आमंत्रित किया नहीं।''
''उसके स्वर में आहत अभिमान की झंकार, अत्यंत स्पष्ट होकर उसके कानों में गूंज उठी। जल्दी से बोला, ''इसका कारण है रामदास बाबू! इन कामों में कितना बड़ा दायित्व है और कितनी आशंकाए, यह आप जानते हैं। आप विवाहित हैं। एक पुत्री के पिता हैं, इसलिए इस आग में मैंने आपको बुलाना उचित नहीं समझा।''
''गृहस्थों को क्या देश-सेवा का अधिकार नहीं? जन्मभूमि क्या आप लोगों की है?''
अपूर्व लज्जित होकर बोला, ''मैंने तो ऐसा नहीं कहा। मैंने तो केवल यह कहा है कि दूसरी जगह आपकी जिम्मेदारियां अधिक हैं, इसलिए विदेश में इतनी बड़ी विपत्ति में पड़ना उचित नहीं।''
''शायद यही हो। लेकिन पराधीन देश की सेवा करने को तो विपत्ति नहीं कहते अपूर्व बाबू! हिंदूओं में विवाह एक धर्म है। मातृभूमि की सेवा करना उससे बड़ा धर्म है। एक धर्म दूसरे में बाधा देगा, अगर मैं यह जानता तो कभी विवाह न करता।''
उसके चेहरे की ओर देखकर अपूर्व ने प्रतिवाद नहीं किया। मौन हो गया। लेकिन उसने इस तर्क का समर्थन भी नहीं किया। देश के काम में इस व्यक्ति ने अनेक कष्ट सहे हैं। आज भी उसके भीतर का तेज एकदम बुझा नहीं है। सामान्य प्रसंग से ही वह एकदम उत्तेजित हो उठा है। यह सोचते ही अपूर्व श्रध्दा से झुक गया।
लेकिन उसे यह आशा नहीं थी कि बुलाने से ही वह पत्नी-पुत्री की माया छोड़कर पथ के दावेदार का सदस्य बन जाएगा। देश-सेवा के अधिकार की उसकी स्पर्धा इन कई दिनों से बहुत ऊंची हो गई थी। सहसा इस प्रसंग को बंद करते हुए उसने आगामी सभा के कारण और उद्देश्यों का वर्णन न करते हुए बताया कि उस दिन को छोड़कर जीवन में कभी उसने भाषण नहीं दिया। सुमित्रा के निमंत्रण की वह उपेक्षा नहीं कर सकता, लेकिन एक ही बात बहुत से लोगों को सुना सके, ऐसी भाषा को उसे अभ्यास नहीं था।
तलवलकर ने पूछा, ''तो फिर क्या कीजिएगा?''
अपूर्व ने कहा, ''जीवन में कारखाना देखने का मुझे एक बार ही अवसर मिला था जिस पर भाषण दिया जा सकता है। उस कारखाने के अधिकांश मजदूर जानवरों जैसी जिंदगी बिताते हैं। यह मैं स्वयं अनुभव कर आया हूं। लेकिन न जाने क्यों, इस विषय में तो कुछ भी नहीं जानता।''
रामदास ने हंसते हुए कहा, ''फिर भी क्या आपको बोलना जरूरी है? न बोलें तो क्या कोई हानि है?''
अपूर्व मौन रहा।
रामदास बोला, ''लेकिन मैं इन लोगों की बातें जानता हूं।''
''कैसे जाना?''
''इन लोगों के बीच में बहुत दिनों तक रह चुका हूं अपूर्व बाबू! मेरी नौकरी के प्रमाण-पत्रों को देखते ही समझ जाएंगे कि मैं देश के कल-कारखानों और कुली-मजदूरों के बीच ही जीवन बिताता रहा हूं। अगर आज्ञा हो तो वह करुण कहानी आपको सुना सकता हूं। वास्तव में इन लोगों को देखे बिना देश की वास्तविक स्थिति का ज्ञान हो ही नहीं सकता।''
अपूर्व ने कहा, ''सुमित्रा भी ठीक वही बात कहती हैं।''
''बिना कहे उपाय नहीं है। और जानती हैं, इसीलिए तो वह पथ के दावेदारों की अध्यक्षा हैं। बाबू जी, आत्मत्याग का आरम्भ यहीं से है। देश की नींव इन्हीं पर आधारित है। उसकी पूरी जानकारी रहने से आपका सारा उद्यम, सारी इच्छाएं, मरुभूमि की भांति दो दिन में सूख जाएंगी।''
यह बातें अपूर्व के लिए नई नहीं थीं। लेकिन रामदास के हृदय से निकलने वाले शब्द उसके हृदय पर गहरा आघात करने लगे।
रामदास और न जाने क्या कहने जा रहा था कि तभी पर्दा हटाकर साहब के प्रवेश करते ही दोनों चकित होकर खड़े हो गए। साहब ने अपूर्व की ओर देखते हुए कहा, ''मैं जा रहा हूं। आपकी मेज पर एक पत्र रख आया हूं। ले लीजिएगा।''

साहब के जाने के बाद ऑफिस जल्दी ही बंद करके दोनों फायर मैदान की ओर चल दिए। उस ओर गाड़ी नहीं जाती थी इसलिए कुछ तेज चलना पड़ा। रास्ते में अपूर्व ने कोई बात नहीं कही। उसके जीवन का आज एक विशेष दिन था। वह आशंका और आनंद की उत्तेजना दोनों के बीच बहा जा रहा है। कारीगरों और कुली-मजदूरों के संबंध में जो कुछ तो एक पुस्तक से और कुछ रामदास से उसने मसाला इकट्ठा कर लिया था। उन सबको मन-ही-मन बटोरते-सजाते हुए अपूर्व चुपचाप चलने लगा।
सन् 1763 में बम्बई में किसी स्थान पर पहले-पहल रूई का कारखाना खुला था। उसके बाद से उनकी संख्या बढ़ते-बढ़ते आज कितनी हो गई है। उस समय कुली-मजदूरों की कितनी शोचनीय दशा थी। उन्हें रात-दिन मेहनत करनी पड़ती थी। उसके कारण विलायत के मिल मालिकों के साथ, भारत के मिल मालिक का विवाद कब आरम्भ हुआ था और कारखाने का कानून किस-किस सन में, किस तारीख को कौन-कौन-सी बाधाओं का सामना करते हुए पास हुआ, इस देश में पहले-पहल प्रचलित हुआ और इस समय वह कानून परिवर्तित होकर किस स्थिति में है? उस समय और अब विलायत और भारत में मजदूरी की दर क्या है? उन सबकी यूनियन बनाने की कल्पना कब और किसने प्रस्तुत की थी? और उसका फल क्या हुआ था? उस देश के और इस देश के मजदूरों के बीच भले-बुरे व्यवहारों की तुलना करने से क्या पता चलता है? और लाभ तथा हानि का परिणाम उसमें कहां पर निर्दिष्ट हुआ है? आदि उसने जो विवरण इकट्ठे किए हों वह कहीं छूट न जाएं इस भय से उसने स्वयं को सतर्क कर लिया।
सुमित्रा की दूरगामी दृष्टि उसे स्पष्ट दिखाई देने लगी। और भारती...इतने थोड़े से समय मंत इतना ज्ञान, और इतनी जानकारी उसने कैसे प्राप्त कर ली? हर्ष भरे विस्मय से उसका चेहरा चमक उठा, आंखें भीग गईं।
मैदान में पहुंचकर उन लोगों ने देखा, वहां तिल रखने के लिए भी स्थान नहीं है। कितने लोग इकट्ठे हए हैं, कोई सीमा नहीं है। उस दिन जिन लोगों ने अपूर्व को वक्ता के रूप में देखा था उन लोगों ने उसे रास्ता दे दिया था। जो लोग नहीं पहचानते थे वे भी उनकी देखा-देखी हट गए।
अपार जन समूह के बीचोबीच मंच बना हुआ था। आज भी डॉक्टर लौटे नहीं थे। उनके अतिरिक्त पथ के दावेदार के सभी सदस्य उपस्थित थे। मित्र को साथ लेकर किसी प्रकार भीड़ को ठेलता हुआ अपूर्व वहां पहुंचा। अच्छे वक्ता से जनता युक्ति और तर्क नहीं चाहती। जो बुरा है, वह बुरा क्यों है, इससे उसे कोई सरोकार नहीं होता। उसे बस इतना सुनकर ही संतुष्टि हो जाती है कि जो बुरा है वह कितना बुरा हो सकता है। पंजाबी मिस्त्री के भयंकर भाषण में यही गुण अधिक मात्रा में था। इसीलिए श्रोता अत्यधिक उत्तेजित हो उठे थे।
उसी समय हंगामा मच गया। एक कोने में बहुत से लोग एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करते हुए भागने की कोशिश करने लगे। भीड़ को कुचलते-रौंदते बीस-पच्चीस गोरे पुलिस घुड़सवार तेजी से चले आ रहे थे। सभी कि हाथ में लगाम थी, दूसरे हाथ में चाबुक और कमर में पिस्तौल। जो व्यक्ति भाषाण दे रहा था उसकी गरजती आवाज कब थम गई और वह मंच के नीचे भीड़ में धंसकर कहां गुम हो गया, कुछ भी समझ में नहीं आया।
गोरे घुड़सवारों का नायक मंच के निकट आया। चीखकर बोला, ''मीटिंग बंद करो।''
सुमित्रा अभी तक पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाई थीं। उसके दुर्बल उदास चेहरे पर एक पीली छाया डोल गई। उसने जल्छी से उठकर पूछा, ''क्यों?''
''आज्ञा है?''
''किसकी?''
''सरकार की।''
''किसलिए?''
''हड़ताल करने के लिए मजदूरों को भड़काना मना है।''
सुमित्रा बोलीं, ''मजदूरों को बेकार भड़काकर तमाशा देखने के लिए हमारे पास समय नहीं है। यूरोप आदि देशों की तरह इन लोगों को संगठित होने की आवश्यकता को समझाना ही इस संस्था का उद्देश्य है।''
साहब चकित होकर बोला, ''संगठित करना? काम के विरुध्द? यह तो इस देश के लिए भयानक गैर कानूनी काम होगा। इससे तो निश्चित रूप से शांति भंग हो जाएगी।''
सुमित्रा बोलीं, ''हां हो सकती है। जिस देश में सरकार का अर्थ ही अंग्रेजी उद्योगपति हो और सारे देश के खून को चूसने के लिए जिन्होंने यह भयंकर यंत्र खड़ा किया हो....?''
बात पूरी भी न हो पाई कि गोरे की लाल आंखों से आग बरसने लगी। कड़ककर बोला, ''फिर भी ऐसी बातें अगर मुंह से निकालीं तो मुझे आपको गिरफ्तार करना पड़ेगा।''
सुमित्रा उसकी ओर देखकर हंसकर बोली, ''साहब, मैं बीमार और कमजोर हूं। नहीं तो केवल दूसरी बार ही नहीं इस बात को तो एक सौ बार चिल्ला-चिल्लाकर इन लोगों को सुना देती। लेकिन आज मुझमें वह ताकत नहीं है।'' इतना कहकर वह फिर हंस पड़ीं।
उस बीमार और दुर्बल नारी की सरल-शांत हंसी के सामने साहब मन-ही-मन लज्जित हो उठा। बोला, ''आलराइट, आपको सावधन किए देता हूं। मुझे मीटिंग बंद करने का आदेश है, भंग करने का नहीं। दस मिनट में इन सबको शांतिपूर्वक चले जाने को कहिए, और फिर कभी ऐसा न कीजिए।''
कई दिनों से सुमित्रा ने कुछ खाया नहीं था। सब लोगों के मना करने पर भी बुखार में ही सभा में चली आई थीं। उसने अपूर्व से कहा, ''अपूर्व बाबू, केवल दस मिनट का समय और है। चिल्ला-चिल्लाकर सबको बता दीजिए कि एकजुट होने के सिवा इसका और कोई उपाय नहीं है। कारखाने के लोगों ने आज हम लोगों का जैसा अपमान किया है, अगर तुम अपने-आपको इन्सान समझते हो तो इसका बदला जरूर लेना।''
कहते-कहते उसकी कमजोर आवाज फट-सी गई।
लेकिन सभा की अध्यक्षा का ऐसा उपदेश सुनकर अपूर्व का चेहरा सूख गया। बेचैनी से सुमित्रा की ओर ताकते हुए बोला, 'उत्तेजित करना गैर-कानूनी नहीं होगा?''
सुमित्रा विस्मित होकर मधुर स्वर में बोली, ''पिस्तौल के बल पर सभा को भंग कर देना क्या कानून-संगत है? बेकार खून-खराबा मैं नहीं चाहती। लेकिन इस बात की आप पूरी शक्ति से घोषणा कर दें कि आज के अपमान को मजदूर बिल्कुल न भूलें।''
पथ के दावेदार के जो चार-पांच पुरुष सदस्य मंच पर बैठे थे, उनके चेहरों से ही पता चल रहा था कि वह बहुत ही मामूली और निम्न श्रेणी के लोग हैं। शायद कारीगर या इसी प्रकार के लोग थे। अपूर्व नया होते हुए भी समिति का शिक्षित तथा विशिष्ट सदस्य था। इतनी बड़ी भीड़ को सम्बोधित करने का भार इसीलिए उस पर आ पड़ा था। उसने सूखे गले से कहा, ''मैं तो हिंदी अच्छी तरह बोल नहीं सकता।''
सुमित्रा बोल नहीं सकती थीं। विवश होकर कहने लगीं, ''जो कुछ भी जानते हैं वही दो शब्दों में कह दीजिए अपूर्व बाबू! समय बर्बाद मत कीजिए।''
अपूर्व ने सबकी ओर देखा। भारती मुंह फेरे खड़ी थी इसलिए उसका अभिमत समझ में नहीं आया। लेकिन गोरे नायक के मन का भाव समझ में आ गया। अपूर्व बोलने के लिए उठ खड़ा हुआ। उसके होंठ कांप उठे, लेकिन उन कांपते होंठों से बंगला, अंग्रेजी या हिंदी किसी भी भाषा का एक भी शब्द नहीं निकला।
तलवलकर उठ खड़ा हुआ। सुमित्रा की ओर देखकर बोला, ''मैं बाबू जी का मित्र हूं और हिंदी जानता हूं। यदि आज्ञा हो तो मैं वक्तव्य चिल्ला-चिल्लाकर सबको सुना दूं।''
भारती ने मुंह घूमा कर देखा- सुमित्रा आश्चर्य से देखती चुपचाप बैठी रहीं। और उन दोनों नारियों की घूरती आंखों के सामने लज्जित, अभिभूत, वाक्यहीन अपूर्व स्तब्ध, मुंह नीचा किए जड़वत बैठ गया।
रामदास ने ऊंची आवाज में कहा, ''भाइयों, मुझे बहुत-सी बातें कहनी थीं। लेकिन इन सबने बलपूर्वक हम लोगों का मुंह बंद कर दिया है।'' इतना कहकर उसने पुलिस के घुड़सवारों की ओर संकेत किया, ''इन विलायती कुत्तों को, जिन्होंने हमारे और तुम्हारे विरुध्द ललकारा है, वह तुम्हारे कारखानों के मालिक हैं, वह नहीं चाहते कि कोई तुम्हें तुम्हारी दु:ख-दुर्दशा के बारे में बताए। तुम उनके कारखाने चलाने और बोझा ढोने वाले जानवर हो। लेकिन तुम भी उन्हीं जैसे मनुष्य हो। उसी प्रकार पेट भर भोजन करने का, उसी प्रकार आनंद करने का अधिकार भगवान ने तुम्हें भी दिया है। अगर इस सत्य को समझ सको कि तुम लोग भी मनुष्य हो, तुम भले ही कितने ही दुखी, कितने ही दरिद्र और कितने ही अनपढ़ क्यों न हो, फिर भी मनुष्य हो-तुम्हारी मनुष्यता के दावे को कोई भी किसी बहाने नकार नहीं सकता। यह चंद कारखानों के मालिक तुम्हारे सामने कुछ भी नहीं हैं। यह पूंजीपतियों के विरुध्द गरीबों की आत्मरक्षा की लड़ाई है।
इसमें देश नहीं है, जाति नहीं है, धर्म नहीं है, मतवाद नहीं है, हिंदू नहीं है, मुसलमान नहीं है। जैन, सिख, कुछ भी नहीं है-केवल है धन में उन्मत्त मालिक और गरीब मजदूर! तुम्हारी शारीरिक शक्ति से वह डरते हैं। वह तुम्हारी शिक्षा की शक्ति को संशय की नजर से देखते हैं। तुम लोगों के ज्ञान पाने की आशंका से उनका खून सूख जाता है। अक्षय, दुर्बल, मूर्ख-तुम लोग ही तो उनके विलास-व्यसन के एक मात्र सहारे हो। इस सत्य को गांठ बांधना क्या तुम लोगों के लिए कठिन काम है? और इन्हीं बातों को स्पष्ट शब्दों में कहने के अपराध में, क्या आज इन गोरों के सामने हमारे अपमान की कोई सीमा रहेगी? गरीबों की आत्मरक्षा की लड़ाई में क्या तुम लोग अपनी पूरी शक्ति न जुटा सकोगे?''
गोरा नायक भाषण का अर्थ नहीं समझा, लेकिन श्रोताओं के चेहरों और आंखों में मचलती उत्तेजना देखकर उत्तेजित हो उठा। अपनी रिस्टवाच की ओर वक्ता का ध्यान आकर्षित करते हुए बोला, ''और पांच मिनट का समय है। जल्दी खत्म कीजिए।''
तलवलकर ने कहा, ''केवल पांच मिनट-इससे जरा भी अधिक नहीं मेरे वंचित भाइयों! मैं तुमसे प्रार्थना करता हूं कि हम लोगों पर कभी अविश्वास मत करना। पढ़ा-लिखा कहकर, उच्च वंश का कहकर कारखाने में मजदूरी नहीं करता-इन बातों से हम लोगों पर संदेह करके तुम अपना ही सर्वनाश कर बैठोगे। तुम लोगों को नींद से जगाने के लिए पहली शंखधवनि सभी देशों में और प्रत्येक काल में हम लोग ही करते आए हैं। आज शायद इस बात को न भी समझ सको। लेकिन इतना निश्चय समझो कि इन पथ के दावेदारों से बढ़कर तुम लोगों का मित्र इस देश में और कोई नहीं है।''
उसकी आवाज सूखी और कठोर होती जा रही थी। फिर भी जी-जान से चिल्लाकर कहने लगा।, ''मैं बहुत दिनों तक तुम लोगों के बीच रहकर काम कर चुका हूं। हम लोगों को तुम लोग नहीं पहचानते लेकिन मैं तुम सबको पहचानता हूं। जिनको तुम लोग मालिक कहते हो, एक दिन मैं भी उन्हीं में से एक था। यह मालिक किसी भी तरह तुम्हें इन्सानों की तरह नहीं रहने देंगे। तुम्हें पशुओं की तरह रखकर ही वह तुम्हारे मनुष्यत्व के अधिकार को रोक सकते हैं और किसी दशा में नहीं। तुम लोग बदमाश हो, उच्छृंखल हो, चरित्रहीन हो, उनके मुंह से यह गालियां ही तुम हमेशा से सुनते आ रहे हो इसलिए जब कभी तुम लोगों ने अपने दावे को प्रकट किया तभी तुम लोगों के सभी प्रकर के दु:ख और कष्टों की जड़ में तुम लोगों के असंयत चरित्र को ही जिम्मेदार ठहराते हुए वह तुम्हारी हर प्रकार की उन्नति को रोकते आए हैं। केवल इस झूठ को ही वह हमेशा तुमको समझाते आए हैं कि स्वयं भला न बनने पर किसी भी प्रकार की उन्नति नहीं हो सकती। लेकिन आज मैं तुम लोगों से निस्संकोच और साफ-साफ कह देना चाहता हूं कि उनका यह कहना सम्पूर्ण सत्य नहीं है। केवल तुम लोगों का चरित्र ही तुम्हारी अवस्था के लिए दोषी नहीं है। उनके असत्य का आज तुम लोगों को निर्भीक बनकर विरोध करना ही पड़ेगा। ऊंची आवाज से तुम लोगों को यह घोषणा करनी ही पड़ेगी कि रुपया ही सब कुछ नहीं है।''
कहते-कहते उसकी नीरस आवाज तेज हो उठी। फिर कहने लगा, ''बिना मेहनत के संसार में कुछ पैदा नहीं होता। इसलिए मजदूर भी तुम लोगों की तरह मालिक है-ठीक तुम लोगों की तरह सभी चीजों और सभी कारखानों का अधिकारी है।''
तभी एक पंजाबी के गोरे नायक के कान में कुछ कहते ही उसकी लाल-लाल आंखें अंगारों की तरह जल उठीं। उसने गरजते हुए कहा, ''स्टॉप, नहीं चलेगा। इससे शांति भंग होगी।''
अपूर्व चौंक पड़ा। रामदास के कुर्ते को पकड़कर खींचातानी करने लगा, ''ठहरो रामदास, ठहरो। इस निस्सहाय मित्रहीन पराए देश में तुम्हारी पत्नी है, एक छोटी बेटी है।''
रामदास ने कुछ भी नहीं सुना। चिल्ला-चिल्लाकर कहने लगा, ''यह लोग अन्यायी हैं, डरपोक हैं। किसी भी दशा में सत्य को तुम लोगों को सुनने देना नहीं चाहते लेकिन यह लोग नहीं जानते कि सत्य का गला घोंटकर भी उसकी हत्या नहीं की जा सकती। वह अमर होता है। कभी नहीं मरता।''
गोरे ने इसका अर्थ नहीं समझा। लेकिन अचानक सैंकड़ों लोगों के सर्वांग से छिटककर तीक्ष्ण उत्तेजना की भभक उसके मुंह पर लगी। हुंकार कर बोला, ''यह नहीं चलेगा। यह राजद्रोह है।''
पलक मारते ही, पांच-छह घुड़सवार घोड़ों से कुदकर रामदास के दोनों हाथों को पकड़कर जोर से खींचते हुए नीचे ले गए। उसका दीर्घ शरीर घोड़ों और घुड़सवारों की बीच देखते-देखते ही ओझल हो गया। लेकिन उसकी तेज और ऊंची आवाज बंद नहीं हुई। आवाज उत्तेजित अपार भीड़ के एक छोर से दूसरे छोर तक गूंजने लगी, ''भाइयो! अब मुझसे आप लोगों की भेंट कभी नहीं होगी। लेकिन मनुष्य होकर जन्म लेने की मर्यादा अगर अपने मालिकों के पैरों के नीचे न कुचलवा चुके होंगे तो इतने बड़े उत्पीड़न, इतने बड़े अपमान को कभी बर्दाश्त मत करना।''
लेकिन उसके बातें समाप्त होते-न-होते माने दक्ष यज्ञ आरम्भ हो गया। घोड़े दौड़ने लगे। चाबुक कसने लगे अपमानित, अभिभूत और अस्त-व्यस्त मजदूर जान बचाकर भाग खड़े हुए। कौन किस पर गिरा और कौन किसके पैरों के नीचे कुचल गया कोई ठिकाना नहीं रहा।''
कुछ घायल चोट खाए व्यक्तियों को छोड़कर सारा मैदान सूना होने में देर नहीं लगी। किसी तरह लंगड़ाते हुए जो लोग इस समय भी इधर-उधर भागे जा रहे थे स्तब्ध बैठी सुमित्रा उनकी ओर एकटक देख रही थी। उनसे कुछ ही दूरी पर अपूर्व बैठा था। एक और महिला इसी तरह सिर झुकाए विमुढ़-सी बैठी थी।
जो व्यक्ति गाड़ी लाने गया था, दस मिनट बाद गाड़ी लेकर आ गया। सुमित्रा भारती का हाथ पकड़कर धीरे-धीरे जाकर उसमें बैठ गई। आज वह बहुत अस्वस्थ, उत्पीड़ित और थकी हुई दिखाई दे रही थीं।
भारती ने कहा, ''चलिए।''
अपूर्व ने अपना मुंह ऊपर उठाकर कुछ देर तक न जाने क्या सोचकर पूछा, ''मुझे कहां चलने को कह रही हो?।''
भारती ने कहा, ''मेरे घर।''
अपूर्व कुछ देर चुप रहा। फिर धीरे से बोला, ''आप लोग तो जानती हैं कि मैं समिति के लिए कितना अयोग्य हूं। वहां मेरे लिए कोई स्थान नहीं हो सकता।''
भारती ने पूछा, ''तो फिर इस समय कहां जाएंगे, डेरे पर?''
''डेरे पर? एक बार जाना होगा, ''इतना कहते ही अपूर्व की आंखें सजल हो उठीं। किसी तरह आंसुओं को संभालते हुए बोला, ''लेकिन इस विदेश में और कहां जाऊं, समझ नहीं पा रहा भारती।''
गाड़ी में से सुमित्रा ने कहा, ''तुम लोग जाओ।''
भारती ने फिर कहा, ''चलिए।''
अपूर्व बोला, ''पथ के दावेदारों में मेरे लिए स्थान नहीं है।''
भारती उसका हाथ पकड़ने जा रही थी लेकिन अपने-आपको संभालकर एक पल उसके चेहरे पर आंखें टिकाकर धीमे से बोली, ''पथ के दावेदारों में स्थान भले ही न हो लेकिन और एक दावे से आपको वंचित कर सके संसार में ऐसी कोई वस्तु नहीं है अपूर्व बाबू!''
गाड़ी में से सुमित्रा ने झल्लाकर पूछा, ''तुम लोगों के आने में क्या देर होगी भारती?''
भारती ने हाथ हिलकार गाड़ीवान को जाने का इशारा करते हुए कहा, ''आप जाइए। हम लोग पैदल जाएंगे।''
रास्ते में चलते-चलते अपूर्व ने अचानक कहा, ''भारती तुम मेरे साथ चलो न।''
भारती ने कहा, ''साथ ही तो चल रही हूं।''
अपूर्व बोला, ''यह बात नहीं, तलवलकर की पत्नी से जाकर क्या कहूंगा? मेरी समझ में नहीं आ रहा। रामदास को यहां लाने की दुर्बुध्दि क्यों हुई?''
भारती चुप रही।
अपूर्व कहता गया, ''अचानक कितना बड़ा अनर्थ हो गया। अब अपना कर्त्तव्य मेरी समझ में नहीं आ रहा।'
भारती फिर भी मौन रही।
कुछ देर बाद बेचैन होकर अपूर्व गरज उठा, ''मेरा क्या दोष है। बार-बार सावधन करने पर भी कोई गले में डोरी बांधकर झूले तो उसे मैं किस तरह बचाऊंगा? पत्नी है, लड़की है, घर-गृहस्थी है-जिसे यह होश नहीं, वह मरेगा नहीं तो और कौन मरेगा? और दो वर्ष की सजा भुगतने दो।''
''आप क्या उनकी पत्नी के पास इस समय नहीं जाएंगे!''
अपूर्व बोला, ''जाऊंगा क्यों नहीं। लेकिन कल साहब को क्या उत्तर दूंगा। मैं कहे देता हूं भारती, साहब ने एक बात भी कही तो मैं नौकरी छोड़ दूंगा।''
''नौकरी छोड़कर क्या कीजिएगा?''
''घर चला जाऊंगा। इस देश में इन्सान नहीं रहते।''
''उनके उध्दार का प्रयत्न नहीं करेंगे?''
अपूर्व झट बोल उठा, ''चलो, किसी अच्छे बैरिस्टर के पास चलें भारती। मेरे पास एक हजार रुपए हैं। क्या इनसे काम न चलेगा? मेरी घड़ी आदि जो चीजें हैं उनसे बेचने पर पांच-छह सौ रुपए मिल सकते हैं।''
भारती बोली, ''लेकिन सबसे पहली आवश्यकता है उनकी पत्नी के पास जाने की। मेरे साथ मत चलिए। यहीं से गाड़ी लेकर स्टेशन चले जाइए। उनको क्या चाहिए, क्या अभाव है? कम-से-कम पूछने की जरूरत तो है।'' मैं अकेली चली जाऊंगी। आप चले जाइए।''
अपूर्व कुछ हिचककर बोला, ''मैं अकेला न जा सकूंगा।''
भारती बोली, ''डेरे से तिवारी को साथ ले लेना।''
''नहीं, तुम मेरे साथ चलो।''
''मुझे जरूरी काम है।''
''काम रहने दो। मेरे साथ चलो।''
''लेकिन मुझे इस मामले में क्यों डाल रहे हैं अपूर्व बाबू!''
अपूर्व चूप रहा।
भारती हंस पड़ी। बोली, ''अच्छा, चलिए मेरे साथ। पहले अपना काम पूरा कर लूं।''
रास्ते में अचानक भारती बोली, ''जिसने आपको नौकरी करने के लिए विदेश में भेजा है उसमें आपको पहचानने की बुध्दि नहीं है। वह अगर आपकी मां ही क्यों न हों। तिवारी देश जा रहा है। कोशिश करके आपको भी उसके साथ भेज दूंगी।''
अपूर्व मौन रहा।
''आपने उत्तर नहीं दिया।''
उत्तर देने की आवश्यकता ही नहीं है। मैं गृहस्थी में न रहता तो मैं संन्यासी हो जाता।''
भारती बोली, ''संन्यासी? लेकिन मां तो जीवित है?''
अपूर्व बोला, ''हां देश के एक छोटे से गांव में हम लोगों का एक छोटा-सा मकान है। मां को वहीं ले जाऊंगा।''
''उसके बाद?''
''मेरे पास दो हजार रुपए हैं उन्हीं से छोटी-सी दुकान खोल लूंगा। उसी से हम दोनों का खर्च चल जाएगा।''
भारती बोली, ''खर्च तो चल सकता है। लेकिन अचानक इसकी आवश्यकता कैसे आ पड़ी?''
अपूर्व बोला, ''आज मैं अपने को पहचान सका हूं। मां के अतिरिक्त इस संसार में मेरा कोई मूल्य नहीं है।''
भारती ने एक पल उसके मुंह की ओर देखकर पूछा, ''मां शायद आपको बहुत प्यार करती हैं?''
अपूर्व बोला, ''हां। हमेशा से मां का जीवन दु:ख-ही-दु:ख में बीता है। मैं डरता हूं कहीं यह दु:ख और न बढ़ जाए। मेरा आधार मां है। इसीलिए मैं डरपोक हूं।'' सभी की अश्रध्दा का पात्र हूं।''यह कहकर उसके मुंह से लम्बी सांस निकल गई।
भारती ने कोई उत्तर नहीं दिया। अपूर्व का हाथ पकड़े चुपचाप चलती रही।
अपूर्व ने चिंतित होकर पूछा, ''रामदास के परिवार का क्या उपाय करोगी?''
भारती स्वयं कुछ नहीं समझ सकी थी। फिर भी साहस बढ़ाने के लिए बोली, ''चलिए तो, जाकर देखेंगे। कुछ-न-कुछ उपाय तो किया ही जाएगा।''
''तुमको शायद वहां रहना पड़े।''
''लेकिन मैं तो ईसाई हूं। उन लोगों के किस काम आऊंगी?''
भारती की यह बात अपूर्व को चुभी।
दोनों जब घर पहुंचे, शाम ढल चुकी थी। इस रात किस तरह क्या करना होगा, यह सोचकर उन लोगों के भय की सीमा नहीं थी। अंदर कदम रखते ही भारती ने देखा, उस ओर की खिड़की के पास कोई आराम कुर्सी पर लेटा हुआ है। देखते ही भारती पहचानकर उल्लसित स्वर में बोल उठी, ''डॉक्टर साहब, आप कब आए? सुमित्रा जी से भेंट हुई?''
''नहीं।''
अपूर्व ने कहा, ''आज भयंकर कांड हो गया डॉक्टर साहब! हमारे एकाउटेंट तलवलकर बाबू को पुलिस पकड़कर ले गई।''
भारती बोली, ''इनसिन में उनका घर है। वहीं उनकी पत्नी है, बेटी है। अभी तक उन्हें समाचर तक नहीं मिला।''
अपूर्व ने कहा, ''यह कैसी भयानक आपत्ति आ पड़ी डॉक्टर साहब....''
डॉक्टर हंसकर बोला, ''भारती, मैं बहुत ही थका हुआ हूं। मुझे चाय बनाकर पिला सकती हो बहिन?''
''क्यों नहीं? लेकिन हम लोगों को बाहर जाना है।''
''कहां?''
''इनसिन। तलवलकर बाबू के घर।''
''कोई जरूरत नहीं।''
अपूर्व ने आश्चर्य से कहा, ''जरूरत कैसे नहीं डॉक्टर साहब?''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''लेकिन इसका भार तो मेरे ऊपर है। आप बैठिए। जब तक भारती चाय बनाकर लाए, होटल का ब्राह्मण रसोइया पवित्रता के साथ खाने की कुछ चीज तैयार करके दे जाए। खा-पीकर आप आराम कीजिए।''
अपूर्व बोला, ''इस रात को तो कष्ट उठाने से तुम बच गईं भारती, लेकिन मेरी जिम्मेदारी.... कैसी ही रात क्यों न हो, गए बिना पूरी नहीं होगी।''
भारती ठिठककर खड़ी हो गई। लेकिन तभी डॉक्टर के मुंह की ओर देखकर वह फिर अपना काम करने के लिए चली गई।
डॉक्टर साहब मोमबत्ती जलाकर पत्र लिखने लगे।
दस मिनट तक प्रतीक्षा करके अपूर्व झुंझलाकर उत्कंठित हो उठा। उसने पूछा, ''क्या यह पत्र बहुत ही आवश्यक है?''
डॉक्टर ने कहा, ''हां।''
अपूर्व बोला, ''उधर की कुछ व्यवस्था हो जाना भी तो कम आवश्यक नहीं है। क्या आप उनके घर किसी को न भेजिएगा?''
डॉक्टर ने कहा, ''इतनी रात को वहां जाने के लिए कोई आदमी नहीं मिलेगा।''
अपूर्व बोला, ''तब उसके लिए आप चिंता न करें। सवेरे मैं खुद ही चला जाऊंगा। आप भारती को मना न करते तो हम अभी चले जाते।''
डॉक्टर लिखते-लिखते बोले, ''इसकी आवश्यकता नहीं थी।''
अपूर्व ने कहा, ''आवश्यकता की धारणा इस विषय में मेरी और आपकी एक नहीं है। वह मेरा मित्र है।''
चाय का सामान लेकर भारती नीचे उतर आई और चाय बनाकर पास बैठ गई। डॉक्टर का पत्र लिखना और चाय पीना, दोनों काम साथ-साथ चलने लगे।
दो-तीन मिनट बाद भारती रूठने के अंदाज में बोली, ''आप हमेशा व्यस्त रहते हैं। दो-चार मिनट आपके पास बैठकर बातचीत कर सकूं, इसके लिए आप मुझे समय ही नहीं देते।''
डॉक्टर ने चाय के प्याले से मुंह हटाकर हंसते हुआ कहा, ''क्या करूं बहिन, इस दो बजे की ट्रेन से मुझे जाना है।''
भारती चौंक पड़ी। और अपूर्व के मन में अपने मित्र के प्रति संशय और भी बढ़ गया। भारती ने पूछा, ''एक रात के लिए भी आपको विश्राम नहीं मिलेगा?''
डॉक्टर बोला, ''मुझे केवल एक दिन छुट्टी मिलेगी भारती, लेकिन वह दिन आज नहीं है।''
भारती समझ न सकी। इसलिए उसने पूछा, ''वह समय कब आएगा?''
डॉक्टर ने इसका उत्तर नहीं दिया।
अपूर्व बोला, ''समिति का सदस्य न होते हुए भी रामदास सजा भुगतने जा रहा है। उचित नहीं है यह।''
डॉक्टर ने कहा, ''सजा नहीं भी हो सकती है।''
अपूर्व ने कहा, ''न हो तो उसका भाग्य है। लेकिन अगर हो गई तो वह अपराध मेरा होगा। इस संकट में मैं ही उसे लाया था।''
डॉक्टर केवल मुस्करा दिए।
अपूर्व बोला, ''देश के लिए जिसने दो वर्ष की सजा भोगी है, असंख्य बेंतों के दाग जिसकी पीठ से आज भी नहीं मिटे। इस अवदेश में जिसके बच्चे केवल उसी का मुंह देखकर जी रहे हैं, उसका इतना बड़ा साहस असाधारण है। इसकी तुलना नहीं।''
डॉक्टर ने कहा, ''इसमें संदेह क्या है अपूर्व बाबू! पराधीनता की आग जिसके हृदय में रात-दिन जल रही है, उसके लिए इसके अतिरिक्त और तो कोई उपाय है नहीं। साहब की फर्म की इतनी बड़ी नौकरी या इनसिन का कोई भी व्यक्ति उसे रोक नहीं सकता। यह उसका एकमात्र पथ है।''
डॉक्टर की बातों को व्यंग्य समझकर वह जैसे एकदम पागल हो उठा। बोला, ''आप उसके महत्व को भले ही अनुभव न कर सकें, लेकिन साहब की फर्म की नौकरी तलवलकर जैसे मनुष्य को छोटा नहीं बना सकती। जितनी भी इच्छा हो आप मुझ पर व्यंग्य कीजिए लेकिन रामदास किसी भी बात में आप से छोटा नहीं है। यह बात आप निश्चित रूप से जान जाएंगे।''
डॉक्टर बोले, ''मैं यह जानता हूं। मैंने उनको छोटा नहीं कहा।''
अपूर्व बोला, ''आपने कहा है। उन पर और मुझ पर आपने व्यंग्य किया है। लेकिन मैं जानता हूं, जन्मभूमि उन्हें प्राण से अधिक प्यारी है। वह निडर हैं आपकी तरह लुक-छिपकर नहीं घूमते।''
आश्चर्य से भारती बोली, ''आप किसको क्या कह रहे हैं अपूर्व बाबू? आप पागल तो नहीं हो गए?''
अपूर्व ने कहा, ''नहीं पागल नहीं हूं। यह जो भी क्यों न हों लेकिन रामदास तलवलकर की पद-धूलि के बराबर नहीं हैं। यह बात मैं स्पष्ट शब्दों में कह सकता हूं। उसके तेज, उसकी निर्भीकता से ये मन-ही-मन ईष्या करते हैं। इसीलिए तुम्हें जाने नहीं दिया और मुझे भी चतुराई से रोक दिया।''
भारती उठकर बोली, ''मैं आपका अपमान नहीं कर सकती, लेकिन आप यहां से चले जाइए अपूर्व बाबू! हम लोगों ने आपको गलत समझा था। भय के कारण जिसे हित-अहित का ज्ञान नहीं रहता, उनके पागलपन के लिए यहां स्थान नहीं है। आपका कहना सच है-पथ के दावेदारों में आपको स्थान नहीं मिलेगा। आज के बाद किसी भी बहाने मेरे घर आने का कष्ट मत कीजिएगा।''
अपूर्व निरुत्तर होकर उठ खड़ा हुआ। लेकिन डॉक्टर ने उसका हाथ पकड़कर कहा, ''जरा बैठिए अपूर्व बाबू, इस अंधेरे में मत जाइए। मैं स्टेशन जाते हुए आपको डेरे पर पहुंचाता जाऊंगा।''
अपूर्व की चेतना लौट रही थी। वह सिर झुकाकर बैठ गया।
चाय पीने के बाद जो बिस्कुट बचे थे उनको डॉक्टर साहब जेब में डाल रहे हैं, यह देखकर भारती ने पूछा, ''यह आप क्या कर रहे हैं?''
''खुराक जुटाकर रख रहा हूं बहिन।''
''क्या सचमुच ही आज रात को ही चले जाइएगा?''
''तो क्या मैंने अपूर्व बाबू को बेकार ही रोका है? सभी एक साथ मिलकर अविश्वास करेंगे तो मैं जीऊंगा भारती।'' यह कहकर उन्होंने बनावटी क्रोध दिखाया।
भारती ने अभिमान के साथ कहा, ''नहीं, आज आपका जाना नहीं होगा। आप बहुत थक गए हैं। इसके अतिरिक्त सुमित्रा दीदी अस्वस्थ हैं। आप तो बराबर ही न मालूम कहां चले जाते हैं। मैं आपकी एक बात नहीं सुन सकती, 'पथ के दावेदार' को मैं अकेली कैसे चलाऊं? इस दशा में मेरी जहां तबियत होगी चली जाऊंगी।''
लिखे हुए पत्र उसके हाथ में देते हुए डॉक्टर ने हंसकर कहा। इनमें एक तुम्हारे लिए है, एक सुमित्रा के लिए और तीसरा तुम दोनों के पथ के लिए है। मेरा उपदेश कहो, आदेश कहो, सब कुछ यही है।''
भारती बोली, ''इस बार क्या आप बहुत दिनों के लिए जा रहे हैं?''
''देव: न जानन्ति....।'' कह करके मुस्करा दिए।
भारती बोली, ''हम लोगों की कठिनाई बढ़ गई है। इसीलिए ठीक-ठीक बता जाइएगा कि आप कब लौटेंगे?''
''यही तो कहता हूं- देवं न जानन्ति....''
''नहीं, ऐसा नहीं होगा। सच-सच बताइए, कब लौटिएगा?''
''इतना आग्रह क्यों है?''
भारती बोली, ''इस बार न मालूम क्यों डर लग रहा है। मानो सब कुछ टूट-फूटकर छिन्न-भिन्न हो जाएगा।''
उसके सिर पर हाथ रखकर डॉक्टर बोले, ''ऐसा नहीं होगा। सब ठीक होगा।''यह कहकर वह हंस पड़े। बोले, ''लेकिन इस व्यक्ति के साथ इस प्रकार झूठ-मूठ झगड़ा करने पर सचमुच ही रोना पड़ेगा। अपूर्व बाबू क्रोध अवश्य करते हैं लेकिन जो प्यार करते हैं उसे प्यार करना भी जानते हैं।''
भारती कुछ उत्तर देने जा रही थी लेकिन अचानक अपूर्व के मुंह उठाते ही उसके मुंह की ओर देखकर चुप हो गई।
उसी समय दरवाजे के पास एक घोड़ा गाड़ी रुकी और जल्दी ही दो आदमियों ने प्रवेश किया। एक ऊपर से नीचे तक अंग्रेजी पोशाक में था जिसे डॉक्टर के अतिरिक्त और कोई नहीं जानता था। दूसरा था रामदास तलवलकर।
अपूर्व का चेहरा चमक उठा। रामदास ने आगे बढ़कर डॉक्टर के चरणों की धूल माथे पर चढ़ाई।
अंग्रेजी ड्रेसवाला व्यक्ति बोला, ''जमानत में इतनी देर हो गई शायद गवर्नमेंट मुकदमा नहीं चलाएगी।''
डॉक्टर बोले, ''इसका अर्थ यह है कि तुम गवर्नमेंट को नहीं पहचानते।''
रामदास ने कहा, ''मैदान से आने तक आपको साथ-साथ देखा था। लेकिन फिर कब अर्न्तध्यान हो गए, पता नहीं चला।''
डॉक्टर ने हंसकर कहा, ''अर्न्तध्यान होना जरूरी हो गया था रामदास बाबू! यहां तक कि रातों-रात यहां से भी अर्न्तध्यान होना पड़ेगा।''
रामदास बोला, ''उस दिन स्टेशन पर मैंने आपको पहचान लिया था।''
''जानता हूं। लेकिन सीधे घर न जाकर इतनी रात गए यहां क्यों?''
''आपको प्रणाम करने के लिए। मेरे पूना सेन्ट्रल जेल में जाने के बाद ही आप चले गए थे। तब अवसर नहीं मिला। नीलकांत जोशी का क्या हुआ, जानते हैं? वह तो आपके साथ ही था।''
डॉक्टर ने कहा, ''बैरक की चारदीवारी लांघ नहीं पाए, पकड़े गए और फांसी हो गई।''
अपूर्व ने पूछा, ''उस दशा में क्या आपको भी फांसी हो जाती?''
डॉक्टर हंस पड़े।
उस हंसी को सुनकर अपूर्व सिहर उठा।
रामदास ने पूछा, ''इसके बाद?''
डॉक्टर बोले, ''एक बार सिंगापुर में ही मुझे तीन वर्ष तक नजरबंद रहना पड़ा था। अधिकारी मुझे पहचानते थे। इसीलिए सीधा रास्ता छोड़कर बैंकाक के रास्ते पहाड़ लांघकर मेवाद पहुंच गया। भाग्य अच्छा था। एक हाथी का बच्चा भाग्य से मुझे मिल गया। हाथी के उस बच्चे को बेचकर एक जहाज में नारियल के चालान के साथ अपना चालान कराकर मैं अराकान पहुंच गया। अचानक थाने में एक परम मित्र के साथ आमना-सामना हो गया। उनका नाम है बी. ए. चेलिया। मुझे बहुत प्यार करते हैं। बहुत दिनों से दर्शन न होने पर मुझे खोजते हुए सिंगापुर से बर्मा आ गए। भीड़ में अच्छी तरह नजर नहीं रख सके। नहीं तो पैतृक गले का....।'' यह कहकर हंस पड़े। लेकिन सहसा अपूर्व के चेहरे पर नजर पड़ते ही चौंककर बोला, यह क्या अपूर्व बाबू? आपको क्या हो गया?
अपूर्व स्वयं को संभालने का प्रयत्न कर रहा था। उनकी बात पूरी होते, न होते दोनों हाथों से मुंह ढककर तेजी से दौड़ता हुआ कमरे से निकल गया।
﻿
अपूर्व के इस तरह बाहर चले जाने पर सभी आश्चर्य में पड़ गए। बैरिस्टर कृष्ण अय्यर ने पूछा, ''यह कौन है डॉक्टर? बहुत ही भावुक।''
उसकी बात में स्पष्ट उलाहना था कि ऐसे लोगों का यहां क्या काम है?''
डॉक्टर थोड़ा हंस पड़े।
प्रश्न का उत्तर दिया तलवलकर ने, ''यह हैं मिस्टर अपूर्व हालदार! हमारे ऑफिस में मेरे सुपीरियर अफसर हैं। लेकिन बहुत अन्तरंग हैं। मेरे रंगून के प्रथम परिचय की कहानी नहीं सुनी। यह एक....''
सहसा भारती पर नजर पड़ते ही रुककर उसने कहा, ''वह जो कुछ भी हो, प्रथम परिचय के दिन से ही हम लोग मित्र हैं।''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''भावुकता नाम की वस्तु सर्वदा बुरी नहीं होती कृष्ण अय्यर! और तुम्हारी तरह सभी को कठोर पत्थर बन जाने से काम नहीं चलेगा। ऐसा सोचना भी ठीक नहीं है।''
कृष्ण अय्यर बोले, ''ऐसा मैं भी नहीं सोचता। लेकिन कमरे को छोड़कर उनके विचरने के लिए संसार में स्थान तो कम है नहीं।''
तलवलकर मन-ही-मन क्रोधित हो उठा। जिसे बार-बार अपना परम मित्र बता रहा है, उसे उसी के सामने अवांछित व्यक्ति सिध्द करने की चेष्टा से उसने अपना अपमान समझकर कहा, ''मिस्टर अय्यर, अपूर्व बाबू को मैं पहचानता हूं। यह सच है कि हम लोगों के मंत्र की दीक्षा लिए उन्हें बहुत दिन नहीं हुए। लेकिन मित्र की अकल्पित मृत्यु से थोड़ा-सा विचलित हो जाना, हम लोगों के लिए भी कोई भयानक अपराध नहीं है। संसार में चलने-फिरने के लिए अपूर्व बाबू को स्थान की कमी नहीं है। और मुझे आशा है कि इस मकान में भी उनके लिए स्थान की कमी नहीं पड़ेगी।''
डॉक्टर बोले, ''अवश्य नहीं पड़ेगी तलवलकर, अवश्य नहीं पड़ेगी।'' फिर वह विशेष रूप से भारती को लक्ष्य करके बोले, ''लेकिन यह मित्रता नाम की वस्तु संसार में कितनी क्षण भंगुर है भारती। एक दिन जिसके संबंध में सोचा भी नहीं जा सकता, दूसरे ही दिन जरा-सा कारण पैदा हो जाने पर हमेशा के लिए विछोह हो जाता है। यह भी संसार में कोई अस्वाभाविक नहीं है तलवलकर! इसके लिए भी तैयार रहना चाहिए। मनुष्य बहुत ही दुर्बल प्राणी है। संसार के धक्के संभालने के लिए इसी भावुकता की आवश्यकता पड़ती है।''
इन सब बातों का उत्तर नहीं, प्रतिवाद भी नहीं। सब मौन रहे। लेकिन भारती का चेहरा उदास हो उठा। भारती जानती है कि अकारण कुछ कहना डॉक्टर का स्वभाव नहीं है।
डॉक्टर ने घड़ी देखकर कहा, ''मेरा तो जाने का समय हो रहा है भारती! रात की गाड़ी से जा रहा हूं तलवलकर!''
कहां और किसलिए? अपने आप बताए बिना अनावश्यक कौतूहल प्रकट करने का नियम इन लोगों में नहीं है।''
तलवलकर ने पूछा, ''मेरे लिए आपका आदेश?''
डॉक्टर ने हंसकर कहा, ''आदेश तो है, लेकिन एक बात है, बर्मा में स्थान का अभाव हो ही जाए तो अपने देश में नहीं होगा, यह निश्चित है। मजदूरों पर जरा नजर रखना।''
तलवलकर ने गर्दन हिलाकर कहा, ''अच्छा, फिर कब भेंट होगी?''
डॉक्टर ने कहा, ''नीलकांत जोशी के शिष्य हो तुम, फिर यह प्रश्न कैसे कर बैठे?''
तलवलकर चुप हो रहा। डॉक्टर ने कहा, ''अब देर मत करो, जाओ। घर पहुंचते-पहुंचते भोर हो जाएगी। -और अय्यर, क्या यहीं प्रैक्टिस करने का निश्यच कर लिया है?''
कृष्ण अय्यर ने सिर हिलाकर सम्मति प्रकट की। किराए की गाड़ी बाहर खड़ी प्रतीक्षा कर रही थी। दोनों बाहर जाने लगे तो तलवलकर ने कहा, ''अंधेरे में अपूर्व बाबू कहां चले गए। भेंट नहीं हुई....''
लेकिन इस बात का उत्तर देना किसी ने आवश्यक नहीं समझा। कुछ ही देर बाद गाड़ी की आवाज से मालूम हो गया कि वह लोग चले गए।
''तुम क्या समझती हो....अपूर्व चला गया?'' डॉक्टर ने कहा।
भारती बोली, ''नहीं सम्भव है आस-पास खोजने से मिल जाएंगे। आपसे बिना भेंट किए वह नहीं जाएंगे।''
डॉक्टर बोले, ''तुम यही काम करो। अधिक नहीं ठहर सकता बहिन!''
''नहीं। वह इसी बीच आ जाएंगे,'' यह कहकर दरवाजे के बाहर भारती ने नजरें दौड़ाई और परिचित पैरों की आवाज की प्रतीक्षा में बेचैन हो उठी। जी चाहा दौड़कर कहीं आप-पास से उसे पलभर में खोज लाए। लेकिन इतनी व्याकुलता दिखाने में उसे आज लज्जा मालूम हुई। डॉक्टर ने घड़ी की ओर देखा। भारती ने घड़ी पर नजर डाली। पांच-छ: मिनट से अधिक समय नहीं था।
''आप क्या पैदल ही जाएंगे?''
''नहीं। दो बजकर बीस मिनट पर बड़ी सड़क से एक घोड़ा गाड़ी गुजरेगी। छ:-सात आने में स्टेशन पहुंचा देगी।''
''पैसा न देने पर भी पहुंचा देगी। लेकिन जाने से पहले क्या सुमित्रा जीजी को देखने नहीं जाएंगे? वह सचमुच बीमार हैं।''
डॉक्टर ने कहा, ''मैंने कब कहा कि बीमार नहीं हैं? लेकिन डॉक्टर को दिखाए बिना बीमारी कैसे अच्छी होगी?''
भारती बोली, ''आपसे अच्छा डॉक्टर कौन मिलेगा?''
डॉक्टर ने मजाक में उत्तर दिया, ''तब तो हो चुकी अच्छी। अभ्यास छूटे बहुत दिन बीत चुके हैं। फिर बैठा-बैठा किसी का इलाज करता रहूं, इतना समय कहां है मेरे पास?''
भारती बोल उठी, ''आपके पास भला समय कहां है! कोई मर भी जाए तो भी आपको समय नहीं मिलगा। क्या देश का काम ऐसा ही होता है?''
डॉक्टर का हंसता हुआ चेहरा पलभर को गम्भीर होकर फिर पहले जैसा हो गया। भारती यह देखते ही अपनी गलती समझ गई। सुमित्रा कौन है? डॉक्टर के साथ उसका सबंध क्या है? और किस तरह वह इस दल में शामिल हुई, भारती को इस सबंध में कुछ भी मालूम नहीं था। इन लोगों की संस्था में व्यक्तिगत परिचय के प्रति जिज्ञासा निषिध्द माना जाता है। इसीलिए अनुमान के सिवा ठीक तौर से कुछ भी जान लेने का उपाय नहीं था। केवल स्त्री होने के नाते ही उसने सुमित्रा का मनोभाव कुछ-कुछ जान लिया था। लेकिन अपनी उसी अनुभूति को आधार मानकर इतना बड़ा इशारा कर बैठने से वह केवल संकोच में ही नहीं पड़ गई बल्कि भयभीत भी हो उठी। भयभीत वह डॉक्टर से नहीं सुमित्रा से हुई। यह बात किसी भी तरह उसके कान तक पहुंच जाने से काम बिगड़ जाएगा। उनका और परिचय मालूम न होने पर भी पहले से ही उस शांत, तीक्ष्ण, विद्या-बुध्दिशालिनी रमणी के दुर्भेद्य गम्भीरता के परिचय से कोई भी अपरिचित नहीं था। उनके स्वरूप और भाषण से उनके प्रखर सौन्दर्य के हर पदक्षेप से, उनके संयम-गम्भीर वार्तालाप से, उनके अचंचल आचरण की गम्भीरता से, इस दल में रहते हुए भी उनकी असीम दूरी को सब लोग भली-भांति अनुभव करते थे। यहां तक कि उनकी बीमारी के संबंध में भी अपने आप किसी प्रकार की आलोचना करने का भी किसी को साहस नहीं होता था। लेकिन एक दिन इस न बेधी जाने वाली कठोरता को बेधकर उनकी अत्यंत गुप्त दुर्बलता, उस दिन अपूर्व और भारती के सामने प्रकट हो गई थी जिस दिन एक आदमी को विदा करते समय सुमित्रा स्वयं को संभाल नहीं सकी थीं। और उसी से वह मानो अपने को सबसे अलग-बहुत दूर हटा ले गई हैं। वह विशाल व्यवधान, दूसरे की बिन मांगी सहानुभूति के आकर्षण से संकुचित होने का थोड़ा भी आभास मिलते ही उसकी अपने जीवन के प्रति अंतर में छिपी गूढ़ वेदना सहसा भड़क उठेगी, इस बात का अनुभव करके भारती का क्षुब्ध चित्त आशंका से भर जाता था।
डॉक्टर ने आराम कुर्सी पर अच्छी तरह लेटकर अपने दोनों पैर मेज पर फैला दिए और फिर आराम की सांस छोड़कर बोल उठे, ''ओह....।''
भारती आश्चर्य से बोले, ''आप तो खूब सो लिए?''
डॉक्टर नाराज होकर बोलें, ''क्यों, क्या मैं घोड़ा हूं जो जरा-सा लेटते ही नींद आ जाएगी? मुझे नींद आ रही है। तुम लोगों की तरह खड़े-खड़े मैं नहीं सो सकता।''
''खड़े-ख़ड़े हम लोग भी नहीं सो सकते। लेकिन अगर कोई यह कहे कि आप दौड़ते-दौड़ते सो सकते हैं तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा। आपके इस शरीर से क्या कुछ नहीं हो सकता कोई नहीं जानता, लेकिन समय हो गया। इसी समय न चल पड़ने से गाड़ी नहीं मिलेगी। चली जाएगी।''
''चली जाने दो, बड़ी जोर की नींद आ रही है भारती। आंखें नहीं खोल सकता,'' यह कहकर डॉक्टर ने आंखें मूंद लीं।
यह सुनकर भारती ने पुलकित मन से अनुभव किया कि केवल मेरे अनुरोध से ही आज उनका जाना स्थगित हो गया। नहीं तो नींद तो दूर, बिजली गिरने की दुहाई देकर भी उनके संकल्प में बाधा नहीं डाली जा सकती। उसने कहा, ''अगर सचमुच ही नींद आ रही हो तो ऊपर जाकर सो जाइए न।''
डॉक्टर ने आंखें बंद किए ही पूछा, ''तुम क्या अपूर्व की बाट देखती हुई सारी रात जागकर बिताओगी?''
भारती बोली, ''मुझे क्या गरज? कोठरी में सो जाऊंगी।''
डॉक्टर बोले, ''क्रोध करके लेटा तो जा सकता है लेकिन सोया नहीं जा सकता। बिछौने पर पड़कर छटपटाते रहने से बढ़कर दूसरी कोई सजा नहीं होती। इससे यही अच्छा होगा कि तुम उसे खोज लाओ। मैं किसी से नहीं कहूंगा।''
भारती का चेहरा लाल पड़ गया। कुछ देर मौन रहने के बाद स्वयं को संभाल कर बोली, ''अच्छा डॉक्टर साहब, बिस्तर पर पड़कर छटपटाते रहने से बढ़कर और कोई सजा नहीं होती-यह बात आप कैसे जान गए?''
''लोग कहते हैं। वही सुनकर।''
''अपने अनुभव से नहीं जानते?''
डॉक्टर बोले, ''बहिन, हम अभागों को तो सोने के लिए बिस्तर भी नसीब नहीं होते। फिर छटपटाना कैसा। इतनी बाबूगिरी के लिए फुर्सत कहां?''
भारती बोली, ''अच्छा डॉक्टर साहब, सब लोग कहते हैं कि आप में क्रोध है ही नहीं। क्या यह बात सच है?''
''लोग झूठ कहते हैं। वह मुझे देख नहीं सकते।''
भारती हंसकर बोली, ''या अत्यधिक प्यार करते हैं? वह तो यह भी कहते हैं कि आप में न मान है न अभिमान। न दया-माया है। हृदय आदि से अंत तक पत्थर बन गया है।''
डॉक्टर ने कहा, ''यह भी अत्यधिक प्यार की बात है। इसके बाद?''
भारती बोली, ''इसके बाद, उस प्रस्तर मूर्ति पर केवल एक प्रतिमा खुदी हुई है-जन्मभूमि की प्रतिमा। उसका न आदि है, न अंत है और न क्षय है। वह प्रतिमा हमें दिखाई नहीं देती। इसीलिए हम लोग आपके पास रह पाते हैं। नहीं तो....'' कहते-कहते सहसा वह रुक गई। फिर बोली, ''कैसे बताऊं डॉक्टर साहब, एक दिन जब में सुमित्रा बहिन के साथ बर्मा आयरन कम्पनी के कारखानें के पास से जा रही थी, उस दिन यहां कारखाने के नए बायलर की परीक्षा हो रही थी। लोग खड़े-खड़े तमाशा देख रहे थे। काले पर्वत के समान वह एक विशाल जड़-पिंड से अधिक और कुछ भी नहीं था। सहसा उसका दरवाजा खुल जाने पर ऐसा लगा मानों उसके भीतर आग का तूफान उठ रहा है। अगर उसमें इस पृथ्वी को भी उठाकर डाल दिया जाए तो वह इसे भी भस्म कर देगा। मैंने सुना है कि वह अकेला ही उस विशाल कारखाने को जला सकता है। दरवाजा बंद हो गया तो वह पूर्ववत शांत जड़-पिंड बन गया। उसके भीतर का रत्ती भर भी प्रकाश बाहर नहीं रहा। सुमित्रा बहिन के मुंह से गहरी सांस निकल गई। मैंने आश्चर्य से पूछा ''क्या बात है जीजी!'' सुमित्रा ने कहा, ''इस भयंकर यंत्र को याद रखना भारती। इससे तुम अपने डॉक्टर साहब को पहचान सकोगी। यही है उनकी यथार्थ प्रतिमूर्ति।''
डॉक्टर ने अन्यमनस्क की तरह मुस्कराते हुए कहा, ''सभी लोग क्या मुझे प्यार ही करते हैं? लेकिन नींद के मारे तो आंखों से अब कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा भारती। कुछ उपाय करो। लेकिन इससे पहले-वह आदमी कहां चला गया, क्या एक बार पता नहीं लगाओगी?''
''लेकिन आप यह बात किसी से कह नहीं सकते।''
''नहीं। लेकिन मुझ से लज्जा करने की आवश्यकता नहीं है।''
''नहीं। मनुष्य से ही मनुष्य को लज्जा होती है, ''यह कहकर वह लालटेन लेकर बाहर चली गई।
लगभग पंद्रह मिनट बाद आकर बोली, ''अपूर्व बाबू चले गए।''
आश्चर्य से डॉक्टर बोले, ''इतने अंधेरे में अकेले?''
''ऐसा ही लगता है।''
''आश्चर्य है।''
''मैंने आपके लिए बिस्तर ठीक कर दिया है।''
''और तुम।''
''मैं फर्श पर कम्बल बिछाकर सो जाऊंगी।''
डॉक्टर बोले, ''अच्छा चलो। लज्जा मनुष्य मनुष्य से करता है। मैं तो पत्थर रहा।''
ऊपर के कमरे में डॉक्टर लेट गए। भारती ने फर्श पर बिस्तर बिछा दिया।
डॉक्टर ने उसे देखकर कहा, ''सब लोग मिलकर इस तरह मेरी उपेक्षा करते हैं तो मेरे आत्म सम्मान को चोट लगती है। यानी मुझसे कोई भय नहीं है।''
भारती बोली, ''रत्ती भर भी नहीं। आपसे किसी का लेशमात्र भी अकल्याण नहीं हो सकता।''
डॉक्टर से हंसकर बोली, ''अच्छा, किसी दिन पता चल जाएगा।''
बिछौने पर लेटकर भारती ने पूछा, ''आपका सव्यसाची नाम किसने रखा था डॉक्टर साहब?''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''यह नाम दिया था पाठशाला में पंडित जी ने। उनके यहां आम का एक बहुत ऊंचा पेड़ था। केवल मैं ही ढेले भरकर उस पर लगे आमों को तोड़ सकता था। एक छत पर से कूदने पर मेरा दायां हाथ मोच खा गया। डॉक्टर ने उस पर पट्टी बांधकर मेरे गले से लटका दिया। यह देखकर सभी हाय-हाय करने लगे। लेकिन पंडित जी ने प्रसन्न होकर कहा, ''जाने दो, ढेले की चोट खाने से मेरे आम तो बच गए। पकने पर शायद दो-चार मुंह में डाल सकूंगा।''
भारती बोली, ''आप बड़े दुष्ट थे।''
डॉक्टर बोले, दूसरे दिन फिर आम गिराने लगा। पंडित जी को पता चल गया। उन्होंने मुझे पकड़ लिया। कुछ देर मेरी ओर देखकर बोले, ''गलती हुई बेटा सव्यसाची। आम की आशा अब नहीं करता। दायां हाथ तोड़ चुके हो, बायां हाथ चल रहा है। बायां हाथ टूट जाने पर संभव है दोनों पैर चलेंगे। अब कष्ट मत करो। जो आम बचे हैं उन्हें मैं तुड़वा देता हूं।''
भारती बोली, ''पंडित जी का दिया हुआ नाम है यह?''
डॉक्टर बोले, ''हां, मेरा असली नाम तभी से लोग भूल गए।''
भारती फिर बोली, ''अच्छा, सभी लोग जो कहते हैं कि देश और आप मिलकर एकाकार हो गए हैं। यह कैसे हुआ?''
डॉक्टर बोले, ''यह भी बचपन की घटना है। इस बीच में क्या-क्या आया और चला गया, लेकिन वह दिन आज भी याद है। हमारे गांव के पास वैष्णवों का एक मठ था। एक दिन रात के समय डाकुओं ने उस मठ पर आक्रमण किया। रोने-धोने की आवाज से लोग इकट्ठे हो गए। लेकिन डाकुओं के पास एक देशी बंदूक थी, जिससे वह लोग गोलियां चलाने लगे। यह देखकर कोई उनके पास न जा सका। मेरे एक चचेरे भाई थे। अत्यंत साहसी और परोपकारी। वह जाने के लिए छटपटाने लगे। लेकिन जाने पर निश्चय ही मृत्यु होगी, यह सोचकर सबने उनको पकड़ लिया। अपने को किसी तरह न छुड़ा सकने पर वह वहीं से निष्फल उछल-कूद मचाने लगे और डाकुओं को गाली देने लगे, लेकिन उसका कोई फल नहीं हुआ। डाकुओं ने केवल एक बंदूक के जोर से दो-तीन सौ आदमियों के सामने बाबा जी को खूंटे में बांधकर जला डाला। मैं उस समय बालक था भारती! लेकिन आज भी मरते हुए बाबा जी की चीखें सुनाई पड़ती हैं। ओह, कितना हृदय विदारक आर्तनाद था वह।''
भारती ने पूछा, ''इसके बाद?''
डॉक्टर बोले, ''इसके बाद?''
डॉक्टर बोले, ''बाबा जी को समूचे गांववालों के सामने मार डाला गया। डाकुओं ने लूटपाट का काम बड़ी आसानी से पूरा कर लिया। जाते समय डाकुओं के सरदार ने अपने पिता की सौगंध खाकर बड़े भैया को सुनाकर कहा, ''आज तो हम लोग थक गए हैं। पर एक महीने के अंदर ही लौटकर हम इसका बदला लेंगे।'' बड़े भैया जिला मजिस्ट्रेट के पास जाकर रोए-धोए कि मुझे एक बंदूक चाहिए। लेकिन पुलिस ने कहा, नहीं मिल सकती। क्योंकि दो साल पहले किसी अत्याचारी पुलिस इंस्पेक्टर के कान मल देने के अपराध में उन्हें दो महीने की जेल की सजा मिल चुकी थी। भैया से मजिस्टे्रट ने कहा, ''जो इतना डरता है वह घर-द्वार बेचकर मेरे जिले से किसी दूसरे जिले में चला जाए।''
भारती उत्तेजित होकर बोली, ''नहीं दी?''
डॉक्टर ने कहा, ''नहीं, और यही नहीं, बडे भैया ने जब धनुष-बाण और बरछा बनवाया तो पुलिस उन्हें भी छीन ले गईं।''
''इसके बाद?''
''इसके बाद की घटना संक्षिप्त है। उसी महीने में सरदार ने अपनी प्रतिज्ञा पूरी कर ली। इस बार उसके पास एक बंदूक और थी। घर के सभी लोग भाग गए। पर बडे भैया को कोई भी डिगा न सका। डाकू की गोली खाकर उन्होंने प्राण त्याग दिए।''
''प्राण त्याग दिए?''
''हां, गोली लगने के बाद चार घंटे जीवित रहे। गांव भर इकट्ठा होकर हो-हल्ला मचाने लगा। कोई डाकुओं को गाली देने लगा। कोई साहब को। केवल भैया चुपचाप पड़े रहे। देहाती गांव ही तो था। अस्पताल दस-बारह कोस दूर था। रात के समय डॉक्टर पट्टी बांधने के लिए आया तो भैया ने उसका हाथ हटाकर कहा, ''रहने दो, मैं जीना नहीं चाहता।'' यह कहते-कहते पत्थर के उस देवता की आवाज जरा-सी कांप उठी। बड़े भैया मुझे बहुत ही प्यार करते थे। मुझे रोते देखकर उन्होंने मेरी ओर देखा और फिर धीरे-धीरे बोले, ''छि:! लड़कियों की तरह इस गाय, भेड़, बकरियों के सुर-में-सुर मिलाकर तू मत रो शैल! लेकिन राज्य करने के लोभ से जिन लोगों ने समूचे देश में मनुष्य कहलाने योग्य एक भी प्राणी बाकी नहीं छोड़ा, उन लोगों को अपने जीवन में कभी क्षमा मत करना?'' घृणा से उसके मुंह से उफ, आह तक भी नहीं निकली और इस अभिशप्त पराधीन देश को चिरकाल के लिए वह छोड़कर चले गए। केवल मैं ही जानता हूं भारती- कितना बड़ा और विशाल हृदय उस दिन संसार से विदा हो गया।''
भारती चुपचाप बैठी रही। किसी समय एक छोटे से गांव में हुई दुर्घटना की कहानी ही तो है। डाका पड़ने पर दो-चार अज्ञात, अप्रसिध्द आदमियों के प्राण नष्ट हुए, इतना ही तो। जगत के बड़े-बड़े विरोधों के असहनीय दु:खों के मुकाबले में यह है क्या चीज? फिर भी इस पत्थर पर कितना गहरा घाव कर गई है। तुलना और गणना की दृष्टि से दुर्बलों के दु:खद इतिहास में हत्या की यह निर्ममता बहुत ही तुच्छ है। इस बंगदेश में ही रोजाना न जाने कितने लोग चोर-डाकुओं के हाथों मरते हैं। लेकिन इसमें क्या इतनी ही-सी बात है? क्या यह पत्थर इतने से आघात से ही विदीर्ण हो गया है? भारती को सहसा लगा, जैसे समूची बलि की दुस्सह लांछना और अपमान की ग्लानि से उस पत्थर के चेहरे पर काली स्याही की मोटी तह पोत दी है।
वेदना से भारती बोल उठी, ''भैया....?
डॉक्टर ने गर्दन उठाकर पूछा, ''मुझे बुला रही हो?''
भारती बोली, ''हां.... क्या अंग्रेजों से तुम्हारी संधि नहीं हो सकती?''
''नहीं, मुझसे बढ़कर उनका शत्रु और कोई नहीं है।''
भारती मन-ही-मन दु:खी होकर बोली, ''किसी से दुश्मनी या किसी का अहित करने की तुम कामना कर सकते हो, यह बात मैं सोच भी नहीं सकती भैया।''
डॉक्टर बोले, ''भारती, यह बात तुम्हारे मुंह से ही शोभा दे सकती है। मैं तुम्हें आशीर्वाद देता हूं कि तुम सुखी होओ।'' यह कहकर वह जरा हंस पड़े। लेकिन भारती जानती थी कि इस हंसी का कोई मूल्य नहीं है। शायद यह कुछ और ही हो।
डॉक्टर ने कहा, ''भारती, हमारा देश उनके हाथों में चला गया है। इसी कारण मैं उनका शत्रु नहीं हूं। कभी यह देश मुसलमानों के हाथों में भी चला गया था लेकिन समस्त संसार में मानवता की इतनी बड़ी शत्रु जाति और कोई नहीं है। यही इन लोगों का व्यवसाय है। यही इनका मूलधन है। यदि तुमसे बन सके तो देश के सभी लोगों को, भले ही वह पुरुष हों या स्त्री, इस सत्य को समझा देना।''
भारती मौन बैठी न जाने क्या सोचने लगी। लेकिन एक समूची जाति के विरुध्द इतने बड़े अभियोग को सत्य मानकर उस पर विश्वास न कर पाई।

भारती के दल के एक आदमी ने आकर एक पत्र दिया। पत्र सुमित्रा के हाथ का लिखा हुआ था। पत्र में उसने लिखा था कि जैसी अवस्था में हो तत्काल पत्र वाहक के साथ चली आओ।
नीचे उतरकर देखा, दरवाजे के सामने परिचित गाड़ी खड़ी है लेकिन गाड़ीवान बदल गया है। लेकिन गाड़ी क्यों आई है? सुमित्रा के घर तक जाने में तीन-चार मिनट से अधिक समय नहीं लगता। उसने पूछा, ''क्या बात है हीरा सिंह, सुमित्रा कहां हैं?''
हीरा सिंह पथ के दावेदार के सदस्य न होते हुए भी विश्वासपात्र है, पंजाबी सिख है। पहले हांगकांग पुलिस में सर्विस करता था। अब रंगून के तार घर में प्यून का काम करता है।
उसने धीरे से कहा, ''चार-पांच मील दूर, बहुत ही गुप्त और आवश्यक सभा हो रही है। आपके न जाने से काम नहीं चलेगा।''
भारती ने प्रश्न नहीं किया। सांझ के अंधेरे में गाड़ी की खिड़कियां बंद करके चल पड़ी। हीरा सिंह सरकारी प्यून की यूनिफार्म में सरकारी साइकिल पर सवार होकर दूसरे रास्ते से चल पड़ा।
रात के लगभग दस बजे गाड़ी एक बगीचे में पहुंचकर रुक गई। हीरा सिंह पहले ही पहुंच चुका था। उसने गाड़ी का दरवाजा खोल दिया। सिर के ऊपर बड़े-बड़े पेड़ छाए हुए थे। जिसके कारण अंधकार इतना दुर्भेद्य हो गया था कि हाथ सुझाई नहीं दे रहा था। लम्बी-लम्बी और घनी घास के बीच एक पगडंडी का चिद्द मात्र दिखाई दे रहा था। इसी भयानक रास्ते पर हीरा सिंह अपनी साइकिल की छोटी-सी लालटेन की रोशनी से रास्ता दिखाते हुए आगे-आगे चलने लगा।
उस पगडंडी पर चलते ही भारती के मन में रह-रहकर यह विचार आने लगा कि इस भयंकर स्थान में आकर मैंने अच्छा नहीं किया।
थोड़ी देर बाद वह लोग एक टूटी-फूटी पुरानी इमारत के सामने पहुंच गए। बडे हाल के कोने में ऊपर चढ़ने की सीढ़ियां हैं। सीढ़ियां काठ की बनी हुई हैं। बीच-बीच में सीढ़ियों के कुछ तख्ते नहीं हैं। भारती हीरा सिंह का हाथ पकड़कर दूसरी मंजिल पर पहुंच गई। और फिर सामने का बरामदा पार करके बड़ी कठिनाई से निश्चित स्थान पर पहुंच गई। कमरे में एक चटाई बिछी थी। एक ओर दो मोमबत्तियां जल रही थीं। उन्हीं के पास सामने आसन पर सुमित्रा बैठी थी। दूसरे छोर पर डॉक्टर बैठे थे। उन्होंने स्नेह भरे स्वर में कहा, ''आओ भारती, मेरे पास आकर बैठो।''
भारती जल्दी से डॉक्टर के पास जा बैठी। उसके कंधो पर बायां हाथ रखकर डॉक्टर ने जैसे चुपचाप उसे ढाढ़स बंधाया। हीरा सिंह अंदर नहीं आया। दरवाजे के पास ही खड़ा रहा। भारती ने चारों ओर नजर डाली। जो लोग बैठे थे उनमें से पांच-छ: को तो वह बिल्कुल ही नहीं पहचानती थी। परिचितों में से डॉक्टर और सुमित्रा के अतिरिक्त रामदास तलवलकर और कृष्ण अय्यर थे।
अपरिचितों पर नजर डालते ही सबसे पहने उसकी नजर एक भयानक चेहरे वाले आदमी पर पड़ी। वह गेरुए रंग का लम्बा चोला पहने था। सिर पर बहुत बड़ी पगड़ी थी। उसका मुंह बड़ी हांड़ी की तरह गोलाकार और शरीर गैंडे के समान स्थूल, मांसल और सूखा था। बड़ी-बड़ी आंखों के ऊपर भौंहों का चिद्द तक नहीं। कड़ी-कड़ी सींकों की तरह खड़ी मूंछें शायद दूर से गिनी जा सकती थीं। रंग तांबे जैसा। उसे देखते ही स्पष्ट मालूम हो जाता था कि वह अनार्य मंगोलिया जाति का है। उस वीभत्स भयानक आदमी की ओर भारती आंख उठाकर नहीं देख सकी। दो मिनट तक समूचे कमरे में सन्नाटा छाया रहा। फिर सुमित्रा ने पुकारकर कहा, ''भारती, मैं तुम्हारे मन की बात जानती हूं? इसलिए मेरी इच्छा नहीं थी कि तुम्हें यहां बुलाकर दु:खी करूं। लेकिन डॉक्टर ने ऐसा नहीं करने दिया। जानती हो, अपूर्व बाबू ने क्या किया है।''
भारती मौन देखती रह गई।
सुमित्रा बोली, ''वोथा कम्पनी ने रामदास को बर्खास्त कर दिया है। अपूर्व की भी वही दशा होती। लेकिन कमिश्नर के सामने हम लोगों की सारी बातें सच-सच कह देने से ही उसकी नौकरी बच गई। वेतन कम नहीं था। पांच-छह सौ के लगभग होगा।''
रामदास बोला, ''हां।''
सुमित्रा बोली, 'पथ के दावेदार' विद्रोहियों का दल है और हम लोग छिपाकर रिवाल्वर रखते हैं-यह सारी बातें भी उन्होंने बता दीं। इसके लिए क्या दण्ड है भारती?''
भयंकर आकृति वाला आदमी गरजकर बोला, ''डेथ।''
भारती चुप थी।
रामदास बोला, ''सव्यसाची ही डॉक्टर बने हैं। यह समाचार उन्हें मिल चुका है। अपूर्व बाबू ने यह बात बता देने में कसर नहीं रखी है। होटल के कमरे में ही उन्हें पकड़ा जा सकता है। इसके पहले मैं राजनीतिक अपराध में दो वर्ष जेल काट चुका हूं, यह भी बता दिया।''
सुमित्रा ने कहा, ''भारती, तुम जानती हो कि डॉक्टर पकड़े जाएंगे तो उसका परिणाम क्या होगा? फांसी हो जाएगी। अगर उससे बच भी गए तो 'ट्रांसोप्रोट्रेशन'। सभासदगण, आप लोग इस अपराध का दंड क्या निश्चित करते हैं?''
सभी एक साथ बोल उठे-''डेथ।''
''भारती, तुम्हें कुछ कहना है?''
भारती ने सिर हिलाकर बताया-''कुछ नहीं।''
वह भयंकर आदमी बोला, ''यह भार मैं अपने ऊपर लेता हूं।''
कृष्ण अय्यर ने दरवाजे की ओर देखकर हीरा सिंह से कहा, ''बगीचे के कोने में एक सूखा कुआं है। कुछ अधिक मिट्टी डालकर और फिर उसके ऊपर थोड़ी सूखी पत्तियां डाल देनी चाहिए। गंध न निकलने पाए।''
हीरा सिंह बोला, ''इस काम में कमी न होगी।''
तलवलकर बोला, ''अब बाबू साहब को बुलाकर सजा सुना देनी चाहिए।''
अपूर्व के अपराध का विचार पांच मिनट में ही समाप्त हो गया। विचार करने वालों की राय जितनी संक्षिप्त थी उतनी ही स्पष्ट भी। समझ में न आने योग्य कोई जटिलता नहीं थी।
भारती ने सब कुछ सुन लिया। लेकिन उसके कानों और बुध्दि के बीच कहीं एक ऐसी दुर्भेद्य दीवार खड़ी हो गई थी कि कोई भी बाहरी वस्तु उसे बेधकर अंदर नहीं पहुंच सकती थी। इसी से आरम्भ से अंत तक जो कोई कुछ कहता था भारती आकुल दृष्टि से उसके मुंह की ओर मुड़कर देखने लगती थी। केवल इतनी ही बात उसकी समझ में आ रही थी कि अपूर्व ने बहुत बड़ा अपराध किया है इस देश में उसका जीवन संकट में है। लकिन वह संकट इतना निकट आ पहुंचा है, यह वह बिल्कुल नहीं समझ सकीं।
सुमित्रा के इशारे से एक आदमी उठकर बाहर चला गया और दो मिनट के बाद ही अपूर्व को लेकर आ गया। अपूर्व के दोनों हाथ पीठ की ओर रस्सी से मजबूती के साथ बंधे हुए थे और कमर में एक भारी पत्थर झूल रहा था।
दूसरे ही पल भारती चेतना शून्य होकर डॉक्टर के शरीर पर लुढ़क पड़ी। लेकिन इस समय सबकी नजरें अपूर्व पर टिकी हुई थीं। इसलिए डॉक्टर के सिवा और कोई इस बात को नहीं जान सका।
भारती के यहां पहुंचने से पहले ही अपूर्व का बयान लिया जा चुका था। उसने कोई भी बात अस्वीकार नहीं की थी। ऑफिस के बड़े साहब और पुलिस के बड़े साहब दोनों ने मिलकर उससे सारी बातें जान ली थीं। लेकिन उसने इस दल और देश से इतनी बड़ी शत्रुता कैसे की, इस बात को वह अब भी नहीं जान सका था।
आज दिन के दस बजने से पहले ही रामदास ने आकर यह खबर सुमित्रा को सुना दी थी। दण्ड निश्चित हो गया। यह संक्षेप में इस प्रकार है।
ऑफिस की छुट्टी के बाद आज अपूर्व पैदल घर जाने का साहस न कर सकेगा। यह सोचकर इन लोगों ने किराए की गाड़ी हीरा सिंह की सहायता से ऑफिस के पास खड़ी कर दी। इस फंदे में अपूर्व ने सहज ही पांव रख दिए। कुछ देर चलाकर गाड़ीवान ने कहा एक भारी रोलर के टूट जाने के कारण गली का मोड़ बंद हो गया है। घूमकर जाना होगा। अपूर्व ने स्वीकार किया और उसके बाद अन्यमनस्क-सा हो गए। लेकिन घण्टे भर बाद जब उसे होश हुआ तो देखा, हीरा सिंह गाड़ी में पिस्तौल लिए खड़ा है।
सुमित्रा ने पुकारकर कहा, ''अपूर्व बाबू, हम लोगों ने आपको प्राण-दंड दिया है। आपको कुछ कहना है?''
अपूर्व ने सिर हिलाकर कहा, ''नहीं।''
डॉक्टर ने पूछा, ''हीरा सिंह तुम्हारी पिस्तौल कहां है?
हीरासिंह ने सुमित्रा की ओर इशारा किया।
डॉक्टर ने हाथ बढ़ाकर कहा, ''पिस्तौल देखूं तो सुमित्रा?''
सुमित्रा ने बेल्ट से पिस्तौल खोलकर डॉक्टर के हाथ में दे दी।
डॉक्टर ने पूछा, ''और किसी के पास रिवाल्वर है?''
और किसी के पास नहीं है-यह बात सबने बता दी। तब सुमित्रा की पिस्तौल अपनी जेब में रखकर डॉक्टर ने हल्की-सी मुस्कराहट के साथ कहा, ''तुमने कहा, तुम लोगों ने प्राण-दंड दिया है। लेकिन भारती ने नहीं दिया।''
सुमित्रा ने भारती की ओर देखकर कहा, ''भारती नहीं दे सकती।''
डॉक्टर ने कहा, ''दे पाना उचित नहीं है। क्यों भारती?''
भारती चुप रही। इस कठिनतम प्रश्न के उत्तर में उसने औंधी लेटकर डॉक्टर की गोद में अपना मुंह छिपा लिया।
डॉक्टर ने उसके सिर पर एक हाथ रखकर कहा, ''अपूर्व बाबू ने जो कुछ कर डाला है, वह लौट नहीं सकता। उसका परिणाम हम लोगों को भोगना ही पड़ेगा। दंड देने पर भी और न देने पर भी भोगना पड़ेगा। इसलिए इसकी आवश्यकता नहीं। भारती इनका भार अपने ऊपर ले ले।''
सुमित्रा ने कहा, ''नहीं।''
सभी एक साथ बोल उठे, ''नहीं।''
वह भयानक आदमी सबसे अधिक उछला। उसने अपने दोनों पंजे उठाकर भारती की ओर इशारा करके कोई बात कही।
सुमित्रा ने कहा, ''हम सबका मत एक ही है। इतने बड़े अन्याय को प्रश्रय देने से हम लोगों का सारा काम टूट-फूटकर समाप्त हो जाएगा?''
डॉक्टर ने कहा, ''अगर समाप्त हो जाए तो उसका उपाय ही क्या है?''
सुमित्रा के साथ ही पांच-सात आदमी गरज उठे, ''उपाय क्या है? देश के लिए, स्वाधीनता के लिए हम लोग और कोई बात नहीं मानेंगे। आपके अकेले की बात से कुछ नहीं हो सकता।''
लोगों को गरजना बंद हो जाने पर डॉक्टर ने उत्तर दिया। इस बार उनकी आवाज आश्यर्चजनक रूप से शांत और नर्म सुनाई दी। उसमें रत्ती भर भी उत्साह और उत्तेजना नहीं थी। उन्होंने कहा-''सुमित्रा, विद्रोह को प्रश्रय मत दो। तुम लोग जानते हो कि मेरे अकेले का मत तुम एक सौ आदमियों से भी अधिक कठोर है।''
फिर उस भयंकर मनुष्य को सम्बोधित करके बोले, ''ब्रजेन्द्र बटाविया में एक बार तुमने मुझे दंड देने के लिए विवश किया था, अब दूसरी बार विवश मत करो।''
भारती ज्यों-की-त्यों पड़ी थी। उसका शरीर थर-थर कांप रहा था। उसकी पीठ पर प्यार से हाथ फेरते हुए डॉक्टर ने स्वाभाविक स्वर में कहा, ''डरो मत भारती, अपूर्व को मैं अभय देता हूं।''
भारती ने मुंह ऊपर नहीं उठाया। उसे विश्वास भी नहीं हुआ। उसके दाएं हाथ की उंगलियां अपनी मुट्ठी में दबाकर उसे अपनी ओर खींचकर धीरे-धीरे कहा, ''लेकिन इन लोगों ने तो अभय दिया नहीं, सहज देंगे भी नहीं। लेकिन यह लोग इस बात को नहीं समझते कि मैं जिसे अभय दे दूं उसे छुआ भी नहीं जा सकता।'' फिर तनिक हंसकर बोले, ''अच्छा खाना नहीं मिलता भारती। आधा पेट खाकर ही दिन कट जाते हैं। फिर भी यह लोग समझते हैं कि मैंने जिसे अभय दे दिया उसे छुआ जा सकता है। इन थोड़ी-सी दुबली-पतली उंगलियों के दबाव से आज भी ब्रजेन्द्र जैसे बड़े-से-बड़े बाघ के पंजे चूर-चूर हो जाएंगे। क्या कहते हो ब्रजेन्द्र।''
चटगांव को मग धुंधला मुंह लिए चुप रह गया। डॉक्टर ने कहा, ''लेकिन अपूर्व अब यहां न रहे तो अच्छा है। यह देश चला जाए। अपूर्व ट्रेटर नहीं है। स्वदेश को सम्पूर्ण हृदय से प्यार करता है। लेकिन बहुत ही दुर्बल है। हम लोग सदस्यों से भी अनुरोध कर सकते हैं कि अब सभा समाप्त कर दीजिए।'' यह कहकर उन्होंने सुमित्रा की ओर देखा।
सुमित्रा उन्हें कभी तुम और कभी आप कहकर सम्मान के साथ सम्बोधित किया करती थी। अब भी उसी तरह बोली, ''अधिकांश सदस्यों का मत जहां किसी व्यक्ति विशेष की शारीरिक शक्ति की तुलना में महत्वहीन हो, उसे और जो चाहे कहा जाए, सभा नहीं कह सकते। लेकिन इस नाटक का अभिनय कराने का ही अगर आपका इरादा था तो दोपहर के पहले ही क्यों नहीं बता दिया था?''
डॉक्टर ने कहा, ''अभिनय होता तो अच्छा होता। लेकिन विशेष स्थिति के कारण अगर अभिनय हो भी गया सुमित्रा तो यह तो तुम लोगों को मानना पड़ेगा कि अभिनय अच्छा ही रहा।''
रामदास बोला, ''ऐसा हो सकता है, मैंने सोचा भी नहीं था।''
डॉक्टर बोले, ''मित्रता नामक वस्तु कितनी क्षणभंगुर है, इस बात को भी तुमने कभी सोचा था तलवलकर? ऐसा सत्य संसार में दुर्लभ ही है।''
कृष्ण अय्यर ने कहा, ''तुम लोगों की बर्मा की एक्टिविटी समाप्त हो गई। अब भाग जाना पड़ेगा।''
डॉक्टर बोला, ''पड़ेगा ही। लेकिन समय को देखते हुए स्थान छोड़ देना और एक्टिविटी छोड़ देना एक चीज नहीं है अय्यर। अगर बहुत दिन तक किसी स्थान पर निश्चिंत भाव से रहने को जगह न मिले तो उसके लिए शिकायत करना हम लोगों को शोभा नहीं देता।'' यह कहकर वह भारती को इशारा करके उठ खड़े हुए और बोले, ''हीरा सिंह, अपूर्व बाबू के बंधन खोल दो। चलो भारती तुम लोगों को किसी निरापद स्थान पर पहुंचा दूं।''
हीरा सिंह आदेश पालन करने के लिए बढ़ा तो सुमित्रा ने कठोर स्वर में कहा, ''अभिनय के अंतिम अंक में तालियां बजाने को जी चाहता है। लेकिन यह कोई बात नहीं है। बचपन में शायद कहीं किसी उपन्यास में पढ़ी थी। लेकिन यह युगल मिलन हम लोगों के सामने हो जाता तो और कहीं कोई कमी न रह जाती। क्या कहती हो भारती?''
भारती लज्जा से मानो मर जाने की स्थिति में हो गई। डॉक्टर ने कहा, ''लज्जित होने की तो इसमें कोई बात है नहीं भारती। बल्कि मैं चाहता हूं कि अभिनय समाप्त करने के जो मालिक हैं वह किसी दिन इसमें जरा-सी कमी न रखें।'' फिर जेब से सुमित्रा की पिस्तौल निकालकर उसके पास रखकर बोले, ''मैं इन लोगों को पहुंचाने जा रहा हूं। लेकिन भय की कोई बात नहीं है। मेरे पास पिस्तौल और भी है।''
डॉक्टर ने कनखियों से ब्रजेन्द्र की ओर देखकर हंसते हुए कहा, ''तुम लोग जो मजाक में कहा करते थे कि मैं उल्लू की तरह अंधेरे में भी देख लेता हूं, इस बात को तुम लोग आज भूल मत जाना।''
यह कहकर वह अपूर्व को साथ लेकर बाहर जाने के लिए तैयार हो गए।
सहसा सुमित्रा खड़ी होकर बोली, ''क्या फांसी की डोरी अपने ही हाथ से अपने गले में डाले बिना काम नहीं चल सकता?''
डॉक्टर ने हंसते हुए कहा, ''एक साधारण डोरी से डरने से कैसे काम चलेगा सुमित्रा?''
किसी काम को हाथ में लेने से पहले मनुष्य को मृत्यु का भय दिखाना कितना अर्थहीन है। यह याद करके सुमित्रा स्वयं ही लज्जित हो गई। बोली, ''सब कुछ तितर-बितर हो गया। लेकिन फिर कब भेंट होगी?''
डॉक्टर ने कहा, ''कोई आवश्यकता पड़ने पर ही होगी।''
''वह आवश्यकता कभी पड़ेगी।''
''जरूर पडेग़ी'' यह कहकर अपूर्व और भारती को साथ लेकर वह सावधानी से नीचे उतर गए।
जो गाड़ी भारती को लेकर आई थी अभी तक खड़ी थी। गाड़ीवान को जगाकर उसमें तीनों बैठकर चल पड़े।
बहुत देर की खामोशी भंग करके भारती ने पूछा, ''भैया, हम लोग कहां जा रहे हैं?''
''अपूर्व के घर'' डॉक्टर ने उत्तर दिया।
लेकिन दो मील चलने के बाद जब गाड़ी रुकवा कर डॉक्टर उतरने लगे तो भारती ने आश्चर्य से पूछा, ''यहां क्यों?''
डॉक्टर ने कहा, ''अब लौटूंगा। वह लोग प्रतिक्षा कर रहे होंगे, कुछ-न-कुछ निर्णय तो हो ही जाना चाहिए।''
''निर्णय?'' भारती व्याकुल होकर बोली, ''यह न हो सकेगा। आप मेरे साथ चलिए।'' लेकिन यह कहते ही भारती सुमित्रा की तरह उदास हो गईं। फिर धीरे से बोली, ''तुम्हारी मुझे बहुत जरूरत है भैया।''
''मैं जानता हूं। अपूर्व बाबू, क्या परसों जहाज से घर जा सकेंगे?''
अपूर्व बोला, ''जा सकूंगा।''
भारती बोली, ''भैया मुझे घर जाना होगा।''
डॉक्टर बोले, ''नहीं। तुम्हारे कागज-पत्र, 'पथ के दावेदार' का खाता पिस्तौल-कारतूस-नवतारा सब हटा चुकी होगी। सुबह तलाशी में देशी शराब की बोतल और टूटा हुआ बेहला, पुलिस के साहब को इसके अलावा और कुछ हाथ नहीं लगेगा। कल नौ-दस बजे के लगभग घर लौटकर रसोई तैयार करके खाने-पीने के बाद तुम्हें जरा-सा सो रहने के लिए भी शायद समय मिल जाएगा। रात को दो-तीन बजे के लगभग फिर मिलूंगा। कुछ खाने-पीने को रखना।''
भारती चुप रही। मन-ही-मन बोली, इस तरह अत्यधिक सजग न होने पर क्या इस मरणयज्ञ में कोई साथ आना चाहता है?
''भैया, तुम सबके हित-अहित की चिंता रखते हो। संसार में मेरा अपना कोई नहीं है। अपने पथ के दावेदार से मुझे विदा मत कर देना भैया।''
अंधेरे में ही डॉक्टर ने बारबार सिर हिलाकर कहा, ''भगवान के काम से किसी को विदा कर देने का अधिकार किसी को नहीं है लेकिन इसकी धारा तुम्हें बदल देनी पड़ेगी।''
भारती ने कहा, ''तुम्हीं बदल देना।''
डॉक्टर ने इसका उत्तर नहीं दिया। सहसा व्यग्र होकर बोले, ''भारती, अब मेरे पास समय नहीं है। मैं जा रहा हूं।'' यह कहकर पलक झपकते ही अंधेरे में गुम हो गए।

स्थान की कमी के कारण गाड़ी में दोनों एक-दूसरे से सटकर बैठे थे। एक घंटे तक गाड़ी घरघराती हुई चलती रही। लेकिन दोनों में कोई बातचीत नहीं हुई। गाड़ी आकर अपूर्व के घर के दरवाजे पर रुक गई। भारती दरवाजा खोलकर अपूर्व के साथ उतर आई। उसने गाड़ीवान से पूछा, ''कितना किराया हुआ?''
गाड़ीवान ने हंसकर कहा, ''नाट ए पाई-गुडनाइट टू यू।'' यह कहकर गाड़ी हांकता हुआ चला गया।
भारती ने पूछा, ''तिवारी है?''
''हां।''
ऊपर जाकर, दरवाजा खटखटाकर अपूर्व ने तिवारी को जगाया। किवाड़ खोलकर दीपक की रोशनी में तिवारी की नजर सबसे पहले भारती पर पड़ी। अपूर्व कल ऑफिस गया था और आज भोर की बेला में घर लौटा है रात बिता कर। साथ में भारती है। इसलिए तिवारी को समझने के लिए कुछ बाकी नहीं रहा। क्रोध से उसका सम्पूर्ण शरीर जलने लगा और बिना कुछ कहे वह तेजी से अपने बिस्तर पर जाकर चादर ओढ़ कर सो गया।
तिवारी भारती को बहुत प्यार करता था। एक दिन इसी ने उसे आसन्न मृत्यु के मुंह से बचाया था। इसलिए ईसाई होने पर भी श्रध्दा की दृष्टि से देखता था। लेकिन इधर कुछ दिनों से जो परिस्थिति उत्पन्न हुई थी उससे तिवारी के मन में अपूर्व के संबंध में तरह-तरह की संभव-असंभव समझकर दुश्चिन्ताएं जग उठी थीं। यहां तक कि जाति नष्ट होने तक की। सर्वनाश की वह मूर्ति आज एकदम तिवारी के मन पटल पर साकार अंकित हो उठी।
उसे इस तरह सो जाते देख अपूर्व ने पूछा, ''किवाड़ बंद नहीं किए तिवारी?''
भारती बोली, ''मैं बंद कर देती हूं।''
अपूर्व ने अपने सोने के कमरे में जाकर देखा, बिछौना ज्यों-का-त्यों पड़ा है।
भारती बोली, ''आप आराम कुर्सी पर बैठिए। मैं सब ठीक कर देती हूं।''
अपूर्व ने पुकारा, 'तिवारी, एक गिलास पानी ला दे।''
पानी की सुराही और गिलास की ओर इशारा करके बिछौना बिछाती हुई भारती बोली, ''सोते हुए आदमी को क्यों जगाते हैं अपूर्व बाबू, आप ही ले लीजिए।''
एक ही सांस में गिलास खाली करके अपूर्व बैठने जा रहा था कि भारती ने कहा, ''अब वहां नहीं, बिछौने पर सो जाइए।''
अपूर्व शांत बालक की तरह लेट गया। मसहरी डालकर भारती उसे चारों ओर से दबाने लगी तो अपूर्व ने पूछा, ''तुम कहां सोओगी?''
भारती ने आराम कुर्सी की ओर उंगली उठाकर कहा, ''सवेरा होने में अब घंटा भर रह गया है। आप सो क्यों नहीं जाते?''
अपूर्व ने उसका हाथ पकड़कर कहा, ''वहां नहीं, मेरे पास बैठो।''
''आपके पास?'' भारती के आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा। अपूर्व और चाहे जैसा भी हो, इन मामलों में वह कभी आत्म विस्मृत नहीं होता था। कितनी ही रातें उन्होंने एक कमरे में बिताई थीं। लेकिन मर्यादा के विरुध्द उसके आचरण से कोई इशारा या बात प्रकट नहीं हुई थी।
अपूर्व ने कहा, ''यह देखो, उन लोगों ने मेरा हाथ तोड़ दिया, तुम मुझे इन लोगों के बीच क्यों खींच ले गईं।''
उसकी बात का अंतिम अंश सहसा रुलाई से रुंध गया। भारती मसहरी को एक ओर से उठाकर उसके पास बैठ गई। जांच करके उसने देखा, कसकर बांधने के कारण हाथों में जगह-जगह काली नसें उभरकर फूल आई हैं। अपूर्व की आंखों में से आंसू गिर रहे थे। भारती ने आंचल से उन्हें पोंछकर सांत्वना भरे स्वर में कहा, ''डर की कोई बात नहीं। मैं तौलिया भिगोकर लपेट देती हूं। दो-एक दिन में सब ठीक हो जाएगा।''
यह कहकर वह उठ गई और स्नान घर से एक अंगोछा भिगोकर ले आई और उसे हाथ पर बांधकर बहुत ही कोमल स्वर में बोली, ''जरा सो जाने की कोशिश कीजिए, मैं आपके माथे पर हाथ फेर देती हूं।'' यह कहकर धीरे-धीरे हाथ फेरने लगी।
अपूर्व बोला, ''कल जहाज मिलता तो कल ही चला जाता।''
भारती बोली, ''परसों ही चले जाइएगा।''
''गुरुजनों की बात न मानने का फल है। मां ने मुझे मना किया था।''
''मां शायद आपको आने देना नहीं चाहती थीं।''
''लेकिन मैंने अनसुना कर दिया। उसी का यह फल हुआ। होनहार होकर रहता है। दुर्गा-दुर्गा कहते हुए परसों जहाज पर बैठ जाऊं,'' कहकर उसने लम्बी सांस ली।
लेकिन इसके साथ ही दूसरे व्यक्ति ने जो उसकी सांस की अपेक्षा सैकड़ों गुना गहरी सांस ली, वह उसे नहीं जान सका।
अपूर्व बोला, ''इस मकान में पांव धरते ही तुम्हारे पिता से झगड़ा हुआ, अदालत में जुर्माना हुआ। मुझे इसी से चेत जाना चाहिए था।''
भारती चुप रही।
''तिवारी ने मुझे बार-बार सावधान किया। पांच सौ रुपए महीने की नौकरी चली गई। इस उम्र में कितने लोग पाते हैं। फिर यह हाथ मैं लोगों के सामने दिखाऊंगा कैसे?''
भारती ने धीरे-धीरे कहा, ''तब तक हाथ के दाग मिट जाएंगे।''
उसके मुंह से इससे अधिक बात नहीं निकली। अपूर्व के सिर पर जो हाथ अब चलना नहीं चाहता था। इस अत्यंत साधारण और तुच्छ व्यक्ति को वह मन-ही-मन प्यार करने लगी है, इस बात को अनुभव करके वह अपने आप ही लाज के मारे मर सी गई। यह बात उसके दल के बहुत से लोग जान गए हैं। आज अपूर्व की जान बचाने जाकर वह उन सबके सामने अपराधिनी और सुमित्रा की नजरों में छोटी हो गई है। लेकिन इस अत्यंत तुच्छ व्यक्ति की हत्या करने की नीचता-और ओछेपन से वह उन लोगों को बचा सकी है - इस बात को मानकर उसे गर्व का अनुभव भी हुआ।
अपूर्व बोला, ''दाग तो सहज में जाएगा नहीं। कोई पूछेगा तो क्या उत्तर दूंगा? इसीलिए तो लोग कहा करते हैं कि बंगालियों के लड़के बी.ए.-एम.ए. पास तो कर लेते हैं लेकिन बड़ी नौकरी नहीं संभाल सकते।
''अच्छा, अब सो जाइए'' यह कहकर भारती उठ खड़ी हुई।
''माथे पर थोड़ी देर और हाथ फेर दो भारती।''
''नहीं, मैं बहुत थक गई हूं।''
''तो रहने दो, रात भी अब बाकी नहीं रही।''
भारती पास की कोठरी में डेक चेयर पर जा बैठी। अपूर्व के कमरे में अच्छी आराम कुर्सी थी। लेकिन उस तुच्छ आदमी की उपस्थिति में एक ही कमरे में रात बिताने में आज उसे अत्यंत लज्जा महसूस हुई। उसे खयाल आया कि किस तरह और कितनी अगाध करुणा से अपूर्व सुनिश्चित और आसन्न मृत्यु से मुक्ति पा गया है।
लेकिन इतनी बड़ी बात वह जैसे एकदम भूल ही गया है। उसने अपने घनिष्ट मित्र तलवलकर के प्रति, अपने दल के प्रति और विशेष रूप से उस डॉक्टर के प्रति कैसा जघन्य अपराध किया है, यह बात उसे याद ही नहीं है। चिंता है तो केवल बड़ी नौकरी और हाथों के दाग की।
जब भारती को सामने वाली खुली खिड़की से भोर का उजाला दिखाई दिया तो उसने चुपचाप द्वार खोला और तेजी से पैर बढ़ाकर सड़क पर पहुंच गई।

अगले दिन तीसरे पहर सभी बातों और सारी घटनाओं का विस्तार से एक-एक कर वर्णन कर चुकने के बाद अंत में भारती ने कहा-''अपूर्व बाबू महान पुरुष हैं, ऐसा समझने की भूल मैंने कभी नहीं की लेकिन यह भी नहीं सोचा था कि वह इतने साधारण और तुच्छ आदमी हैं।''
डॉक्टर सव्यसाची उसकी ओर देखकर गम्भीर स्वर में बोले, ''लेकिन मैं जानता था। वह इतना तुच्छ न होता तो क्या तुम्हारे इस अथाह प्रेम को इतने तुच्छ कारण से छोड़कर चला जाता? जाने दो। जान बच गई बहिन।''
इधर-उधर बिखरी चीजों, विशेष रूप से फर्श पर बिखरी पड़ी पुस्तकों के ढेर देखने से ही यह बात समझ में आ जाती है कि कुछ देर पहले पुलिस इस कमरे की तलाशी ले चुकी है। उन सबको संवारकर रखती हुई भारती बातचीत कर रही थी। अपने हाथ का काम बंद करके आश्चर्य से आंखें उठाकर बोली, ''तुम हंसी कर रहे हो भैया?''
''नहीं तो?''
''जरूर कर रहे हो।''
डॉक्टर बोले, ''मुझ जैसे आदमी से, जो बम-पिस्तौल लिए लोगों की हत्या करता फिरे, ऐसे मजाक की आशा करती हो?''
भारती बोली, ''मैं तो यह नहीं कहती कि तुम मनुष्यों की हत्या करते फिरते हो। यह काम तो तुम कर ही नहीं सकते। लेकिन मजाक के अतिरिक्त यह और क्या हो सकता है? दो-तीन घंटे के अंदर ही जो सब कुछ भूलकर केवल हाथ के दाग और पांच सौ रुपए की नौकरी याद रख सका उससे बढ़कर क्षुद्र व्यक्ति तो मैं दूसरा नहीं देख पाती। तुमने कहा था कि मेरा मोह है। अच्छी बात है अगर ऐसा हो तो आशीर्वाद दो कि मेरा यह मोह हमेशा के लिए दूर हो जाए और मैं पूरे तन-मन के साथ तुम्हारे देश के काम में लग जाऊं।''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''तुम्हारे मुंह की भाषा तो मोह काटने के लिए उचित ही मालूम हो रही है, इसमें बिल्कुल संदेह नहीं, लेकिन कठिनाई यह है कि तुम्हारे गले की आवाज में इसकी हल्की-सी झलक तक नहीं है। खैर, वह चाहे जो हो भारती, हमारे देश का काम तुम तिलभर नहीं कर सकोगी। तुम से तो अपूर्व बाबू ही बहुत अच्छे हैं, तुम लोगों में एक दिन समझौता भी हो सकता है।''
भारती बोली, ''इसकी अर्थ है कि मैं देश को प्यार नहीं कर सकती?''
''अनेक परीक्षाएं देने से पहले कुछ नहीं कहा जा सकता।''
''भैया, मैं तुम्हारी सभी परीक्षाओं में उत्तीर्ण हो सकूंगी। तुम्हारे काम में इतने स्वार्थ, इतने संदेह और इतनी क्षुद्रता के लिए स्थान नहीं है।''
उसकी उत्तेजना पर डॉक्टर हंस पडे और फिर नाटकीय मुद्रा में अपने माथे को ठोकते हुए बोले, ''हाए रे मेरे दुर्भाग्य! देश का अर्थ तुमने क्या समझ लिया है? लम्बी-चौड़ी जमीन, नदी और पहाड़? केवल एक अपूर्व के कारण ही तुम्हें जीवन से अरुचि हो गई। वैरागिन होना चाहती हो। तुम यह नहीं जानती कि यहां सैकड़ों-हजारों अपूर्व ही नहीं उनके बड़े भाई लोग भी रहते हैं। और पराधीन देश का सबसे बड़ा अभिशाप यह कृतघ्नता ही तो है। जिसकी सेवा करोगी वह ही तुम्हें संदेह की नजरों से देखेंगे। जिनके प्राण बचाओगी, वह ही तुम्हें बेच देना चाहेंगे। मूर्खता और कृतघ्नता पग-पग पर सुई की तरह पांव में चुभती रहेगी, यहां न श्रध्दा है, न सहानुभूति। कोई पास तक नहीं बुलाएगा। कोई कोई सहायता देने नहीं आएगा। विषैला नाग समझकर लोग दूर हट जाएंगे। देश प्यार करने का यही पुरस्कार है भारती। यदि इससे अधिक का दावा करना हो तो वह परलोक में ही हो सकता है। इतनी भयंकर परीक्षा तुम क्यों देने जाओगी बहिन! मैं तुम्हें आशीर्वाद देता हूं कि अपूर्व के साथ सुख से रहो। मैं निश्चित रूप से जानता हूं कि अपनी समस्त दुविधाओं और संस्कारों को दबाकर किसी दिन वह तुम्हारे मूल्य को अवश्य जान जाएगा।''
भारती की आंखें आंसुओं से भर उठीं। कुछ देर चुपचाप मुंह झुकाए रहकर उसने पूछा, ''क्या तुम मुझ पर विश्वास न कर पाने के कारण किसी तरह मुझे विदाकर देना चाहते हो भैया?''
उसके इस सरल और संकोच रहित प्रश्न का कोई ऐसा ही सीधा-सा उत्तर शायद डॉक्टर के होंठों पर नहीं आया। हंसकर बोले, ''तुम्हारी तरह ममता, माया कोई सहज में छोड़ सकता है बहिन? लेकिन कल तुम अपनी आंखों से ही तो देख चुकी हो कि इसमें कितनी चोरी-छिपा या कितनी हिंसा और कितना भीषण क्रोध भरा हुआ है। तुम्हारी ओर देखने से लगता है कि तुम इन कार्यों के लिए नहीं हो। तुम्हें इसमें खींच लाना उचित नहीं हुआ। तुमसे काम लेने का एक दिन है-वह दिन जिस दिन मेरे लिए छुट्टी लेने का परवाना आएगा।''
इस बार भारती अपने आंसुओं को न रोक सकी। लेकिन फौरन हाथ से पोंछकर बोली, ''तुम भी अब इन लोगों के साथ मत रहो भैया।''
उसकी बात सुनकर डॉक्टर हंस पड़े, बोले, ''इस बार बहुत ही मूर्खता की बात हो गई भारती।''
भारती ने विचलित हुए बिना कहा, ''मैं जानती हूं। लेकिन यह सभी लोग बहुत ही भयंकर और निष्ठुर हैं।''
''और मैं?''
''तुम भी बड़े निर्दयी हो।''
''सुमित्रा कैसी लगी भारती?''
भारती का सिर झुक गया। लज्जा के कारण उत्तर न दे सकी। लेकिन उत्तर मांगा भी नहीं गया।
कुछ देर दोनों चुपचाप बैठे रहे। लेकिन इस छोटी-सी खामोशी में ही उस आश्चर्यमय व्यक्ति के उससे भी अधिकर आश्चर्यमय हृदय के रहस्य से आवृत्त अंतस्थल में सहसा बिजली-सी कौंध उठी।
लेकिन दूसरे ही पल डॉक्टर ने सब कुछ दबाकर बच्चे की तरह सिर हिलाकर स्निग्ध स्वर में कहा, ''अपूर्व के साथ तुमने बहुत बड़ा अन्याय किया है भारती। इतना भयंकर कांड इसमें छिपा है कि इसकी उस बेचारे ने कल्पना भी शायद नहीं की होगी। तुमसे सच कहता हूं, इतना छोटा, इतना क्षुद्र वह बिल्कुल नहीं है। नौकरी करने विदेश आया है, घर में मां है, भाई हैं। देश में बंधु-बांधव हैं। सांसारिक उन्नति करके दस-पांच में बड़ा आदमी बनेगा-यही उसकी आशा है। लिखना-पढ़ना सीखा है। भले आदमी का लड़का है। पराधीनता की लज्जा अनुभव करता है। और वह बंगाली लड़कों की तरह वास्तव में देश का कल्याण चाहता है। इसीलिए जब तुमने कहा कि 'पथ के दावेदार' के सदस्य बन जाओ, तब उसने कह दिया, 'बहुत अच्छा।' तुम्हारी बात मान लेने से उसका कभी कोई अहित नहीं होगा, उसे विश्वास है। इस पराए देश में, आपद-विपद में तुम्हीं एक मात्र सहारा थीं। पर तुम ही उसे अचानक मृत्यु के मुंह में धकेल दोगी, क्या वह जानता था?''
भारती ने आंख पोंछने के लिए मुंह नीचा करके कहा, ''तुम उनके लिए इतनी वकालत क्यों करते हो? वह इसके योग्य नहीं है। सारी बातें कल उनके मुंह से ही सुन चुकी हूं। इसके बाद उन पर श्रध्दा रखना उचित नहीं है।''
डॉक्टर ने हंसकर कहा, ''जीवन में अगर एक अनुचित काम तुम कर डालोगी तो क्या होगा? तुमने ध्यान से नहीं देखा भारती, लेकिन मैंने देखा है। उन लोगों ने जब उसे रस्सी से बांध तो वह अवाक् हो गया। उन लोगों ने पूछा, ''तुमने यह सब बातें कही हैं।'' उसने कहा, ''हां।'' उन लोगों ने कहा, ''इसका दंड है मृत्यु, तुमको मरना होगा।''- इसके उत्तर में वह टकटकी बांधे ताकता रह गया। मैं जानता हूं, उस समय उसकी विह्नल आंखें किसी को खोज रही थीं। इसीलिए मैंने तुम्हें बुलाने के लिए आदमी भेजा था बहिन। अब उसने तुमको चाहे जो भी कुछ कहा हो भारती, लेकिन इस धक्के से वह अब तक शायद संभल नहीं सका है।''
भारती अपने आप पर काबू न रख सकी। आंखों से झर-झर आंसू बहाते हुए बोली, ''मुझे यह सब बातें सुना रहे हो भैया? तुम से बढ़कर अधिक विपत्ति में और कोई नहीं पड़ा। फिर भी केवल मेरा मुंह देखकर उन्हें बचाने के लिए तुमने घर-बाहर दुश्मन पैदा कर लिए।''
''यह बात तो है।''
''फिर तुम उनको बचाने क्यों गए। बताओ?''
''अपूर्व को बचाने गया? अरे छि:.... मैं बचाने गया। भगवान की इस अमूल्य कृति को, जो वस्तु तुम लोगों की तरह साधारण नारी को ध्यान में रखकर तैयार हुई है। क्या कोई मूर्ख ऐसा है जो ब्रजेन्द्र जैसे बर्बरों को उसे नष्ट कर डालने के लिए दे देता? केवल इतनी ही बात थी भारती। ....केवल इतनी है। अन्यथा मनुष्य के प्राणों का मूल्य क्या हम लोगों की दृष्टि में कुछ है? एक प्राणी कोड़ी के बराबर नहीं।''....कहकर डॉक्टर हंसने लगे।
भारती ने आंखें पोंछते-पोंछते कहा, ''क्यों हंसते हो भैया? तुम्हारी हंसी देखकर मेरे बदन में आग लग जाती है। जी चाहता है, तुम्हें आंचल में बांधकर किसी जंगल में ले जाकर सदा के लिए छिपाकर रख दूं। जो लोग तुम्हें पकड़कर फांसी देंगे, वह ही क्या तुम्हारा मूल्य जानते हैं? उन्हें क्या ज्ञान हो जाएगा कि उन्होंने संसार का कितना बड़ा सर्वनाश कर डाला है? अपने देश के ही आदमी तुमको हत्यारा, डाकू, खून का प्यासा, न जाने क्या-क्या कहते हैं। लेकिन मैं सोचती हूं कि तुम्हारे हृदय में इतना स्नेह, और इतनी करुणा है, कि तुम इन लोगों के साथ कैसे हो?''
डॉक्टर ने कहा, ''तुम्हें एक कहानी सुनाता हूं। नीलकांत जोशी नाम का एक मराठा युवक था। तुमने उसे नहीं देखा। लेकिन मैंने जब से तुम्हें देखा है, उसकी याद आती रहती है। वह भी ठीक तुम्हारे जैसा ही था। रास्ते में मुर्दे को ले जाते देखकर उसकी आंखों से आंसू गिरने लगते थे। एक रात हम दोनों ने कोलम्बो के एक पार्क में आश्रय लिया। पेड़ के नीचे पड़ी एक बेंच पर सोने के लिए गए तो देखा, उस पर एक आदमी सोया पड़ा है। आदमी की आहट पाते ही वह कहने लगा-'पानी पानी.....।' चारों और असह्य दुर्गंध आ रही थी। दियासलाई जलाकर उसके मुंह की ओर देखते ही समझ में आ गया कि उसे हैजा हो गया है। नीलकांत उसकी बीमारी में लग गया। पौ फटने लगी तो मैंने कहा, 'जोशी' यह आदमी सांझ के अंधेरे में नौकरों की नजर से बचकर इस पार्क में रह गया है। लेकिन सवेरा होने पर यह यहां नहीं रहने पाएगा। हम लोगा वारंट शुदा मुजरिम हैं। यह तो मरेगा ही, साथ ही हम लोग भी फंस जाएंगे। चलो, यहां से खिसक चलें।'.... नीलकांत रोने लगा। बोला, 'इस हालत में इसे छोड़कर कैसे जाऊं भाई। तुम जाओ। मैं यहीं रह जाता हूं।' मैंने बहुत समझाया, लेकिन जोशी को वहां से नहीं हिला सका।''
भारती ने भयभीत होकर पूछा, ''इसके बाद क्या हुआ?''
डॉक्टर ने कहा, ''समझदार आदमी था। सवेरा होने से पहले ही उसने आंखें मूंद लीं। तब मैं नीलकांत को वहां से हटा सका। पलभर मौन रहकर, लम्बी सांस भरकर बोले, ''सिंगापुर में जोशी को फांसी हो गई। वह सेना के सैनिकों के नाम बता देने पर उसे क्षमा किया जा सकता था, गवर्नमेंट ने बहुत कोशिशें कीं। लेकिन जोशी ने जो एक बार मना किया तो फिर उसमें कोई अंतर नहीं हुआ। अंत में उसे फांसी दे दी गई, जिनके लिए उसने प्राण दिए, उन्हें वह अच्छी तरह पहचानता भी नहीं था अब भी वैसे लड़के इस देश में जन्म लेते हैं भारती। नहीं तो मैं भी शेष जीवन तुम्हारे आंचल के नीचे छिपाकर बिता देने को सहमत हो जाता।''
भारती ने एक लम्बी सांस ली।
डॉक्टर बोले, ''नर-हत्या करना मेरा व्रत नहीं है बहिन।''
''लेकिन आवश्यकता पड़ने पर?''
''लेकिन ब्रजेन्द्र की आवश्यकता और सव्यसाची की आवश्यकता एक नहीं है।''
भारती बोली, ''मैं जानती हूं, लेकिन मैं तुम्हारी ही आवश्यकता की बात पूछ रही हूं भैया।''
डॉक्टर ने यह सुनकर धीरे-धीरे कहा, ''मेरी उस आवश्यकता का दिन कब आएगा, कौन जानता है? लेकिन भारती तुम यह जानना मत चाहो। उसके स्वरूप को तुम कल्पना में भी सहन न कर पाओगी।''
''इसके अतिरिक्त क्या और कोई मार्ग नहीं है?''
''नहीं।''
भारती हत बुध्दि-सी हो गई। व्याकुल होकर बोली, ''इसके अतिरिक्त और कोई मार्ग नहीं हो सकता भैया?''
''नहीं, मार्ग अवश्य है। स्वयं को भुलावे में डालने के अनेक मार्ग हैं लेकिन सत्य तक पहुंचने के लिए और कोई दूसरा मार्ग नहीं है।''
भारती स्वीकार न कर सकी। मधुर स्वर में बोली, ''भैया, तुम ज्ञानी हो। इस एकमात्र लक्ष्य को सामने रखकर तुम संसार भर में घूम आए हो। तुम्हारी जानकारियों की सीमा नहीं है। मैंने तुम जैसा महान व्यक्ति और कोई नहीं देखा। मुझे तो ऐसा लगता है कि तुम्हारी सेवा करते हुए मैं सारा जीवन बिता सकती हूं। तुम्हारे साथ मेरा तर्क करना शोभा नहीं देता। बोलो, मेरे अपराध क्षमा कर दोगे?''
डॉक्टर ने हंसकर कहा, ''भला तुमने क्या अपराध किया है?''
भारती उसी स्निग्ध विनय से बोली, ''मैं ईसाई हूं। बचपन से ही अंग्रेजों को अपना आत्मीय समझकर इतनी बड़ी हुई हूं। आज उनके प्रति मन में घृणा पैदा करते हुए बहुत कष्ट होता है, लेकिन यह बात तुम्हारे अतिरिक्त और किसी के सामने नहीं कह सकती। फिर भी तुम लोगों की तरह ही मैं भारतवर्ष के बंग देश की लड़की हूं। मुझ पर अविश्वास मत करो।''
उसकी बात सुनकर डॉक्टर ने स्नेहपूर्वक अपना दायां हाथ उसके माथे पर रखकर कहा, ''यह आशंका क्यों करती हो भारती, तुम जानती हो, तुम पर मेरा कितना विश्वास है। तुम्हें कितना स्नेह करता हूं।''
भारती बोली, ''जानती हूं। और क्या मेरी ओर से ठीक यही बात तुम नहीं जानते भैया? तुम्हें भय नहीं है। तुमको भय दिखाया भी नहीं जा सकता। केवल इसीलिए तुमसे नहीं कह सकती कि तुम अब इस मकान में मत आना। लेकिन यह भी जानती हूं कि आज रात के बाद फिर कभी-नहीं नहीं, सो नहीं। शायद बहुत दिनों तक फिर भेंट न हो। उस दिन जब तुमने सारी अंग्रेज जाति पर भीषण आरोप लगाया था, मैंने प्रतिवाद नहीं किया था। लेकिन ईश्वर से निरंतर यही प्रार्थना करती रही हूं कि इतना बड़ा विद्वेष कहीं तुम्हारे अंतर के सम्पूर्ण सत्य को ढक न दे। भैया, फिर भी मैं तुम लोगों की ही हूं।''
डॉक्टर बोले, ''मैं जानता हूं तुम हमारी हो।''
''तो इस मार्ग को तुम त्याग दो।''
डॉक्टर चौंक पड़े, ''कौन-सा मार्ग?''
''विप्लववादियों का यह मार्ग।''
''छोड़ने को क्यों कहती हो?''
भारती ने कहा, ''तुमको मैं मरने नहीं दे सकती। सुमित्रा मरने दे सकती है, लेकिन मैं नहीं। मैं भारत की मुक्ति चाहती हूं-निष्कपट और निस्संकोच भाव से। दुर्बल, पीड़ित और भूखे-नंगे भारतवासियों के लिए अन्न-वस्त्र चाहती हूं। स्वाधीनता के आनंद का उपभोग करना चाहती हूं। इतने बड़े सत्य तक पहुंचने के लिए इस निर्मम कार्य के अतिरिक्त और कोई मार्ग नहीं है, मैं ऐसा सोच भी नहीं सकती। विश्व भ्रमण करके तुमने केवल इसी मार्ग को जाना है। सृष्टि के आरम्भ से आज तक के स्वाधीनता के सैकड़ों तीर्थयात्रियों के पद चिद्द ही तुम्हारी दृष्टि में स्पष्ट हो उठे हैं। लेकिन विश्व मानव की एकांत सदबुध्दि की धारा क्या इस प्रकार समाप्त हो गई है कि इस रक्त रेखा के अतिरिक्त किसी मार्ग का चिद्द कभी दिखाई ही नहीं देगा? ऐसा निष्ठुर विधान किसी प्रकार भी सत्य नहीं हो सकता। भैया, मानव की इतनी बड़ी परिपूर्णता तुम्हारे अतिरिक्त मैंने और कहीं भी नहीं देखी। निष्ठुरता के बहु प्रचलित मार्ग पर अब तुम मत चलो। वह द्वार शायद आज भी बंद है। उसे हम लोगों के लिए खोल दो। विश्व के समस्त प्राणियों को प्यार करते हुए हम तुम्हारा अनुसरण करते हुए बढ़ते रहें।''
भारती के सिर पर हाथ रखकर, दो-चार बार थपकियां देकर डॉक्टर बोले, ''अब समय नहीं है बहिन, मैं जा रहा हूं।''
''कोई उत्तर नहीं दोगे भैया?''
''भगवान तुम्हारा भला करें,'' उत्तर में बस इतना कहकर डॉक्टर धीरे-धीरे बाहर निकल गए।
﻿
जलमार्ग से आने वाले शत्रु के जलयानों को रोकने के लिए नगर के अंतिम छोर पर नदी के किनारे मिट्टी का एक छोटा-सा किला है। उसमें संतरी अधिक नहीं रहते। केवल तोपें चलाने के लिए कुछ गोरे गोलंदाज रहते हैं। अंग्रेजों के इस विघ्नहीन शांतिकाल में यहां विशेष कड़ाई नहीं थी। प्रवेश की मनाही है। लेकिन अगर कोई भूला-भटका व्यक्ति सीमा के अंदर पहुंच जाता तो उसे भगा देते हैं। बस इतना ही। भारती कभी-कभी अकेली यहां आ बैठती थी। जिन लोगों पर किले की रक्षा का भार था उन लोगों ने उसे देखा न हो, ऐसी बात नहीं थी। लेकिन शायद भले घर की महिला समझकर वह लोग आपत्ति नहीं करते थे।
सूर्य अभी-अभी अस्त हुआ था। अंधेरा होने में अभी कुछ देर थी। पक्षियों की आवाजें इधर-उधर मंडरा रही थीं।
सहसा नदी के दायीं ओर के मोड़ से छोटी-सी रोशनी शेम्पेन नाव सामने आ गई। नाव में मल्लाह के अतिरिक्त और कोई नहीं था। भारती के चेहरे की ओर देखकर उसने अपनी बंगला भाषा में कहा, ''मां, उस पार जाओगी? एक आना देने से ही उस पार पहुंचा दूंगा।''
भारती बोली, ''नहीं।''
मल्लाह ने कहा, ''अच्छा दो पैसे ही दे दो-चलो।''
भारती बोली, ''नहीं भैया, मेरा घर इसी पार है।''
मल्लाह गया नहीं। जरा हंसकर बोला, ''पैसा न हो तो न दो। चलो तुम्हें घूमा लाऊं,'' यह कहकर उसने नाव घाट पर लगा दी।
भारती भयभीत हो उठी। अंधेरा और निर्जन स्थान। वह जानती थी कि चटगांव के मुसलमान मल्लाह बहुत ही दुष्ट होते हैं। खड़ी होकर क्रुध्द स्वर में बोली, ''चले जाओ वरना पुलिस बुला लूंगी।''
मल्लाह डरकर रुक गया। उसकी उम्र पचास के ऊपर पहुंच चुकी है लेकिन अभी तक शौक नहीं गया। बेल-बुटेदार लुंगी पहने है। लेकिन तेल और मैल से वह बहुत ही गंदी हो गई हुई। शरीर पर कीमती फ्राक कोट है। शायद किसी पुराने कपड़ों की दुकान से खरीदा गया है। सिर पर बेलदार चिथडे क़ी टोपी है।
सहसा पहचानकर भारती बोली, ''भैया, आपका चेहरा चाहे जैसा ही क्यों न हो, आप तो गले की आवाज तक को बदलकर उसे मुसलमान बना चुके हो।''
मल्लाह बोला, ''जाऊं या पुलिस को बुला रही हो।''
भारती बोली, ''पुलिस को बुलाकर तुमको गिरफ्तार करा देना ही उचित होगा। अपूर्व बाबू की इच्छा को अपूर्ण क्यों रहने दूं।''
मल्लाह बोला, ''उसी की बात कर रहा हूं। आओ, ज्वार अब अधिक देर तक नहीं रहेगा। अभी दो कोस रास्ता चलना है।''
भारती नाव पर जा बैठी। उसे ठेलकर डॉक्टर साहब पक्के मल्लाह की तरह आगे बढ़े। जैसे दोनों हाथों से पतवार चलाना ही उनका पेशा हो।
''लामा जहाज चला गया, देख लिया?'' उन्होंने पूछा।
''हां।''
''अपूर्व उस ओर के फर्स्ट क्लास वाले डेक पर थे।''
''नहीं।''
डॉक्टर बोले, ''उनके डेरे पर या ऑफिस में जाने का कोई उपाय नहीं था। इसलिए जेटी के एक ओर शेम्पन लगाकर मैं ऊपर खड़ा था। हाथ उठाकर सलाम करते ही....?''
भारती ने बेचैन होकर कहा, ''किसके लिए?- किसके कारण इतना बड़ा और भयानक काम तुम करने गए थे भैया?''
डॉक्टर ने सिर हिलाकर कहा, ''मैं ठीक उसी कारण से गया था जिस कारण तुम यहां अकेली बैठी हो बहिन।''
भारती रोती हुई बोली, ''नहीं, बिल्कुल नहीं। यहां तो मैं अक्सर ही आती रहती हूं। किसी के लिए नहीं आती। क्या उन्होंने तुम्हें पहचान लिया।''
''नहीं।'' डॉक्टर ने कहा, ''दाढ़ी-मूंछे बढ़ाना सहज काम नहीं है। लेकिन मैं चाहता था कि अपूर्व बाबू मुझे पहचान लेते। पर वह इतने व्यस्त थे कि मुझे देखने की उन्हें फुर्सत ही नहीं थी।''
''इसके बाद क्या हुआ?''
''विशेष कुछ नहीं।''
''विशेष कुछ नहीं हुआ, यह तो मेरे भाग्य की बात है। पहचान लेने पर वह तुम्हें गिरफ्तार करा देते और इस अपमान से बचने के लिए मुझे आत्महत्या करनी पड़ती। नौकरी चली गई, लेकिन प्राण तो बच गए।''
डॉक्टर चुपचाप नाव खेने लगे। कुछ देर मौन रहकर भारती ने पूछा, ''क्या सोच रहे हो भैया?''
''बताओ तो जानूं।''
''बताऊं?-तुम सोच रहे हो कि भारती लड़की होकर भी मनुष्य को मेरी अपेक्षा अधिक पहचान सकती है। अपनी प्राण रक्षा के लिए कोई भी पढ़ा-लिखा आदमी इतनी नीचता कर सकता है-लज्जा नहीं, कृतज्ञता नहीं, मोह, ममता नहीं-खबर नहीं दी, खबर देने की कोशिश नहीं की। भय के कारण जानवर की तरह भाग गए। मैं कल्पना भी नहीं कर सकता था। लेकिन भारती असंदिग्ध रूप से जान गई थी-'यही सोच रहे हो न भैया?''
डॉक्टर ने कोई उत्तर नहीं दिया।
''मेरी ओर एक बार देखो न भैया?''
डॉक्टर ने ज्यों की भारती की ओर देखा, उसके होंठ थर-थर कांपने लगा। बोली, ''मनुष्य होकर मनुष्यता की कहीं भी कोई बात नहीं, यह कैसे हो सकता है भैया?''
यह कहकर उसने दोनों दांतों को भींचकर अपने होंठों का कांपना रोक लिया। लेकिन आंखों की कोरों से आंसू बहने लगे।
डॉक्टर ने न तो सहमति प्रकट की, न प्रतिवाद किया। सांत्वना तक की कोई बात उसके मुंह से नहीं निकली। केवल क्षण भर के लिए ऐसा लगा जैसे उसकी सुरमा लगी आंखों की दीप्ति कुछ फीकी पड़ गई हो।
इरावती की यह छोटी शाखा कम गहरी और कम चौड़ी होने के कारण स्टीमर और बड़ी नावें नहीं चलती थीं। नाव कहां जा रही है, भारती को पता नहीं था।
अचानक एक बहुत बड़े वृक्ष की ओट में बेलों और वृक्षों से भरे नाले में नाव घुसने लगी तो यह देखकर उसने चकित होकर पूछा, ''मुझे कहां ले जा रहे हो भैया?''
''अपने डेरे पर।''
''वहां और कौन रहता है?''
''कोई नहीं।''
''मुझे मेरे डेरे पर कब पहुंचाओगे?''
''पहुंचा दूंगा। आज रात या कल सवेरे।''
भारती बोली, ''नहीं भैया, यह नहीं हो सकता। मुझे जहां से लाए हो वही पहुंचा दो।''
''लेकिन मुझे तुमसे बहुत-सी बातें कहनी हैं भारती।''
भारती ने कोई उत्तर नहीं दिया। उसी तरह सिर हिलाकर आपत्ति प्रकट करती हुई बोली, ''नहीं, मुझे वापस पहुंचा आओ।''
''लेकिन क्यों? क्या तुम्हें मुझ पर विश्वास नहीं?''
भारती सिर झुकाए चुप बैठी रही।
डॉक्टर ने कहा, ''तुमने इस प्रकार कितनी ही रातें अपूर्व के साथ बिताई हैं। क्या वह मुझसे बढ़कर विश्वासपात्र था तुम्हारा?''
भारती चुप रही। उसने हां-ना, कुछ नहीं कहा।
नाले में जितना अंधेरा था उतना ही वह तंग भी था। दोनों किनारों पर खड़े पेड़ों की डालियां बीच-बीच में उनके शरीर पर आकर लगने लगीं।
डॉक्टर ने कहा, ''भारती, आज मैं तुम्हें ले जा रहा हूं वहां से तुम्हारा उध्दार कर सके, संसार में ऐसा कोई नहीं है। लेकिन मेरे मन की बात समझने में शायद अब कुछ शेष न रहा होगा।''
यह कहकर वह जोर से हंसने लगे। अंधेरे में उनके चेहरे को भारती न देख सकी। लेकिन उनकी हंसी ने जैसे उसे धिक्कारा। मुंह ऊपर उठाकर शंकारहित स्वर में बोली, ''तुम्हारे मन की बात समझ सकूं, इतनी बुध्दि मुझ में नहीं है। लेकिन मैं तुम्हारे चरित्र से परिचित हूं। अकेली रहना मेरे लिए उचित नहीं है इसीलिए कह रही हूं भैया, मुझे क्षमा करो।''
डॉक्टर ने कुछ देर चुप रहकर स्वाभाविक शांत स्वर में कहा, ''भारती, तुम्हें छोड़कर आने में मुझे कष्ट होता है। तुम मेरी बहिन हो, मेरी मां हो-यदि स्वयं यह विश्वास न होता तो मैं इस रास्ते से नहीं आता। लेकिन तुम्हारा मूल्य दे सके ऐसा मनुष्य मेरे अतिरिक्त संसार में और कोई नहीं है। इसके सौवें अंश का भी एक अंश अगर अपूर्व समझ जाता तो उसका जीवन सार्थक हो जाता। तुम संसार में लौट जाओ दीदी! हम लोगों के बीच अब मत रहो। केवल तुम्हारी बात कहने के लिए ही मैं अपूर्व से मिलने गया था।''
भारती चुप रही। आज एक बात तक न कहकर अपूर्व चला गया। नौकरी करने बर्मा आया था। थोड़े दिनों का ही तो परिचय था।
वह ब्राह्मण का सदाचारी लड़का है। उसका देश है, समाज है, घर-द्वार है, आत्मीय-स्वजन हैं। और भी क्या-क्या है। और भारती ईसाई की लड़की है। उसका देश नहीं। घर नहीं। माता-पिता नहीं। अपना कहने के लिए कोई भी नहीं है।
पास ही पेड़-पौधों के बीच हल्की-सी रोशनी दिखाई देने लगी। डॉक्टर ने इशारा करके कहा, ''यहीं मेरा डेरा है। खूब आजाद था। पता नहीं कैसी माया में जकड़ गया हूं। तुम्हारे लिए ही चिंता में पड़ा हूं। तुम्हें एक निरापद आश्रय मिल गया है, काश! जाने से पहले इतना ही देख लेता।''
भारती आंसू पोंछकर बोली, ''मैं तो अच्छी हूं भैया।''
डॉक्टर ने एक लम्बी सांस लेकर कहा, ''कहां अच्छी तरह हो बहिन। मेरे एक आदमी ने आकर बताया कि तुम घर में नहीं हो। सोचा, तुम्हें जेटी पर पा सकूंगा। वहां जाने पर तुमसे भेंट न को सकी। अभागा तुम्हारा चैन लेकर ही नहीं भागा, तुम्हारा साहस भी छीन ले गया है।''
इस बात का पूरा अर्थ न समझकर भारती चुप ही रही।
डॉक्टर ने कहा, ''उस दिन रात को निश्चिंत मन से मेरे लिए बिछौना छोड़कर तुम नीचे सो गई थीं। तुमने हंसकर कहा था-भैया, तुम क्या इन्सान हो जो तुमसे डर लगेगा। तुम सो जाओ। लेकिन आज वह साहस नहीं रहा। अपूर्व निर्भय करने योग्य मनुष्य नहीं है। फिर भी वह पास ही था। इसलिए शायद ऐसी आशंका तुम्हारे मन में कल भी पैदा नहीं हुई। आश्चर्य तो यह है कि तुम जैसी लड़की की भय मुक्त स्वाधीनता को भी उस जैसा असमर्थ मनुष्य इतनी आसानी से तोड़कर जा सकता है!''
भारती मीठे स्वर में बोली, ''लेकिन उपाय क्या है भैया?''
''उपाय शायद न हो। लेकिन बहिन, तुम्हारे चरित्र पर संदेह करने वाला आज कोई नहीं है। फिर अगर तुम्हारा ही मन रात-दिन स्वयं पर संदेह करता रहे तो तुम जीओगी कैसे?''
इस तरह अपने हृदय का विश्लेषण करके देखने का समय भारती के पास नहीं था। उसकी श्रध्दा और आश्चर्य की सीमा न रही, लेकिन वह मौन ही रही।
डॉक्टर बोले, ''मैं एक और लड़की को जानता हूं। वह रूसी है लेकिन उसकी बात जाने दो। कब तुम लोगों की भेंट होगी नहीं जानता। लेकिन लगता है एक दिन जरूर होगी। भगवान करे कि न हो। तुम्हारे प्रेम की तुलना नहीं है। वहां से अपूर्व को कोई हटा नहीं सकेगा। लेकिन स्वयं को उसके ग्रहण करने योग्य बनाए रखने की आज से जो अत्यंत सतर्कतापूर्ण जीवनव्यापी साधना आरम्भ होगी, उसकी प्रतिदिन के असम्मान की ग्लानि तुम्हारे मनुष्यत्व को एकदम छोटा बना देगी भारती। जहां ऐसे शुध्द-पवित्र हृदय का मूल्य नहीं वहां मन को इसी तरह बहलाना पड़ता है। कौन जाने भाग्य में उतने दिनों तक जीवित रहने का समय मेरे लिए है या नहीं। लेकिन यदि हो दीदी तो बहिन कहकर गर्व करने के लिए सव्यसाची के पास कुछ भी शेष नहीं रहेगा।''
भारती ने पूछा, ''तो तुम मुझे क्या करने को कहते हो? तुमने ही तो मुझसे बार-बार संसार में लौट जाने को कहा था।''
''लेकिन सिर नीचा करके जाने को नहीं कहा था।''
''लेकिन स्त्रियों का ऊंचा सिर तो कोई भी पसंद नहीं करता।''
''तब मत जाना।''
भारती ने हंसकर कहा, ''तुम निश्चिंत रहना भैया, मेरा जाना नहीं हो सकेगा। सारे रास्तों को अपने हाथ से बंद करके केवल एक रास्ता खोल रखा था, वह भी आज बंद हो गया, यह तुम देख आए हो। अब जो रास्ता तुम मुझे दिखा दोगे उसी रास्ते से चलूंगी। मेरी केवल इतनी-सी प्रार्थना स्वीकार कर लेना कि अपने भयंकर रास्ते पर मुझे मत बुलाना। भगवान के समान अप्राप्य वस्तु को पाने के भी जब इतने मार्ग हैं तब तुम्हारे लक्ष्य तक पहुंचने के लिए रक्तपात के अतिरिक्त क्या दूसरा मार्ग नहीं है? मेरा दृढ़ विश्वास है कि मानव की बुध्दि बिल्कुल समाप्त नहीं हो गई है। कहीं-न-कहीं दूसरा मार्ग अवश्य ही है। आज से मैं उसी पथ की खोज में निकलूंगी। भीषण दु:ख क्या है-उस रात को मुझे उसका पता लग गया था जिस रात तुम लोग उनकी हत्या करने के लिए तैयार हो गए थे।''
डॉक्टर ने कहा, ''यही मेरा डेरा है,'' यह कहकर छोटी नाव को किनारे पर ठेलकर वह उतर पड़े। फिर हाथ में लालटनें लेकर रास्ता दिखाते हुए बोले, ''जूते उतारकर आओ। पैरों में कीचड़ लगेगी।''
भारती चुपचाप उतर आई। सागौन के चार-पांच मोटे-मोटे खूंटों पर पुराने और बेकार तख्तों से काठ का एक मकान बना था। टूटी-फूटी लकड़ी के सीढ़ी से रस्सी पकड़कर ऊपर पहुंचने पर जब सात-आठ वर्ष के लड़के ने आकर दरवाजा खोला तो भारती आश्चर्य से अवाक् रह गई। अंदर पांव रखते ही देखा, फर्श पर चटाई बिछाए कम उम्र की एक बर्मी स्त्री सो रही है। तीन-चार बच्चे जहां-तहां पडे हुए हैं। एक असहनीय दुर्गंध से कमरे का वायुमंडल विषाक्त हो उठा है। फर्श पर चारों ओर भात, मछली के कांटे और प्याज-लहसुन के छिलके पड़े हैं। पास ही दो-तीन कालिख लगी मिट्टी की छोटी-छोटी हंडिया पड़ी हैं।
डॉक्टर के पीछे-पीछे भारती दूसरे कमरे में पहुंच गई। कहीं भी किसी सामान का झमेला नहीं। फर्श पर चटाई बिछी थी। एक ओर दरी लपेटकर रखी हुई थी। डॉक्टर ने दरी झाड़कर बिछाते हुए भारती से बैठने के लिए कहा। बर्मी स्त्री ने कुछ पूछा। डॉक्टर ने बर्मी भाषा में ही उसका उत्तर दिया। थोड़ी देर बाद ही वह लड़का एक तश्तरी में थोड़ा-सा भात, प्याली में तरकारी और पत्ते पर थोड़ी-सी झुलसी हुई मछली रखकर चला गया। अपनी लालटेन के प्रकाश में उन खाद्य वस्तुओं को देखते ही भारती की तबियत मिचलाने लगी।
डॉक्टर ने कहा, ''भूख तो शायद तुम्हें भी लगी होगी। लेकिन यह सब।''
भारती ने कहा, ''नहीं, नहीं, अभी नहीं।''
यह ईसाई जात-पांत नहीं मानती, लेकिन जहां से जिस प्रकार यह चीजें लाई गई हैं उस स्थान को वह आते समय ही देख आई थी।
डॉक्टर बोले, ''लेकिन मुझे बड़ी भूख लगी है बहिन। पहले पेट भर लूं,'' यह कहकर हाथ धोकर बड़ी प्रसन्न मुद्रा में खाने बैठ गए।
भारती उस ओर देख नहीं सकी। घृणा और छाती के भीतर की असीम रुलाई की वेदना से उसने मुंह फेर लिया मानो सैकड़ों धाराओं में बहकर निकलने की इच्छा करने लगी। हाय रे देश! हाय रे स्वाधीनता की प्यास! संसार में इन लोगों ने अपना कहकर कुछ भी शेष नहीं रखा। यह घर, यह भोजन, यह घृणित संबंध, जंगली पशुओं जैसा जीवन-पल भर के लिए भारती को मृत्यु भी इससे अधिक अच्छी और सुखद दिखाई दी। मृत्यु को तो बहुतेरे सहन कर सकते हैं लेकिन यह तो तन और मन को निरंतर सताते रहना, इच्छानुसार हर पल आत्महत्या की ओर ले जाना-इस सहिष्णुता की स्वर्ग या मृत्यु में क्या कहीं कोई तुलना है।
पराधीनता की पीड़ा ने क्या इन लोगों के जीवन के सभी पीड़ा-बोध को पूरी तरह धोकर साफ कर दिया है? कहीं कुछ भी शेष नहीं?
उसे अपूर्व की याद आ गई उसे अपनी नौकरी छूट जाने का शोक, मित्र-मंडली में हाथ का काला दाग दिखाई देने की लज्जा.... यह ही तो भारत माता की सहस्र कोटि संतानें हैं। खाते-पहनते, परीक्षाएं पास करके, नौकरी में सफलता पाकर, जिनका जन्म से मृत्यु तक का सारा जीवन अत्यंत निर्विघ्न रूप से एक-सा बीतता जा रहा था-और एक है यह व्यक्ति जो अत्यंत निर्विकार, मन से अत्यंत तृप्तिपूर्वक भात निगल रहा है। पल भर के लिए भारती को लगा कि हिमालय के हजारों प्रस्तर खंडों के तिलमात्र हिस्से से भी अधिक वह लोग नहीं हैं और उन्हीं लोगों में से एक प्यार करके, उसी के घर की गृहिणी बनने से वंचित होने के दु:ख से आज वह अपनी छाती फाड़-फाड़कर मर रही है।
सहसा वह दृढ़ता भरे स्वर में बोली, ''भैया तुम्हारा चुना हुआ यह खून-खराबी का मार्ग किसी भी तरह ठीक नहीं है। अतीत के भले ही कितने भी उदाहरण दो, जो अतीत है, जो बीत चुका है, वही चिरकाल तक भविष्य की छाती रौंदकर उसे नियंत्रित करता रहेगा, यह विध्न मानव जीवन के लिए किसी भी तरह सत्य नहीं माना जा सकता। तुम्हारे मार्ग को नहीं लेकिन तुम्हारा सब कुछ विसर्जित करने वाली देश-सेवा को मैं आज अपने सिर पर उठा लेती हूं। अपूर्व बाबू सुख से रहें, अब मैं उनके लिए शोक नही करूंगी। आज मैंने अपने जीवन का मंत्र अपनी आंखों से देख लिया है।
डॉक्टर ने आश्चर्य से मुंह उठाकर भात खाते-खाते अस्फुट स्वर में पूछा, ''क्या हुआ भारती?''

हाथ-मुंह धोकर डॉक्टर बैठ गए। उसी बर्मी लड़के ने एक बहुत मोटा चुरुट पीते हुए कमरे में प्रवेश किया और कुछ देर नाक-मुंह से धुआं निकालकर फिर वही चुरुट डॉक्टर के हाथ में देकर चला गया।
डॉक्टर ने हंसते हुए कहा, ''इसी तरह मुफ्त पा लेने पर मैं संसार में किसी भी चीज को छोड़ना पसंद नहीं करता भारती। अपूर्व के चाचा जी ने जब रंगून में गिरफ्तार किया था तब मेरी जेब में से गांजे की चिलम निकल पड़ी थी। वह न होती तो शायद मुझे छुटकारा भी न मिलता।'' कहकर वह मुस्कुराने लगे।
भारती यह बात सुन चुकी थी। बोली, ''हजार बार छुटकारा न मिलने पर भी तुम गांजा नहीं पीते, यह मैं जानती हूं। लेकिन यह मकान किसका है?''
''मेरा।''
''और यह बर्मी स्त्री-बच्चे?''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''यह सब मेरे एक मुसलमान मित्र की सम्पति हैं। मेरी ही तरह वह भी फांसी के मुजरिम हैं। इस समय कहीं बाहर गए हैं। परिचय न हो सकेगा।''
भारती बोली, ''परिचय के लिए मैं व्याकुल नहीं हूं। लेकिन जिस तरह तुमने इस स्वर्गपुरी में आकर आश्रय लिया है, इससे तो अच्छा था कि मुझे मेरे घर पहुंचा आते भैया। यहां तो मेरा दम घुटा जा रहा है।''
डॉक्टर-''यह स्वर्गपुरी तुम्हें अच्छी नहीं लगेगी, मैं जानता था। लेकिन तुमसे कहने के लिए मेरे पास जितनी बातें हैं वह किसी दूसरे स्थान पर नहीं कही जा सकती थीं भारती! थोड़ा-सा कष्ट आज तुम्हें सहना ही पड़ेगा।''
भारती बोली, ''क्या तुम किसी दूसरी जगह जा रहे हो?''
डॉक्टर बोले, ''हां, उत्तर और पूर्व के देशों में एक बार घूम आना होगा। लौटने में शायद दो वर्ष लग जाएं। लेकिन आज की रात के बाद फिर तुमसे मिल सकूंगा, यह भरोसा नहीं।''
डॉक्टर कुछ देर चुप रहे। भारती ने समझ लिया कि इसमें कोई परिवर्तन नहीं हो सकता। इस रात की समाप्ति के साथ ही वह इस संसार में अकेली रह जाएगी।
डॉक्टर बोले, 'मुझे दक्षिण चीन के केंटन के भीतर और भी आगे पैदल ही जाना पड़ेगा। उस रास्ते से काम के सिलसिले में अगर अमेरिका न पहुंच पाया तो प्रशांत महासागर के द्वीपों में घूमकर फिर इसी देश में लौटकर आश्रय लूंगा। उसके बाद जब तक आग न लगेगी यहीं रहूंगा? और बहिन अगर लौटकर न आ सका तो खबर तो तुम्हें मिल ही जाएगी।''
इस व्यक्ति के शांत, सहज कंठ की बातें कितनी साधारण हैं लेकिन उनका चेहरा भारती की आंखों के सामने नाच उठा। कुछ देर चुप रहकर बोली, ''चीन देश में पैदल जाना कितना भयानक काम है, यह मैं सुन चुकी हूं। लेकिन मैं तुमको डर दिखलाना नहीं चाहती। अगर यहां से निकल जाना ही चाहते हो तो फिर यहीं क्यों लौट आना चाहते हो? तुम्हारी अपनी जन्म-भूमि में क्या तुम्हारे लिए कोई काम नहीं है?''
''उसी के काम के लिए तो मैं इस देश को छोड़कर जा रहा हूं। इस देश में स्त्रियां स्वतंत्र हैं। स्वतंत्रता का मार्ग वह समझेंगी। उन लोगों की मुझे बहुत जरूरत है। अगर कभी इस देश मंय आग जलती देखी तो मेरी बात याद कर लेना, कि उस आग को स्त्रियां ही जला रही हैं। याद रहेगी यह बात?''
भारती ने कहा, ''लेकिन मैं तो तुम्हारे पथ की पथिक नहीं हूं।''
डॉक्टर बोले, ''यह मैं जानता हूं, लेकिन बड़े भाई की बात याद करने में तो कोई दोष नहीं है। भैया की बीच-बीच में याद तो आ जाएगी।''
भारती बोली, ''बड़े भैया की याद आने के लिए मेरे पास बहुत-सी चीजें हैं। इसी तरह शायद तुम मनुष्यों को अपने कुमार्ग में खींच लाया करते हो भैया, लेकिन मुझे नहीं खींच सकते।''
वह सहसा उठ खड़ी हुई। समेटी दरी झाड़कर बिछा दी। फिर बांस के मचान पर कम्बल, तकिया आदि उतारकर अपने हाथ से बिस्तर बिछाते हुए बोली, ''अपूर्व बाबू के जहाज के चक्के आज मुझे जिस मार्ग का संकेत दे गए हैं मेरा एक मात्र मार्ग अब वही है। फिर जिस दिन भेंट होगी उस दिन तुम भी स्वीकार करोगे।''
डॉक्टर व्यग्र होकर बोल उठे, ''तुमने अचानक यह क्या शुरू कर दिया भारती? क्या इस फटे कम्बल को मैं खुद नहीं बिछा सकता था। इसकी तो कोई जरूरत थी ही नहीं।''
भारती बोली, ''तुमको जरूरत नहीं थी, लेकिन मुझे तो थी। फिर स्त्रियों के जीवन में इसकी भी जरूरत न रहे तो किस बात की जरूरत है, बता सकोगे भैया?''
डॉक्टर बोले, ''इसका उत्तर नहीं दे सकूंगा बहिन। मैं हार मानता हूं। लेकिन तुम्हारे अतिरिक्त मुझे और किसी स्त्री से हार नहीं माननी पड़ी।''
भारती हंसती हुई बोली, ''सुमित्रा जीजी से भी नहीं?'
''नहीं।''
बिछौना बिछ जाने पर डॉक्टर उस पर आ बैठे। भारती पास बैठकर बोली, ''जाने से पहले एक बात और पूछूं तो क्या छोटी बहन का अपराध क्षमा होगा?''
''क्यों नहीं?''
''सुमित्रा जीजी आपकी कौन हैं?''
कुछ देर चुप रहने के बाद डॉक्टर ने मुस्कराते हुए कहा, ''वह मेरी क्या है, इसका उत्तर जब तक वह स्वयं न दे तब तक जान लेने का कोई उपाय नहीं है। मैं तो जिस दिन उसे पहचानता भी नहीं था, उस दिन मैंने स्वयं अपनी पत्नी कहकर उसका परिचय दिया था। मैंने ही उसका नाम सुमित्रा रखा था। मैंने सुना है कि उसकी मां यहूदी थी, लेकिन पिता थे बंगाली ब्राह्मण। पहले वह एक सर्कस पार्टी के साथ जावा गए थे, फिर सरवाया रेल के स्टेशन पर नौकरी करने लगे। जब तक वे जीवित रहे सुमित्रा मिशनरी स्कूल में पढ़ती रही। उनके मर जाने के बाद पांच-छह वर्ष के इतिहास को सुनने की तुम्हें कोई जरूरत नहीं।''
भारती बोली, ''नहीं भैया, मुझे सब बताओ।''
डॉक्टर ने कहा, ''मैं भी सब नहीं जानता भारती। केवल इतना ही जानता हूं कि मां, बेटी, दो मामा, एक चीनी और दो मद्रासी मुसलमान मिलकर जावा में छिपे ढंग से गांजे के आयात-निर्यात का धंधा कर रहे थे। मैं नहीं जानता था कि वह लोग क्या करते हैं। बस यही देखा करता था कि बटासिया से सुरवाया तक ट्रेन द्वारा सुमित्रा अक्सर आया-जाया करती थी। अत्यंत सुंदर होने के कारण बहुत से लोगों की तरह मेरी नजर भी उस पर पड़ गई थी। बस सब कुछ यहीं तक सीमित था। लेकिन एक दिन अचानक ही परिचय हो गया तेगा स्टेशन के वेटिंग रूम में। यह बंगाली लड़की है इस बात का पता मुझे पहले-पहले नहीं चला।''
भारती ने कहा, ''सुंदरी होने के कारण सुमित्रा जीजी को आप फिर भूल नहीं सके। यही बात है न भैया?''
डॉक्टर बोले, ''एक दिन मैं जावा छोड़कर कहीं और चला गया और शायद उसे भूल ही गया। लेकिन एक वर्ष के बाद सहसा बेंकुलेन शहर की जेटी पर सुमित्रा से भेंट हो गई। एक बक्स में अफीम थी और सुमित्रा को घेरे चारों ओर पुलिस खड़ी थी। मुझे देखकर उसकी आंखों से आंसू बहने लगे। मुझे संदेह नहीं रहा कि अब मुझे उसकी रक्षा करनी पड़ेगी। अफीम के बक्स को स्पष्ट अस्वीकार करके मैंने उसे अपनी पत्नी बता कर परिचय दे दिया। उसने यह नहीं सोचा था, इसलिए वह चौंक पड़ी। घटना सुमात्रा में हुई थी इसलिए मैंने उसका नाम सुमित्रा रख दिया। वैसे उसका वास्तविक नाम रोज दाऊद था। उन दिनों बेंकुलेन के मामलों-मुकदमों की सुनवाई पादांग शहर में होती थी। वहां मेरे घनिष्ठ मित्र थे पाल क्रूगर। उन्हीं के पास सुमित्रा को ले गया। मुकदमा चला। मजिस्ट्रेट ने सुमित्रा को रिहा कर दिया। लेकिन सुमित्रा ने मुझे रिहाई नहीं दी।''
भारती हंसकर बोली, ''रिहाई अब मिलेगी भी नहीं भैया।''
डॉक्टर ने कहा, ''धीरे-धीरे उसके दल के लोग समाचार पाकर ताक-झांक करने लगे। मैंने देखा, मेरे मित्र पाल क्रूगर भी उसके सौंदर्य पर लट्टू हो गए हैं। एक दिन उन्हीं के पास छोड़कर मैं चुपचाप खिसक गया।''
भारती बोली, ''उन लोगों के बीच अकेली छोड़कर? तुम बहुत निर्दयी हो भैया।''
डॉक्टर बोले, ''हां, अपूर्व की तरह। फिर एक वर्ष बीत गया। उन दिनों मैं सोलिवस द्वीप के मैकासर नगर के छोटे से अप्रसिध्द होटल में रह रहा था। एक दिन शाम को कमरे में घुसते ही देखा, सुमित्रा बैठी है। हिंदू स्त्रियों की तरह टसर की साड़ी पहने। उसने एक हिंदू स्त्री की तरह झुककर प्रणाम किया और उठकर बोली, ''मैं सब छोड़कर चली आई हूं। सम्पूर्ण अतीत को धो-पोंछकर फेंक आई हूं। मुझे अपने काम में शामिल कर लो। मुझसे बढ़कर विश्वसनीय साथिन दूसरी नहीं मिलेगी।''
भारती बोली, ''उसके बाद?''
डॉक्टर ने कहा, ''बाद की घटना....बस इतना ही कह सकता हूं कि सुमित्रा के विरुध्द शिकायत करने का मुझे आज तक कोई कारण नहीं मिला। जो इक्कीस वर्षों के सभी संस्कारों को धो-पोंछकर, साफ करके आ सकती है उसके प्रति मेरे मन में श्रध्दा है लेकिन वह है बड़ी निष्ठुर।''
भारती की इच्छा हुई कि पूछे-'वह निष्ठुर हो सकती है लेकिन तुम उसको कितना प्यार करते हो।' लेकिन लाज के कारण पूछ न सकी। फिर उस रहस्यपूर्ण युवती के हृदय के गोपनीय इतिहास का आज उसे पता लग गया। उसका ममताहीन, मौन, रहस्यपूर्ण इतिहास-किसी का भी अर्थ समझना उसके लिए शेष नहीं रहा।
सहसा डॉक्टर के मुंह से असावधानी से एक लम्बी सांस निकल गई। पल भर के लिए वह लज्जा से व्याकुल हो उठे, लेकिन उसी एक पल के लिए। दूसरे ही पल उनका शांत और सहज हास्यपूर्ण स्वर लौट आया। बोले, ''उसके बाद सुमित्रा को साथ लेकर मुझे केंटन चला आना पड़ा।''
भारती हंसी छिपाकर बोली, ''न आते भैया। तुम्हें सिर की शपथ किसने दी थी-बताओ? हम लोगों में से तो किसी ने दी-नहीं थी।''
''सिर की शपथ किसी ने नहीं दी, ऐसी बात नहीं है। लेकिन मैंने सोचा था कि वह बात किसी को भी मालूम न हो सकेगी। लेकिन तुममें एक दोष यह है कि अंत तक न सुनने से तुम्हारी जिज्ञासा शांत नहीं होती और न सुनाने से तुम बहुत-सी ऐसी ही बातों का अनुमान करती रहोगी। इसलिए सुना देना ही अच्छा है।''
''मैं भी यही कह रही हूं भैया।''
डॉक्टर बोले, ''बात यह है कि सुमित्रा ने मेरे ही होटल की दूसरी मंजिल पर एक कमरा किराए पर ले लिया। मैंने बहुत मना किया। लेकिन वह नहीं मानी। तब मैंने कहा, ऐसी हालत में मुझे यहां से चला जाना होगा।' यह सुनकर उसकी आंखों से आंसू बहने लगे। बोली, 'आप मुझे आश्रय दीजिए।' दूसरे ही दिन मामला समझ में आ गया। दाऊद का गैंग वहां दिखाई पड़ा। उस गैंग में लगभग दस आदमी थे। उनमें से एक आधा अरब और आधा नीग्रो था। छोटे-मोटे हाथी की तरह। वह अनायास ही दावा कर बैठा कि सुमित्रा उसकी पत्नी है।''
भारती बोली, ''और तुम्हारे ही सामने! उन दोनों में शायद खूब झगड़ा हुआ?''
डॉक्टर बोले, 'हां। सुमित्रा ने अस्वीकार करते हुए कहा, 'सब झूठ है। एक षडयंत्र है।'-असल में वह लोग उसे चोरी की अफीम बेचने के काम में वापस ले जाना चाहते थे। प्रशांत महासागर के सभी द्वीपों में उनके अड्डे हैं। गैंग काफी बड़ा है जिसमें बदमाश लोग शामिल हैं। कोई भी ऐसा काम नहीं है जिसे यह लोग न कर सकते हों। मैं जान गया कि यह समस्या आसानी से नहीं सुलझेगी। लेकिन विलम्ब उन्हें सह्य नहीं था। वह तत्काल निर्णय करके सुमित्रा को खींच ले जाना चाहते थे। मैंने उन्हें रोका। पुलिस बुलाकर गिरफ्तार कराने का डर दिखाया। तब वह लोग गए। लेकिन धमकी देते गए कि उन लोगों के हाथ से आज तक कोई नहीं बचा।''
''उसके बाद?'
डॉक्टर ने कहा, ''रात को सावधान रहा। मैं जानता था कि वह लोग दल-बल के साथ लौटकर आक्रमण करेंगे।''
भारती ने पूछा, ''भाग क्यों नहीं गए? पुलिस को खबर क्यों नहीं दी? डच सरकार के पास क्या पुलिस नहीं है?''
डॉक्टर ने कहा, ''थाना-पुलिस में जाना मेरे लिए निरापद नहीं था। लेकिन वह रात शांतिपूर्वक बीत गई । वहां समुद्र के किनारे-किनारे चलने वाली व्यापारिक नावें मिलती हैं। अगले दिन एक नाव ठीक कर आया। लेकिन सुमित्रा को बुखार आ गया। वह उठ न सकी। काफी रात बीते दरवाजा खुलने की आवाज से नींद टूट गई। खिड़की से झांककर देखा, दरवाजा होटल वाले ने खोला है और दस आदमी होटल में घुस रहे हैं। वह चाहते थे कि मेरे कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर दें और बगल की सीढ़ी से ऊपर सुमित्रा के कमरे में चले जाएं।''
भारती सांस रोककर बोली, ''उसके बाद?''
डॉक्टर बोले, ''मैंने दरवाजा खोलकर ऊपर जाने की सीढ़ी रोक ली।''
भारती का चेहरा पीला पड़ गया। बोली, ''उसके बाद?''
डॉक्टर ने कहा, ''उसके बाद की घटना अंधेरे में घटी, इसलिए ठीक-ठीक नहीं बता सकूंगा। लेकिन अपनी बात मुझे मालूम है। एक गोली मेरे बाएं कंधे में लगी, दूसरी घुटनों के बीच। सवेरा होते ही पुलिस आ गई। पहरा लग गया। गाड़ी आई और पुलिस छह-सात आदमियों को उठा ले गई। होटल वालों ने गवाही दी कि डाकुओं ने धावा बोला था। अंग्रेजी राज्य होता तो मामला कितनी दूर पहुंचता और क्या होता, नहीं कहा जा सकता। लेकिन सेलिवरु के कानून-कायदे दूसरे ही हैं। मरे हुए लोगों की जब शिनाख्त नहीं हुई तो शायद उन्हें कहीं गाड़-गूड़ दिया।''
''तुम्हारे हाथ से क्या इतने आदमी मारे गए?''
''मैं तो नाम मात्र था। वह तो अपने हाथों ही मारे गए समझो।''
भारती चुप बैठी रही।
डॉक्टर बोले, ''उसके बाद कुछ दूर नाव से, कुछ दूर घोड़ा गाड़ी से, और कुछ दूर स्टीमर से हम लोग मेकड़ा शहर में पहुंच गए। वहां से नाम-धाम बदलकर एक चीनी जहाज से केंटन चले गए। आगे शायद तुम्हें सुनने की इच्छा नहीं है। तुम्हें केवल यही लग रहा है कि भैया के हाथों में भी मनुष्य का खून लगा हुआ है।''
भारती ने कहा, ''मुझे डेरे पर पहुंचा दीजिए भैया?''
''इसी समय जाओगी?''
''हां, मुझे पहुंचा आओ।''
''चलो'', यह कहकर उन्होंने फर्श से एक तख्ता हटाकर कोई चीज चुपके से निकालकर अपनी जेब में रख ली। भारती समझ गई कि यह पिस्तौल है। पिस्तौल उसके पास भी थी। सुमित्रा के आदेश के अनुसार वह उसे बाहर जाते समय अपने साथ रखती थी। यह ज्ञान उसे आज पहली बार हुआ कि यह मनुष्यों को मार डालने का यंत्र है।
नाव पर भारती ने धीरे-धीरे कहा, ''तुम जो भी क्यों न करो, तुम्हारे अतिरिक्त मेरे लिए पृथ्वी पर आश्रय नहीं है, जब तक मेरे मन की अशांति नहीं मिट जाती तुम तब तक मुझे छोड़कर नहीं जा सकते भैया। बोलो, जाओगे तो नहीं?'
डॉक्टर ने कहा, 'अच्छा, ऐसा ही होगा बहिन!''

नाव पर बैठी हुई भारती मन-ही-मन न जाने कितनी बातें सोचती रही। उसके मन पर सबसे जबर्दस्त धक्का लगाया सुमित्रा के इतिहास ने। उसके प्रथम यौवन की दुर्भाग्यपूर्ण अनोखी कहानी ने। सुमित्रा को मित्र समझने का दुस्साहस कोई भी स्त्री नहीं कर सकती। भारती उसे प्यार नहीं कर सकी है। लेकिन सब बातों में उसकी असामान्य श्रेष्ठता के कारण उसने अपने हृदय की भक्ति उसे अर्पित की थी। लेकिन उस दिन, अपूर्व का अपराध कितना भी भयंकर क्यों न हो, नारी होकर एकदम सहज भाव से उसकी हत्या करने का आदेश देने के कारण उसकी वह भक्ति भीषण भय में परिवर्तित हो गई। भारती अपूर्व को कितना प्यार करती है यह बात सुमित्रा से छिपी नहीं थी। प्रेम क्या है, यह बात भी उससे छिपी नहीं है फिर भी एक नारी के प्रेमी को प्राण-दंड देने में नारी होकर भी उसे रत्ती भर हिचक नहीं हुई। वेदना की आग से छाती के भीतर जब इस प्रकार की ज्वाला भक-भक जलने लगती तब वह अपने को यह कहकर समझा लेती किकर्त्तव्य के प्रति इस तरह निर्मम निष्ठा न होने पर पथ के दावेदारों की अध्यक्षा कौन बनती?''
नाव के घाट पर पहुंचते ही एक आदमी पेड़ के आड़ से निकलकर सामने आ खड़ा हुआ। उसे देखते ही भारती के पांव भय से कांप उठे।
डॉक्टर ने बड़ी नर्मी से कहा, ''यह तो अपना हीरा सिंह है। तुमको पहुंचा देने के लिए खड़ा है। क्यों हीरा सिंह जी, सब ठीक है न?''
हीरा सिंह ने कहा, ''सब ठीक है।'
''क्या मैं भी चल सकता हूं?''
हीरा सिंह बोला, ''आपके जाने से क्या कोई रुकावट डाल सकता है?''
समझ में आ गया कि पुलिस वाले भारती के मकान पर निगाह रख रहे हैं। डॉक्टर का जाना निरापद नहीं है।
भारती चुपके से बोली, ''मैं नहीं जाऊंगी भैया।''
''लेकिन तुम्हें भागकर छिपने की जरूरत नहीं भारती।''
''जरूरत पड़ने पर भाग सकूंगी। लेकिन इनके साथ नहीं जाऊंगी।''
डॉक्टर इस आपत्ति का कारण समझ गए। अपूर्व के मामले के विचार के दिन हीरा सिंह ही उसे धोखे से ले आया था। कुछ सोचकर बोले, ''तुम तो जानती हो भारती, कितना खराब है मुहल्ला। इतनी रात गए तुम्हारा अकेली जाना ठीक नहीं है। और मैं.....।''
व्याकुल स्वर में भारती बोली, ''नहीं भैया, तुम मुझे पहुंचा दो। मैं पागल नहीं हूं जो....?''
हाथ छोड़कर भारती को नाव से उतरते न देखकर डॉक्टर ने स्नेहिल स्वर में कहा, ''वहां तुम्हें वापस ले जाते हुए मुझे भी लज्जा मालूम होती है। क्या दूसरी जगह चलोगी, जहां हमारे कवि जी रहते हैं? वह नदी के उस पार रहते हैं।''
भारती ने पूछा, ''कौन कवि भैया?''
''हमारे उस्ताद जी, बेहला बजाने वाले....!''
भारती ने प्रसन्न होकर कहा, ''वह क्या घर पर मिलेंगे? अगर अधिक शराब पी गए होंगे तो कहीं बेहोश पड़े होंगे।''
डॉक्टर बोले, ''इसमें आश्चर्य नहीं। लेकिन मेरी आवाज सुनते ही उनका नशा हिरन हो जाता है। नवतारा उनके पास ही रहती है। सम्भव है तुम्हें कुछ खिलवा भी सकूं।''
भारती बोली, ''इस ढलती रात में मुझे खिलाने की चेष्टा मत करो, चलो, वहां चलें। सवेरा होते ही लौट आएंगे।''
डॉक्टर नाव चलाने लगे तो हीरा सिंह अंधेरे में गुम हो गया।
भारती ने आश्चर्य से पूछा, ''भैया, क्या पुलिस इस आदमी पर संदेह नहीं करती?''
डॉक्टर बोले, ''नहीं। यह तारघर का चपरासी है। लोगों के जरूरी तार उनके घर पहुंचाया करता है। इसलिए दिन हो या रात, किसी भी समय उसका आना-जाना संदेहजनक नहीं होता।''
ज्वार अभी-अभी शुरू हुआ है। धीरे-धीरे बड़ी सावधानी से लग्गी ठेलते हुए नाव ले जाने के परिश्रम का अनुमान करके भारती ने जल्दी से कहा, ''वहां जाने की जरूरत नहीं। चलिए आपके घर लौट चलें। ज्वार के खिंचाव में आधा घंटा भी नहीं लगेगा।''
डॉक्टर ने कहा, 'केवल इसी काम से नहीं भारती, एक और विशेष काम से उससे मिलना चाहता हूं।''
भारती व्यंग्य भरी हंसी के साथ बोली, ''उनसे किसी आदमी को कोई काम हो सकता है, इस पर मुझे विश्वास नहीं होता।''
डॉक्टर कहने लगे, ''तुम उसे नहीं जानती भारती, उस जैसा सच्चा गुणवान आदमी तुम्हें कहीं नहीं मिल सकता। अपने टूटे बहले की ही पूंजी के बल पर कोई ऐसा स्थान नहीं जहां वह न पहुंचा हो। इसके अतिरिक्त वह बहुत बड़ा विद्वान है। किस पुस्तक में कहां क्या लिखा है-बताने वाला मेरे परिचितों में उस जैसा दूसरा कोई भी नहीं है। उसे मैं वास्तव में प्यार करता हूं।''
भारती मन-ही-मन अप्रतिभ होकर बोली, ''तब तुम उसकी शराब पीने की आदत छुड़ाने की कोशिश क्यों नहीं करते?''
डॉक्टर ने कहा, ''मैं किसी से कुछ छुड़वाने की कोशिश नहीं करता भारती। वह कवि हैं। उन लोगों की जाति ही अलग होती है। उनके भले-बुरे काम हम लोगों से मेल नहीं खाते, लेकिन इस कारण संसार के भले-बुरे कामों के लिए बने कानून उन्हें क्षमा नहीं करते। उनके गुणों का तो सभी लोग मिलकर उपभोग करते हैं, लेकिन अपने दोषों के लिए वह अकेले ही दंड भोगते हैं। इसलिए कभी-कभी जब वह बेचारा बहुत कष्ट पाता है, जब ऐसा व्यक्ति जो उसके दु:ख का मन-ही-मन सहयोगी होता है, वह मैं हूं।''
भारती बोली, ''तुम सभी के लिए दु:ख अनुभव करते हो भैया। तुम्हारा मन तो स्त्रियों के मन से भी कोमल है। लेकिन अपने उस गुणवान पर विश्वास कैसे करते हो? शराब के नशे में वह सब कुछ प्रकट भी तो कर सकते हैं?''
डॉक्टर बोले, ''केवल इतना ज्ञान ही तो उसमें बचा है। फिर उसकी बातों पर कोई अधिक विश्वास भी तो नहीं करता?''
भारती ने पूछा, ''उनका नाम क्या है भैया?''
डॉक्टर ने कहा, ''अतुल, सुरेन, धीरेन-जब जो नाम मन में आ जाए। -वास्तविक नाम है-शशिपद भौमिक।''
''शायद वह नवतारा के कहने पर चलते हैं?
यह कहकर डॉक्टर ने नाव घूमा दी। पानी के तेज बहाव के कारण छोटी-सी नाव बहुत तेजी से चलने लगी और देखते-ही-देखते उस पार जा लगी। भारती का हाथ पकड़कर डॉक्टर नाव से उतर पडे। आगे बढ़ने पर एक तंग रास्ता मिला। उसके आस-पास पानी से भरे छोटे-बड़े गङ्ढे थे। उनके बीच से वह रास्ता अंधेरे में चला गया था।
भारती ने कहा, ''भैया, फिर वैसी ही भयानक जगह में ले आए। बाघ-भालुओं की तरह ऐसे स्थान के अतिरिक्त तुम लोग और कहीं भी रहना नहीं जानते? और किसी से भले ही न डरो, सांपों से तो डरो।''
डॉक्टर हंसकर बोला, ''सांप तो विलायत से नहीं आए बहिन। उनमें धर्म ज्ञान है। अपराध न करने वाले को वह नहीं काटते।''
यह सुनकर भारती को एक दिन की बात याद आ गई। उस दिन उनके ऐसे ही हास्य पूर्ण स्वर में यूरोप के विरुध्द कितनी असीम घृणा प्रकट हो गई थी। उन्होंने फिर कहा, ''बाघ-भालुओं की बात कहती हो बहिन। मैं अक्सर ही सोचा करता हूं कि इन्सान न रहकर अगर यहां बाघ-भालू ही रहते तो सम्भव है यह लोग शिकार करने विलायत से यहां आया करते। और रात-दिन खून चूसने के लिए यहां चिपककर पड़े रहते।''
भारती मौन रही। सारी जाति के विरुध्द इतना बड़ा विद्वेष उसे व्यथित कर देता था। मन-ही-मन कह उठती थी-यह कभी भी सच नहीं हो सकता। ऐसा हो ही नहीं सकता।
सहसा डॉक्टर ठिठककर खड़े हो गए, बोले, ''हमारे उस्ताद जी जाग रहे हैं, और होश में हैं। ऐसा बेहला तुमने कभी नहीं सुना होगा भारती!''
कुछ आगे बढ़कर भारती रुक गई। उसकी उत्सुकता निरंतर बढ़ती चली जा रही थी। उसका न कोई आदि था न अंत। इस संसार में उसकी तुलना नहीं हो सकती। दो मिनट के लिए मानो भारती को होश ही नहीं रहा।
डॉक्टर ने उसके हाथों से जरा-सा दबाकर कहा, ''चलो।''
भारती बोली, ''चलो। मैंने ऐसा कभी नहीं सुना था।''
डॉक्टर बोले, ''मैंने भी इससे अच्छा कभी नहीं सुना। लेकिन इस पागल के हाथों में पड़कर उस बेचारे बेहला की दुर्दशा का अंत नहीं है। मैंने ही शायद दसियों बार उसका उध्दार किया होगा। सुना है, अपूर्व के पास पांच रुपए में गिरवी रखा हुआ था।''
भारती बोली, ''मैं उनके नाम रुपए भेज दूंगी।''
पेड़ों की ओट में एक दो मंजिला मकान है। नीचे की मंजिल पर कीचड़ ज्वार के पानी और जंगली पौधों ने अधिकार कर रखा है। सामने काठ की एक सीढ़ी है। और उसी के सबसे ऊंचे स्थान पर एक तोरण-सा बना हुआ है। उसी पर एक बहुत बड़ी रंगीन चीनी लालटेन लटकी है जो झूलती दिखाई दे रही है। उसकी रोशनी में स्पष्ट दिखाई दिया, उसके ऊपर बड़े-बड़े काले अंग्रेजी अक्षरों में लिखा हुआ है- ''शशितारा लॉज।''
भारती ने कहा, ''मकान का नाम रखा है 'शशितारा लॉज', लॉज तो समझ गई। लेकिन शशितारा का क्या अर्थ है?''
डॉक्टर मुस्कराकर बोले, ''शायद शशिपद का शशि और नवतारा का तारा मिलकर शशितारा बन गया है।''
भारती बोली, ''यह अन्याय है। अन्याय को तुम प्रश्रय क्यों देते हो?''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''तुम क्या अपने भैया को सबसे शक्तिमान समझती हो? कोई अपने लॉज का नाम शशितारा रखे या कोई पैलेस का नाम अपूर्व भारती रखे-मैं कैसे रोक सकूंगा।''
भारती क्रोधित होकर बोली, ''नहीं भैया, इन सब गंदे कामों के लिए उन्हें मना कर दो। वरना मैं उनके घर नहीं जाऊंगी।''
डॉक्टर बोले, ''सुना है, दोनों का विवाह होने वाला है। भाग्य प्रसन्न हो तो मरने में कितनी देर लगती है बहिन! सुना है पंद्रह दिन हुए वह मर गया।''
दु:खी होते हुए भी भारती हंस पड़ी, ''शायद यह खबर झूठी है। अगर सच भी है तो कम-से-कम एक वर्ष तक तो उन्हें रुकना ही चाहिए। नहीं तो यह काम बहुत ही अशोभनीय होगा।''
डॉक्टर बोले, ''अच्छी बात है, कहकर देखूंगा। लेकिन रुकने से अशोभनीय दिखाई देगा या न रुकने से-यह सोचने की बात है।''
इस संकेत से भारती लज्जित होकर चुप हो गई। सीढ़ी पर चढ़ते हुए डॉक्टर बोले, ''इस पागल के लिए ही मुझे कष्ट होता है। सुना है, उस स्त्री को बहुत प्यार करता है। लेकिन संसार के भले-बुरे की फरमाइश, मित्रों की अभिरुचि- यह सब बातें अत्यंत तुच्छ हैं भारती। मैं तो केवल इतनी ही कामना करता हूं कि उसके प्रेम में यदि सच्चाई हो तो यह सच्चाई ही उसका उध्दार करे।''
भारती ने चौंककर पूछा, ''संसार में क्या ऐसा भी होता है भैया।''
तभी वह दोनों बंद दरवाजे के सामने पहुंचकर रुक गए।
बेहला बजना बंद हो गया। थोड़ी देर बाद दरवाजा खोलकर शशिपद बाहर आए तो सहज ही डॉक्टर को पहचान लिया। फिर भारती को पहचानते ही एकाएक उछलकर बोले, ''आप?.... भारती? आइए, आइए।''
यह कहकर उन्हें अंदर ले गए। उनके आनंद से चमकते चेहरे की कपट रहित अभ्यर्थना से, उनके अकृत्रिम उत्साह भरे स्वागत से भारती का सारा क्रोध हवा हो गया। शशि ने बिस्तर के किसी कोने से एक बड़ा-सा लिफाफा निकाल भारती के हाथ में देकर कहा, ''खोलकर पढ़िए। परसों दस हजार रुपए का ड्राफ्ट आ रहा है-नाट ए पाई लैस-मैं कहा करता था कि मैं जुआरी हूं, झूठा हूं, शराबी हूं। कैसे हो गया यह? दस हजार! नाट ए पाई लैस।''
इस दस हजार रुपए के ड्राफ्ट के संबंध में एक पुराना इतिहास है जिसे यहा बता देना जरूरी है। कोई इस पर विश्वास नहीं करता था। सब मजाक ही उड़ाते रहते थे। उस्ताद जी का मूलधन यही था। इसी का उल्लेख करके एकदम संकोचहीन होकर वह लोगों से रुपया उधार मांगा करता था और जल्दी ही ब्याज-मूलधन पूरा चुका देने की सौगंध भी खा लेता था। पांच-सात वर्ष पहले उसके धनवान नाना की जब मृत्यु हुई तो उसे अपने ममेरे भाइयों के साथ सम्पत्ति का एक हिस्सा मिला था। उसे बेचने की बात एक महीने पहले हो गई थी। कलकत्ते के एक एटॉर्नी ने लिखा था कि रुपए दो-एक दिन में मिल जाएंगे।
पत्र समाप्त करके डॉक्टर ने पूछा, ''बीस हजार रुपए की बात चली थी न शशि?''
शशि बोले, ''दस हजार ही क्या कम हैं? मेरे ममेरे भाई हैं, सम्पत्ति तो अपने ही घर में ही रही।''
डॉक्टर ने भारती से कहा, ''इसी तरह का एक पागल ममेरा भाई हम लोगों का भी कोई होता...''कहकर वह हंसने लगे।
शशि को प्रसन्नता नहीं हुई। प्राणपण से यही सिध्द करने लगा कि सम्पत्ति को बेचे बिना ही इतना रुपया मिल गया। इसलिए कि उसके भाई के समान आदर्श पुरुष संसार में कोई नहीं है।''
भारती मुस्कराकर बोली, ''ठीक है शशि बाबू! तुम्हारे उन भैया को देखे बिना ही उनके देव तुल्य चरित्र को मैंने स्वीकार कर लिया।''
शशि बोले, ''लेकिन कल मुझे और दस रुपए देने होंगे, तब उस दिन के दस, कल के दस और अपूर्व बाबू के साढे आठ-कुल मिलाकर तीस रुपए परसों-तरसों चुका दूंगा। देने ही पडेंग़े।''
भारती हंसने लगी। शशि कहने लगा, ''ड्राफ्ट आते ही बैंक में जमा कर दूंगा। जुआरी, शराबी, स्पेथिस्ट- जो भी जी में आता रहा है लोग कहते रहे हैं। लेकिन इस बार दिखा दूंगा। केवल ब्याज से ही गृहस्थी का खर्च चलाऊंगा। उसमें से भी बच जाएगा। डाकघर में एकाउंट खोलना पड़ेगा। घर में रखना ठीक नहीं, पांच-छह साल में ही एक मकान खरीद लूंगा। खरीदना तो पड़ेगा ही, गृहस्थी गर्दन पर आ पड़ी है।''
डॉक्टर भारती के मुंह की ओर ताकते हुए हंसने लगे। लेकिन वह गम्भीर मुंह किए दूसरी ओर देखती रही।
शशि ने कहा, ''मैंने शराब छोड़ दी है। शायद आपने सुना हो।''
डॉक्टर बोले, ''नहीं।''
''एकदम। नवतारा ने प्रतिज्ञा करा ली।''
डॉक्टर बोले, ''शशि, जान पड़ता है अब शीघ्र यहां से हिल नहीं सकोगे?''
शशि बोले, ''यह बात कैसे हो सकती है? अब मैं आप लोगों के साथ संबंध न रख पाऊंगा। लाइफ को अब रिस्क में नहीं डाला जा सकता।''
डॉक्टर ने भारती की ओर मुड़कर मुस्कराते हुए कहा, ''हमारे उस्ताद जी में और चाहे जो भी दोष हो-लेकिन आंखों का लिहाज इनमें है, ऐसा अपवाद तो बड़े-से-बड़ा शत्रु भी नहीं लगा सकता। यदि सीख सको तो यह विद्या तुम इनसे सीख लो।''
प्रत्युत्तर में शशि का पक्ष लेकर भारती ने बहुत ही भली लड़की की तरह कहा, ''लेकिन झूठी आशा देने की अपेक्षा स्पष्ट कह देना ही अच्छा है। यह बात मुझसे नहीं होती। अगर शशि बाबू से मैं यह विद्या सीख पाती तो आज मुझे छुट्टी मिल जाती भैया।''
उसके कंठ स्वर का अंतिम अंश भारी-सा हो गया। शशि ने ध्यान नहीं दिया। ध्यान देने पर उसका तात्पर्य शायद समझ भी नहीं पाता। लेकिन इसमें निहित अर्थ जिसे समझना चाहिए था। उन्हें समझने में देर नहीं लगी।
दो मिनट तक सभी मौन रहे।
डॉक्टर ने बात शुरू की। बोले, ''शशि, दो दिन के भीतर ही मैं जा रहा हूं। पैदल के रास्ते से। पैसिफिक के सारे आइलैंड एक बार फिर घूम आऊं। कब लौटूंगा-नहीं जानता। लौटूंगा भी या नहीं, यह कौन जानता है। लेकिन यदि कभी लौटूं शशि तो तुम्हारे घर में शायद मुझे स्थान नहीं मिलेगा।''
शशि पल भर उनके मुंह की ओर टकटकी लगाकर देखता रहा। फिर बोला उसका चेहरा और स्वर आश्चर्यजनक रूप से बदल गया। गर्दन हिलाकर बोला, ''मेरे घर पर आपको सदा स्थान मिलता रहेगा।''
डॉक्टर ने कहा, ''यह क्या कहते हो शशि? मुझे स्थान देने से बड़ी विपत्ति मनुष्य के लिए और क्या हो सकती है?''
शशि ने कहा, ''यह तो मैं जानता हूं कि मुझे जेल की सजा मिलेगी। मिलने दो।'' कहकर वह चुप हो गया। फिर पलभर बाद भारती को सम्बोधित करके धीरे-धीरे कहने लगा, ''मेरा ऐसा मित्र और कोई नहीं है। सन् 1911 में जापान के टोकियो शहर में बम गिरने के कारण जब कोटकू के समूचे गिरोह को फांसी की सजा मिली थी तब डॉक्टर उनके अखबार के उपसम्पादक थे। मकान के सामने के हिस्से को पुलिस ने घेर लिया था। मैं रोने लगा तो इन्होंने कहा, डरने से काम नहीं चलेगा शशि, हम लोगों को भाग जाना चाहिए। पीछे की खिड़की से रस्सी लटकाकर इन्होंने मुझे उतार दिया फिर स्वयं उतर गए-ओह, याद है आपको डॉक्टर साहब? यह कहकर वह अतीत की यादों से रोमांचित हो उठा।''
डॉक्टर ने हंसकर कहा, ''याद तो जरूर है।''
शशि ने कहा, ''याद रहने की बात ही है। आप सहायता न करते तो उस दिन हम लोगों की जीवन-लीला समाप्त हो जाती। शंघाई बोट में फिर कदम न रखना पड़ता। वहां जैसे नाटे लुच्चे-बदमाश भारत में कहीं भी नहीं मिलेंगे। मैं तो आप लोगों के बमबाज दस्ते में शामिल नहीं था। बस डेरे पर रहता था। बेहला सिखाया करता था। लेकिन इस बात को क्या कोई सुनने वाला था? शैतानों के न तो कानून होते हैं न अदालत। पकड़ पाते तो मुझे जरूर जिबह कर डालते। आज जो ये सब बातें कह रहा हूं, केवल आपकी उसी कृपा से। ऐसा मित्र संसार में दूसरा नहीं है। ऐसी दया भी संसार में कहीं नहीं देखी।''
भारती की आंखों में आंसू भर आए। बोली, ''अपनी पूरी कहानी किसी दिन हम लोगों को सुना दो न भैया। भगवान ने तुमको इतनी बुध्दि दी थी तो क्या केवल इस अमूल्य प्राण का मूल्य समझने की बुध्दि देना ही भूल गए? जापानियों के देश में ही अब फिर जाना चाहते हो?''
शशि ने कहा, ''मैं ठीक यही बात कहता हूं भारती। कहता हूं, इतनी बड़ी स्वार्थी, लोभी और नीच जाति से कुछ आशा मत करो। वह लोग किसी भी दिन आपकी कोई सहायता नहीं कर सकते।''
डॉक्टर ने हंसते हुए कहा, ''कमर में रस्सी बांधने की घटना भी शशि भूल नहीं सका। न इस जीवन में वह जापानियों को ही क्षमा कर सका। लेकिन इतना ही उनका सब कुछ नहीं है भारती। इतनी आश्चर्यजनक जाति भी संसार में और कोई नहीं है। केवल आज की बात नहीं है। प्रथम दृष्टि में ही जिस जाति ने यह कानून बना दिया कि जब तक सूर्य-चंद्र रहेंगे। उस राज्य में ईसाइयों का प्रवेश नहीं होगा। और अगर प्रवेश करें तो उन्हें कठोर दंड दिया जाए। ऐसी जाति भले ही कुछ भी क्यों न करे हमारे लिए अभिनंदनीय है।''
कहने वाले की दोनों आंखें पलभर में प्रदीप्त दीपशिखा की भांति दमक उठीं। उस वज्र जैसी कठोर-भयंकर दृष्टि के सामने शशि उद्भ्रांत-सा हो उठा। भयभीत होकर बार-बार सिर हिलाते हुए बोला, ''यह तो ठीक है। बिल्कुल ठीक है।''
भारती के मुंह से एक भी शब्द नहीं निकला। उसका हृदय इस अभूतपूर्व आवेग से थर-थर कांप उठा। उसे लगा कि इस गहरी आधी रात में आसन्न विदाई से ठीक पहले पलभर के लिए उसने उस मनुष्य का स्वरूप देख लिया।
डॉक्टर ने अपनी छाती की ओर उंगली दिखाकर कहा, ''तुम क्या कह रही थी भारती कि इस जीवन का मूल्य समझने योग्य बुध्दि भगवान ने मुझे नहीं दी है? झूठ है। सुनोगी पूरा सारा इतिहास? केंटन के एक गुप्त सभा में सान्याल सेन ने मुझसे कहा था....।''
सहसा भारती भयभीत होकर बोल उठी, ''लगता है कुछ लोग सीढ़ी से ऊपर चढ़ रहे हैं।''
डॉक्टर ने धीरे से पिस्तौल जेब से निकालकर कहा, ''इस अंधकार में मुझे बांध पाने वाला आदमी इस संसार में नहीं है।''
शशि ने कहा, ''आज नवतारा आदि आने वाली थी, शायद....।''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''शायद वह ही है। बहुत हलके कदम हैं। लेकिन उनके साथ 'आदि' कौन लोग हैं?
शशि ने कहा, आपको मालूम नहीं? हम लोगों की प्रेसीडेंट साहिबा आ रही हैं। शायद....।''
भारती ने विस्मित होकर पूछा, ''कौन प्रेसीडेंट? सुमित्रा जीजी?''
शशि ने सिर हिलाकर कहा, ''हां।''
यह कहकर वह तेजी से कदम बढ़ाकर द्वार खोलने लगा।
भारती डॉक्टर के मुंह की ओर ताकती रही। उसके मन में यह बात आ गई कि वह अपने यहां आने का कारण समझ चुकी है। आज की रात बेकार नहीं जाएगी। सम्भावित विघ्न-बाधाओं के बीच पथ के दावेदारों की अंतिम मीमांसा आज होनी आवश्यक है। हो सकता है-अय्यर हो, तलवलकर हो। और कौन जाने निरापद समझकर ब्रजेन्द्र ने ही शहर छोड़कर इस जंगल में आश्रय लिया हो। डॉक्टर ने अपने स्वभाव और नियम के अनुसार पिस्तौल छिपाया नहीं। उसे बाएं हाथ में उसी तरह पकडे रहे। उनके शांत चेहरे से कोई भी बात जानी नहीं जा सकी। लेकिन भारती का चेहरा एकदम पीला पड़ गया था।
﻿
जिन-जिन लोगों ने कमरे में प्रवेश किया वह सभी अच्छी तरह जाने-पहचाने लोग थे।
डॉक्टर ने कहा, ''आओ।'' लेकिन उनके चेहरे का भाव देखते ही भारती समझ गई, कम-से-कम आज वह इसके लिए तैयार नहीं थे।
सुमित्रा के आने के बारे में उन्हें पता था। लेकिन सभी लोग उनके पीछे-पीछे चलते हुए इस पार आ इकट्ठे हुए हैं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। किसी भी तरह की कोई आकस्मिक घटना नहीं हुई है इसलिए उनकी जानकारी के बिना ही किसी तरह का गहन परामर्श हो चुका है। इसमें संदेह नहीं है। आगंतुक लोग आकर चुपचाप फर्श पर बैठ गए। किसी के आचरण से रत्ती भर भी आश्चर्य या उत्तेजना प्रकट नहीं हुई। यह बात स्पष्ट रूप से समझ में आ गई कि डॉक्टर के संबंध में भले न हो लेकिन डॉक्टर के आने के संबंध में वह पहले ही जान गए थे। अपूर्व के मामले को लेकर दल में इस प्रकार मतभेद पैदा हो जाएगा यह आशंका भारती के मन में थी। शायद आज ही इसका निश्चित निर्णय हो जाएगा। यह सोचकर भारती के हृदय में कंपकंपी होने लगी।
सुमित्रा के चेहरे पर उदासी थी। उसने भारती से कोई बात नहीं की। उसकी ओर अच्छी तरह देखा तक नहीं। ब्रजेन्द्र ने अपनी गेरुआ पगड़ी उतारकर अपनी मोटी लाठी से दबाकर पास रख ली और अपनी विशाल शरीर को काठ की दीवार से टिकाकर आराम से बैठ गया। उसकी गोलाकार आंखों की हिंस्र दृष्टि कभी भारती और कभी डॉक्टर के चेहरे पर चक्कर काटने लगी। रामदास तलवलकर चुप था। बैरिस्टर कृष्ण अय्यर सिगरेट जलाकर पीने लगा और नवतारा सबसे दूर इस तरह जा बैठी जैसे उसका किसी के साथ कोई संबंध ही न हो। आज वह भारती को पहचान भी न सकी हो। किसी के चेहरे पर मुस्कराहट तक का नाम नहीं था।
कुछ देर बाद ब्रजेन्द्र अपनी कर्कश आवाज से सबको चकित करता हुआ बोल उठा, ''आपके स्वेच्छाचार की हम लोग निंदा करते हैं डॉक्टर! अगर मैं अपूर्व को कभी पा गया तो....!''
डॉक्टर ने वाक्य पूरा करते हुए कहा, ''उसकी जान ले लोगे।'' यह कहकर उन्होंने सुमित्रा से पूछा, ''क्या तुम सभी लोग इस आदमी की बात का समर्थन करते हो?''
सुमित्रा सिर झुकाकर बैठी रही। अन्य किसी ने भी इस प्रश्न का उत्तर नहीं दिया।
कुछ पल चुप रहकर डॉक्टर बोले, ''मालूम होता है कि तुम लोग समर्थन करते हो। और इस बीच इस विषय पर तुम लोगों में विचार-विमर्श भी हो चुका है।''
ब्रजेन्द्र बोला, ''हां, हो चुका है। और इसका प्रतिकार होना भी हम लोग आवश्यक समझते हैं।''
डॉक्टर बोले, ''मैं भी यही समझता हूं। लेकिन इससे पहले एक आवश्यक बात याद दिलाना चाहता हूं। सम्भव है अत्यंत क्रोधावेश में होने के कारण तुम लोगों को यह बात याद न रही हो। अहमद दुर्रानी हम लोगों के समूचे उत्तरी चीन का सेक्रेटरी था। उस जैसा निर्भीक और कार्य-कुशल आदमी हम लोगों के दल में कोई नहीं था। सन् 1910 ईस्वी में जापान द्वारा कोरिया राज्य को हड़प लेने के एक महीने बाद वह किसी रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया। उसे शंघाई में फांसी दी गई। सुमित्रा तुमने दुर्रानी को देखा था?''
सुमित्रा ने कहा, ''हां।''
डॉक्टर ने कहा, ''तब मैं छिता से टूटे हुए दल के पूर्ण गठन में व्यस्त था। मुझे इस बात की खबर तक नहीं मिली कि मेरा एक हाथ टूट गया है। जिस समय अदालत में उसके विरुध्द विचार का तमाशा हो रहा था, उस समय उसे बचा लेना तनिक भी कठिन नहीं था। हम लोगों के अधिकांश आदमी उन दिनों वहीं रह रहे थे। फिर भी इतनी बड़ी दुर्घटना कैसे हो गई, जानते हो? फैजाबाद के मथुरा दुबे ने बार-बार अत्यंत तुच्छ अविचार कुविचार की शिकायतें कर-करके दल के लोगों के मन को एकदम विषैला बना दिया था। दुर्रानी की मृत्यु से जैसे सभी की जान बच गई। मेरे लौट आने के बाद जब केंटन की मीटिंग में सारी बातें प्रकट हुईं तब दुर्रानी इस लोक में नहीं था। मथुरा दुबे भी टाइफाइड ज्वर से मर चुका था। प्रतिकार के लिए कुछ भी शेष नहीं रह गया था। लेकिन भविष्य के भय से उस रात की गुप्त सभा में दो अत्यंत कठोर कानून पास किए गए थे। कृष्ण अय्यर तुम तो वहां मौजूद थे, बताओ।''
कृष्ण अय्यर का चेहरा सूख गया। वह बोला, ''आप जो इशारा कर रहे हैं, मैं उसे समझ नहीं पा रहा डॉक्टर।''
डॉक्टर ने रत्ती भर भी हिचके बिना कहा, ''सुनो ब्रजेन्द्र, एक कानून था कि मेरे पीछे किसी काम की आलोचना नहीं हो सकती?''
ब्रजेन्द्र व्यंग्य से बोला, ''आलोचना नहीं की जा सकती?''
डॉक्टर बोले, ''नहीं, पीछे नहीं की जा सकती। लेकिन की जाती है, मैं यह जानता हूं। इसका कारण यह है कि उस दिन केंटन की सभा में जो लोग मौजूद थे वह दुर्रानी की मृत्यु से जितने उद्विग्न हो उठे थे मैं नहीं हुआ था। इसलिए यह काम होता चला आ रहा है और मैं भी अनदेखा करता चला आ रहा हूं। लेकिन यह भीषण अपराध है।''
ब्रजेन्द्र उपेक्षा भरे स्वर में बोला, ''उसे भी कह डालिए।''
डॉक्टर बोले, ''मेरे विरुध्द विद्रोह की भावना पैदा करना अत्यंत भयंकर अपराध है। दुर्रानी की मृत्यु के बाद मुझे सावधान हो जाना चाहिए था।''
ब्रजेन्द्र कठोर हो उठा, ''सावधन होने की जरूरत दूसरों के लिए भी वैसी ही हो सकती है। यह जरूरत आपके लिए सर्वाधिकार के रूप में नहीं है।'' यह कहकर उसने सबकी ओर देखा। लेकिन सब मौन बैठे रहे। किसी ने कोई उत्तर नहीं दिया।
काफी देर बाद डॉक्टर ने धीरे-धीरे कहा, ''इसकी सजा है-भयानक दंड। सोचा था, जाने से पहले और कुछ करूंगा। लेकिन ब्रजेन्द्र, तुम्हें सब्र नहीं हुआ। दूसरों के प्राण लेने के लिए तुम हमेशा तैयार रहते हो, लेकिन अपने ऊपर आ पड़ने पर कैसा लगता है, जानते हो?''
ब्रजेन्द्र का मुंह काला पड़ गया। जल्दी से स्वयं को संभाल कर बड़े घमंड से बोला, ''मैं एनार्किस्ट हूं। रिव्योल्यूशनरी हूं। प्राण मेरे लिए कुछ नहीं हैं। ले भी सकता हूं और दे भी सकता हूं।''
डॉक्टर ने शांत स्वर में कहा, ''तब तो आज रात को देने ही पड़ेंगे, लेकिन बेल्ट निकाल पाने का समय नहीं मिलेगा। ब्रजेन्द्र मेरी आंख है। तुमको मैं पहचानता हूं।'' यह कहकर उन्होंने फौरन पिस्तौल वाला हाथ उठा लिया। भारती ने व्याकुल होकर उनके उस हाथ को दबाए रखने की चेष्टा की लेकिन दूसरे हाथ से हटाते हुए बोले, ''छि:।''
पलभर में कमरे में जैसे वज्रपात हो गया।
सुमित्रा के होंठ कांपने लगे। बोली, ''अपने ही भीतर यह सब क्या हो रहा है, बताइए तो।''
तलवलकर अब तक चुप था। उसने धीरे से पूछा, ''आपके दल के सभी नियम मुझे मालूम नहीं हैं आपसे मतभेद होने का दंड क्या मृत्यु है? अपूर्व बाबू बच गए हैं। इससे मुझे प्रसन्नता ही हुई है। लेकिन इसमें अन्याय कम नहीं हुआ है यह सत्य कहने के लिए मैं बाधय हूं।''
कृष्ण अय्यर ने सिर हिलाकर सम्मति दे दी। ब्रजेन्द्र की आवाज में अब उपहासपूर्ण श्रध्दा नहीं थी। अन्य लोगों की सहानुभूति से शक्ति पाकर बोला, ''एक आदमी के प्राण जाने अगर जरूरी हैं तो फिर मेरे ही चले जाएं। मैं तैयार हूं।''
सुमित्रा ने कहा, ''ट्रेटर के बदले अगर जाने-पहचाने कामरेड के खून की ही जरूरत है तो मैं भी दे सकती हूं डॉक्टर।''
डॉक्टर चुपचाप बैठे रहे। सुमित्रा की बात का उत्तर नहीं दिया।
दो मिनट के बाद मन-ही-मन मुस्कराकर बोले, ''यह सब बातें बहुत ही पुराने समय की हैं। उस समय तुम लोग थे ही कहां? इस जाने-पहचाने कामरेड को मैं ही उसी समय से जानता हूं। जाने दो इस बात को। टोकियो के एक होटल में एक दिन सान्याल सेन ने कहा था, ''निराशा सहने की शक्ति जिसमें जितनी कम हो उसे चाहिए कि वह रास्ते से उतनी ही दूर हटकर चले। इसलिए मैं सह लूंगा। लेकिन ब्रजेन्द्र मैंने तुम्हें झूठमूठ भय नहीं दिखाया है। मुझे दूसरी जगह जाना पड़ रहा है। डिसिप्लिन टूट जाने से मेरा काम नहीं चलेगा। अगर सुमित्रा तुम्हारे दल में शामिल हो रही है तो-आई विश यू गुडलक। लेकिन तुम मेरा रास्ता छोड़ दो। सुखाया में एक बार अटेम्पड कर चुके हैं। परसों फिर किया, लेकिन इसके बाद नहीं....।''
सुमित्रा ने उद्वेग से चौंककर पूछा, ''इन सब बातों का अर्थ क्या अटेम्पड करना होता है।''
डॉक्टर ने इस प्रश्न को अपने कानों तक नहीं पहुंचने दिया। कृष्ण अय्यर ने सिर नीचा कर लिया, लेकिन उत्तर नहीं दिया। डॉक्टर ने जेब से घड़ी निकालकर देखी। फिर भारती का हाथ पकड़कर बोले, ''चलो, तुमको डेरे पर पहुंचाकर मैं चला जाऊं। उठो।''
भारती सपने में डूबी-सी बैठी थी। इशारा पाते ही चुपचाप उठ खड़ी हुई। उसे अपने आगे करके डॉक्टर कमरे से बाहर निकल गए। दरवाजे पर से सबको सम्बोधित करके बोले, ''गुडनाइट।''
इस विदाई-शिष्टाचार का किसी ने उत्तर नहीं दिया। सभी अभिभूत से स्तब्ध बैठे रहें।
भारती के नीचे उतर जाने के बाद जब डॉक्टर ऊपर की ओर नजर रखकर धीरे-धीरे उतर रहे थे तभी सहसा शशि दरवाजे में से मुंह निकालकर बोला, ''लेकिन मुझे तो आपसे बहुत जरूरी काम है डॉक्टर।''यह कहकर नीचे उतर उनके पास आ खड़ा हुआ और सांस रोककर बोला, ''मेरी गणना तो मनुष्यों में की ही नहीं जाती डॉक्टर। आपके किसी काम आने की शक्ति मुझ में नहीं है लेकिन आपका ऋण जीवन पर्यन्त नहीं भूलूंगा।''
डॉक्टर ने स्नेहपूर्वक उसका हाथ खींचते हुए कहा, ''कौन कहता है कि तुम मनुष्य नहीं हो? तुम कवि हो, गुणी हो, अनेक मनुष्यों से बड़े हो।''
''आप कहीं भी क्यों न रहें, मेरे पास जो कुछ है सब आपका है, इस बात को मत भूल जाइएगा।''
भारती ने उत्सुक होकर पूछा, ''क्या बात है भैया?''
डॉक्टर ने हंसते हुए कहा, ''दुर्दिन में तो इन्हें चिंता नहीं थी लेकिन अचानक अच्छे दिन आते ही उन्हें चिंता हो गई है कि कहीं ऐसा न हो कि इन्हें कृतज्ञता का ऋण याद ही न रहे। इसलिए कह रहे हैं कि जो कुछ इनके पास है सब मेरा है।''
भारती बोली, ''ऐसी बात है शशि बाबू?''
शशि कुछ नहीं बोला।
डॉक्टर ने कहा, ''याद रहेगा शशि, याद रहेगा। यह वस्तु संसार में इतनी सुलभ नहीं है कि कोई भूल जाए।''
शशि ने कहा, ''आप कब जाइएगा?''
डॉक्टर बोले, ''तुम तो उम्र में मुझसे छोटे हो। इसलिए आशीर्वाद देकर जा रहा हूं कि तुम सुखी रहो।''
शशि ने कहा, ''क्या अगले शनिवार तक नहीं ठहर सकते?''
भारती बोली, ''शनिवार को इनका विवाह होगा।''
डॉक्टर कुछ नहीं बोले। सामने ही कीचड़ में पड़ी टेढ़ी नाव पर यत्नपूर्वक भारती को चढ़ाकर स्वयं भी चढ़ गए।
शशि ने कहा, ''शनिवार तक आपको रुकना होगा। जीवन में अनेक भीखें दी हैं। यह भी दीजिए। भारती, आपको भी उस दिन आना होगा।''
भारती चुप रही। डॉक्टर ने कहा, ''यह नहीं आएगी शशि। अगर रुका रहा तो आऊंगा और तुम लोगों को आशीर्वाद दे जाऊंगा। मैं वचन देता हूं। अगर न आऊं तो समझ लेना कि सव्यसाची के लिए आना असम्भव था। लेकिन जहां भी रहूं प्रार्थना करूंगा कि तुम्हारा शेष जीवन सुख से बीते।'' यह कहकर नाव चला दी।
भारती बोली, ''आज अकेली होती तो इतना रोती कि नदी का जल बढ़ जाता। भैया, भविष्य में सभी को सुखी होने का अधिकार है। नहीं है केवल तुम को। शशि बाबू इतना अशोभनीय काम करने जा रहे हैं उन्हें भी जी खोलकर आशीर्वाद दे आए। लेकिन इस संसार में तुम्हें आशीर्वाद देने वाला कोई नहीं है। तुम गुरुजन हो, चाहे जो भी हो। लेकिन आज तुम्हें मैं आशीर्वाद दूंगी कि तुम्हारा भविष्य सुखमय हो।''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''छोटों का आशीर्वाद नहीं फलता। उसका फल उलटा होता है।''
भारती बोली, ''झूठ है। मैं छोटी नहीं हूं। एक दूसरी दृष्टि से तुमसे बड़ी हूं। जाने से पहले तुम सुमित्रा जीजी के साथ हमेशा के लिए संबंध तोड़ देना चाहते हो। यह मैं नहीं होने दूंगी। तुम कहोगे कि मैं सुमित्रा को प्यार नहीं करता। लेकिन तुम पुरुषों के प्यार का मूल्य ही कितना है भैया? जो आज है, वह कल नहीं रहता। अपूर्व बाबू भी तो मुझे प्यार नहीं कर सके। लेकिन मैं कर सकी हूं। मेरा कर सकना ही सब कुछ है। ततैये में मधु इकट्ठा करने की शक्ति नहीं तो इसके लिए किससे झगड़ा करने जाऊं। लेकिन आज मैं तुमसे कहे देती हूं भैया कि इस संसार को नचाने वाले प्रभु कोई भी हों, नारी हृदय के प्रेम का मूल्य चुकाने के लिए उन्हें अपूर्व बाबू को लेकर मेरे हाथों सौंप देना ही पड़ेगा।'' कुछ उत्तर पाने की आशा में भारती पलभर स्तब्ध रहकर बोली, ''भैया, तुम मन-ही-मन हंस रहे हो?''
''कहां? नहीं तो।''
''जरूर। नहीं तो तुमने उत्तर क्यों नहीं दिया?''
डॉक्टर हंस पड़े। बोले, ''उत्तर देने के लिए कुछ था ही नहीं भारती, तुम्हारे संसार को नचाने वाले प्रभु को भी अगर इस जबर्दस्ती को मानकर चलना पड़ता तो तुम्हारी सुमित्रा जीजी की क्या हालत होती, जानती हो?-ब्रजेन्द्र के हाथों में स्वयं को हर प्रकार से सौंप देने पर ही जान बचती।''
भारती चकित नहीं हुई। आज की घटना के बाद से यही संदेह उसके मन में बढ़ता जा रहा था। उसने पूछा, 'ब्रजेन्द्र क्या उनको तुमसे भी अधिक प्यार करते हैं?''
डॉक्टर बोले, ''बताना कुछ कठिन है। यह अगर शुध्द आकर्षण ही हो, मानव समाज में इसकी तुलना नहीं मिल सकती। लाज नहीं, शर्म नहीं, सम्भ्रम नहीं। हित-अहित का ज्ञान लुप्त। पशुवत् उन्मत्त आवेग, जो आंखों से नहीं दीखता, वह उसके मन का परिचय पा ही नहीं सकता। भारती, अगर तुम्हारे भैया के पास यह दोनों हाथ जैसी चीज न होती तो सुमित्रा के लिए आत्महत्या के अतिरिक्त दूसरा कोई मार्ग ही नहीं था। संसार को नचाने वाले तुम्हारे प्रभु भी इतने दिनों इन लोगों की इज्जत किए बिना नहीं रह सके हैं।'' यह कहकर वह भारती के झुके हुए सिर पर अपने दोनों हाथ रखकर धीरे-धीरे थपकियां देने लगे।
भारती बोली, ''भैया, इतना जानते हुए भी तुम इसी परिस्थिति में सुमित्रा को छोड़कर चले जाना चाहते हो? तुम इतने निष्ठुर हो सकते हो, मैं सोच भी नहीं सकती।''
डॉक्टर बोले, ''हां, सच ही मैंने यही चाहा था। इस बीच अगर पुलिस उसे जेल न भेज देगी तो लौट आने पर किसी दिन मुझे यह काम पूरा करना पड़ेगा।''
भारती के हृदय को गहरा आघात लगा। डॉक्टर समझ गए लेकिन कुछ भी न कहकर उस पार जाने के लिए दोनों पतवारें खींचकर नाव खेने लगे।
बहुत देर बाद भारती ने पूछा, ''अच्छा भैया, यदि मैं तुम्हारी सुमित्रा होती तो क्या तुम मुझे भी इसी तरह छोड़कर चले जाते?''
डॉक्टर हंसने लगे। बोले, ''लेकिन तुम तो सुमित्रा नहीं हो। तुम भारती हो। इसलिए तुम्हें छोड़कर नहीं जाऊंगा। काम के लिए नियुक्त करके जाऊंगा।''
भारती ने व्यग्र होकर कहा, ''मुझे बचाओ भैया, तुम लोगों की खून-खराबी में अब मैं शामिल नहीं हूं। तुम्हारी गुप्त समिति का काम अब मुझसे नहीं होगा।''
डॉक्टर ने कहा, ''इसका अर्थ तो यही है कि तुम भी इन लोगों की तरह मुझे छोड़कर जाना चाहती हो।''
यह सुनकर भारती क्षोभ से व्याकुल हो उठी। बोली, ''इतनी बड़ी अन्यायपूर्ण बात तुम मुझसे कह सकते हो भैया। तुम जो इच्छा हो कह सकते हो। लेकिन मैं अपनी ही इच्छा से तुम्हें छोड़कर चली गई, यह बात याद आने पर एक दिन भी जीवित रह सकती हूं, ऐसा तुम्हारा खयाल है? मैं तुम्हारा ही काम करती रहूंगी जब तक कि तुम अपनी इच्छा से मुझे छुट्टी न दोगे।'' थोड़ी देर रुककर बोली, ''लेकिन मैं जानती हूं कि मनुष्य की हत्या करते हुए घूमते रहना ही तुम्हारा वास्तविक काम नहीं है। तुम्हारा वास्तविक काम है मनुष्य को मनुष्य की तरह जीवित रखना। मैं तुम्हारे इसी काम में लगी रहूंगी और मैं यही सोचकर तुम लोगों की बीच आई थी।''
डॉक्टर ने पूछा, ''यह मेरा कौन-सा काम है?''
भारती बोली, ''पथ के दावेदारों को गुप्त समिति के रूप में परिणत करने की जरूरत नहीं है। कारखाने के मजदूर-मिस्त्रियों की हालत मैं अपनी आंखों से देख आई हूं। उनके पास कुशिक्षा और उनकी जानवरों जैसी हालत-अगर समूचे जीवन में उनका रत्ती भर भी प्रतिकार कर सकूं तो इससे बढ़कर मेरे जीवन की सार्थकता और क्या हो सकती है? सच बताओ भैया, यह क्या तुम्हारा काम नहीं है।''
डॉक्टर बोले, ''यह काम तुम्हारा नहीं है भारती। तुम्हारे लिए दूसरा काम है। यह काम सुमित्रा का है। मैंने इस काम का सारा भार उसी पर छोड़ रखा है।''
भारती चुप रही।
डॉक्टर ने उसी तरह शांत और मृदु स्वर में कहा, ''तुमसे कह देना ही उचित है भारती। कुछ थोड़े से कुली-मजदूरों की भलाई के लिए ही मैंने 'पथ के दावेदार' की स्थापना नहीं की है। इसका लक्ष्य बहुत बड़ा है। उस लक्ष्य के लिए, हो सकता है किसी दिन इन्हीं लोगों को भेड़-बकरियों की तरह बलि चढ़ा देना पड़े-तुम उसमें मत रहना बहिन। तुम इसे न कर सकोगी।''
भारती चौंककर बोली, ''यह तुम क्या कह रहे हो भैया? क्या मनुष्यों की बलि चढ़ाओगे?''
डॉक्टर ने कहा, ''मनुष्य हैं कहां? जानवर ही तो हैं।''
भारती बोली, ''मनुष्य के संबंध में तुम मजाक में भी ऐसी बात मुंह से मत निकालना, कहे देती हूं। झूठ-मूठ डराने की कोशिश मत करो।''
डॉक्टर बोले, ''नहीं भारती, झूठ-मूठ नहीं। सचमुच डराने की कोशिश कर रहा हूं जिससे मेरे चले जाने के बाद तुम कुली-मजदूरों की भलाई के चक्कर में न पड़ो। इस तरीके से इनकी भलाई नहीं की जा सकती। इनकी भलाई की जा सकती है केवल क्रांति के द्वारा। इसी मार्ग पर चलने के लिए मैंने पथ के दावेदार की रचना की है। क्रांति शांति नहीं है। उसे हमेशा हिंसा के बीच से ही कदम रखकर चलना पड़ता है। यही उसका वरदान है और यही अभिशाप! एक बार यूरोप की ओर ध्यान से देखो। हंगरी में ऐसा ही हुआ है। कुली-मजदूरों के खून से उस दिन नगर के सभी राजपथ रक्तिम हो उठे थे। जापान में तो अभी उसी दिन की बात है-उस देश में भी मजदूरों के दु:ख का इतिहास बिंदु बराबर भी इससे भिन्न नहीं है। मनुष्य के चलने का मार्ग बिना उपद्रव नहीं बनता भारती।''
भारती सिहरकर बोली, ''यह मैं नहीं जानती। लेकिन उन सब भयानक उपद्रवों को क्या तुम इस देश में भी खींच लाओगे? कारखानों के रास्ते में क्या मजदूरों के रक्त की नदी बहा देना चाहते हो?''
डॉक्टर ने सहज भाव से कहा, ''अवश्य चाहता हूं महामानव के मुक्ति सागर में मानवीय रक्त धारा तरंगित होकर दौड़ती जाएगी, यही मेरा स्वप्न है। इतने दिनों का पर्वत जैसा विशाल पाप धुलेगा किस चीज से? और इस धुलाई के काम में अगर तुम्हारे भैया के दो बूंद रक्त की भी आवश्यकता पड़ेगी तो मैं हंसकर बहाऊंगा।''
भारती बोले, ''इतना तो मैं आपको पहचानती हूं भैया। लेकिन क्या देश में अशांति फैला देने के लिए ही तुम जाल बिछाकर बैठे हो? इससे बड़ा आदर्श क्या आपके पास नहीं है?''
डॉक्टर बोले, ''आज तक तो मिला नहीं बहिन, बहुत घूम चुका, पढ़ चुका और विचार कर चुका। लेकिन भारती, अशांति उत्पन्न करने का अर्थ अकल्याण उत्पन्न करना नहीं है। शांति, शांति सुनते-सुनते कान बहरे हो गए हैं। इस असत्य का प्रचार किन लोगों ने किया, जानती हो? दूसरों की शांति का हरण करके जो प्रासादों में बैठे हैं, वह ही इसके प्रवर्तक हैं। वंचित, पीड़ित नर-नारियों को लगातार यह मंत्र सुनाकर उन लोगों को ऐसा बना दिया है कि वे अशांति के नाम से ही चौंक उठते हैं और सोचने लगते हैं कि शायद यह पाप है, अमंगल है। बंधी हुई गाय खड़ी-खड़ी मर ही जाती है, लेकिन पुरानी रस्सी को तोड़कर मालिक की शांति भंग नहीं करती, इसीलिए तो आज दरिद्रों के चलने का मार्ग एकदम बंद हो गया है। फिर भी उन्हीं लोगों की अट्टालिकाओं तथा प्रासादों को तोड़ने के काम में हम लोग भी उन्हीं लोगों के साथ मिलकर, अशांति कहकर रोने लगेंगे तो रास्ता कहां मिलेगा? यह नहीं हो सकता भारती। यह संस्था कितनी प्राचीन, कितनी पवित्र, कितनी ही सनातन हो, मनुष्य से बड़ी नहीं है। आज उन सब को हमें तोड़ चलना होगा।''
भारती सांस रोककर बोली, ''इसके बाद?''
डॉक्टर बोले, ''इसके बाद-वह फिर मजदूरों के दल में जाकर उन्हीं हत्यारों के द्वार पर हाथ फैलाते हैं, उन्हें उसकी दया भी मिलती है।''
''इसके बाद?''
''इसके बाद फिर एक दिन वह लोग दल-बध्द होकर पुराने अत्याचारों के प्रतिकार की आशा से हड़ताल कर बैठते हैं। तब फिर वही पुरानी कहानी दोहराई जाने लगती है।''
पलभर को भारती का मन फिर निराशा से भर गया। धीरे-धीरे बोली, ''तब ऐसी हड़ताल से क्या लाभ है भैया?''
डॉक्टर की आंखों की दृष्टि अंधेरे में चमक उठी। बोले, ''लाभ? यही तो सबसे बड़ा लाभ है भारती। यही तो तुम्हारी क्रांति का राजपथ है। वस्त्रहीन, अन्नहीन, ज्ञानहीन दरिद्रों की पराजय ही सत्य हुई। उनके समूचे हृदय में जो विष भरकर उफन उठता है, जगत में वह शक्ति क्या सत्य नहीं है? वही तो मेरा मूलधन है। कहीं भी, किसी भी देश में केवल क्रांति के लिए ही क्रांति नहीं की जा सकती भारती। उसके लिए कोई-न-कोई आधार अवश्य चाहिए। यही तो मेरा आधार है। जो मूर्ख इस बात को नहीं जानता केवल मजदूरी की कमी-बेशी के लिए हड़ताल कराना चाहता है, वह उन लोगों का भी सर्वनाश करता है और देश का भी।''
भारती बोली, ''नाव शायद पीछे चली गई भैया।''
डॉक्टर बोले, ''मेरी नजर में है बहिन। कहां जाना है, भूला नही हूं।''
भारती बोली, ''मुझे इसमें से अलग क्यों कर देना चाहते हो? इतनी देर के बाद यह बात मेरी समझ में आई है। मैं बहुत कमजोर हूं-शायद उनकी तरह ही। आज भी तुम्हारा सारा भरोसा सुमित्रा जीजी पर है। लेकिन यह बात मैं किसी भी तरह नहीं मानूंगी कि इसके अतिरिक्त और कोई मार्ग नहीं, मनुष्य की सारी खोज समाप्त हो चुकी है। एक के मंगल के लिए दूसरे का अमंगल करना ही होगा। इसे मैं किसी भी तरह नहीं मान सकती। तुम्हारे कहने पर भी नहीं।''
''यह मैं जानता हूं बहिन।''
''तुम्हारा काम छोड़कर मैं किसके सहारे रहूंगी? अगर लौटकर न आए तो कैसे जीऊंगी?''
''यह भी मैं जानता हूं।''
''जानते तो तुम सब कुछ हो।.....तब?''
कुछ देर सन्नाटा रहा। फिर भारती बोली, ''क्रांति क्या है? इसकी इतनी आवश्यकता क्यों है?- तुम्हारे मुंह से जब सुनती हूं तो मेरा अन्त:करण रोने लगता है। मानव के दु:ख का इतिहास तुमने न जाने कितना देखा है। नहीं तो इस तरह तुमको किसने पागल बनाया है? अच्छा, क्या तुम मुझे अपने साथ नहीं ले जा सकते भैया?''
''तुम क्या पागल हो गई हो भारती?''
''पागल? ऐसा ही होगा। मालूम होता है मैं तुम्हारे काम में बाधक हूं। इसीलिए देश के किसी भी अच्छे काम में काम नहीं आ सकती।''
डॉक्टर बोले, ''देश में अच्छे काम करने के असंख्य मार्ग हैं भारती-लेकिन अवसर स्वयं ही खोजना पड़ता है।''
भारती बोली, ''मैं यह नहीं कर सकती। तुम ही तैयार करके दे जाओ।''
पलभर मौन रहकर डॉक्टर बोले। उनका हंसता हुआ चेहरा सहसा गम्भीर हो उठा था जिसे अंधेरे में भारती देख नहीं पाई; ''देश में छोटी-बड़ी अनेक ऐसी संस्थाएं हैं जो देश के लिए अनेक अच्छे काम करती हैं। पीड़ितों की सेवा, रोगियों के लिए दवा जुटाना, उन्हें सांत्वना देना, बाढ़-पीड़ितों की सहायता-यह ही तुम्हें मार्ग दिखा देंगी भारती। लेकिन मैं तो क्रांतिकारी हूं। मुझमें मोह नहीं, दया नहीं, स्नेह नहीं, पाप-पुण्य मेरे लिए मिथ्या परिहास हैं। यह सब अच्छे काम लड़कों के खेल सरीखे हैं। भारत की स्वाधीनता ही मेरा एकमात्र लक्ष्य है, मेरा एकमात्र साधन है। मेरे लिए यही अच्छा है और यही बुरा भी है। इसके अतिरिक्त मेरे जीवन में मेरे लिए कहीं भी कुछ नहीं है। अब मुझे मत खींचो भारती।''

आज शशि और नवतारा का विवाह है। शशि की सविनय प्रार्थना थी कि रात को डॉक्टर भारती को साथ लेकर आ जाएं और उन लोगों को आशीर्वाद दे जाएं। भारती काले रेपर से अपने शरीर को ढंके चुपचाप कदम बढ़ाती हुई, घाट के किनारे जा खड़ी हुई। डॉक्टर नाव में उसकी प्रतीक्षा कर रहे थे।
नाव में चढ़कर भारती बोली, ''क्या-क्या बातें सोचती हुई आ रही थी, कोई ठिकाना नहीं है। मैं जानती थी कि मुझे बताए बिना तुम कभी नहीं जाओगे। फिर भी भय दूर नहीं होता। अभी दिन ही कितने बीते हैं लेकिन ऐसा लगता था जैसे कितने ही युगों से तुम्हें नहीं देखा है। भैया, मैं तुम्हारे साथ चीनियों के देश में चलूंगी। यह मैं बताए देती हूं।''
डॉक्टर ने हंसते हुए कहा, ''मैं भी बताए देता हूं कि तुम इस तरह का कोई काम करने की कोशिश कभी न करना।'' यह कहकर उन्होंने भाटे के बहाव में नाव छोड़ दी। बोले, 'इतनी दूर तक आराम से चले जाएंगे। लेकिन नदी में पहुंचकर उलटे बहाव को ठेलकर पहुंचने में बहुत देर हो जाएगी।''
भारती बोली, ''हो जाए तो क्या? कौन बड़े शुभ कार्य में भाग लेने जा रहे हो कि समय बीत जाने से हानि होगी। मेरी तो जाने की इच्छा ही नहीं थी। केवल तुम जा रहे हो, इस लिए चल रही हूं। कैसा गंदा काम हो रहा है, बताओ तो।''
पल भर मौन रहकर डॉक्टर ने कहा, ''शशि का नवतारा के साथ विवाह बहुत से लोगों के संस्कार में खटक रहा है। शायद यह देश के कानून के भी विरुध्द है, लेकिन यह दोष शशि का तो है नहीं। कानून और उसे बनाने के लिए जो लोग उत्तरदायी हैं उन्हीं का दोष है। मुझे केवल इतना ही क्षोभ है कि शशि ने किसी अन्य स्त्री को प्यार नहीं किया।''
भारती हंसकर बोली, ''मान लेती हूं कि शशि बाबू किसी दूसरी स्त्री को प्यार करते, लेकिन वह उन्हें क्यों प्यार करती? उन जैसे आदमी को जान-बूझकर कोई स्त्री प्यार कर सकती है, इस बात की तो मैं कल्पना भी नहीं कर सकती। अच्छा, तुम्हीं बताओ, क्या कोई कर सकती है?''
डॉक्टर बोले, ''उसे प्यार करना कठिन तो है ही। इसीलिए तो उसे आशीर्वाद देने के लिए मैं रुक गया। मन में विचार आया कि यदि सच्ची शुभकामना में कोई शक्ति हो तो शशि को उसका फल मिले।''
उनकी आवाज में अचानक गम्भीरता आ जाने के कारण भारती ने बहुत देर चुप रहने के बाद पूछा। ''शशि बाबू को प्यार करते हो भैया?''
''हां।''
''क्यों?''
''तुम्हें ही क्यों इतना प्यार करता हूं-क्या इसका कारण बता सकता हूं? शायद इसी तरह हो सकता है।''
भारती ने आदर से पूछा, ''अच्छा भैया, तुम्हारे लिए क्या हम दोनों एक ही समान हैं? फिर दूसरे ही पल हंसती-हुई बोली, ''फिर भी इतने दिनों में अपना मूल्य बहुत पा गई। चलो, मैं भी तुम्हारे साथ चलकर प्रसन्नता पूर्वक उन्हें आशीर्वाद ....नहीं, नहीं प्रणाम कर आऊं।''
डॉक्टर भी हंस पड़े, बोले, ''चलो।''
भारती बोली, ''भैया, जैसे समुद्र की थाह नहीं है, उसी तरह तुम्हारी भी कोई थाह नहीं है। स्नेह करो, प्यार कहो, तुम्हारे ऊपर निर्भर होकर कुछ भी दृढ़ता से खड़ा नहीं रह सकता, सभी न जाने कहां समा जाते हैं।''
''पहले जो समुद्र की थाह है। इसलिए इस संबंध में तुम्हारी यह उपमा गलत है।''
भारती बोली, ''इस विषय में शायद मैं तुमको सौ बार कह चुकी हूं कि तुम्हारे अतिरिक्त इस संसार में मेरा और कोई नहीं है। तुम्हारे चले जाने पर मैं कहां खड़ी रहूंगी? लेकिन यह बात तुम्हारे कानों तक पहुंचती ही नहीं है। और पहुंचेगी किस तरह भैया, तुम्हारे पास हृदय तो है नहीं। मैं ठीक-ठाक जानती हूं कि एक बार आंख से ओझल होते ही तुम मुझे जरूर भूल जाओगे।''
डॉक्टर बोले, ''नहीं, तुम्हारी याद हमेशा बनी रहेगी।''
भारती बोली, ''क्या भरोसा लेकर मैं रहूंगी भैया?''
''सौभाग्यवती स्त्रियां जिस भरोसे को लेकर रहती हैं। पति, बाल-बच्चे, घर-द्वार...!''
भारती क्रुध्द होकर बोली, ''मैंने अपूर्व बाबू को मुक्त हृदय से प्यार किया था-इस सत्य को तुमसे छिपाया नहीं। उनको पा जाती तो मेरा जीवन धन्य हो जाता। लेकिन इसी कारण तुम मेरा अपमान करते रहते हो, क्यों?''
''अपमान? मैंने तो अपमान नहीं किया भारती।''
आंसू भर जाने के कारण भारती रुंधे गले से बोली, ''कैसे नहीं किया? तुम जानते हो कि इस काम में कितनी बाधाएं हैं। तुम जानते हो कि वह मुझे कभी ग्रहण नहीं कर सकते। फिर भी तुम यह बातें कहते हो।''
डॉक्टर ने मुस्कराकर कहा, ''स्त्रियों में यही तो सबसे बड़ा दोष है। वह स्वयं एक दिन जो बात कह देती हैं अगर कोई दूसरा वही बात दूसरे दिन कह दे तो वह झटपट मारने दौड़ती हैं। उस दिन सुमित्रा की बात पर तुमने कहा था कि वह किसी दिन किसी को खींचकर पैरों तले ला गिरा देगी। और आज उसी बात को मैंने दोहरा दिया तो रोने लगीं।''
''नहीं, यह बातें मुझसे मत कहो।''
''अच्छा नहीं कहूंगा, लेकिन इस बार की यात्रा से यदि बचकर लौट आया तो यह बात मेरे पैरों के पास गले में आंचल बांधकर तुम्हें स्वीकार करनी पड़ेगी-भैया, मुझसे करोड़ों अपराध हुए हैं। अवश्य ही तुम हाथ देखना जानते हो। नहीं तो मेरे सौभाग्य के बारे में इतनी सच्ची बात कैसे कह सकते थे।''
भारती ने इसका उत्तर नहीं दिया।
कुछ देर चुप रहकर डॉक्टर बोले, तो लगा जैसे उनके कंठ स्वर में एक अद्भुत स्वर आ मिला हो। उन्होंने कहा, ''उस रात जब तुम सुमित्रा की बात कह रही थीं भारती, तब मैं उसका उत्तर नहीं दे पाया था। मैं इस पथ का यात्री नहीं हूं। फिर भी तुम्हारे मुंह से सुमित्रा की कहानी सुनकर मेरे रोंगटे खड़े हो गए थे। संसार में घूमकर अनेक चीजों के बारे में जानकारी प्राप्त की है लेकिन केवल नर-नारी के प्रेम तत्व के संबंध में कुछ भी नहीं जान पाया हूं। बहिन, असम्भव नामक शब्द इस संसार में शायद इन्हीं लोगों के कोश में नहीं लिखा है।''
भारती बोली, ''तुम्हारी बात सच हो भैया। वह शब्द तुम लोगों के कोश से भी मिट जाए। सुमित्रा जीजी का भाग्य एक दिन प्रसन्न हो।'' थोड़ी देर ठहरकर उसने कहा, ''मैंने बहुत सोच-विचार कर लिया है लेकिन उसमें अब मेरा अपना आनंद नहीं है। अब मैं उसकी आशा भी नहीं करती। अपूर्व बाबू को मैं सचमुच ही प्यार करती हूं। भले हों या बुरे हों-मैं अब उनको भूल नहीं सकूंगी, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि उनकी पत्नी न बन पाने पर, उनकी घर-गृहस्थी न कर पाने पर मेरा जीवन व्यर्थ हो जाएगा। मेरे लिए शोक की यह बात नहीं है भैया। मैं सच कह रही हूं कि मुझे शांत मन से आशीर्वाद देकर रास्ता दिखाते जाओ। तुम्हारी तरह मैं भी दूसरों के काम में ही अपने इस जीवन को सार्थक कर डालूंगी। भैया, अपनी इस निराश्रित बहिन को अपना साथी बना लो।''
डॉक्टर चुपचाप नाव चलाने लगे। इतने विनय भरे अनुरोध का उन्होंने उत्तर नहीं दिया।
अंधेरे के कारण भारती उनका चेहरा नहीं देख पाई, लेकिन उनके मौन से उसे आशा बंधी। इस बार उसकी आवाज में स्नेह पूर्ण निवेदन की विविड़ वेदना उभरकर ऊपर तक चली आई। बोली, ''ले चलोगे भैया, अपने साथ? तुम्हारे अतिरिक्त इस अंधकार में बूंद भर भी प्रकाश मुझे कहीं नहीं दिखाई पड़ता।''
डॉक्टर बोले, ''असम्भव है भारती। तुम्हारी बातों ने आज मुझे जोआ की याद दिला दी। तुम्हारी तरह ही उसका अमूल्य जीवन भी अकारण नष्ट हो गया था। भारत की स्वाधीनता के अतिरिक्त मेरा और कोई भी लक्ष्य नहीं है। जीवन में इससे बढ़कर और कोई कामना नहीं है-ऐसी भूल मुझसे कभी नहीं हुई है। स्वाधीनता का अंत नहीं है। धर्म, शांति, काव्य, आनंद, यह सब और भी है। इनके चरम विकास के लिए ही तो स्वाधीनता चाहिए। नहीं तो उसका मूल्य क्या है? इसके लिए मैं तुम्हारी हत्या नहीं कर सकता बहिन। तुम्हारे अंदर जो हृदय-स्नेह, प्रेम, करुणा और माधुर्य से लबालब भर उठा है कि वह मेरे प्रयोजन को पार करके बहुत ऊंचाई तक चला गया है। हाथ बढ़ाने पर भी मैं वहां तक नहीं पहुंच सकता।''
भारती का सर्वांग पुलकित होकर रोमांचित हो उठा। सव्यसाची के गम्भीर हृदय की एक अनुरूप मूर्ति मानो सहसा उसने देख ली। मुक्ति और आनंद से विगलित होकर बोली, ''मैं भी तो यही सोचती रही हूं भैया कि तुम्हारे लिए इस संसार का कौन-सा विषय अज्ञात है और अगर ऐसी बात है तो तुम इस षडयंत्र में लुप्त होकर क्यों पड़े हो? मानव का चरम कल्याण तो इनके द्वारा कभी हो ही नहीं सकता।''
डॉक्टर बोले, ''ठीक, यही बात है। लेकिन चरम कल्याण का भार हम विधाता के हाथों में ही छोड़कर क्षुद्र मानव के लिए जो सामान्य कल्याण है उसी को करने की चेष्टा करते हैं। अपने देश में स्वाधीन भाव से बात करने, स्वाधीन भाव से चलने-फिरने के अधिकार का ही हमारा दावा है। हम इससे अधिक और कुछ नहीं चाहते भारती।''
भारती बोली, ''यह तो सभी चाहते हैं भैया। लेकिन इसके लिए नर-हत्या का षडयंत्र क्यों? इसकी आवश्यकता ही क्या है?'' -लेकिन यह बात कहकर भारती लज्जित हो उठी। फिर एक पल रुककर बोली, ''मुझे क्षमा करो भैया? मैंने क्रोधावेश में यह झूठी बात कह डाली। मुझे छोड़कर तुम चले जाओगे, मैं यह सोच भी नहीं सकती।''
''यह मैं जानता हूं।''
इसके बाद बहुत देर तक फिर कोई बातचीत नहीं हुई।
उस समय कुछ दिनों स्वदेशी आंदोलन समूचे भारत में फैल चुका था। देश भर के नेतागण देश-उध्दार के उद्देश्य के कानून बनाकर जो जलते हुए भाषण देते हुए घूम रहे थे उन्हीं के सारांश अखबारों में पढ़कर भारती श्रध्दा और विस्मय से भर जाती थी। पिछली रात को ऐसी ही एक रोमांचकारी घटना अखबार में पढ़ने के बाद से आज दिन में उत्तेजना की एक तप्त हवा उसके मन में बहती रही थी। उसी को याद करके वह बोली, ''मैं जानती हूं कि अंग्रेजी राज्य में तुम्हारे लिए स्थान नहीं है, लेकिन सारा संसार ही तो उनका नहीं है। वहां जाकर तुम लोग सरल और प्रकट रूप से अपने उद्देश्यों की सिध्दि के लिए चेष्टा कर सकते हो।'' अच्छा भैया, कल के बंगला अखबार में....!''
डॉक्टर बीच में ही हंस पड़े, बोले, ''बचाओ भारती, हमसे तुलना करके उन पूज्यनीयों का अपमान मत करो।''
भारती बोली, ''तुम्हीं उन पर व्यंग्य भरी छींटाकशी कर रहे हो।''
डॉक्टर बोले, ''बिल्कुल नहीं, उन लोगों की मैं भक्ति करता हूं और उनके देशोध्दार के लिए किए गए भाषणों को हम लोगों से अधिक उपयोग भी कोई नहीं करता।''
भारती बोली, ''तुम लोगों का मार्ग भले ही एक न हो लेकिन उद्देश्य तो एक ही है।''
डॉक्टर बोले, ''अभी तक मैं सचमुच हंस रहा था लेकिन अब मैं क्रोध करूंगा भारती। रास्ता एक नहीं है, यह जानी हुई बात है। लेकिन लक्ष्य उससे भी अधिक स्पष्ट है, यह क्या तुम्हारी समझ में नहीं आया? संसार की अनेक जातियां स्वाधीन हैं। इससे बढ़कर दूसरा कोई गौरव मानव जाति के लिए नहीं है। उस स्वाधीनता का दावा करना, उसके लिए चेष्टा करना तो दूर की बात है, उसकी कामना करना, कल्पना करना भी अंग्रेजों के कानून में राजद्रोह माना गया है। मैं उसी अपराध का अपराधी हूं। चिरकाल तक पराधीन रहना ही इस देश का कानून है। इसलिए यह सब चतुर, पूज्य व्यक्ति कानून से बाहर कभी कोई दावा नहीं करते। चीन देश के मंचू राजाओं की तरह इस देश में भी अगर अंग्रेज यह कानून बना देते कि सबको ढाई हाथ लम्बी चोटी रखनी पड़ेगी। तब उस चोटी के विरुध्द भी यह लोग किसी तरह की गैर कानूनी प्रार्थना न करते। यह लोग यह कहकर आंदोलन करते कि ढाई हाथ की चोटी रखने का कानून बनाकर देश के प्रति बहुत बड़ा अन्याय किया गया है। इससे देश का सर्वनाश हो जाएगा इसलिए इसे घटाकर सवा दो हाथ कर दिया जाए।''-इतना कहकर वह अपनी रसिकता से प्रफुल्लित होकर सहसा इस तरह ठठाकर हंस पड़े कि नदी की अंधकारमय नीरवता भी विक्षुब्ध हो उठी।
हंसी रुकने पर भारती बोली, ''तुम जो कुछ भी क्यों न कहो, लेकिन यह बात मैं किसी भी तरह नहीं मान सकती कि वह भी देशवासियों के लिए अभिनंदनीय नहीं है। मैं सभी की बात नहीं कर रही हूं। लेकिन जो लोग वास्तव में राजनीतिज्ञ हैं, वास्तव में देश के शुभचिंतक हैं, उनका सारा परिश्रम ही व्यर्थ है। यह बात निस्संकोच स्वीकार कर लेना कठिन है। मत और मार्ग पृथक-पृथक होते हुए भी किसी की उपेक्षा करना शोभा नहीं देता।''
उसकी आवाज की गम्भीरता अनुभव करके डॉक्टर चुप हो गए। कुछ देर बाद धीरे से बोले, ''भारती, तुमको व्यथा पहुंचाना मेरा अभिप्राय नहीं है। उनके राजनीतिक पांडित्य पर भी मेरी भक्ति कम नहीं है। लेकिन बात क्या है? तुम्हें इसकी वास्तविक जानकारी करा देता हूं बहिन। जब कोई गृहस्थ छोटी रस्सी से गाय को बांधता है तो उस छोटी रस्सी में केवल एक ही नीति रहती है। मैं केवल इतना ही जानता हूं। बिल्कुल पहुंच के बाहर रखे गए खाद्य पदार्थ की ओर जी-जान से मुंह बढ़ाकर उसे चाटने या खाने की गाय की चेष्टा में अवैधता कुछ भी नहीं है। वह नितांत वैधानिक और कानून सम्मत है। उत्साह देने योग्य हृदय हो तो दे सकती हो राजा की ओर से मनाही नहीं है। लेकिन गाय या बैल के इस उद्यम को जो लोग बाहर से देखते हैं, उनके लिए हंसी रोक पाना कठिन हो जाता है।''
भारती हंसकार बोली, ''तुम बड़े दुष्ट हो भैया। लेकिन यह बात समझ में नहीं आती कि जिसके प्राण रात-दिन पतले धागे में लटक रहें हों वह दूसरों की बात पर हंसी-मजाक कैसे करता है?''
डॉक्टर ने स्वाभाविक स्वर में कहा, ''इसका कारण यह है कि इस समस्या पर पहले ही विचार हो चुका है भारती, जिस दिन से मैंने क्रांतिकारी कामों में भाग लिया है। अब मुझे कुछ सोचना भी नहीं है, शिकायत भी नहीं है। मैं जानता हूं कि मुझे हाथ में पाकर भी जो राजशक्ति मुझे छोड़ देती है, वह तो असमर्थ है या फिर उनके पास फांसी देने के लिए रस्सी नहीं है।''
भारती बोली, ''इसीलिए तो मैं तुम्हारे साथ रहना चाहती हूं, भैया। मेरे होते हुए तुम्हारे प्राण ले सके, ऐसी शक्ति संसार में कोई भी नहीं है। यह मैं किसी भी तरह नहीं होने दूंगी।''-कहते-कहते उसकी आवाज भारी हो उठी।
डॉक्टर को इसका पता चल गया। चुपचाप लम्बी सांस लेकर वह बोले, ''नाव पर अब ज्वार लग रहा है भारती। अब हमें पहुंचने में देर नहीं होगी।''
भारती बोली, ''हटाओ। जाने दो। मुझे कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा।''
दो मिनट के बाद उसने पूछा, ''इतनी बड़ी राजशक्ति को तुम लोग शारीरिक शक्ति से हिलाकर गिरा सकते हो-इस बात में क्या तुम सचमुच ही विश्वास करते हो भैया?''
डॉक्टर बोले, ''करता हूं और पूरे हृदय से करता हूं। इतना बड़ा विश्वास न रहता तो मेरा इतना बड़ा व्रत बहुत दिन पहले ही भंग हो गया होता।''
भारती बोली, ''लेकिन शायद धीरे-धीरे अपने कामों में से तुम मुझे निकालते जा रहे हो। ठीक है न भैया?''
डॉक्टर मुस्कराते हुए बोले, ''नहीं ऐसी बात नहीं है भारती, लेकिन विश्वास ही तो शक्ति है। विश्वास न रहने से तो संदेह के कारण तुम्हारा कर्त्तव्य कदम-कदम पर बोझ-सा हो उठेगा। संसार में तुम्हारे लिए दूसरे काम हैं बहिन। कल्याणकारी शांतिपूर्ण मार्ग हैं जिस पर तुम अपने सम्पूर्ण हृदय से विश्वास करती हो उसी काम को तुम करो।''
अगाध स्नेह के कारण ही यह व्यक्ति अपने अत्यंत संकटपूर्ण विप्लव के मार्ग से दूर हटा देना चाहता है। इसका भली-भांति अनुभव करके भारती की सजल आंखों से आंसू उमड़ पडे। छिपाकर अंधेरे में धीरे-धीरे आंसू पोंछकर बोली, ''भैया, मेरी बात सुनकर नाराज मत होना। इतनी बड़ी राज-शक्ति, कितनी बड़ी सैन्य-शक्ति, कितने उपकरण, युध्द का कितना विचित्र और भयानक आयोजन- इनके सामने तुम्हारा क्रांतिकारी दल कितना-सा है? समुद्र के सामने तुम गोबरैले से भी तो छोटे हो। उसके साथ तुम अपनी शक्ति की परीक्षा किस प्रकार करना चाहते हो? प्राण देना चाहते हो तो जाकर दे दो। लेकिन इससे बड़ा पागलपन मुझे और कोई दिखाई नहीं देता। तुम कहोगे, तब क्या देश का उध्दार नहीं होगा? प्राणों के भय से क्या अलग हटकर खड़ा हो जाऊं? लेकिन मैं यह नहीं कह रही हूं, तुम्हारे पास रहकर तुम्हारे चरित्र से मैं यह जान गई हूं-कि जननी जन्म-भूमि क्या चीज है। उसके चरणों से सर्वस्व अर्पण कर सकने से बढ़कर सार्थकता मनुष्य के लिए और नहीं हो सकती। यह बात भी अगर तुमको देखकर मैं न सीख सकी होऊं तो मुझसे बढ़कर किसी अधम नारी ने जन्म ही नहीं लिया, यह मानना पड़ेगा। लेकिन केवल आत्म-हत्या करके ही कब कौन देश स्वतंत्र हुआ है। तुम्हारी भारती किसी तरह केवल जीवित रहना चाहती है। इतनी बड़ी गलत धारणा मेरे संबंध में कभी मत रखना, भैया।''
डॉक्टर बोले, ''ऐसी ही बात है।''
''ऐसी ही बात क्या?''
''तुम्हारे संबंध में गलती तो हुई ही है,'' यह कहकर कुछ देर के लिए डॉक्टर मौन हो गए। फिर बोले, ''भारती, विप्लव का अर्थ है- अत्यंत शीघ्रता से आमूल परिवर्तन। सैन्य बल, विराट युध्द के उपकरण, यह सब मैं जानता हूं। लेकिन शक्ति-परीक्षा तो हम लोगों का लक्ष्य नहीं है। आज जो लोग हमारे शत्रु हैं कल वह ही लोग मित्र भी हो सकते हैं। नीलकांत शक्ति परीक्षण के लिए नहीं गया था, उसने मित्र बनाने के लिए प्राण दिए थे। हाय रे नीलकांत! आज कोई उसका नाम तक नहीं जानता।''
अंधकार के बीच भी भारती ने स्पष्ट रूप से समझ लिया कि देश के बाहर, देश के काम में जिस लड़के ने लोगों की नजरों से बचकर चुपचाप प्राण दे दिए उसे याद करके इस निर्विकार अत्यधिक-संयत व्यक्ति का गम्भीर हृदय पल भर के लिए आलोड़ित हो उठा है। अचानक वह सीधे होकर बैठ गए। बोले, ''क्या कह रही थी भारती, गोबरैला? ऐसा ही हो शायद। लेकिन आग की जो चिनगारी गांव-नगर जलाकर भस्म कर देती है वह आकार में कितनी बड़ी होती है? जानती हो? शहर जब जलता है तब वह अपना ईंधन आप ही इकट्ठा करके भस्म होता रहता है। उसके राख होने की सामग्री उसी के अंदर संचित रहती है। विश्व-विध्न के इस नियम का कोई भी राज-शक्ति कभी भी व्यतिक्रम नहीं कर सकती।''
भारती बोली, ''भैया तुम्हारी बात सुनने से शरीर कांपने लगता है। जिस राज-शक्ति को तुम जला देना चाहते हो, उसका ईंधन तो हमारे देश के लोग हैं। इतने बड़े लंका कांड की कल्पना करते हुए क्या तुम्हारे मन में करुणा नहीं जागती?''
डॉक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा, ''नहीं। प्रायश्चित शब्द क्या केवल मुंह से कहने के लिए ही है? हमारे पूर्वज-पितामहों के युगों से संचित किए गए पापों को अपरिमेय स्तूप कैसे समाप्त होगा-बता सकती हो? करुणा की अपेक्षा न्याय-धर्म बहुत बड़ी चीज है भारती।''
भारती बोली, ''यहां तुम्हारी पुरानी बात है भैया। भारत की स्वतंत्रता के संबंध में रक्तपात के अतिरिक्त और कुछ जैसे तुम्हारे मन में आ ही नहीं सकता, रक्तपात का उत्तर क्या रक्तपात ही हो सकता है? और उसके उत्तर में भी तो रक्तपात के अतिरिक्त कुछ नहीं मिलता। यह प्रश्नोत्तार तो आदम काल से ही होता चला आ रहा है। तब क्या मानव सभ्यता इससे बड़ा उत्तर किसी दिन दे नहीं सकेगी? देश चला गया। लेकिन उससे भी बड़ा जो मनुष्य है वह तो आज भी मौजूद है। मनुष्य-मनुष्य के साथ आपस में लड़ाई-झगड़ा न करके क्या किसी तरह रह नहीं सकते?''
डॉक्टर बोले, ''एक अंग्रेज कवि ने कहा है कि पश्चिम और पूर्व किसी दिन भी नहीं मिल सकते।''
भारती बोली, ''मूर्ख है वह कवि। कहने दो उसे। तुम ज्ञानी हो। तुमसे मैंने अनेक बार पूछा है, आज भी पूछा रही हूं। होने दो उन्हें पश्चिम या योरोप का मनुष्य। लेकिन है तो वह मनुष्य ही? मनुष्य के साथ मनुष्य क्या किसी प्रकार भी मित्रता नहीं कर सकता। भैया, मैं ईसाई हूं। अंग्रेजों की ऋणी हूं। उनके अनेक सद्गुण मैंने देखे हैं। उन लोगों को इतना बुरा सोचने पर मेरी छाती में शूल-सा बिंध जाता है। लेकिन मुझे गलत मत समझना भैया। मैं बंगाली लड़की हूं। तुम्हारी बहिन हूं। बंगाल की मिट्टी और बंगाल के मनुष्यों को अपने प्राणों से बढ़कर प्यार करती हूं। कौन जानता है, तुमने जिस जीवन को चुन लिया है, उसे देखते हुए शायद आज ही हम लोगों की अंतिम भेंट हो। शांत मन से आज उत्तर देते जाओ जिससे उसी ओर दृष्टि रखकर जीवन भर नजर उठाकर सीधी चल सकूं,'' कहते-कहते उसका गला रुंध गया।
डॉक्टर चुपचाप नाव खेते रहे। विलम्ब देखकर भारती के मन में यह विचार आया कि शायद वह इसका उत्तर नहीं देना चाहते। उसने हाथ बढ़ाकर नदी के पानी से मुंह धो डाला। अपने आंचल से अच्छी तरह पोंछकर फिर न मालूम वह क्या प्रश्न करने जा रही थी कि डॉक्टर बोल उठे, ''एक तरह के ऐसे सांप होते हैं भारती, जो सांप खाकर ही जीते हैं। तुमने देखे हैं?''
भारती ने कहा, ''नहीं, देखे नहीं। केवल सुना है।''
डॉक्टर बोले, ''पशुशाला में हैं। एक बार कलकत्ते जाकर अपूर्व को आदेश देना, वह दिखा देगा।''
''मजाक मत करो भैया, अच्छा नहीं होगा।''
''अच्छा नहीं होगा, मैं भी यही कह रहा हूं। उनका पास-पास रहना ठीक नहीं होता, लेकिन विश्वास न हो तो चिड़िया घर के इंचार्ज से पूछ लेना।''
भारती चुप ही रही। डॉक्टर बोले, ''तुम उन लोगों के धर्म को मानती हो। उनकी ऋणी हो। उनके अनेक सद्गुण तुमने अपनी आंखों से देखे हैं। लेकिन क्या तुमने देखा है उनकी विश्व को हड़प लेने वाली विराट भूल का परिणाम?'' वह लोग इस देश के स्वामी हैं। आज ब्रिटिश सम्पत्ति की तुलना नहीं की जा सकती। कितने जहाज, कितने कल-कारखाने, कितनी हजारों-लाखों इमारतें। मनुष्यों को मार डालने के उपकरणों और आयोजनों का अंत नहीं है। अपने समस्त अभावों और हर प्रकार की आवश्यकताओं को मिटाकर भी अंग्रेजों ने सन् 1910 से लेकर सत्रह वर्षों तक बाहरी देशों को ऋण दिया था-तीन हजार करोड़ रुपए। जानती हो, इस विराट वैभव का उद्गम कहां है? अपने को तुम बंग देश की लड़की बता रही थी न? बंगाल की मिट्टी, बंगाल की जलवायु, बंगाल के मनुष्य, तुम्हारे लिए प्राणों से भी अधिक प्रिय हैं न? इसी बंगाल की दस लाख नर-नारी प्रति वर्ष मलेरिया से मर जाते हैं। एक युध्दपोत का मूल्य कितना होता है-जानती हो? उनमें से केवल एक के ही खर्च से कम-से-कम दस लाख माताओं के आंसू पोंछे जा सकते हैं। कभी तुमने इस बात पर भी विचार किया है? शिल्प गया, व्यापार गया, धर्म गया, ज्ञान गया-नदियों की छाती सूखकर मरुस्थल बनती जा रही है। किसान को भर पेट खाने को अन्न नहीं मिलता। शिल्पकार विदेशियों के द्वार पर मजदूरी करता है। देश में जल नहीं, अन्न नहीं। गृहस्थ की सर्वोत्तम सम्पदा गोधन भी नहीं। दूध के अभाव में उनके बच्चों को मरते देखा है भारती?''
भारती ने चीखकर उन्हें रोकना चाहा, लेकिन उसके गले से एक अस्फुट शब्द के अतिरिक्त और कुछ नहीं निकला।
सव्यसाची का वह धीमा संयत कंठ स्वर पहले ही कभी अंतर्हित हो चुका था। बोला, ''तुम ईसाई हो। तुम्हें याद है, एक दिन कौतूहल वश तुमने यूरोप की ईसाई सभ्यता का स्वरूप जानना चाहा था। उस दिन व्यथा पहुंचने के भय से मैंने नहीं बताया था। लेकिन आज बताता हूं। तुम लोगों की पुस्तक में क्या है, मैं नहीं जानता। सुना है, अच्छी बातें बहुत हैं। लेकिन बहुत दिनों तक एक साथ रहने से उनका वास्तविक स्वरूप मुझसे छिपा नहीं है। लज्जाहीन, नग्न स्वार्थ और पाशविक शक्ति की प्रधानता ही उसका मूलमंत्र है। सभ्यता के नाम पर दुर्बलों और असमर्थों के विरुध्द मनुष्य की बुध्दि ने इससे पहले इतने भयंकर और घातक मूसल का आविष्कार नहीं किया था। पृथ्वी के मानचित्र की ओर आंख उठाकर देखो, यूरोप की विश्व-ग्रासी भूख से कोई भी दुर्बल जाति अपनी रक्षा नहीं कर पाती। देश की मिट्टी, देश की सम्पदा से देश की संतान किस अपराध से वंचित हुई? तुम जानती हो भारती, एक मात्र शक्ति-हीनता के अपराध से। फिर भी न्याय धर्म ही सबसे बड़ा धर्म है और विजित जाति के अशेष कल्याण के लिए ही अधीनता की जंजीर उसके पैरों में डालकर उस पंगु का हर प्रकार का उत्तरदायित्व ढोते रहना ही योरोपियन सभ्यता का परम कर्त्तव्य है। इस परम असत्य का लेखों, भाषणों, मिशनरियों के धर्म-प्रचार में, लड़कों की पाठय-पुस्तकों के द्वारा प्रचार करना ही तुम लोगों की अपनी सभ्यता की राजनीति है।
भारती मिशनरियों के बीच ही इतनी बड़ी हुई है। अनेक महान चरित्र उसने वास्तव में अपनी आंखों से देखे हैं। विशेष रूप से अपने धार्मिक विश्वास पर इस प्रकार से अकारण आक्रमण से व्यथित होकर बोली, ''भैया, जिस धर्म का प्रचार करने के लिए जो लोग इस देश में आए हैं, उन लोगों के संबंध में मैं तुमसे बहुत अधिक जानती हूं। उन लोगों के प्रति आज तुम निरपेक्ष भाव से विचार नहीं कर पा रहे हो। योरोपियन सभ्यता ने क्या तुम लोगों की भलाई नहीं की? सती-दाह की प्रथा, गंगा सागर में संतान विसर्जन....।''
डॉक्टर बीच में ही रोककर बोल उठे, ''चड़क पूजा के समय पीठ छेदना, संन्यासियों की तलवार पर उछल-कूद मचाना, डकैती, ठगी, विद्रोहियों का उपद्रव, गोड़ा और खासियों की आषाढ़ में नरबलि और भी बहुत से काम हैं जिनकी याद नहीं आ रही भारती।''
भारती ने एक शब्द भी नहीं कहा।
डॉक्टर बोले, ''ठहरो, और भी दो बातें याद आ गईं। बादशाहों के जमाने में गृहस्थ लोग बहू-बेटियों और दासियों को अपने घरों में नहीं रख सकते थे। नवाब लोग स्त्रियों के पेट चीरकर बच्चों को देखा करते थे। हाय रे हाय, इसी तरह विदेशियों के लिखे इतिहास ने साधारण और तुच्छ बातों को विपुल और विराट बनाकर देश के प्रति देशवासियों के मन को विमुख कर दिया। मुझे याद है, अपने बचपन में स्कूल की पाठय-पुस्तक में मैंने पढ़ा था-विलायत में बैठकर केवल हम लोगों के कल्याण की चिंता में लगे रहकर राज्य मंत्री की आंखों की नींद और मुंह का अन्न नीरस हो गया है। यह असत्य लड़कों को रटना पड़ता है और पेट के लिए शिक्षकों को जबानी याद कराना पड़ता है और सभ्य राजतंत्र की यही राजनीति है भारती। आज अपूर्व को दोष देना व्यर्थ है।''
अपूर्व की लांछना से भारती मन-ही-मन लज्जित ही नहीं हुई, क्रुध्द भी हो उठी। उसने कहा, ''तुमने जो कुछ कहा है सत्य हो सकता है। सम्भव है किसी अत्यंत राजभक्त कर्मचारी ने ऐसा ही किया हो। लेकिन इतने बड़े साम्राज्य की मूल नीति कभी असत्य नहीं हो सकती। उसके ऊपर नींव रखकर इतनी बड़ी विशाल संस्था एक दिन भी टिकी नहीं रह सकती। तुम कहोगे कि अनंत काल की तुलना में वह दिन कितने होते हैं? ऐसे ही साम्राज्य तो इससे पहले भी थे। क्या वह चिरस्थायी हुए? तुम्हारा कहना अगर सत्य भी हो, तो वह भी चिरस्थायी नहीं होगा। लेकिन यह श्रृंखलाबध्द, सुनियंत्रित राज्य है। तुम चाहे कितनी निंदा क्यों न करो, इसकी एकता, इसकी शांति से क्या कोई शुभ लाभ हुआ ही नहीं? पश्चिमी सभ्यता के प्रति कृतज्ञ होने का क्या कोई भी कारण तुम्हें नहीं मिला? अपनी स्वाधीनता तो तुम लोग बहुत दिनों से खो चुके हो और इस बीच राज-शक्ति का परिवर्तन तो अवश्य ही हुआ है। लेकिन तुम्हारे भाग्य का परिवर्तन नहीं हुआ। ईसाई होने के कारण मुझे गलत मत समझ लेना भैया। अपने सभी अपराध विदेशियों के मत्थे मढ़कर ग्लानि में डूबे रहना ही अगर तुम्हारे देश-प्रेम का आदर्श हो तो तुम्हारे उस आदर्श को मैं नहीं अपना सकूंगी। हृदय में इतना विद्वेष भरकर तुम शायद अंग्रेजों की कुछ हानि कर सको, लेकिन उससे भारतवासियों का कुछ भी कल्याण नहीं होगा। इस सत्य को निश्चित रूप से जान लेना।''
भारती के शब्दों के कानों में पहुंचते ही सव्यसाची चौंक पड़े। भारती का यह रूप अपरिचित था। यह भावनाएं अप्रत्याशित थीं। जिस धार्मिक विश्वास और सभ्यता के गहरे प्रभाव के बीच पलकर वह बड़ी हुई है उसी के ऊपर आघात होने से उत्तेजित और असहिष्णु होकर जो यह निर्भीक प्रतिवाद कर बैठी वह भले ही कितना ही कठोर और प्रतिकूल क्यों न हो-सव्यसाची की दृष्टि में उसने मानो उसे नई मर्यादा दे डाली।
उसे निरुत्तर देखकर भारती बोली, ''तुमने कोई उत्तर नहीं दिया भैया? हिंसा की इतनी बड़ी आग को अपने हृदय में जलाकर तुम और चाहे जो कुछ भी करो, देश की भलाई नहीं कर सकोगे।''
डॉक्टर बोले, ''तुमसे तो मैंने अनेक बार कहा है कि जो लोग देश की भलाई करने वाले हैं, वे चंदा इकट्ठा करके अनाथ आश्रम, ब्रह्मचर्याश्रम, वेदांत आश्रम, दरिद्र भंडार आदि तरह-तरह के लोक हितकारी कार्य कर रहे हैं। महान् पुरुष हैं वे। मैं उनकी भक्ति करता हूं। लेकिन मैंने देश की भलाई करने का भार नहीं लिया है, मैंने उसे स्वतंत्र कराने का भार लिया है। मेरे हृदय की आग केवल दो बातों से बुझ सकती है। एक तो अपनी चिता भस्म से, या फिर जिस दिन यह सुन लूंगा कि यूरोप का धर्म, उसकी सभ्यता, नीति, सागर के अतल गर्भ में डूब गई है।''
भारती स्तब्ध रह गई।
वह कहने लगे, ''इस विषकुंड का भरपूर सौदा लेकर यूरोप जब समुद्र पार करके पहले पहल व्यापार करने आया था तब उसे केवल जापान पहचान सका था। इसी से आज उसका इतना सौभाग्य है। इसी से आज वह यूरोप के समकक्ष सभ्रांत मित्र बना हुआ है। लेकिन चीन और भारत उसे नहीं पहचान सके। उन दिनों स्पेन का राज्य सारी पृथ्वी पर फैला हुआ था। एक छोटे से जापानी ने स्पेन के एक नाविक से पूछा, ''तुम लोगों को इतना अधिक राज्य कैसे मिला?'' नाविक ने उत्तर दिया, ''बड़ी आसानी से। हम जिस देश को हड़पना चाहते हैं वहां हम पहले बेचने के लिए माल ले जाते हैं। हाथ-पैर जोड़कर उस देश के राजा से मांग लेते हैं थोड़ी-सी जमीन। उसके बाद ले आते हैं पादरी। वह लोग जितने लोगों को ईसाई नहीं बना पाते उससे कहीं अधिक उस देश के प्रचलित धर्म को गाली-गलौज देते हैं। तब लोग बिगड़कर पागल हो जाते हैं और दो-एक को मार डालते हैं। तब हम मंगा लेते हैं अपनी तोप-बंदूकें और सेना। और तत्काल यह प्रमाणित कर देते हैं कि हमारे सभ्य देश के मानव-संहारकारी यंत्र असभ्य देश की अपेक्षा कितने श्रेष्ठ हैं।''-यह कहकर उन्हें विदा करके जापान ने अपने देश में कानून जारी कर दिया कि जब तक सूर्य और चंद्रमा उदित रहेंगे तब तक ईसाई उनके देश में कदम नहीं रखने पाएंगे। रखेंगे तो उन्हें प्राण-दंड दिया जाएगा।
अपने धर्म और धर्म-प्रचारकों के प्रति किए गए इन तीखे आक्षेप से दु:खी होकर भारती बोली, ''यह बात मैं पहले भी सुन चुकी हूं। लेकिन जिन जापानियों के प्रति तुम भक्ति रखते हो वह कैसे हैं?''
डॉक्टर बोले, ''यह झूठ है कि भक्ति रखता हूं। मैं उनसे घृणा करता हूं। कोरियावासियों को बार-बार बंधक और अभय देकर भी बिना दोष के झूठे बहाने गढ़कर उनके राजा को कैद करके सन् 1910 में जब जापान ने कोरिया राज्य हड़प लिया, मैं शंघाई में था। उस दिन के वह सब अमानुषिक अत्याचार भूल जाने के योग्य नहीं हैं। अभय क्या केवल जापान ने ही दिया था भारती? यूरोप ने भी दिया था। लेकिन शक्तिशाली जापान के विरुध्द अंग्रेजों ने भी मुंह नहीं खोला। उसने कहा, हम लोग एंग्लो-जापानी संधि सूत्र में बंधे हुए हैं और यही बात संयुक्त राष्ट्र अमेरिका के राष्ट्रपति ने भी अत्यंत स्पष्ट शब्दों में कह दी कि वचन देने से क्या हुआ? जो असमर्थ और शक्तिहीन राष्ट्र अपनी रक्षा नहीं कर सकता तो उसका राज्य नहीं जाएगा तो किसका जाएगा। ठीक ही हुआ। अब हम लोग जाएंगे उनका उध्दार करने? असम्भव है पागलपन है।'' यह कहकर सव्यसाची ने एक पल चुप रहकर कहा-'' मैं भी कहता हूं भारती कि यह असम्भव है, असंगत है, पागलपन है। दुर्बल का धन शक्तिशाली क्यों नहीं छीन लेगा? इस बात को सभ्य यूरोप की नैतिक बुध्दि सोच भी नहीं सकती।''
भारती अवाक् ही रही।
वह कहने लगे, अठारहवीं शताब्दी के अंतिम भाग में ब्रिटेन का दूत लार्ड मैकार्टनी गया चीनी दरबार में-व्यापर की थोड़ी-सी सुविधा प्राप्त करने के लिए। मंचू नरेश शिनलुंग उन दिनों समस्त चीन के सम्राट थे। वह अत्यंत दयालु थे। दूत की विनीत प्रार्थना से प्रसन्न होकर उन्होंने आशीर्वाद देते हुए कहा, ''देखो भैया, हमारे स्वर्ग जैसे साम्राज्य में किसी भी वस्तु का अभाव नहीं है, लेकिन तुम आए हो बहुत दूर से, अनेक कष्ट सहकर। जाओ, केंटन शहर में जाकर व्यापार करो। स्थान देता हूं। तुम सब लोगों का भला होगा।'' राजा का यह आशीर्वाद निष्फल नहीं हुआ पचास वर्ष भी नहीं बीतने पाए कि चीन के साथ अंग्रेजों का प्रथम युध्द छिड़ गया।''
भारती ने आश्चर्य में पड़कर पूछा, ''क्यों भैया?''
डॉक्टर बोले, ''यह चीन का अन्याय था-सम्राट सहसा बोल उठा,'' अफीम खाते-खाते हमारी आंखें बंद होती जा रही हैं। बुध्दि-शुध्दि अब नहीं रही, कृपा करके इस चीज का आयात रोक दो।''
''इसके बाद?''
''इसके बाद का इतिहास बहुत ही संक्षिप्त-सा है। दो ही वर्ष के अंदर अफीम खाने को राजी होकर और भी पांच बंदरगाहों में केवल पांच रुपए प्रतिशत टैक्स पर व्यापार करने की स्वीकृति देकर और अंत में हांगकांग बंदरगाह दक्षिण में देकर सन् 42 में यह युध्द समाप्त हुआ। ठीक ही हुआ। इतनी सस्ती अफीम पा कर जो मूर्ख खाने में आपत्ति करता है उसका ऐसा प्रायश्चित उचित ही तो था।
भारती बोली, ''यह तुम्हारी मनगढ़ंत कहानी है।''
डॉक्टर बोले, ''होने दो। कहानी सुनने में है तो अच्छी। और यही देखकर फ्रांसीसी सभ्यता ने कहा था-''मेरे पास अफीम तो नहीं लेकिन इन्सानों की हत्या करने के लिए अच्छे-से-अच्छे यंत्र अवश्य हैं। इसलिए युध्द हुआ। फ्रांसीसियों ने चीन साम्राज्य का अनाम प्रांत छीन लिया और युध्द का खर्च अधिक-से-अधिक व्यापारिक सुविधाएं, ट्रीटी-पोर्ट आदि- ये सब तुच्छ कहानियां हैं। इन्हें रहने दो।''
भारती बोली, ''लेकिन भैया, ताली एक ही हाथ से बजती है? चीन का क्या कुछ भी अन्याय नहीं है?''
डॉक्टर बोले, ''हो सकता है। लेकिन तमाशा तो यह है कि योरोपियन सभ्यता का अन्याय-बोध दूसरों के घरों पर चढ़ाई करने के लिए ही होता है। उनके अपने देश में ऐसी घटना दिखाई नहीं पड़ती।''
''उसके बाद?''
''बता रहा हूं। जर्मन सभ्यता ने देखा-वाह रे वाह!-यह तो बड़ी मजेदार बात है। हम तो घाटे में ही रह गए....और उसने भी एक जहाज में पादरी भरकर उनके बीच लगा दिया। सन् 1697 में जब वे लोग प्रभु ईसा की महिमा, शांति और न्याय-धर्म का प्रचार कर रहे थे तब चीनियों का एक दल पागल हो उठा और उसने दो परम धार्मिक प्रचारकों के सिर काट डाले....अन्याय....चीन का ही अन्याय था। इसलिए शनटुंग प्रांत जर्मनी के पेट में चला गया। उसके बाद केंटन में विद्रोह हुआ। यूरोप की सभी सभ्यताओं ने एक होकर उसका जो बदला लिया शायद कहीं भी उसकी तुलना नहीं मिल सकती। उस हर्जाने का अपरिमित ऋण चीनी लोग कितने दिनों तक चुकाते रहेंगे यह बात ईसा प्रभु ही जानते हैं। इस बीच ब्रिटिश सिंह, जार के भालू, जापान के सूर्य देव-लेकिन अब नहीं बहिन, मेरा गला सूखता जा रहा है। दु:ख की तुलना में अकेले हम लोगों के सिवा शायद उन लोगों का और कोई साथी नहीं है सम्राट शिनटुंग निर्वाण को प्राप्त हो, उनके आशीर्वाद की बड़ी महिमा है।''
भारती एक बहुत लम्बी सांस खींचकर चुप हो रही।
''भारती।''
''क्या है भैया?''
''चुप क्यों हो?''
''तुम्हारी कहानी की ही बात सोच रही हूं। अच्छा भैया, इसीलिए क्या चीन में तुमने अपना कार्य-क्षेत्र चुना है? जो लोग सैकड़ों अत्याचारों से जर्जरित हैं उनको उत्तेजित कर देना कठिन नहीं है। लेकिन एक बात और है। इस पर क्या तुमने विचार किया है? उन सब निरीह अज्ञानी किसान-मजदूरों का दु:ख तो यों ही यथेष्ट है। उस पर फिर मार-काट, खून-खराबी, शुरू कर देने से तो उनके दु:खों की सीमा नहीं रहेगी।''
डॉक्टर बोले, ''निरीह किसान-मजदूरों के लिए दुश्चिन्ता में पड़ने की तुम्हें जरूरत नहीं है भारती। किसी भी देश में वह स्वाधीनता के काम में भाग नहीं लेते, बल्कि बाधा ही डालते हैं। उन लोगों को उत्तेजित करने के लिए, व्यर्थ परिश्रम करने का समय मेरे पास नहीं है। मेरा कारोबार शिक्षित, मध्यवित्त और भद्र लोगों को लेकर ही चलता है। यदि किसी दिन मेरे काम में शामिल होना चाहो भारती तो इस बात को मत भूलना। आइडियल या आदर्श के लिए प्राण दे सकने योग्य मनोबल की आशा, शांति प्रिय, निर्विरोध, निरीह किसानों से करना बेकार है। वह स्वतंत्रता नहीं चाहते, शांति चाहते हैं। जो शांति असमर्थ-अशक्त लोगों की है....।''
भारती व्याकुल होकर बोली, ''मैं भी यही चाहती हूं भैया। बल्कि तुम मुझे इसी जड़ता के काम में नियुक्त कर दो। तुम्हारे 'पथ के दावेदार' के सिध्दांत से मेरी सांस रुकती चली जा रही है।''
सव्यसाची ने हंसकर कहा, ''अच्छा।''
भारती रुक न सकी। उसी तरह व्यग्र उच्छवास से बोली, ''अच्छा शब्द का उच्चारण कर देने के अतिरिक्त क्या कुछ भी कहने को शब्द तुम्हारे पास नहीं हैं भैया?''
''हम लोग आ पहुंचे हैं भारती। सावधानी से बैठ जाओ। चोट न लग जाए।'' यह कहकर डॉक्टर ने तेजी से धक्का लगाकर छोटी-सी नाव को अंधेरे में नदी के किनारे लगा दिया। भारती को उतारते हुए उन्होंने कहा, ''पानी या कीचड़ नहीं है बहिन, तख्ता बिछा है, उसी पर से चली आओ।''
अंधेरे में नीचे पैर रखकर तृप्ति की सांस लेते हुए भारती बोली, ''भैया, तुम्हारे हाथों से आत्म-समर्पण करने के समान निर्विघ्न शांति और कहीं नहीं है।''
लेकिन दूसरी ओर से कोई उत्तर नहीं आया। अंधेरे में दोनों के कुछ दूर आगे बढ़ने पर डॉक्टर ने आश्चर्य भरे स्वर में कहा, ''लेकिन बात क्या है? बताओ तो? यह क्या विवाहोत्सव का मकान है, न तो बत्तियों की रोशनी है, न कोई हल्ला-गुल्ला ही है। बेहले का सुर भी नहीं। कहीं चले गए हैं क्या यह लोग?''
दोनों सीढ़ी से चढ़कर चुपचाप ज्यों ही ऊपर पहुंचे, खुले द्वार दिखाई दिया शशि-जो बडे ध्यान से अखबार पढ़ रहा था। 
﻿
भारती प्रसन्नता भरे स्वर में पुकार उठी, ''शशि बाबू, हम लोग आ गए। खिलाने-पिलाने का इंतजाम कीजिए। नवतारा कहां है? नवतारा!....नवतारा....!!''
शशि बोले, ''आइए, नवतारा यहां नहीं है।''
डॉक्टर ने मुस्कराते हुए पूछा, ''गृह गृहिणी शून्य क्यों है कवि? उसे बुलाओ। आकर हम लोगों का स्वागत करके अंदर ले जाए। नहीं तो हम यहीं खड़े रहेंगे। शायद भोजन भी नहीं करेंगे।''
शशि बोले, ''नवतारा नहीं है डॉक्टर, वह सब घूमने गए हैं।''
उसका चेहरा देखकर भारती डर गई। उसने पूछा, ''वह घूमने चली गई? आज के दिन? कैसी अद्भुत समझ है?''
शशि बोले, ''विवाह हो जाने के बाद वह लोग रंगून घूमने गए हैं।''
''अपने पति को छोड़कर किसके साथ घूमने गई है?'' भारती ने पूछा।
''नहीं, नहीं मेरे साथ विवाह नहीं हुआ। वह जो अहमद नाम का आदमी है, गोरा-गोरा-सा, देखने में सुंदर, कूट साहब की मिल का टाइम कीपर....आपने उसे देखा नहीं है। आज दोपहर को उसी के साथ नवतारा का विवाह हो गया था। उनका सब कुछ पहले से ही ठीक था। मुझे बताया ही नहीं।''
वे दोनों आश्चर्य से आंखें फाड़े देखते रह गए।
शशि उठकर कमरे के एक कोने से कपड़े का एक थैला उठा लाया और डॉक्टर के पैरों के पास रखते हुए बोला, रुपए तो मुझे मिल गए डॉक्टर। नवतारा को पांच हजार देने के लिए कहा था सो मैंने वह रुपए उसे दे दिए। बाकी बचे हैं साढ़े चार हजार। मैंने ले लिए लेकिन.....
डॉक्टर ने पूछा, ''यह रुपए क्या मुझे दे रहे हो?''
शशि बोले, ''हां, मैं क्या करूंगा? आपके काम आ जाएंगे।''
भारती ने पूछा, ''लेकिन उसे कब रुपए दे दिए?''
शशि ने कहा, ''कल रुपए पाते ही उसे दे आया था।''
''उसने ले लिए थे?''
शशि ने कहा, ''हां, अहमद को तो कुल तीस रुपए तनख्वाह मिलती है। वह एक मकान खरीदेगी।''
''जरूर खरीदेगी।'' यह कहकर डॉक्टर हंसते हुए मुड़कर देखा, आंखों पर आंचल रखे भारती बरामदे के एक ओर हटती जाती है।
शशि ने कहा, ''प्रेसीडेंट ने आपसे एक बार भेंट करने को कहा है। वह सरावाया जा रही हैं।''
डॉक्टर ने पूछा, ''कब जाएंगी?''
शशि ने कहा, ''जल्दी ही। लिवा जाने को एक आदमी आया है।''
भारती ने लौटकर पूछा, ''सुमित्रा जीजी क्या सचमुच ही चली जाने को कहती थीं शशि बाबू?''
शशि बोले, ''हां सचमुच ही। उनकी मां के चाचा के पास अगाध सम्पत्ति थी। हाल ही में उनकी मृत्यु हुई है। इनके अलावा और कोई उत्तराधिकारी नहीं है। उसके बिना काम नहीं चलेगा।''
डॉक्टर बोले, ''काम नहीं चलेगा? ....तब तो जरूर जाएगी।''
शशि ने भारती की ओर मुड़कर कहा, ''खाने को सामान बहुत पड़ा है। कुछ खाइएगा?''
भारती से पहले ही डॉक्टर बोल उठे, ''जरूर...चलो क्या है देखूं,'' यह कहकर वह उसे अंदर ले गए।
शशि ने अंदर जाते हुए कहा, ''और एक सूचना है डॉक्टर, अपूर्व बाबू लौट आए हैं।''
डॉक्टर आश्चर्य से बोले, ''यह क्या कहते हो शशि? किससे सुना?''
शशि ने कहा, ''कल बंगाल बैंक में अचानक भेंट हो गई थी। उनकी मां बीमार हैं।''

शशि ने बढ़ा-चढ़ाकर नहीं कहा था। कमरे में पहुंचते ही देखा-खाने-पीने की ढेर सारी चीजें रखी थीं। कमरे का दक्षिणी भाग एकदम ठसा-ठस भरा हुआ है।
डॉक्टर का उल्लास सहसा कहकहा बनकर फट पड़ा, ''ह:, ह:, ह:, ह:-गृहस्थ का जय-जयकार हो। शशि! कवि! ह: ह: ह: ह:।''
भारती और न सह सकी। मुंह फेरकर सजल आंखों से नाराजगी के साथ देखती हुई बोली, ''भैया, क्या तुम्हारे मन में जरा भी दया-माया नहीं? क्या कर रहे हो बताओ तो?''
''वाह! जिनकी कृपा से अच्छी-अच्छी चीजें आज पेट भरकर खाऊंगा उनको थोड़ा-सा आशीर्वाद, वाह, ह: ह: ह: ह:।''
भारती रूठकर बरामदे में चली गई। दो-तीन मिनट बीतने पर शशि जाकर उसे लौटा लाया तो उसने प्लेट में मांस, फल-फूल, पुलाव, मिठाई आदि सजाकर डॉक्टर के सामने रख दिए और बनावटी नाराजगी से बोली, ''लो, अब दांत निकालकर राक्षस की तरह खाओ। हंसी तो बंद हो जाए। नहीं तो मुहल्ले वालों की नींद टूट जाएगी।''
डॉक्टर ने एक सांस खींचकर कहा, ''अहा, कैसा बढ़िया भोजन है। इसका तो स्वाद-गंध तक मैं भूल गया हूं।''
यह बात भारती के हृदय में जाकर बिंध गई। उसे उस रात का सूखा भात और जली मछली याद आ गई।
डॉक्टर ने भोजन शुरू करते हुए कहा, ''कवि को नहीं दिया भारती?''
''ला रही हूं,'' कहकर उसने प्लेट में भोजन सजाकर शशि के सामने रख दिया और डॉक्टर के सामने बैठकर बोली, ''लेकिन सब खा लेना पड़ेगा भैया। फेंक नहीं सकते।''
''नहीं, लेकिन तुम नहीं खाओगी?''
''मैं? कोई भी स्त्री यह सब खा सकती है? तुम्हीं बताओ?''
''भोजन तो ऐसा पकाया है मानो अमृत।''
''इससे अच्छा अमृत बनाकर तो मैं रोजाना खिला सकती हूं भैया।''
डॉक्टर ने अपना बायां हाथ माथे से लगाकर कहा, ''क्या करोगी बहिन, भाग्य की बात है। जिसको खिलाना चाहिए वह यह सब खाता ही नहीं है। जो खाएगा उसे एक दिन से अधिक दो दिन खिलाने की चेष्टा करने से ही तुम्हारा सुयश पूरे देश में फैल जाएगा।''
इस बार भारती हंस पड़ी। लेकिन तुरंत स्वयं को संभालकर लज्जित होकर बोली, ''तुम्हारी दुष्टता की ज्वाला से हंसी रोकी नहीं जा सकती। लेकिन यह तो तुम्हारा भारी अन्याय है। पेट भर खा-पी चुकने के बाद रुपयों की थैली भी लेकर चले जाओगे क्या?''
डॉक्टर मुंह कौर निगलते हुए बोले, ''जरूर, जरूर-आधे रुपए तो चले गए नवतारा के मकान बनाने के खाते में। शेष क्या अहमद अब्दुल्ला साहब की गाड़ी खरीदने के लिए छोड़ जाऊं? तमाशे को सर्वांग सुंदर बनाने के लिए तुमने कोई बुरी राय नहीं दी भारती। ह: ह: ह:।''
भारती बोली, ''भैया तुमको हंसी-मजाक करते हुए मैंने पहले भी देखा है लेकिन इस तरह पागलों की तरह हंसते हुए तो मैंने कभी नहीं देखा।''
डॉक्टर उत्तर देने जा रहे थे लेकिन भारती के चेहरे को देखकर कुछ भी न कह सके।
भारती ने कहा, ''स्त्री-पुरुष का प्रेम क्या तुम्हारी तरह सभी के लिए उपहास की वस्तु है भैया, या ताश के छक्के-पंजे की हार की तरह इसको भी हार-जीत में कहकहे लगाने के अलावा और कुछ करने के लिए शेष नहीं रह गया है? स्वतंत्रता-परतंत्रता के अतिरिक्त मनुष्य को व्यथित करने वाली कोई और भी चीज इस संसार में मौजूद है। इस बात को क्या तुम कभी सोचोगे भी नहीं? शशि बाबू की ओर देखो। एक ही पहर में इनकी कैसी हालत हो गई है। अपूर्व बाबू जिस दिन गए थे उस दिन भी तुम शायद इसी तरह हंस पड़े थे।''
''नही, नहीं, वह तो हुआ....।''
भारती बीच में ही रोककर बोली, ''नहीं, नहीं। यह कैसे कहते हो भैया? शशि बाबू तुम्हारे स्नेह के पात्र हैं। तुम यह सोचकर खुश हो उठे कि उनको भोला-भाला पाकर नवतारा बहुत दु:ख देती। भविष्य में उस दु:ख में पड़ने से वह बच गए। लेकिन क्या भविष्य ही सब कुछ है मनुष्य के लिए? आज का यह एक ही दिन जो व्यथा के भार से उसके सारे भविष्य को लांघ गया, यह बात तुम किस तरह जानोगे! तुमने तो कभी किसी को प्यार किया ही नहीं।''
शशि ने किसी प्रकार कहना चाहा कि ''यह दोष मेरा ही है। मेरी ही भूल है। सांसारिक बुध्दि न रहने से ही....।''
भारती व्यग्र स्वर में बोल उठी, ''लज्जा करने की कौन-सी बात है शशि बाबू? यह भूल क्या संसार में अकेले आपने ही की है? आपसे सौगुनी भूल क्या मैंने नहीं की? और उससे भी हजार गुनी भूल करके जो अभागिन चुपचाप चिरकाल के लिए इस देश को छोड़ने के लिए तैयार हुई है, उसे क्या डॉक्टर नहीं पहचानते?''
डॉक्टर ने आश्चर्य से उसकी ओर देखा। लेकिन भारती ने उसकी परवाह नहीं की। कहने लगी, ''सांसारिक बुध्दि आप में कम है। मुझमें कम नहीं थी? सुमित्रा जीजी की बुध्दि की तो तुलना नहीं की जा सकती फिर भी वह किसी के काम न आ सकीं। वह पराजित हो गईं तुम्हारी बुध्दि के सामने जो चिरकाल से अजेय है। जिसके मार्ग को कभी बाधा नहीं मिली, वह जो तुम्हारे पाषाण द्वार पर पछाड़ खाकर चूर-चूर हो गया। अंदर जाने का जरा-सा मार्ग उसे नहीं मिला।''
डॉक्टर ने इस अभियोग का उत्तर नहीं दिया। केवल उसके चेहरे की ओर देखकर जरा-सा हंस पड़े।
भारती ने कहा, ''शशि बाबू, मैंने आपके प्रति बड़ा अपराध किया है। उसके लिए क्षमा चाहती हूं.....!''
शशि समझ न सका। लेकिन कुंठित हो उठा।
भारती पल भर चुप रहकर कहने लगी, ''एक दिन भैया से मैंने आपके बारे में कहा था-कोई भी स्त्री आपको कभी प्यार नहीं कर सकती। उस दिन मैंने आपको पहचाना नहीं था। आज ऐसा लग रहा है कि जिसने अपूर्व बाबू को प्यार किया था वह अगर आपको पा जाती तो धन्य हो जाती। सभी आपकी उपेक्षा करते आए हैं। केवल एक व्यक्ति ने नहीं की। और वह हैं यही डॉक्टर। मनुष्य को पहचानने में इनसे गलती नहीं होती। इसलिए उस दिन दु:खी होकर इन्होंने मुझसे कहा था, ''काश, शशि किसी दूसरी स्त्री को प्यार करता। लेकिन तुम मुझसे यह कभी नहीं कह सके कि भारती, इतनी बड़ी गलती तुम मत करो। पुरुष के दो आदर्श-तुम दोनों मेरे सामने बैठे हो। आज मेरी अरुचि की कोई सीमा ही नहीं है।''
डॉक्टर ने पूछा, ''अपूर्व ने क्या कहा शशि?''
भारती ने उत्तर दिया, ''मां बीमार है। इलाज कराना जरूरी है। लेकिन रुपए पास नहीं हैं। लौटकर छिपे ढंग से गुलामी करने पर कोई जान नहीं सकेगा। डर है तलवलकर का, और ब्रजेन्द्र का। लेकिन उसके काका हैं पुलिस कर्मचारी। इसलिए कोई व्यवस्था अवश्य ही हो गई होगी। भैया, मुझे और तुम्हें भी शायद छुटकारा नहीं मिलेगा। क्षुद्र, लोभी, संकीर्ण हृदय, डरपोक, छि:....।''
डॉक्टर मुस्कराकर बोले, ''सच्चा प्यार करने पर इस तरह बदनाम नहीं किया जा सकता। कवि, अब तुम्हारी बारी है। सरस्वती का स्मरण करके अब तुम भी नवतारा के गुणों का कीर्तन करना आरम्भ कर दो।''
''भैया, तुमने मेरा तिरस्कार किया?''
''शायद ऐसी ही बात हो।''
अभिमान, व्यथा और क्रोध से भारती का चेहरा लाल हो उठा। बोली, ''तुम कभी मुझे ऐसी कटूक्ति न सुना सकोगे। तुमने क्या यह सोचा है कि सभी शशि बाबू की तरह मुंह बंद करके सह सकते हैं। तुम क्या जानते हो कि मनुष्य की क्या दशा हो जाती है।'' उत्तेजित वेदना से उसका गला रुंधा गया। बोली, ''वह लौट आए हैं। अब तुम मुझे यहां से किसी दूसरी जगह ले चलो भैया। मैं भी किस अभागे के चरणों में अपना सर्वस्व विसर्जित करके बैठी हुई हूं....''कहते-कहते वह फर्श पर माथा रखकर बच्चे की तरह रोने लगी।
डॉक्टर मुस्कराते हुए चुपचाप भोजन करने लगे। उनका निर्विकार भाव देखकर यह पता न चल सका कि इन सब प्रणय-उच्छवासों ने इनको लेशमात्र भी विचलित किया है। पांच-सात मिनट के बाद भारती उठकर पास वाले कमरे में चली गई और आंख-मुंह अच्छी तरह धो-पोंछकर यथास्थान आकर बैठ गई।
उसने पूछा, 'भैया, तुम लोगों को कुछ और दूं?''
डॉक्टर ने जेब से रूमाल निकालकर कहा, ''ब्राह्मण का लड़का हूं। कुछ छन्ना बांध दो जिससे दो दिन निश्चिंत रह सकूं।''
मैला रूमाल लौटाकर भारती ने एक धुला हुआ तौलिया निकाला और खाने की तरह-तरह की चीजों की एक पोटली बांधकर डॉक्टर के सामने रखते हुए कहा, ''यह है ब्राह्मण के लड़के का छन्ना और रुपयों की थैली।''
डॉक्टर ने हंसते हुए कहा, ''यह हुई ब्राह्मण की भोजन-दक्षिणा।''
भारती बोली, ''अर्थात् तुच्छ विवाहोत्सव के सिवा सभी असली आवश्यक कार्य निर्विघ्न समाप्त हो गए।''
हंसी रोककर डॉक्टर बोले, ''यह मेरे लिए भगवान का कैसा अभिशाप है भारती कि ज्यों ही हंसी आने लगती है, मेरे मुंह से ठहाकों के सिवा और कुछ नहीं निकलता। ठहाकों जैसा रोना रोने के लिए तुम्हें साथ न लाया होता तो आज मुंह दिखाना कठिन हो जाता।''
''भैया, फिर मुझे परेशान करने लगे?''
''परेशान कर रहा हूं या कृतज्ञता प्रकट कर रहा हूं।''
भारती ने रूठकर मुंह दूसरी ओर फेर लिया।
शशि चुप था। अचानक अत्यंत गम्भीरता के साथ बोला, ''अगर नाराज न हो तो एक बात कह सकता हूं? कुछ लोगों को संदेह है कि आपके साथ ही एक दिन भारती का विवाह होगा।''
डॉक्टर पलभर के लिए चौंक उठे, ''यह क्या कहते हो शशि? तुम्हारे मुंह पर फूल-चंदन पड़े- ऐसा सुदिन इतने बड़े अभागे के भाग्य में आएगा? यह तो सपनों से भी परे की बात है कवि।''
शशि बोला, ''लेकिन बहुत से लोग यही सोचते हैं।''
डॉक्टर ने कहा, 'हाय, हाय! बहुत न सोचते, अगर एक ही व्यक्ति पलभर के लिए यह सोचता....।''
भारती हंसकर बोली, ''अभागे का भाग्य तो पलभर में बदल सकता है भैया। तुम आज्ञा देकर यदि कह दो-भारती, कल ही तुम्हें मुझसे ब्याह करना होगा-तो मैं तुम्हारी शपथ लेकर कहती हूं कि एक दिन भी ठहरने को नहीं कहूंगी।''
डॉक्टर बोले, ''लेकिन बेचारा अपूर्व, जो प्राणों का मोह छोड़कर लौट आया है, उसका क्या होगा।''
भारती बोली, ''उसकी भावी पत्नी के रूप में किसी की कन्या देश में मौजूद है-उनके लिए चिंता मत करो। वह छाती फाड़कर नहीं मर जाएंगे।''
डॉक्टर गम्भीर होकर बोले, ''लेकिन मुझसे विवाह करने के लिए राजी हो रही हो? तुम्हारा भरोसा तो कम नहीं है भारती।''
भारती ने कहा, ''तुम्हारे हाथ पडूंगी, इसमें फिर डर कैसा?''
डॉक्टर ने शशि की ओर देखते हुए कहा, ''सुन लो कवि! भविष्य में अगर इन्कार करे तो तुम्हें गवाही देनी होगी।''
भारती बोली, ''किसी को गवाही नहीं देनी पड़ेगी भैया। मैं शपथ लेकर इन्कार नहीं करूंगी। केवल तुम्हारी स्वीकृति से काम बन जाएगा।''
डॉक्टर ने कहा, ''अच्छा, तब देख लूंगा।'
''देख लेना'', भारती हंसकर बोली, ''भैया, क्या मैं और सुमित्रा! स्वर्ग के इंद्रदेव भी अगर उर्वशी, मेनका और रम्भा को बुलाकर कहते कि उस प्राचीन युग के ऋषि-मुनियों के बदले तुम्हें इस युग के सव्यसाची की तपस्या भंग करनी होगी तो मैं निश्चित रूप से कहती हूं भैया कि उन्हें मुंह पर स्याही पोतकर वापस चले जाना पड़ता। रक्त-मांस का हृदय जीता जा सकता है लेकिन पत्थर के साथ क्या लड़ाई चल सकती है? पराधीनता के आग में जलकर तुम्हारा हृदय पत्थर बन गया है।''
डॉक्टर मुस्कराने लगे। भारती की दोनों आंखें श्रध्दा और स्नेह से भर आईं। बोली, ''इतना विश्वास न रहने पर क्या मैं इस तरह तुम्हारे सामने आत्म-समर्पण कर सकती थी? मैं नवतारा नहीं हूं। मैं जानती हूं कि मुझसे बड़ी भारी गलती हो गई है। लेकिन इस जीवन में उसके सुधार का कोई दूसरा मार्ग भी नहीं है। एक दिन के लिए भी जिसे मन-ही-मन.....?''
भारती की आंखों से फिर आंसू बहने लगे। झटपट हाथ से उन्हें पोंछकर हंसने की चेष्टा करती हुई बोली, ''भैया, क्या लौटने का समय अभी नहीं हुआ? भाटा आने में अभी कितनी देर है?''
डॉक्टर ने दीवार घड़ी की ओर देखकर कहा, ''अभी देर है बहिन?' फिर दायां हाथ भारती के सिर पर रखते हुए कहा, ''आश्चर्य है, इतनी दुर्दशा में भी बंगाल का यह अमूल्य रत्न अब तक नष्ट नहीं हुआ! जाने दो नवतारों को। भारती तो हम लोगों की है। शशि सारी पृथ्वी पर इसकी जोड़ी नहीं मिलेगी। हजारों सव्यसाचियों में भी शक्ति नहीं है कि एक तुच्छ अपूर्व को ओट करके खड़े हो जाए। अच्छी बात है शशि, तुम्हारी शराब की बोतल कहां है?''
शशि लज्जित होकर बोला, ''खरीदी नहीं। मैं अब नहीं पीऊंगा।''
भारती बोली, ''तुम्हें याद नहीं, नवतारा ने प्रतिज्ञा कराई थी।''
शशि ने उसकी बात का समर्थन करते हुए कहा, ''सचमुच ही नवतारा के सामने प्रतिज्ञा कर ली थी कि मैं अब शराब नहीं पीऊंगा। उस प्रतिज्ञा को अब नहीं तोडूंगा डॉक्टर।''
डॉक्टर हंसकर बोले, ''शराब गई, नवतारा गई। सर्वस्व बेचकर जो रुपए मिले थे वह भी चले गए। एक साथ इतना कैसे सहा जाएगा?''
शशि का चेहरा देखकर भारती को दु:ख हुआ। बोली, ''मजाक करना सहज है भैया। सोचकर तो देखो।''
डॉक्टर बोले, ''सोच-विचार करके ही कह रहा हूं भारती।'' इन रुपयों पर शशि की कितनी आशा-आकांक्षाएं थीं, यह बात मुझसे अधिक कोई नहीं जानता। उसके परिचितों में ऐसा भी कोई नहीं है जिसने यह बात न सुनी हो। उसके बाद आई नवतारा। छ:-सात महीने तक थी। उसका ज्ञान-ध्यान था। और शराब-वह तो शशि के सुख-दु:ख की एकमात्र संगिनी है। कल सब कुछ था। लेकिन आज उसके जीवन का जो कुछ आनंद था, जो कुछ सांत्वना थी, वह सब एक ही दिन में एकाएक जैसे षडयंत्र करके उसे छोड़कर चली गई। फिर भी किसी के विरुध्द उसके मन में कोई विद्वेष नहीं। शिकायत नहीं, यहां तक कि आकाश की ओर देखकर एक बार भी आंसू भरी आंखों से यह न कह सका कि हे भगवान, मैंने किसी का अनिष्ट चिंतन नहीं किया। अगर भगवान वास्तव में हो तो इसका विचार करना।''
भारती लम्बी सांस लेकर बोली, ''इसीलिए इन पर तुम्हारा इतना स्नेह है?''
डॉक्टर बोले, ''केवल स्नेह ही नहीं श्रध्दा भी है। शशि साधु पुरुष है। इसका संपूर्ण हृदय गंगा जल के समान शुद्व और निर्मल है। मेरे जाने के बाद भारती, जरा इसकी देखभाल रखना। यह स्वयं दु:ख भोगेगा लेकिन किसी दूसरे को दु:ख नहीं देगा।
शशि का चेहरा लज्जा और संकोच से लाल हो उठा। इसके बाद कुछ देर तक शायद बात के अभाव से ही तीनों चुप बैठे रहे।
डॉक्टर ने पूछा, ''अब तुम क्या करोगे कवि? तुम्हारे पास तो केवल बेहला ही बचा है। पहले की तरह फिर देश-देश में बजाते फिरोगे?''
शशि ने हंसते हुए कहा, ''अपने काम में आप मुझे भर्ती कर लीजिए। मैं सचमुच अब शराब नहीं पीऊंगा।''
उसकी बात और कहने का अंदाज देखकर भारती हंस पड़ी।
डॉक्टर भी हंसने लगे। फिर स्नेह से भीगे स्वर में बोले, ''नहीं कवि, इसमें तुम्हें भर्ती होने की आवश्यकता नहीं है। तुम मेरी इस बहिन के पास रहो, इसी में मेरा बहुत काम हो जाएगा।''
शशि ने पलभर मौन रहकर संकोच के साथ कहा, ''पहले मैं कविता लिखा करता था डॉक्टर, शायद अब भी लिख सकता हूं।''
डॉक्टर ने खुश होकर कहा, ''इसमें मेरा बहुत काम बन जाएगा।''
''मैं फिर आरम्भ करूंगा। अब केवल किसान-मजदूरों के लिए लिखूंगा।''
''लेकिन वह लोग तो पढ़ना जानते नहीं कवि?''
फिर बोले, 'यह काम अस्वाभाविक होगा। और कोई भी अस्वाभाविक चीज टिकती नहीं है। अनपढ़ों के लिए अन्य क्षेत्र खोला जा सकता है। क्योंकि उन्हें भूख का ज्ञान है। लेकिन उनके सामने साहित्य नहीं परोसा जा सकता। उनके सुख-दु:ख का वर्णन करने को साहित्य नहीं कहते। किसी दिन अगर सम्भव हुआ तो अपने साहित्य की वह स्वयं ही रचना कर लेंगे। नहीं तो तुम्हारे कंठ से निकले गीत हलधारों के लिए गीत काव्य नहीं हो सकते। यह असम्भव प्रयास तुम मत करना कवि।''
''तो मैं क्या करूं?''
''तुम विप्लव के गीत गाना। जहां तुमने जन्म लिया है, जहां जाति आदमी बने हो, केवल उन्हीं के लिए। केवल शिक्षित और भद्र के लिए।''
भारती विस्मित होने के साथ व्यथित भी हुई। बोली, ''भैया तुम भी जाति मानते हो? तुम्हारा ध्यान भी केवल भद्र जाति की ओर ही है।''
डॉक्टर बोले, ''मैंने वर्णाश्रम की बात तो कही नहीं भारती। उस बलपूर्वक बने जाति भेद की चर्चा मैंने नहीं की। यह वैषम्य मुझमें नहीं है। लेकिन शिक्षित का जाति भेद माने बिना तो मैं रह नहीं सकता। यही तो सच्ची जाति है, यही तो भगवान के हाथ की बनी हुई सृष्टि है। ईसाई होने के कारण मैं तुम्हें ठेलकर क्या अलग रख सका हूं बहिन? तुम्हारी बराबरी का मुझे अपना कहने के लिए ओर कौन है?''
भारती ने श्रध्दा भरी नजरों से उनकी ओर देखते हुए कहा, ''लेकिन तुम्हारा विप्लव गान तो शशि बाबू के मुंह से शोभा नहीं देगा भैया। तुम्हारे विप्लव का गीत, तुम्हारी गुप्त समिति का....''
डॉक्टर ने उसे बीच में ही रोककर कहा, ''नहीं, मेरी गुप्त समिति का भार मेरे ही ऊपर रहने दो बहिन। उस बोझ को ढोने योग्य शक्ति.... नहीं, नहीं, उसे रहने दो.... वह केवल मेरे लिए है।''तुम से तो मैं कह चुका हूं भारती विप्लव का अर्थ केवल खून-खराबा नहीं है। विप्लव का अर्थ है-अत्यधिक तीव्रता से आमूल परिवर्तन। राजनीतिक विप्लव नहीं.... वह तो मेरा ही है। कवि, तुम दिल खोलकर सामाजिक विप्लव के गीत गाने शुरू कर दो। जो कुछ सनातन है, जो कुछ प्राचीन है, जीर्ण और पुराना है-धर्म, समाज, संस्कार-सब टूट-फूटकर ध्वंस हो जाए, और कुछ न कर सको शशि तो केवल इस महासत्य का ही मुक्त कंठ से प्रचार करो कि इससे बढ़कर बड़ा शत्रु भारत का और कोई नहीं है। उसके बाद देश की स्वाधीनता का भार मुझ पर रहने दो।''
सीढ़ी पर किसी की आहट सुनाई दी।
''कौन है?'' शशि ने पूछा।
डॉक्टर पलक झपकते ही तेज चाल से बारमदे में चले गए। फिर तुरंत ही वापस आकर बोल, ''भारती, सुमित्रा आ रही है।''

उस गहन रात्रि में सुमित्रा के आने का समाचार जैसा अप्रत्याशित था वैसा ही अप्रीतिकर भी था। भारती व्यथित और त्रस्त हो उठी। पलभर बाद सुमित्रा के आने पर डॉक्टर ने स्वाभाविक स्वर में स्वागत करते हुए कहा, ''बैठो, क्या अकेली ही आई हो?''
सुमित्रा ने कहा, ''हां।'' फिर उसने भारती से पूछा, ''अच्छी तरह हो न?''
इस एक ही मिनट में भारती ने न जाने क्या-क्या सोच डाला, इसका ठिकाना नहीं। उस दिन की तरह आज भी सुमित्रा उसकी कोई परवाह नहीं करेगी, यह वह निश्चित रूप से जानती थी। लेकिन इस कुशल प्रश्न से नहीं बल्कि उसकी आवाज में स्निग्ध कोमलता देखकर भारती मानो सहसा अपने हाथों में चंद्रमा को पा गई। बोली, 'अच्छी तरह हूं जीजी, आप तो अच्छी तरह हैं न?''
''हां, अच्छी तरह हूं। कहकर सुमित्रा एक ओर बैठ गई।
डॉक्टर बोले, ''शशि के मुंह से मैंने सुना कि तुम बहुत ही बड़ी सम्पत्ति की उत्तराधिकारी होकर जावा जा रही हो?''
''हां, मुझे ले जाने के लिए आदमी आया है।''
''कब जाओगी?''
''शनिवार को पहले स्टीमर से।''
''अब तो तुम बड़ी धनवान हो।''
''हां, सब मिल गया तो बन जाऊंगी।''
डॉक्टर बोले, ''मिल ही जाएगा। एटॉर्नी की राय के बिना कोई काम मत करना। सावधान रहना। जो तुम्हें ले जाने के लिए आए हैं वह परिचित तो हैं न?''
सुमित्रा बोली, ''हां, भरोसे के आदमी हैं। मैं पहचानती हूं।''
''तब कोई बात नहीं।''
अचानक शशि बोल उठा, ''यह तो बहुत बुरी बात हुई डॉक्टर। जिन तीन बंगाली महिलाओं को आपने लिया था-नवतारा गई, स्वयं प्रेसीडेंट जाने को तैयार हैं। केवल भारती....।''
डॉक्टर हंसते हुए बोले, ''चिंता मत करो। भारती भी महाजनों के पंथ का अनुसरण करेगी-यह एक प्रकार से निश्चित हो चुका है।''
भारती ने गुस्से से देखा।
डॉक्टर के परिहास में छिपी व्यथा का अनुमान करके शशि ने कहा, ''आपको जल्दी ही चला जाना पड़ेगा। अब तो आप देखिए कि आपके 'पथ के दावेदारों' की एक्टिविटी कम-से-कम बर्मा में तो समाप्त हो गई। इसे अब कौन चलाएगा?''
वह उसी तरह हंसते हुए बोले, ''यह कैसी बात कह रहे हो कवि? इतने समय से इतना देख-सुनकर भी अंत में सव्यसाची के लिए तुम्हारे ही मुंह से यह सर्टिफिकेट? तीन महिलाएं चली जाएंगी, क्या इसीलिए 'पथ के दावेदार' समाप्त हो जाएगा? शराब छोड़ देने का क्या यही फल हुआ है? इससे तो अच्छा है कि फिर पीना शुरू कर दो।''
बात मजाक-सी सुनाई पड़ने पर भी मजाक नहीं है, यह समझ लेने पर भी भारती ठीक-ठीक नहीं समझ सकी। कनखियों से उसने बड़े ध्यान से देखा, सुमित्रा आंखें झुकाए चुपचाप बैठी है।
उसने मुंह उठाकर डॉक्टर के चेहरे पर नजरें टिकाए रखकर कहा, ''भैया, समझने के लिए मुझे तो शराब शुरू करने की जरूरत नहीं है, लेकिन फिर भी मैं कुछ नहीं समझ पाई। नवतारा कुछ भी नहीं है। और मैं तो उससे भी तुच्छ हूं। लेकिन सुमित्रा जीजी-जिन्हें तुमने प्रेसीडेंट का आसन दिया है, उनके चले जाने पर क्या तुम्हारे पथ के दावेदार को चोट नहीं पहुंचेगी, सच बताओ भैया, केवल किसी को लांछित करने के लिए ही नाराज होकर मत कहना।''
सुमित्रा जिस तरह मुंह झुकाए बैठी थी, उसी तरह चुपचाप नीचा मुंह किए मूर्ति की भांति बैठी रही।
डॉक्टर पल भर मौन रहे उसके बाद धीरे-धीरे बोले, ''भारती, मैंने क्रोध में यह बात नहीं कही है। सुमित्रा अवहेलना की वस्तु नहीं है। तुम शायद नहीं जानती, लेकिन सुमित्रा स्वयं अच्छी तरह जानती है कि इन मामलों में अपनी हानि की गणना नहीं करनी चाहिए। इसके लिए किसके प्राण फालतू हैं? प्राणों का मूल्य किस चीज से निश्चित किया जा सकता है? बताओ तो। मनुष्य तो जाएगा ही। वह चाहे जितना भी बड़ा क्यों न हो, किसी के अभाव को ही हमें सर्वनाश नहीं समझ लेना चाहिए। जल के स्रोत के समान, एक का स्थान दूसरा स्वच्छंदता से और बिल्कुल अनायास ही पूरा कर सकता है, यही शिक्षा हमारी पहली और प्रधान शिक्षा है भारती।''
भारती बोली, ''लेकिन ऐसा तो संसार में होता नहीं। उदाहरण के रूप में तुम्हीं को मान लिया जाए। तुम्हारा अभाव कोई किसी दिन पूरा कर सकता है-यह बात मैं सोच भी नहीं सकती भैया।''
डॉक्टर बोले, ''तुम्हारी विचारधारा अलग ही है भारती और जिस दिन मुझे इसका पता चला, उसी दिन से मैं तुम्हें फिर से इस दल में खींच लाने में असमर्थ हो गया। मेरे मन में बार-बार यही विचार आया है कि संसार में तुम्हारे लिए यह नहीं, दूसरा काम है।''
भारती बोली, ''और मुझे भी बराबर यही खयाल आता रहा है कि तुम मुझे अयोग्य समझ कर दूर हटा देना चाहते हो। अगर मेरे लिए दूसरा काम हो तो मैं उसी के लिए अभी से निकल पडूंगी। लेकिन मेरे प्रश्न का तो यह उत्तर नहीं है भैया। वास्तविक बात ही तुच्छ हो गई है। तुम्हारा अभाव जल के स्रोत के समान पूरा हो सकता है या नहीं? तुम कह रहे हो कि हो सकता है। और मैं कह रही हूं कि नहीं हो सकता। मैं जानती हूं कि नहीं हो सकता....मैं जानती हूं कि मनुष्य केवल जल का स्रोत नहीं है....तुम तो अवश्य ही नहीं हो।''
पल भर मौन रहकर उसने फिर कहा, ''केवल इसी बात को जानने के लिए मैं तुम्हें परेशान न करती। लेकिन जो नहीं है। जिसे तुम स्वयं जानते हो कि वह सत्य नहीं है-मुझे उसी से फुसलाना चाहते हो?''
भारती ही ने फिर कहा, ''इस देश में अब तुम्हारा ठहरना नहीं हो सकता। तुम जाने को बैठे हो। फिर तुम्हें वापस पाना कितना अनिश्चित है-यह सोचते ही हृदय में ज्वाला धधक उठती है। इसी से उसका सोच नहीं करती। फिर भी सत्य को प्रतिक्षण अनुभव किए बिना नहीं रह सकती। इस व्यथा की सीमा नहीं है। लेकिन इससे भी बढ़कर मेरी व्यथा यह है कि तुमको इस तरह पाकर भी मैं नहीं पा सकी। आज मुझे कितने प्रश्न याद आ रहे हैं भैया। लेकिन मैंने जब भी उन प्रश्नों को पूछा है-तुमने सच भी कहा है और झूठ भी कहा है। सच और झूठ मिलाकर भी कहा है। लेकिन किसी भी तरह मुझे सत्य क्या है, यह जानने नहीं दिया। तुम्हारे पथ के दावेदार की मैं सेक्रेटरी हूं फिर भी तुम्हारे कार्य-पध्दति में मेरी बिल्कुल श्रध्दा नहीं है। मैंने यह बात कभी नहीं छिपाई। तुम नाराज नहीं हुए। न अविश्वास ही किया। मुस्कराते हुए केवल मुझे अलग कर देना चाहा है। अपूर्व बाबू के जीवन-दान की बात भी मैं भूली नहीं हूं। मालूम होता है-मेरे छोटे से जीवन का कल्याण केवल तुम्हीं निर्देशित कर सकते हो। भैया, जाते समय अब अपने आपको छिपाकर मत जाओ। तुम्हारा, मेरा, सभी का जो परम सत्य है-उसे ही आज कपट छोड़कर स्पष्ट प्रकट कर दो।''
इस अनोखी प्रार्थना का अर्थ न समझ पाने के कारण शशि और सुमित्रा दोनों ही आश्चर्यचकित होकर ताकते रह गए और उनकी आंखों पर नजर डालकर भारती ने अपनी व्याकुलता से स्वयं ही लज्जित हो उठी। यह लज्जा डॉक्टर की नजरों से छिपी न रह सकी। उन्होंने हंसते हुए कहा, ''सच, झूठ और सफेद झूठ-एक में मिलाकर तो सभी बोलते हैं भारती। इसमें मेरा विशेष दोष क्या है? इसके अतिरिक्त यदि किसी के लिए यह बात लज्जा करने की हो तो वह मेरे ही लिए है। लेकिन लज्जित तुम हो रही हो।''
भारती मुंह झुकाए बैठी रही।
सुमित्रा ने इसका उत्तर देते हुए कहा, ''लेकिन अगर डॉक्टर, तुम्हारे पास लज्जा हो ही नहीं-तब? लेकिन स्त्रियां तो मुंह पर सच बात भी स्पष्ट रूप से कहने में लज्जा का अनुभव करती हैं। कोई-कोई तो कह ही नहीं सकती।''
यह बात किसको लक्ष्य करके किसलिए कही गई, यह किसी से छिपी नहीं रही लेकिन जो श्रध्दा और सम्मान उनके लिए सहज प्राप्य मालूम होते हैं उन्होंने ही सबको निरुत्तर कर दिया।
दो-तीन मिनट इसी तरह चुपचाप बीत जाने पर डॉक्टर ने भारती की ओर देखते हुए कहा, ''भारती, सुमित्रा ने कहा है कि मुझ में लज्जा नहीं है। तुमने यह आरोप लगाया है कि मैं सुविधानुसार सच-झूठ दोनों ही बोला करता हूं। आज भी उसी तरह कुछ कहकर इस प्रसंग को मैं समाप्त कर सकता था। यदि इसके साथ मेरे पथ के दावेदार का कोई संबंध न होता। इसकी भलाई-बुराई से ही मेरा सच-झूठ निर्धारित होता है। यही मेरा नीति शास्त्र है। यही मेरी अकपट मूर्ति है।''
भारती अवाक् होकर बोली, ''यह क्या कहते हो भैया। यही तुम्हारी नीति है? यही तुम्हारी अकपट मूर्ति है?''
सुमित्रा बोल उठी, ''हां, ठीक यही है। यही इनका यथार्थ स्वरूप है। दया नहीं, ममता नहीं, धर्म नहीं-इस पत्थर की मूर्ति को मैं पहचानती हूं।''
सुमित्रा की बात पर भारती ने विश्वास कर लिया हो, ऐसी बात नहीं है। लेकिन सुनकर वह स्तब्ध हो गई।
डॉक्टर बोले, ''तुम लोग कहा करती हो चरम सत्य, परम सत्य-और यह अर्थहीन, निष्फल शब्द तुम लोगों के लिए अत्यधिक मूल्यवान हैं। मूर्खों को भुलावे में डालने के लिए इससे बड़ा जादू-मंत्र और कोई नहीं है। तुम लोग सोचती हो कि झूठ को ही बनाना पड़ता है। सत्य शाश्वत, सनातन और अपौरुषेय है। यही झूठी बात है। झूठ की ही तरह सच को भी मानव जाति दिन-रात बनाती है। यह भी शाश्वत नहीं। इसका जन्म है, मृत्यु है। मैं झूठ नहीं बोलता, सत्य की सृष्टि करता हूं।''
यह परिहास नहीं, सव्यसाची के हृदय की उक्ति है, भारती सुनकर पीली पड़ गई अस्फुट स्वर में उसने पूछा, ''भैया! क्या यही तुम्हारे पथ के दावेदार की नीति है?''
डॉक्टर ने उत्तर दिया, ''भारती, 'पथ के दावेदार' मेरी तर्क शास्त्र की पाठशाला नहीं है। यह मेरी पथ पर चलने के अधिकार की शक्ति है। कौन, कब, किसे अज्ञात आवश्यकता के लिए नीति वाक्य की रचना कर गया-वही हो जाएगा पथ के दावेदारों के लिए सत्य? और इसके लिए जिसकी गर्दन फांसी के रस्सी से बंधी है, उसके हृदय का वाक्य हो जाएगा झूठ? तुम्हारा परम सत्य क्या है, मैं नहीं जानता। लेकिन परम मिथ्या यदि कहीं हो तो वह यही है।''
उत्तेजना से सुमित्रा की आंखें चमक उठीं। लेकिन इतनी भयानक बात सुनकर भारती आशंका से एकदम अभिभूत हो उठी।
''कवि।''
''जी।''
डॉक्टर हंस पड़े, ''शशि की, कैसी भक्ति है, देख ली?''
लेकिन डॉक्टर की हंसी में कोई भी शामिल नहीं हुआ। डॉक्टर ने दीवार घड़ी की ओर देखकर कहा, ''ज्वार समाप्त होने में अब देर नहीं है। मेरे जाने का समय हो गया। तुम्हारे तारा विहीन 'शशि-तारा लॉज' आने का समय अब मुझे नहीं मिलेगा।''
शशि ने कहा, ''मैं यह मकान कल ही छोड़ दूंगा।''
''कहां जाओगे?''
''आपके आदेशानुसार भारती के घर।''
डॉक्टर हंसते हुए बोले, ''देख रही हो भारती, शशि मेरा आदेश अमान्य नहीं करता। उस मकान का नाम क्या रखोगे शशि?....'शशि-भारती लॉज' तुम्हें तीन बार धोखा खाते तो मैंने देखा है। इस बार शायद सफलता मिल जाए। भारती बहुत अच्छी लड़की है।''
इतने कष्ट में भी भारती हंस पड़ी। सुमित्रा ने भी हंसते हुए सिर झुका लिया।
डॉक्टर बोले, ''तुम्हारे रुपयों की थैली, जिसे मैं साथ लेकर जा रहा था। भारती के पास छोड़ जाऊंगा, वह भी एक मकान खरीदेगी।''
भारती बोली, ''क्या घाव पर नमक छिड़कना बंद नहीं होगा भैया?''
शशि ने कहा, ''रुपए आप ले लीजिए डॉक्टर, मैंने आपको दे दिए। मेरे देश के घर-द्वार बेचकर मिले रुपए देश के काम में ही लगने दीजिए।''
डॉक्टर हंस पड़े। लेकिन दूसरे ही पल उनकी आंखें डबडबा उठीं। बोले, ''रुपए मेरे पास हैं शशि, अब उनकी जरूरत नहीं है। इसके अतिरिक्त अब शायद रुपयों की कमी कभी भी न होगी।'' कहकर वह हंसते हुए सुमित्रा की ओर देखने लगे।
सुमित्रा की दोनों आंखें कृतज्ञता से भर उठीं। उसने मुंह से कुछ नहीं कहा। लेकिन उसके सर्वांग से यही बात फूटकर बाहर निकल पड़ी-''सब कुछ तो तुम्हारा ही है। लेकिन क्या तुम उसे छुओगे?''
डॉक्टर अपनी दृष्टि दूसरी ओर हटाकर कुछ देर स्तब्ध रहने के बाद बोले, ''कवि?''
''कहिए।''
''ब्राह्मण भोजन कुछ पहले ही पूरा कर डाला। इसलिए दु:खी मत होना। क्योंकि अब जब शुभ मुहूर्त आएगा तब मुझे अवकाश नहीं मिलेगा। लेकिन वह दिन आएगा अवश्य। तरह-तरह के भोजन से तृप्त होकर आज मैं तुम्हें वरदान दे रहा हूं-तुम सुखी होओ। लेकिन तुम दो काम कभी मत करना। शराब मत पीना और राजनीतिक विलप्व में भाग मत लेना। तुम कवि हो, देश के बहुत बड़े कलाकार हो। तुम राजनीति से बड़े हो- इस बात को मत भूलना।''
शशि ने दु:खी होकर कहा, ''आप जिसमें हैं उसमें मेरे रहने से दोष होगा। क्या मैं आपसे भी बड़ा हूं?''
डॉक्टर ने कहा, ''बड़े तो हो ही। तुम्हारा परिचय ही तो जाति का सच्चा परिचय है। तुम लोगों को छोड़ देने पर इसे किस चीज से तोला जाएगा? किसी दिन स्वाधीनता की इस समस्या का समाधान होगा ही। तब इसे दु:ख-दु:ख की कहानी का जनश्रुति से अधिक मूल्य नहीं मिलेगा। लेकिन तुम्हारे कार्यों का मूल्य-निर्धारण कौन करेगा? तुम ही तो देश की समस्त विच्छिन्न, विक्षिप्त धाराओं की माला की भांति गुंथ जाओगे।''
सुमित्रा बोली, ''कब गूंथेंगे, यह बात वह ही जानते हैं। लेकिन तुमने बातें गूंथकर उनका जो मूल्य बढ़ा दिया है, उसे भारती कैसे संभालेगी।''
सुनकर सभी हंसने लगे।
डॉक्टर ने कहा, ''शशि होगा हम लोगों का राष्ट्र-कवि। हिंदुओं का नहीं, मुसलमानों का नहीं, ईसाइयों का नहीं-केवल मेरे देश का कवि। सहस्र नद-नदी प्रवाहित हमारा बंग देश, हमारी सुजला-सुफला-शस्य श्यामलां, खेतों से भरी बंग भूमि। मिथ्या रोग का दु:ख नहीं, मिथ्या दुर्भिक्ष की क्षुधा नहीं, विदेशी शासन के दुस्सह अपमान की ज्वाला नहीं, मनुष्यत्व हीनता की लांछना नहीं-शशि तुम होगे उसी का चारण कवि। क्या तुम न हो सकोगे भाई?''
भारती का समूचा बदन रोमांचित हो उठा। शशि 'भाई' सम्बोधन की मधुरता से विगलित होकर बोला, ''डॉक्टर चेष्टा करने पर मैं अंग्रेजी में भी कविता लिख सकता हूं। यहां तक कि....''
डॉक्टर बीच में ही रोककर बोल उठे, ''नहीं, नहीं अंग्रेजी में नहीं। केवल बंगला में। केवल सात करोड़ अधिवासियों की मातृभाषा में। शशि, संसार की लगभग सभी भाषाएं मैं जानता हूं। लेकिन सहस्र दलों में विकसित ऐसी मधु से भरी भाषा और नहीं है। मैं अक्सर सोचता रहता हूं भारती, ऐसा अमृत इस देश में कब, कौन लाया।''
भारती की आंखों की कोरों में आंसू भर आए। उसने कहा, ''मैं सोचा करती हूं भैया, देश को इतना प्यार करना तुम्हें किसने सिखाया था?''
शशि बोल उठा, ''इस विगत-गौरव का गान ही मेरा गान होगा। यह प्रेम का सुर ही मेरा सुर होगा। अपने देश को हम लोग....जिससे फिर उसी तरह प्यार करने लगें ऐसी शिक्षा ही मेरी शिक्षा होगी।''
डॉक्टर ने आश्चर्य भरी नजरों से शशि की ओर देखा। सुमित्रा के चेहरे पर भी नजर डाली। और अंत में दोनों की समझ में नहीं आया। इसलिए वह दोनों ही अप्रतिभ हो गए।
डॉक्टर बोले, ''क्या फिर उसी प्रकार प्यार करने लगोगे, तुमने जिस प्रकार के प्रेम का संकेत किया है! शशि, उस प्रकार का प्रेम बंगालियों नें कभी अपने बंग देश से नहीं किया। उसका तिलार्थ प्रेम भी होता तो क्या बंगाली ही विदेशियों के साथ षडयंत्र करके अपने सात करोड़ भाई-बहिनों को दूसरों के हाथों में सौंप सकते थे।? जननी भूमि-केवल कहने भर की बात थी। मुसलमान बादशाहों के पैरों के नीचे अंजलि देने के लिए हिंदू मानसिहं, हिंदू प्रतापादित्य को जानवर की तरह बांध कर ले गया था और उसके लिए रसद जुटाकर, रास्ता दिखाकर आए थे बंगाली। जब बर्मी लोग हमारा देश लूटने के लिए आते थे तब बंगाली लड़ते नहीं थे। सिर पर हांडी रखकर पानी में बैठे रहते थे। मुसलमान दस्यु मंदिर ध्वंस करके जब हमारे देवताओं के कान काट लेते थे, तब बंगाली सिर पर पांव रखकर भाग जाते थे। धर्म की रक्षा के लिए गर्दन नहीं देते थे। वह बंगाली हमारे कुछ भी नहीं लगते कवि। गौरव करने योग्य उनमें कुछ भी नहीं था। हम लोग उनको बिल्कुल अस्वीकार करके चलेंगे। उनका धर्म, उनका अनुशासन, उनकी भीरुता, उनकी देशद्रोहिता, उनकी रीति-नीति-उनका जो कुछ भी है, वही तो होगा तुम्हारा विप्लव गान। वही तो होगा तुम्हारा सच्चा देश-प्रेम।''
शशि विमूढ़-सा देखता रह गया।
डॉक्टर बोले, 'उनकी कापुरुषता से हम लोग विश्व के सामने हेय हो रहे हैं। उनकी स्वार्थपरता के भार से संकटग्रस्त और पंगु हो गए हैं। यह केवल क्या देश ही की बात है? जिस धर्म को वह स्वयं नहीं मानते थे, जिस देवता पर उनके मन में श्रध्दा ही नहीं थी, उनकी ही दुहाई देकर वह समूची जाति के सिर से पांव तक युक्तिहीन विधि-निषेधों के हजारों बंधनों में क्या नहीं बांध गए हैं? यह अधीनता ही तो हमारे अनेक दु:खों की जड़ है।''
शशि ने कहा, ''यह सब आप क्या कह रहे हैं?''
भारती बोली, ''भैया, मैं आज ईसाई हूं। लेकिन वह लोग मेरे भी तो पूर्व पितामह हैं। उनके और अपराध जो भी रहे हों, लेकिन उनके धार्मिक विश्वास में भी छल-कपट था-ऐसी अन्याय पूर्ण कटूक्ति मत करो।''
सुमित्रा चुप बैठी सुन रही थी। अब बोल उठी। भारती की ओर देखकर बोली, ''किसी के संबंध में कटूक्ति करना अन्याय है तो अश्रध्देय पर श्रध्दा करना भी अन्याय है। यहां तक कि भले ही वह अपने पूर्व पितामह ही क्यों न हों। इसमें धृष्टता हो सकती है। लेकिन तुम्हारी बात में कोई तर्क नहीं है भारती, कुसंस्कार है, उनको छोड़ना सीखो।''
भारती चुप बैठी रही।
डॉक्टर ने शशि से कहा, ''कोई भी वस्तु, केवल प्राचीनता के बल पर सत्य नहीं हो सकती कवि। पुरातन का गुणगान कर पाना ही कोई बड़ा गुण नहीं। इसके अतिरिक्त हम लोग क्रांतिकारी हैं। पुराने का मोह हम लोगों के लिए नहीं है। हमारी दृष्टि, हमारी गति, हमारे लक्ष्य केवल सामने की ओर हैं। पुराने का ध्वंस करके ही तो हमें अपना रास्ता बनाना पड़ता है। इसमें माया-ममता के लिए स्थान कहां है? जीर्ण और मृत ही रास्ता रोके रहेंगे तो हम पथ के दावेदारों का पथ कहां पाएंगे?''
भारती ने कहा, ''मैं केवल तर्क के लिए ही तर्क नहीं कर रही हूं। मैं सचमुच ही तुम्हारे पास रहकर अपने जीवन का पथ ढूंढती हुई घूम रही हूं। तुम पुराने के शत्रु हो, लेकिन कोई एक संस्कार या रीति-नीति केवल प्राचीन होने के कारण ही क्या निष्फल, व्यर्थ और त्याज्य हो जाएगी? तक मनुष्य किसी संशय के बिना किसके ऊपर निर्भर होकर खड़ा रहेगा?''
डॉक्टर बोले, ''इतना भार सहने वाली वस्तु संसार में कौन-सी है, यह मैं नहीं जानता। लेकिन यह जानता हूं कि भारती कि समय के साथ एक दिन सभी चीजें प्राचीन, जीर्ण और निकम्मी हो जाने पर त्याज्य हो उठेंगी। प्रतिदिन मनुष्य आगे ही बढ़ते जाएंगे। और उनके पितामहों द्वारा प्रतिष्ठित हजारों वर्ष की पुरानी रीति-नीतियां एक ही स्थान पर अचल होकर रह जाएंगी। ऐसा हो तो शायद अच्छा ही हो, लेकिन ऐसा होता नहीं है। इसमें आफत तो यही है कि केवल वर्षों की संख्या से ही किसी एक संस्कार की प्राचीनता निरूपित नहीं की जा सकती। वरना तुम भी आज हमारे साथ आवाज मिलाकर कहतीं-भैया, जो कुछ पुराना है, जो कुछ जीर्ण है सबको कुछ विचार किए बिना ही ममता छोड़कर ध्वस्त कर डालो। नए जगत की प्रतिष्ठा हो जाए।''
भारती ने पूछा, ''तुम क्या यह स्वयं कर सकते हो?''
''क्या कर सकता हूं बहिन?''
''जो कुछ प्राचीन है, सभी को कठोरता से ध्वस्त कर सकते हो?''
डॉक्टर बोले, ''कर सकता हूं। यही तो हम लोगों का व्रत है। पुराने का अर्थ पवित्र नहीं होता भारती। कोई मनुष्य सत्तर वर्ष का पुराना हो जाने से दस वर्ष के बच्चे से अधिक पवित्र नहीं हो जाता। तुम अपनी ओर ही नजर डालकर देखो, मानव की अविश्राम यात्रा के मार्ग में भारत का वर्णाश्रम धर्म तो सब तरह ही असत्य हो गया है। ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शुद्र कोई भी तो अब उस आश्रम के आधार पर नहीं रहता। अगर कोई ऐसा करे तो उसे मरना होगा। उस युग के बंधन आज छिन्न-भिन्न हो गए हैं। फिर भी उसी को पवित्र मान रहा है, कौन?- जानती हो भारती? ब्राह्मण। चिरस्थायी व्यवस्था को ही अतिशय पवित्र समझकर कौन उसके साथ चिपका रहना चाहता है, जानती हो? जमींदार- उसका स्वरूप समझना तो कठिन नहीं है बहिन। जिस संस्कार के मोह से, अपूर्व आज तुम्हारी जैसी नारी को भी छोड़कर जा सकता है उससे बढ़कर असत्य और क्या है? और क्या केवल अपूर्व के वर्णाश्रम धर्म की ही ऐसी दशा है? तुम्हारा ईसाई धर्म भी वैसा ही असत्य हो गया है भारती। उसकी भी प्राचीनता का मोह तुम्हें त्याग देना पड़ेगा।''
भारती ने डरकर कहा, ''जिस धर्म को मैं प्यार करती हूं, विश्वास करती हूं, तुम उसी को छोड़ देने को कह रहे हो भैया?''
डॉक्टर बोले, ''हां, कह रहा हू। क्योंकि सभी धर्म असत्य हैं। आदिम दिनों के कुसंस्कार हैं। विश्व-मानवता के इतने बड़े शत्रु और कोई भी नहीं हैं।''
भारती उदास और स्तब्ध होकर बैठी रही। बहुत देर के बाद वह धीरे-धीरे बोली, ''भैया, तुम जहां भी रहो, मैं तुमको प्यार करती रहूंगी। लेकिन अगर यही तुम्हारा यथार्थ मत हो तो आज से मेरा और तुम्हारा रास्ता बिल्कुल अलग है। मैंने एक दिन भी यह नहीं सोचा था कि तुम्हारे पथ के दावेदार का मार्ग इतने भयंकर पाप का मार्ग है।''
डॉक्टर ने जरा मुस्करा दिया।
भारती ने कहा, ''मैं निश्चयपूर्वक जानती हूं कि तुम्हारे इस दयाहीन, निष्ठुर ध्वंस के पथ में कल्याण कदापि नहीं है। मेरा स्नेह का पथ, करुणा का मार्ग, धार्मिक विश्वास की राह-यही मेरा श्रेय है। यही पथ सत्य है।''
''इसीलिए तो तुमको खींचना नहीं चाहा भारती, तुम्हारे संबंध में गलती की थी सुमित्रा ने। लेकिन मुझसे कभी गलती नहीं हुई। अपने मार्ग से ही चलो। स्नेह के आयोजन, करुणा की संस्थाएं संसार में खोजने पर अनेक मिल जाएंगी। मिलेगा नहीं तो केवल 'पथ का दावेदार'।''-कहते-कहते उनकी आंखों की दृष्टि पलभर के लिए जलकर फिर बुझ गई। लेकिन उनका कंठ स्वर स्थिर और गम्भीर था।
भारती और सुमित्रा दोनों ही समझ गईं कि सव्यसाची की यह शांत मुखश्री, यह संयत-अचंचल भाषा ही सबसे अधिक भीषण है।
सव्यसाची ने मुंह उठाकर कहा, ''तुमसे तो कई बार कह चुका हूं भारती कि मुझे कल्याण की कामना नहीं है। मुझे तो कामना है केवल स्वाधीनता की। राणा प्रताप ने चितौड़ को जब जनहीन वन में परिणत कर दिया था तब सारे राजपूताने में उनसे बढ़कर अकल्याण की मूर्ति और कहीं भी नहीं थी। यह घटना जब हुई तब से कितनी शताब्दियां बीत गईं फिर भी वह अकल्याण ही आज हजारों कल्याणों से बड़ा हो गया है। लेकिन जाने दो इन व्यर्थ के तर्कों को। जो मेरा व्रत है उसके सामने मेरे लिए कुछ भी असत्य नहीं है, कुछ भी अकल्याण नहीं है।''
भारती चुपचाप बैठी रही। तर्क और मतभेद तो पहले भी अनके बार हो चुके हैं। लेकिन इस प्रकार के नहीं।
डॉक्टर ने घड़ी की ओर देखा, उसके बाद हंसते हुए कहा, ''लेकिन नदी में फिर ज्वार आने का समय हो गया भारती, उठो।''
भारती उठकर बोली, ''चलिए।''
डॉक्टर खाने की पोटली उठाकर बोले, ''सुमित्रा ब्रजेन्द्र कहां है?''
सुमित्रा ने उत्तर नहीं दिया। चुपचाप बैठी रही।
''तुमको मैं पहुंचा आऊं क्या?''
सुमित्रा ने गर्दन हिलाकर कहा, ''नहीं।''
डॉक्टर बोले, ''अच्छा।'' फिर भारती से उन्होंने कहा, ''अब देर मत करो बहिन, चलो।'' यह कहकर वह बाहर चले गए।
सुमित्रा उसी तरह मुंह झुकाए बैठी रही। भारती ने उसको नमस्कार किया और डॉक्टर के पीछे-पीछे चल पड़ी।

भारती नाव पर आकर इस तरह बैठ गई जैसे सपनों में खोई हो। नदी के पूरे रास्ते वह बराबर चुपचाप ही बैठी रही।
रात का शायद तीसरा पहर हो चुका था। आकाश के असंख्य नक्षत्रों के प्रकाश से पृथ्वी का अंधकार स्वच्छ होता चला आ रहा था। नाव जाकर उस पार के घाट पर लग गई। हाथ पकड़कर भारती को उतार चुकने पर सव्यसाची स्वयं भी उतरने को तैयार हो रहे थे कि उसी समय भारती ने उन्हें रोकते हुए कहा, ''मुझे पहुंचाने की आवश्यकता नहीं है भैया। खुद चली जाऊंगी।''
''अकेली जाते समय डर नहीं लगेगा?''
''लगेगा। लेकिन इसके लिए तुम को चलने की जरूरत नहीं है।''
सव्ययाची ने कहा, ''थोड़ी दूर ही तो चलना है। चलो न, तुम्हें झटपट पहुंचा आऊं बहिन,'' इतना कहकर उन्होंने ज्यों ही नीचे सीढ़ी पर पैर बढ़ाया, भारती ने हाथ जोड़कर कहा, ''मुझे बचाओ भैया, तुम मेरे साथ चलकर मेरे भय को हजार गुना मत बढ़ाओ। तुम घर चले जाओ।''
वास्तव में साथ जाना अत्यंत संकटपूर्ण काम था, इसमें संदेह नहीं था। इसीलिए डॉक्टर ने भी जिद नहीं की। लेकिन भारती के चले जाने के बाद भी वह नदी किनारे स्थिर भाव से खड़े रहे।
घर पहुंचकर भारती ने ताला खोलकर अंदर कदम रखा। दीपक जलाकर चारों ओर सावधानी से निरीक्षण किया। उसके बाद किसी तरह बिछौना बिछाकर लेट गई। शरीर थक गया था। दोनों आंखें थकान से मुंदी जा रही थीं। लेकिन उसे किसी भी तरह नींद नहीं आई। घूम फिर कर सव्ययाची की यही बात उसे बराबार याद आने लगी कि परिवर्तनशील संसार में सत्य की उपलब्धि नाम की कोई शाश्वत वस्तु नहीं है। जन्म है, मरण है, युग-युग में, समय-समय पर उसे नया रूप धाारण करके आना पड़ता है। अतीत के सत्य को वर्तमान में भी सत्य स्वीकार करना चाहिए, यह विश्वास भ्रांत है। यह धारणा कुसंस्कार है।
भारती मन-ही-मन बोली-मानव की आवश्यकता के लिए अर्थात भारत की स्वाधीनता की आवश्यकता के लिए नए सत्य की सृष्टि करना ही भारतवासियों के लिए सबसे बड़ा सत्य है। अर्थात इसके सामने कोई भी असत्य नहीं है। कोई भी उपाय या कोई भी अभिसंधि हेय नहीं है। यह जो कारखानों के गंदे कुली-मजदूरों को सत्य मार्ग पर लाने का उद्यम है, यह जो उनकी संतान को विद्या-शिक्षा देने का आयोजन है, उनके लिए यह जो रात्रि पाठशालाएं हैं, इन सबका लक्ष्य कुछ और ही है। इस बात को निस्संकोच स्वीकार कर लेने में सव्यसाची को कोई दुविधा नहीं हुई। लज्जा मालूम नहीं हुई। पराधीन देश की मुक्ति-यात्रा में पथ चुनने की छानबीन कैसी?
एक दिन सव्यसाची ने कहा था, 'पराधीन देश में शासकों और शासितों की नैतिक बुध्दि जब एक हो जाती है तब देश के लिए इससे बढ़कर दुर्भाग्य की और कोई भी बात नहीं होती भारती।' उस दिन इस बात का अर्थ नहीं समझ सकी थी। आज वह मतलब उसके सामने स्पष्ट प्रकट हो गया।
घड़ी में तीन बज गए। इसके बाद वह कब सो गई, पता नहीं, लेकिन उसे यह याद रहा कि नींद के आवेश में उसने बार-बार यह दोहराया था कि भैया, तुम अति मानव हो। तुम्हारे ऊपर मेरी भक्ति, श्रध्दा और स्नेह हमेशा अचल बना रहेगा। लेकिन तुम्हारी इस विचार बुध्दि को मैं किसी तरह भी ग्रहण न कर सकूंगी। भगवान करे, तुम्हारे हाथों से ही देश को मुक्ति मिले। लेकिन अन्याय को कभी न्याय की मूर्ति बनाकर खड़ा मत करना। तुम महान पंडित हो। तुम्हारी बुध्दि की सीमा नहीं है। तर्क में तुमको जीता नहीं जा सकता। तुम सब कुछ कर सकते हो। विदेशियों के हाथ से, पराधीनों के हाथ से, पराधीनों को जितनी लांछना मिलती है, दु:ख के इस सागर में हमारा प्रयोजन कितना है। देश की लड़की होकर क्या मैं यह नहीं जानती भैया? इसलिए अगर आवश्यकता को ही सर्वोच्च स्थान देकर दुर्बल चित्त मनुष्यों के सामने अधर्म को ही धर्म बना डालोगे तो फिर इस दु:ख का तुम्हें कभी अंत ही नहीं मिलेगा।
दूसरे दिन जब भारती की नींद टूटी, दिन चढ़ चुका था। लड़के दरवाजे के बाहर खड़े होकर पुकार रहे थे। झटपट हाथ-मुंह धोकर वह नीचे आ गई। दरवाजा खोलते ही कुछ छात्र-छात्राएं पुस्तकें-स्लेटें लिए अंदर आ गए। उन्हें बैठने को कहकर भारती कपड़े बदलने ऊपर जा रही थी कि तभी होटल के मालिक सरकार महाराज आ गए। बोले, ''अपूर्व तुम को कल रात से ही....।''
भारती ने बात काटकर पूछा, ''रात को आए थे?''
महाराज बोला, ''आज भी सवेरे से बैठे हैं। भेज दूं?''
भारती का मुंह उतर गया। बोली, ''मुझसे उन्हें क्या काम है?''
ब्राह्मण ने कहा, ''वह तो मैं नहीं जानता बहिन जी। शायद उनकी मां बीमार हैं। उसी के संबंध में कुछ कहना चाहते हैं।''
भारती अप्रसन्नता से बोली, ''मां बीमार हैं तो मैं क्या करूं?''
ब्राह्मण आश्चर्य में पड़ गया। अपूर्व बाबू को वह अच्छी तरह पहचानता था। वह सम्भ्रांत व्यक्ति हैं। पिछले दिनों इसी घर में उनके स्वागत-सत्कार की कोई कमी नहीं थी। लेकिन आज इस असंतोष भरे भाव का कारण वह नहीं समझ सका। बोला, ''मैं जाकर उनको भेज देता हूं।''
यह कहकर वह जाने लगा तो भारती बोली, ''इस समय लड़के-लड़कियां आ गए हैं। उनको पढ़ाना है। कह दो इस समय भेंट नहीं होगी।''
ब्राह्मण बोला, ''फिर दोपहर या शाम को मिलने के लिए कह दूं?''
भारती बोली, ''नहीं, मेरे पास समय नहीं है।''
इस प्रस्ताव को यहीं समाप्त करके वह ऊपर चली गई।
स्नान करने के बाद तैयार होकर घंटे भर बाद वह जब नीचे उतरी तब तक लड़के-लड़कियों से कमरा भर गया था और उनके पढ़ने की आवाजों से सारा मुहल्ला गूंज उठा था। भारती पढ़ाने के लिए बैठी लेकिन मन नहीं लगा। पाठ देने में और सुनने में उसे आज केवल असफलता ही नहीं बल्कि आत्मवंचना-सी मालूम होने लगी और सभी भावनाओं के बीच-बीच में आकर लगातार बाधा पहुंचाने लगी अपूर्व की चिंता। उसे इस प्रकार लौटा देना अशोभनीय ही क्यों न हो, उसे प्रश्रय देना बहुत बुरा है। इस विषय में भारती के मन में किसी भी बहाने से भेंट करके वह पहले के अस्वाभाविक संबंध को और भी विकृत कर देना चाहता है। नहीं तो अगर मां बीमार है तो वह यहां बैठा क्या कर रहा है? मां तो उसकी है, भारती की तो है नहीं।
उनकी खतरनाक बीमारी का समाचार पहुंचाकर उनकी रोग-शय्या के पास पहुंचना पुत्र का प्रथम और प्रधान कर्त्तव्य है। यह विषय क्या दूसरे से परामर्श करके समझना होगा? उसे यह बात याद आ गई कि रोग के मामले में अपूर्व बहुत डरता है। उसका कोमल मन व्यथा से व्याकुल होकर बाहर से कितना ही क्यों न छटपटाता रहे, रोगी की सेवा करने की उसमें न तो शक्ति है न साहस। यह भार उस पर सौंप देने के समान सर्वनाश और नहीं है। भारती यह सब जानती थी। वह यह भी जानती थी कि अपनी मां को अपूर्व कितना प्यार करता है। मां के लिए वह जो न कर सके ऐसा कोई भी काम संसार में उसके लिए नहीं है।
उनके ही पास न जा सकने का अपूर्व को कितना दु:ख है। इसकी कल्पना करके एक ओर उसके मन में जिस प्रकार करुणा पैदा हुई दूसरी ओर इस असहनीय भीरुता से, क्रोध के मारे उसका सारा शरीर जलने लगा।
भारती ने मन-ही-मन कहा, ''सेवा नहीं कर सकता तो क्या इसी कारण बीमार मां के पास जाने में कोई लाभ नहीं है? इसी उपदेश की क्या अपूर्व मुझसे प्रत्याशा करता है?''
भूख न होने के कारण आज भारती ने रसोई बनाने की चेष्टा नहीं की।
दिन का जब तीसरा पहर बीत चला तब एक घोड़ागाड़ी आकर उसके दरवाजे पर खड़ी हो गई। भारती ने ऊपर की खिड़की से देखा तो आश्चर्य और आशंका से उसका हृदय भर उठा। गठरी-पोटरी आदि अपना सारा समान गाड़ी की छत पर लादकर शशि आ धमका था। पिछली रात के हंसी-मजाक को संसार में कोई भी मनुष्य ऐसी वास्तविकता में परिवर्तित कर सकता है शायद भारती इस बात की कल्पना भी नहीं कर सकती थी।
भारती नीचे उतरकर बोली, ''यह क्या शशि बाबू?''
शशि बोला, ''मकान छोड़कर आ रहा हूं।'' फिर गाड़ीवान को आदेश दिया, ''सामान ऊपर ले जाओ।''
भारती बोली, ''ऊपर जगह कहां है शशि बाबू?''
शशि बोला, ''बहुत अच्छा, तो नीचे के कमरे में रख दो।''
भारती बोली, ''नीचे के कमरे में तो पाठशाला है।''
शशि चिंतित हो उठा।
भारती ने उसे तसल्ली देते हुए कहा, ''एक काम किया जाए शशि बाबू! होटल में डॉक्टर का कमरा खाली है। आप वहां अच्छी तरह रहेंगे। खाने-पीने का भी कष्ट नहीं होगा। चलिए।''
''लेकिन कमरे का किराया तो देना होगा?''
भारती हंसकर बोली,'नहीं। भैया छ: महीने का किराया दे गए हैं।''
शशि प्रसन्न न होते हुए भी इस व्यवस्था से सहमत हो गया। सारे सामान के साथ कवि को महाराज के होटल में प्रतिष्ठित करके भारती ऊपर अपने सोने के कमरे में लौट आई।
दूसरे दिन जब नींद टूटी तब भूखे रहने के कारण कमजोरी से उसका शरीर थका हुआ था।
जिस आदमी से भारती की मां ने विवाह किया था वह बड़ा दुराचारी था। उसके साथ इकट्ठे बैठकर ही भारती को भोजन करना पड़ता था। फिर भी किसी बासी या अस्वच्छ वस्तु को उसने कभी अपना खाद्य पदार्थ नहीं बनाया, छुआछूत की भावना उसमें नहीं थी लेकिन जहां-तहां, जिस-तिस के हाथों का भोजन ग्रहण करते हुए उसे घृणा होती थी। मां की मृत्यु के बाद से वह अपने ही हाथ से रसोई बनाकर खाती थी। लेकिन आज रसोई बना पाने की शक्ति उसके शरीर में नहीं थी। इसलिए होटल में रोटी और कुछ तरकारी तैयार कर देने के लिए उसने महाराज के पास सूचना भेज दी।
दासी भोजन की थाली लेकर आई तो भारती ने अपनी थाली और कटोरी लाकर मेज पर रख दी। दासी ने दूर ही से उसकी थाली में रोटी और कटोरी में तरकारी डालकर कहा, ''लो भोजन कर लो।''
भारती ने बड़ी नर्मी से कहा, ''तुम जाओ, मैं खा लूंगी।''
दासी बोली, ''जाती हूं। नौकर तो उनके साथ चला गया था। अकेले सब धोना-मांजना-जो हो, लौटकर बीस रुपए मेरे हाथ में देकर बाबू रोकर बोले, 'दाई, अंत समय में तुमने जो किया, उतना मां की बेटी भी पास रहते हुए नहीं कर सकती थी।' वह रोने लगे तो मैं भी रोने लगी। बहिन जी, आह, कितना कष्ट उठाया। परदेश की भूमि, कोई अपना आदमी पास नहीं। समंदर का रास्ता, तार भेज देने से ही तो बहू-बेटे उड़कर आ नहीं सकते थे। उन लोगों का भी क्या दोष है।''
भारती का हृदय उद्वेग और अज्ञात आशंका से बर्फ-सा हो गया लेकिन मुंह खोलकर वह कुछ भी न पूछ सकी।
दासी कहने लगी, ''महाराज जी ने बुलाकर कहा, 'बाबू की मां बहुत बीमार हैं, तुमको वहां जाना पड़ेगा ज्ञाना।' मैं तब नहीं, न कह सकी। एक तो निमोनिया की बीमारी, उस पर धर्मशाला की भीड़। जंगले-किवाड़ सब टूटे हुए। एक भी बंद नहीं होता था.....कैसा संकट। पांच बजने पर प्राण निकल गए। लेकिन मेस के बाबूओं को खबर देते, बुलाते-बुलाते शव उठा रात को दो-ढाई बजे। उनके लौटकर आने पर दिन चढ़ आया था। अकेली मुझे ही सब धोना-पोंछना....।''
भारती ने पूछा, ''क्या अपूर्व बाबू की मां मर गई?''
दासी ने गर्दन हिलाकर कहा, ''हां बहिन जी, मानो उनके लिए बर्मा में जमीन खरीद ली गई थी। वही जो एक कहावत है-'ताहि तहां ले जाए।' ठीक यही बात हुई। इधर से अपूर्व बाबू ने प्रस्थान किया, उधर वह भी लड़के से झगड़ा करके जहाज पर बैठ गईं। बस एक नौकर साथ था। जहाज ही में बुखार आ गया। धर्मशाला में उतरते ही एकदम बेहोशी छा गई। घर पहुंचते ही बाबू वापसी जहाज से लौट आए। यहां आकर उन्होंने देखा, मां जा रही है। वास्तव में चली ही गईं। लेकिन अब बातें करने का समय नहीं है बहिन जी, इसी समय सभी बाहर निकल पड़ेंगे। फिर शाम को आऊंगी।'' कहकर वह चली गई। 
